देहरी के पार, कड़ी - 59
आकाश के सवाल के जवाब में प्रिया मुस्कुराकर रह गई. आकाश ने दुबारा पूछा, “किधर ले चलने इरादा है इस नाचीज को आज.”
“बस चलते चलो मेरे साथ. तुम्हें किसी तिलिस्म में नहीं ले जा रही हूँ. बस यह इलाका महानगर मुंबई का दिल है और फिलहाल हम इसके अंदर हैं.” प्रिया ने मुस्कुराते हुए अपने बैग के स्ट्रैप को कंधे पर सँभालते हुए आकाश की ओर देखा. धूप अब तीखी होने लगी थी, इसलिए उसने आकाश का हाथ हल्के से थामते हुए कहा, "प्लान बहुत सिंपल है आकाश. धूप तेज़ है, तो सबसे पहले हम यहाँ के एक बहुत पुराने और ऐतिहासिक पारसी कैफे चलेंगे. वहाँ की कड़क ईरानी चाय और बन-मस्क खाए बिना दक्षिण मुंबई आना अधूरा माना जाता है."
वे दोनों टहलते हुए फोर्ट की एक शांत लेन में स्थित 'कैफे मिलिट्री' के भीतर दाखिल हो गए. कैफे के भीतर कदम रखते ही ऐसा लगा जैसे वक्त का पहिया अचानक पीछे की ओर घूम गया है. दीवारों पर लगे पुराने शीशे, महोगनी की गोल मेजें, लकड़ी की मुड़ी हुई कुर्सियाँ और छत पर बेहद धीमे घूमते पुराने ज़माने के पंखे—सब मिलकर मुंबई के एक अलग ही दौर की दास्तान बयां कर रहे थे.
प्रिया ने दो ईरानी चाय, बन-मस्क और वेज पफ का ऑर्डर दिया. टेबल पर आते ही बन-मस्क की खुशबू हवा में तैर गई. प्रिया ने चम्मच उठाकर आकाश की चाय में चीनी घोलनी शुरू की, लेकिन आकाश चुपचाप उसे ही देखता रहा. उसके चेहरे पर अभी भी एक अनजानी खामोशी और विचारमग्नता थी.
"क्या बात है आकाश? चैंबर से निकलने के बाद से तुम बहुत शांत रहे हो. ऐसा लग रहा है कि कुछ गंभीर सोच रहे हो?" प्रिया ने चाय का कप उसकी तरफ बढ़ाते हुए पूछा.
आकाश ने चाय की एक चुस्की ली और खिड़की से बाहर देखते हुए बेहद संजीदगी से कहा, "प्रिया, सच कहूँ तो आज चव्हाण साहब के चैंबर में जो कुछ हुआ, उसे देखकर मुझे जो अहसास हुआ उससे मैं भीतर तक हिल गया हूँ. अब तक मैं तुम्हें सिर्फ एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और कंपनी में अपने घर कोटा से काम कर रही अपनी कलीग के रूप में देखता था. लेकिन आज मैंने देखा कि कॉर्पोरेट की इस नौकरी के साथ तुमने मज़दूरों के इतने बड़े आंदोलन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को सहज ही संभाला हुआ है. सीनियर एडवोकेट रमेश चव्हाण जैसी हस्ती तुम्हें लॉ ग्रेजुएट बनने की सलाह दे रहे हैं… मुझे एक पल के लिए लगा कि तुम मुझसे बहुत ऊपर निकल चुकी हो. तुम्हारी प्रतिभा की ऊँचाई के सामने मुझे अपनी कॉर्पोरेट के साथ काम करने की योग्यता बहुत बौनी लगने लगी. एक बार तो मैं सोचने लगा कि मैं तुम्हें छू भी पाऊंगा या नहीं."
