@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत

गुरुवार, 15 जनवरी 2026

सूक्ष्म प्रतिरोध

पिंजरा और पंख-8

लघुकथा श्रंखला : दिनेशराय द्विवेदी

चाची के घर लौटने पर परिवार 'पूरा' लगने लगा. माँ को अपनी 'चाय-संगिनी' मिल गयी, चाचा अब आराम से थे. घर में अब और दो स्त्रियाँ थीं जो उनके लिए सब कुछ 'ढंग से' करतीं. शगुन के लिए घर अब मनोविज्ञान सीखने की प्रयोगशाला था. अब वह मनोविज्ञान के सिद्धांत केवल किताबों से ही नहीं बल्कि व्यवहार से भी सीख रही थी. उसने 'सूक्ष्म प्रतिरोध' के बारे में पढ़ा और तय किया कि वह चुपचाप प्रयोग शुरू करेगी.

रात खाने पर चाचा बोले, "आज ऑफिस में विक्रम ने खूब मज़े लेकर बता रहा था कि आखिर उसकी पत्नी ने यह कह कर नौकरी छोड़ दी, कि पति के तनाव के कारण उसका दिल नौकरी में नहीं लगता."
चाची ने सहमति दी, "उसने सही किया, आखिर स्त्री का पहला फर्ज पति की संतुष्टि है.”

न ने अपनी प्लेट उठाते हुए धीरे से कहा, "अगर, पत्नी का तनाव देखकर पति नौकरी छोड़ दे, तो?"

एक बारगी सन्नाटा छा गया, उसकी बात सुनकर. फिर चाचा एक ठहाका लगाकर बोले, "वाह... शगुन, लगता है तुम मनोविज्ञान के साथ तर्कशास्त्र भी पढ़ रही हो. भविष्य में वकील बनने का इरादा तो नहीं?”

माँ ने अन्दरूनी भय के साथ शगुन को देखा, शगुन बस मुस्कुरा दी.

अपने घर में शगुन का यह पहला प्रयोग था. एक असंतुलित कथन को संतुलित सवाल में बदल देना. प्रतिक्रिया में ठहाका लगा लेकिन विचार बीज की तरह गिरा.

उधर शगुन के स्कूल में लड़कियों के लिए 'आत्मरक्षा' की एक क्लास आयोजित हुई. जिसमें सलवार-पूरी बाँह वाली कमीज वाली यूनिफॉर्म अनिवार्य थी, हँसना मना, और केवल 'स्वीकार्य' मूव्स सीखने की इजाज़त थी.

शगुन ने ट्रेनर से पूछा, "सर, क्या हमें वही मूव्स सिखाएंगे जो लड़कों को सिखाते हैं? असल हमला तो वही होगा न?"

ट्रेनर अपना ट्रैक सूट ठीक करते हुए बोला, "तुम्हारी सुरक्षा के लिए ये काफी हैं. ज़्यादा आक्रामक मूव्स लड़कियों को नुकसान पहुँचा सकते हैं. अगर हमला करने वाला अस्पताल पहुँच गया तो लड़की मुकदमा लड़ते-लड़ते ही थक जाएगी."

कुछ लड़कियाँ हँस पड़ीं.

उस रात शगुन ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर अपने कमरे में प्रैक्टिस की. माँ ने दरवाज़ा खोला तो देखा तो वह एक किक का अभ्यास कर रही थी.

"अरे बाप रे! यह सब क्या कर रही हो? चोट लग जाएगी!"

"वही सीख रही हूँ माँ, जो स्कूल में 'स्वीकार्य' नहीं है."

माँ ने आँखें दिखाईं, लेकिन दरवाज़ा बंद करते हुए बुदबुदाई, "अच्छा ही है... कम से कम आयुष जैसे लड़कों से तो बच लोगी." मां की आँखों में थोड़ा गर्व झलका.

शगुन का दूसरा प्रयोग भी आंशिक रूप से सफल रहा. उसने डर तोड़ा, और माँ की चिंता से छिपा समर्थन भी मिला.



एक दिन चाची अपना पुराना एलबम देख रही थी. शगुन ने देखा, युवा चाची साड़ी में, कॉलेज की सीढ़ियों पर किताबें हाथ लिए खड़ी हैं.

"चाची, आप कॉलेज में पढ़ी हैं?" शगुन ने पूछा.

चाची के चेहरे पर एक चमक आकर बुझ गयी. "बस बी.ए. किया और फिर... शादी हो गई."

"आपको अफ़सोस है?"

"अफ़सोस? नहीं... बस कभी-कभी सोचती हूँ, अगर पढ़ाई जारी रखती तो क्या होता?"
फिर अचानक उन्होंने गर्व से कहा, "तब फिर तुम्हारे चाचाजी का टिफिन कौन पैक करता? उनके फेवरेट मेथी के पराठे कौन बनाता!" इन पराठों ने तो मेरी पहचान बना दी?"

शगुन मुसकुराई. उसने चाची से भावनात्मक कनेक्शन स्थापित कर लिया. और पराठों का राज़ भी हाथ लगा! उसका यह प्रयोग भी सफल रहा.

शहर के तहसील लायब्रेरी में एक वाद-विवाद प्रतियोगिता थी. विषय था "शिक्षा में लैंगिक समानता".

शगुन ने घर बताया: "स्कूल प्रोजेक्ट की रिसर्च के लिए लायब्रेरी जाना है."

चाचा ने समाचार पत्र के पीछे से अपना सर बाहर निकालते हुए कहा, "अच्छा है. पर जल्दी लौटना. वैसे भी लायब्रेरी में तो सब किताबें ही हैं... बातें करने वाले कौन मिलेंगे वहाँ?" शायद उनको को लगता था कि लायब्रेरियाँ सिर्फ किताबों का गोदाम भर होती हैं. शगुन ने नहीं बताया कि वह प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही है.

लायब्रेरी के हॉल में लड़कों की भीड़ थी. कुछ लड़कियाँ भी थीं. उसने अपना नाम प्रतिभागी सूची में लिखवाया, तो क्लर्क ने हैरानी से पूछा, "तुम... तुम प्रतियोगी हो?"

"जी," शगुन ने दृढ़ता से कहा.

मंच पर बैठी तो एक लड़का अपने दोस्त से फुसफुसाया, "अरे, यह तो गर्ल्स स्कूल वाली यूनिफॉर्म है... यह कहाँ आ गई?"

शगुन ने सुन कर अनसुना कर दिया. उसका दिल धड़क रहा था. फिर उसने वह सब कहा जो उसने महीनों से सोचा था. “स्कूल के नियमों से लेकर घर की बातचीत तक. उसकी आवाज़ शुरू में काँपी, फिर मजबूत हो गई.”

जब वह बोलकर बैठी, तो सन्नाटा था. फिर एक वरिष्ठ शिक्षक ने ताली बजाई. फिर कुछ और तालियाँ बजीं.

उसे पुरस्कार नहीं मिला. पर जब वह नीचे उतरी, तो दो लड़कियों ने उसके पास आकर कहा, "तुम बहुत हिम्मती हो. अगली बार हम भी भाग लेंगे."

"एक कॉलेज स्टूडेंट मिला, उसने कहा, "मेरी बहन भी खूब सवाल करती है। आज मैंने समझा, उन्हें दबाना नहीं, सुनना चाहिए।"

शगुन को लगा, यही तो है, धीरे-धीरे बदलाव.



शाम को घर लौटते हुए उसका कदम हल्के थे. रास्ते में उसे एक पोस्टर दिखा, "लड़कियों के लिए साइकिल प्रशिक्षण शिविर". उसने मन ही मन सोच लिया. अगला लक्ष्य.

उस रात शगुन ने अपनी डायरी लिखी-

"आज मैंने अपनी आवाज़ को पहली बार सुना. यह परफेक्ट से बहुत कम थी, लेकिन मजबूत थी, और मेरी थी.
घर लौटी तो चाची ने चाय के लिए पूछा. माँ ने पूछा, ‘भूख लग आयी होगी?’. चाचा ने पूछा, 'प्रोजेक्ट हो गया?' मैंने कहा, 'हाँ, हो गया.'
उन्हें नहीं पता कि प्रोजेक्ट क्या है? उन्हें शायद पता भी न चले. पर मुझे पता है.
मैं अब वह नहीं, जो सिर्फ सवाल पूछती थी. मैं वह बन रही हूँ जो उन सवालों के जवाब तलाशती हूँ, आहिस्ता से, बिना किसी शोर के.
चाचा आज रिमोट तलाश रहे थे. मैंने चुपचाप सोफ़े के नीचे से निकालकर दिया. उन्होंने कहा, देखो, लड़कियाँ छुपी हुई चीज़ें तलाश देती हैं!'
मैंने मन ही मन सोचा, 'वे खोई हुई आवाज़ भी ढूँढ लेती हैं.'
यह मेरा सूक्ष्म प्रतिरोध था. आज से यही मेरी भाषा होगी.
आज मैंने इस भाषा का पहला वाक्य बोल दिया है."          ... क्रमश:

मंगलवार, 13 जनवरी 2026

स्वैच्छिक पलायन

पिंजरा और पंख-7

लघुकथा श्रंखला : दिनेशराय द्विवेदी

गर्मियों की लंबी छुट्टियाँ आयुष के लिए एक अवांछित कैद बन गई थीं. बोर्डिंग स्कूल की व्यवस्थित दुनिया से निकलकर, उसे अपने ही घर में अजनबी जैसा महसूस हो रहा था. यहाँ कोई घंटी नहीं बजती थी, कोई यूनिफॉर्म नहीं थी, और न ही वह मर्दाना भाईचारा था, जहाँ हर बात का अर्थ सपाट होता था.

यहाँ सब कुछ गहरा और उलझा हुआ था. माँ की चिंताएँ घर-परिवार की थीं, और शगुन... वह अब और भी पढ़ी-लिखी और सवाल पूछने वाली हो गई थी. एक दिन उसने आयुष से पूछा, "तुम्हारे हॉस्टल में कितनी लड़कियाँ हैं?"

सवाल इतना सीधा और अप्रत्याशित था कि आयुष का दिमाग पल भर के लिए खाली हो गया. हॉस्टल की दीवारों पर लिखे नंबर और दोस्तों के मजाक उसकी आँखों के सामने तैर गए. "लड़कियाँ? वहाँ लड़कियाँ नहीं होतीं. सिर्फ... लड़के होते हैं." उसने अटकते हुए जवाब दिया.

"तो फिर लड़कियों के बारे में बात कैसे होती है?" शगुन ने पूछा, उसकी आँखों में एक जिज्ञासा थी जो आयुष को तीर सी चुभ गई.

"बात... नहीं होती," उसने जल्दी से कहा, और टीवी देखने लगा. उस रात उसे नींद नहीं आयी. शगुन के सवाल ने उसके अंदर बेचैनी पैदा कर दी थी, जैसे कोई पर्दा हिल गया हो.

छुट्टियाँ खत्म होने पर उसे राहत मिली. हॉस्टल लौटकर उसने गहरी साँस ली. यहाँ सब कुछ स्पष्ट था. पर यह स्पष्टता लंबे समय तक नहीं टिकी.

दिवाली के बाद, चाचा ने फोन पर खबर दी, "चाची वापस आ गई हैं. अब घर में रौनक रहेगी."

आयुष ने 'बहुत अच्छा' कहा, पर उसका दिल एक भारी पत्थर-सा हो गया. चाची भी. अब घर पर तीन औरतें होंगी. उसकी कल्पना में घर का वातावरण और भी दमघोंटू हो गया. चाय पीते हुए सलाह, कपड़ों पर टिप्पणियाँ, शगुन के उलझे हुए सवाल. एक ऐसी दुनिया जहाँ बोर्डिंग स्कूल वाली भाषा बेकार थी, और जहाँ वह हमेशा उलझन महसूस करने लगता था.

तभी उसकी नज़र नोटिस बोर्ड पर लगे एक पोस्टर पर पड़ी; "एनसीसी विंटर कैंप: अनुशासन, साहस, राष्ट्र सेवा का सुनहरा अवसर!"

यह अंधेरे में अचानक मिली रोशनी थी. कैंप. टेंट. दौड़. ड्रिल. सिर्फ लड़के. कोई औरतें नहीं. कोई उलझे सवाल नहीं. यह उसकी जानी-पहचानी दुनिया का विस्तार था, बल्कि उससे भी बेहतर ... स्वैच्छिक पलायन की राह.

उसने पिता को फोन किया, अपनी आवाज़ में उत्साह भरकर, "पापा, यह एनसीसी कैंप मेरे करियर के लिए बहुत अच्छा रहेगा. प्रमाणपत्र मिलेगा, एकता और अनुशासन सीखूँगा. मैं क्रिसमस पर घर नहीं आ पाऊँगा, यह मेरे भविष्य के लिए ज़रूरी है."

पिता ने सहमति दे दी. चाचा ने कहा, "शाबाश बेटा! जोश देखकर अच्छा लगा."

कैंप की कठोरता आयुष के लिए सान्त्वना भरी थी. यहाँ आदेश और पालन सब कुछ था. सुबह पाँच बजे की घंटी, दौड़, यूनिफॉर्म की शानदार सफाई, ड्रिल की तेज आवाज़ें. एनसीसी अधिकारी की गूंजती कड़क आवाज़, "तुम लड़के हो! नरम मत बनो! देश को अपने कंधों पर जिम्मेदारी लेने वाले सिपाही चाहिए, रोने-धोने वाले जवान नहीं!"

हर दिन शारीरिक थकान से खत्म होता, भरपूर मानसिक शांति मिलती. यहाँ कोई जटिलता नहीं थी. हर जगह ताकत थी. आज्ञापालन था. भावनाओं के लिए कोई स्थान नहीं था.

एक दिन एक जूनियर कैडेट को, जो ड्रिल में लगातार गलती कर रहा था, सबके सामने धूप में खड़ा रहने की सजा दी गयी. उसका चेहरा शर्म और थकान से लाल हो गया था. उसे देख कर आयुष को लड़के पर बिलकुल दया नहीं आयी, बल्कि तीव्र घृणा महसूस हुई. “इतना कमजोर बंदा? सबके सामने शर्मिंदा हो रहा है? वह यहाँ के लायक ही नहीं.” आयुष ने तभी अपने अंदर की आवाज सुनी: "मर्द बनना है, तो ऐसी कमजोरी कभी मत दिखाओ."

कैंप समाप्त हुआ. आयुष को 'उत्कृष्ट कैडेट' का प्रमाणपत्र मिला. वह लौटा तो उसकी चाल में एक नया दबदबा था, कंधे और सीधे थे, निगाहें सीधी और सधी आवाज. अब वह केवल बोर्डिंग स्कूल का सीनियर नहीं रह गया था; बल्कि एक प्रशिक्षित सिपाही था, जिसने स्वेच्छा से कठोरता सीखी और उसे आत्मसात कर लिया था.

हॉस्टल में उसकी वापसी पर एक छोटी सी पार्टी हुई. राजन ने कहा, "अब, हमारा आयुष असली मर्द है!" आयुष ने मुस्कुराकर उसकी पीठ थपथपाई, लेकिन यह मुस्कुराहट उसकी आँखों में नहीं थी. वहाँ एक शून्यता थी, जैसे भीतर सब कुछ व्यवस्थित होकर एक निर्जीव कक्ष में बंद कर दिया गया हो.

एक रात फिर वही पुराना नाटक दोहराया गया. सिद्धार्थ, वही कविता वाला लड़का, फिर से निशाने पर था. इस बार उसने किसी लड़की से फोन पर बात कर ली थी, यह, एक अक्षम्य पाप था.

आयुष अपनी किताब में डूबा था. चीखें सुनकर उसने सिर उठाया. सिद्धार्थ की आँखें, जो हमेशा की तरह मदद माँग रही थीं, उसकी आँखों से मिलीं. पहले की तरह उसे झटका लगा, पर यह झटका इस बार सिर्फ पल भर का विचलन था. उसने कोई भाव नहीं दिखाया. उसने धीरे से किताब का पन्ना पलटा, और पढ़ने में व्यस्त हो गया. उसके कानों में एनसीसी अधिकारी की आवाज़ गूँजी; "तुम लड़के हो! नरम मत बनो!"

उसके अंदर की सारी नरमी पत्थर हो गयी.

कमरा शोर से भर गया था, पर आयुष का ध्यान अपनी साँसों पर केंद्रित था; स्थिर, नियमित. जब सब शांत हो गया तो उसने देखा, सिद्धार्थ कोने में सिसक रहा था. आयुष के भीतर कोई हलचल नहीं हुई. बल्कि उसने संतोष महसूस किया, जैसे कोई कठिन परीक्षा पास कर ली हो.

बाद में शीशे के सामने खड़े होकर उसने अपना प्रतिबिंब देखा. यूनिफॉर्म पर एकदम सही क्रीज, बाल व्यवस्थित. चेहरे पर कोई रेखा, कोई उथल-पुथल नहीं. केवल एक शांत, नियंत्रित रिक्तता. एक परफेक्ट मर्द.

उसे शगुन का विचार आया. पर उसकी याद अब धुंधली थी, बहुत दूर से आते स्वर जैसी, जिसका उसकी मौजूदा हकीकत से कोई संबंध नहीं रह गया था. उसने सही रास्ता चुना था. उसने कमजोरी से पलायन किया था, और अब वह उस ताकत के केंद्र में था, जिसे वह जानता था.

उसने अपने कमरे की लाइट बंद कर दी, और बिना किसी विचार और स्वप्न के, एक गहरी, भारी नींद में डूब गया. उसका पलायन पूरा हो चुका था. अब केवल उसे एक नई, कड़ी हकीकत का सामना करना था, जिसका चुनाव उसने स्वयं किया था.                       ... क्रमश:

सोमवार, 12 जनवरी 2026

नियमावली

पिंजरा और पंख-6

लघुकथा श्रंखला : दिनेशराय द्विवेदी

स्कूल की आखिरी घंटी बजने वाली थी, शगुन की नज़र खिड़की से बाहर उड़ती एक चिड़िया पर टिकी थी, पर कान वैल्यू एजुकेशन की क्लास में प्रिंसिपल मैडम के शब्दों पर थे, उनकी आवाज़ में एक ऐसा आग्रह था जो सुझाव नहीं, बल्कि एक कठोर नियम लगता था.

"और याद रखना, लड़कियों, असली सुंदरता चेहरे पर नहीं, चरित्र में होती है. एक अच्छी लड़की की पहचान उसकी विनम्रता, उसका संयम और परिवार के प्रति त्याग है."

शगुन की उँगली अनायास ही अपनी नोटबुक पर खिसक गई, जहाँ उसने सुबह मनोविज्ञान की क्लास में एक शब्द नोट किया था: "सामाजिक अनुकूलन". उसकी परिभाषा याद आई: “व्यवहार को सामाजिक मानदंडों के अनुरूप ढालने की प्रक्रिया.” एक ठंडी सिहरन सी उसकी रीढ़ में दौड़ गयी. मैडम के शब्द अचानक एक प्रोसेस का हिस्सा लगने लगे, कोई शाश्वत सत्य नहीं. वह एक कुम्हार को प्रतिमाएँ गढ़ने के पहले मिट्टी को तैयार करने में लगा था, बस.

"खुश रहना सीखो," मैडम ने बोलना जारी रखा, "घर की खुशहाली तुम्हारे हाथ में है. एक चिड़चिड़ी, हर बात पर सवाल उठाने वाली लड़की पूरे वातावरण को दूषित कर देती है."

शगुन ने अपने आस-पास देखा. कई सिर गंभीरता से हिल रहे थे. उसने सोचा, क्या वे सब इस 'एक खास साँचे में ढाले जाने’ के प्रोसेस को महसूस नहीं कर पा रही थीं? या फिर, वे पहले ही साँचे में ढल चुकी थीं?

अगले दिन सुबह की असेंबली में, जब सब लड़कियाँ लाइन में खड़ी थीं. एक अलग तरह का पाठ शुरू हुआ. वाइस-प्रिंसिपल, जिनकी नज़रें हमेशा ही छात्राओं को स्कैन करती रहती थीं, अचानक प्रिया के सामने रुक गईं. उन्होंने उसकी स्कर्ट के किनारे को उँगलियों से पकड़कर खींचा.

"यह क्या है?" उनकी आवाज़ कर्कश थी, "स्कर्ट इतनी छोटी क्यों है? और यह ब्लाउज़... क्या यह तुम्हें टाइट नहीं लग रहा?"

प्रिया का चेहरा शर्म और गुस्से से लाल हो गया. तमाम छात्राओं की नज़रें उस पर टिक गईं. मैडम ने सबकी तरफ देखा, यह सबक सब छात्राओं के लिए था.

"लड़कियों, तुम्हारा ध्यान पढ़ाई और संस्कारों पर होना चाहिए, न कि ऐसी चीज़ों पर जो अनुचित ध्यान आकर्षित करें. तुम्हारे शरीर की हर अभिव्यक्ति एक संदेश है. यह संदेश सही होना चाहिए."

उनके शब्द हवा में लटक गए. प्रिया अब सिकुड़ी हुई, अपने आप में समाई खड़ी थी. शगुन के मन में कल पढ़ा हुआ एक और शब्द उभरा” "वस्तुकरण". प्रिया का शरीर, उसकी पोशाक, एक समस्या बन गई थी. एक ऐसी वस्तु जिसका विश्लेषण, आलोचना और सार्वजनिक सुधार किया जा सकता था, ताकि वह देखने वालों को 'उचित संदेश’ दे. शगुन ने अपनी स्कर्ट को नीचे खींच लिया, यह एक स्वचालित, आत्म-सुरक्षात्मक प्रतिक्रिया थी. डर का यह वायरस छूत की तरह फैल गया था.

घर पर चाची की वापसी नई ही थी. विवाह के बाद जब चाचा-चाची के बीच अनबन होने के कारण वह मायके चली गई थीं, अब धुंधली याद बन चुके थे. "मामला सुलझ गया," बस इतना ही कहा गया था, और चाची वापस आ गई थीं. शायद उन नियमों को मान कर, जिन्हें तोड़ना उनके लिए संभव नहीं था.

शाम को एक पारिवारिक समारोह था. माँ ने एक सुंदर, हल्की ज़री वाले सलवार-सूट को हाथ में लेकर वापस रख दिया. वही सूट जो शगुन को पसंद था.

"नहीं बेटा, यह वाला ज़रूरत से ज़्यादा आकर्षक है. तुम्हारी उम्र में सुंदर दिखना अच्छा है, पर 'बहुत' सुंदर दिखने को लोग गलत समझ सकते हैं. बेवजह लोग तुम्हें घूरेंगे. तुम्हारी पढ़ाई और समझदारी ही तुम्हारे लिए असली सुंदरता है."

तभी चाची चाय का कप हाथ में लिए कमरे में आईं. उन्होंने स्थिति भाँप ली और माँ के शब्दों पर मुहर लगा दी, "सही कहा भाभी ने. हम लड़कियों को खुद अपनी सीमाएँ तय करनी पड़ती हैं. वरना ... बाद में पछताना पड़ता है." उनकी आवाज़ के आखिरी शब्दों में थकान और विवशता झलकी, जिसे देख शगुन का दिल एक पल के लिए भारी हो गया. चाची ने यह पाठ शायद स्वयं जीकर सीखा था.

शगुन के भीतर एक तीखा प्रतिवाद उठा. तो क्या सुंदरता एक अपराध है? क्या डर हमारी नियति है? पर उसने कुछ नहीं कहा. उसके चेहरे पर उभरी इस कुंठा और क्रोध को माँ ने भाँप लिया.

माँ उसे खिड़की के पास ले गईं, धीमी आवाज में समझाने लगीं, "मैं समझती हूँ तुम्हें अच्छा नहीं लगा. पर देखो बेटा, आज फंक्शन है. सारे रिश्तेदार वहाँ रहेंगे. ऐसे मौकों पर माहौल खुशनुमा रहना चाहिए. तुम्हारी नाराजगी या जिद से बात बिगड़ सकती है. हम लड़कियों को थोड़ा सहना पड़ता है, ताकि सब की खुशी बनी रहे. तुम्हारी नाराजगी सिर्फ तुम्हारी नहीं रह जाती. उसका असर सब पर पड़ता है."

यह पाठ अब सिर्फ कपड़ों के बारे में नहीं था. यह उसकी खुद की भावनाओं के बारे में था. उसके क्रोध, उसकी इच्छा को दबाकर, दूसरों की सुविधा और 'शांति' को तरजीह देना. उसे सिखाया जा रहा था कि उसकी व्यक्तिगत भावनाएँ सामूहिक भावनात्मक जिम्मेदारी के आगे गौण हो गयी थी. यह आत्म-दमन का पाठ था.

शगुन ने चुपचाप सादा सूट पहन लिया. उसका मन उसके बैग में रखी मनोविज्ञान की किताब में था. किताब में ये सभी शब्द थे, 'सामाजिक अनुकूलन', 'वस्तुकरण', 'आंतरिककरण उत्पीड़न' (Internalized Oppression). वे सिर्फ शब्द नहीं थे; वे चाबियाँ थीं, जो उसकी ज़िंदगी के बक्सों पर ताले लगा रही थीं.

पर इस ज्ञान ने शगुन को अकेलेपन की पीड़ा दी. इसे साझा करने के लिए उसके निकट कोई नहीं था. न प्रिया के साथ, न माँ के साथ, और न चाची के साथ था, जो खुद इसी व्यवस्था की पूर्व-छात्रा और अब सहायक-शिक्षिका बन चुकी थीं.

फंक्शन में जाने से पहले शगुन ने अपने बैग को देखा मनोविज्ञान की किताब वहीं थी. से छूकर उसे कुछ शान्ति मिली. वह जान गई थी कि ये नियम स्वाभाविक नहीं हैं, बनाए गए हैं. वह उन्हें तोड़ नहीं सकती थी. नहीं, अभी नहीं. अभी तो उसने बस उन्हें जानना शुरू किया था.

और पहला पाठ यही था: तुम्हारा शरीर तुम्हारा नहीं, तुम्हारी भावनाएँ तुम्हारी नहीं. दोनों पर नियंत्रण बाहरी है.
उसने सोचा, कल स्कूल में वह अपनी मनोविज्ञान की किताब फिर खोलेगी. शायद अगला अध्याय उसे कोई माकूल जवाब दे.                 ... क्रमश:

रविवार, 11 जनवरी 2026

पाठ

 पिंजरा और पंख-5

लघुकथा श्रंखला : दिनेशराय द्विवेदी

ट्रेन की खिड़की से बाहर धुँधले उजाले में खेत-पेड़ गुजर रहे थे. आयुष की नजर उन पर थी, पर दिख कुछ नहीं रहा था. आँखों के सामने शगुन का चेहरा था, उस आखिरी रात का, जब उसने पूछा था, "क्या तुम्हें कभी लगता है कि तुम खुद को खो रहे हो?"

सवाल अब भी कानों में सरसरा रहा था. उसने जवाब नहीं दिया था. बस चिल्ला दिया था, और चिल्लाने के बाद की चुप्पी सीने पर पत्थर-सी पड़ी थी.

ट्रेन रुकी. बोर्डिंग स्कूल का स्टेशन था. प्लेटफॉर्म पर कदम रखते ही एक गंध ने घेर लिया; पसीना, फिनाइल, पुरानी किताबों की गंध. हॉस्टल की गंध. एक अजीब सी राहत मिली. यहाँ सब स्पष्ट था. नियम, पदानुक्रम, मजाक. यहाँ शगुन जैसे सवाल नहीं थे. यहाँ सब कुछ सतह पर था, और सतह पर ही निपट जाता था.

हॉस्टल के कमरे में राजन ने उसका स्वागत एक गाली से किया. आयुष बेमन से मुस्कुरा दिया. यह रस्म थी. विजय ने बैग की ओर देखा, "घर से मिठाई?"

"कुछ खास नहीं," आयुष ने कहा. बैग में माँ के हाथ के लड्डू थे, पर उन्हें निकालना अब कमजोरी लगता.

शाम को डिनर हॉल में उसने एक नया चेहरा देखा; नौवीं कक्षा का पतला-दुबला लड़का, समर.

"अरे देखो, नया 'कुमारी' आ गया है!" राजन ने ऊँची आवाज़ में कहा.

"क्यों भई, तेरा नाम तो लड़कियों जैसा है," विजय ने कहा, "कविता पढ़ता होगा न?"

समर ने सिर उठाकर देखा, फिर नीचे झुक गया. उसकी चुप्पी और भड़काने वाली थी.

उस रात के बाद समर "सिस्सी" बन गया. धीरे चलना, शर्माना, वगैरा; उसकी हर छोटी हरकत पर टिप्पणी होती. आयुष देखता रहा.

यह इस सत्र का पहला पाठ था: स्त्रीलिंग विशेषताएँ उस पर चस्पा कर दी गईं. समर का "इलाज" शुरू हुआ. उसे जबरन क्रिकेट खिलाया गया, गालियाँ रटाई गईं.

एक दिन लाइब्रेरी में आयुष ने समर को कविता की किताब छुपाते देखा. नजरें मिलीं. समर की आँखों में सवाल था; ‘तुम क्यों नहीं कुछ कहते?’ आयुष ने तुरंत नजरें फेर लीं. उसकी चुप्पी एक सुरक्षा-दीवार थी.

हफ्ते बीते. बातें गहरी और विकृत होती गई. अब सिर्फ हीरोइनें नहीं, सोशल मीडिया की अनजान लड़कियों के प्रोफाइल तोड़े जाते. "देखो इसका नया डीपी. क्या रेटिंग दोगे?"

लड़के स्क्रीन के इर्द-गिर्द झुंड बना लेते. लड़की का चेहरा, उसकी पोस्ट; सब एक कोड की तरह तोड़ा जाता. उसकी इच्छा, व्यक्तित्व सब गायब. वह शारीरिक अंगों का एक सेट बन जाती. जो सबसे "बोल्ड" टिप्पणी करता, वह नायक बन जाता. आयुष चुप रहता. उसकी चुप्पी असहमति नहीं, सहमति थी. यह दूसरा पाठ था: स्त्री एक वस्तु है, और उसका 'ज्ञान' ही पुरुषत्व की पूंजी है.

