@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत

सोमवार, 21 जुलाई 2008

एक रविवार, वन-आश्रम में

कल रविवार था। रविवार? सब के लिए अवकाश का दिन, लेकिन मेरे लिए सब से अधिक काम का दिन। उसी दिन तो मेरे सेवार्थियों (मुवक्किलों) को अवकाश होता है और वे मुझसे सम्पर्क कर सकते हैं। लेकिन कल का रविवार हम ने कोटा के बाहर बिताया।
मेरे सहयोगी वकील नन्दलाल शर्मा, जिन्हें हम संक्षेप में नन्दजी कहते हैं, लम्बे समय से वनखंडी आश्रम जाने को कह रहे थे। वजह थी कि उन के बड़े भाई एक गंभीर अपराधिक मुकदमे में फँसाए गए थे और उस में जमानत भी नहीं हुई थी। नन्द जी ने संकल्प किया था कि यदि उन के भाई मुकदमे में बरी हो गए तो वे वनखंडी आश्रम में हनुमान जी को भोग लगायेंगे। उन्हें संकल्प पूरा करना था। मुकदमे में मैं ने पैरवी की थी। इस कारण वे मुझे भी वहाँ ले जाना चाहते थे। मेरे कारण ही वे तारीखें आगे बढ़ाते रहे। शुक्रवार को उन्हों ने पूछा -भाई साहब, इस रविवार को वनखंडी चलें? तो व्यस्तता होते हुए भी मैं ने चलने को हाँ कर दी।
वहाँ कारें नहीं जा सकती थीं। वैसे भी कोटा-सवाईमाधोपुर सड़क मार्ग को चौड़ा किए जाने का काम चल रहा होने के कारण परेशानी थी। तो हम ने कोटा से रेल द्वारा रवाँजना डूँगर स्टेशन, और वहाँ से जीपों से वनखंडी तक का 5 किलोमीटर की यात्रा जीप से करने का तय किया। कोई तेजगति गाड़ी रवाँजना रुकती नहीं, इस कारण से सुबह 7 बजे रवाना होने वाली कोटा-जमुना ब्रिज पैसेंजर से ही जाना था। रात काम करते हुए 1 बज गए थे। सुबह अलार्म 4 बजे का लगाया गया। अलार्म ने शोभा (मेरी पत्नी) को तो जागने में मदद की लेकिन मुझ पर उस का कोई असर नहीं हुआ। मुझे शोभा ने सुबह साढ़े पाँच पर जगाया। देर हो चुकी थी। मैं झटपट तैयार हुआ तो मेरे एक अन्य सहयोगी और क्लर्क भी आ गए। हम चारों अपनी गाड़ी में लद कर नन्द जी के घर से कुछ सामान लादते हुए समय पर स्टेशन पहुँचे। गाड़ी रवाना होने में अभी भी 15 मिनट थे। हम ने चैन की साँस ली। गाड़ी ने पूरे पौन घंटे देरी से स्टेशन त्यागा। हम एक साथ जाने वालों की संख्या 30 हो गई थी। ऐसा लग रहा था जैसे वर्षाकाल के वन विहार पर जा रहे हों।
बहुत दिनों में पैसेन्जर का सफर किया था। अनेक प्रकार के स्थानीय निवासियों से गाड़ी भरी थी और हर स्टेशन पर रुकती, सवारियाँ उतारती-चढ़ाती चल रही थी। गाड़ी में जहाँ मुझे बैठने को स्थान मिला वहाँ सब महिलाएँ थीं। उन में एक थीं लगभग साठ की उम्र की नन्द जी की विधवा जीजीबाई (बहिन)। वे बातें करने लगीं। कुछ देर बाद ही पता लग गया कि वे पक्की स्त्री समर्थक थीं। वे अधिक पढ़ी-लिखी नहीं थीं। सारा जीवन एक घरेलू महिला की तरह बिताया। उन के अध्ययन और जानकारियों का प्रमुख स्रोत उन के द्वारा बहुत से कथावाचकों से सुनी धार्मिक कथाएँ और उन के बीच-बीच सुनाए जाने वाली दृष्टान्त कथाएं