@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत

शुक्रवार, 5 सितंबर 2008

सब से प्राचीन परंपरा, रोट पूजा, ऐसे हुई

रोट या रोठ? मेरे विचार में रोट शब्द ही उचित है। क्यों कि यह रोटी का पुर्लिंग है, और हिन्दी में आकार में छोटी और पतली चीजों को जब वे बड़ी या मोटी होती हैं तो उन का पुर्लिंग बना कर प्रयोग कर लिया जाता है। पर मेरे यहाँ हाड़ौती में उस का उच्चारण रोठ हो गया है जैसा कि अन्य अनेक शब्दों में उच्चारण में हो जाता है। पिछले आलेख पर आई प्रतिक्रियाओं से एक बात और स्पष्ट हुई कि यह परंपरा मालवा में केवल नाम मात्र के परिवारों में है, लेकिन उत्तर प्रदेश में बड़ी मात्रा में जीवित है। हमारे परिवारों में यह परंपरा सब से प्राचीन प्रतीत होती है, संभवतः इस का संबंध हमारे पशुपालक जीवन से खेती के जीवन में प्रवेश करने से है, इस का धार्मिक महत्व उतना अधिक नहीं जितना उत्पादन की उस महान नयी प्रणाली खेती के आविष्कार से है, जिस से मनुष्य जीवन अधिक सुरक्षित हुआ। अपने निष्कर्ष अंकित करने के पहले रोट या रोठ की इस कहानी को पूरा कर लिया जाए।
रोट के लिए मोटा आटा दो दिन पहले ही पड़ौसी की घरेलू-चक्की पर शोभा (मेरी पत्नी) पीस कर तैयार कर चुकी थी। एक दिन पहले उस ने सारे घर की सफाई की, विशेष तौर पर रसोईघर की। सारे बरतन धो कर साफ किए। अलमारियों में बिछाने के कागज बदले गए। जब दिन में यह काम पूरा हो गया तो शाम के वक्त बाजार से आवश्यक घी, चीनी और पूजा सामग्री आदि को ले कर आई। केवल दो चीजें लाने को रह गईं। एक दूध जो सुबह ताजा आना था और दूसरे पूजा के लिए कोरे नागरबेल के पान।
कल सुबह ही उस ने फिर पूरे घर को साफ किया। चाय आदि पीने के बाद रसोई की धुलाई की। मुझे ताजा दूध व पान लाने भेजा गया। मैं पान छोड़ आया, उन्हें मैं दोपहर अदालत से वापस आने के वक्त लाने वाला था। इस पूजा में सम्मिलित होने के लिए बेटे को कहा गया था, वह इंदौर से दो दिन पहले ही आ चुका था। बेटी मुम्बई में होने से आ ही नहीं सकती थी।
अब शुरू हुआ शोभा का काम। स्नान और पूजादि से निवृत्त हो कर उस ने रसोई संभाली। दूध-चावलों की केसर युक्त खीर सब से पहले बनी। फिर हुआ रोटों के लिए आटा चुनना। तौल कर आटे की तीन ढेरियाँ बनाईँ। दो सवा-सवा किलो की और एक ढाई किलो की। अब उन का संकल्प शुरु हुआ। एक हाथ में साबुत धनिया, चने की दाल कुछ जल और दक्षिणा का रुपया ले कर पहला सवा किलो आटे का संकल्प कुल देवता अर्थात् नागों के लिए छोड़ा गया। दूसरा सवा किलो परिवार की बेटियों के लिए, और तीसरा अढ़ाई किलो का संकल्प हम पति-पत्नी के लिए। हमारे एकल परिवार के स्थान पर संयुक्त परिवार होता तो जितने जोड़े होते उतने ही अढ़ाई किलो के भाग और जोड़े जाते। तीनों भागों को अलग अलग बरतनों में रखा गया। तीनों में देसी घी का मौइन मिलाया गया, उन्हें अलग अलग गूंथा गया, वह भी जितना गाढ़ा गूंथा जा सकता था, उतना।
सब से पहले कुल देवता नागों के भाग के सवा किलो आटे का एक ही रोट बेला गया। जिस का व्यास कोई एक फुट रहा और मोटाई करीब एक इंच से कुछ अधिक। इसे सेंकने के लिए रखा गया। सेंकने के लिए मिट्टी का उन्हाळा लाया गया था। यह एक छोटे घड़े के निचले हिस्से जैसा होता है। घड़ा ही समझिए, बस उस के गर्दन नहीं होती। उस पर कोई रंग नहीं होता। उसे उलटा कर चूल्हे पर चढ़ा दिया जाता है। अब लकड़ी के चूल्हे तो हैं नहीं, इस कारण उसे गैस चूल्हे पर ही चढ़ा दिया जाता है।  गैस के जलने से उन्हाळा गरम होने लगता है और इस उन्हाले की पीठ पर रोट को रख दिया जाता है। उन्हाळे की पीठ गोल होने से उलटे तवे जैसी हो जाती है। उस पर सिकता रोट भी बीच में से गहरा और किनारों पर से उठा हुआ एक तवे जैसी आकृति में ढल जाता है। इसे उन्हाळे पर उलट कर नहीं सेका जा सकता क्यों कि ऐसा करने से रोट टूट सकता है। एक तरफ सिकने के बाद रोट उतार लिया जाता है और उंगलियों से उस में गहरे गड्ढे बना दिए जाते हैं। फिर उसे कंड़ों की आँच में सेका जाना चाहिए, लेकिन अब उन के स्थान पर गैस ओवन आ गया है। रोट को ओवन में सेंका गया। इस सवा किलो आटे के रोट को सिकने में करीब डेढ़ घंटा से कुछ अधिक समय लगा।
बाकी जो दो हिस्से थे उन में से ढाई किलो आटा जिस का संकल्प हम पति-पत्नी के लिए छोड़ा गया था में से आधा आटा निकाल कर अलग रख दिया गया और करीब आधे का एक रोट बनाया गया। तीसरा हिस्सा बेटियों का था। बेटी उपलब्ध नहीं थी, इस कारण कोई दो सौ ग्राम आटे का एक रोट बनाया गया और शेष आटे को अलग से रख दिया गया। इस तरह कुल तीन रोट बने। इस बीच मैं अदालत चला गया और वहाँ का काम निबटा कर दो बजे वापस लौटा। रास्ते में पान लेने रुका, वहाँ बेटे का फोन आ गया कि जल्दी घर पहुँचूँ।
रसोई घर की पश्चिमी दीवार पर (अन्य कोई दीवार खाली न होने से अन्यथा यह पूरब की होती) खड़िया से लीप कर करीब सवा गुणा सवा फुट का एक आकार बनाया गया था। लकड़ी जला कर कच्चे दूध में बुझा कर बनाए गए कोयले को कच्चे दूध में ही घिस कर बनाई गई स्याही से इस आकार पर एक मंदिर जैसा चित्र बनाया गया और उसमें बीच में पांच नाग आकृतियाँ बनाई गई थीं। मन्दिर के उपर एक गुम्बद और पास में ध्वज फहराता हुआ अंकित किया गया था। ऊपर के दोनों कोनों पर सूरज और चांद बनाए गए थे। सब से नीचे मंदिर का द्वार बनाया गया था। यही हमारे कुल देवता थे। हो सकता है यह कुल देवता हमारे पशुपालन से पहले रहे वनोपज एकत्र कर जीवन यापन करने के दिनों में हमारे कबीले के टोटेम रहे हों और जिन की स्मृति आज तक इस परंपरा के रूप में हमारे साथ है। यहाँ मैं शिकारी-जीवन शब्द का प्रयोग शाकाहारी हो जाने के कारण स्वाभाविक संकोच के कारण नहीं कर रहा हूँ। इस मंदिर के आगे एक उच्चासन पर गणपति विराजमान थे। उन के आगे तीन थालियों में घी से चुपड़े हुए रोट रखे थे। रोट में घी भर दिया गया था, जिस में रुई की बनाई गई एक-एक बत्ती रखी थी। एक बड़ी भगोनी में खीर थी। एक दीपक, एक कलश जिस पर रखा एक नारियल।
दीपक जलाने से पूजा शुरू हुई। इस परंपरा को जीवित रखने का एकमात्र श्रेय जिस महिला अर्थात शोभा को है, वह बिना कहे ही बाहर चली गई। हम पिता-पुत्र ने पूजा आरंभ की। इस पूजा में और कोई नया देवता प्रवेश नहीं कर पाया, लेकिन गणपति यहाँ भी प्रथम पूज्य के रूप में उपस्थित थे। शायद वे भी कृषि जीवन के आरंभ के दिनों के हमारे कुल-गणों के मुखिया या देवता के रूप में मौजूद थे और आज तक हमारे ही साथ नहीं चले आए, अपितु भारत भर तमाम गणों के अलग अलग मुखियाओँ के एक सम्मिलित प्रतीक के रूप में स्थापित हो कर प्रथम पूज्य हो चुके हैं।
गणपति की पूजा के पश्चात पहले रोटों की और फिर नाग देवता की पूजा की गई। पहले नाग देवता के रोट में घी भर कर पूजा की वही सामान्य पद्धति, आव्हान, पद-प्रक्षालन, आचमन, स्नान, पंचामृत-अभिषेक, शुद्धस्नान, वस्त्र, सुगंध, चन्दन, रक्त चंदन या रोली का टीका, भोग, दक्षिणा, आरती और प्रणाम। विशेष कुछ था तो नाग देवता का प्रिय पेय कच्चा दूध। रोट की पूजा करने के पहले बड़े रोट पर रखी बत्ती जला दी गई थी। पूजा संपन्न होते ही हम पिता-पुत्र ने एक दूसरे को रोली-अक्षत का टीका कर समृद्धि की शुभ कामना की और लच्छे से दाहिने हाथ में रक्षा-सूत्र बांधा। नागदेवता वाले रोट पर जलती बत्ती को एक कटोरी से ढक दिया गया, ताकि उस की ज्योति हम दोनों के अलावा कोई और न देख ले। इस के बाद हम रसोई से बाहर निकले, पत्नी का पुनर्प्रवेश हुआ। उसने अपने और बेटियों के रोट की बत्ती जलाई और प्रणाम कर बाहर आई।
इस के बाद हम पिता-पुत्र को शोभा ने खीर-रोट परोसे और हम ने छक कर खाए, स्वाद के लिए साथ में कच्चे आम का अचार ले लिया गया। नाग देवता का जो रोट है वह हम दोनों पिता-पुत्र को ही खाना है, चाहे वह तीन दिनों में बीते। उसे और कोई नहीं खा सकता। यह रोट स्वादिष्ट और इतना करारा था कि हाथ से जोर से दबाने पर बिखरा जा रहा था, जिसे खीर में या अचार के मसाले के साथ मिला कर खाया जा सकता था। जोड़े का जो रोट है उसे परिवार का कोई भी सदस्य खा सकता है। लेकिन बेटियों का रोट केवल परिवार की बेटियाँ ही खा सकती हैं। शाम को जा कर बेटियों का रोट शोभा की बहिन की बेटी को देकर आए खीर के साथ, और बेटियों के रोट के संकल्प का शेष आटा भी उसी के यहाँ रख कर आए ताकि वह उसे काम में ले ले। शेष आटा जो बचा वह अनंत चतुर्दशी के पहले बाटी आदि बना कर काम में ले लिया जाएगा, और उस का समापन न होने पर गाय को दिया जाएगा। क्यों कि फिर आ जाएंगे श्राद्ध, तब बाटी नहीं बनाई जा सकतीं हैं। हम यह परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के अलावा किसी को खिला तो दूर दिखा भी नहीं सकते ऐसी ही परंपरा है।
यह हुई रोट-कथा। इस परंपरा के बारे में मेरी अपनी समझ और इस के महत्व के बारे में आगे .......

बुधवार, 3 सितंबर 2008

गणपति का आगमन और रोठ पूजा


ज गणेश चतुर्थी है।  विनायक गणपति मंगलमूर्ति हो कर पधार चुके हैं।  पूरे ग्यारह दिनों तक गणपति की धूम रहेगी। गणपति के आने के साथ ही देश भर में त्योहारों का मौसम आरंभ हो गया है जिसे देवोत्थान एकादशी तक चलना है। उस के उपरांत गंगा से गोदावरी के मध्य रहने वाले और हिन्दू परंपरा का अनुसरण करने वाले लोगों को शादी-ब्याह और सभी वे मंगलकाज, जो चातुर्मास के कारण रुके पड़े थे को सम्पन्न करने की छूट मिल जाएगी।  प्रारंभ तो कल हरितालिका तीज से ही हो चुका है। वैसे भी गणपति के आने के पहले शिव और पार्वती का एक साथ होना जरूरी भी था। इसलिए यह पर्व एक दिन पहले ही हो लिया।  इस दिन मनवांछित वर की कामना के लिए कुमारियों ने निराहार निर्जल व्रत रखे और जिन परिवारों में किसी अशुभ के कारण श्रावण पूर्णिमा को रक्षाबंधन नहीं हुआ वहाँ रक्षाबंधन मनाया गया।

ये ग्यारह दिन पूरी तरह व्यस्त होंगे। हर नए दिन एक नया पर्व होगा। चार सितम्बर को ऋषिपंचमी होगी, पाँच को सूर्य षष्ठी, छह को दूबड़ी सप्तमी और गौरी का आव्हान, सात को गौरी पूजन, आठ को राधाष्टमी और गौरी विसर्जन, आठ को नवमी व्रत, नौ को दशावतार व्रत और राजस्थान में रामदेव जी और तेजाजी के मेले होंगे, दस को जल झूलनी एकादशी होगी, ग्यारह को वामन जयन्ती और प्रदोष व्रत होगा और तेरह को अनंत चतुर्दशी इस दिन गणपति बप्पा को विदा किया जाएगा। अगले दिन से ही पितृपक्ष प्रारंभ हो जाएगा जो पूरे सोलह दिन चलेगा। तदुपरांत नवरात्र जो दशहरे तक चलेंगे। फिर चार दिन बाद शरद पूर्णिमा, कार्तिक आरंभ होगा और  दीपावली आ दस्तक देगी। दीपावली की तैयारी, मनाने के बाद उस की थकान उतरते उतरते देव जाग्रत हो उठेंगे और फिर शुरू शादी ब्याह तथा दूसरे मंगल कार्य।

इस पूरी सूची से आप को अनुमान लग गया होगा कि भारतीय धार्मिक सांस्कृतिक पंचांग कितना व्यस्त है। यदि सभी पर्वों को मनाने लगें तो दो-दो तीन-तीन एक दिन में मनाने पड़ें और पूरे बरस में एक भी दिन खाली न छूटे। भारतीय संस्कृति ऐसी ही है। इस ने सभी को अपनाया और उन्हें भारतीय रूप देदिया। अब महाराष्ट्र गणपति उत्सव जोर-शोर से मनाता है तो गुजरात-बंगाल नवरात्र को अधिक महत्व देते हैं। इसी तरह पूरा भारत वर्ष अपने अपने त्योहारों को अधिक महत्व देता है। लेकिन दूसरे भागों के त्योहारों को भी सभी स्थानों पर पूरा मान प्राप्त होता है।

बात कहीं की कहीं चली गई है। मैं बात करना चाहता था इस पखवाड़े के महत्व की। हमारे यहाँ हाड़ौती-मालवा क्षेत्र में इस पखवाड़े में रोठ बनना शुरू हो जाते हैं। पिछले पखवाड़े की चतुर्दशी से प्रारंभ हो कर अनंत चतुर्दशी तक का कोई एक दिन हर परिवार के लिए निश्चित है, जिस दिन रोठ पूजा और कुलदेवता की पूजा होगी। यह पर्व जैन धर्मावलम्बी भी मनाते हैं। रोठ की यह परंपरा धर्म से कुछ अलग सोचने को विवश करती है। आखिर इस परंपरा का आरंभ कहाँ है? जिस से यह जैन धर्मावलम्बियों में भी समान रूप से प्रचलित है। निश्चित ही इस का मूल धर्म में नहीं है। इस का मूल खोजने, चलें  उस से पहले यह जान लिया जाए कि इस दिन होता क्या क्या है?

