@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: साहित्य
साहित्य लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
साहित्य लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 8 जनवरी 2011

कहाँ से मिल गई हम को ये बिजलियों की सिफ़त

र्वीले अतीत की सब लोग बात करते हैं। लेकिन अपने अतीत के गौरव की बात करते समय हमें इस बात पर तनिक भी लज्जा नहीं आती कि वे भी हम ही थे, जिन्हों ने अपने गौरव को मिट्टी में मिला दिया। ऐसी कौन सी बात थी, जिस ने हमारे गौरव को इस अंजाम तक पहुँचाया? और क्या उस चीज से हम अब भी निजात पा सके हैं? इसी बात को शायर शकूर 'अनवर' किस तरह कहते हैं? आप खुद ही देखिए -


ग़ज़ल
कहाँ से मिल गई हम को ये बिजलियों की सिफ़त
  • शकूर 'अनवर'

उठे  तो     सारे  जमाने  पे     छा  गए  हम  लोग
गिरे तो   ज़ात की पस्ती में    आ  गए  हम  लोग


जो  एक     जिन्से-मुहब्बत    हमारी  अपनी  थी
उसी को     बेच के   दुनिया में   खा गए हम लोग


हमारे     आबा-ओ-अजमाद    ने   जो   छोड़े   थे 
वो नक़्श     सारे के सारे     मिटा गए    हम लोग


हम   अपने आप के    दुश्मन   बने हुए हैं    यहाँ
खुद   अपनी राह में    काँटे बिछा गए    हम लोग


कहाँ से मिल गई हम को ये बिजलियों की सिफ़त
जिधर से निकले   वहीं घर   जला गए   हम लोग


निकल के   बहरे-मुहब्बत से   आजकल 'अनवर'
हवस के      अंधे कुवें      में समा गए     हम लोग


शकूर 'अनवर' कोटा के अजीम शायरों में से एक हैं, आप उन का परिचय यहाँ जान सकते हैं।

रविवार, 2 जनवरी 2011

एक दिन हम इन सारी बाधाओं को हटा डालेंगे

ल हम ने बांग्ला साहित्य के शिखर पुरुष गुरुदेव रविन्द्रनाथ टैगोर और आधुनिक हिन्दी साहित्य के आधुनिक युग के मौलिक निबंधकार, उत्कृष्ट समालोचक एवं सांस्कृतिक विचारधारा के प्रमुख उपन्यासकार आचार्य हज़ारी प्रसाद द्विवेदी के कुछ उद्धरण स्मरण किये थे। द्विवेदी जी का कहना था "हम ऊपर से कितने ही खंड रूप और ससीम क्यों न हों, भीतर से निखिल जगत के साथ 'एक' हैं। साहित्य हमें प्राणीमात्र के साथ एक प्रकार की आत्मीयता का अनुभव कराता है। वस्तुतः हम अपनी उसी 'एकता' का अनुभव करते हैं।" 
गुरुदेव इस एकता में द्वैत के दर्शन भी कराते हैं, वे कहते हैं  "लोभ के इस संकीर्ण ऐक्य के साथ सृष्टि के ऐक्य का, रस-साहित्य, और ललित कला के ऐक्य का संपूर्ण प्रभेद है। निखिल को छिन्न करने से लोभ होता है और निखिल को एक करने से रस होता है। लखपति महाजन रुपए की थैली ले कर 'भेद' की घोषणा करता है, गुलाब 'निखिल' का दूत है, वह 'एक' की वार्ता को ले कर फूटता है। जो 'एक' असीम है, वही गुलाब के नन्हे हृदय को परिपूर्ण कर के विराजता है।"
म इस द्वैत का अनुभव हमारे जीवन में पग-पग पर करते हैं। हम पहले मनुष्य को ही खाँचों में बाँट देते हैं। वह अमरीकी है, यह जर्मन है, कोई अंग्रेज तो कोई जापानी, वह पाकिस्तानी है तो मैं भारतीय हूँ। हम भारतीय तक भी आ कर नहीं रुकते। मैं हिन्दू हूँ तो वह मुसलमान है और वह ईसाई। हिन्दुओं में भी सिक्ख अलग हैं और जैन अलग। हमारे इस पावन भारतवर्ष में पवित्रता और अपवित्रता का खास ध्यान भी रखा जाता है, वह अवर्ण है, क्यों कि वह अपवित्र काम करता है। मैं सवर्ण हूँ, क्यों कि मैं पवित्र काम करता हूँ। फिर सवर्णों में भी ब्राह्मण, क्षत्रीय, वैश्य हैं। महानगरों में यह पहचान धूमिल हुई है तो वहाँ धनसंग्रह ने वह काम कर दिखाया है। जिन लोगों के पास अकूत धनराशि है तो उन्हों ने अधिकांश साधनों पर अधिकार कर लिया है और वे अब काम नहीं करते सिर्फ कराते हैं। काम करने वाले और काम कराने वाले का प्रभेद दिखने लगा है। जो श्रम कर रहा है वह निम्न कोटि का है और जो श्रम खरीद रहा है वह श्रेष्ठ है। जिधर भी हम देखते हैं उधर द्वैत है। कहीं तो एक्य नहीं है। 
विज्ञान भी ऐसा ही कुछ दिखा रहा है। पहले सोचते थे अणु ही सब से छोटा कण है, फिर हमें परमाणु का पता लगा। फिर परमाणु में हमें इलेक्ट्रॉन, प्रोटोन और न्यूट्रोन दिखाई देने लगे। एक को खोदा तो तीन निकल आए। फिर पता लगा कि प्रोटोन और न्यूट्रोन भी ऋणात्मक और धनात्मक प्रकार के समान संहति वाले कणों से बने हैं जिन्हें क्वार्क के नाम से जाना गया। वहाँ अभी आगे खोज जारी है। लेकिन यह खोज उस तरफ बढ़ रही है जिस के संकेत कहते हैं कि ऊर्जा और पदार्थ दोनों एक ही प्रकार के कणों या तरंगों से बने हैं। इस तरह विज्ञान संकेत दे रहा है कि आखिर एक ही वस्तु है जिस से निखिल विश्व निर्मित है। वह भी हमें इस असीम एक की और ले जा रहा है। 
मैं निखिल विश्व की उस असीम एकता का अनुभव कर के, आनंद से अभिभूत हो उठता हूँ। खो जाता हूँ, अपने आप में। मेरा अपना आप इतना विस्तार पा गया है कि मैं ब्रह्म हो उठा हूँ। मैं असीम हो चला हूँ। जो कुछ है सब मुझ में ही समाहित है। सभी कुछ मैं ही हूँ, सब मेरे ही अंग हैं। मुझ से परे कोई नहीं। काशी के घाट पर गंगास्नान करता हूँ और गीले वस्त्रों से ही चल पड़ता हूँ, विश्वनाथ के दर्शनों के लिए। राह में कोई छू देता है। देखता हूँ वह मेहतर है, सफाई करने का झाड़ू उठाए हुए। मेरा स्वप्न टूट जाता है। विश्व के प्रभेद सामने आ खड़े होते हैं। मुझे छू देने की हरकत के लिए मैं उसे डाँटता हूँ, उस ने कोई अपराध कर दिया  है, वह अपराधी है, मुझे अवसर मिले तो मैं उसे निश्चित ही कठोर दंड दूँ।
साहित्य  हमें इस एक्य की और ले जाता है, लेकिन बहुत सी चीजें हैं जो हमें पकड़ कर वापस द्वैत में ले आती हैं जैसे मेरे मन में पैठा हुआ छूत-अछूत का विचार। क्यों नहीं मैं उस विचार को अपने भीतर से निकाल फैंकता। पर भीतर से निकाल कर फैंकने से क्या होगा? समाज में तो ये प्रभेद भरे पड़े हैं, वह गुलाब नहीं है, वह कोई बदबूदार चीज बन गई है। मैं उसी का एक अंग बना हुआ हूँ। जैसी बदबू मैं महसूस कर रहा हूँ, वैसी ही बदबू मुझे मेरे अंदर से आने लगती है। मैं अपनी ही नाक बंद कर लेता हूँ। लेकिन कब तक नाक को बंद रख सकता हूँ। ऐसे तो श्वास ही बंद हो लेगी। फिर प्राणवायु कहाँ से मिलेगी? मैं जीवित कैसे रह पाउंगा? मैं नाक को खोल देता हूँ। बदबू का एक असहनीय भभका नाक के अंदर घुस पड़ता है। यह कैसी अवस्था है? एक ओर खाई तो दूसरी ओर कुआँ है। जीना दूभर है, कभी भी प्राण जा सकते हैं। अब तो कुछ करना ही होगा। 
मैं उन प्रभेदों को नष्ट करने का मार्ग तलाशने लगता हूँ। जात-पाँत तोड़ डालना चाहता हूँ, धर्मों की दीवारें समाप्त कर देना चाहता हूँ, मैं मालिक मजदूर का भेद समाप्त कर देना चाहता हूँ। क्यों रहें ये वर्ग? क्यों नहीं हो सकता मनुष्य एक? हो सकता है, अवश्य हो सकता है। सभी प्रकृति हैं, उसी से बने हैं, उन्हें तो एक होना ही है। हम बाधा बनेंगे तो देरी से होगा।  हम बाधाओं को हटाएंगे तो शीघ्रता से। मैं निकल पड़ता हूँ, उन बाधाओं को हटाने के लिए। बहुत से साथी मिलते हैं जो पहले से इन बाधाओं को हटाने में लगे हैं। कुछ इन बाधाओं को हटाते हटाते सदैव के लिए छोड़ चले जाते हैं। उन से कुछ अधिक नए साथ हो लेते हैं। पहले काफिला बना था। अब तो अनेक काफिले दिखाई देते हैं। हमें विश्वास है, एक दिन हम इन सारी बाधाओं को हटा डालेंगे। एक्य को प्राप्त कर लेंगे। 
आप क्या करना चाहते हैं? आ रहे हैं हमारे साथ एक्य के मार्ग की बाधाएँ हटाने, या बने रहना चाहते हैं, बाधा ही?

शनिवार, 1 जनवरी 2011

साहित्य की साधना : निखिल विश्व के साथ ऐकत्व अनुभव करने की साधना

नुष्य एक सामाजिक प्राणी है, इसलिए वह जिस प्रकार अपने क्रियाकलाप में सामाजिक बना रहता है, उसी प्रकार विकार में भी। उस के इस सामाजिकपन का ही परिणाम है कि वह -
  1. अपने आप को नाना रूपों में अभिव्यक्त करना चाहता है,
  2. अन्य लोगों के करने-धरने में रस लेता है,
  3. अपने इर्द-गिर्द की वास्तविक दुनिया को समझना चाहता है, तथा
  4. कल्पना द्वारा एक ऐसी दुनिया का निर्माण करने में रस पाता है जो वास्तविक दुनिया  के दोषों से रहित हो। 
ये ही चार मूल मनोभाव हैं जो मनुष्य को साहित्य की तथा अन्य अनेक प्रकार की रचनाओं के लिए उद्योगी बनाए रखते हैं। इस का अर्थ यह हुआ कि मनुष्य के जीवन में ही वे उपादान मौजूद हैं जो उसे साहित्य की सृष्टि के लिए प्रेरित करते हैं; साथ ही इन्हीं मूल मनोभावों का यह परिणाम है कि वह दूसरों की रचना देखने, सुनने और समझने में रस पाता है। वस्तुतः हम ऊपर से कितने ही खंड रूप और ससीम क्यों न हों, भीतर से निखिल जगत के साथ 'एक' हैं। साहित्य हमें प्राणीमात्र के साथ एक प्रकार की आत्मीयता का अनुभव कराता है। वस्तुतः हम अपनी उसी 'एकता' का अनुभव करते हैं।                                                                   -आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी  


इसी संदर्भ में गुरुदेव रविन्द्रनाथ कहते हैं-
... मैं जब रुपया कमाना चाहता हूँ तो मेरा रुपया कमाने की नाना भाँति की चेष्टाओं और चिंताओं के भीतर भी एकता वर्तमान रहती है। विचित्र प्रयास के भीतर केवल एक ही लक्ष्य की एकता अर्थकामी को आनन्द देती है। किन्तु यह एक्य अपने उद्देश्य में ही खंडित है, निखिल सृष्टि-लीला से युक्त नहीं है। पैसे का लोभी विश्व को टुकड़े-टुकड़े कर के -झपट्टा मार कर -अपनी धनराशियों को इकट्ठा करता है। लोभी के हाथ में कामना की वह लालटेन होती है जो केवल एक विशेष संकीर्ण स्थान पर अपने समस्त प्रकाश को 'संहत' करती है। बाकी सभी स्थानों से उस का सामंजस्य गहरे अन्धकार के रूप में घनीभूत हो उठता है। अतएव लोभ के इस संकीर्ण ऐक्य के साथ सृष्टि के ऐक्य का, रस-साहित्य, और ललित कला के ऐक्य का संपूर्ण प्रभेद है। निखिल को छिन्न करने से लोभ होता है और निखिल को एक करने से रस होता है। लखपति महाजन रुपए की थैली ले कर 'भेद' की घोषणा करता है, गुलाब 'निखिल' का दूत है, वह 'एक' की वार्ता को ले कर फूटता है। जो 'एक' असीम है, वही गुलाब के नन्हे हृदय को परिपूर्ण कर के विराजता है। कीट्स अपनी कविता में 'निखिल-एक' के साथ एक छोटे से ग्रीक पात्र की एकता की बात बता गए हैं; कह गए हैं कि 'हे नीरव मूर्ति ! तुम हमारे मन को व्याकुल कर के समस्त चिंताओं को बाहर ले जाते हो, जैसा कि असीम ले जाया करता है।' क्यों कि अखंड 'एक' ही मूर्ति, किसी आकार में भी क्यों न रहे, 'असीम' को ही प्रकाशित करती है; इसीलिए अनिर्वचनीय है। मन और वाक्य उस का  कूल-किनारा न पा कर लौट आया करते हैं। [ विश्वभारती पत्रिका चैत्र -1999, पृ.110-111]