थीं। काफी सारा धार्मिक साहित्य उन का पढ़ा हुआ था। वे लगातार बात करती रहीं। उन के स्वरों में जरा भी आक्रामकता नहीं थी, लेकिन वे एक-एक कर समाज की पुरुष प्रधानता पर आक्रमण करती रहीं। उन्हें इस का अवसर हमारे साथ ही जा रहे नन्द जी के बच्चों के ट्यूशन-शिक्षक के कारण मिल गया, जिन का अपनी पत्नी से विगत सात-आठ वर्षों से विवाद चल रहा था। उन की पत्नी उन के साथ आ कर रहने को तैयार नहीं थी। वे लगातार इस बात पर जोर देती रहीँ कि भाई अपनी पत्नी को मना कर ले आओ, उसी में जीवन का सार है। गन्तव्य स्टेशन तक का सफर उन्हीं की बातों में कब कट गया पता ही न चला।
इस बीच उस पण्डित की तलाश हुई जिस ने हमारा भोजन बनाना था। भोजन, यानी कत्त-बाफले। पण्डित कोटा स्टेशन तक तो आ चुका था। लेकिन ट्रेन पर चढ़ पाया था, या नहीं इस का पता नहीं चल रहा था। सोचा, चढ़ लिया होगा तो अवश्य ही उतरने वाले स्टेशन पर मिल जाएगा। नहीं मिला तो? लेकिन नन्द जी आश्वस्त थे।
गाड़ी पैसेंजर थी, लेट चली थी, तो किसी भी तेजगति गाड़ी या मालगाड़ी को निकालने के लिए उसे खड़ा कर दिया जाता। नतीजा सवा नौ के स्थान पर ग्यारह बजे स्टेशन पर उतरे। गाड़ी चली गई। हम ने भोजन-पंड़ित को तलाश किया तो वह नदारद था। खैर, तय हुआ कि वनखंडी में ही किसी की तलाश कर ली जाएगी या फिर खुद हाथों से बनाएंगे। स्टेशन के बाहर दो ही जीपें उपलब्ध थीं। पता लगासवारियों को पहुँचाने के लिए फेरे करेंगी। हम सब से पीछे वाले फेरे के लिए रुक गए। जीपें जब दूसरा फेरा कर रही थीं तब फोन आया कि पंडित किसी एक्सप्रेस ट्रेन को पकड़ कर सवाई माधोपुर पहुँच गया था, वहाँ से बस पकड़ कर पास के बस स्टेंड पहुँच गया है और वहां से वनखंड़ी की ओर रवाना हो चुका है। हमारी भोजन बनाने की चिन्ता दूर हो चुकी थी।
जीप के तीसरे और आखिरी फेरे ने हमें स्टेशन से मात्र पांच किलोमीटर दूर आश्रम तक पहुंचाया। बीच में केवल एक छोटा गाँव था। उसी गांव से कोई डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर आश्रम दो स्टेशनों के मध्य रेलवे लाइन से कोई पौन किलोमीटर दूर स्थित था। दो ओर खेत थे, तीसरी ओर जंगल और चौथी तरफ एक कम ऊंचा पहाड़ी श्रंखला। आदर्श स्थान था। मेरे मन में आश्रम की जो काल्पनिक छवि बनी थी उस के मुताबिक एक बड़े से घेरे में कुटियाएँ बनी होंगी, मन्दिर होगा, आश्रम में छोटा ही सही पर विद्यालय चलता होगा, जिस में संस्कृत अध्ययन होता होगा। निकट ही कहीं जल स्रोत के लिए कोई झरना होगा, जहाँ से निर्मल जलधारा निकल बह रही होगी। आश्रमवासी कुछ खेती कर रहे होंगे। लोग वहाँ आध्यात्म सीखने और अभ्यास करने जाते होंगे। आश्रम के महन्त अवश्य ही कोई ज्ञानी पुरुष होंगे, आदि आदि। लेकिन जैसे ही जीप से उतरे आश्रम का द्वार दिखाई पड़ा और उस के पीछे पक्के निर्माण देखते ही मन में निर्मित हो रहा काल्पनिक आश्रम तिरोहित हो गया। (जारी)