इस दिन के लिए पहले से ही अनाज (गेहूँ) के दानों को निश्चित मात्रा में साफ कर घर की हाथ चक्की को अच्छी तरह धोकर पीसा जाता है। इस से जो आटा प्राप्त होता है। वह महीन न हो कर कुछ मोटा और दानेदार होता है। आज कल नगरों में घर की चक्कियों ने परिवारों से विदा ले ली है। इस कारण रोठ का यह आटा चक्की पर भी पिसवा लिया जाता है।  जिस के लिए चक्की वाले पहले से घोषणा कर देते हैं कि फलाँ दिन रोठ का आटा पीसा जाएगा। उस दिन चक्की वाला उस की चक्की को साफ कर धो कर आटा पीसता है और केवल रोठ के लिए उपयुक्त मोटा आटा पीसता है। आजकल बिजली से चलने वाली छोटी चक्कियाँ भी आ गई हैं। जिन लोगों के घरों में वे चक्कियाँ हैं वे उन्हें साफ कर, धो कर यह आटा तैयार  कर लेते हैं और पड़ौसियों के लिए भी कुछ लोग यह सेवा मुफ्त कर देते हैं। मेरे यहाँ ऋषिपंचमी के दिन रोठ पूजा होती आई है। इस दिन रोठ बनते हैं, साथ बनती है चावलों की खीर और, और बस कुछ नहीं। रोठ की पूजा होती है, कुल देवता की पूजा होती है। फिर सब मिल कर खीर-रोठ खाते हैं। और हाँ इस दिन हम कोई चीज नहीं खरीदते। सब चीजें पहले ही घर में आ चुकी होती हैं। इस दिन किसी को एक पैसा भी नहीं देना है, पूर्वज ऐसा नियम क्यों बना गए, यह खोज का विषय है।  इस पूजा का संबंध मानव विकास की उस अवस्था से है जिस में कृषि का आरंभ हुआ था और जिस में स्त्रियों की मुख्य भूमिका थी। उत्पादन और पारिवारिक समृद्धि के इस पर्व को सहजते सहजते वह इस हाल में आ पहुँचा है। यदि इस पखवाड़े में आप के यहाँ भी किसी तरह की पारंपरिक पूजा होती हो तो उस में भी स्त्रियों द्वारा कृषि जैसे मनुष्य जीवन को बदल डालने वाले आविष्कार की महत्ता के चिन्ह देखने के प्रयास करें शायद आप को मिल जाएँ।

विवरण लम्बा हो रहा है। आज इतना ही बाकी बातें कल।  कि रोठ क्या है? कैसे बनता है? दूसरी बातों से इस का क्या संबंध है?  कल तक तो प्रतीक्षा करनी ही होगी। और एक राज की बात और कि कल चार सितम्बर है, मेरा जन्म दिन। कल मैं पूरे तिरेपन का हो रहा हूँ और चौपनवाँ वर्ष प्रारंभ हो जाएगा।

रविवार, 31 अगस्त 2008

'भगवान' शब्द के शब्दार्थ

हिन्दुस्तानी बन्धु ने आज एक आलेख अपने ब्लॉग पर लिखा है- हमारा हिन्दुस्तान...: भगवान का शाब्दिक अर्थ यह है !! इसे पढ़ कर इन हिन्दुस्तानी बन्धु बुद्धि पर केवल और केवल तरस खाने के अलावा और कुछ नहीं किया जा सकता है? यह पाँचवीं कक्षा के किसी छात्र का भदेस और कक्षा से लम्बे निष्कासन के उपाय के रूप में दिया गया जवाब लगता है।

इन सज्जन ने अपने आलेख में जो बताया है  कि भग स्त्री जननांग को कहते हैं इस लिए स्त्री का स्वामी अर्थात उस का पति भगवान हुआ, जैसे बल का स्वामी बलवान।

  • संस्कृत में 'भगः' शब्द है, जिस के अर्थ हैं -सूर्य के बारह रूपों में से एक, चन्द्रमा, शिव का रूप, अच्छी किस्मत, प्रसन्नता, सम्पन्नता, समृद्धि, मर्यादा, श्रेष्ठता, प्रसिद्धि, कीर्ति, लावण्य, सौन्दर्य, उत्कर्ष, श्रेष्टता, प्रेम, स्नेह, सद्गुण, प्रेममय व्यवहार, आमोद-प्रमोद, नैतिकता, धर्मभावना, प्रयत्न, चेष्ठा, सांसारिक विषयों में विरति, सामर्थ्य, और मोक्ष, और ... ...  योनि भी। 
  • लेकिन,  योनि केवल स्त्री जननांग को ही नहीं, उद्गम स्थल, और जन्मस्थान को भी कहते हैं।
  • यह जगत जिस योनि से उपजा है उसे धारण करने वाले को भगवान कहते हैं। 
  • इन सज्जन के अर्थ को भी ले लें, तो भी योनि का स्वामित्व तो स्त्री का ही है। इस कारण से स्त्री ही भगवान हुई न कि उस का पति।

स्वयं को हिन्दुस्तानी कहने वाले इन महाशय जी को यह गलत और संकीर्ण अर्थ करने के पहले कम से कम इतना तो सोचना ही चाहिए था, कि वे जो हिन्दुस्तानी नाम रखे हैं  यह उस के अनुरूप भी है अथवा नहीं। भाई,क्यों अपनी चूहलबाजी के लिए इस विश्वजाल पर हिन्दुस्तान और हिन्दुस्तानियों की मर्यादा को डुबोने में लगे हैं। कम से कम भगवान का ही खयाल कर लिया होता।

