@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: Conditioning
Conditioning लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Conditioning लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 23 फ़रवरी 2026

शब्दों का संबल

 पिंजरा और पंख-39

लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी
मार्च का पहला ही सप्ताह था. वार्षिक परीक्षा के टाइमटेबल भी आ गए थे. शगुन का आखिरी पेपर छह अप्रैल को था. उसका मन कर रहा था कि उसी दिन शाम को या अगले दिन दुपहर होते होते वह बनस्थली से घर के लिए निकल ले. फिर उसे फौरन आयुष का ध्यान आया. वह अपने जीवन की पहली बड़ी परीक्षा की दहलीज़ पर खड़ा था. राजस्थान बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी 12वीं कक्षा की परीक्षा मार्च के दूसरे सप्ताह से शुरू हो कर मार्च के अंत में समाप्त होनी थी और उसके करीब डेढ़ माह बाद, सात अप्रेल 2007 को वह तारीख थी जिसके लिए कोटा के हज़ारों बच्चे रातों की नींद और दिन का चैन बेच चुके थे—आईआईटी-जी (IIT-JEE).

शगुन ने सोचा क्यों न वह पापा से कहे कि वे सात अप्रेल की रात कार से बनस्थली आ जाएँ, फिर वे आठ अप्रैल को 10-11 बजे बनस्थली से निकलें तो 4, 4:30 बजे तक कोटा पहुँच जाएँ और फिर वहाँ से आयुष को साथ ले कर रामगंजमंडी जाएँ. उसने आयुष को फोन लगाया. दो-तीन रिंग के बाद आयुष ने फोन उठाया. उसकी आवाज़ में वही पुराना भारीपन था जो दिवाली की छुट्टियों के समय गायब हो गया था.

"तैयारी कैसी है आयुष? बोर्ड के एडमिट कार्ड मिल गए?" शगुन ने उत्साह भरने की कोशिश की.

"हाँ दीदी, बोर्ड की तैयारी बिलकुल ठीक है... पर 8अप्रेल वाली बात दिमाग से निकल ही नहीं रही. कोचिंग में अब रोज़-रोज़ 'मॉक टेस्ट' हो रहे हैं. रोहित की रैंक अब टॉप-50 में आने लगी है और वह कहता है कि जो आखिरी महीने में नहीं जी-जान लगाएगा, उसका एक साल सीधे बर्बाद होगा. दीदी, क्या सच में एक परीक्षा से साल बर्बाद हो जाता है?" आयुष का स्वर लड़खड़ाया.

शगुन ने गहरी सांस ली. उसने खिड़की से बाहर देखा जहाँ लड़कियां मैदान में खेल रही थीं. उसने डॉ. शास्त्री की उस क्लास को याद किया, जिसमें उन्होंने 'टाइम और वैल्यू' पर बात की थी.

"आयुष, मेरी बात ध्यान से सुन. समय कभी 'बर्बाद' नहीं होता, वह केवल 'अनुभव' में बदलता है. तूने अगस्त में मुझसे एक वादा किया था कि तू विज्ञान को 'अंगीकार' करेगा, उसे परीक्षा के लिए रटेगा नहीं. क्या तुझे अपनी समझ पर भरोसा है?"

"समझ तो है दीदी, पर जब टेस्ट पेपर सामने आता है और घड़ी की सुइयाँ भागने लगती हैं, तब सब धुंधला होने लगता है. ऐसा लगता है जैसे मैं फिर से वही 'एवरेज' लड़का बन रहा हूँ."

"नहीं आयुष!" शगुन ने दृढ़ता से कहा. "तूने दिवाली पर 'मुक्ति' को अपनी गोद में लिया था, याद है? तूने कहा था कि हम उसे लेबल्स से मुक्त रखेंगे. अगर तू खुद को 'एवरेज' के लेबल से मुक्त नहीं कर पाएगा, तो उसे क्या सिखाएगा? आठ अप्रैल एक युद्ध नहीं है, वह सिर्फ तेरे और उन सिद्धांतों के बीच की एक बातचीत है जिन्हें तूने पिछले छह महीनों में जिया है. तू बस उन सिद्धांतों को कागज़ पर उतार देना, परिणाम के बारे में सोचने पर समय खराब मत करना."

फोन के दूसरी तरफ थोड़ी देर सन्नाटा रहा. फिर आयुष की धीमी आवाज़ आई, "दीदी, यहाँ कोटा में सब कहते हैं कि, यही एक मौका है. इसके बाद ज़िंदगी खत्म है."

शगुन मुस्कुराई, "ज़िंदगी  'आठ अप्रैल' से शुरू होगी आयुष, उस पर खत्म नहीं होगी. तूने 'ब्रीफ हिस्ट्री ऑफ टाइम' पढ़ी है, क्या उसके लेखक ‘स्टीफन हॉकिंग’ ने हार मानी थी? तुझे बस 'आज' में रहना है. मार्च की बोर्ड परीक्षा को अपनी नींव बना और आठ अप्रैल को अपना शिखर. तू मेरा वही प्यारा साहसी भाई है जो सच्चाई की खोज में निकला है, न कि किसी रैंक की."

"दीदी... अब थोड़ा हल्का महसूस हो रहा है. मुक्ति न जाने कैसी होगी?" आयुष ने विषय बदलते हुए पूछा.

"मुक्ति अब पहचानने लगी है. कल मम्मा से बात हुई थी, वे कह रही थीं कि मुक्ति तेरी तस्वीर को देख कर मुस्कुराती है. वह अपने 'आईआईटी वाले भैया' का इंतज़ार कर रही है, लेकिन इसलिए नहीं कि तू उसे कोई रैंक दिखाए, बल्कि इसलिए कि तू घर लौटकर आए और उसे फिर से अपनी गोद में ले."

आयुष ने फोन रख दिया. वह अपनी मेज़ पर रखे उस पुराने चार्ट को देखने लगा. उसने टेबल से लाल स्याही का पेन उठाया और ‘आठ अप्रैल’ की तारीख के नीचे छोटे अक्षरों में लिखा—"मेरा सत्य से साक्षात्कार का दिन, युद्ध का नहीं."

आयुष ने पेन वापस मेज़ पर रखा. अजीब बात थी, हर बार, जब वह 'आठ अप्रैल' के बारे में सोचता था, उसके हाथ काँपने लगते थे, लेकिन आज उसकी हथेलियाँ स्थिर थीं. उसने कमरे की खिड़की खोल दी. सड़क पर कुछ छात्र भारी बैग टाँगे, झुके हुए कंधों के साथ जा रहे थे. आयुष को उन पर तरस आया; वे छात्र नहीं, 'रैंक के बोझे’ से दबे हुए लड़के लग रहे थे.

उसने अपनी फिजिक्स की किताब उठाई. इलेक्ट्रोमैग्नेटिज्म का एक जटिल सवाल, जो सुबह उसे उलझा रहा था, अब उसे एक 'दुश्मन' की तरह नहीं लगा, बल्कि 'सत्य' का एक हिस्सा लग रहा था. उसने अपनी आँखें मूँद लीं और फिजिक्स के नियमों को महसूस किया—जैसे वे नियम उसके आसपास की हवा में तैर रहे हों. शगुन ने सही कहा था, विज्ञान रटने की चीज़ नहीं, जीने की चीज़ है.

आयुष ने सवाल हल कर लिया था. सोने का समय था. उसने कमरे की लाइट बंद कर दी. कमरा फिर भी पूरा अंधेरा नहीं था. खिड़की के शीशों से रोशनी छन कर आ रही थी. दीवार पर चिपके फॉर्मूला चार्ट अब उसे डरावने विज्ञापनों जैसे नहीं, बल्कि पुराने परिचित दोस्तों जैसे लग रहे थे. उसे लगा जैसे 'मुक्ति' उसके बगल में सोई हुई है, और उसकी सांसों की लय के साथ उसके मन में भरा हुआ 'एवरेज' होने का तमाम शोर शांत हो गया है. उस रात, महीनों बाद आयुष कोई सपना नहीं देखा. वह बिना किसी डर के गहरी नींद सोया.

अगली सुबह जब उसकी नींद खुली तो वह पूरी तरह तरोताजा था.  'आठ अप्रैल' अब उसके लिए डर की रेखा नहीं रह गया था. अब उसे खुद को साबित करना था, और उसके लिए वह बिलकुल तैयार था.
... क्रमशः

रविवार, 22 फ़रवरी 2026

मुक्ति

  पिंजरा और पंख-38

लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी
अस्पताल के लेबर रूम से बाहर आकर नर्स वहीं दरवाजे के बाहर खड़ी रह गयी. उसके चेहरे पर थकान के चिन्ह थे, साथ ही एक संतोष की मुस्कान भी. श्रीमती गुप्ता, अनिल चाचा, आयुष और शगुन उसे देख एक झटके में अपनी बेंच से उठ खड़े हुए. उनके चेहरे पर एक ही प्रश्न था.

"बधाई हो! दीवाली के दिन लक्ष्मी आई है... बहुत सुंदर स्वस्थ बिटिया हुई है,"नर्स ने अपनी आवाज़ में एक स्वाभाविक उत्साह भरने की कोशिश की.”

शगुन ने मम्मा के चेहरे की ओर देखा. उस एक पल के लिए मम्मा के चेहरे पर वही भाव आया जिसे डॉ. शास्त्री 'अनकही निराशा' कहते थे. यह वर्षों की उस कंडीशनिंग का स्वाभाविक प्रभाव था, जो 'लड्डू गोपाल' के आगमन की रट लगा रही थी.

अगले ही पल, नर्स ने कहा, “जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं”.

चाची की सलामती की खबर ने मम्मा के चेहरे पर आए उस निराशा भाव को ढक लिया.

कुछ ही देर में लेबर रूम से एक ट्रॉली बाहर निकली. उस पर चाची लेटी थीं, आँखें बन्द किए हुए. ट्रॉली को उन्हें एलॉट हुए कमरे की ओर ले जाया जाने लगा. नर्स ने बताया कि बच्ची को वे लेकर आ रहीं हैं.

कमरे में लाकर चाची को ट्रॉली से उनके बिस्तर पर शिफ्ट किया गया. कमरा अचानक डिटॉल की गंध से भर गया. चाची के चेहरे पर एक ऐसी शांति थी जैसे वे बहुत बड़ा युद्ध जीत कर लौटी हों. श्रीमती गुप्ता ने पूछा, कैसी हो नीतू? चाची ने आँखें खोली ठीक हूँ, लेकिन मेरी बच्ची?

“चाची, उसे नर्स लेकर आ ही रही है.” शगुन की आवाज सुनकर चाची की आँखों में चमक आ गयी.

कुछ ही देर में नर्स एक गुलाबी कपड़े में लिपटे हुए शिशु को अपनी गोद में लेकर आयी और चाची की बगल में लिटा दिया. वह नन्हा सा वजूद बिलकुल चुप था.

मम्मा ने नर्स की ओर देखा. “खूब रो ली है, थक कर सो गयी है.” मम्मा ने संतोष की साँस ली.

तभी चाचा अंदर आ गए. श्रीमती गुप्ता ने पूछा, “अनिल जी, आपके भैया को फोन कर दिया कि नहीं?”

“कर दिया है पर वे तब आएंगे जब यहाँ से कोई घर जाएगा. दीवाली के दिन घर खाली कैसे छोड़ेंगे?” जवाब देते वक्त उनकी निगाहें बिस्तर की ओर थीं. चाचा, जो हमेशा 'खानदान के वारिस' की बातें करते थे, अपनी बेटी को देखकर सन्न रह गए थे. मम्मा समझ गयीं. उन्होंने नन्ही सी जान को बड़ी सलाहियत से उठाया और चाचा की गोद रख दिया. चाचा की भारी मूंछों के नीचे दबी मुस्कान और गीली होती आँखें बता रही थीं कि उनके भीतर का 'पितृसत्ता-जनित अहंकार' कुछ तो पिघला है.

शगुन ने आयुष की कोहनी को छुआ. आयुष मंत्रमुग्ध होकर उस बच्ची की मुड़ी हुई नन्ही उँगलियों को देख रहा था.

"देख रहे हो आयुष? यह इस वक्त दुनिया की सबसे ताकतवर इंसान है," शगुन ने फुसफुसाते हुए कहा.

"क्यों दीदी?" आयुष ने अपनी नज़रें बच्ची से बिना हटाए पूछा.

"क्योंकि इसके पास अभी कोई नाम नहीं है, कोई जाति नहीं है, और न ही कोई रैंक है. यह एक कोरी स्लेट है. न यह 'एवरेज' है, न 'एलीट'." शगुन की आवाज़ में एक दृढ़ता थी.

आयुष बुदबुदाया, "सच दीदी... पर क्या हम इसे ऐसे ही रहने देंगे? कल जब यह बड़ी होगी, क्या मम्मा और चाची इसे रसोई के सबक नहीं देंगी? क्या चाचा इसे भी किसी रेस का हिस्सा नहीं बनाएंगे?"

शगुन ने चाची की ओर देखा, जिन्होंने अपनी थकी हुई आँखों से शगुन को ही निहारा था. उन आँखों में एक मौन सहमति थी.