आचार्य हजारीप्रसाद द्विवेदी पुनः कहते हैं -
साहित्य की साधना निखिल विश्व के साथ एकत्व अनुभव करने की साधना है, इस से वह किसी अंश में कम नहीं है। जो साहित्य नामधारी वस्तु लोभ और घृणा पर आधारित है, वह साहित्य कहलाने के योग्य नहीं है। वह हमें विशुद्ध आनंद नहीं दे सकता। 
हार, निद्रा, भय आदि मनोभाव समस्त प्राणियों में समान हैं। मनुष्य जब इन की पूर्ति करता रहता है तो वह अपने उस छोटे प्रयोजन में उलझा रहता है जो पशुओं के समान ही है। बहुत प्राचीन काल से पशु-सामान्य प्रवृत्तियों को मनुष्य ने तिरस्कार के साथ देखा है। वह इन तुच्छताओं से ऊपर उठ सका है, यही उस की विशेषता है। जो बातें हमें जिन तुच्छताओं का दास बना देती हैं; या तुच्छताओं को ही मनुष्य का असली रूप बताती हैं, वे मनुष्य के चित्त से उस के महत्व को, उस के वैशिष्ट्य को और उस के वास्तविक रूप को हटा देती हैं। वे लोभ और मोह का पाठ पढ़ाती हैं। साहित्य वे नहीं हो सकतीं, क्यों कि उन की शिक्षा से मनुष्य खंड की साधना करता है, विभेद और तुच्छता को बड़ा समझने लगता है और सारे विश्व के साथ एकत्व की अनुभूति से विरत हो जाता  है।  
...... सभी उद्धरण आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी की पुस्तक साहित्य का साथी से

तो नये वर्ष में हम संकल्प लें,  कि हम मनुष्य हो कर मनुष्यता की ओर बढ़ेंगे, अपनी पशुता को सीमित करेंगे। सारे विश्व के ऐकत्व की ओर अपने कदम बढ़ाएंगे। 

कत्व के इसी नए संकल्प के साथ, नव-वर्ष सभी के लिए मंगलकारी हो!!!

मंगलवार, 28 दिसंबर 2010

अपनी गरदन पे खंजर चला तो चला

कूर 'अनवर' न केवल एक अज़ीम शायर हैं, बल्कि शहर में अदब और तहज़ीबी एकता के लिए काम करने में उन का कोई सानी नहीं। हर अदबी कार्यक्रम में उन्हें कुछ न कुछ करते देखा जा सकता है। अनेक कार्यक्रमों की सफलता में उन की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। हर साल मकर संक्रांति के दिन उन के घर अदबी जश्न होता है जिस में हिन्दी, उर्दू और हाड़ौती के लेखक, कवि, शायर ही नहीं हाजिर होते, मेरे जैसे तिल्ली के लड्डुओं और पतंग उड़ाने के शौकीन भी खिंचे चले आते हैं। उन का पहला ग़ज़ल संग्रह 'हम समन्दर समन्दर गए' 1996 में प्रकाशित हुआ था। उस के बाद 'विकल्प' जन सांस्कृतिक मंच ने उन के लघु काव्य संग्रह 'महवे सफर' प्रकाशित किया। हिन्दी-उर्दू की प्रमुख पत्रिकाओं हंस, कथन, काव्या, मधुमति, शेष, अभिव्यक्ति, समग्र दृष्टि, कथाबिंब, नई ग़ज़ल, सम्बोधन, अक्षर शिल्पी, गति, शबखून, शायर, नख़लिस्तान, तवाजुन, इन्तसाब जदीद फिक्रो-फन, परवाजे अदब, ऐवाने उर्दू, पेशरफ्त, असबाक़ आदि में उन की रचनाएँ प्रकाशित हुई हैं और होती रहती हैं। वे उर्दू स्नातक हैं और उर्दू के अध्यापक भी। उन का मानना है  कि समाज का मिजाज गैर शायराना भी है, जिस से सामान्य व्यक्ति के बौद्धिक स्तर और कलाकृतियों के बीच एक  दूरी बनी रहती है। इस स्थिति से उबरने के लिए रचनाकारों को मनुष्य जीवन और समाज का गहराई से अध्ययन करते हुए समाज के साथ संवाद स्थापित करना चाहिए। उन की कोशिश रहती है कि उन की रचना आम लोगों के सिर पर गुजर जाने के स्थान पर उन के दिलों में उतर जाए। यहाँ पेश है उन की एक ग़ज़ल, कैसी है? यह तो बकौल खुद शकूर 'अनवर'  आप ही बेहतर बता सकेंगे।


इश्क में  अपना सब कुछ  लुटा तो  चला
दिल की ख़ातिर मैं सर को कटा तो चला

राह  की  मुश्किलें  हमसफ़र  बन   गयीं
साथ   मेरे    मेरा    क़ाफ़िला   तो   चला

देख   मरने   की   ख़ातिर   मैं   तैयार  हूँ
ओ   सितमगर   तू  तेग़े-जफ़ा  तो  चला

कितने  दिन  हुस्न  की  ये  हुकूमत चली
उम्र   ढलने  से   उन  को   पता  तो  चला

नफ़रतों   की   दिलों   से   घुटन  दूर  कर
कुछ   मुहब्बत  की  या  रब हवा तो चला

कैसे     ठहरेगा    खुर्शीद      के     सामने
रात  भर  जो   जला  वो   दिया  तो  चला

जान   'अनवर'   वफ़ा   में   गई   तो  गई
अपनी  गरदन  पे  खंजर  चला  तो  चला


शकूर अनवर के घर मकर संक्रांति पर सद्भावना समारोह का एक दृष्य


शुक्रवार, 19 नवंबर 2010

आप ने कुत्ता पाला या नहीं?

हो सकता है आप ने भी कुत्ता पाल रखा हो, यह भी हो सकता है कि आप ने कुत्ते पाल रखे हों। लेकिन मैं ने कभी कुत्ता नहीं पाला। पर इस का ये मतलब कतई नहीं है कि मैं कुत्तों को नापसंद करता हूँ। वे मुझे अक्सर बुरे भी नहीं लगते। लेकिन मुझे उन्हें पालना कतई पसंद नहीं है। यहाँ तक कि मुझे उन्हें रोटी डालना या कुछ खिलाना भी पसंद नहीं है। होता यह है कि आप ने किसी कुत्ते को रोटी डाली नहीं कि वह रोज उसी वक्त आप के घर के बाहर आ कर पूंछ हिलाना शुरू कर देता है। अब उस दिन आप के यहाँ रोटी नहीं है तो आप का मन उदास हो जाएगा। बेचारा कुत्ता दुम हिला रहा है और आप के पास उस के लिए रोटी नहीं है। आप उसे भगाना चाहेंगे तो वह भागेगा नहीं, इधर उधर देखने लगेगा, कुछ देर बाद फिर से आप की और ताकेगा और दुम हिलाएगा।
मेरे नए घर में एक दिन मेरे कनिष्ट साथी आए, मैं छत पर था वे सीधे दफ्तर में घुस गए। मैं छत से नीचे उतर रहा था तो मेरी निगाह गेट की ओर गई तो देखा गेट खुला है और अंदर एक कुत्ता खड़ा है। मैं ने उसे बाहर निकाल कर गेट लगा  दिया। दो-तीन मिनट बाद ही गेट के बाहर से कुत्तों के भोंकने और एक दूसरे को गरियाने की आवाजें आने लगीं। मैं ने गेट खोला तो जो कुत्ता गेट के अंदर आया था वह गेट से चिपका खड़ा था और मुहल्ले के कुत्ते उस पर भोंक रहे थे। गेट के बाहर मुझे देखते ही सब चुप हो गए। मेरे कनिष्ट दौड़ कर आए और कहने लगे यह कुत्ता मेरे साथ आया है और दूसरे मुहल्ले का होने के कारण आप के मुहल्ले के कुत्ते इस पर भोंक रहे हैं। उस की यहाँ उपस्थिति उन्हें यहाँ बर्दाश्त नहीं हो रही है। मैं ने उस कुत्ते को अंदर ले कर गेट लगा दिया। मुहल्ले के कुत्ते चले गए। कुत्ता गेट के पास ही बैठ गया। मैं ने कनिष्ट से पूछा क्या आप ने पाल रखा है। उन का जवाब था, पाल तो नहीं रखा, लेकिन उसे रोज रोटी डालते हैं इस लिए हिल गया है। हमारे पीछे-पीछे चल देता है। मुहल्ले की सीमा आते ही हम उसे वापस भेज देते हैं। आज भूल गए जिस से साथ आ गया। यह हमारे गेट के बाहर बैठा रहता है। इस से घर की सुरक्षा रहती है।
निष्ठ जी और कुत्ते का रिश्ता बड़ा अजीब था। कुत्ते को रोटियाँ चाहिए थीं वे कनिष्ठ जी ने उस पर दया कर के डालना आरंभ किया था। फिर कुत्ते ने रोटियां चुकाने के लिए घर की पहलेदारी आरंभ कर दी। अब उन में अनन्य संबंध स्थापित हो चुका था। वैसे हमारे यहाँ रिवाज है कि पहली रोटी गाय को डाली जाती है और बची हुई कुत्ते को। लेकिन यदि आप ने कुत्ता पाल लिया तो उस के लिए रोटियाँ बनानी पड़ती हैं। अपनी पसंद का कोई खास कुत्ता पालना हो तो उस के नखरे भी उठाने पड़ते हैं। उस के लिए खास भोजन लाना पड़ता है, उसे नहलाना, टहलाना पड़ता है, और भी न जाने क्या क्या करना पड़ता है। अक्सर बड़े बड़े घरों, कोठियों और बंगलों में कुत्ते पाले जाते हैं, वहाँ लिखा होता है, कुत्तों से सावधान! आप ने जैसे ही बंगले की कॉलबेल बजाई नहीं कि कुत्ता भोंकना आरंभ कर देता है। जैसे घन्टी बजा कर आपने अपराध कर दिया हो। वैसे भी कॉलबेल का काम पूरा हो चुका होता है और आगे का कर्तव्य कुत्ता पूरा करता है। कुत्ते की आवाज सुन कर अक्सर कोई बंगले में दिखाई देने लगता है। अगर वह आप को जानता है तो कुत्ते को बांध देता है। यदि कुत्ता पहले से बंधा होता है तो कहता है आप बैखोफ अंदर आ जाइये, कुत्ता कुछ नहीं करेगा। मेरी धारणा है कि सब बड़े-बड़े लोग कुत्ते पालते हैं, कुत्तों के बिना उन का काम नहीं चल सकता। 
कुत्ते बड़े लोगों के बहुत काम सरकाते हैं। जैसे कोई बड़ा उद्योग लगाना हो तो पहले कुत्ता पालना पड़ता है। कोई भी बड़ा काम करना हो तो कुत्ता पालना जरूरी है, वर्ना वह भोंकने लगेगा और सब को पता लग जाता है आप क्या करने जा रहे हैं और क्यों करने जा रहे हैं। इस तरह कुत्ते पालना बड़े लोगों के लिए जरूरी कर्म है। कुत्ता पाल लिया तो वह आप की ओर से दूसरों पर भोंकता है, आप सुरक्षित रहते हैं। बड़े आश्चर्य की बात तो यह है कि एक बड़े आदमी ने पिछले दिनों कहा कि वह हवाई जहाज कंपनी चलाना चाहता था। लेकिन उस के लिए कुत्ते पालना जरूरी था और उसे कुत्ते पालना पसंद नहीं था। मुझे इस बयान पर ज्यादा आश्चर्य नहीं हुआ, क्यों कि मैं पहले से जानता हूँ कि कुत्ते पाले बिना कोई भी उद्योग लगाना और चलाना संभव नहीं है। मैं ही क्या यह बात तो सभी जानते हैं, यहाँ तक कि बच्चा-बच्चा जानता है। मुझे आश्चर्य तो इस बात पर हुआ कि वे दूसरे उद्योग कैसे चला रहे हैं?
ब भले ही यह बयान उन बड़े आदमी ने गलती से दिया हो, पर इस से बड़े आदमियों पर संकट आ गया। संकट कुत्तों पर और उन के मुखियाओं पर भी आया। आखिर यह बात दूसरे बड़े आदमी कैसे सहन करते? यह समझा जाने लगा कि सब बड़े लोग कुत्ते पाल कर ही कारोबार चलाते हैं। दूसरे ने तपाक से कहा कि किसी कुत्ते में हिम्मत नहीं कि रोटी के लिए मेरे सामने दुम हिलाए। एक संन्यासी भी मैदान में आ गए, कहने लगे कि कुछ कुत्ते उन से दुम हिलाते रोटियाँ मांगने आए थे लेकिन उन्हों ने उस की शिकायत उन के मुखिया से की तो मुखिया ने कहा कि कुत्तों को आप से रोटियाँ ऐसे नहीं मांगनी चाहिए थीं जिस से लगे कि वे अपने लिए मांग रहे हों। उन्हें रोटियाँ किसी आश्रम के लिए मांगनी चाहिए थीं। 
खैर, बात कुछ भी हो। यह बात तो सर्व सिद्ध है कि कुत्तों के बिना कारोबार नहीं चल सकता। कुछ खुले आम कुत्ते पालते हैं, कुछ चुपके-चुपके। कुछ पालते तो हैं पर सब के सामने मानते नहीं कि, पालते हैं। मेरा दृढ़ विश्वास है कि कुत्तों के बिना कारोबार एक कदम भी नहीं चल सकता। जो लोग बिना कुत्ते पाले कारोबार चलाने की बात करते हैं, वे या तो निरे बेवकूफ हैं और कारोबार डुबोने में लगे हैं; या फिर वे होशियार बनने की कोशिश करते हैं। गुपचुप तरीके से अंडरग्राउंड में कुत्ते पालते हैं और साफ मुकर जाते हैं कि वे कुत्ते पालते हैं या उन्हें रोटियाँ डाल कर हिलाते हैं। वे जानते हैं कि कुत्ते पालने की यह तकनीक कुछ लोग और सीख गए तो कम्पीटीशन बढ़ जाएगा, इसी लिए झूठ-मूट मना करते हैं। वैसे मैं भी एक निरा बेवकूफ आदमी हूँ। बड़ा होने का गुर जानते हुए भी कुत्ते नहीं पालता। शायद मैं बड़ा ही नहीं बनना चाहता। पर आप बताएँ कि आप का क्या इरादा है? कुत्ते पालने का? या मेरी तरह बने रहने का? 