एक शाम "विशेष व्याख्यान" हुआ. एक बुजुर्ग शिक्षक बोले, "याद रखो, लड़कियाँ ध्यान भटकाने का सबसे बड़ा साधन हैं. प्रेम-प्रसंग मीठा जहर है. अच्छा लड़का वही है जिसका ध्यान केवल पढ़ाई, व्यायाम और खेल पर टिका रहे."

हॉल में सन्नाटा था. आयुष के मन में विचार कौंधा: अगर लड़कियाँ इतनी खतरनाक हैं... तो क्या यह स्त्री-विहीन दुनिया एक लाभ नहीं? हम बचाए गए हैं? यह विचार वीभत्स था, पर उसमें एक सच्चाई भी थी. यह तीसरा पाठ था: स्त्री एक बाहरी खतरा है. यह दुनिया हमारा 'सुरक्षित क्षेत्र' है.

इन पाठों के बीच आयुष ने एक और पाठ सीखा. हॉस्टल की महिला कर्मचारियों के प्रति. वे झाड़ू लगाती थीं, बर्तन साफ करती थीं. पर वे होते हुए भी अदृश्य थीं. लड़के उनसे आँख नहीं मिलाते थे, नाम नहीं जानते थे. उनका श्रम चाहिए था, उनकी मानवता, उनकी संवेदनाएँ नहीं. वे सिर्फ मशीन थी.

फिर वह रात आई. अँधेरे कमरे में केवल मोबाइल स्क्रीन की रोशनी थी. राजन ने एक वीभत्स वीडियो दिखाना शुरू किया. समर फुसफुसाया, "बंद करो... यह गलत है."

कमरे में सन्नाटा. फिर राजन हँसा, "अरे! हमारी 'कुमारी' को तो 'गलत' लगता है!" वह मुड़ा, "अरे आयुष, तेरी बहन है न? कभी उसकी सहेली की फोटो दिखाई है?"

प्रश्न बिजली-सा गुजरा. आयुष के मन में दो छवियाँ टकराईं: उसकी सगी बहन शगुन, और इस कमरे की भाषा की "बहन". एक वस्तु, एक मजाक.

सब की नजरें उस पर थीं. यह परीक्षा थी. शगुन का चेहरा आँखों के सामने तैरा. “तुम खुद को खो रहे हो?”

आयुष ने एक सेकंड के लिए आँखें बंद कीं. जब खोलीं, तो चेहरे पर कोई भाव नहीं था. एक खाली मुस्कुराहट होंठों पर चिपक गई. उसकी आवाज़ सपाट निकली:

"अरे, वो’ वो बहुत साधारण है. बस पढ़ाई में लगी रहती है. कोई फोटो नहीं."

उसने जानबूझकर उसे 'उबाऊ' बना दिया. इस एक झूठ में, आयुष ने हॉस्टल के मूल्यों को अपने सबसे पुराने रिश्ते से ऊपर रख दिया.

कमरे में तालियाँ बजीं. आयुष ने इम्तिहान 'पास' कर लिया था. उसकी जगह सुरक्षित हो गई.

रात को सपना आया. शगुन धुंधली परछाई सी खड़ी थी, "आयुष, तुम कहाँ खो गए?"

आयुष जवाब देना चाहता था, पर मुहँ से वही गालियाँ निकलने लगीं. शगुन की छवि चीखती हुई गायब हो गई.

आयुष हाँफता हुआ जाग गया. कमरे में खर्राटे गूँज रहे थे. उसने अपने हाथ देखे. वही हाथ जिसने शगुन की गुड़िया थामी थी. आँखों में जलन उभरी. गले की पुरानी गाँठ फूल गई. एक सिसकी सीने से टकराकर ऊपर आई. उसने तकिए को जोर से पकड़ लिया. और फिर, बिना आवाज किए, तकिए में मुहँ दबाकर, उसने वह पहला और आखिरी आँसू रोया जो बारह साल की उम्र के बाद कभी नहीं आया था. शरीर एक झटके में काँपा, फिर शांत हो गया.

सुबह जब वह उठा, तो सकी आँखें सूखी और चेहरा पत्थर की तरह सख्त था. दर्पण के सामने यूनिफॉर्म के बटन लगाते हुए उसने अपनी ओर देखा. भीतर का वह लड़का, जिसने रात को आँसू बहाए थे, अब गायब था. उसकी जगह एक खोखला, सही ढंग से ढला हुआ खोल था, जो सभी पाठ याद कर चुका था.

उसने दर्पण से नजर हटा ली, और कमरे से बाहर कदम रख दिया. दिन का पहला पाठ शुरू होने वाला था.                    ...   क्रमशः