शगुन ने आयुष से कहा, "यह हमारे ऊपर है आयुष. हम इसे एक 'डिजिट' या 'लेबल' नहीं बनने देंगे. हम इसे 'इंसान' बनना सिखाएंगे."

तभी मम्मा ने पास आकर कहा, "नाम क्या सोच रखा है, अनिल जी? यह पहली संतान है, कुछ अच्छा सा नाम होना चाहिए."

चाचा ने अपनी रुँधी हुई आवाज़ में कहा, "शगुन बताएगी... आखिर इसके आने से सबसे ज़्यादा खुश वही है."

शगुन ने खिड़की के बाहर देखा, जहाँ दीवाली की रात अब ढल रही थी. बिजली की रोशनियाँ बरकरार थीं, कुछ मिट्टी के दीपक अभी भी टिमटिमा रहे थे, सुबह का हल्का उजाला क्षितिज से बाहर निकलने लगा था. उसने मुस्कुराकर कहा, " चाचा, इसका नाम 'मुक्ति' कैसा रहेगा? पूर्वाग्रहों से मुक्ति, लेबल्स से मुक्ति."

कमरे में एक पल के लिए सन्नाटा छा गया. यह नाम घर के पुराने ढाँचे के लिए भारी था, लेकिन तभी नन्ही जान के पहली किलकारी निकली, जैसे उसने इस सन्नाटे को नामंजूर कर दिया. आयुष और शगुन की खुशी का कोई ठिकाना न था. उन्हें लगा, जैसे उनके मन में दीवाली के पटाखे फूट रहे हैं—खुशी के, उम्मीद के.
... क्रमशः 

शनिवार, 21 फ़रवरी 2026

रोशनियों के बीच

  पिंजरा और पंख-37

लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी

 दीवाली की छुट्टियाँ शुरु हो गयी थीं. घर के दोनों किशोर छुट्टियाँ बिताने और त्यौहार मनाने आ चुके थे. घर में हलचल बढ़ गयी थी और माहौल में उत्सुकता. पिछली मई-जून में आयुष और शगुन कोटा और वनस्थली गए तब घर की परिस्थितियाँ अलग थीं. घर की देहली पर खड़ी शगुन को सब कुछ पहले जैसा ही लग रहा था, लेकिन मन में डॉ. शास्त्री के समझाए हुए 'लेबल्स' और 'पूर्वाग्रह' शब्दों के अर्थ गूंज रहे थे.

चाची को नौवां महीना शुरू हो गया था. वे लिविंग रूम में सोफे पर बैठी बेसन के लड्डू बांध रही थीं. इस बीच मम्मा दो-तीन बार रसोई से निकलकर उनके पास आयी थीं. पहली बार उन्होंने चाची को डाँटा था, “ये लड्डू तुझे बांधने की क्या जरूरत है. तुझे आराम करना चाहिए.” चाची ने “काम में मन लगा है, और काम भारी नहीं है” कहकर वापस कर दिया. दूसरी बार आईं तो चाची को सीधे आराम की हिदायत दे डाली. तब चाची ने “बस थोड़े से और हैं इन्हें बांधकर चली जाऊंगी” कहा. तीसरी बार मम्मा गुस्सा हो गयीं, “तू उठ, बाकी के लड्डू शगुन बांध लेगी”. तब शगुन ने माँ को समझाया, “माँ थोड़ा बहुत काम करते रहना अच्छा होता है, पेशियाँ मजबूत बनी रहती हैं और डिलीवरी आसान हो जाती है. मैं उनका साथ दे ही रही हूँ.”

"अभी भारी काम मत कर, बस दो चार दिन की बात है. फिर घर में 'लड्डू गोपाल’ आएंगे, दीवाली की खुशियाँ चौगुनी हो जाएंगी.

'लड्डू गोपाल', बस यही शब्द शगुन को खटक गया. उसने देखा कि मम्मा जिस तरह चाचा और पापा से बातें करती उनसे होने वाले बच्चे का जेंडर तय कर दिया गया था. यदि लड़की हुई तो क्या उससे खुशियाँ कम हो जाएंगी? उसका मन खराब हो गया. उसने नीतू चाची की ओर देखा. आँखें मिलीं तो चाची समझ गयीं. बोलीं, “भाभी की बातों पर तू ध्यान मत दे. कंडीशनिंग झेलते उनकी उम्र गुजर गयीं, वे आदतन ऐसा कहती हैं. और मुझे इन बातों से अब कोई फर्क नहीं पड़ता. तेरे चाचा भी अब मेरे सामने लड़का या लड़की होने की बात नहीं करते. हाँ, बाहर जरूर डींगें हाँकते होंगे.”

तभी आयुष जीने से नीचे उतरा. उसके हाथ में इस बार 'संबल' कोचिंग के नोट्स की जगह एक किताब थी, 'ब्रीफ हिस्ट्री ऑफ टाइम'. शगुन ने उसे गौर से देखा; उसकी आँखों के नीचे के काले घेरे लगभग गायब थे और वह पहले से कहीं अधिक शांत दिख रहा था.

"दीदी, मांडणा बहुत सुंदर बनाई है, आपने," आयुष ने शगुन की बनाई रंगोली देख कर मुस्कुराते हुए कहा.

"थैंक्यू आयुष! कोटा की क्या खबर है? इस बार रैंक क्या रही? डर तो नहीं लगा?" शगुन ने धीरे से पूछा.

"दीदी, रैंक अब बस एक नंबर है. आपने सही कहा था, जब से मैंने फॉर्मूले रटने के बजाय नियमों और सिद्धांतों को समझना शुरू किया, तब से फिजिक्स के प्रश्न पहेली लगने लगे हैं, जिन्हें सुलझाने में मज़ा आता है. मैं सच को अंगीकार कर रहा हूँ.”

“तू इधर-उधर की बातें करने के बजाय ये बता कि तेरी रैंक का क्या हाल है?

“बस दीदी, ये समझ लो कि रोहित अब मुझे 'एवरेज' नहीं कहता, और मुझे अब रैंक से कोई फर्क नहीं पड़ता.”

“मतलब, तू बताएगा नहीं?” यह कहते हुए शगुन खड़ी हो गयी, “पहले की तरह तेरे कान उमेठूँ”

“नहीं दीदी, उसमें बहुत दर्द होता है.” इतना कह कर वह शगुन के नजदीक गया और कान में फुसफुसाकर कहा, “89 आयी है.”

“अरे वाह, क्या बात? फिर तो आज डबल जश्न होगा.”

“हुआ क्या है? कुछ मुझे भी बताओगे?” चाची ने हाथ से लड्डू का चूरमा झाड़ते हुए पूछा.”

“अरे चाची, खबर ही ऐसी है कि आप नाचने लगेंगी.” शगुन की आवाज रसोई में मम्मा तक पहुँच गयी. वे बाहर निकलीं और दोनों को डाँटने लगीं. “तुम दोनों चाची को तंग मत करो. परेशानी हो जाएगी.”

“भाभी, कोई परेशानी नहीं होगी, हम केवल बातें कर रहे हैं.” चाची ने हँसते हुए कहा.”

शगुन बहुत खुश थी, उसका भाई न केवल चक्रव्यूह से निकल आया था, बल्कि प्रगति पर भी था.

शाम को घर दीयों और बिजली की रोशनियों से जगमगा उठा. सबने एक साथ बैठ कर लक्ष्मी पूजन करके भोजन किया. बाहर पटाखे चलने लगे. शगुन और आयुष सोच ही रहे थे कि शहर की रोशनी देख आएँ. तभी कमरे से चाची की चीख सुनाई दी. उत्सव पल भर में तनाव में बदल गया. चाची को दर्द शुरू हो गए थे.

आनन-फानन में चाचा ने मारुति बाहर निकाली. मम्मा ने सहारा दे कर चाची को पिछली सीट पर बिठाया और खुद साथ बैठ गयी. पापा ने स्टीयरिंग संभाली, चाचा पास बैठे. पटाखों के धमाकों के बीच कार अस्पताल की और बढ़ चली. घर पर आयुष और शगुन ही रह गए. कुछ देर बाद पापा ने लौटकर बताया कि डाक्टर ने कहा अभी कुछ घंटे लगेंगे. शगुन ने उनसे पूछा कि आप घर पर हैं तो मैं और आयुष अस्पताल चले जाएँ? गुप्ताजी ने, “वैसे भी वहाँ मेरी कोई जरूरत नहीं”, कहते हुए अनुमति दे दी.

थोड़ी देर बाद दोनों अस्पताल में चाची के बिस्तर के पास थे. चाची को दर्द तेज हुआ तो नर्स उनका हाथ पकड़ कर लेबर रूम ले गयीं. मम्मा उनके पीछे गयीं. वे दोनों भी लेबर रूम के बाहर की बैंच पर जा बैठे.

आयुष वहाँ दीवार पर लगा चार्ट देखने लगा जिसमें भ्रूण विकास की प्रक्रिया समझाई गई थी.

"डर लग रहा है आयुष?" शगुन ने पूछा.

"डर नहीं दीदी, बस सोच रहा हूँ कि जो अभी इस दुनिया में आने वाला है, उसे हम सबसे पहले कौन सा लेबल देंगे? क्या उसे भी हम अपनी उम्मीदों के बोझ तले दबा देंगे?"

शगुन ने आयुष का हाथ थाम लिया. उसे अहसास हुआ कि छह महीने पहले जो भाई संबल ढूँढ रहा था, आज वह खुद दूसरों के लिए संबल बन रहा है.

तभी लेबर रूम का दरवाज़ा खुला और नर्स बाहर आई. दोनों की साँसें थम गईं.

... क्रमशः 

शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2026

एवरेज

  पिंजरा और पंख-36

लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी
​अगस्त की उमस भरी दोपहर थी. बादल घुमड़ते थे लेकिन बरसते न थे, धूप निकल आती थी. 'संबल कोचिंग' के नोटिस बोर्ड पर मंथली टेस्ट की रैंकिंग लिस्ट चस्पा कर दी गई थी. आयुष भीड़ से थोड़ा दूर खड़ा अपनी बारी का इंतज़ार कर रहा था. उसके दिल की धड़कनें उसके कानों में साफ़ सुनाई दे रही थीं. जैसे ही भीड़ छंटी, उसने अपनी उंगली लिस्ट पर दौड़ाई.

​रैंक

101’ ... .................

.

.

104’ ... .................

105' ... आयुष गुप्ता

​उसके पैरों के नीचे से ज़मीन खिसक गई. टॉप-100 रैंक वालों का जो 'एलिट' क्लब बन गया था, वह उससे मात्र पांच कदम दूर रह गया. तभी पीछे से रोहित की आवाज़ आई, "अरे यार आयुष, तू तो 'बॉर्डर-लाइनर' निकला. 105? भाई, कोटा में 100 के बाहर होने का मतलब है 'एवरेज'. और एवरेज लोगों को यहाँ कोई याद नहीं रखता. वे बस भीड़ का हिस्सा होते हैं."

​रोहित का वह 'एवरेज' शब्द आयुष को तीर सा चुभा. उसने मुड़ कर रोहित की आँखों में देखा. वह उसका मखौल उड़ा रहा था. वह बिना कुछ बोले अपने रूम पर आ गया. मेज पर रखी फिजिक्स की मोटी किताबें उसे चिढ़ाने लगीं. उसने पंखे की ओर देखा, जो एक अजीब सी घरघराहट के साथ घूम रहा था—ठीक वैसी ही जैसी उसके दिमाग में चल रही थी. कमरे की दीवारों पर चिपके 'फॉर्मूला चार्ट' उसे अपनी ही असफलताओं के विज्ञापन जैसे लगने लगे. दिन मुश्किल से गुजरा.

​शाम को उसने भारी मन से शगुन को फोन लगाया.

​"दीदी... मेरी रैंक 105 आई है," आयुष की आवाज़ में एक अजीब सा खालीपन था.

​"आयुष, 105 कोई बुरी रैंक नहीं है! हज़ारों बच्चों में तुम यहाँ तक पहुँचे हो," शगुन ने उसे दिलासा देने की कोशिश की.

​"नहीं दीदी, यहाँ सब कहते हैं कि जो टॉप-100 में नहीं, वह रेस से बाहर है. रोहित कह रहा था कि मैं 'एवरेज' हूँ. क्या वाकई मैं बस एक औसत लड़का हूँ? क्या मेरी पहचान सिर्फ इस रैंक से तय होगी?" आयुष का गला भर आया.

​शगुन को तुरंत डॉ. शास्त्री की क्लास याद आ गई. उसने गहरी सांस ली और कहा, "आयुष, मेरी क्लास में 'स्टीरियोटाइपिंग' के बारे में पढ़ाया गया था. कोटा के उस सिस्टम ने तुम पर एक 'एवरेज' होने का लेबल लगा दिया है. यह एक मानसिक साँचा है, जिसमें वे हर उस बच्चे को डाल देते हैं जो उनकी उम्मीदों के मुताबिक 'मशीन' नहीं बन पाता. तुम औसत नहीं हो आयुष, तुम बस एक इंसान हो जिसे इस वक्त रैंक की नहीं, चैन की ज़रूरत है."

​"पर दीदी, यहाँ तो चैन भी रैंक से ही मिलता है," आयुष बुदबुदाया.

​"सुन आयुष," शगुन ने स्वर कोमल करते हुए कहा, "हमें एक असाइनमेंट मिला था—अपने भीतर के पूर्वाग्रहों को पहचानने के लिए. इस असाइनमेंट का उद्देश्य यही था कि छात्राएँ अपने पूर्वाग्रहों को पहचानना सीखें और उन्हें नष्ट करने की कोशिश करें. मैं पूरी ईमानदारी से यह किया और कर रही हूँ. ये पूर्वाग्रह हमें हमारे परिवार, समाज, यहाँ तक कि स्कूल-कॉलेज भी सिखाते हैं. बेहतर और योग्य इंसान बनने के लिए इनसे मुक्त होना जरूरी है. तुम्हें भी पूर्वाग्रह सिखाए जा रहे हैं, ‘जो टॉप 100 में नहीं है वह एवरेज है’, जो कहता है कि मेरा भाई सिर्फ तभी सफल है जब वह आईआईटी जाए. तू सुन रहा है न? तू आईआईटी न भी जाए, तो भी तू मेरा वही प्यारा आयुष रहेगा. तू कोई अंक (Digit) नहीं है."

“पर दीदी,...”

“तू टॉप 100 में भी आएगा, तू अपने सब्जेक्ट्स के नियमों सिद्धान्तों को समझने की कोशिश कर. विज्ञान सचाई की निरन्तर खोज है, विज्ञान के नियम सचाई हैं, अनेकानेक प्रयोगों ने उन्हें बारंबार सिद्ध किया है, उन्हें हमें सचाई के रूप में अंगीकार करना होगा, केवल परीक्षा के लिए रटना नहीं. एक बार वे समझ आ जाते हैं तो सब आसान होता जाता है, इतना आसान कि तू रोहित को भी पछाड़ सकता है. लेकिन उससे, या किसी और से कंपीटीशन कर के यह नहीं कर सकता. यह खुद को बेहतर बनाकर होगा. तुम्हें खुद पता नहीं लगेगा, तुम कब उससे आगे निकल गए हो.”

“बात तुम्हारी सही लगती है दीदी. पर यहाँ कोचिंग में तो रटने के तरीके खूब सिखाए जाते हैं.”

“वह ठीक है, डाटा रटने पड़ते हैं, पर नियम और सिद्धांत निर्देश हैं और अंगीकार करने से आते हैं. वे सोच का स्थायी अंग बन जाते हैं.

“समझ गया, दीदी यही करता हूँ. अब रखता हूँ.

​फोन रखने के बाद आयुष देर तक खिड़की के बाहर देखता रहा. शगुन की बातों ने उसके भीतर के घाव पर मरहम ही नहीं लगाया था बल्कि, उसे एक नयी बात सिखा दी थी, “विज्ञान सत्य है, अनेकानेक प्रयोगों से बारंबार परखा हुआ. उसे सचाई के रूप में स्वीकार करो, परीक्षा के लिए रटो मत.”

उसने अपनी रफ कॉपी उठाई और गणित के सवालों के बीच, एक खाली पन्ने पर बड़े अक्षरों में लिखा—

​"मैं कोई रैंक नहीं, बल्कि इंसान हूँ. मेरा लक्ष्य बेहतर और योग्य इंसान बनना है, विज्ञान एक सचाई है, बारंबार परखी हूई, मुझे उसे रटना नहीं, समझना है. सचाइयों को अंगीकार करना है."

​लिखने के बाद, आयुष कुछ देर सोचता रहा. खिड़की के बाहर आसमान में बादल दिखाई दे रहे थे. एक दिशा में धीरे-धीरे सरकते हुए. फिर बादलों के बीच एक बड़ा सा सूराख आया, और चांद दिखने लगा. वह आधा था. उसे पूरा होने में अभी सात-आठ दिन थे. सात-आठ दिन बाद तो रक्षाबंधन का त्यौहार है. रामगंजमंडी में हमेशा शगुन उसे राखी बांध कर मिठाई मुहँ में रख देती थी. उसे लगा कि दीदी ने यह मिठाई आज ही उसके मुहँ में रख दी है. एक दो दिनों में उसे दीदी की भेजी राखी मिल जाएगी. मम्मा दीदी को देने को हमेशा सौ का नोट उसे देती थी. यहाँ वह क्या देगा? फिर उसके दिमाग में बिजली सी कौंधी. इस सात दिनों में वह विज्ञान के सच को अंगीकार करने की कोशिश करेगा. तब तक जितने भी सच वह अंगीकार करेगा. वही दीदी के लिए उपहार होंगे.
... क्रमशः

गुरुवार, 19 फ़रवरी 2026

दरकती दीवारें

  पिंजरा और पंख-35

लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी

तीनों जब मेस से अपने रूम में लौटीं तो सब यही बात कर रही थीं कि प्रियंका उनके साथ नहीं खाना चाहती थी. उसका कारण शर्म थी या गुस्सा इसमें तीनों के बीच मतभेद था. प्रियंका जैसे ही खाना खाकर लौटी सब चुप हो गयीं. प्रियंका भी वापस लौट कर चुपचाप कपड़े ले बाथरूम चली गयी. कपड़े बदल कर लौटने पर ‘भगवद्गीता’ निकालकर अपने बिस्तर पर इस तरह करवट लेकर लेटकर पढ़ने लगी कि उसका चेहरा दीवार की ओर रहे.

शगुन ने गौर किया कि पिछले पंद्रह मिनट से प्रियंका ने एक भी पन्ना नहीं पलटा था. वह पढ़ नहीं रही थी, अपितु वह खुद को उस मानसिक हमले से बचाने की कोशिश कर रही थी जो डॉ. शास्त्री के लेक्चर ने उसकी 'पंडिताई' पर किया था.

शगुन अपनी मेज पर बैठी डायरी लिख रही थी, तभी सीमा उसके पास आकर धीरे से बैठ गई. आज उसकी आँखों में हमेशा वाली झिझक नहीं थी.

"शगुन," सीमा ने लगभग फुसफुसाते हुए कहा, "आज पहली बार ऐसा लगा जैसे क्लास में मेरी ही ज़िन्दगी के बारे में बात हो रही है. मैम ने जब 'लेबल्स' की बात की, तो मुझे लगा जैसे मेरे कंधे से सदियों पुराना कोई बोझ उतर गया हो. क्या वाकई हम सिर्फ एक लेबल नहीं हैं?"


शगुन ने सीमा का हाथ थाम लिया. उसी पल दरवाज़े पर हल्की सी दस्तक हुई. फातिमा खड़ी थी, उसके चेहरे पर भी वैसे ही सवाल थे जो सीमा की आँखों में तैर रहे थे.

"क्या मैं अंदर आ सकती हूँ?" फातिमा ने पूछा और सीमा के पास ही शगुन के बिस्तर पर बैठ गई. "आज डॉ. शास्त्री ने जो कहा, उसने मुझे डरा दिया शगुन. अगर 'स्टीरियोटाइप्स' ही हमारी पहचान तय करते हैं, तो क्या फातिमा होना हमेशा एक संदेह के दायरे में रहना ही रहेगा? प्रियंका का आज मेस से भागना... क्या वह भी इसी स्टीरियोटाइप का हिस्सा था कि वह हमारे साथ बैठकर 'अशुद्ध' नहीं होना चाहती?"

वे तीनों फुसफुसा कर बातें कर रही थीं, फिर भी शायद उनकी फुसफुसाहट प्रियंका तक पहुँच गयी थी. उसके शरीर में एक हल्की सी हरकत हुई, पर वह मुड़ी नहीं.

शगुन ने कहा, “बादल हो रहे हैं उससे यहाँ कमरे में उमस हो रही है, क्यों न हम बाहर टैरेस पर चल कर बैठें? दोनों समझ गयीं कि शगुन स्वतंत्रता से बातें करना चाहती है. तीनों बाहर टैरेस पर आ गईं और मुंडेर पर बैठ कर बातें करने लगीं.

"देखो फातिमा, सीमा... प्रियंका का भागना असल में उसका डर है. उसे डर है कि अगर उसने हमारी मौलिकता को पहचान लिया, तो उसकी अपनी 'श्रेष्ठता' का महल ढह जाएगा. डॉ. शास्त्री ने आईना दिखाया है, और आईना सबसे पहले उन्हें डराता है जिनके चेहरे पर नकाब होते हैं." शगुन ने कहा.

"मुझे तो डर लगता है शगुन," फातिमा ने लंबी सांस लेते हुए कहा. "यहाँ बनस्थली में खादी के वस्त्रों में भी मुझे अक्सर अपनी पहचान छुपानी पड़ती है जिससे कोई मुझे 'कट्टर' न समझ ले. मैं हर वक्त मुस्कुराती रहती हूँ ताकि कोई मेरे धार्मिक स्टीरियोटाइप से न डरे."

सीमा ने पहली बार फातिमा के कंधे पर हाथ रखा. "फातिमा, हम दोनों अलग-अलग वजहों से एक ही किनारे पर खड़ी हैं. मुझे अपनी जाति छुपानी पड़ती है ताकि कोई मुझे कमतर न समझे, और तुम्हें अपनी पहचान ताकि कोई तुम्हें पराया न समझे. शगुन सही कह रही है, कंडीशनिंग ने हमें दुश्मन नहीं, बल्कि 'कैदी' बना रखा है."

“पर किसी को अपनी आइडेंटिटी छुपाने की जरूरत ही क्यों पड़ती है? दूसरे उसे उसी रूप में एक इंसान के रूप में स्वीकार क्यों नहीं कर सकते?” फातिमा ने सवाल रख दिया.

“मैं ठीक से नहीं बता सकती, लेकिन मुझे लगता है यह हमारी अपनी कंडीशनिंग के कारण भी है और पूरे समाज की कंडीशनिंग के कारण भी.” शगुन ने उत्तर देने का प्रयास किया. “लेकिन कल की क्लास में डॉ. शास्त्री से पूछने के लिए यह सबसे बेहतर सवाल जरूर है.

अगली सुबह जब वे अपनी क्लास के लिए निकलीं तो रास्ते में सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सामूहिक प्रार्थना के स्वर गूंज रहे थे. जब 'हिंद देश के निवासी...'. शगुन ने गौर किया कि खादी की एक जैसी रंग-योजना वाले वस्त्र पहने पंक्तियों में खड़ी एक सुर में गा रही थीं, पर उन पंक्तियों के बीच भी अदृश्य दीवारें थीं. प्रियंका को प्रार्थना का प्रकरण हमेशा प्रिय लगता. वह कहती भी थी कि आखिर कॉलेज में सुबह सामूहिक प्रार्थना क्यों नहीं होती?

क्लास में डॉ. शास्त्री ने कहा, “कल हमने पूर्वाग्रह और रूढ़िवादिता के बारे में जाना था. आप सभी ने उस पर विचार अवश्य किया होगा. कुछ प्रश्न भी जन्मे होंगे. यदि कोई प्रश्न पूछना चाहे तो पूछे.

शगुन ने रात वाला प्रश्न ही उनके सामने रख दिया. “मैम, हमारे समाज में और यहाँ भी क्यों कुछ लोगों को अपनी जातीय या वर्गीय आइडेंटिटी छुपाने की जरूरत पड़ती है?”

“यह बेहतर सवाल है. लेकिन इसका उत्तर मैं अभी नहीं दूंगी. आज मैं आप सबको एक असाइनमेंट दे रही हूँ, नोट कीजिए. आपको अपने स्वयं के तीन ऐसे पूर्वाग्रह (Prejudices) पहचानने हैं जो आपको अपने परिवार या समाज से मिले हैं, और उन पर एक ईमानदार रिपोर्ट लिखनी है. यह रिपोर्ट गुप्त रहेगी. इससे मुझे यह समझने में मदद मिलेगी कि हमें आगे की क्लासेज में किन चीजों पर अधिक ध्यान देना है."

शगुन ने प्रियंका की ओर देखा. उसने अपनी नोटबुक में खाली पृष्ठ पर सबसे ऊपर ऊँ लिखा. फिर नीचे ही जैसे वह तीन पूर्वाग्रह लिखने लगी उसके हाथ में पकड़ा हुआ पेन काँपने लगा. यह प्रोजेक्ट उसके लिए अपनी आत्मा के उन कोनों में झाँकने जैसा था जहाँ उसने 'अशुद्धता' और 'श्रेष्ठता' के भूत पाल रखे थे.

शगुन ने अपनी कॉपी में पहला वाक्य लिखा— "कंडीशनिंग को पहचानना ही उसे तोड़ने का पहला कदम है. मुझे अपने पूर्वाग्रहों की कोई जानकारी नहीं, जिनकी हुई उन्हें मैंने त्याग दिया. फिर भी मैं अपने तीन पूर्वाग्रह तलाश करूंगी और उन पर रिपोर्ट लिखूंगी."
... क्रमशः

बुधवार, 18 फ़रवरी 2026

पूर्वाग्रह

 पिंजरा और पंख-34

लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी
बनस्थली विद्यापीठ में सत्र 2005-06 आरंभ हुआ. तीन जुलाई को द्वितीय वर्ष बीएससी (मनोविज्ञान) की पहली क्लास लगी. हॉल में करीब तीस-पैंतीस लड़कियां खादी के परिधान में अनुशासित बैठीं. खादी के इन लिबासों के नीचे छिपे उनके संस्कार और पूर्वाग्रह उतने ही विविध थे जितनी उनकी पृष्ठभूमि.

प्रोफेसर डॉ. नीलम शास्त्री ने क्लास में प्रवेश किया. उनकी आँखों में वह चमक थी जो केवल किताबी ज्ञान से नहीं, बल्कि इंसानी व्यवहार की गहरी समझ से आती है. उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर बड़े अक्षरों में लिखा— 'पूर्वाग्रह' (Prejudice) और 'रूढ़िवादिता' (Stereotypes).

"पूर्वाग्रह क्या है?" उन्होंने क्लास की ओर देखते हुए पूछा.

शगुन ने हाथ उठाया, "मैम, बिना किसी ठोस आधार या अनुभव के किसी व्यक्ति या समूह के बारे में पहले से ही कोई धारणा बना लेना ही पूर्वाग्रह है."

"बिल्कुल," डॉ. शास्त्री ने आगे बढ़ते हुए कहा, "पर पूर्वाग्रह से पहले जन्म लेता है— 'Stereotypes' अर्थात रूढ़िवादिता. रूढ़िवादिता वह 'मानसिक साँचा' है जिसमें हम पूरी की पूरी कम्युनिटी को फिट कर देते हैं. जैसे ही हम कहते हैं कि 'सारे बनिए कंजूस होते हैं' या 'सारे क्षत्रिय गुस्सैल होते हैं' या 'मुस्लिम कट्टर होते हैं', हम पूरे एक समुदाय की स्टीरियोटाइपिंग कर रहे होते हैं. हम उस समूह के हर व्यक्ति की मौलिकता छीनकर उस पर एक जनरल 'लेबल' लगा देते हैं."

क्लास में सन्नाटा गहरा गया. किरण ने टोका, "पर मैम, बहादुर होना तो अच्छी बात है न? अगर हम कहें कि 'राजपूत वीर होते हैं', तो इसमें गलत क्या है?"

प्रोफेसर शास्त्री मुस्कुराईं, "इसमें गलत यह है किरण, कि यह स्टीरियोटाइपिंग उस राजपूत लड़के पर 'वीर' दिखने का इतना दबाव डाल देता है कि वह अपनी कमजोरी या डर ज़ाहिर नहीं कर पाता. वह खुद को चोट पहुँचाता है ताकि समाज की उस छवि में फिट हो सके. स्टीरियोटाइपिंग चाहे सकारात्मक दिखे, वह अंततः पूरे समुदाय के लिए 'मानसिक जेल' बन जाती है."

तभी अपनी 'पंडिताई' के लिए प्रसिद्ध प्रियंका बोल पड़ी, "पर मैम, कुछ बातें तो हमारे पूर्वजों के अनुभवों पर आधारित होती हैं न? जैसे शुद्धता और खान-पान के नियम. क्या उन्हें भी आप पूर्वाग्रह कहेंगी?"

डॉ. शास्त्री प्रियंका की मेज के पास जाकर रुक गईं. "प्रियंका, जब तुम्हारा 'शुद्धता का नियम' तुम्हें किसी दूसरे इंसान से हाथ मिलाने या उसके साथ बैठने से रोकता है, तो वह संस्कार नहीं, बल्कि 'डिस्क्रिमिनेशन' यानी भेदभाव है. पूर्वाग्रह (मानसिक धारणा), स्टीरियोटाइपिंग (दिमाग में छवि) और डिस्क्रिमिनेशन (व्यवहार में भेदभाव)—ये तीनों एक ही सिक्के के पहलू हैं."

कोने में बैठी सीमा की आँखों में एक अजीब सी चमक थी. वह दलित समुदाय से थी और उसने जब से पैदा हुई तब से इन 'लेबल्स' को झेला था.

डॉ. शास्त्री ने आगे कहा, "एक और स्टीरियोटाइप लीजिए—लड़कों पर लदा 'सफलता' का बोझ. समाज ने सांचा बना दिया है कि 'लड़के रोते नहीं' और 'सफल वही है जो आईआईटी जाए' इंजीनियर या डाक्टर बने. क्या यह स्टीरियोटाइप उस लड़के की जान नहीं ले लेता जो शायद संगीतज्ञ बनना चाहता था?"

शगुन को तुरंत कल रात की आयुष से हुई बात याद आ गई. उसने खड़े होकर कहा, "मैम, क्या ये स्टीरियोटाइप्स इतने गहरे होते हैं कि इंसान अपनी संवेदना भी खो देता है? मेरा भाई कल बता रहा था कि कोटा में आईआईटी जी और इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे लड़कों के होस्टलों में उनके कमरों से रातों को रोने की सिसकियां आती हैं, पर दिन में उनमें से हर कोई 'मजबूत' होने का नाटक करता है."

"हाँ शगुन," शास्त्री मैम ने गंभीर होकर कहा, "क्योंकि स्टीरियोटाइपिंग हमें सोचने की मेहनत से बचा लेती हैं. हमें लगता है कि हमने किसी को 'लेबल' दे दिया, तो हम उसे जान गए. लेबल लगा देना सबसे आसान है, इंसान को समझना सबसे मुश्किल. याद रखिए, जब आप किसी को उसकी जाति, धर्म या जेंडर के चश्मे से देखते हैं, तो आप उसे नहीं, बल्कि अपनी खुद की 'कंडीशनिंग' को देख रहे होते हैं."

क्लास खत्म होने के बाद जब वे सब मेस की ओर बढ़ रही थीं, तो प्रियंका का तमतमाया हुआ उसकी नाराजगी को उजागर कर रहा था. "मैम तो हमारे संस्कारों को ही बीमारी बता रही हैं," वह बुदबुदाई.

शगुन ने रुककर उसे देखा, "संस्कार बीमार नहीं होते प्रियंका, पर जब वे किसी को इंसान समझने से रोकें, तो वे ज़हर ज़रूर बन जाते हैं. कल मेस में हम सबने फातिमा के लाए खाने से परहेज किया था, आज क्लास में उसे 'प्रेजुडिस' और 'स्टीरियोटाइप' का नाम मिल गया है. अब तय हमें करना है कि हम यहाँ कुछ सीख रहे हैं या सिर्फ किताबों के पन्ने पलट रहे हैं."

रात के खाने के लिए चारों अपने रूम से साथ निकलीं. लेकिन मेस पहुँचते ही अचानक प्रियंका यह कह कर वापस चल दी कि, “मैं अपना फोन भूल आई हूँ, लेकर आती हूँ. हो सकता है इस बीच माँ का फोन आ जाए.” फिर वह तब तक नहीं लौटी जब तक कि वे तीनों भोजन करके मैस से बाहर नहीं आ गयीं. जब वे अपने रूम की ओर लौट रही थीं, तब प्रियंका उन्हें रास्ते में मैस की ओर तेजी से जाती मिली. किरण के पूछने पर कहने लगी, माँ का फोन आ ही गया था, बात करने में लेट हो गयी.”

प्रियंका का इस तरह मैस के ठीक बाहर से फोन के बहाने लौट जाना और उनके भोजन के बाद बाहर आने तक न लौटना सबको अजीब लगा था. सब समझ रहे थे कि वह जानबूझकर उनके साथ खाने पर साथ नहीं थी. शायद इसलिए कि कहीं उसकी रूम मेट ही उसके अपने पूर्वाग्रहों पर कोई मजाक न बनाने लगें.

शाम को डायरी में शगुन ने लिखा— "आज डॉ. शास्त्री ने हमारे दिमागों की सालों से बंद खिड़कियों पर दस्तक दी. किरण की असहजता, सीमा की आँखों की वह चमक और प्रियंका की चिढ़ और शाम को सबके साथ भोजन करने से बचने की उसकी कोशिश बता रही है कि द्वंद्व शुरू हो चुका है—किताबों के बीच नहीं, बल्कि हमारी अपनी पुरानी आदतों और नई चेतना के बीच."
... क्रमशः

मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026

संकल्प

 पिंजरा और पंख-33

लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी
कोटा अब एक बदला हुआ शहर था. एक वक्त की औद्योगिक नगरी 1980 के बाद लगातार उद्योग बन्द होने से अपनी लय खोने लगी थी. लेकिन जल्दी ही इसने लय पकड़ ली. यह इंजीनियरिंग, आईआईटी, और मेडीकल कालेजों के प्रवेश परीक्षाओं की कोचिंग के लिए जाना जाने लगा. यहाँ के वातावरण में परफॉर्मेंस, नंबर, परसेंटाइल और रेंक जैसे शब्द गूंजने लगे. शहर की अर्थव्यवस्था फिर से दौड़ने लगी.

आयुष पिछले साल 11वीं की तैयारी के साथ ही संबल कोचिंग में आईआईटी जेईई की तैयारी करने रामगंजमंडी से कोटा आया था. इस साल ‘सीनियर सेकेंडरी बोर्ड’ परीक्षा के साथ उसे ‘आईआईटी जेईई’ का तिलिस्म भी तोड़ना था, जिसे भेदने का सपना लेकर हज़ारों लड़के-लड़कियाँ यहाँ की गलियों में अपनी मासूमियत खो देते थे.

इस बार आयुष का हॉस्टल बदल गया था. पिछले होस्टल का रूम नंबर 103 अब किसी 'नए और रसूखदार' विद्यार्थी को पसंद आ गया था. अपना पुराना रूम न मिलने से आयुष ने होस्टल ही छोड़ दिया. अब वह इसी साल शुरू हुए होस्टल ‘शाह रेजीडेंसी’ में आ गया था. यहाँ सेकंड फ्लोर का रूम नंबर 208 उसका था. यहाँ उसका कोई पूर्व परिचित न था. उसे रह-रह कर पिछले साल के पड़ोसी विशाल की याद आती, वह कोटा छोड़ कर अपने शहर बूंदी लौट गया था. विशाल ने हथियार डाल दिए थे; उसने मान लिया था कि वह इंजीनियरिंग की इस अंधी दौड़ का दबाव सहने के लिए नहीं बना है। उसने बूंदी में ही 12वीं जोइन कर ली. बस वह अच्छे नंबरों से सीनियर सेकेंडरी कर लेना चाहता था.

विशाल दबाव क्यों नहीं सह सका? यह सवाल उसे बार-बार परेशान करता था. क्या वह खुद दबाव सहन कर सकेगा. पापा और चाचा दोनों को उससे अपेक्षा थी, पापा प्रोत्साहित करते किन्तु उसने उसके पीछे कोई दबाव महसूस नहीं किया. चाचा जरूर कहते कि आईआईटी-जी उसने क्रैक किया तो उसकी मर्दानगी साबित हो जाएगी जो बोर्डिंग स्कूल में उसके सर्वश्रेष्ठ कैडेट बनने और ऊपर होगी. बचपन में चाचा उसे ताड़ पर चढ़ा देते थे. पर अब उसने उनकी परवाह करना बंद कर दिया था. शगुन के साथ ने यह मर्द शब्द उसके शब्दकोश से बाहर कर दिया था. वह इस कंडीशनिंग से बाहर आ चुका था.

कोटा आने के पहले सप्ताह में उसे रोहित मिला. जो पिछले साल कभी भी 'टॉप टेन' रैंक से बाहर नहीं हुआ था. उसका आत्मविश्वास उसकी चाल में दिखता था. उसे पूरा यकीन था कि वह टॉप रैंक के साथ आईआईटी क्रैक कर लेगा. रोहित जैसे लड़के उस सफल कंडीशनिंग का चेहरा थे, जो बाकी सबको 'औसत' होने का अहसास दिलाते थे. आयुष खुद को देखता, वह पिछले साल टॉप 100 में भी शामिल नहीं हो सका था. पर उसके भीतर एक खामोश जिद अंगड़ाइयाँ ले रही थी. वह जानता था कि कई 'ड्रॉपर्स' (जो पहली बार में सफल नहीं हुए) इस बार फिर मैदान में हैं, पर आयुष ने मन बना लिया था कि उसे इसी साल यह दीवार तोड़नी है.

रात के ग्यारह बज रहे थे. हॉस्टल की खिड़की से बाहर देखते हुए आयुष को रामगंजमंडी के घर की याद आई, साथ ही याद आई चाचा और पापा की उम्मीदें. उसने वनस्थली फोन लगाया.

"हेलो, दीदी?" आयुष की आवाज़ में अपनी जिद को शब्दों में ढालने की कोशिश थी.

शगुन ने फोन उठाते ही उसकी उत्तेजना को पहचान लिया. उसने कभी उसे दीदी नहीं कहा था. हमेशा उसका नाम लेकर उसे शगुन ही कहता, यह पहली बार था जब उसने उसे दीदी कह कर संबोधित किया था. शगुन के चेहरे पर एक मुस्कुराहट फैल गयी. "आयुष, कैसे हो? पढ़ाई का क्या हाल है?"

"दीदी, यहाँ सब अपनी-अपनी श्रेणियों में बंटे हैं. रोहित जैसे लड़के हैं जिन्हें अपनी जीत का यकीन है, और विशाल जैसे भी थे जो बीच रास्ते से लौट गए. मैं अभी लिस्ट में कहीं नहीं हूँ दीदी, पर मैंने तय कर लिया है. मुझे इसी साल आईआईटी क्रैक करना है. मुझे उस लिस्ट में अपनी जगह बनानी है."

शगुन की आँखों में अपने छोटे भाई के लिए गर्व की एक चमक उभरी. "आयुष, पता है लड़कों के साथ सबसे बड़ी समस्या क्या है? उन्हें सिखाया जाता है कि उनकी कीमत सिर्फ उनकी सफलता से है. पर मैं जानती हूँ कि तुम्हारी यह जिद किसी को 'दिखाने' के लिए नहीं, बल्कि खुद को 'साबित' करने के लिए है. अगर तूने ठान लिया है, जिद कर ली है, तो तू अवश्य कर लेगा. याद है, तूने कैसे बोर्डिंग स्कूल में बेस्ट एनसीसी कैडेट बनने के लिए रात-दिन एक कर दिए थे? तेरी वह एनसीसी वाली अनुशासन और जिद ही तुझे इस भंवर से बाहर निकालेगी."

शगुन की बातों ने आयुष के भीतर के उस डर को उसके दिमाग से निकाल फैंका, जो विशाल की हार को देखकर पैदा हुआ था.

“हाँ, दीदी, मैंने वहाँ किया था, मुझे यहाँ भी कोशिश करनी चाहिए.

“आयुष, तू डरा हुआ तो नहीं है, न?”

“नहीं दीदी, अब नहीं, बस मैं विशाल की बात सोच कर मायूस जरूर हूँ. आखिर उसने यह रेस छोड़ दी. वह वापस बूंदी चला गया. वह केवल सीनियर सेकेंडरी करेगा, बाद में सोचेगा क्या करना है?”

“आयुष¡ उसका रेस छोड़ना भी एक मजबूत निर्णय है, जैसे तुम्हारा संकल्प कि, ‘मैं कर दिखाऊंगा’. तुम्हें उसके निर्णय का सम्मान करना चाहिए.

"दीदी, यहाँ चाचा की तरह सब कहते हैं कि लड़के रोते नहीं, पर यहाँ कोटा में रातों को कमरों से सिसकियों की आवाज़ें आती हैं. मैं ने तो बोर्डिंग में ही रोने से पीछा छुड़ा लिया था. अब इसे वापस नहीं लौटने दूंगा, मैं लड़ूँगा," आयुष ने दृढ़ता से कहा.

“ये कोई बात हुई न. तुम रेस की फिक्र छोड़ो, अपने आप पर केंद्रित करो और सोचो कि तुम्हें अपने आप को मजबूत करते हुए सबसे आगे जाना है. फिर कोशिश करते जाओ, तुम कर लोगे.”

फोन काटने के बाद आयुष ने अपनी मेज पर रखे 'मैथ्स' के रजिस्टर को खोला. अब उसे रोहित की रैंक या विशाल की हार से मतलब नहीं था. वह समझ गया था कि उसकी लड़ाई किसी और से नहीं, बल्कि उस 'कंडीशनिंग' से है जो यहाँ सभी को डरा कर रखती है.
  ... क्रमशः


सोमवार, 16 फ़रवरी 2026

खादी का खोल

 पिंजरा और पंख-32

लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी
रामगंजमंडी से वनस्थली विद्यापीठ तक का सड़क दुरुस्त थी. बूंदी से बनस्थली तक कुछ बरसात भी हो चुकी थी. गुप्ताजी की कार को बनस्थली विद्यापीठ के गेट से अंदर पहुँची तब शाम के 5 बजने को थे. शगुन कार का गेट खोल कर नीचे उतरी तो बाहर की गर्म हवा महसूस की. यह रामगंजमंडी की बंदिशों से अलग थी, पर क्या वाकई आज़ाद थी? वह गेट ऑफिस पर प्रवेश दर्ज कराने के लिए बढ़ी तभी एक आटो रिक्शा आकर रुका और उससे किरण, उसकी माँ और पिता मंगलसिंह उतरे.


उतरते ही मंगलसिंह ने गेट ऑफिस के पास सहायक मैनेजर गुप्ताजी को देखा और अपना भारी बैग कंधे पर लटकाए लपककर पास आए. उनके चेहरे पर वही 'दफ्तर वाली विनम्रता' चिपकी थी.

"साहब, आप भी आ गए! हमें लगा आप कल निकलेंगे," मंगलसिंह ने झुककर अभिवादन किया. गुप्ताजी ने हमेशा की तरह अपनी 'साहब वाली गरिमा' बनाए रखते हुए सिर हिलाया. "हाँ, सोचा कि भीड़भाड़ से पहले बिटिया को छोड़ आएँ. आप भी ठीक समय पर आ गए. वापसी का तो तय है न? बस में क्यों धक्के खाना, हमारी कार में पर्याप्त जगह रहेगी."

शगुन ने एक नज़र किरण की ओर देखा. किरण अपनी माँ का हाथ पकड़कर खड़ी थी, उसकी आँखें ज़मीन पर गड़ी थीं. वह अपने पिता की उस "साहब-साहब" वाली रट से भीतर तक छिल रही थी. उसे लग रहा था जैसे उसके पिता की 'जीहुज़ूरी' उसके अपने वजूद को छोटा कर रही है. जब गुप्ताजी ने वापसी में उन्हें कार में बिठाने की पेशकश की, तो किरण के चेहरे पर एक क्षण के लिए नफरत की लकीर उभरी और फिर गायब हो गई. वह जानती थी कि उसके स्वाभिमानी क्षत्रिय होने के दावों के बीच उसके पिता की यह मजबूरी एक ऐसी गांठ थी जिसे वह चाहकर भी नहीं खोल सकती थी.

शाम के धुंधलके में जब शगुन ने रूम नंबर 106 का दरवाजा खोला, तो पुरानी परिचित गंध ने उसका स्वागत किया—मिट्टी, पुरानी किताबों और अगरबत्ती की मिली-जुली महक. कमरे में प्रियंका पहले ही पहुँच चुकी थी और अपनी 'शुद्धिकरण' की रस्म में व्यस्त थी.

"शगुन! आ गई तू? देख, इस बार मैंने मेज का मुख एकदम सटीक पूर्व की ओर रखा है. पिछले साल मुझे लगा कि वास्तु ठीक नहीं था, इसलिए शायद मनोविज्ञान के कुछ सिद्धांत समझ नहीं आ रहे थे," प्रियंका ने अपनी विशेष 'पंडिताइन' वाली मुस्कान के साथ कहा. उसके लिए शिक्षा भी धर्म के चश्मे से ही होकर गुज़रती थी. वह गंगाजल की एक बोतल साथ लाई थी और कमरे के हर कोने में उसका छिड़काव कर रही थी.

सीमा, जो हमेशा की तरह एक कोने में चुपचाप बैठी अपनी अलमारी ठीक कर रही थी, प्रियंका की इस हरकत पर बस एक फीकी नज़र डालकर रह गई. दलित समुदाय से आने वाली सीमा, इस कमरे की सबसे बड़ी 'खामोश गवाह' थी. वह जानती थी कि प्रियंका का यह गंगाजल दरअसल एक अदृश्य बाड़ थी, जो उसे और उसकी पहचान को बाकी सबसे अलग रखती थी.

तभी तमतमाई हुई किरण ने कमरे में प्रवेश किया. अपना बैग ज़ोर से मेज पर पटका. "प्रियंका, बंद कर यह पानी छिड़कना. हम यहाँ पढ़ने आए हैं या शुद्धि करने? और वैसे भी, बाहर जो 'अशुद्धि' मेरे स्वाभिमान के साथ हो रही है, उसे तेरा यह गंगाजल नहीं धो सकता."

अभी किरण की बात पूरी ही हुई थी कि फातिमा ने कमरे में कदम रखा. "सलाम! क्या बहस हो रही है पहले ही दिन?" फातिमा के हाथ में एक टिफिन था. "मैं घर से सेवइयाँ लाई हूँ, माँ ने सबके लिए भेजी हैं."

प्रियंका ने तुरंत अपनी पूजा की थाली को हाथ से ढँक लिया. "फातिमा, देख... बुरा मत मानना, पर अभी-अभी शुद्धि की है. और वैसे भी, हम ब्राह्मण सावन के महीने में बाहर का खाना..." प्रियंका की बात अधूरी रह गई, पर उसका संदेश साफ़ था.

किरण, जिसे अपना गुस्सा निकालने के लिए बस एक माध्यम चाहिए था, फातिमा की ओर मुड़ी. "फातिमा, तू भी क्यों अपनी पहचान हर जगह ले आती है? क्या ज़रूरी है कि हम हर बार खाने और धर्म के नाम पर ही मिलें? और तू प्रियंका, तेरी यह 'पंडिताई' तब कहाँ जाती है जब तू परीक्षा में नकल करने के लिए किसी की भी मदद लेने को तैयार रहती है?"

कमरे में एक भारी सन्नाटा पसर गया. सीमा ने पहली बार अपनी किताबें छोड़ीं और सिर उठाकर सबको देखा. "हम सब एक ही कमरे में हैं," सीमा की आवाज़ धीमी पर स्पष्ट थी, "पर हम सब अपनी-अपनी खिड़कियों से अलग-अलग दुनिया देख रहे हैं. किरण को अपने पिता की नौकरी की शर्म है, प्रियंका को अपनी जाति का अहंकार, और फातिमा को अपनी पहचान साबित करने की ज़रूरत. और मैं... मैं बस यह सोच रही हूँ कि क्या इस कमरे में कोई ऐसा कोना है जहाँ मैं सिर्फ 'सीमा' रह सकूँ, बिना किसी लेबल के?"

शगुन खिड़की के पास जाकर खड़ी हो गई. बाहर जून की शाम अब धीरे-धीरे काली पड़ रही थी. उसने महसूस किया कि वनस्थली के खादी-वस्त्र भ्रम मात्र हैं. इस खादी के नीचे वही पुराने घाव, उसी पुरानी श्रेष्ठता और हीनता के भाव छिपे थे.

"हम मनोविज्ञान के छात्र हैं," शगुन ने बिना पीछे मुड़े कहा. "परसों 3 जुलाई को जब हम क्लास में बैठेंगे, तो प्रोफेसर साहब हमें 'प्रेजुडिस' (पूर्वाग्रह) और 'स्टीरियोटाइप्स' के बारे में पढ़ाएंगे. वे बताएंगे कि कैसे समाज हमारी सोच को कंडीशन्ड करता है. पर क्या हममें इतनी हिम्मत होगी कि हम आईने में खुद को देख सकें? किरण, तेरा गुस्सा तेरे पिता की मजबूरी से है, प्रियंका तेरा डर तेरी शुद्धता से है. हम यहाँ शिक्षा लेने आए हैं, पर हम अपने साथ वही गाँवों और छोटे शहरों की सँकरी गलियां ले आए हैं."

रात को डायरी लिखते समय शगुन की कलम रुक-रुक कर चली— "आज मेरे और किरण के माता-पिता गेस्ट हाउस में होंगे. वहाँ क्या उनके बीच संवाद हुआ होगा. ऐसे संवाद क्या इस देश की असलियत हैं. और यहाँ रूम नंबर 106 में, हम चार लड़कियां चार अलग-अलग धाराओं का प्रतिनिधित्व कर रही हैं. खादी का खोल शरीर पर चढ़ाना आसान है, मन पर, शायद नामुमकिन."

  ... क्रमशः

रविवार, 15 फ़रवरी 2026

विदा होती गूंज

 पिंजरा और पंख-31

लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी

 जून का आखिरी सप्ताह में एक दिन अचानक देसी घी में बेसन सेकने की खुशबू घर में फैल गयी. सबको अहसास हो गया कि अब शगुन के बनस्थली जाने का वक्त आ गया है. तीन जुलाई से उसका सत्र आरंभ होने वाला था और उसे दो दिन पहले तीस जून को ही जाना था. जिससे वह दो दिन में खादी का कपड़ा खरीद कर विद्यापीठ में पहनने के लिए कुछ सूट सिलवा ले. आयुष के जाने के बाद शगुन अपने कमरे में अकेली थी. वह जानती थी कि उसके जाने के बाद यदि घर में कोई मेहमान आएगा तो उस के ठहरने के लिए इस कमरे की जरूरत पड़ेगी. इसलिए वह चाहती थी कि दीवार पर लगी तस्वीरों के अलावा शेष सामानों को अलमारी में संभाल कर रख रही थी. इस कमरे में रहते हुए उसने और आयुष ने मिल कर घर में कुछ बदलने की कोशिश की थी. उसे आशंका थी कि उसके जाने के बाद कहीं फिर से यह घर उसी पुराने ढर्रे पर न लौट आए.


