@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: शाजापुर टू आगर वाया 'धूपाड़ा' सिटी

गुरुवार, 24 दिसंबर 2009

शाजापुर टू आगर वाया 'धूपाड़ा' सिटी

स के नजदीक पहुँचते ही दरवाजे के नीचे खड़े कंडक्टर ने पूछा कहाँ जाना है? आगर', मैं ने बताया और पूछा  -'जगह मिलेगी, हम तीन सवारी हैं।
-क्यों नहीं मिलेगी। उस ने तुरंत ही कहा और ले जा कर हमें बस में आगे ड्राइवर के केबिन में जमा दिया। मुझे लगा, अब केबिन में कोई नहीं आएगा। लेकिन उस के बाद भी कंडक्टर तीन-चार लोगों को वहाँ जमा गया। वह एक छोटी बस थी। कुल तीस सवारी बैठ सकतीं थीं, लेकिन साठ से ऊपर तो वह बस के अंदर जरूर ही जमा चुका था। बस चल दी। कंडक्टर टिकट बनाने आया। तीन सवारी के 105 रुपए हुए। मैं ने कहा -भैया तीन में पांच का कंसेशन नहीं करोगे? उस ने कहा -पाँच रुपया कौन बड़ी बात है? आप सौ ही दे दीजिए। उस ने सौ में तीन टिकट बना दिए। ड्राइवर केबिन के पास तीन-चार लड़के खड़े थे, दो बोनट पर बैठे थे। वे आपस में चुहलबाजी कर रहे थे। ड्राइवर भी उन्हीं की मंडली का दिखाई पड़ा। वह भी चुहल में शामिल हो गया। वे कर्णप्रिय मालवी बोल रहे थे, जो शायद अब गांवों या छोटे कस्बों में ही सुन पाना संभव है। मैं मालवी का आनंद लेने लगा। इस उम्र के लड़कों की बातचीत में अक्सर  कुछ गालियों का समावेश रहता है और सामान्य यौनिक गालियों का वे तकिया कलाम की तरह अवश्य प्रयोग करते हैं। करीब आधे घंटे से ऊपर चली चुहल में एक बार भी किसी यौनिक तो क्या, साधारण गाली या अपशब्द का भी उन्हों ने प्रयोग नहीं किया था। यह मेरे लिये सुखद अनुभव था। हम गाली-विहीन बोलचाल की भाषा की तलाश सभ्य कहलाए जाने वाले नगरीय मध्यवर्ग में तलाश कर रहे हैं और भविष्य में उस की संभावनाएँ तलाश कर रहे हैं।  लेकिन वह यहाँ बिना किसी श्रम के इन ग्रामीण नौजवानों में सहज उपलब्ध थी। हो सकता है वे कुछ विशिष्ठ परिस्थितियों में उन का प्रयोग करते हों लेकिन इस सार्वजनिक बस में अनायास बातचीत के मध्य उन्हों ने पूर्ण शालीन भाषा का प्रयोग किया था। बस सारे रास्ते चालीस या उस से कम की गति से ही चल रही थी और मार्ग के 55 किलोमीटर उसने दो घंटे में पूरे करने थे। सड़क एक बस की चौड़ाई जितनी थी। सामने से कोई वाहन आने पर दोनों में से किसी एक को या दोनों को सड़क के नीचे उतरना पड़ता था।
 मैं ने उन में अपनापा महसूस किया तो मैं भी उन की चुहल में शामिल हो गया। मैं किसी मुकदमे की बहस के सिलसिले में शाजापुर (म.प्र) गया था। बहस संतोष जनक हो गय़ी थी और हम वापस लौट रहे थे। शाजापुर से आगर तक यह बस थी। आगर से हमें कोटा की बस पकड़नी थी। मेरे मुवक्किल हरस्वरूप माथुर और उन के भतीजे प्रदीप मेरे साथ थे। बस एक स्थान पर रुकी वहाँ एक मार्ग अलग जा रहा था। बस उसी मार्ग पर मुड़ी। मैं ने उत्सुकता से एक नौजवान से पूछा -बस इधर जाएगी?
उत्तर मिला -बस एक किलोमीटर 'धूपाड़ा' तक जाएगी। फिर वापस लौट कर यहीं आएगी।
एक किलोमीटर गाँव तक बस का सवारियों को उतारने चढ़ाने के लिए जाना कुछ अजीब सा लगा। मैं ने पूछा -  'धूपाड़ा' बड़ा गाँव है?
-बड़ा गाँव ? सिटी है साहब, सिटी।
बताने वाला संभवतः विनोद कर रहा था। मैं ने भी  विनोद में सम्मिलित होते हुए पूछा -तो वहाँ नगर पालिका जरूर होगी?
-पंद्रह हजार की जनसंख्या है। लेकिन नगर पालिका हम बनने नहीं देते। हाउस टैक्स और न जाने क्या क्या टैक्स लग जाएंगे, इस लिए। और ये जो आप ने मोड़ पर घर देखे थे ये 'धूपाड़ा' की कॉलोनी है। अब वह नौजवान वाकई विनोद ही कर रहा था।
मैं ने भी उस विनोद का आनंद लेने के लिए उस से पूछा -तो भाई! इस सिटी की खासियत क्या है?
-यहाँ लोहे और इस्पात के औजार बनते हैं। गैंती, फावड़ा, कैंची, संडासी आदि। उस ने  और भी अनेक औजारों के नाम बताए।
-तब तो यहाँ सरौतियाँ भी बनती होंगी?  मैं ने पूछा।
-हाँ, बनती हैं और बहुत अच्छी बनती हैं। छोटी-बड़ी सब तरह की। आप को लेनी हो तो दरवाजे के अंदर चले जाइए, अंदर दाएं हाथ पर दुकान में मिलेगी, तीस रुपए की एक। 

