@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत

रविवार, 27 दिसंबर 2009

मैं ने चाहा तो बस इतना

ल बल्लभगढ़ पहुँचा  था। ट्रेन में राही मासूम रज़ा का उपन्यास 'कटरा बी आर्ज़ू' को दूसरी बार पढ़ता हुआ। किताब  पढ़ना बहुत अच्छा लगा। चौंतीस-पैंतीस वर्षों  पहले की यादें ताजा हो गईं। अभी पूरा नहीं पढ़ पाया  हूँ,  पूरी  होगी तो अपनी प्रतिक्रिया भी लिखूंगा। जैसा  कि मशहूर है रज़ा साहब जहाँ पात्र की  जरूरत  होती थी यौनिक  गालियों का उपयोग करने से नहीं चूकते थे। इस उपन्यास में भी  उनका उपयोग  किया गया है, जो कतई बुरा  नहीं लगता।  कोशिश करूंगा का  एक-आध वाक़या  आप के सामने भी रखूँ। आज  दिन भर पूरी तरह आराम  किया। धूप में नींद  निकाली। शाम बाजार तक घूम कर आया। अभी लोटपोट  पर  ब्लागिंग  की दुनिया पर  नजर डाली है।  एक दो टिप्पणियाँ भी की  हैं। अधिक इसलिए नहीं कर  पाया कि यहां पालथी  पर बैठ  कर टिपियाना पड़ रहा है,जिस की आदत नहीं है। पर ऐसा ही  चलता रहा तो दो -चार दिनों में यह भी आम हो जाएगा। शिवराम जी का कविता संग्रह "माटी मुळकेगी एक  दिन" साथ है, उसी से एक कविता प्रस्तुत कर रहा हूँ.....

मैं ने चाहा तो बस इतना
  • शिवराम
मैं  ने  चाहा तो  बस इतना 
कि बिछ सकूँ तो बिछ  जाउँ
सड़क की तरह 
दो बस्तियों के बीच


दुर्गम पर्वतों  के आर-पार
बन जाऊँ  कोई सुरंग


फैल जाऊँ
किसी पुल की तरह
नदियों-समंदरों की छाती  पर


मैं ने  चाहा 
बन जाऊँ पगडंडी
भयानक जंगलों  के  बीच


एक प्याऊ 
उस रास्ते पर
जिस से लौटते हैं
थके हारे कामगार


बहूँ पुरवैया  की तरह
जहाँ सुस्ता रहे हों
पसीने से तर -बतर किसान


सितारा  आसमान का 
चाँद या सूरज
कब बनना  चाहा  मैं ने
 
मैं ने चाहा बस इतना 
कि, एक जुगनू
एक चकमक
एक मशाल
एक लाठी बन जाऊँ मैं
बेसहारों का सहारा।
--------------------

शनिवार, 26 दिसंबर 2009

अब हुई छुट्टियाँ शुरू


ज कल तो खूब मजे हैं, छुट्टियाँ चल रही हैं। यह वाक्य पिछले चार माह में अनेक बार सुनने को मिला। मैं  हर बार कहता  हूँ -कैसी  छुट्टियाँ? तो लोग तुरंत वकीलों की हड़ताल की ओर इशारा कर देते  हैं।  
ड़ताल का अर्थ कम  से कम वकीलों के लिए छुट्टियाँ नहीं हो सकता।  हड़ताल  में हम भले  ही अदालतों  में नहीं जा रहे हों लेकिन अपने मुवक्किलों का इतना  तो  ध्यान रखना  ही होता  है कि  उन  के किसी  मुकदमे में  उन  के किसी  हित की हानि न हो।  रोज अदालत जाना  जरूरी है। रोज के मुकदमों  में  अदालत ने क्या कार्यवाही  की  है , या केवल तारीख बदल दी है इस का पता  लगाना  जरूरी  है।  वही  सुबह समय  से अदालत तक जाना और  वही शाम पाँच बजे वापस लौटने  का क्रम  जारी है। शाम को दफ्तर में वही  समय से बैठना  फाइलों को तारीखें  बदल कर उन की सही जगह रखना। वही  मुवक्किलों  का आना,  उन  की समस्याएँ सुलझाना आदि  सब कुछ जारी  है। इस बीच  किसी को तत्काल किसी उपाय की जरूरत हुई तो उसे उस की व्यवस्था भी कर के  दी  और  उस के हितों की सुरक्षा भी की। जब हम पूर्णकालिक रूप से इस प्रोफेशन में व्यस्त  हों तो यह कैसे कहा जा  सकता था कि हम छुट्टियों  पर  हैं।  
वास्तव  में वकीलों  की  हड़ताल को हड़ताल की संज्ञा देना ही गलत है। इसे  अधिक  से अधिक  अदालतों का  बहिष्कार कहा जा सकता है। बस फर्क  पड़ा  है  तो  यह कि वकीलों की  कमाई  इस बीच लगभग शून्य या उस से कम ही रही है। वकील अपने वकालत के खर्च  भी पूरी  तरह नहीं निकल पा रहे हैं। वकीलों का मानना है  कि वे प्रोफेशन के हिसाब से कम से कम साल भर  पिछड़ गए  हैं। ऐसे में  उन से कोई  कहे कि वे छुट्टियाँ मना रहे हैं, तो उन पर क्या गुजरती होगी ये तो वही बता  सकता  है जिेसे यह सब सुनता पड़ा हो। हो सकता  है कुछ  गुस्सा भी  आता  हो। लेकिन यह  प्रोफेशन ही ऐसा है, उसे भी वकील मुस्कुराकर  या  उसे विनोद में बदल कर विषय  को ही गुम कर  देता  है । अब  आंदोलन अंतिम  दौर  में  है। सरकार से बात जारी है। हो सकता है नए साल के पहले सप्ताह में कोई  हल  निकल आए। 
 ड़ताल में ही सही अब वाकई ऑफिशियल छुट्टियाँ आरंभ हो गई  हैं। अब अदालतें  दो जनवरी  को ही खुलेंगी। हर अवकाश में बच्चे  घर आते  थे तो हमें घर ही रहना होता था। इन छुट्टियों में यह संभव नहीं हुआ। बेटा  बंगलुरू  में  है, उस  का आना  संभव नहीं था।  बेटी पूर्वा  भी इन दिनों अपने काम  में  व्यस्त है उस का आना भी संभव नहीं  था। अब हमारा छुट्टियों में घर रहना बहुत बोरिंग  होता, तो हम ने पूर्वा के पास  जाने का प्रोग्राम बना  लिया। तो हम आज बल्लभगढ़ आ गए। अब पूरी तरह अवकाश  पर हैं। अदालत और घर से पूरी तरह मुक्त। लोटपोट साथ लाए हैं, नैट कनेक्शन बेटी के पास है, तो गाहे-बगाहे हिन्दी ब्लाग  महफिल में हाजरी बजाते रहेंगे। 

शुक्रवार, 25 दिसंबर 2009

वैलकम मिलेनियम!

दस वर्ष पहले हमने नई सहस्त्राब्दी का स्वागत किया। कवि-नाटककार शिवराम ने भी हमारे साथ उस का स्वागत किया। पढ़िए मिलेनियम के स्वागत में उन की कविता जो उन के संग्रह "माटी मुळकेगी एक दिन" से ली गई है।


वैलकम मिलेनियम!

  • शिवराम
जिनके बंद हो गए कारखाने 
छिन गया रोजगार
जो फिरते हैं मारे मारे
आओ! उन से कहें-
चीयर्स! वैलकम मिलेनियम! हैप्पी न्यू ईयर!


जिन की उजड़ गई फसलें
नीलाम हो गए कर्ज के ट्रेक्टर
बिक गई जमीन
जो विवश हुए आत्महत्याओं के लिए
उन के वंशजों से कहें-
चीयर्स! वैलकम मिलेनियम! हैप्पी न्यू ईयर!


उन बच्चों से जिन के छूट गए स्कूल
उन लड़कियों से 
जो आजन्म कुआँरी रहने को हो गई हैं अभिशप्त
उन लड़कों से 
जिन की एडियाँ घिस गई हैं
काम की तलाश में


उन से कहें 
चीयर्स! वैलकम मिलेनियम! हैप्पी न्यू ईयर!