अगले दिन दोपहर में, जब घर के लोग सुस्ता रहे थे, शगुन ने देखा कि चाचा बरामदे में अकेले बैठे तम्बाकू के साथ खाने के लिए सुपारी काट रहे थे. शगुन ने मन कड़ा किया और उनके पास जाकर बैठ गई.

"चाचा, दो-तीन दिन में मैं बनस्थली चली जाउंगी," शगुन ने स्वर को बहुत सहज और नरम रखते हुए कहा.

चाचा ने सुपारी का एक टुकड़ा मुहँ में डाला और चश्मा उतारकर शगुन की ओर देखा. उनके चेहरे पर एक कृत्रिम, चाशनी भरी ममता उभरी, "हाँ बेटा, तेरे जाने के बाद घर फिर सूना हो जाएगा. आयुष गया तो लगा कि हाथ कट गया, अब तुम भी चली जाओगी. मन तो नहीं है कि तुम्हें इतनी दूर भेजा जाए, पर पढ़ाई करना भी तो जरूरी है. आजकल उसके बिना लड़कियों को अच्छे वर कहाँ मिलते हैं."

"चाचा, मन तो मेरा भी नहीं है," शगुन ने उनकी आँखों में झाँकते हुए कहा, "पर मैं चाहती हूँ कि मेरे पीछे घर में सब खुश रहें. खासकर चाची. उनकी सेहत अभी बहुत नाजुक है, उनकी बहुत देखभाल करनी होगी. और मैं देखती हूँ कि वे अक्सर तनाव में रहती हैं. हमें उन्हें थोड़ा और खुलापन देना चाहिए, जिससे वे तनाव मुक्त रहें. आखिर वे एक इंसान हैं, कोई अमानत नहीं जिसे ताले में सहेजकर रखा जाए."

चाचा ने एक लंबी आह भरी, जैसे शगुन की बात ने उन्हें बहुत गहरी चोट पहुँचाई हो. "बेटा, तुम अभी छोटी हो. तुम जिसे 'खुलापन' कहती हो, वह हमारे खानदान में 'मर्यादा' का उल्लंघन माना जाता है. खैर, तुम कह रही हो तो मैं ध्यान रखूँगा. अब मैं इतना भी पत्थर-दिल नहीं हूँ जितना तुम मुझे समझती हो. नीतू का ध्यान तो तुमसे ज्यादा मुझे है, आखिर हमारे वंश की बेल उसी के सहारे आगे बढ़ेगी. मेरा वंश तो उसी से आरंभ होने वाला है."

शगुन को उनके 'वंश' शब्द से कोफ्त हुई, पर उसने खुद को काबू में रखा. वह जानती थी कि यह 'समझने और न समझने' का नाटक मात्र है.

शाम को उसने मम्मी और पापा को अपने कमरे में बुलाया. पापा के चेहरे पर दरा घाटी वाला वह वादा अब भी एक झिझक बनकर टिका हुआ था.

"पापा, मैं जा रही हूँ, पर मेरा मन चाची में अटका रहेगा," शगुन ने पापा का हाथ थामते हुए कहा. "मैंने कल चाचा से बात की थी और कहा था कि वे चाची को कुछ खुलापन दें. उन्होंने हाँ तो कहा, लेकिन जैसी उनकी सोच बन चुकी है, वह इतनी आसानी से नहीं पिघल सकती. वे अभी मुझ से बात करते हुए नरम बन रहे थे और उसके बाद भी, पर मेरे जाने के बाद वे फिर से अपनी खुराफात शुरू करेंगे. मम्मा, आप कम से कम इतना तो कर सकती हैं कि जब चाचा उन पर दबाव डालें, तो आप चाची के साथ खड़ी हों. और पापा, आपने कहा था कि आप अब चाचा को 'प्रोत्साहन' नहीं देंगे. याद रखिएगा, आपकी चुप्पी ही चाचा की ताकत है."

पापा ने एक गहरी सांस ली और शगुन के सिर पर हाथ रखा, "तू बेफिक्र होकर पढ़ाई कर बेटा. मैंने अनिल से कह दिया है कि अब हर बात में उसकी जिद नहीं चलेगी. नीतू को कोई तकलीफ नहीं होगी."

शगुन बहुत अधिक तो नहीं पर थोड़ी तो आश्वस्त हुई. आखिर उसने कोशिश तो की थी. इससे उसे भी संतोष मिला.

विदाई की सुबह अजीब थी. चाचा सबसे ज्यादा सक्रिय थे. जब शगुन के बैग तैयार हुए और गुप्ताजी उन्हें मारुति 800 की डिक्की में रखने के लिए उठाने लगे तो चाचा दौड़ कर आए और शगुन के बैग उठा लिए. कहने लगे, "अरे भैया, आप रहने दो, मैं रख देता हूँ. बिटिया हमारी शान है, इसे कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए." वे ऐसा जता रहे थे जैसे वे ही शगुन के सबसे बड़े रक्षक और शुभचिंतक हैं.

जब शगुन चाची के पैर छूने झुकी, तो चाची ने उसे गले लगा लिया और कान में धीरे से फुसफुसाया, "तूने जो हिम्मत दी है, उसे मैं संभाल कर रखूँगी शगुन. तू अपनी चिंता करना, मेरी नहीं."

गाड़ी स्टार्ट हुई. चाचा खिड़की के पास आकर खड़े हो गए, "शगुन बेटा, वहाँ पहुँचकर फोन करना. और हाँ, कुछ भी चाहिए हो तो अपने इस चाचा को याद करना. तुरन्त किसी से भी भिजवा देंगे. हम हैं न!" उनके स्वर में एक ऐसी 'ओवर-एक्टिंग' थी जो शगुन को भीतर तक चुभी, फिर भी उनकी इस हरकत पर हँसी आयी, पर वह मुस्कुराकर रह गयी.

“हाँ चाचा, आप सक्षम हैं, बस आप चाची का ख्याल रखना.” शगुन ने कहा.

जैसे ही कार चली, शगुन ने पीछे मुड़कर उस पुराने घर को देखा. उसे लगा कि वह वहां से हारकर नहीं, बल्कि एक 'वैचारिक चिंगारी' छोड़कर जा रही है. अब वहां 'अनुमान' और 'मर्यादा' के नाम पर होने वाले जुल्मों को एक 'प्रत्यक्ष' चुनौती मिलने वाली थी.

  ... क्रमशः

शनिवार, 14 फ़रवरी 2026

वैचारिक आग

पिंजरा और पंख-30
लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी
आयुष के जाने के बाद कमरा अचानक बड़ा लगने लगा. कल तक यह कमरा दो दोस्तों की वैचारिक दुनिया था, जहाँ वे चाचा के पुराने ख्यालों का मजाक उड़ाते थे और अपने सपने बुनते थे. अब वहां सिर्फ सन्नाटा था, जिसे नीचे लिविंग रूम से आती चाचा की ऊँची आवाज बार-बार तोड़ रही थी.

लिविंग रूम में फिर से 'पवित्रता' और 'अनुमान' लौटने लगे थे. चाचा किसी पंडित से फोन पर बात कर रहे थे, "हाँ महाराज, पितृदोष है तो क्या हुआ? आप तो बस उपाय बताइए जिससे कुल का वारिस सुरक्षित रहे. पिछली बार की गलती नहीं दोहरानी है."

शगुन के कान खड़े हो गए. 'पिछली बार की गलती'—चाचा का मतलब साफ था कि वे लड़कियों के जन्म को 'गलती' मानते थे. उसके मन में कड़वाहट उभर आई. वह अपनी किताब बंद की कर बाहर निकल आई.

रसोई में चाची को आज फिर एक विशेष काढ़ा पिलाया जा रहा था. मम्मी पास खड़ी थीं, उनकी आँखों में दुविधा थी पर वे कुछ बोल नहीं रही थीं.


"चाची, यह क्या है?" शगुन ने पास आकर पूछा.

"बेटा, तेरे चाचा लाए हैं. कहते हैं इसे पीने से गर्भ पुष्ट रहता है और... संतान तेजस्वी होती है," चाची ने बुझे हुए स्वर में कहा.

शगुन ने प्याले की गंध सूंघी. वह किसी जड़ी-बूटी जैसा तीखा और अजीब था. "चाचा, आप बिना किसी डॉक्टरी सलाह के यह क्या पिला रहे हैं?"

रसोई की दहलीज पर खड़े चाचा अपनी भौंहें सिकोड़कर बोले, "शगुन, हर चीज डॉक्टर की सलाह से नहीं चलती. यह पीढ़ियों का तजुरबा है. तुम अपनी पढ़ाई पर ध्यान दो, घरेलू मामलों में दखल मत दो."

"घरेलू मामला या अंधविश्वास, चाचा?" शगुन का स्वर ऊंचा हो गया. "आप चाची की सेहत के साथ खेल रहे हैं सिर्फ इसलिए कि आपको 'दीपक' चाहिए? अगर इस काढ़े से चाची को कुछ हो गया तो?"

चाचा ने गुस्से में लिविंग रूम में अखबार पढ़ रहे बड़े भाई की ओर देखा. "भाई साहब, देखिए शगुन को! कैसे जुबान लड़ा रही है? कल तक ठीक थी, आयुष को कोटा छोड़कर आने के बाद से इसके तेवर ही बदल गए हैं. आप चुप क्यों हैं?"

गुप्ताजी ने अखबार नीचे किया. शगुन को लगा कि शायद वे फिर 'घर की शांति' वाला राग अलापेंगे. लेकिन दरा में किया वादा उनके भीतर कहीं जाग रहा था. उन्होंने चश्मा उतारा और शांत स्वर में कहा, "अनिल, शगुन ने सही कहा. बिना डॉक्टर से पूछे ऐसी चीजें देना ठीक नहीं है. नीतू को आराम की जरूरत है, इन सब प्रपंचों की नहीं."

रसोई में सन्नाटा छा गया. यह पहली बार था जब गुप्ताजी ने अनिल चाचा की 'विशेषज्ञता' को नकारा था. चाचा का चेहरा तमतमा उठा. उन्हें लगा जैसे उनके किले की एक ईंट खिसक गई हो. वे बिना कुछ कहे जूते पहनकर पैर पटकते हुए घर के बाहर निकल गए. उनके जूतों की आवाज घर के तनाव को बयान कर रही थी.

चाचा के जाने के बाद दीवार से लगकर खड़ी मम्मा काँपते हाथों से आटा ढँकने लगी. उनकी आँखों में गहरा डर था. चाची उनके कमरे में चली गईं. मम्मा शगुन खींचकर एक कोने में ले गयीं.

"यह क्या किया तूने शगुन? क्यों बात को इतना बढ़ा दिया?" उनकी आवाज़ दबी हुई थी, जैसे दीवारें भी सुन रही हों.

शगुन ने हैरानी से माँ को देखा, "माँ, आप देख रही थीं कि वे चाची को बिना डॉक्टरी सलाह के क्या पिला रहे थे. क्या आप चाहती थीं कि मैं चुप रहूँ?"

"अरे बेटा, घर-गृहस्थी में इतना तो चलता है," सरोज ने माथे पर आए पसीने को पोंछते हुए कहा. "तू तो अगले महीने बनस्थली चली जाएगी. आज चाचा के अहंकार को चोट लगी है. वे इसका बदला चाची पर निकालेंगे. उन्हें ताने देंगे, उन्हें तंग करेंगे. तेरे जाने के बाद यहाँ शांति नहीं, एक अंतहीन क्लेश बचेगा."

सरोज का यह 'भीरु तर्क' शगुन के भीतर तेजाब की तरह उतरा. उसे समझ आया कि इस घर में अन्याय केवल चाचा नहीं कर रहे थे, बल्कि माँ की 'मौन सहमति' और 'डर' भी उस अन्याय को से रहा था.

शगुन माँ के दोनों हाथ अपने हाथों में लेकर दृढ़ता से बोली, "माँ, ऐसी 'शांति' कुछ नहीं बदलेगा. चाचा तो अभी भी चाची को कर रहे हैं—मानसिक रूप से, शारीरिक रूप से. बस फर्क इतना है कि चाची अकेली सह रही थीं, अब उन्हें पता है कि कोई उनके हक के लिए खड़ा हो सकता है."

"तू नहीं समझेगी. हम औरतें ससुराल में अपनी मर्जी से नहीं, अपनी किस्मत से आती हैं. और किस्मत से लड़ना महंगा पड़ता है."

"माँ, किस्मत से नहीं, हम उस सोच से लड़ रहे हैं जो खुद को बेबस मानने पर मजबूर करती हैं," शगुन ने अंतिम वार किया. "मैं बनस्थली जाने से पहले चाची को इतना मजबूत बनाकर जाऊँगी कि वे खुद अपने लिए खड़ी हो सकें. लड़ना महंगा पड़ता है माँ, लेकिन घुट-घुट कर जीना उससे भी ज्यादा महंगा है."

सरोज चुप हो गई, उसके पास शगुन के इस 'प्रत्यक्ष' तर्क का कोई उत्तर नहीं था. उसे लगा जैसे उसकी अपनी बेटी उससे कई साल बड़ी हो गई है. शगुन ऊपर चली गई, पर उसने महसूस किया कि उसकी अनुपस्थिति में चाची का कवच और भी मजबूत होना चाहिए.

शगुन चाची को लेकर अपने कमरे में आई. उन्हें बिस्तर पर बैठाया, उनकी आँखों में आंसू थे.

"शगुन, तू क्यों लड़ती है इनसे? ये नहीं बदलेंगे," चाची ने सिसकते हुए कहा.

शगुन ने चाची के हाथ थाम लिए. "बदलना तो पड़ेगा चाची. अगर आज हम नहीं बोले, तो आने वाली संतान भी इसी घुटन में पैदा होगी. अगर वह लड़की हुई, तो उसे जन्म से पहले ही 'गलती' मान लिया जाएगा, और अगर लड़का हुआ, तो उसे 'मर्दानगी' के पिंजरे में कैद कर दिया जाएगा. मैं नहीं चाहती कि आयुष की तरह कोई और बच्चा भी सिर्फ 'वारिस' बनने के लिए जिए."

चाची ने शगुन को गौर से देखा. उन्हें लगा जैसे उनके सामने शगुन नहीं, बल्कि वह हिम्मत खड़ी है जो वे खुद कभी नहीं जुटा पाईं.

रात को जब शगुन सोने के लिए लेटी, तो उसे महसूस हुआ कि अब वह अकेली नहीं है. पापा का साथ मिलना एक छोटी जीत थी, लेकिन वह जानती थी कि असली लड़ाई अभी बाकी है. रात गहरा गयी थी, और उस पुराने घर की दीवारों में अब 'मर्यादा' के पहरों के खिलाफ एक वैचारिक आग सुलगने लगी थी.
 ... क्रमशः

शुक्रवार, 13 फ़रवरी 2026

पापा से बात

पिंजरा और पंख-29
लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी
सुबह हवा में एक अजीब सा भारीपन था. 10 बज गए थे. घर के सामने, गुप्ता परिवार की मध्यमवर्गीय प्रतिष्ठा और उनकी सीमाओं की प्रतीक कोरल रेड रंग की मारुति 800 खड़ी थी. गुप्ताजी ने डिक्की का दरवाजा सावधानी से बंद किया, जिसमें आयुष का भविष्य—एक बड़ा सा सूटकेस और किताबों से ठसाठस भरा कार्टन था.

श्रीमती गुप्ता ने दही-चीनी का कटोरा हाथ में ले रखा था. आयुष को चम्मच भर खिलाते हुए उनकी आँखों में ममता कम और 'निवेश' के असुरक्षित होने का डर ज्यादा दिख रहा था.

चाचा बरामदे में खड़े होकर आयुष को निर्देश दे रहे थे, ध्यान रहे, कोटा की भीड़ में खोना नहीं है. तुम्हें वहाँ मर्द बनना है, रैंक दुरुस्त हो जिससे आईआईटी में अच्छी ब्रांच मिले. आयुष ने सिर झुका लिया. उसे महसूस हुआ कि वह कोटा नहीं जा रहा, बल्कि उसे एक ऐसे कारखाने में भेजा जा रहा है जहाँ उसे एक 'ब्रांडेड प्रोडक्ट' बनना है.


शगुन पीछे की सीट पर बैठी थी. चाची ने खिड़की के रास्ते उसका हाथ थामा. दोनों की निगाहें मिलीं—बिना कुछ कहे चाची ने शगुन को बहुत कुछ कह दिया. गुप्ताजी ने जैसे ही कार स्टार्ट की, चाचा ने कहा, भाई साहब, गाड़ी आराम से चलाना, खास तौर से दरा घाटी में. गुप्ताजी ने बिना कोई उत्तर दिए गाड़ी आगे बढ़ा दी.

पापा पूरी एकाग्रता से स्टीयरिंग थामे थे. उनके लिए यह सफर केवल एक बच्चे को छोड़ने जाना नहीं था, बल्कि अपनी जमा-पूंजी को एक ऐसे दांव पर लगाना था जहाँ से वापसी का कोई रास्ता नहीं था.

श्रीमती गुप्ता ने पीछे मुड़कर देखा, "आयुष, वह जो ताबीज चाची ने दिया था, वह बैग में रख लिया है न? पंडित जी ने कहा था कि पढ़ाई में मन लगा रहेगा."

आयुष ने खिड़की के बाहर भागते हुए सूखे पेड़ों को देखते हुए कहा, "जी मम्मी, रख लिया है."

शगुन ने टोका, "मम्मी, पढ़ाई के लिए ताबीज से ज्यादा दिमाग और सुकून चाहिए. घर में जो माहौल है, उसमें तो किसी का भी मन उचट जाए."

पापा ने रियर-व्यू मिरर में शगुन को देखा. उनकी 'ढुलमुल' प्रवृत्ति यहाँ भी दिखी. उन्होंने बस इतना ही कहा, "शगुन, अब पुरानी बातें छोड़ो. आज आयुष का दिन है. घर की बातें घर पर ठीक लगती हैं."

दोपहर होते-होते कोटा की बहुमंजिला इमारतों और बड़े-बड़े होर्डिंग्स ने उनका स्वागत किया. हर होर्डिंग पर किसी न किसी छात्र की तस्वीर थी, जिसके नीचे उसके 'रैंक' लिखे थे. शगुन को लगा जैसे यह कोई मंडी है जहाँ इंसानों की नहीं, उनके नंबरों की बोली लगती है.

विज्ञान नगर के उसके पिछले साल वाले होस्टल के कमरे में सामान रखते समय शगुन ने देखा कि आयुष का चेहरा उतरा हुआ है. मम्मा-पापा होस्टल मैनेजर से नए साल की फीस और मेस के खाने के बारे में बात करने नीचे गए , तब शगुन आयुष से कहने लगी. "तुम यहाँ आ गए, अब घर में चाचा अपना प्रवचन किसे सुनाएंगे?" शगुन ने मजाक करने की कोशिश की.

आयुष ने धीमे से कहा, "शगुन, मुझे डर लग रहा है. यहाँ सब एक जैसे दिख रहे हैं—हाथ में मॉड्यूल और आँखों में थकान. और घर पर... चाचा की वह 'वंशज' वाली बात मुझे सोने नहीं देगी."

शगुन ने उसका हाथ दबाया, "तुम यहाँ अपने लिए पढ़ना, उनके 'वंश' के लिए नहीं. घर की फिक्र मत करना."

आयुष होस्टल में सेट करके वहाँ से निकलने में कोई दो घंटे लग गए. जब तीनों वापस कार में बैठे, तो सूटकेस वाली जगह खाली थी, पर वह खालीपन भारी लग रहा था. श्रीमती गुप्ता खामोश थीं, शगुन खिड़की के बाहर देख रही थी कि कैसे हर साल कुछ न कुछ बदलता रहता है.

गुप्ताजी ने अचानक कहा, "चलो, आयुष को तो छोड़ दिया, अगले महीने शगुन को भी छोड़ने जाना होगा. उसके बाद अनिल की उम्मीदें भी पूरी हो जाएं तो घर में खुशहाली आए."

शगुन की कड़वाहट अब जुबान पर आ गई, "पापा, आप 'खुशहाली' किसे कह रहे हैं? चाची को 'कीमती संदूक' समझकर कमरे में बंद रखने को या आने वाले बच्चे पर अभी से 'दीपक' होने का लेबल चिपकाने को? क्या आप नहीं देख रहे कि चाचा किस तरह को तर्कों का ढोंग करके सबको नचा रहे हैं?"

पापा ने गाड़ी की रफ्तार थोड़ी बढ़ाई, जैसे वे शगुन के सवालों से दूर भागना चाहते हों. "शगुन, समाज में रहना है तो कुछ चीजें माननी पड़ती हैं. अनिल छोटा भाई है, उसकी अपनी सोच है."

"समाज या प्रिविलेज?" शगुन ने तीखा सवाल किया. "आप सिर्फ इसलिए चुप हैं क्योंकि आप भी उसी सत्ता का हिस्सा बने हुए हैं जिसे हिलाने की हिम्मत आपमें नहीं है."

दरा में गुप्ताजी ने गाड़ी लालाजी की दुकान पर रोकी और उतरते हुए बोले, “सरोज जी, आपकी इजाजत हो तो यहाँ चाय पी लें और घर के लिए यहाँ के पेड़े भी ले लेते हैं. चाय पीने बैठे तो गर्म निकलते समोसे भी मंगवा लिये. टेबल पर एक शगुन और मम्मी थी दूसरी तरफ गुप्ता जी. समोसा खाते हुए शगुन बोली, “पापा, आप चाचा को नाराज नहीं करना चाहते, नाराज तो उन्हें मैं भी नहीं करना चाहती. आप पर मेरा और आयुष की पढ़ाई का खर्च भी है और चाचा का घर में आर्थिक योगदान है. लेकिन आप की बातों से उन्हें प्रोत्साहन मिलता है, चाची दबाव में आ जाती हैं. कम से कम उन्हें प्रोत्साहन तो मत दीजिए.”

शगुन की बात सुन कर थोड़ी देर चुप रह कर गुप्ता जी बोले, “शगुन तू एक साल में इतनी समझदार हो जाएगी सोचा न था. अब से मैं अनिल को प्रोत्साहन नहीं दूंगा.”

मंडी पहुँचते-पहुँचते सूरज ढल चुका था और धूल के बरबूले शांत होकर जमीन पर बैठ गए थे. शगुन को अहसास हुआ कि अब घर में आयुष नहीं होगा, सिर्फ वह होगी और घर-शहर का सामंती ढाँचा होगा.

घर पहुँचते ही चाचा ने पहला सवाल किया, "छोड़ आए कुल दीपक को? अब बस एक और 'दीपक' आ जाए तो तसल्ली हो."

शगुन ने उनकी आँखों में आँखें डालकर देखा. उसने जवाब नहीं दिया, पर उसकी खामोशी में एक ऐसी आग थी जो बता रही थी कि अब इस घर में 'अनुमान' नहीं, 'प्रत्यक्ष' उत्तर मिलेगा.
... क्रमशः

गुरुवार, 12 फ़रवरी 2026

वंशज

पिंजरा और पंख-28
लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी
रामगंजमंडी की दोपहर अब और भी बोझिल होने लगी थी. सूरज तपने लगा था. दिन में कई बार धूल के बरबूले चक्कर काटते हुए निकल जाते, पीछे धूल और बहुत सारी गंदगी छोड़ जाते. रविवार था, लेकिन किसी की हिम्मत दिन भर घर से बाहर जाने की न हुई थी. घर में एक अजीब सी उत्तेजना और सावधानी का माहौल था. चाची, जो अब तक घर के कामकाज में एक मशीन की तरह जुटी रहती थीं, अब सबकी विशेष निगरानी में थीं. कारण केवल यह नहीं था कि वह गर्भवती थीं, बल्कि कारण वह 'उम्मीद' थी जिसे अनिल चाचा, मम्मी और पापा ने अपने मन में पाल रखा था.

ड्राइंग रूम में चाचा अपने किसी मित्र से फोन पर बात कर रहे थे, "हाँ भाई, इस बार पक्का उम्मीद है कि वंश आगे बढ़ेगा. पिछली बार तो... खैर, इस बार मैंने ज्योतिषी से भी सलाह ली है."

बैठक में गुप्ता जी अखबार के पीछे छिपे थे. वे जानते थे कि अनिल जो कह रहा है, वह घर की शांति के लिए मानना पड़ेगा. छोटे भाई की फोन पर कही बात पर उन्होंने चश्मा उतारकर बस इतना ही कहा, 'अनिल, संतान तो ईश्वर की देन है, चाहे जो भी हो, उसे बस अपना प्यार और सही संस्कार मिलें.' चाचा ने तुरंत टोकते हुए कहा, 'भाई साहब, संस्कार तो ठीक हैं, पर समाज में सर उठाकर चलने के लिए कुल का दीपक भी तो चाहिए.'"

रसोई की दहलीज पर खड़ी शगुन ने यह सुना और उसके चेहरे पर एक कड़वाहट तैर गई. 'पिछली बार' से चाचा का मतलब शायद उन उम्मीदों से था जो कभी पूरी नहीं हुईं, या शायद वह शगुन के अस्तित्व को ही एक 'अधूरी उम्मीद' मान रहे थे.

शगुन रसोई में गई, जहाँ चाची धीरे-धीरे सब्जियाँ काट रही थीं. उनके चेहरे पर थकान थी, पर आँखों में एक अजीब सी शांति.

"चाची, आप आराम क्यों नहीं करतीं? मैं कर दूंगी यह सब," शगुन ने उनके हाथ से चाकू लेते हुए कहा.

चाची मुस्कुराई, "अरे बेटा, काम करते रहने से शरीर चलता रहता है. और वैसे भी, अब तो सबकी नज़रें मुझ पर टिकी हैं. जैसे मैं कोई इंसान नहीं, कोई कीमती संदूक हूँ जिसके अंदर का सामान सबको देखना है."

शगुन पास ही रखे स्टूल पर बैठ गई. "चाची, सब लोग 'लड़का-लड़का' क्यों कर रहे हैं? क्या अगर लड़की हुई तो वह आपकी या चाचा की संतान नहीं होगी? आयुष और मैं भी तो यही बात कर रहे थे कि लोग पहले से ही पूर्वाग्रह क्यों पाल लेते हैं?"