ब तक बस रुक चुकी थी। पास ही एक सुंदर मुगल कालीन और उसी शैली का विशाल दरवाजा था। दरवाजे की ठीक से मरम्मत की हुई थी और उसे सुंदर रंगों से रंगा हुआ भी था। पूरा गाँव एक फोर्ट वाल के अंदर था। फोर्टवाला के बाहर खाई थी। शाम पूरी तरह घिर आयी थी। मेरे ससुराल में सरौतियाँ दस से बीस रुपए में मिल जाती हैं। मैं ने सरौती लेने का विचार त्याग दिया। लेकिन तब तक माथुर साहब कहने लगे -ले आते हैं, वकील साहब। यहाँ की निशानी रहेगी। मैं ने कहा -बस इतने थोड़े ही रुकेगी? तो ड्राइवर ने कहा -आप ले आओ हम तब तक चाय पिएंगे। माथुर साहब का आग्रह देख मैं नीचे उतरा। पास ही एक मूत्रालय बना देखा जिस में पुरुषों और स्त्रियों के लिए सुविधा थी। हम ने उस का इस्तेमाल किया, फिर चले 'धूपाड़ा' सिटी में।

अंदर पुराने नगर के चिन्ह स्पष्ट थे रास्ते के दोनों और दुकानें बनी थीं। दरवाजे से  पहली और दूसरी दुकानें लुहारों की थी। दुकानें क्या? उन की कार्यशाला भी वही थी। लोहा गरम करने के लिए धौंकनियाँ बनी थीं और कूटने के लिए स्थान बने थे।  इन के आगे चौराहा था जहाँ से दाएँ बाएँ फिर बाजार निकल रहे थे। हमने पहली ही दुकान पर सरौतियाँ देखीं। विभिन्न आकार और बनावट की थीं। सुंदर कारीगरी भी की हुई थी। हमने सब से छोटी और कम कीमत की साधारण सरौती पसंद की। उस से सुपारी काट कर देखी। सख्त सुपारी भी ऐसे कट रही थी जैसे आलू काट रहे हों। मैं जितनी सरौतियाँ अब तक इस्तेमाल कर चुका था  उन में वह सब से तेज थी। हम ने उन्हीं में से दो खरीदीं। एक मेरे लिए और एक माथुर साहब के लिए। हमारे पूछने पर दुकानदार ने बताया कि ये स्टील की बनी हैं, और बेकार हुई कमानी के लोहे की नहीं, बल्कि नए इस्पात की हैं। वे टाटा का इस्पात प्रयोग करते हैं। गाँव कब का बसा है? पूछने पर बताया की कम से कम तीन-चार सौ साल पहले का है और संभवतः पाटीदारों का बसाया हुआ है। उत्तर कितना सही था यह तो रेकॉर्ड से ही पता लग सकता है। बताया कि यहाँ के औजार प्रसिद्ध हैं और आस पास के कस्बों में ही खप जाते हैं। इतने  में बस के हॉर्न की आवाज सुनाई दी। हम समझ गए कि हमें वापस पुलाया जा रहा है। हम तेजी से वापस लौटे। बस चलने को स्टार्ड खड़ी थी। हम ने अपनी सीट संभाली और बैठ गए।