शुक्रवार, 29 अगस्त 2008

पुरुषोत्तम 'यकीन' की ग़ज़ल ... खो रही है ज़िन्दगी

आज फिर से आप को ले आया हूँ, 
मेरे दोस्त और आप के लिए अब अजनबी नहीं  पुरुषोत्तम 'यकीन' की ग़ज़लों की महफिल में।

पढ़िए हालात पर मौजूँ उन की  ये बेहतरीन ग़ज़ल...

खो रही है ज़िन्दगी
पुरुषोत्तम 'यकीन'

भूख से बिलख-बिलख के रो रही है ज़िन्दगी
अपने आँसुओं को पी के सो रही है ज़िन्दगी

चल पड़ी थी गाँव से तो रोटियों की खोज में
अब महा नगर में प्लेट धो रही है ज़िन्दगी

या सड़क की कोर पर ठिठुर रही है ठंड में
या क़दम-क़दम पसीना बो रही है ज़िन्दगी

नौचते हैं वासना के भूखे भेड़िए कभी
जब्र की कभी शिकार हो रही है ज़िन्दगी

हड्डियों के ढाँचे-सी खड़ी महल की नींव में 
पत्थरों को नंगे सर पे ढो रही है ज़िन्दगी
अजनबी-से लग रहे हैं अपने आप को भी हम
सोचिए कि ग़ैर क्यूँ ये हो रही है ज़िन्दगी

बस रही है झौंपड़ी में घुट रही है अँधेरों में 
कब से रोशनी की आस पी रही है ज़िन्दगी

कीजिए 'यक़ीन' मैं ने देखी .ये हर जगह
 लीजिए संभाल वरना खो रही है ज़िन्दगी
*************************

गुरुवार, 28 अगस्त 2008

विधवा अपने नौकर के साथ विवाह करना चाहती है, आप की क्या राय है?

आज सुबह अदालत के लिए रवाना होने के पहले नाश्ते के वक्त टीवी पर एक समाचार देखा। एक विधवा माँ के तीन नाबालिग बच्चों ने पुलिस थाने में शिकायत कराई कि उन के पिता की मृत्यु के बाद उन की माँ घर के नौकर से विवाह करना चाहती है। वे अब अपनी मां के साथ नहीं रहना चाहते। उन्हें उन की माँ से उन के पिता का धन और घर दिला दिया जाए। माँ जहाँ जाना चाहे जाए।  अजीब शिकायत थी।

माँ और उस के प्रेमी नौकर को पुलिस थाने ले आया गया था। माँ कह रही थी कि यह सच है कि वह विवाह करना चाहती है। लेकिन इस में क्या परेशानी है। बच्चों को एक पड़ौसी के घर में बैठा दिखाया गया था। शायद बच्चों को उसी ने थाने तक पहुँचाया था। हो सकता है इस में मीडिया ने भी कोई भूमिका अदा की हो। समाचार दिखाने वाला बता रहा था... देखिए इस माँ को जिस ने  प्रेमी से विवाह करने के लिए बच्चों को घर से निकाल दिया। माँ थी कि मना कर रही थी कि वह कैसे अपने ही बच्चों को घर से निकाल सकती है। वह तो बच्चों को खुद अपने साथ रखना चाहती है।

मुझे यह समझ नहीं आया कि उस महिला का वह कौन सा अपराध था जिस के कारण उसे थाने में बुलाया गया था। जहाँ तक अन्वेषण का प्रश्न है तो वह तो मौके पर उस के घर जा कर भी किया जा सकता था। कुल मिला कर यह समाचार उस महिला के प्रति घृणा उत्पन्न कर रहा था।

मैं ने अदालत के रास्ते में दो तीन पुरुषों से बात की तो उन्हों ने  इस महिला को लानतें भेजीं। इन परिस्थितियों में लोगों ने यह भी कहा कि उस का प्रथम कर्तव्य अपनी संतानों को जीने लायक बनाने का है। यह भी कि जरूर उस महिला की गलती रही होगी।