चाची ने एक गहरी साँस ली और खिड़की के बाहर देखा, जहाँ चिलचिलाती धूप में नीम का पेड़ खड़ा था. "शगुन, इस घर में सबके दिमाग फिरे हुए हैं, हर किसी को वंश बढ़ाने की फिक्र लगी है. ये घर क्या पूरे शहर में जिधर भी जाओ सब ऐसी ही बात करेंगे. हर कोई यही सोचता है कि बेटा होगा तो बुढ़ापे की लाठी बनेगा और बेटी होगी तो पराया धन. लेकिन सच पूछो तो...; चाची की आवाज़ धीमी हो गई, जैसे वह कोई राज बता रही हों, "मैं तो चाहती हूँ कि पहली संतान लड़की ही हो."

शगुन चौंक गई. "सच में?"

"हाँ," चाची ने शगुन के सिर पर हाथ फेरा. "मैं चाहती हूँ कि मेरी बेटी वह सब करे जो मैं नहीं कर पाई. मैं उसे तुम्हारे जैसा निडर बनाना चाहती हूँ. पर डरती हूँ कि क्या यह समाज और यह घर उसे उड़ने देगा? या फिर उसे भी मेरी तरह इसी रसोई और मर्यादा के पिंजरे में सजा दिया जाएगा?"

"रसोई के दूसरे कोने में शगुन की माँ खामोशी से आटा गूँथ रही थीं. उन्होंने चाची और शगुन की बातें सुनीं तो उनके हाथ ठिठक गए. उन्होंने शगुन की ओर देखा, उनकी आँखों में एक धुंधली सी याद तैर गई—जब शगुन पैदा हुई थी, तो घर में वैसी खुशियाँ नहीं मनाई गई थीं जैसी आयुष के जन्म पर दिखी थीं. उन्होंने धीमी आवाज़ में कहा, 'शगुन, तेरी चाची सही कह रही है. हम औरतें इस घर में अपनी मर्जी से नहीं, अपनी किस्मत से आती हैं. लेकिन तू और आयुष हम से अलग हो. कम से कम तुम दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे रखना.'"

आयुष सीढ़ियों पर बैठा कोई किताब पढ़ रहा था., पर उसका ध्यान चाचा की बातों पर था. उसे याद आया कि जब वह छोटा था, तो उसे 'मजबूत' बनने के लिए कहा जाता था और शगुन को 'सलीकेदार'. क्या आने वाले बच्चे पर भी जन्म से पहले ही ये लेबल चिपका दिए जाएंगे?

तभी चाचा लिविंग से रसोई की ओर आए "शगुन, तुम्हारी चाची यहाँ क्या कर रही हैं? डाक्टर ने उन्हें आराम के लिए कहा है और वे यहाँ आ लगीं. उन्हें कहो कि वे अपने कमरे में जा कर आराम करें. उन्हें इस परिवार को वंशज देना है.”

इतना कह कर चाचा अपने कमरे में जाने लगे तो देखा आयुष सीढ़ियों पर बैठा है. “हद हो गयी आयुष, ये लड़कियों की तरह सीढ़ियों पर बैठ कर बातें सुन रहे हो. कमरे में जाओ या नीचे लिविंग में."

“हाँ चाचा, जा ही रहा हूँ”, यह कह कर वह लिविंग में आ गया.

नीचे आ कर आयुष ने शगुन की ओर देखा. दोनों की आँखों में एक ही सवाल था—क्या इस घर में कभी कोई बच्चा बिना किसी 'शर्त' के पैदा हो पाएगा? क्या पंखों को फैलने से पहले ही काट दिया जाना ही देस की रीत है?

शाम को जब सूरज ढल रहा था, आयुष और शगुन छत पर मिले. "चाची भी लड़की चाहती हैं, आयुष," शगुन ने कहा. "पर चाचा को 'वारिस' चाहिए," आयुष ने मुंडेर पर हाथ रखते हुए कहा. "2006 आ गया है, पर सोच अब भी 1906 में अटकी पड़ी है. हम कुछ बनने के लिए कोटा और बनस्थली जा रहे हैं, पर क्या हम वाकई इस पिंजरे से बाहर निकल पाएंगे?"

रात के सन्नाटे में, रामगंजमंडी के उस घर में तीन लोग जाग रहे थे—एक जो अपनी पहचान ढूंढ रहा था, एक जो उड़ान की तैयारी में थी, और एक जो अपने गर्भ में पल रही नन्ही जान के लिए एक बेहतर दुनिया का सपना देख रही थी.
                                                                                                                                               ... क्रमशः

बुधवार, 11 फ़रवरी 2026

हम लड़ेंगे

पिंजरा और पंख-27
लघुकथा  श्रृंखला :   दिनेशराय द्विवेदी
ट्रेन धीमी हुई, आयुष खिड़की से बाहर झाँका. रामगंजमंडी का प्लेटफॉर्म निकट आता जा रहा था. वह अपना पिट्ठू बैग कंधे पर टांगे कोच के दरवाजे पर आ खड़ा हुआ. जैसे ही ट्रेन रुकी वह उतर गया.

स्टेशन से बाहर निकलते ही सब्जी की ठेली वाले रामसहाय मिल गए, “आ गए आयुष बेटा! रोज सब्जी देने जाता हूँ तो भाभी मिलती हैं. उन्हें बहुत उम्मीद है. कहती हैं, “आयुष आईआईटी जरूर जाएगा."

आयुष मुस्कुराया और आगे बढ़ गया.

पंद्रह मिनट में घर सामने था. दरवाजा खुला था. अंदर गया—माँ रसोई में थीं. आयुष को देख खुश हो गई. "आ गया बेटा? जा तेरा बैग रख आ अपने कमरे में. चाची ने कल ही साफ करके सजा दिया है, कह रही थी, आयुष-शगुन आने वाले हैं, उन्हें सब चकाचक मिलना चाहिए."

आयुष ऊपर अपने कमरे में गया. वही कमरा जो दस महीने पहले तक शगुन के साथ साझा था. दोनों के बिस्तरों पर एकदम नयी चादरें बिछी थीं. दीवार पर शगुन और उसकी साझा तस्वीर अभी भी टंगी थी. मेज पर मेजपोश नया था. खिड़की में एक ‘गुलदस्ता’ था, गुलाब- मोगरे के फूलों से सजा. जिनकी भीनी खुशबू महक रही थी.

उसने अलमारी खोल कर अपना बैग रखा. तभी नीचे से माँ की आवाज आ गई.

“चाय बन गयी है, आयुष¡ चाची को बुलाते आना.”

उसे आश्चर्य हुआ कि शाम की चाय माँ बना रही है, और चाची उन्हें बुलाने को कह रही है.

- - -

अगले दिन. शाम पाँच बजे. शगुन की ट्रेन स्टेशन पर रुकी. उसने अपना सूटकेस उठाया और डिब्बे से उतरी. प्लेटफॉर्म पर देखा तो अनिल चाचा खड़े थे, और आयुष भी साथ था.

"लो शगुन आ गई?" चाचा ने सूटकेस ले लिया. उसकी आँखें आयुष से मिलीं. और उसने आयुष को गले लगा लिया.

प्लेटफॉर्म से बाहर निकले तो पापा की कार दिखाई दी.

"चाचा, आप कार लेकर आए? घर तो पास ही है."

"भाई साहब का आदेश था— कार ले जाना, शगुन थकी हुई होगी. बेटी को कार से ही लाना. थकी हुई होगी."

तीनों कार में बैठे. कार स्टेशन से निकली. जल्दी से घर पहुँच गयी.

वह कार से उतर कर सीधे अंदर आ गयी. पापा लिविंग में बैठे थे. उनके पैर छू कर वह रसोई की तरफ बढ़ी. चाची और मम्मा दोनों वहीं मिलीं. माँ ने उसका माथा चूम लिया और चाची ने उसे गले लगा कर अपने अंक में भींच लिया. दोनों अलग हुईँ तो दोनों की आँखें नम थीं.

“तुम लिविंग में चलो. मैंने अभी पकौड़ियाँ तली हैं. लेकर आती हूँ. जब तक इन्हें खाओगी. चाय भी तैयार हो जाएगी.” चाची बोली.

शगुन ने देखा पकोड़ियों की प्लेट सजी हुई थी. “चाची तुम चाय बनाओ मैं इन्हें लेकर जाती हूँ.” वह पकौड़ियाँ ले कर लिविंग में आ गयी. तब तक चाचा और आयुष भी वहीं आ बैठे थे.

कुछ देर बाद मम्मा चाय लेकर आईं. चाय की ट्रे टेबल पर रखते हुए कहा. “खुशखबरी, है चाची को तीसरा महीना है, तुम एक बार फिर दीदी बनने वाली हो.”

सुनते ही आयुष चाचा से बोला. “चाचा ये बेईमानी है, बाप बनने वाले हो और हमें मीठे की जगह पकौड़ियाँ खानी पड़ रही हैं.”

“तसल्ली रखो, रात के खाने में मीठा होगा. मैंने तुम्हारी चाची को खास केसरिया खीर बनाने को कहा है.”

"हाँ बेटा, तुम्हारे चाचा बेटे के बाप बनेंगे. देख लेना बेटा ही होगा. मेरी माँ कहती थी, सुबह-सुबह जी मिचलाने लगे तो लड़का ही होता है. चाची को भी सप्ताह भर से ऐसा ही हो रहा है." माँ ने बोला.

गुप्ताजी की आँखें खुशी से चमक उठीं. "वाह! बहुत अच्छी खबर है! भगवान करे लड़का हो"

आयुष और शगुन ने एक-दूसरे की ओर देखा. बिना कुछ कहे, दोनों ने एक ही सवाल पूछा—क्यों?

माँ को कुछ समझ नहीं आया. वह शगुन से बोलीं, “तुम कुछ साँवली दिख रही हो. क्या बनस्थली में धूप में ज्यादा रहना पड़ता है?”

“नहीं मम्मा¡ ऐसा कुछ नहीं है. बहुत दिनों में आयी हूँ न तो आपको ऐसा लग रहा है.”

फिर कुछ रुक कर बोली, “माँ, मैं अपने कमरे में जाती हूँ, थोड़ी देर आराम करूंगी. सफर बहुत लंबा था.” इतना कहकर वह उठ गयी.

शगुन आधे घंटे लेटी होगी कि कमरे का दरवाजा खुला. उसने देखा चाची थीं. वह उठ बैठी.

दोनों बातें करने लगीं. थोड़ी देर बाद चाची नीचे चली गयीं.

- - -

शाम गर्म थी. कमरे का कूलर राहत नहीं दे रहा था. शगुन छत पर गई तो आयुष वहाँ पहले से टहल रहा था.

"तुम यहाँ हो," शगुन ने कहा.

आयुष ने देखा. "हाँ... यहाँ शांति है."

शगुन मुंडेर पर बैठ गई.

आयुष भी टहलना छोड़ उसके नजदीक मुंडेर पर आ बैठा.

"तुम्हारा पेपर कैसा रहा?" शगुन ने पूछा.

"ठीक था... पर शायद पापा की उम्मीदों पर शायद खरा न उतर सकूँ."

"क्यों?"

"मैंने... रट्टा न लगाया. सब कुछ समझ कर पढ़ा, जो समझा वही लिखा."

"और इससे क्या हुआ?"

"इससे अंक कम आ सकते हैं. और पापा... पापा समझेंगे नहीं."

एक क्षण की चुप्पी. फिर शगुन बोली, "मैंने भी अपने पेपर में वही लिखा जो सही लगा."

"तुम समझती हो. अच्छा "चाची के लिए क्या सोचती हो?" आयुष ने पूछा.

शगुन ने गहरी साँस ली. "मुझे लगता है... हम सब इतने कंडीशन्ड हैं कि लड़की की कल्पना भी नहीं कर पाते."

"हाँ... मैंने भी यही सोचा."

"क्या तुम्हें लगता है... हम भी कंडीशन्ड हैं?" शगुन ने पूछा.

आयुष ने आकाश की ओर देखा. "हाँ... हम भी. मैं कंडीशन्ड हूँ कि मुझे आईआईटी में जाना है. तुम कंडीशन्ड हो कि तुम्हें अच्छे दूल्हे से शादी करनी है."

"और अगर हम ऐसा नहीं करना चाहें तो?"

"तो हमें लड़ना पड़ेगा," आयुष ने कहा. "खुद से, परिवार से."

"क्या तुम लड़ोगे?"

"मैं कोशिश करूँगा. और तुम?"

शगुन मुस्कुराई. "मैं भी."

नीचे से आवाज आई—"आयुष! शगुन! नीचे आओ, खाना तैयार है!"

दोनों उठे और सीढ़ियाँ उतरने लगे.

- - -

रात.

शगुन अपने बिस्तर पर लेटी हुई थी. आयुष सो चुका था.

उसने सोचा—आयुष की दुनिया में आईआईटी थी, उसकी दुनिया में शादी.

पर आज उन्होंने एक-दूसरे से कहा था—"हम लड़ेंगे."

शायद यही पहली जीत थी.                                                                          

... क्रमशः