गुरुवार, 24 दिसंबर 2009

शाजापुर टू आगर वाया 'धूपाड़ा' सिटी

स के नजदीक पहुँचते ही दरवाजे के नीचे खड़े कंडक्टर ने पूछा कहाँ जाना है? आगर', मैं ने बताया और पूछा  -'जगह मिलेगी, हम तीन सवारी हैं।
-क्यों नहीं मिलेगी। उस ने तुरंत ही कहा और ले जा कर हमें बस में आगे ड्राइवर के केबिन में जमा दिया। मुझे लगा, अब केबिन में कोई नहीं आएगा। लेकिन उस के बाद भी कंडक्टर तीन-चार लोगों को वहाँ जमा गया। वह एक छोटी बस थी। कुल तीस सवारी बैठ सकतीं थीं, लेकिन साठ से ऊपर तो वह बस के अंदर जरूर ही जमा चुका था। बस चल दी। कंडक्टर टिकट बनाने आया। तीन सवारी के 105 रुपए हुए। मैं ने कहा -भैया तीन में पांच का कंसेशन नहीं करोगे? उस ने कहा -पाँच रुपया कौन बड़ी बात है? आप सौ ही दे दीजिए। उस ने सौ में तीन टिकट बना दिए। ड्राइवर केबिन के पास तीन-चार लड़के खड़े थे, दो बोनट पर बैठे थे। वे आपस में चुहलबाजी कर रहे थे। ड्राइवर भी उन्हीं की मंडली का दिखाई पड़ा। वह भी चुहल में शामिल हो गया। वे कर्णप्रिय मालवी बोल रहे थे, जो शायद अब गांवों या छोटे कस्बों में ही सुन पाना संभव है। मैं मालवी का आनंद लेने लगा। इस उम्र के लड़कों की बातचीत में अक्सर  कुछ गालियों का समावेश रहता है और सामान्य यौनिक गालियों का वे तकिया कलाम की तरह अवश्य प्रयोग करते हैं। करीब आधे घंटे से ऊपर चली चुहल में एक बार भी किसी यौनिक तो क्या, साधारण गाली या अपशब्द का भी उन्हों ने प्रयोग नहीं किया था। यह मेरे लिये सुखद अनुभव था। हम गाली-विहीन बोलचाल की भाषा की तलाश सभ्य कहलाए जाने वाले नगरीय मध्यवर्ग में तलाश कर रहे हैं और भविष्य में उस की संभावनाएँ तलाश कर रहे हैं।  लेकिन वह यहाँ बिना किसी श्रम के इन ग्रामीण नौजवानों में सहज उपलब्ध थी। हो सकता है वे कुछ विशिष्ठ परिस्थितियों में उन का प्रयोग करते हों लेकिन इस सार्वजनिक बस में अनायास बातचीत के मध्य उन्हों ने पूर्ण शालीन भाषा का प्रयोग किया था। बस सारे रास्ते चालीस या उस से कम की गति से ही चल रही थी और मार्ग के 55 किलोमीटर उसने दो घंटे में पूरे करने थे। सड़क एक बस की चौड़ाई जितनी थी। सामने से कोई वाहन आने पर दोनों में से किसी एक को या दोनों को सड़क के नीचे उतरना पड़ता था।
 मैं ने उन में अपनापा महसूस किया तो मैं भी उन की चुहल में शामिल हो गया। मैं किसी मुकदमे की बहस के सिलसिले में शाजापुर (म.प्र) गया था। बहस संतोष जनक हो गय़ी थी और हम वापस लौट रहे थे। शाजापुर से आगर तक यह बस थी। आगर से हमें कोटा की बस पकड़नी थी। मेरे मुवक्किल हरस्वरूप माथुर और उन के भतीजे प्रदीप मेरे साथ थे। बस एक स्थान पर रुकी वहाँ एक मार्ग अलग जा रहा था। बस उसी मार्ग पर मुड़ी। मैं ने उत्सुकता से एक नौजवान से पूछा -बस इधर जाएगी?
उत्तर मिला -बस एक किलोमीटर 'धूपाड़ा' तक जाएगी। फिर वापस लौट कर यहीं आएगी।
एक किलोमीटर गाँव तक बस का सवारियों को उतारने चढ़ाने के लिए जाना कुछ अजीब सा लगा। मैं ने पूछा -  'धूपाड़ा' बड़ा गाँव है?
-बड़ा गाँव ? सिटी है साहब, सिटी।
बताने वाला संभवतः विनोद कर रहा था। मैं ने भी  विनोद में सम्मिलित होते हुए पूछा -तो वहाँ नगर पालिका जरूर होगी?
-पंद्रह हजार की जनसंख्या है। लेकिन नगर पालिका हम बनने नहीं देते। हाउस टैक्स और न जाने क्या क्या टैक्स लग जाएंगे, इस लिए। और ये जो आप ने मोड़ पर घर देखे थे ये 'धूपाड़ा' की कॉलोनी है। अब वह नौजवान वाकई विनोद ही कर रहा था।
मैं ने भी उस विनोद का आनंद लेने के लिए उस से पूछा -तो भाई! इस सिटी की खासियत क्या है?
-यहाँ लोहे और इस्पात के औजार बनते हैं। गैंती, फावड़ा, कैंची, संडासी आदि। उस ने  और भी अनेक औजारों के नाम बताए।
-तब तो यहाँ सरौतियाँ भी बनती होंगी?  मैं ने पूछा।
-हाँ, बनती हैं और बहुत अच्छी बनती हैं। छोटी-बड़ी सब तरह की। आप को लेनी हो तो दरवाजे के अंदर चले जाइए, अंदर दाएं हाथ पर दुकान में मिलेगी, तीस रुपए की एक। 

ब तक बस रुक चुकी थी। पास ही एक सुंदर मुगल कालीन और उसी शैली का विशाल दरवाजा था। दरवाजे की ठीक से मरम्मत की हुई थी और उसे सुंदर रंगों से रंगा हुआ भी था। पूरा गाँव एक फोर्ट वाल के अंदर था। फोर्टवाला के बाहर खाई थी। शाम पूरी तरह घिर आयी थी। मेरे ससुराल में सरौतियाँ दस से बीस रुपए में मिल जाती हैं। मैं ने सरौती लेने का विचार त्याग दिया। लेकिन तब तक माथुर साहब कहने लगे -ले आते हैं, वकील साहब। यहाँ की निशानी रहेगी। मैं ने कहा -बस इतने थोड़े ही रुकेगी? तो ड्राइवर ने कहा -आप ले आओ हम तब तक चाय पिएंगे। माथुर साहब का आग्रह देख मैं नीचे उतरा। पास ही एक मूत्रालय बना देखा जिस में पुरुषों और स्त्रियों के लिए सुविधा थी। हम ने उस का इस्तेमाल किया, फिर चले 'धूपाड़ा' सिटी में।

अंदर पुराने नगर के चिन्ह स्पष्ट थे रास्ते के दोनों और दुकानें बनी थीं। दरवाजे से  पहली और दूसरी दुकानें लुहारों की थी। दुकानें क्या? उन की कार्यशाला भी वही थी। लोहा गरम करने के लिए धौंकनियाँ बनी थीं और कूटने के लिए स्थान बने थे।  इन के आगे चौराहा था जहाँ से दाएँ बाएँ फिर बाजार निकल रहे थे। हमने पहली ही दुकान पर सरौतियाँ देखीं। विभिन्न आकार और बनावट की थीं। सुंदर कारीगरी भी की हुई थी। हमने सब से छोटी और कम कीमत की साधारण सरौती पसंद की। उस से सुपारी काट कर देखी। सख्त सुपारी भी ऐसे कट रही थी जैसे आलू काट रहे हों। मैं जितनी सरौतियाँ अब तक इस्तेमाल कर चुका था  उन में वह सब से तेज थी। हम ने उन्हीं में से दो खरीदीं। एक मेरे लिए और एक माथुर साहब के लिए। हमारे पूछने पर दुकानदार ने बताया कि ये स्टील की बनी हैं, और बेकार हुई कमानी के लोहे की नहीं, बल्कि नए इस्पात की हैं। वे टाटा का इस्पात प्रयोग करते हैं। गाँव कब का बसा है? पूछने पर बताया की कम से कम तीन-चार सौ साल पहले का है और संभवतः पाटीदारों का बसाया हुआ है। उत्तर कितना सही था यह तो रेकॉर्ड से ही पता लग सकता है। बताया कि यहाँ के औजार प्रसिद्ध हैं और आस पास के कस्बों में ही खप जाते हैं। इतने  में बस के हॉर्न की आवाज सुनाई दी। हम समझ गए कि हमें वापस पुलाया जा रहा है। हम तेजी से वापस लौटे। बस चलने को स्टार्ड खड़ी थी। हम ने अपनी सीट संभाली और बैठ गए।

अकाल ...... शिवराम की कविता

शिवराम जी की कुछ कविताएँ आप ने पढ़ीं। उन के काव्य संग्रह "माटी मुळकेगी एक दिन" से एक और कविता पढ़िए....