शुक्रवार, 12 नवंबर 2010

पल्ला झाड़

खुलने लगें जब राज
न लगें लोग जब साथ
तब खिसियाहट होती है
बिल्ली खंबा नोचती है।


जब पता लगता है
कि एक निरा मूर्ख
नौ बरस तक
उन का भगवान स्वरूप
एक-छत्र नेता बना रहा 

तब यही बेहतर कि
भक्त-गण ऐसे भगवान से
पल्ला झाड़ लें
  • दिनेशराय द्विवेदी

गुरुवार, 11 नवंबर 2010

गृहस्वामी, गृहस्वामिनी, शरलक होम्स औऱ रुस्तमे-हिन्द

कान बीस साल पहले बनना आरंभ हुआ था। पहले दो कमरे, रसोई, स्टोर, बरांडा और टॉयलट बनाया गया। दस साल बाद उन में कुछ परिवर्तन कर के एक बड़ा हॉल, एक शयनकक्ष और एक टॉयलट और जोड़ दिया गया और एक कमरे के आकार में वृद्धि कर दी गई। पाँच साल बीते होंगे कि यह भी छोटा पड़ने लगा। साथ ही मकान की डिजाइन असुविधाजनक लगने लगी। आज की जरूरतों के मुताबिक उसे दुरुस्त करने में बहुत पैसा लगना था। इस लिए एक नया भूखंड खरीदने की योजना बनाई गई। भूखंड की तलाश जारी थी, पर इस पर मकान तभी बन सकता था जब पहले मकान को बेच दिया जाए। गृहस्वामी ने मकान बाजार में खड़ा कर दिया। उस के खरीददार पहले आ गए। समस्या यह थी कि इसे बेचने का सौदा कर दिया तो रहेंगे कहाँ? तब एक मित्र काम आए। उन का मकान नया बना था और वे खुद उस में साल भर बाद रहने जा रहे थे। गृहस्वामी ने मौके का इस्तेमाल किया और उस मकान में रहने आ गए और अपना मकान बेच दिया। कुछ ही दिनों में भूखंड भी खरीद लिया गया। अगले सप्ताह से गृहस्वामी उस पर निर्माण आरंभ कराने वाले हैं।
मित्र के मकान में आए हुए कुछ ही समय हुआ था कि गृहस्वामी को जयपुर जाना पड़ा। जिन के साथ जाना हुआ वे जयपुर की फीणी के शौकीन हैं, वह भी सांभर वाले की फीणी लाजवाब के। उन्हों ने एक किलो खरीदी तो गृहस्वामी भी आधा किलो खरीद लाए। रात को जब घऱ पहुँचे तो खूबसूरत गोल डब्बे में पैक फीणी गृहस्वामी ने अपनी गृहस्वामिनी को सौंप दी। गृहस्वामिनी ने दो दिन बाद ही उस पर चीनी की चाशनी चढ़ा कर उसे मीठी कर दिया। अब इस फीणी चढ़े डब्बे ने भोजन कक्ष में खुलते रसोई के द्वार के बाहर रखे रेफ्रीजरेटर के ऊपर अपना अड्डा जमा लिया। जब जी चाहे डब्बे में से निकाल कर एक फीणी प्लेट में रखो और उस का स्वाद लो। इस बीच जितने भी बालक मेहमान आए सभी ने उस फीणी का स्वाद लिया। 
लेकिन फीणी के चक्कर में कोई और भी था। एक दिन सुबह गृहस्वामिनी उठी तो उस ने पाया कि डब्बे का ढक्कन उठा हुआ है। यानी फीणी किसी ने चुराई थी। अब घर में तो इस बीच गृहस्वामी और गृहस्वामिनी के अलावा कोई और तो आया नहीं था। गृहस्वामिनी ने तुरंत गृहस्वामी के थाने में रपट दर्ज कराई। गृहस्वामी को घरेलू मोर्चे पर एक तफ्तीश मिल गई। मौका-ए-वारदात और आस-पास का मुआयना किया गया। घर के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे, चोर कहाँ से आया था इस का पता लगाना कठिन था, खिड़कियाँ आदि भी देख ली गईं। कोई सुराग लग ही नहीं रहा था। गृहस्वामी के अदालत जाने का वक्त हो चला था और वे अभी तक हजामत तक नहीं बना सके थे। 
गृहस्वामी ने तफ्तीश को शाम तक के लिए मुल्तवी किया और तुरंत अपना हजामत का डब्बा संभाला। वाश बेसिन पर पहुँचे तो उन की निगाह उस से निकल कर नीचे जा रहे पाइप पर पड़ी। उस की जाली कुछ हटी हुई थी। पाइप निकाल कर देखा तो वह जाली के अंदर-अंदर कटा हुआ था। गृहस्वामी के भीतर का शरलक होम्स तुरंत जागृत हुआ और मामूली दिमागी कसरत से पता लग गया कि चोर कौन हो सकता है। चोर ने घर में प्रवेश का जो मार्ग बनाया था उसे बंद किया गया उसे तुरंत बंद किया गया। इस बड़े ऑपरेशन से निबटने के बाद ही गृहस्वामी हजामत का अभियान आरंभ कर पाए। हजामत आरंभ होने के पहले तक देख लिया गया था कि और तो कोई स्थान ऐसा नहीं कि चोर घर में प्रवेश कर सके। अब गृहस्वामिनी और गृहस्वामी निश्चिंत थे कि चोर से घर सुरक्षित हो चुका है। लेकिन उन का यह भ्रम दूसरे दिन सुबह ही टूट गया। दूसरे दिन सुबह जब गृहस्वामिनी सो कर उठी तो पाया कि फीणी के गोल डब्बे का ढक्कन फिर से उठा हुआ है।
पिछले दिन बंद किए गए चोर-मार्ग की जाँच की गई, वह स्थान सुरक्षित पाया गया। फिर से पूरे घर का निरीक्षण किया गया। कोई स्थान नहीं था जहाँ से चोर घर में घुस सके। शरलक होम्स ने अपना विचार दिया कि चोर घर छोड़ कर गया ही नहीं कहीं घर में ही छुपा हुआ है। फिर से घर की तलाशी आरंभ हो गई। पूरी तलाशी के बाद भी पता नहीं लग सका कि चोर आखिर छुपा कहाँ है? अब तो एक ही मार्ग था कि चोर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया जाए। गृहस्वामिनी ने सुझाया कि दो बरस पहले जब पुराने घर में ऐसे ही चोर घुस आए तब एक जाल खरीदा गया था, क्यों न उस का उपयोग कर लिया जाए? गृहस्वामी को इस में क्या आपत्ति हो सकती थी। तुरंत सुझाव पर अमल किया गया। जाल में कुछ रोटियाँ रख दी गईं। रात को जाल के पास से आवाजें आने लगीं, तो गृहस्वामी और गृहस्वामिनी दोनों प्रसन्न हुए कि तरकीब काम कर गई, चोर पकड़ा गया। 
सुबह उठ कर देखा तो जाल की दुर्दशा हो चुकी थी, रोटी गायब थी। लगता था चोर कुछ रुस्तमे हिन्द टाइप का था और जाल उस के लिए पर्याप्त नहीं था। रुस्तमे हिन्द इस सस्ती किस्म के हवालात में बंद होने को तैयार न थे इस लिए तय पाया कि उन के लिए नया, मजबूत और बड़े आकार का जाल लाया जाए। आखिर शाम को दोनों पति-पत्नी शॉपिंग के लिए निकले और पूरे सवा सौ रुपए खर्च कर नया जाल खरीद कर लाए। इस रात उस का उपयोग किया गया। पर सुबह फिर नतीजे के नाम सिफर था। जाल में रखी रोटियाँ बदस्तूर अपने स्थान पर मौजूद थीं। फीणी के डब्बे का ढक्कन रोज उठा हुआ मिलता था। अब गृहस्वामी पूरी तरह निराश हो चले थे। घर में आने जाने के सब मार्ग बंद हैं, आखिर चोर छुपा कहाँ है।
गली रात को जब गृहस्वामिनी सो चुकी थी और गृहस्वामी सोने जा रहे थे तब अचानक शरलक होम्स के दिमाग की बत्ती जल उठी। समझ आ रहा था कि जब फीणी का डब्बा आसानी से उपलब्ध है तो इस गच्च माल को छोड़ कर कौन उल्लू का पट्ठा रोटी की और झाँकने वाला था। हमारे रुस्तमें हिन्द से तो ऐसी अपेक्षा करना मूर्खता के सिवा कुछ नहीं। शरलक होम्स को अफसोस हो रहा था कि दिमाग की बत्ती इतनी देर से क्यूँ रोशन हुई? गृहस्वामी ने तुरंत सारी भोजन सामग्री भोजन कक्ष से हटा कर रसोई में बंद की और एक फीणी निकाल कर जाल में चारे की जगह लगा कर सोने चले गए। 
गली सुबह सफलता शरलक होम्स के कदम चूम रही थी। रुस्तमे हिंद जाल में चीख रहे थे। सांभर वाले की फीणी के शौक ने उन्हें हवालात में डाल ही दिया था। दिन भर उन्हें हवालात में बंद रखा गया। सजा तो उन्हें दी नहीं जा सकती थी। गृहस्वामिनी के संस्कार इस में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। रुस्तमे हिन्द आखिर भगवान गणपति के वाहन का रिश्तेदार जो था। आखिर जिस तरह विपक्ष द्वारा पिकेटिंग करने पर गिरफ्तार कार्यकर्ताओं और नेताओं को कुछ देर किसी स्कूल आदि में बंद रख कर शाम को शहर से दूर छोड़ दिया जाता है गृहस्वामी रुस्तमे हिन्द को नहर के नजदीक छोड़ आए। जैसे ही उन्हें जाल से बाहर निकाला गया, उन्हों ने कुलांचे भरी और घास के मैदान में गायब हो गए। 
दिवाली के लिए सफाई अभियान चला तो पता लगा कि रद्दी अखबारों के ढेर के पीछे रुस्तमे हिन्द जी ने अपना विश्राम कक्ष बनाया हुआ था और एक फीणी वहाँ ले जा कर संकटकाल के लिए सुरक्षित रखी गई थी। वैसे जितने दिन वे रहे रोज गोल डब्बे में सैंध लगाते रहे। कुछ भी हो रुस्तमे हिन्द गायब हो चुके थे। लेकिन कल रात फिर उन के दर्शन हुए वे खिड़की के परदे को सीढ़ी बना कर रोशनदान से बाहर जा रहे थे। गृहस्वामी और गृहस्वामिनी का चैन फिर भंग हो चुका है। आज फिर से उन्हों ने जाल रखा है। इस बार फीणी नहीं है, दिवाली पर देसी घी में तले गए शकरपारों ने उस का स्थान ले लिया है। सुबह की प्रतीक्षा है इस बार रुस्तमे हिन्द हवालात में तशरीफ लाते हैं या नहीं?

गुरुवार, 21 अक्तूबर 2010

शिवराम ..... दृढ़ संकल्पों और जन-जागरण की मशाल


प्रतिबद्ध संस्कृतिकर्मी शिवराम का अचानक चले जाना
नहीं बुझेगी दृढ़ संकल्पों और जन-जागरण की वह मशाल 
        
                                                                          -महेन्द्र नेह 
 सुप्रसिद्ध रंगकर्मी, साहित्यकार और मार्क्सवादी विचारक शिवराम इसी एक अक्टूबर को हृदयगति रूक जाने से अचानक ही हमारे बीच से चले गये।  जीवन के अंतिम क्षण तक वे जितनी अधिक सक्रियता से काम कर रहे थे, उसे देख कर किसी तौर पर भी यह कल्पना नहीं की जा सकती थी, कि वे इस तरह चुपचाप हमारे बीच से चले जायेंगे। देश भर में फैले उनके मित्र, सांस्कृतिक, सामाजिक व राजनैतिक आंदोलनों में जुटे उनके सहकर्मी, उनके साहित्य के पाठकों के लिए शिवराम के निधन की सूचना अकल्पनीय और अविश्वसनीय थी।  जिसने भी सुना स्तब्ध रह गया।  उनके निधन के बाद समूचे देश में, विशेष तौर पर जन प्रतिबद्ध और सामाजिक-राजनैतिक परिवर्तन के उद्देश्यों में शामिल संस्थाओं द्वारा शोक-सभाओं एवं श्रद्धांजलि सभाओं का सिलसिला जारी है।
३ दिसम्बर, १९४९ को राजस्थान के करौली नगर के निकट गढ़ी बांदुवा गॉंव में जन्मे शिवराम ने अपने इकसठ वर्षीय जीवन में साहित्य, संस्कृति, वामपंथी राजनीति, सर्वहारा-वर्ग एवं बौद्धिक समुदाय के बीच जिस सक्रियता, विवेकशीलता और तर्क-संगत आवेग के साथ काम किया है, उसका मूल्यांकन आने वाले समय में हो सकेगा। लेकिन जिन्होनें उनके साथ किसी भी क्षेत्र में कुछ समय तक काम किया है, या उनके लेखन और सामाजिक सक्रियता के साक्षी रहे हैं, वे अच्छी तरह जानते-समझते हैं कि शिवराम बेहद सहज और सामान्य दिखते हुए भी एक असाधारण इन्सान और युग-प्रवर्तक सृजनधर्मी थे।  शिवराम का हमारे बीच से अकस्मात चला जाना मात्र एक प्राकृतिक दुर्घटना नहीं है।  यह उस आवेगमयी उर्जा-केन्द्र का यकायक थम जाना है जो दिन- रात अविराम इस समाज की जड़ता को तोड़ने, नव-जागरण के स्वप्न बॉंटने और एक प्रगतिशील-जनपक्षधर व्यवस्था निर्मित करने के अथक प्रयासों में लगा रहता था ।  
९६९ -७० में अजमेर से यांत्रिक इंजीनियरिंग से प्रथम श्रेणी में डिप्लोमा करते समय वे विवेकानन्द के विचारों से प्रभावित हुए और अपना पहला नाटक विवेकानन्द के जीवन पर लिखा। उसके बाद दूर-संचार विभाग ने उन्हॉंने छ: माह की ट्रेनिंग के लिए चेन्नई भेजा। वहॉं उन्हें हिंदी के सुप्रसिद्ध  कथाकार स्वयंप्रकाश मिले, जिनके साथ न केवल उनकी व्यक्तिगत मित्रता, अपितु गहरी वैचारिक दोस्ती भी पल्लवित हुई।  स्वयंप्रकाश से उन्हें मार्क्सवाद के वैज्ञानिक-समाजवादी सिद्धान्त की प्रारम्भिक जानकारी मिली जो उत्तरोत्तर उनके जीवन, चिंतन और कर्म की धुरी बनती चली गई ।
शिवराम की दूर संचार विभाग में पहली नियुक्ति कोटा के उप-नगर रामगंजमंडी में हुई जो कोटा स्टोन की खानों के कारण श्रमिक-बहुल इलाका है । श्रमिकों के क्रूर शोषण और दुर्दशा देख कर उनके मन में गहरा संताप हुआ।  तभी उन्होंने अपना पहला नाटक  "आगे बढ़ो" लिखॉ।  इस नाटक में एक-दो मध्यवर्गीय मित्रों के अलावा अधिकांश पात्र ही नहीं अभिनेता भी श्रमिक समुदाय के थे।  नाटक के रिहर्सल के दौरान् ही अभिनेता साथियों के साथ उनके गहरे सरोकार जुड़ गये।  नाटक का मंचन भी सैंकड़ों की संख्या में उपस्थित श्रमिकों के बीच हुआ।  सर्वाधिक उल्लेखनीय बात यह है कि नाट्य-प्रदर्शन के साथ ही कथाकार स्वयंप्रकाश एवं रमेश उपाध्याय ने उस आयोजन में कहानी पाठ किया, जिन्हें पूरे मनोयोग से सुना तथा सराहा गया ।
नाटकों का यह सिलसिला चलता गया और आगे बढ़ता गया।  शहीद भगतसिंह  के जीवन पर नाटक खेला गया और शनै: शनै: इस अभियान ने एक नाट्य- आंदोलन ही नहीं जन-आंदोलन की शक्ल अख्तियार कर ली।  नाटक के पात्रों की असल जिन्दगी की कशमकश ने इस बात की मांग की कि विचार और संवेदनाओं को यथार्थ की जमीन पर लाया जाए।  परिणामत: एक केन्द्रीय संस्थान के इंजीनियर होते हुए भी श्रमिकों के संगठन-निर्माण का दायित्व अपने कंधों पर लिया और पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ उसे निभाया।  उन्होनें कोटा में तत्कालीन श्रमिक-संगठन ’सीटू’ के अग्रणी व जुझारू नेता परमेन्द्र नाथ ढन्ड़ा से सम्पर्क किया और श्रमिकों की यूनियन को रजिस्टर्ड कराया।  एक छोटे से लोहे के यंत्रों के उत्पादक कारखाने से प्रारंभ हुए संगठन की लहर पूरे पत्थर खान श्रमिकों के बीच फैल गई। संघर्ष छिड़ गये और पत्थर खान मालिकों के सरगना आंदोलनों के केन्द्र-बिन्दु बने शिवराम को हर-सूरत में नष्ट करने तथा रामगंजमंडी से उनकी नौकरी के स्थानांतरण कराने की मुहिम में जुट गये ।
अंतत: शिवराम का स्थानांतरण कोटा के ही दूसरे उप-नगर बाराँ में कर दिया गया। यहॉं उन्हें बड़ा क्षितिज मिला। वे प्राण-प्रण से श्रमिकों, किसानों-छात्रों-युवकों-साहित्यकारों व संस्कृतिकर्मियों को एकजुट करने की व्यापक मुहिम में जुट गये। हिन्दू कट्टरपंथियों के सबसे मजबूत गढ़ के रूप में स्थापित बाराँ सम्भाग की फिजाँ देखते-देखते ही बदलने लगी। केसरिया की जगह लाल-परचम फहराने लगे।  गॉंवों में कट्टरपंथियों के साथ हथियारबंद टकराहटें हुईं और आन्दोलनकारी युवकों ने बारॉं के रेल्वे स्टेशन को जला कर खाक कर दिया।  लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले नगर के अनेकों बुद्धिजीवी इन आन्दोलनों के साथ जुड़ गये। शिवराम के बारॉं प्रवास के दौरान जो उपलब्धियॉं हुईं वे मामूली नहीं हैं।  बल्कि वे ऐसी बुनियाद हैं, जहॉं से शिवराम के भावी जीवन की उस भूमिका  का ताना-बाना बुना गया, जिसने उन्हें आम बुद्धिजीवी-साहित्यकारों एवं साम्यवादी नेताओं से भिन्न एक प्रखर वक्ता, विचारक एवं सक्रिय राजनैतिक-संस्कृति कर्मी के रूप में स्थापित किया।
 बाराँ में रहकर शिवराम ने साहित्यिक पत्रिका "अभिव्यक्ति" का प्रकाशन प्रारंभ किया, जो आज अपनी समझौताहीन सामाजिक-सांस्कृतिक छवि के कारण केवल वामपंथी बुद्धिजीवियों के बीच ही नहीं हिंदी के आम पाठकों और लोकतंत्र में आस्था रखने वाले ईमानदार समुदाय के बीच भी अपनी प्रखर लोक-सम्बद्धता के कारण विशिष्ट पहचान बनाये हुए है ।  उस दौरान ही उनका प्रसिद्ध नाटक "जनता पागल हो गई है" लिखा गया , जो हिंदी के सर्व-प्रथम नुक्कड़ नाटक के रूप में जाना जाता है।  शिवराम न केवल उसके लेखक बल्कि कुशल निर्देशक व अभिनेता के रूप में भी जाने गये।  लखनउ में "जनता पागल हो गई है" पर पुलिस द्वारा प्रतिबन्ध लगाये जाने पर, देश की लगभग सभी भाषाओं में रंगकर्मियों द्वारा यह नाटक खेला गया।  यह नाटक न केवल हिंदी के प्रथम नुक्कड नाटक के रूप में बल्कि सर्वाधिक खेले जाने वाले नुक्कड़ नाटकों में से भी है। बाराँ प्रवास के दौरान् ही शिवराम ने "आपात्काल" के विरूद्ध सांस्कृतिक मुहिम चलाई, जिसमें हिंदी क्षेत्र के अनेक महत्वपूर्ण साहित्यकार एकत्रित हुए और "अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता" के लिए व्यापक अभियान चलाया गया।  इसी दौरान ’जनवादी लेखक संघ’ के गठन की पूर्व पीठिका बनी तथा इलाहाबाद में जलेस के संविधान निर्माण में उन्होनें उल्लेखनीय भूमिका का निर्वाह किया । 
शिवराम उन लेखकों में से नहीं थे जो मानते हैं कि साहित्यकारों को राजनीति से दूर रहना चाहिए और केवल कविता लिख देने या नाटक खेलने से ही उनके कर्तव्य की पूर्ति हो जाती है । "कविता बच जायेगी तो धरती बच जायेगी, मनुष्यता बची रहेगी" जैसे जुमलों से उनका स्पष्ट और गहरा मतभेद था।  उनका मानना था कि जिस समाज में हम रह रहे हैं, वह एक वर्गीय समाज है, जिसमें प्रभु-वर्ग न केवल पूंजी की ताकत पर बल्कि सभी तरह के पिछड़े और प्रतिक्रियावादी विचारों और अप-संस्कृति के जरिये मेहनतकश जनता का निरंतर आर्थिक, सामाजिक व सांस्कृतिक शोषण-दमन कर रहा है । व्यापक जन समुदाय की वास्तविक आजादी और खुशहाली के लिए वर्तमान पूंजीवादी-सामन्ती-सम्प्रदायवादी शासक गठजोड़ की प्रभुता को नष्ट करके, देश में जनता की जनवादी क्रान्ति संपूरित करना व "जनता की लोकशाही" स्थापित करना अनिवार्य है।  वे शहीद भगतसिंह और उनके साथियों के शोषणविहीन समाज की स्थापना के प्रबल समर्थक थे ।
पने इन्हीं क्रान्तिकारी विचारों को अमल में लाने के लिए उन्होनें कोटा में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जुझारू आन्दोलन में शामिल होकर पार्टी व जन-मोर्चों पर काम किया। लेकिन दुर्भाग्यवश आपात्काल की समाप्ति के पश्चात् सी.पी.आई.(एम.) के नेतृत्व पर संशोधनवादी गुट हावी हो गया तथा "जनता की जनवादी लोकशाही" स्थापित करने के मुख्य लक्ष्य को ठंडे बस्ते में डाल कर पार्टी में संसदवादी रूझान इतना बढ़ा कि जन आंदोलनों और संघर्ष के स्थान पर पार्टी पूंजीवादी संसदीय दलों की बगलगीर हो कर, खुले आम वर्ग-सहयोग के रास्ते पर बढ़ गई।  सी.पी.आई.(एम.) से पूरे देश में या तो वर्ग-संघर्ष और जनवादी क्रान्ति में विश्वास करने वाले साथियों को बाहर कर दिया गया, या फिर वे इन नीतियों का विरोध करते हुए पार्टी से बाहर आ गये।  इन सभी साथियों ने अपने-अपने प्रदेशों में अलग-अलग ढंग व नामों से कम्युनिस्ट पार्टियों का गठन किया तथा अपने विकास क्रम में एक देशव्यापी पार्टी एम.सी.पी.आई. (यूनाइटेड़) का गठन किया।  शिवराम की राजस्थान के अग्रणी साथियों के साथ पार्टी के गठन व निर्माण में केन्द्रीय भूमिका थी तथा इस दिशा में वे प्राण-प्रण से जुटे हुए थे ।    
शिवराम का यह भी पक्का विश्वास था कि यद्यपि देश में जनता की लोकशाही स्थापित करने के लिए राजनीतिक क्रान्ति अनिवार्य है, लेकिन न तो अकेले राजनीतिक उपकरणों से सत्ता-परिवर्तन आसान है और न ही उसे टिकाउ रखा जा सकता है।  अत: वे जितना जोर क्रान्ति के लिए जनता की जत्थेबंदी और वर्ग-संघर्ष को तेज करने पर देते थे, उतना ही सामाजिक-सांस्कृतिक-वैचारिक लड़ाई को भी व्यापक और घनीभूत करना आवश्यक मानते थे।  उनका मानना था कि जनता के बीच अपनी प्रत्यक्ष प्रभान्विति के कारण इस दिशा में नाटक सबसे प्रभावशाली विधा हॉ।  कालांतर में उन्हें लगा कि चूंकि प्रभु-वर्ग अपने विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए सिनेमा, टी.वी.,मल्टी-मीड़िया, मोबाइल, धार्मिक सभाओँ, अवतारवाद, तंत्र-मंत्रवाद, भाग्यवाद, फूहड़तावाद, सेक्स-व्यभिचारवाद, विचारहीनता, कुलीनवाद, पद-पुरस्कार सम्मोहन आदि सभी संभव रीतियों और विधाओं को काम में ले रहा है, उनका यह विश्वास दृढ़ हुआ कि प्रगतिशील-जनवादी रचनाकर्मियों को भी हर संभव मीडिया और विधाओं के जरिये स्तरीय व लोकप्रिय साहित्य-कला सृजन के द्वारा देश भर में एक व्यापक सांस्कृतिक -सामाजिक अभियान चलाना चाहिए ।
सी उद्देश्य की पूर्ति के लिए उन्होनें बिहार व अन्य प्रदेशों के साथियों के साथ मिल कर "विकल्प" अखिल भारतीय जनवादी सांस्कृतिक सामाजिक मोर्चा" का गठन किया। वे मोर्चा के गठन से ही अ.भा. महामंत्री थे और अपनी अंतिम सांस तक अपनी जिम्मेदारी को निभाने के लिए काम कर रहे थे।  "विकल्प’ - अन्य लेखक संगठनों से इस मायने में एक भिन्न संरचना है, क्योंकि अन्य संगठन लेखकों की साहित्यिक भूमिका को ही प्राथमिक मानते हैं, जब कि "विकल्प" रचनाकारों की सामाजिक भूमिका को भी अनिवार्य मानता है ।  यह रेखांकित किये जाने योग्य बात है कि "विकल्प" की बिहार इकाई में मध्य-वर्गीय लेखकों के मुकाबले खेत मजदूरों, किसानों, शिक्षकों आदि की संख्या अधिक है। जो गॉंवों व कस्बों में गीतों, नाटकों, कविताओं , पोस्टरों आदि के द्वारा सामाजिक सांस्कृतिक जागरण की मुहिम चला रहे हैं।  उनका मानना था कि न तो कोई अकेला साहित्यकार और न ही कोई अकेला संगठन देश की सांस्कृतिक जड़ता को तोड़ सकता है।  अत: वे लेखन व संस्कृति के क्षेत्र में सामूहिक प्रयत्नों के लिए दिन रात प्रयासरत् थे। उन्होनें न केवल राजस्थान में अपितु जहॉं-जहां संभव हुआ, संस्कृतिकर्मियों के सामूहिक अभियान के प्रयास किये और उसमें उन्हें एक हद तक सफलता भी मिली ।
पने विचारों और व्यवहार में शिवराम कहीं भी व्यक्तिवादी या अराजकतावादी नहीं थे।  उनका मानना था कि मुक्ति के रास्ते न तो अकेले में मिलते हैं और न ही परम्परा के तिरस्कार द्वारा। वे कहते थे कि हमें इतिहास और परम्परा का गहरा अध्ययन करना चाहिए तथा अपने नायकों को खोजना चाहिए।  परम्परा के श्रेष्ठ तत्वों का जन आंदोलनों और जनहित में भरपूर उपयोग करना चाहिए।  लोक संस्कृति औेर लोक ज्ञान का उन्होंने अपनी रचनाओं मे सर्वाधिक कुशलता के साथ उपयोग किया है । 
"विकल्प" द्वारा राहुल, भारतेन्दु, फैज़, प्रेमचंद, सफदर हाशमी, आदि की जयन्तियों की एक गतिशील परम्परा और नव-जगरण की मुहिम के रूप में चलाना, शिवराम का परम्परा को भविष्य के द्वार खोलने के आवश्यक अवयव के रूप में उल्लेख किया जाना चाहिए। नि:संदेह वे अपनी कलम, उर्जा और अपनी संपूर्ण चेतना का उपयोग ठीक उसी तरह कर रहे थे, जिस तरह समाज में आमूलचूल परिवर्तन करने के लिए प्रतिबद्ध उनके पूर्ववर्ती क्रान्तिकारियों व क्रान्ति-दृष्टाओं ने किया ।
शिवराम  आज भले ही भौतिक रूप में हमसे बिछुड़ गये हों, लेकिन उनके द्वारा साहित्य, समाज व संस्कृति के क्षेत्र में किये गये काम हमारी स्मृतियों में एक भौतिक शक्ति के रूप में रहेंगे और हमारा व आने वाली पीढ़ियों का मार्ग दर्शन करेंगे।  वे हमारे सपनों, संकल्पों और संघर्षों में एक जलती  हुई तेजोदीप्त मशाल की तरह जीवित रहेंगे, हमेशा-हमेशा। हरिहर ओझा की काव्य-पंक्तियों के द्वारा मैं अपने संघर्षशील व क्रान्तिकारी विचारक साथी को सलाम करना चाहता हूँ :
" महाक्रांति की ताल/ समय की सरगम/ नूपुर परिवर्तन के /
और प्रगति की संगत पर /  जो जीवन / नृत्य करेगा / 
वह /नहीं मरेगा / नहीं मरेगा / नहीं मरेगा !"
                                            