प्रिया ने आकाश की आँखों में झाँका, वहाँ एक सच्चे मनुष्य का सहज असमंजस और आदर दिखाई दे रहा था. उसने मुस्कुराते हुए कहा, "आकाश, तुम अपनी तुलना मुझसे क्यों कर रहे हो? जयपुर से निकलकर सीधे मुंबई जैसे शहर में आने का साहसिक फैसला करना, एक बिल्कुल नई कंपनी में दो हफ्ते के भीतर अपनी जगह बनाना और अपनी पहचान साबित करना—क्या यह तुम्हारी काबिलीयत नहीं है? हम दोनों दो अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम प्रतिस्पर्धी हैं. हम दोनों में बहुत कमियाँ हो सकती हैं. हम जीवनयात्रा में कहीं भी अपने आप को असहाय पा सकते हैं. वैसे में क्या हम एक दूसरे को सहारा नहीं दे सकते? हम कोई प्रतियोगी या प्रतिस्पर्धी नहीं हैं. हम एक-दूसरे की कठिनाइयों में एक दूसरे का साथ देने वाले क्यों नहीं बन सकते?”
प्रिया की इस आत्मीय और परिपक्व बात ने आकाश के मन के सारे संशयों को एक झटके में धो दिया. उसके चेहरे पर एक सहज और निश्चिंत मुस्कान लौट आई.
कैफे से निकलने के बाद वे दोनों 'काला घोड़ा' की तरफ बढ़ गए. सड़क किनारे फुटपाथ पर सजे हुए स्थानीय चित्रकारों के कैनवस देखते हुए वे 'जहाँगीर आर्ट गैलरी' के भीतर चले गए. गैलरी के शांत कमरों में लगी खूबसूरत कलाकृतियों को देखते हुए दोनों की बचपन की यादें ताजा होने लगीं. आकाश ने अपने बचपन में जयपुर में की गई अपनी किसी बेवकूफी वाली घटना सुनाई तो प्रिया ने उत्तर में कोटा की गई अपनी मूर्खता सुना दी. दोनों अपने बचपन की इन मूर्खताओं को याद कर खूब हँसे भी. दोनों ने मुंबई जैसे महानगर में अपने भविष्य को लेकर बहुत सारी बातें कीं. बीच में वे बिना बोले खामोशी से चलते भी रहे. ऐसा लगा जैसे दोनों एक-दूसरे के और करीब आ रहे हैं.
शाम ढलते-ढलते दोनों पैदल ही टहलते हुए 'गेटवे ऑफ इंडिया' के सामने आ पहुँचे. ढलते सूरज की लालिमा के बीच अरब सागर की लहरें ताज होटल की दीवारों से टकरा रही थीं. समंदर से आने वाली ठंडी और ताज़ा हवा ने दोपहर की सारी थकान को चंद लम्हों में सोख लिया. दोनों रेलिंग के सहारे खड़े होकर दूर समंदर के पानी में डोलती नावों को देखने लगे.
प्रिया ने समंदर की लहरों को देखते हुए अचानक थोड़े गंभीर स्वर में कहा, "जानते हो आकाश, चव्हाण साहब जो कह रहे थे, वो बात पूरी तरह गलत भी नहीं थी. इस सांख्यिकीय सर्वे को करते हुए मुझे पहली बार महसूस हुआ कि हमारे आईटी और सॉफ्टवेयर के ज्ञान का इस्तेमाल अगर उन मज़दूरों के जीवन को बदलने में हो जो अपनी बुनियादी ज़रूरतों के लिए भी तरस रहे हैं, तो उससे मिलने वाला सुकून कॉर्पोरेट के किसी बड़े से बड़े इंसेंटिव या बोनस से कहीं बड़ा होगा."
आकाश ने प्रिया की तरफ देखा. उसकी आँखें इस समय समंदर की तरह ही गहरी और किसी बड़े संकल्प से भरी लग रही थीं. आकाश ने आगे बढ़कर पूरी आत्मीयता और हौसले के साथ प्रिया का हाथ थाम लिया और कहा, "प्रिया, मैं जान गया हूँ कि तुम एक ऐसा व्यक्तित्व बन चुकी हो जो अपने जीवन में जो भी फैसले लेगी, उससे कोई भी उसे डिगा नहीं सकता.”
गेटवे ऑफ इंडिया पर शाम की रोशनियाँ एक-एक कर जगमगाने लगी थीं. मुंबई की उस ढलती शाम में, समंदर की लहरों के शोर के बीच, उन दोनों ने एक-दूसरे से कोई वादा नहीं किया, लेकिन उन्होंने एक दूसरे के दिलों में अपनी पहुँच बना ली थी.
... क्रमशः
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें