@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: डेथ वारंट

शनिवार, 11 अप्रैल 2026

डेथ वारंट

देहरी के पार, कड़ी - 21
मेवाड़ भोजनालय से निकलने के पहले प्रिया, राहुल, स्नेहा और आदित्य ने आपस में बात करके एनालिसिस का तरीका तय किया. प्रिया ने दो-दो बैलेंस शीटें तीनों को बाँट दीं. तीनों को सोने के पहले इनके सैकड़ों पन्नों पर छपे डेटा को डिजिटल फॉर्म में और सर्च करने योग्य सॉफ्ट कापी में बदलना था. चारों ने सुबह नौ बजे ऑनलाइन मीटिंग मिलना तय किया. प्रिया ने अपने पास कोई बैलेंस शीट नहीं रखी थी. वह फैक्ट्री के क्लोजर की अनुमति का आवेदन और उसके साथ के दूसरे दस्तावेजों को अपने साथ ले आई थी. उसे इनका अध्ययन कर एनालिसिस के लिए आधार बिन्दु तैयार करने थे.

चारों अपने-अपने घर पहुँचकर सक्रिय हो गए. प्रिया ने क्लोजर के आवेदन की फाइल का अध्ययन आरंभ किया तो शेष तीनों टाटा की हाई-रीजोल्यूशन स्कैनिंग करने में जुट गए. उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती उन सैकड़ों पन्नों के डेटा को प्रिंट से डिजिटल फॉर्म में बदलकर सर्च करने योग्य बनाना था. स्कैनिंग के बाद ओसीआर (Optical Character Recognition) सॉफ्टवेयर के ज़रिए उन जटिल सारणियों को टेक्स्ट फाइलों और एक्सेल शीटों में बदलना शुरू किया. देर रात जब वे सोने के लिए गए, उसके पहले तमाम बैलेंस शीटों की सॉफ्ट कॉपियाँ तैयार हो चुकी थीं.

शनिवार सुबह वे चारों ऑनलाइन मीटिंग में मिले. तीनों ने अपने पास की सॉफ्ट कॉपियाँ प्रिया को भेज दीं. उसने अगले दस मिनट में तमाम सॉफ्ट कॉपियों को कंपाइल करके शेष तीनों साथियों को भेजा. अब सभी के पास उनकी एक-एक सॉफ्ट कॉपी थी.

प्रिया ने कहा, "हम इन आंकड़ों को 'पीछे से आगे' (Reverse Chronology) के क्रम में देखेंगे. छठे साल के घाटे से शुरू करके वापस पहले साल के मुनाफे तक जाएंगे, तभी हमें प्रबंधन की 'फाइनेंशियल इंजीनियरिंग' पकड़ में आएगी."

जैसे-जैसे डेटा साफ होता गया, चारों की आँखें फटती चली गईं.

प्रिया ने स्क्रीन शेयर करते हुए एक ग्राफ दिखाया, "देखो, पिछले छह सालों में मज़दूरों के वेतन और उनके कल्याण पर होने वाले खर्च का प्रतिशत (Percentage of Labour Cost) वार्षिक खर्चों का 3% के आसपास रहा है. यह या तो स्थिर था या उसमें मामूली गिरावट आई. यह साफ़ बताता है कि मज़दूरों की 'ट्रक सिस्टम' को समाप्त करने और 'फेयर वेजेज' की लड़ाई एकदम जायज थी. मालिक उन्हें एक धेला भी एक्स्ट्रा नहीं दे रहा था."

लेकिन असली 'झोल' कहीं और था. आदित्य ने 'ऑफिस एडमिनिस्ट्रेशन' और 'अदर एक्सपेंसेस' के कॉलम को हाईलाइट किया. "यहाँ देखो! तीसरे साल के बाद से ऑफिस के खर्चे, मैनेजमेंट की फीस, और 'कंसल्टेंसी चार्जेज' जो कभी भी 3% से अधिक नहीं रहे, बढ़ते-बढ़ते पिछले तीन वर्षों से चार गुना बढ़कर 11 से 13 प्रतिशत के बीच झूल रहे हैं. जिस दौरान फैक्ट्री को 'घाटे' की ओर धकेला जा रहा था, उसी दौरान प्रबंधन खुद पर होने वाले खर्च को बेतहाशा बढ़ा रहा था."

स्नेहा ने डेटा का विश्लेषण करते हुए बताया, "यह कोई प्राकृतिक घाटा नहीं है. इन्होंने जानबूझकर संभावित मज़दूर आंदोलन को भांपते हुए बैलेंस शीट को 'मैन्युपुलेट' किया है और मुनाफे को खर्चों के नाम डाल दिया है जिससे उसे 'घाटा' दिखाया जा सके.

राहुल कहने लगा खर्चों के नाम पर डाली गयी यह बड़ी धनराशि जो हर साल मजदूरों पर खर्च होने वाली राशि की लगभग तीन गुना है और किसी न किसी की जेब में काला धन बन कर गयी होगी. इसने उस व्यक्ति या उन व्यक्तियों को मालामाल कर दिया होगा. इधर बढ़ता हुआ घाटा दिखा कर हर साल मजदूरों को क्लोजर (Closure) का डर दिखाया जाता रहा और उनकी मजदूरी बढ़ाने की न्यायोचित मांग दबा दी गयी. यह एक सोची-समझी विधिक चाल ही नहीं बल्कि बड़ा घोटाला है और आर्थिक अपराध भी है."

प्रिया की टीम ने एक विस्तृत 'एनालिसिस रिपोर्ट' तैयार की, जिसमें हर उस फर्जीवाड़े को चिन्हित किया गया था जहाँ आंकड़ों के साथ छेड़छाड़ हुई थी. प्रिया ने रिपोर्ट की दो कॉपी प्रिंट कर लीं. एक बजे से ऊपर का समय हो चुका था. चारों ने सुबह से चाय-ब्रेड-बिस्कुट के सिवा कुछ नहीं लिया था. उन्होंने तय किया कि वे मेवाड़ भोजनालय जाकर लंच करेंगे और वहीं से शाम की आमसभा देखने के लिए फैक्ट्री गेट पहुँचेंगे.

वे मेवाड़ भोजनालय पहुँचे तो दो बजे से अधिक समय हो चुका था. प्रशांत बाबू मेवाड़ भोजनालय के उसी पिछले कमरे में मिले जहाँ विक्रांत की गिरफ्तारी के बाद सबने डिनर किया था. प्रिया ने रिपोर्ट की फाइल उनके सामने रख दी. उन्होंने फाइल को तुरंत अपनी टेबल पर फैलाया और उसे पढ़ने लगे. वे रिपोर्ट के नोट्स पढ़ते जाते थे और उनसे संबंधित डाटा का ग्राफ गौर से देखकर समझने की कोशिश कर रहे थे. भोजनालय का कर्मचारी पानी लेकर आया तो प्रिया ने सभी के लिए लंच ऑर्डर कर दिया. प्रिया की टीम एक अलग टेबल पर आ गयी, वे धीमी आवाज में बातें करने लगे जिससे प्रशांत बाबू के काम में व्यवधान न हो.

अचानक प्रशांत बाबू बोल उठे. "कॉमरेडों, तुमने जबर्दस्त काम किया है. फैक्ट्री प्रबंधन के लिए डेथ वारंट तैयार कर दिया है.. हमने साबित कर दिया है कि फैक्ट्री मुनाफे में चल सकती है, बस मालिक की नीयत खोटी है." उनके चेहरे पर एक विजयी मुस्कान थी. "शानदार! यह काम एक चार्टर्ड अकाउंटेंट की टीम हफ़्तों में करती. अब हमारे पास आम सभा में मज़दूरों को देने के लिए केवल ही भाषण नहीं, बल्कि ठोस सुबूत हैं."
... क्रमशः

1 टिप्पणी:

Digvijay Agrawal ने कहा…

आपकी लिखी रचना "पांच लिंकों के आनन्द में रविवार 12 एप्रिल, 2026 को लिंक की जाएगी .... http://halchalwith5links.blogspot.in पर आप भी आइएगा ... धन्यवाद!