         80- प्रतापनगर, दादाबाडी, कोटा    

रविवार, 17 अक्तूबर 2010

महाजनी सभ्यता ----- मुंशी प्रेमचन्द भाग-2

मुंशी जी के जन्मदिन 31 जुलाई को मैं ने अफसोस जाहिर किया था कि मैं उस दिन उन का एक महत्वपूर्ण आलेख "महाजनी सभ्यता" को जो अंतर्जाल पर उपलब्ध नहीं है, अनवरत पर लाना चाहता था। लेकिन पुस्तक नहीं मिल सकने के कारण ऐसा नहीं कर सका। मैं प्रेमचन्द जयन्ती नहीं मना सका था। लेकिन कल अपना कार्यालय पुनर्व्यवस्थित करने के दौरान पुस्तक मुझे मिल गयी और मैं उसे अंतर्जाल पर ले आने में सफल हो गया हूँ। इस आलेख के दो भाग हैं। मैं इन्हें एक-एक कर प्रस्तुत कर रहा हूँ। कल आप ने प्रथम भाग पढ़ा आज दूसरा और अंतिम भाग प्रस्तुत है। 

महाजनी सभ्यता
  • मुंशी प्रेमचन्द
 स सभ्यता का दूसरा सिद्धांत है - 'Business is business' अर्थात व्यवसाय व्यवसाय है। उस में भावुकता के लिए गुंजाइश नहीं है। पुराने जीवन सिद्धान्त में वह लट्ठमार साफगोई नहीं है, जो निर्लज्जता कही जा सकती है और जो इस नवीन सिद्धान्त की आत्मा है। जहाँ लेन देन का सवाल है, रुपये पैसे का मामला है, वहाँ न दोस्ती का गुजर है, न मुरौवत का, न इन्सानियत का, बिजनेस में दोस्ती कैसी, जहाँ किसी ने इस सिद्धान्त की आड़ ली और आप लाजवाब हुए, फिर आप की जबान नहीं खुल सकती। एक सज्जन जरूरत से लाचार हो कर अपने किसी महाजन मित्र के पास जाते हैं और चाहते हैं कि वह कुछ मदद करे। यह भी आशा रखते हैं कि शायद दर में वह कुछ रियायत कर दे, पर जब देखते हैं कि यह सहानुभूति मेरे साथ भी वही कारोबारी बर्ताव कर रहे हैं, तो कुछ रियायत की प्रार्थना करते हैं, मित्रता और घनिष्ठता के आधार पर आँखों में आँसू भर कर बड़े करुण स्वर में कहते हैं- महाराज,  मैं इस समय बड़ा परेशान हूँ, नहीं तो आप को कष्ट नहीं देता, ईश्वर के लिए मेर हाल पर रहम कीजिये। समझ लीजिए कि एक पुराने दोस्त ..... वहीं बात काट कर आज्ञा के स्वर में फरमाया जाता है लेकिन जनाब, आप 'बिजनेस इज बिजनेस' भूल जाते हैं। उस दिन कातर प्रार्थी पर मानों बम का गोला गिरा। अब उस के पास कोई तर्क नहीं, कोई दलील नहीं। चुपके से उठ कर वह अपनी राह लेता है या फिर अपने व्यवसाय सिद्धान्त के भक्त मित्र की सारी शर्तें कबूल कर लेता है।
हाजनी सभ्यता ने दुनिया में जो नयी रीति नीतियाँ चलाई हैं, उस में सब से अधिक और रक्त पिपासु यही व्यवसाय वाला सिद्धान्त है। मियाँ-बीबी में बिजनेस; बाप-बेटे में बिजनेस; गुरू-शिष्य में बिजनेस। सारे मानवी, आध्यात्मिक और सामाजिक नेह-नाते समाप्त, आदमी-आदमी के बीच बस कोई लगाव है, तो बिजनेस का। लानत है इस बिजनेस पर !  लड़की अगर दुर्भाग्यवश क्वाँरी रह गयी और अपनी जीविका का कोई उपाय न निकाल सकी तो बाप के घर में ही लोंडी बन जाना पड़ता है। यों लड़के-लड़कियाँ सभी घरों में काम-काज करते ही हैं, पर उन्हें कोई टहलुआ नहीं समझता, पर इस महाजनी सभ्यता में लड़की एक खास उम्र के बाद लोंडी और अपने भाइयों की मजदूरनी हो जाती है। पूज्य पिताजी भी अपने पितृभक्त बेटे के टहलुए बन जाते हैं और माँ अपने सपूत की टहलुई, स्वजन-सम्बन्धी तो किसी गिनती में ही नहीं। भाई भी भाई के घर आए तो मेहमान है। अक्सर तो उसे उस मेहमानी का बिल भी चुकाना पड़ता है। इस सभ्यता की आत्मा है व्यक्तिवाद, आपस्वार्थी बनें, सब कुछ अपने लिए करें।
र यहाँ भी हम किसी को दोषी नहीं ठहरा सकते। वही मान प्रतिष्ठा, वही भविष्य की चिन्ता, वही अपने बाद बीवी-बच्चों के गुजर का सवाल, वही नुमाइश और दिखावे की आवश्यकता हर एक की गरदन पर सवार है, और वह हल नहीं सकता। वह इस सभ्यता के नीति-नियमों का पालन न करे तो उस का भविष्य अन्धकारमय है।
अब तक दुनिया के लिए इस सभ्यता की रीति-नीति का अनुसरण करने के सिवा और कोई उपाय न था, उसे झक मार कर उस के आदेशों के सामने सिर झुकाना पड़ता था। महाजन अपने जोम में फूला फिरता था। सारी दुनिया उस के चरणों पर नाक रगड़ रही थी, बादशाह उस का बन्दा वजीर उस के गुलाम, सन्धि-विग्रह की कुंजी उस के हाथ में, दुनिया उस की महत्वाकांक्षाओं के सामने सिर झुकाये हुए, हर मुलक में उस का बोल बाला।
रन्तु अब नई सभ्यता का सूर्य सुदूर पश्चिम से उदय हो रहा है, जिस ने इस नारकीय महाजनवाद या पूंजीवाद की जड़ खोद कर फैंक दी है, जिस का मूल सिद्धान्त यह है कि प्रत्येक व्यक्ति, जो अपने शरीर या दिमाग से मेहनत कर के कुछ पैदा कर सकता है, राज्य और समाज का परम सम्मानित सदस्य हो सकता है और जो केवल दूसरों की मेहनत या बाप-दादों के जोड़े हुए धन पर रईस बना फिरता है, वह पतिततम प्राणी है। उसे राज्य प्रबन्ध में राय देने का कोई हक नहीं और वह नागरिकता के अधिकारों का भी पात्र नहीं, महाजन इस नई लहर से अति उद्विग्न हो कर बौखलाया हुआ फिर रहा है और सारी दुनिया के महाजनों की शमिल आवाज इस ई सभ्यता को कोस रही है, उसे शाप दे रही है, व्यक्ति स्वातंत्र्य, धर्म-विश्वास की स्वाधीनता, अपनी अन्तरात्मा के आदेश पर चलने की आजादी-वह इन सब की घातक, गला घोंट देने वाली बताई जा रही है। उन सभी साधनों से जो पैसे वालों के लिए सुलभ हैं, काम ले कर उस के विरुद्ध प्रचार किया जा रहा है; पर सचाई जो इस सारे अंधकार को चीर कर दुनिया में य़अपनी ज्योति का उजाला फैला रही है। 
निस्सन्देह इस नई सभ्यता ने व्यक्ति स्वातंत्र्य के पंजे, नाखून  और दांत तोड़ दिए हैं। उस के राज्य में एक पूंजीपति लाखों मजदूरों का खून पी कर मोटा नहीं हो सकता। उसे अब यह आजादी नहीं कि अपने नफे के लिए साधारण आवश्यकता की वस्तुओं के दाम चढ़ा सके, दूसरे अपने माल की खपत कराने के लिए युद्ध करा दे, गोला-बारूद और युद्ध सामग्री बना कर दुर्बल राष्ट्रों का दमन कराये। अगर इस की स्वाधीनता ही स्वाधीनता है तो निस्सन्देह नई सभ्यता में स्वाधीनता नहीं पर यदि स्वाधीनता का अर्थ यह है कि जनसाधारण को हवादार मकान, पुष्टिकर भोजन, साफ-सुथरे गाँव, मनोरंजन और व्यायाम सुविधाएँ, बिजली के पंखे और रोशनी, सस्ता और सद्य सुलभ  न्याय की प्राप्ति हो तो इस समजा की व्यवस्था में जो स्वाधीनता और आजादी है, वह दुनिया की किसी सभ्यतम कहाने वाली जाति को भी सुलभ नहीं है। धर्म की स्वतंत्रता का अर्थ अगर पुरोहितों, पादरियों, मुल्लाओं की मुफ्तखोरी जमात के दंभमय उपदेशों और अन्ध विश्वास-जनित रूढ़ियों का अनुसरण है तो वहाँ निस्सन्देह वहाँ पर इस स्वातंत्र्य का अभाव है। पर धर्म स्वातंत्र्य का अर्थ यदि लोक सेवा, सहिष्णुता, समाज के लिए व्यक्ति का बलिदान, नेकनीयती, शरीर और मन की पवित्रता है तो इस सभ्यता में धर्माचरण की जो स्वाधीनता है, और देश को उस के दर्शन भी नहीं हो सकते।
हाँ धन की कमी-बेशी के आधार पर असमानता है वहाँ ईर्ष्या, जोर-जबरदस्ती, बेईमानी, झूठ, मिथ्या अभियोग-आरोप, वेश्यावृत्ति, व्यभिचार और सारी दुनिया की बुराइयाँ अनिवार्य रूप से मौजूद हैं। जहाँ धन का आधिक्य नहीं, अधिकांश मनुष्य एक जैसी स्थिति में हैं, वहाँ जलन क्यों हो और जब्र क्यों हो और सतीत्व-विक्रय क्यों हो, झूठे मुकदमे क्यों चलें, और चोरी डाके की वारदातें क्यों हों। यह सारी बुराइयाँ तो दौलत की देन हैं, पैसे के प्रसाद हैं, महाजनी सभ्यता ने इन की सृष्टि की है। वही इन को पालती है और वही यह भी चाहती है कि जो दलित, पीड़ित और विजित हैं, वे इसे ईश्वरीय विधान समझ कर अपनी स्थिति से सन्तुष्ट रहें। उन की ओर से तनिक भी विरोध-विद्रोह का भाव दिखाया गया, तो उन के सिर कुचलने के लिए पुलिस है, अदालत है, कालापानी है। आप शराब पी कर उस के नशे से बच नहीं सकते। आग लगा कर चाहें लपट न उठे, असम्भव है। पैसा अपने साथ यह सारी चीजें लाता है, जिन्हों ने दुनिया को नर्क बना दिया है। इस पैसा-पूजा को मिटा दीजिए, सारी बुराइयाँ अपने आप मिट जायेंगी, जड़ खोद कर केवल फुनगी की पत्तियाँ तोड़ना बेकार है। यह नयी सभ्यता धनाड्यता को हेय, लज्जाजनक तथा घातक विष समझती है। वहाँ कोई आदमी अमीरी ढंग से रहे तो लोगों की ईर्ष्या का पात्र नहीं होता, बल्कि तुच्छ और हेय समझा जाता है, गहनों से लदकर कोई स्त्री सुंदर नहीं बनती, घृणा का पात्र बनती है। साधारण जनसमाज से ऊँचा रहन-सहन रखना वहाँ बेहूदगी समझी जाती है। शराब पी कर वहाँ बहका नहीं जा सकता, अधिक मद्यपान वहाँ दोष समझा जाता है, धार्मिक दृष्टि से नहीं, किन्तु शुद्ध सामाजिक दृष्टि से, क्यों कि शराबखोरी से आदमी में धैर्य और कष्ट-सहन, अध्यवसाय और श्रमशीलता का अंत हो जाता है।
हाँ, इस समाज-व्यवस्था ने व्यक्ति को यह स्वाधीनता नहीं दी है कि वह जनसाधारण को अपनी महत्वाकांक्षाओं की तृप्ति का साधन बनाए और तरह-तरह के बहानों से उन की मेहनत का फायदा उठाए या सरकारी पद प्राप्त कर के मोटी-मोटी रकमें उड़ाये और मूँछों पर ताव देता फिरे। वहाँ ऊँचे से उँचे अधिकारी की तनख्वाह भी उतनी ही है, जितनी एक कुशल कारीगर की, वह गगन-चुम्बी प्रासादों में नहीं रहता, तीन-चार कमरों में ही उसे गुजर-बसर करना पड़ता है। उस की श्रीमती जी रानी साहिबा या बेगम बनी हुई स्कूलों में ईनाम बाँटती नहीं फिरतीं, बल्कि अक्सर मेहनत-मजदूरी या किसी अखबार के दफ्तर में काम करती हैं। सरकारी पद पा कर वह अपने को लाटसाहब नहीं बल्कि जनता का सेवक समझता है। महाजनी सभ्यता का प्रेमी इस समाज व्यवस्था को क्यों पसन्द करने लगा जिस से उसे दूसरों पर हुकूमत जताने के लिए सोने-चांदी के ढेर लगाने की सुविधाएँ नहीं है ? पूंजीपति और जमींदार तो इस सभ्यता की कल्पना से ही काँप उठते हैं। उन की जूड़ी का कारण हम समझ सकते हैं पर जब वह लोग भी उस की खिल्ली उड़ाने और उस पर फब्तियाँ कसने लगते हैं तो अनजान में महाजनी सभ्यता का उल्लू सीधा कर रहे हैं, तो हमें उन की दास-मनोवृत्ति पर हँसी आती है। जिस में मनुष्यता, आध्यात्मिकता, उच्चता और सौंदर्यबोध है, वह कभी ऐसी समाज व्यवस्था की सराहना नहीं कर सकता, जिस की नींव लोभ-स्वार्थपरता और दुर्बल मनोवृत्ति पर खड़ी हो। ईश्वर ने तुम्हें विद्या और कला की सम्पत्ति दी है तो उस का सर्वश्रेष्ठ उपयोग यही है कि उसे जन समाज की सेवा में लगाओ, यह नहीं कि उश से जन समाज पर हुकूमत चलाओ, उस का खून चूसो और उसे उल्लू बनाओ।
न्य है वह सभ्यता, जो मालदारी और व्यक्तिगत संपत्ति का अंत कर रही है और जल्दी ही या देर से दुनिया उस का, पदानुसरण अवश्य करेगी, यह सभ्यता अमुक देश की समाज रचना अथवा धर्म-मजहब से मेल नहीं खाती या उस वातावरण के अनुकूल नहीं है, यह तर्क नितांत असंगत है। ईसाई मजहब का पौधा यरूसलम में उगा और सारी दुनिया उस के सौरभ से बस गयी, बौद्ध धर्म ने उत्तर भारत में जन्म ग्रहण किया और आधी दुनिया ने उसे गुरूदक्षिणा दी। मानव समाज अखिल विश्व में एक ही है। छोटी-मोटी बातों में अन्तर हो सकता है, पर मूल स्वरूप की दृष्टि से मानवजाति में कोई भेद नहीं। जो शासन विधान और समाज व्यवस्था एक देश के लिए कल्याणकारी है, वह दूसरे देश के लिए भी हितकारी होगी। हाँ महाजनी सभ्यता और उस के गुर्गे अपनी शक्ति भर उस का विरोध करेंगे, उस के बारे में भ्रमजनक प्रचार करेंगे, जनसाधारण को बहकायेंगे, उस की आँखों में धूल झोंकेंगे, पर जो सत्य है, एक न एक दिन उस की विजय होगी और अवश्य होगी। (समाप्त)  

महाजनी सभ्यता ----- मुंशी प्रेमचन्द भाग-1

मुंशी जी के जन्मदिन 31 जुलाई को मैं ने अफसोस जाहिर किया था कि मैं उस दिन उन का एक महत्वपूर्ण आलेख "महाजनी सभ्यता" को जो अंतर्जाल पर उपलब्ध नहीं है, अनवरत पर लाना चाहता था। लेकिन पुस्तक नहीं मिल सकने के कारण ऐसा नहीं कर सका। मैं प्रेमचन्द जयन्ती नहीं मना सका था। लेकिन कल अपना कार्यालय पुनर्व्यवस्थित करने के दौरान पुस्तक मुझे मिल गयी और मैं उसे अंतर्जाल पर ले आने में सफल हो गया हूँ। इस आलेख के दो भाग हैं। मैं इन्हें एक-एक कर प्रस्तुत कर रहा हूँ। प्रथम भाग प्रस्तुत है।

महाजनी सभ्यता
  • मुंशी प्रेमचन्द
जागीरदारी सभ्यता में बलवान भुजाएँ और मजबूत कलेजा जीवन की आवश्यकताओं में परिगणित थे और साम्राज्यवाद में बुद्धि और वाणी के गुण तथा मूक आज्ञापालन उन के आवश्यक साधन थे, पर उन दोनों स्थितियों में दोषों के साथ कुछ गुण भी थे। मनुष्य के अच्छे भाव लु्प्त नहीं हुए थे। जागीरदार अगर दुश्मन के खून से प्यास बुझाता था, तो अक्सर अपने किसी मित्र या उपकारक के लिए जान की बाजी भी लगा देता था। बादशाह अगर अपने हुक्म को कानून समझता था और उस की अवज्ञा को कदापि सहन नहीं कर सकता था, तो प्रजापालन भी करता था, न्यायशील भी होता था। दूसरे के देश पर चढ़ाई या तो किसी अपमान-अपकार का बदला फेरने के लिए करता था या अपनी आन-बान, रोब-दाब कायम रखने के लिए या फिर देश विजय और राज्य विस्तार की वीरोचित महत्वाकांक्षा से प्रेरित होता था। उस की विजय का उद्देश्य प्रजा का खून चूसना कदापि न होता था। कारण यह कि राजा और सम्राट जनसाधारण को स्वार्थसाधन और धन शोषण की भट्टी का ईंधन न समझते थे, किन्तु उन के दुख-सुख में शरीक होते थे और उन के गुण की कद्र करते थे। 
गर इस महाजनी सभ्यता में सारे कामों की गरज महज पैसा होती है। किसी देश पर राज्य किया जाता है, तो इसलिए कि महाजनों-पूंजीपतियों को ज्यादा से ज्यादा नफा हो। इस दृष्टि से मानो आज दुनिया में महाजनों का ही राज्य है। मनुष्य समाज दो भागों में बँट गया है। बड़ा हिस्सा तो मरने और खपने वालों का है, और बहुत ही छोटा हिस्सा उन लोगों का, जो अपनी शक्ति और प्रभाव से बड़े समुदाय को बस में किए हुए हैं। इन्हें इस बड़े भाग के साथ किसी तरह की हमदर्दी नहीं, जरा भी रुरियायत नहीं। उस का अस्तित्व केवल इसलिए है कि अपने मालिकों के लिए पसीना बहाए, खून गिराए और चुपचाप इस दुनिया से विदा हो जाय। अधिक दुख की बात तो यहग है कि शासक वर्ग के विचार और सिद्धान्त शासित वर्ग के भीतर भी समा गये हैं, जिस का फल यह हुआ है कि हर आदमी अपने को शिकारी समझता है और उस का शिकार है समाज। वह खुद समाज से बिलकुल अलग है, अगर कोई संबंध है तो यह कि किसी या युक्ति से बस समाज को उल्लू बनाये और उस से जितना लाभ उठाया जा सकता हो, उठा ले।
न लोभ ने मानव भावों को पूर्ण रूप से अपने आधीन कर लिया है। कुलीनता और शराफत, गुण और कमाल की कसौटी पैसा है।  जिस के पास पैसा है, देवता स्वरूप है, उस का अंतःकरण कितना ही काला क्यों न हो। साहित्य, संगीत, कला सभी धघन की देहली पर  माथा टेकने वालों में है। यह हवा इतनी जहरीली हो गयी है कि इस में जीवित रहना कठिन होता जा रहा है। डॉक्टर और हकीम है कि वह बिना लम्बी फीस लिए बात नहीं करता। वकील और बैरिस्टर है कि वह मिनटों को अशर्फियों से तौलता है। गुण और योग्यता की सफलता उस के आर्थिक मूल्य के हिसाब से मानी जा रही है। मौलवी साहब और पण्डित जी भी पैसे वालों के बिना पैसों के गुलाम हैं, अखबार उन्हीं का राग अलापते हैं। इस पैसे ने आदमी के दिलो-दिमाग पर इतना कब्जा जमा लिया है  कि उस के राज्य पर किसी ओर से भी आक्रमण करना कठिन दिखाई देता है। वह दया और स्नेह, सचाई और सौजन्य का पुतला मनुष्य दया-ममता शून्य जड़ यन्त्र बन कर रह गया है।  इस महाजनी सभ्यता ने नये नये नीति नियम गढ़ लिए हैं जिन पर आज समाज व्यवस्था चल रही है, उन में एक यह है कि समय ही धन है, पहले समय जीवन था, उस का सर्वोत्तम उपयोग विद्या-कला का अर्जन अथवा दीन-दुखी जनों की सहायता था। अब उस का सब से बड़ा सदुपयोग पैसा कमाना है। डॉक्टर साहब हाथ मरीज की नब्ज पर रखते हैं और निगाह घड़ी की सुई पर, उन का एक-एक मिनट एक-एक अशर्फी है। रोगी ने अगर एक अशर्फी नजर की है तो वह उसे मिनट से ज्यादा वक्त नहीं दे सकते, रोगी अपनी दुखगाथा सुनाने के लिए बैचेन है, पर डॉक्टर साहब का उधर बिलकुल ध्यान नहीं, उस से उन्हें जरा भी दिलचस्पी नहीं। उन की निगाह में उस व्यक्ति का अर्थ केवल इतना ही है, कि वह उन्हें फीस देता है। वह जल्द से जल्द नुस्खा लिखेंगे औऱ दूसरे रोगी को देखने चले जाएंगे। मास्टर साहब पढ़ाने आते हैं, उन का एक घंटा वक्त बंधा है। वह घड़ी सामने रख लेते हैं। जैसे ही घंटा पूरा हुआ, वह उठ खड़े हुए। लड़के का सबक अधूरा रह गया है तो रह जाय, उन की बला से, वह घंटे से अधिक समय कैसे दे सकते हैं? क्यों कि समय रूपया है। इस धन-लोभ ने मनुष्यता और मित्रता का नाम शेष कर डाला है। पति को पत्नी या लड़कों से बात करने की फुर्सत नहीं, मित्र और सम्बन्धी किस गिनती में हैं। जितनी देर वह बात करेगा, उतनी देर में तो कुछ कमा लेगा, कुछ कमा लेना ही जीवन की सार्थकता है, शेष सब कुछ समय का नाश है। बिना खाए-सोये काम नहीं चलता, बेचारा लाचार है और इतना समय नष्ट करना पड़ता है। 
प का कोई मित्र या सम्बन्धी अपने नगर में प्रसिद्धि प्राप्त कर चुका है, तो समझ लीजिए, उस के यहाँ आप की रसाई मुमकिन नहीं। आप को उस के दरे दौलत पर जा कर कार्ड भेजना होगा, उन महाशय को बहुत से काम होंगे, मुश्किल से आप से एक दो बातें करेंगे या साफ जवाब दे देंगे कि आज फुरसत नहीं है। अब वे पैसे के पुजारी हैं, मित्रता और शील-संकोच के नाम पर कब की तिलांजलि दे चुके हैं।
प का कोई दोस्त वकील है और आप किसी मुकदमे में फँस गए हैं, तो उस से किसी तरह की सहायता की आशा न रखिए, अगर वह मुरौवत को गंगा में न डुबो चुका है, तो आप से लेन-देन की बात शायद न करेगा, परक आप के मुकदमे की ओर तनिक भी ध्यान न देगा, इस से तो कहीं अच्छा है कि आप किसी अपरिचित के पास चले जाँय और उस की पूरी फीस अदा करें। ईश्वर न करे कि आज किसी को किसी चीज में कमाल हासिल हो जाय, फिर मनुष्यता नाम को न रह जायेगी, उस का एक-एक मिनट कीमती हो जाएगा। 
स का अर्थ यह नहीं कि व्यर्थ की गपशप में समय नष्ट किया जाय, पर यह अर्थ अवश्य है कि धन-लिप्सा को इतना बढ़ने न दिया जाय कि वह मनुष्यता-मित्रता-स्नेह-सहानुभूति सब को निकाल बाहर करे। 
र आप उस पैसे के गुलाम को बुरा नहीं कह सकते। सारी दुनिया जिस प्रवाह में बह रही है, वह भी उसी में बह रहा है, मान-प्रतिष्ठा सदा से मानवीय आकांक्षाओं का लक्ष्य रहा है। जब विद्या कला मान-प्रतिष्ठा का साधन थी, उस समय लोग इन्हीं का अभ्यास अर्जन करते थे। जब धन उस का एक मात्र उपाय है तब मनुष्य मजबूर है कि एक निष्ठ भाव से उसी की उपासना करे। वह कोई साधु-महात्मा-सन्यासी-उदासी नहीं, वह देख रहा है कि उस के तपेशे में जो सौभाग्यशाली सफळता की कठिन यात्रा पूरी कर सके हैं, वह उसी राज-मार्ग के पथिक थे, जिस पर वह खुद चल रहा है। समय धन है एक सफल व्यक्ति का, वह इस सिद्धान्त का अनुसरण करते देखता है, फिर वह भी उसी के पद चिन्हों का अनुसरण करता है, तो उस का क्या दोष? मान-प्रतिष्ठा की लालसा तो दिल से गिरायी नहीं जा सकती। वह देख रहा कि जिन के पास दौलत नहीं और जिन्हों ने वक्त को दौलत नहीं समझा, उन को कोई पूछने वाला नहीं। वह अपने पेशे में उस्ताद है फिर भी उन की कहीं पूछ नहीं। जिस आदमी में तनिक भी जीवन की आकांक्षा है, वह तो उपेक्षा की स्थिति को सहन नहीं कर सकता। उसे तो मुरौवत, दोस्ती और सौजन्य को धता बता कर लक्ष्मी की आराधना में अपने को लीन कर देना होगा, तभी इस देवी का वरदान उसे मिलेगा, और यह इच्छाकृत कार्य नहीं किन्तु सर्वथा बाध्यकारी है। उस के मन की अवस्था अपने आप कुछ इस तरह की हो गयी है कि उसे धनार्जन के सिवा और किसी कार्य से लगाव नहीं रहा। अगर उसे किसी सभा या व्याख्यान में आधा घंटा बैठना पड़े, तो समझ लो, वह कैद की घड़ी काट रहा है। उस की सारी मानसिक, भावगत और सास्कृतिक दिलचस्पियाँ इसी केन्द्र बिन्दु पर आ कर एकत्रित हो गयी हैं, और क्यों न हों? वह देख रहा है, कि पैसे के सिवा उस कोई अपना नहीं, स्नेही मित्र भी अपनी गरज ले कर ही उस के पास आते हैं, स्वजन सम्बन्धी भी उस के पैसे के ही पुजारी हैं। वह जानता है कि अगर वह निर्बल होता तो वह जो दोस्तों का जमघट लग रहा है, उस में एक के भी दर्शन न होते, इन स्वजन सम्बन्धियों में से एक भी पास न फटकता, उसे समाज में अपनी एक हैसियत बनानी है, बुढ़ापे के लिए कुछ बचाना है, लड़कों के लिए कुछ कर जाना है जिस से उन्हें दर-दर की ठोकरें न खानी पड़ें। इस निष्ठुर, सहानुभूति शून्य स्थिति का उसे पूरा अनुभव है। अपने लड़कों को वह उन कठिन अवस्थाओं में पड़ने नहीं देना चाहता, जो सारी आशाओं उमंगों पर पाला गिरा देती हैं, हिम्मत-हौंसले को तोड़ कर रख देती हैं। उसे वह सारी मंजिलें जो एक साथ जीवन के आवश्यक अंग हैं, खुद तय करनी होंगी और जीवन को व्यापार के सिद्धान्तों पर चलाये बिना वह इन में से एक भी मंजिल पार नहीं कर सकता।  

