पिंजरा और पंख-41
लघुकथा श्रृंखला : दिनेशराय द्विवेदी
8 अप्रैल 2006, वनस्थली में सूरज की पहली किरण के साथ ही शगुन उठ बैठी. अपने रूम में वह अकेली थी.. यह उसके कोटा जाने का दिन था. प्रियंका, किरण और सीमा कल ही जा चुकी थी. गुप्ताजी बेटी को लेने रात आठ बजे पहुँचे. रात गेस्ट हाउस में रुके. सुबह तैयार हो कर चाय पी और ठीक 10 बजे शगुन के होस्टल पहुँच गए. शगुन ने अपना सारा सामान कार की डिक्की में सहेज दिया. होस्टल वार्डन को नमस्ते कह दोनों कार में आ बैठे. शगुन के मन में रह-रहकर आयुष का ख्याल आ रहा था. ठीक इसी समय, कोटा के किसी परीक्षा केंद्र में आयुष अपना पहला पेपर दे चुका होगा.
"पापा, थोड़ा जल्दी निकलें? हमें 5:00 बजे तक कोटा पहुँचना ही होगा," शगुन ने कार में बैठते हुए कहा.
“हमारे पास बहुत समय है” कहते हुए पापा ने मुस्कुराकर इग्निशन चालू किया. वनस्थली विद्यापीठ की मुख्य सड़क से होते हुए वे गेट से बाहर आ गये. शगुन विद्यापीठ में अपने जीवन के 2 महत्वपूर्ण साल बिता चुकी थी. हाईवे पर आने के बाद भी गुप्ताजी कार को आराम से चला रहे थे. करीब 11 बजे वे टोंक पहुँचे. हाईवे के किनारे एक साधारण से रोड-साइड रेस्टोरेंट पर गुप्ताजी की कोरल रेड मारुति 800 रुकी. दोनों ने वहाँ गर्म समोसे खा कर कॉफी पी और आगे बढ़ गए.
"अभी दूसरा पेपर शुरू होने वाला होगा," पापा ने पहली बार आयुष का ज़िक्र किया. उनकी आवाज़ में वह पुरानी कड़क नहीं, बल्कि एक अजीब सी बेचैनी थी. शगुन ने देखा कि पापा ने अपना चश्मा उतारकर रुमाल से साफ़ किया—यह घबराहट छुपाने का उनका पुराना तरीका था.
कल शाम ही आयुष से बात हुई थी. उसके स्वर में परीक्षा का बिलकुल तनाव नहीं था. कह रहा था, “दीदी मैंने पूरी कोशिश की है. जितना कोर्स है उस सबको खूब अच्छी तरह समझा है. मुझे इस तैयारी के बीच समझ आया कि साइंस क्या है? वह तो असली जीवन की खोज है. हर कहीं जीवन है. जिसे हम निर्जीव पदार्थ कहते हैं उसके भी कण-कण में गति है, जीवन है. मैंने बहुत दिन पहले किसी कहानी में पढ़ा था कि यशोदा ने कृष्ण के मुख में विराट को देखा था. मैंने विज्ञान में विराट देखा है. क्या नहीं है वहाँ? वह सीखने और आगे बढ़ने का रास्ता है.”
आयुष की बातें सुन कर वह दंग रह गयी थी. आखिर इसने विज्ञान के संसार में घुसने में सफलता पा ली. अध्ययन और परीक्षा के बीच की दूरी तय कर ली. आयुष ने कहा था, “अब परिणाम से मुझे बिलकुल डर नहीं लगता. वह मेरे लिए बेमतलब है. जो कुछ मैंने जान लिया है उसे बुरा परिणाम नहीं छीन सकता. अच्छा परिणाम मुझे कुछ सिखा नहीं सकता.” इस बात के बाद उसे आयुष की चिन्ता नहीं रही थी. उसने ऐसा रास्ता पकड़ लिया था जो उसे कभी धोखा नहीं दे सकता था.
देवली पहुँचे तब एक बज रहा था. यह खाने का समय था. गुप्ताजी ने कार को एक ढाबे पर रोका. दोनों नीचे उतरे. गुप्ताजी ने नल पर जाकर हाथ मुहँ धोए, ड्राइविंग की थकान कुछ कम हुई. ढाबे की दाल और चपाती का स्वाद अलग ही था. खाने के साथ शगुन ने सड़क पर जाते ट्रकों के पीछे उड़ती धूल देखी. उसे याद आ गया कि कैसे आयुष बचपन में ज़रा सी धूल से डरता था, आज वही आईआईटी-जी की तपती 'रेसिंग ट्रैक' पर दौड़ रहा है.
शाम के जब कार ने कोटा शहर की सीमा में प्रवेश किया तो 4:30 बज रहे थे. कोचिंग के बड़े-बड़े होर्डिंग्स और छात्रों की भीड़ बता रही थी कि यह शहर केवल ईंट-पत्थरों का नहीं, बल्कि उम्मीदों और दबावों का शहर है. पापा ने गाड़ी सीधे आयुष के परीक्षा केंद्र के बाहर पहुँच कर स्थान देख कर पार्क कर दी.
अभी शाम का आखिरी पेपर खत्म होने में बीस मिनट थे. केंद्र के बाहर अभिभावकों का हुजूम बढ़ता जा रहा था. कोई-कोई ठंडे पानी की बोतल लिए हुए थे. शगुन और गुप्ताजी कार में बैठ कर परीक्षा केन्द्र के लोहे के भारी दरवाज़े के खुलने का इन्तजार करने लगे.
"पापा, आयुष थक गया होगा न? सुबह 9 बजे से, शाम के 5 बजने वाले हैं... दो पेपर, वह भी आईआईटी के," शगुन ने फुसफुसाकर कहा.
पापा ने कुछ नहीं कहा, बस चुपचाप गेट की ओर देखते रहे. सूरज ढलान पर था, मई की धूप कमजोर पड़ गयी थी और सताने की क्षमता खो चुकी थी. शगुन को लगा जैसे वह 5 बजने की घंटी का इंतज़ार नहीं कर रही, बल्कि अपने उस भाई के 'पुनर्जन्म' का इंतज़ार कर रही है जिसे उसने महीनों पहले इस शहर को सौंपा था.
भीड़ में हलचल शुरू हुई. अंदर से 'लॉन्ग बेल' की आवाज़ आई—परीक्षा समाप्त हो गई थी. शगुन की साँसें थम गईं. लड़के-लड़कियाँ अंदर भवन से बाहर मैदान में आने लगे. कुछ ही देर में वे एक बड़े समूह में बदल गए. लोहे का भारी दरवाजा खुला. बाहर निकलते चेहरों के हुजूम में वह उस एक चेहरे को ढूंढने लगी जिसे यह अंदाज़ा भी नहीं होगा कि उसके 'शब्दों का संबल' उसके स्वागत के लिए दरवाज़े पर ही खड़ा है.
... क्रमशः