अकाल
  • शिवराम
कभी-कभी नहीं
अक्सर  ही होता है यहाँ ऐसा
कि अकाल मंडराने लगता है
बस्ती दर बस्ती
गाँव दर गाँव


रूठ जाते हैं बादल
सूख जाती हैं नदियाँ
सूख जाते हैं पोखर-तालाब
कुएँ-बावड़ी सब
सूख जाती है पृथ्वी
बहुत-बहुत भीतर तक 

सूख जाती है हवा
आँखों की नमी सूख जाती है


हरे भरे वृक्ष
हो जाते हैं ठूँठ
डालियों से
सूखे पत्तों की तरह
झरने लगते हैं परिंदे
कातर दृष्टि से देखती हैं
यहाँ-वहाँ लुढ़की
पशुओं की लाशें


उतर आते हैं गिद्ध
जाने किस-किस आसमान से
होता है महाभोज
होते हैं प्रसन्न चील कौए-श्रगाल आदि


आदमी हो जाता है
अचानक बेहद सस्ता
सस्ते मजदूर, सस्ती स्त्रियाँ
बाजार पट जाते हैं, दूर-दूर तक
मजबूर मजदूरों
और नौसिखिया वेश्याओं से


भिक्षावृत्ति के
नए-नए ढंग होते हैं ईजाद
गाँव के गाँव
हाथ फैलाए खड़े हो जाते हैं 
शहरों के सामने


रहमदिल सरकार
खोलती है राहत कार्य
होशियार और ताकतवर लोग
उठाते हैं अवसर का लाभ
भोले और कमजोर लोग
भरते हैं समय का खामियाजा


होते हैं यज्ञ और हवन
किसान, आदिवासी और गरीब लोग
बनते हैं हवि
ताकते रहते हैं आसमान
फटी फटी आँखों से


कभी-कभी ही नहीं
अक्सर ही होता है यहाँ ऐसा। 

मंगलवार, 22 दिसंबर 2009

क्या ब्लागवाणी पर ट्रॉजन वायरस का हमला हुआ है और वह इसकी वाहक बन रही है?


कोटा से यात्रा पर रवाना होने के पहले ब्लागवाणी देखी तो एंटीवायरस ने चेतावनी दी कि वायरस आ रहे हैं। देखा तो स्रोत ब्लागवाणी है। तो क्या ब्लागवाणी पर ट्रॉजन वायरस का हमला हुआ है। यदि ऐसा है तो यह हिन्दी ब्लागरों के लिए चिंता की बात है। कृपया ब्लागवाणी के प्रबंधक इस को जाँचें और इसे वायरस हीन करने का प्रयत्न करें। वरना बहुत लोगों के कंप्यूटर वायरस ग्रस्त हो सकते हैं।

यौनिक गाली का अदालती मामला


विगत आलेख में मैं ने लिखा था कि "यौनिक गालियाँ समाज में इतनी गहराई से प्रचलन में क्यों हैं, इन का अर्थ और इतिहास क्या है? इसे जानने की भी कोशिश करनी चाहिए। जिस से हम यह तो पता करें कि आखिर मनुष्य ने इन्हें इतनी गहराई से क्यों अपना लिया है? क्या इन से छूटने का कोई उपाय भी है? काम गंभीर है लेकिन क्या इसे नहीं करना चाहिए? मेरा मानना है कि इस काम को होना ही चाहिए। कोई शोधकर्ता इसे अधिक सुगमता से कर सकता है। मैं अपनी ओर से इस पर कुछ कहना चाहता हूँ लेकिन यह चर्चा लंबी हो चुकी है। अगले आलेख में प्रयत्न करता हूँ। इस आशा के साथ कि लोग गंभीरता से उस पर विचार करें और उसे किसी मुकाम तक पहुँचाने की प्रयत्न करें।"
स आलेख पर पंद्रह टिप्पणियाँ अभी तक आई हैं। संतोष की बात तो यह कि उस पर अग्रज डॉ. अमर कुमार जी ने अपनी महत्वपूर्ण टिप्पणी की, जिन से आज कल दुआ-सलाम भी बहुत कठिनाई से होती है। वे न जाने क्यों ब्लाग जगत से नाराज हैं? इन टिप्पणियों से प्रतीत हुआ कि जो कुछ मैं ने कहा था वह इतनी साधारण बात नहीं कि उसे हलके-फुलके तौर पर निपटा दिया जाए। इस चर्चा को वास्तव में गंभीरता की आवश्यकता है। पिछले लगभग चार माह से कोटा के वकील हड़ताल पर हैं। मैं भी उन में से एक हूँ। रोज अदालत जाना आवश्यकता थी, जिस से अदालतों में लंबित मुकदमों की रक्षा की जा सके। अदालत के बाद के समय को मैं ने ब्लागरी की बदौलत पढ़ने और लिखने में बिताया। उस का नतीजा भी सामने है कि मैं "भारत में विधि के इतिहास" श्रंखला को आरंभ कर पाया। 24 दिसंबर से अवकाश आरंभ हो रहे हैं जो 2 जनवरी तक रहेंगे। इस बीच कोटा के बाहर भी जाना होगा। लेकिन यह पता न था कि मैं अचानक व्यस्त हो जाउंगा। 21 जनवरी कुछ घरेलू व्यस्तताओं में बीत गई और 22 को मुझे दो दिनों की यात्रा पर निकलना है फिर लौटते ही वापस बेटी के यहाँ जाना है। इस तरह कुछ दिन ब्लागरी से दूर रह सकता हूँ और कोई गंभीर काम कर पाना कठिन होगा।