शनिवार, 9 अक्तूबर 2010

शिवराम जी के बाद, उन के घर .....

जीवनसाथी शोभा परसों से मायके गई हुई है। आज लौटना था, लेकिन सुबह फोन आ गया, अब वह कल सुबह आएगी। कल-आज और कल अवकाश के दिन हैं। मैं घर पर अकेला हूँ। चाहता तो था कि इन दिनों में मैं मकान बदलने से बिखरी अपने पुस्तकालय और कार्यालय को ठीक करवा लेता। पर अकेले यह भी संभव नहीं था। जिन्हें इस काम में साथ देना था वे भी अवकाश मना रहे हैं। शिवराम जी के बाद ब्लागीरी पर जो विराम लगा था, कल उसे तोड़ने का प्रयास किया। आज पूरे पाँच दिन के अन्तराल के बाद आज शिवराम जी के घर जाना हुआ। भाभी पहले तीन दिनों तक खुद को संभाल नहीं पा रही थीं। आज कुछ सामान्य दिखाई पड़ीं। मुझ से बात कर के  फिर से उन का अवसाद गहरा न जाए इस कारण उन से बात नहीं की। वे अपनी तीनों बहुओं और ननद के साथ बैठी बातें कर रही थीं और साथ दे रही थीं।
न के ज्येष्ठ पुत्र ब्लागर रवि कुमार और कनिष्ट पुत्र पवन से मुलाकात हुई। रवि बहुत सयाना है, उस में एक बड़ा कलाकार जीता है। सभी कोण से वह शिवराम जी से कम प्रतिभाशाली नहीं है। उसी से कुछ देर बात करता रहा। उसी ने बताया कि माँ अब अवसाद से धीरे-धीरे बाहर आ रही हैं। मैं ने पत्रिका अभिव्यक्ति की बात छेड़ दी। आपातकाल के ठीक पहले शिवराम जी से मेरी मुलाकात हुई थी। हम बाराँ में दिनकर साहित्य समिति चलाते थे और एक पत्रिका प्रकाशन की योजना बना रहे थे। शिवराम जी ने उसे आसान कर दिया। पत्रिका आरंभ हुई तो अनियमित रूप से प्रकाशित होती रही। लेकिन वह चल रही है और लघुपत्रिकाओं में अपना विशिष्ठ स्थान रखती है। शिवराम जी ही इस का संपादन करते रहे, सहयोग कई लोगों का रहा। लेकिन मूल काम और जिम्मेदारियाँ वही देखते थे। मैं ने रवि से अभिव्यक्ति में अपना योगदान बढ़ाने को कहा। उस ने बताया कि वह भी इस बारे में सोच रहा है। अभी तो वह शिवराम जी के कागजों को संभाल रहा है जिस से पता लगे कि वे कितने कामों को अधूरा छोड़ गए हैं, और उन्हें कैसे संभाला जा सकता है।
मैं ने रवि से उल्लेख किया कि घर आर्थिक रूप से तो संभला हुआ है। इस लिए पटरी पर जल्दी आ जाएगा, लेकिन जो सामाजिक जिम्मेदारियाँ शिवराम जी देखते थे, सब से बड़ा संकट वहाँ उत्पन्न हुआ है। उसे पटरी पर लाने में समय लगेगा। रवि ने प्रतिक्रिया दी कि यह तो मैं भी कह रहा हूँ कि अपने परिवार और घर के लिए तो वे सूचना मात्र रह गए थे, उन का सारा समय और जीवन तो समाज को ही समर्पित था। रवि ने ही बताया कि कुछ सांस्कृतिक संगठन कल शोक-सभा रख रहे हैं, जिस में कोटा के बाहर के कुछ महत्वपूर्ण लोग भी होंगे। यह मेरे लिए सूचना थी। मेरा मन तो कर रहा है कि इस सभा में रहूँ,  शिवराम जी के बाद उन से साक्षात्कार का यह अवसर मैं छोड़ना नहीं चाहता था। लेकिन मुझे पहले से तय जरूरी काम से जयपुर जाना होगा। रवि ने कल की सभा की छपी हुई सूचना मुझे दी। हरिहर ओझा की एक कविता इस पर छपी है, जो महत्वपूर्ण है।  मैं उस सूचना का चित्र यहाँ लगा रहा हूँ।  आर्य परिवार संस्था कोटा ने शिवराम को एक आँसू भरी श्रद्धांजलि पर्चे के रूप में छाप कर वितरित की है। यह बहुत महत्वपूर्ण है। शिवराम ईश्वर के अस्तित्व को नकारने वाले कम्युनिस्ट थे, लेकिन धर्मावलंबी जो उन के संपर्क में थे किस तरह सोचते थे, यह श्रद्धांजलि पर्चा उस की एक मिसाल है। दोनों को ही आप चित्र पर चटका लगा कर बड़ा कर के पढ़ सकते हैं।
 

 