जब मैं ने उन से यह कहा कि एक महिला जो हमेशा अपने पति पर निर्भर रही। उस ने सहारे से जीना सीखा। अब पति का सहारा उस के पास नहीं रहा। वह अपने शेष जीवनकाल के लिए उस का सहारा बन सकने वाला एक जीवनसाथी चाहती है, जिस के बिना उस ने  जीना सीखा ही नहीं। वह अपने बच्चों को भी पालना चाहती है। शायद उस ने सोचा हो कि वैधव्य की अवस्था में जहाँ अधिकांश पुरुष उसे गलत निगाहों से लार टपकाते हुए नजर आते हैं, वहाँ वह किसी एक के साथ विवाह क्यों न कर ले? लेकिन अपने बच्चों के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए कोई महिला विवाह करना चाहती है तो लोगों को क्यों आपत्ति होना चाहिए?

मैं ने जिन्हें किस्सा सुनाया उन्हें यह भी कहा कि मान लो कि पति के स्थान पर यह महिला मर गई होती और पति ने नौकरानी को अपने घर में ड़ाल लिया होता तब भी पुलिस का बर्ताव यही रहता? क्या तब भी पड़ौसी उस के बच्चों को पुलिस थाने पहुँचाते? क्या उस पुरुष के विरुद्ध किसी की उंगली भी उठती? तब क्या उस पुरुष को एक महिला के सहारे की उतनी ही आवश्यकता होती, जितनी उस की पत्नी को एक पुरुष की है?

इस पर लोगों ने कहा कि वाकई उस महिला के साथ ज्यादती हुई है।

लेकिन क्या आप लोग भी ऐसा ही सोचते हैं? या इस से कुछ अलग?

मंगलवार, 26 अगस्त 2008

ईश्वर ही ईश्वर को जला रहा है

नाक में सुबह से जलन थी। ऱात होते होते टपकने लगी सोना भी उस की वजह से मुश्किल हो रहा था। रात साढ़े बारह सोया था। नीन्द खुलती है, सवा तीन बजे हैं। नाक का टपकना बदस्तूर जारी है। पेट में गुड़गुड़ाहट है। मैं पानी पीता हूँ तो बढ़ जाती है। मैं शौच को जाता हूँ तो पेट खाली हो लेता है। अब तुरंत नीन्द आना मुश्किल है। घर में एक सप्ताह पहले खूब हलचल थी। रक्षाबंधन पर बेटा था, वह चला गया। बेटी आई थी, वह भी कल शाम चली गई। पत्नी की बुआ जी नहीं रहीं, वह भी आज शाम वहाँ के लिए चली गई। अब अकेला हूँ।
रात सोने के पहले खबरें सुनी थीं। उड़ीसा में एक अनाथालय जला दिया गया। एक परिचारिका भी जीवित जल गई। किसी धर्मपरिवर्तन विरोधी की हत्या का बदला था यह। जम्मू और कश्मीर दोनों जल रहे हैं दो माह होने को आए। वही, धर्मस्थल जाने के पहले अस्थाई आवास के लिए दी गई भूमि और उसे वापस लिए जाने का झगड़ा।
राजस्थान में एक जाति है, जिस में हिन्दू भी हैं और मुस्लिम भी। घर में ही दो भाई दो अलग अलग धर्म पालते रहे हैं। पति-पत्नी के अलग धर्म हैं। कोई बैर नहीं, पूरा जीवन सुख-दुख से बिताते हैं। कुछ दशकों से लोग पूरी जाति को हिन्दू या मुस्लिम बनाने में जुटे हैं। जाति में अशान्ति व्याप्त है।
मैं ईश्वर को तलाशता हूँ। वह एक है? या नहीं? वह एक से अधिक होता तो शायद धरती माँ के टुकड़े हो गए होते। उस एक को क्या सूझी है कि कहीं वह किस रूप में आता है और कहीं किस रूप में। वह आता ही नहीं है। लेकिन उस के अनेक प्रतिरूप खड़े कर लिए जाते हैं, अपने-अपने मुताबिक। 
टीवी पर पुरी के शंकराचार्य क्रोध से दहाड़ रहे हैं। मुझे शंकराचार्य याद आते हैं जिन्हों ने देश में चारों मठों की स्थापना की। दुनियाँ को अद्वैत की शिक्षा दी। कहाँ गई वह शिक्षा? और उन के नाम धारी व्यक्ति कौन हैं ये? क्या बता रहे हैं दुनियाँ को? कहाँ हैं, ईसा और मुहम्मद? ईसा के पहले ईसाई धर्म और मुहम्मद के पहले इस्लाम कहाँ थे? शंकराचार्य के पहले अद्वैत कहाँ था? राम और कृष्ण का क्या धर्म था? उस से भी पहले कौन थे वे जो प्रकृति की शक्तियों को पूजते थे? सब में एक को ही देखते थे। और उस से भी पहले कौन थे वे जो जन्मदाता योनि की पूजा करते थे, बाद में लिंग भी पूजने लगे थे। आज भी उसे ही कल्याणकारी मान कर पूजा कर रहे हैं?
है ईश्वर! क्या हो रहा है यह? तुम्हारी कोई सत्ता है भी या नहीं? या उस के बहाने अपनी सत्ता स्थापित करने, उसे बनाए रखने को इंन्सान का हवन हो रहा है। ईश्वर भी है, या नहीं?
स्वामी विवेकानंद  आते हैं।  पूछने पर कहते हैं- मैं ने तो आँख खुलने के बाद ईश्वर के सिवा किसी को नहीं देखा। मैं पूछता हूँ। पर यह जो जल रहे हैं, जलाए जा रहे हैं,। कौन हैं वे? स्वामी जी कहते हैं- सब ईश्वर है।  जो जलाया जा रहा है वह भी और जो जला रहा है वह भी।
हे राम! यह क्या हो रहा है? ईश्वर ही ईश्वर को जला रहा है। वह ऐसा क्यों कर रहा है?
शायद सोचता हो कि दुनियाँ को अब उस के वजूद की जरूरत ही नहीं। क्यों न अब खुद को विसर्जित कर लूँ?