मैं इस व्यस्तता के मध्य भी एक घटना बयान करने का लोभ संवरण नहीं कर पा रहा हूँ जो यौनिक गालियों से संबद्ध है और समाज में इन के आदतन प्रचलन को प्रदर्शित करती है .....
टना यूँ है कि एक व्यक्ति को जो भरतपुर के एक कारखाने में काम करता था अपने अफसर को 'भैंचो' कहने के आरोप से आरोपित किया गया और घरेलू जाँच के उपरांत नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। मुकदमा चला और श्रम न्यायालय ने उस की बर्खास्तगी को सही माना कि उस ने अपने अफसर के साथ अभद्र बर्ताव किया था। मामला उच्चन्यायालय पहुँचा। संयोग से सुनवाई करने वाले जज स्वयं भी भरतपुर क्षेत्र के थे। बर्खास्त किए गए व्यक्ति की पैरवी करने वाले एक श्रंमिक नेता थे जिन की कानूनी योग्यता और श्रमिकों के क्षेत्र में उन के अनथक कार्य के कारण हाईकोर्ट ने अपने निर्णयों में 'श्रम विधि के ज्ञाता' कहा था और  जज उलझे श्रम मामलों में उन से राय करना उचित समझते थे। जब उस व्यक्ति के मामले की सुनवाई होने लगी तो श्रमिक नेता ने उन्हें कहा कि मैं इस मामले पर चैंबर में बहस करना चाहता हूँ। अदालत ने उन्हें इस की अनुमति दे दी। दोनों पक्ष जज साहब के समक्ष चैंबर में उपस्थित हुए। श्रमिक नेता ने कहा कि इस मामले में यह साबित है कि इस ने 'भैंचो' शब्द कहा है। स्वयं आरोपी भी इसे स्वीकार करता है। लेकिन वह भरतपुर का निवासी है और निम्नवर्गीय मजदूर है। भरतपुर क्षेत्र के वासियों के लिए इस शब्द का उच्चारण कर देना बहुत सहज बात है और सहबन इस शब्द का उच्चारण कर देना अभद्र नहीं माना जा सकता। इस व्यक्ति की बर्खास्तगी को रद्द कर देना चाहिए। हाँ यदि अदालत चाहे तो कोई मामूली दंड इस के लिए तजवीज कर दे।
ज साहब स्वयं भी अपने चैम्बर में होने के कारण अदालत की मर्यादा से बाहर थे। उन के मुख से अचानक निकला "भैंचो, भरतपुर में बोलते तो ऐसे ही हैं।"
इस के बाद श्रमिक नेता ने कहा कि मुझे अब कोई बहस नहीं करनी आप जो चाहे निर्णय सुना दें। आरोपी की बर्खास्तगी को रद्द कर के उसे पिछले आधे वेतन से वंचित करते हुए नौकरी पर बहाल कर दिया गया।

स घटना के उल्लेख के उपरांत मुझे भी आज आगे कुछ नहीं कहना है। कुछ दिन ब्लागीरी के मंच से अनुपस्थित रहूँगा। वापस लौटूंगा तो शायद कुछ नया ले कर। नमस्कार!