शुक्रवार, 8 अक्तूबर 2010

सिलसिला नहीं रुकेगा, जीवन भर। जैसे शिवराम! तुम न रुके थे।

मैं जानता हूँ कि जो मंजिल मेरा लक्ष्य है वह बहुत दूर है, मैं इस जीवन में वहाँ नहीं पहुँच सकूंगा। लेकिन वह मंजिल मेरी अकेले की तो नहीं। वह तो पूरी मानव जाति की मंजिल है। मनुष्य के पास दो ही मार्ग हैं, या तो वह निजी स्वार्थों और लालच के वशीभूत हो कर जीवन जिए और लड़-झगड़ कर इस धरती को बरबाद करे और स्वयं इस मानव जाति को नष्ट कर डाले, या फिर वह एक ऐसे मानव समाज की रचना करे जो संपूर्ण मानव-समाज के सामुहिक हित की सोचे। सामाजिक हित सर्वोपरि हों। धरती को हम खूबसूरत बनाएँ। जिएँ और जीने दें, लगातार उन्नति करते जाएँ। इस दूसरे रास्ते पर  चलने वाले दुनिया में लाखों नहीं करोड़ों लोग हैं। उन में बहुत लोग हैं जो मंजिल की ओर जा रहे काफिले की अगुवाई करते हैं। निश्चय ही वे मानवजाति के श्रेष्ठतम  लोग हैं। उन का पूरा जीवन काफिले की इस यात्रा को समर्पित है। वे जानते हैं कि वे मंजिल तक नहीं पहुँच पाएंगे, लेकिन फिर भी उन का सब कुछ इस मानव-समाज के लिए है। वे सोचते हैं कि वे नहीं उन की कोई आगामी पीढ़ी अवश्य ही मंजिल पा लेगी। यदि उन्हों ने कोताही की तो निश्चित ही मंजिल तक पहुँचने के पहले मानव जाति नष्ट हो जाएगी और हमारी यह खूबसूरत धरती भी जिस का कोई जोड़ अभी तक मनुष्य इस ब्रह्मांड में तलाश नहीं कर सका है।
शिवराम ऐसे ही व्यक्तित्व थे। सोचा न था कि वे चलते-चलते यूँ काफिला छोड़ जाएंगे। जब उन के जाने की खबर मिली तो हर कोई हतप्रभ रह गया। मुझ पर तो जैसे वज्रपात हुआ। मैं अदालत में था। जल्दी से अदालत से अपना काम समेट, घर पहुँचा। नेट पर सूचना चस्पा की और उन के घर पहुँच गया। वे घर के नीचे के कमरे में दरी पर विश्राम कर रहे थे, चादर ओढ़े। वह विश्राम जो उन्हों ने जीवन भर नहीं किया। चेहरा भी चादर से ढका था। इच्छा हुई कि चादर हटा कर देखूँ इस चिरविश्रांति में वे कैसे लग रहे हैं, लेकिन हिम्मत नहीं हुई। चेहरे से चादर हटी तो शायद मैं अपने आप पर काबू नहीं रख सकूंगा, कहूँगा- कामरेड! तुम अभी से सो गए। उठो अभी तो बहुत काम बाकी है। वे उठेंगे नहीं। मैं निराश सा, क्या कर लूंगा? सिवा रोने और विलाप करने के, जो मैं नहीं करना चाहता था। मैं कमरे के बाहर चला आया। 
शिवराम ने जीवन के इकसठ वर्ष पूरे नहीं किए। लेकिन इस जीवन में उन्हों ने सैंकड़ों जीवन जिए। विद्यार्थी जीवन के बाद नौकरी की तलाश के दिनों में ही उन्हों ने पहचान लिया था कि दुनिया और समाज जिस अवस्था में है, वह  निराश करता है ,जीने लायक नहीं है। उसे बदलना होगा, जीने लायक बनाना होगा। न जीने लायक उस दुनिया के बारे में वे लिखते हैं-
"मैं खुद बेरोजगारी के दौर में किसी तरह भटकता फिरता था. असहायता के अहसास से मैं भी गुजरा था। लेकिन रोटी के लिए वेश्यावृत्ति। आठ-दस साल  का बेटा अपनी माँ के लिए ग्राहक ढूंढेगा। यह स्साली कोई जिन्दगी है। लानत है। 
शायद इन्हीं दिनों हम पांडिचेरी गए। वहाँ भी हम ने यह सब देखा। आप को एक तौलिया खरीदना हो और दूकानदार आप के सामने दस तरह के तौलिए पटक दे। जो पसन्द हो छांट लो, वैसे ही साधारण से होटलों में लड़कियों की लाइन लगा दी जाती थी। सब की दरें बता दी जाती थीं। जो पसन्द हो ले कर अपने कमरे में चले जाओ। हमारा समूह भी एक होटल में पहुँच गया और यह सब दृष्य अपनी आँखों से देखा। औरों का मुझे पता नहीं, मेरे लिए यह भयानक अनुभव था। यह सब विद्यमान व्यवस्था की देन है। यह व्यवस्था क्यों है? गरीबी-अमीरी का मामला क्या है? भगवान इस सब को ठीक क्यों नहीं करता? पांडिचेरी में एक ओर इतना बड़ा आध्यात्मिक केन्द्र और दूसरी ओर यह गंदगी। आध्यात्मिकता और इस गंदगी का चोली दामन का साथ तो नहीं? इस आध्यात्मिक केंद्र की वजह से और इस शहर की खूबसूरती की वजह से यहाँ पर्यटक आने लगे होंगे तो यह धंधा फला-फूला होगा। पर्यटन और वेश्यावृत्ति क्या एक ही हिस्से के दो पहलू हैं?"
रोजगार की तलाश खत्म हुई, नौकरी लगी। प्रशिक्षण में स्वयं प्रकाश से भेंट हुई। वे भी ऐसे ही मोड़ पर थे। छह महिने की ट्रेनिंग पूरी होने पर जोधपुर में दो माह का प्रायोगिक प्रशिक्षण आरंभ हुआ। स्वयंप्रकाश के साहित्यिक लोगों से संबंध थे। वहीं मिले पारस अरोड़ा जिन के घर ज्ञानोदय के अंकों का ढेर और बहुत सी किताबें थीं। शिवराम इतनी किताबें देख चकित थे। इतना पढ़ते हैं ये लोग! हम चार स्कूली किताबें पढ़ कर, वो भी पास होने के लिए, खुद को पढ़ा लिखा समझते हैं। हम काहे के पढ़े लिखे हैं? जिन्दगी और दुनिया को समझना है तो किताबें पढ़नी होंगी। एक पुस्तकालय में विवेकानंद का साहित्य पढ़ने को मिला। उसे पढ़ा तो लगा विवेकानंद का बताया रास्ता सही है। सब बुराइयों की जड़ अज्ञान है, अशिक्षा है। बच्चों में उच्च मानवीय मूल्यों के संस्कार देने वाला साहित्य प्रचारित प्रसारित करो। दो माह यूँ ही गुजर गए। रामगंज मंडी  (जिला कोटा राजस्थान) में पोस्टिंग हुई। शिवराम नौकरी के अलावा वहाँ बच्चों के लिए निशुल्क स्कूल भी चलाने लगे कमरा निशुल्क मिल गया। वहाँ आर.एस.एस भी था और सोशलिस्ट पार्टी भी। आचार्य नरेन्द्रदेव की पुस्तकें और लोहिया की जीवनी पढ़ी। गीता का अंग्रेजी अनुवाद करने पर काम करने लगे। कुछ न कुछ लिखने भी लगे। स्वयं प्रकाश का पत्र मिला - क्या पढ़ रहे हो कार्ल मार्क्स की पूँजी पढ़ो। शिवराम का जवाब था -कम्युनिस्टों के चक्कर में पड़ गए लगते हो। मैं लोहिया पढ़ रहा हूँ पर संतुष्ट हूँ। स्वयं प्रकाश का उत्तर था -तुम्हें हक है कि जो तुम्हें ठीक  न लगे उसे खारिज कर दो, पर पहले उसे जानो, समझो तो सही। तुमने मार्क्स की पूंजी को चलताऊ तरीके से खारिज कर दिया। पत्र की भाषा बहुत सख्त थी। प्रतिक्रिया हुई -ठीक है मार्क्स को पढूंगा और फिर इसे बताउंगा मैं ने मार्क्स को क्यों खारिज किया। करौली बस स्टैंड पर प्रगतिशील साहित्य भंडार से मार्क्स, एंगेल्स और लेनिन की किताबें और भगतसिंह की जीवनी खरीदी।  पैसे कम पड़ गए, दुकानदार से कहा कुछ किताबें निकाल दो, तो दुकानदार शर्मा जी ने एक किताब और मिलाई और बोले -फिर दे देना।  शिवराम कुछ महीने बाद पैसे लौटाने पहुँचे तो दुकान बंद थी। पता चला शर्मा जी नहीं रहे। उन का कर्ज रह गया। शिवराम ने मार्क्सवाद पढ़ा, समझा और वर्ग-संघर्ष के मार्ग पर चल पड़े। चलते-चलते सैंकड़ों-हजारों लोग साथ होते गए। काफिला बनता चला गया। आज वही शिवराम काफिले में नहीं हैं, चुपचाप सड़क के किनारे बैठ गए हों और कह रहे हों। जीवन ने यहीं तक साथ दिया, मैं आगे नहीं जा सकता। लेकिन ध्यान रहे! काफिला कम न हो और रुके नहीं।

स्वयंकथ्य 
शिवराम के जाने ने अंदर तक आहत किया है। एक सप्ताह से की-बोर्ड पर उंगलियाँ चल ही नहीं पा रही थीं। आज हिम्मत कर के वापस बैठा हूँ। यह हिम्मत भी शिवराम की दी हुई है। कह रहे हों कि मैं छूट गया तो क्या सफर छोड़ दोगे? ऐसा ही था तो क्यों चले थे मेरे साथ? सफर छूटे ना, मंजिल अभी दूर है, बहुत चलना है, रुको मत! चलते रहो! मुड़ कर मत देखो!
ह सिलसिला नहीं रुकेगा, जीवन भर। जैसे शिवराम! तुम  न रुके  थे। 
शिवराम के जाने ने जो रिक्तता पैदा की है, उसे एक या कुछ लोग नहीं भर सकते।  उस के लिए बहुत लोगों को सामने आना होगा। साहित्य, संस्कृति, रंगमंच, ट्रेड यूनियनें, मोहल्ला संगठन, किसान सभाएँ और पार्टी, सब जगह अनेक लोगों को वे मोर्चे संभालने होंगे, जिन्हें अकेले शिवराम संभाले थे। शिवराम का न होना, लगातार पीछा कर रहा है। 'अनवरत' भी अभी कुछ दिन शिवराम-मय ही रहेगा। 

गुरुवार, 5 अगस्त 2010

गोल बनाओ फिर से जाओ

गोल बनाओ फिर से जाओ
  •  दिनेशराय द्विवेदी

जेठ तपी
धरती पर
बरखा की ये
पहली बूंदें

गिरें धरा पर
छन् छन् बोलें
और हवा में
घुलती जाएँ


टुकड़े टुकड़े
मेघा आएँ,
प्यास धरा की
बुझा न पाएँ


मेघा छितराए
डोलें नभ में
कैसे बिगड़ी
बात बनाएँ

 
मानें जो सरदार
की सब तो
बन सकती है
बात अभी भी

मिलकर पहले
मेघा सारे
गोल बनाओ
फिर से जाओ

बहुत तपी है
प्रिया तुम्हारी
और तनिक भी
मत तरसाओ


खूब झमाझम
जा कर बरसो
वसुंधरा का
तन-मन सरसो

 

रविवार, 1 अगस्त 2010

राजा-रानी छू-मंतर, किसान को बनाया नायक मुंशी प्रेमचंद ने

मैं तो कल मुंशी प्रेमचंद जी की जयन्ती नहीं मना पाया। बस उन का आलेख 'महाजनी सभ्यता तलाशता रहा। लेकिन उधर प्रेस क्लब में 'विकल्प जन सांस्कृतिक मंच' ने मुंशी जी का जन्मदिन बेहतरीन रीति से मनाया। इस अवसर पर नगर के सभी जाने माने साहित्यकार और कलाकार एकत्र हुए, जी हाँ वहाँ कुछ ब्लागर भी थे, बस मैं ही नहीं जा सका था। इस अवसर पर "आज की कहानी और प्रेमचंद" विषय पर एक परिचर्चा आयोजित की गई। 
प्रोफेसर राधेश्याम मेहर
रिचर्चा में समवेत विचार यह निकल कर आया कि आज के कथाकारों को केवल परिवेश की अक्कासी ही नहीं अपितु मुंशी प्रेमचंद की कहानियों और उपन्यासों से प्रेरणा ले कर आम-आदमी के जीवन की सचाइयों आत्मसात करते हुए समाज को दिशा प्रदान करने वाली रचनाओं का सृजन करना चाहिए।
कवि ओम नागर
रिचर्चा को प्रारंभ करते हुए नगर के चर्चित कथाकार विजय जोशी ने कहा कि आज की कहानियों में भौतिक विकास तो दिखाई पड़ता है लेकिन आत्मिक विकास नदारद है। कवि ओम नागर ने कहा कि आज के गाँवों की स्थितियाँ प्रेमचंद के गाँव से अधिक त्रासद हैं, लेकिन कहानियों में वे प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त नहीं हो रही हैं। 
डॉ. अनिता वर्मा
वि, व्यंगकार और ब्लागर अतुल चतुर्वेदी ने आधुनिक समय की अनेक कहानियों के उदाहरण देते हुए बताया कि इन कहानियों में बाजारवाद तो है लेकिन मनुष्य की मुक्ति की राह दिखाई नहीं देती है। प्रेमचंद की कहानियों के पात्र आज भी गाँव-गाँव में जीवन्त हैं। लेकिन आधुनिक कहानियों में अनुभव की वह आँच नहीं दिखाई देती जो प्रेमचंद की कहानियों में थी।  डॉ. अनिता वर्मा ने कहा कि मनुष्य और समाज से प्रेमचंद को गहरा लगाव था, आज का कथाकार उस गहराई को छू भी नहीं पाता है। 
श्याम पोकरा
विशिष्ठ अतिथि श्याम पोकरा ने कहा कि प्रेमचंद ने जितनी भी कहानियाँ लिखीं वे सभी समाज के कड़वे यथार्थ से उपजी हैं। लेखकों को कृत्रिमता से बचते हुए सहजता के साथ समाज के उत्पीड़ितों की गाथा लिखनी चाहिए।
कथाकार विजय जोशी
 रिचर्चा की अध्यक्षता कर रहे कवि-रचनाकार अम्बिका दत्त ने कहा कि प्रेमचंद के पास समाज के प्रति गहरी निष्ठा, त्यागमय जीवन मूल्य, व प्रगतिशील दृष्टि थी। इसी कारण से वे आज तक बड़े लेखक बने हुए हैं। अध्यक्ष मंडल के ही सदस्य प्रोफेसर राधेश्याम मेहर ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रेमचंद ने कहानियों  के केन्द्रीय पात्रों  राजा-रानी को किसान और मजदूर से प्रतिस्थापित कर दिया। वे ब्रिटिश साम्राज्य के विरुद्ध स्वातंत्र्य चेतना जगाने वाले महत्वपूर्ण और प्रमुख साहित्यकार थे। समारोह के संचालक शिवराम ने इस में अपनी बात जोड़ी कि आज के साहित्यकारों को जन-स्वातंत्र्य की चेतना जगाने के लिए प्रेमचंद की ही तरह काम करने की आवश्यकता है। विकल्प जन सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष महेन्द्र नेह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कवि-रचनाकार अम्बिका दत्त

शनिवार, 31 जुलाई 2010

नहीं मना सका मैं, मुंशी प्रेमचंद जी का जन्मदिन

ज मुंशी प्रेमचंद का जन्मदिन है। वे भारतीय साहित्य की अमूल्य निधि हैं। उन्होंने भारतीय जन जीवन, उस की पीड़ाओं को गहराई से जाना और अभिव्यक्त किया। उन की कृतियाँ हमें उन के काल के उत्तर भारतीय जीवन का दर्शन कराती हैं। 
न का बहुत सा साहित्य अन्तर्जाल पर उपलब्ध है। लेकिन उन का एक महत्वपूर्ण आलेख 'महाजनी सभ्यता' अभी तक अंतर्जाल पर उपलब्ध नहीं है। मैं ने सोचा था कि उन के इस जन्मदिन पर मैं इसे अंतर्जाल पर चढ़ा दूंगा। लेकिन जब कल तलाशने लगा तो वह आलेख जिस पुस्तक में उपलब्ध था नहीं मिली। मुझे उस पुस्तक के न मिलने का भी बहुत अफसोस हुआ, मैं ने उसे करीब पिछले तीस वर्षों से सहेजा हुआ था। 
मुझे कुछ तलाशते हुए परेशान होते देख पत्नी शोभा ने पूछा -क्या तलाश रहे हो? मैं ने बताया कि कुछ किताबें और पत्रिकाएँ नहीं मिल रही हैं। रद्दी में तो नहीं दे दीं? तब उस ने कहा कि कोई किताब और पत्रिका रद्दी में नहीं दी गई है। हाँ, दीपावली पर सफाई के वक्त कुछ किताबें ऊपर दुछत्ती में जरूर रखी हैं। मैं तुरंत ही दुछत्ती से उन्हें निकालना चाहता था। लेकिन वहाँ पहुँचने का एक मात्र साधन स्टूल टूट कर चढ़ने लायक नहीं रहा है। खैर महाजनी सभ्यता को इस जन्मदिन पर अंतर्जाल पर नहीं चढ़ा पाया हूँ। लेकिन जैसे ही वह पुस्तक मेरे पल्ले पड़ी इसे अविलंब चढ़ाने का काम करूंगा। प्रेमचंद जी के अगले जन्मदिन का इंतजार किए बिना।