सोमवार, 25 अगस्त 2008

मंजिलों से तो मुलाक़ात अभी बाकी है.... शतकीय नमन ....

अनवरत का यह सौवाँ आलेख है। 20 नवम्बर 2007 को प्रारंभ हुई यह यात्रा सौवेँ पड़ाव तक कैसे पहुँचा? कुछ भी पता न लगा। स्वयँ को अभिव्यक्त करते हुए, दूसरे ब्लागरों को पढ़ते हुए, विचारों को आपस में टकराते हुए, नए मित्रों को अपने जीवन में शामिल करते हुए, कुछ सीखते हुए, कुछ बताते हुए और कुछ बतियाते हुए....

यह यात्रा अनंत है, चलती रहेगी, अक्षुण्ण जीवन की तरह ... अनवरत...
इस आलेख पर कुछ कहने को विशेष नहीं इस के सिवा कि सभी ब्लागर साथियों का खूब सहयोग मिला। उन का भी जिन्हों ने कभी आ कर मुझ से असहमति जाहिर की। सहमति से भले ही उत्साह बढ़ता हो, मगर असहमति उस से अधिक महत्वपूर्ण है, वह विचारों को उद्वेलित कर नया सोचने को बाध्य करती है, विचार प्रवाह को तीव्र करती है।
सहयोगी और मित्र साथियों के नामों का उल्लेख इसलिए नहीं कर रहा हूँ कि किसी न किसी के छूट जाने का खतरा अवश्यंभावी है। सभी साथियों को शतकीय नमन!

इस अवसर पर कुछ और न कहते हुए पुरुषोत्तम 'यक़ीन' की ग़जल के माध्यम से अपनी बात रख रहा हूँ.....
मंजिलों से तो मुलाक़ात अभी बाकी है
पुरुषोत्तम 'यक़ीन'

*
सो न जाना कि मेरी बात अभी बाक़ी है
अस्ल बातों की शुरुआत अभी बाक़ी है
**
तुम समझते हो इसे दिन ये तुम्हारी मर्ज़ी
होश कहता है मेरा रात अभी बाक़ी है 

***
ख़ुश्बू फैली है हवाओं में कहाँ सोंधी-सी
वो जो होने को थी बरसात अभी बाक़ी है 

****
घिर के छाई जो घटा शाम का धोका तो हुआ
फिर लगा शाम की सौग़ात अभी बाक़ी है 

*****
खेलते ख़ूब हो, चालों से तुम्हारी हम ने
धोके खाये हैं मगर मात अभी बाक़ी है 

******
जो नुमायाँ है यही उन का तअर्रुफ़ तो नहीं
बूझना उन की सही ज़ात अभी बाक़ी है 

*******
रुक नहीं जाना 'यकीन' आप की मंजिल ये नहीं
मंजिलों से तो मुलाक़ात
अभी बाकी है
**************