12 टिप्‍पणियां:

लावण्यम्` ~ अन्तर्मन्` ने कहा…

bahut saal baad, saroteeyaan dekheen ...mere paas bhee hai ... ye nayee sarotee , sunder lagee ..

bharat ke bheetar bhraman karna, kafi dilchasp rehta hoga. aap ka yatra vivran, aankhon ke samne , ho raha ho aisa likha hai .

राज भाटिय़ा ने कहा…

आप की यह यात्रा वाक्या ही बहुत सुंदर ओर रोचक लगी, ओर आप के लिखने का ढंग भी मन मोहक है, धन्यवाद

Udan Tashtari ने कहा…

आपके मार्फत धूपाड़ा गांव और उसकी खासियत का पता चला. बढ़िया यात्रा संस्मरण.

उम्मतें ने कहा…

नगरीय और ग्रामीण परिवेश में ठिठोलियों का अंतर आप महसूस करते हैं ,बड़ी बात है !


धुपाडा सिटी मजेदार , उसके औद्योगिक संस्थान अदभुत !

दिनेशराय द्विवेदी ने कहा…

समीर जी, आप ने फिर धूपाड़ा को गाँव कह दिया। जब कि वह नगर ही है, पुराने जमाने का। कल्पना करें कि मुम्बई में प्रेसिडेंसी कायम हुई तब वहाँ की जनसंख्या दस हजार रही होगी। धूपाड़ा की बसावट भी नगर जैसी ही है। बाजार, चौराहे आदि सब कुछ। परकोटा है तीन द्वारों वाला, नगर उसी के अंदर बसा है।

दिनेशराय द्विवेदी ने कहा…

इस पोस्ट के प्रकाशन के बाद इस के शीर्षक में रह गई वर्तनी की अशुद्धि दूर करने में एक टिप्पणी गायब हो गई थी। उसे यहाँ अंकित कर रहा हूँ।
विनोद कुमार पांडेय has left a new comment on your post "शाजापूर टू आगर वाया 'धूपेड़ा'":

एक पंथ दो काज हो गये जा रहे थे किसी और काम के लिए एक बढ़िया काम और जुड़ गया और हमें एक नई जानकारी भी मिल गयी..बढ़िया प्रस्तुति..बधाई

ताऊ रामपुरिया ने कहा…

धूपाडा शहर की जानकारी पहली बार मिली. यात्रा वृतांत अति रोचकता पुर्ण रहा. क्रिशमश की रामराम.

रामराम.

दिनेशराय द्विवेदी ने कहा…

@ताऊ रामपुरिया,
इन्दौर का तो पता नहीं पर उज्जैन में आप लोहे का कोई भी औजार खरीदने जाएंगे खास तौर पर सरौती तो धूपाड़ा की सरौती सब में खास दिखाई देगी।

विष्णु बैरागी ने कहा…

अपनी परम्‍परा को कायम रखनेवाले ऐसे गांव (क्षमा करे, ऐसे 'नगर') दिनोंदिन कम होते जा रहे हैं।
यौनिक गालियॉं का 'तकिया कलाम' की तरह उपयोग अब कम होता जा रहा है, यह मैंने भी अनुभव किया।

यात्रा वर्णन रोचक और आनन्‍ददायक।

बेनामी ने कहा…

एक नई सिटी की जानकारी मिली, उसकी खासियत के साथ

आभार

बी एस पाबला

Kajal Kumar's Cartoons काजल कुमार के कार्टून ने कहा…

ऐसे औज़ार अब चार दिन की बात रह गए हैं...पता नहीं कल मिलें मिलें न भी मिलें...कौन जाने.

चंद्रमौलेश्वर प्रसाद ने कहा…

" तीन सवारी के 105 रुपए हुए। मैं ने कहा -भैया तीन में पांच का कंसेशन नहीं करोगे? उस ने कहा -पाँच रुपया कौन बड़ी बात है? आप सौ ही दे दीजिए। "

बस में भी मोल-तोल? नई जानकारी मिली :)