शनिवार, 19 जुलाई 2008

नीन्द की साँकळ उतारो, किरन देहरी पर खड़ी है।

पिछले आलेख पर अब तक जो टिप्पणियां मिलीं हैं, उन से एक बात पर सहमति दिखाई दी, कि अभी हिन्दी ब्लागिरी का शैशवकाल ही है। अनेक को तो पता भी नहीं कि हिन्दी ने भी एक ब्लागीर बालक को जन्म दे दिया है। लेकिन यह संकेत भी इन टिप्पणियों से मिला कि इस बालक ने अपने शैशवकाल में ही जितनी ख्याति अर्जित की है उस से उस के लच्छन पालने में ही दिखाई पड़ने लगे हैं। हमारे ब्लागीरों ने जो नारे उछाले हैं, जिन शब्दों में साहस बढ़ाने और ढाँढस बंधाने के प्रयत्न किए हैं वे कमजोर नहीं हैं। उन्हें प्रेरणा वाक्यों के रूप में प्रयोग किया जा सकता है, जैसे......

  • ब्लॉग्गिंग आएगा और जब ये आएगा तो लोग इसी में पिले रहेंगे जैसे हम ब्लॉगर पिले हुए हैं..... :)
  • जल्द ही वह दिन आएगा जब आप ब्लागिंग पर अपने इंटरव्यू में बताएँगे ..धीरे धीरे इसका नशा सब पर होगा ..:)
  • अजी उन्हे छोड़िए. हम है ना ब्लॉगिंग के बारे में सवाल पूछने के लिए..
  • वो सुबह कभी तो आएगी...जब ब्लोगिगं धूम मचाएगी।
  • जल्द ही एक बडी संख्या इसे जानने लगेगी।
  • सुबह होगी जल्द ही।


ये सभी अच्छे संकेत हैं। अंतरजाल तेजी से बढ़ने वाला है और ब्लागिरी भी। जरूरत है लोगों की जरूरत को समझने की। अगर ब्लागिरी आम लोदों की जरूरत को पूरा करने लगती है तो धीरे-धीरे यह जीवन का आवश्यक अंग बन जाएगी और अच्छे व सिद्धहस्त ब्लागर लोगों को बताने लायक कमाई भी कर सकेंगे।  जिस तेजी से हिन्दी ब्लागीरों की संख्या बढ़ रही है। (औसतन 10 चिट्ठे प्रतिदिन) उस से लगता है। कि पाठकों की संख्या भी बढ़ेगी।
जमाना वह नहीं रहा कि हम में काबिलियत है, जिस को जरूरत होगी हमारे पास आएगा। जमाना इस से बहुत आगे जा चुका है। अब लोगों को जरूरत पैदा की जाती है और अपना माल बेचा जाता है। ब्लागीरों को भी जरूरत पैदा कर पाठक पैदा करने पड़ेंगे। एक ब्लागर चाहे तो कम से कम दस नए पाठक ब्लागिरी के लिए नए ला सकता है और उसे लाना चाहिए। उसे इस के लिए सतत प्रयास करना चाहिए। ब्लागीरों को अपने स्तर को भी सभी प्रकार से उन्नत करते रहना चाहिए, तकनीकी रूप से भी और अपने माल के बारे में भी।

सभी ब्लागीरों को ब्लागिरी से एक लाभ जो हो रहा है वह यह कि वे आपस में जबर्दस्त अन्तरक्रिया कर रहे हैं जिस से उन की क्षमताएँ तेजी से विकसित हो रही हैं। वे लेखन की हों या अपने अपने क्षेत्र की जानकारियों की हों।

आज मेरे स्टूडियों से निकलने के बाद मैं ने कुछ मित्रों को संदेश दिया कि मेरा साक्षात्कार केबल पर प्रसारित होने वाला है। उन में से कुछ ने उसे देखा भी। जिस ने भी देखा उसे खूब सराहा भी। कुछ लोगों ने उसे अनायास देखा। आज अदालत मे अनेक वरिष्ठ वकीलों ने मुझे बधाई भी दी और यह भी कहा कि मेरी क्षमताएँ बहुत विकसित हैं और इस की उन्हें जानकारी नहीं थी। इस साक्षात्कार को सांयकालीन पुनर्प्रसारण में बहुत लोगों ने देखा। पूरे प्रसारण के दौरान और उस के बाद मुझे अनेक मित्रों और परिचितों के फोन आते रहे। आज के एक दिन ने मुझे बहुत बदल दिया। मैंने महसूस किया कि लोगों ने आज मुझे एक भिन्न दृष्टिकोण से देखा जा रहा है। कल जब मैं अदालत पहुँचूंगा तो मुझे और भिन्न दृष्टिकोण से देखा जाएगा।

लेकिन क्या यह आज से दस माह पूर्व हो सकता था? बिलकुल नहीं क्यों कि तब में एक वकील मात्र था। इस ब्लागिरी ने मुझे एक नया आयाम प्रदान किया, एक नया रूप दिया। यदि मैं ने इन दस माहों में 162 आलेख न लिखे होते उन पर आई सैकड़ों टिप्पणियों और दूसरे ब्लागीरों की सैंकड़ों पोस्टों को पढ़ कर सैंकड़ों टिप्पणियाँ नहीं की होतीं तो यह सब नहीं हो सकता था। ब्लागिरी ने मेरी क्षमताओं को विकसित किया। वह लगातार सभी ब्लागीरों की क्षमताओं को विकसित कर रही है।

ब्लागीरों को समाचार पत्रों में स्थान मिलने लगा है। अनेक ब्लागीरों की रचनाएँ समाचार पत्र पुनर्प्रकाशित कर रहे हैं। जल्दी ही वह समय भी आने वाला है कि जब ब्लागिरी और ब्लागीरों की चर्चा टीवी और अन्य प्रचार माध्यमों के लिए एक स्थाई स्तंभ होंगे। ब्लाग आज भी ज्ञान और जानकारी के स्रोत हैं इन का दायरा भी बढ़ेगा और वे प्रचार के माध्यम भी बनेंगे। अभी कुछ अभिनेता ब्लागिरी में आए हैं। लालू जैसे नेता इस में आए हैं। समय आने वाला है जब सभी प्रोफेशन के लोगों के लिए ब्लागिरी एक जरूरी चीज बनेगी। उन की ब्लागिरी से ही उन की क्षमताओं का मूल्यांकन किया जाने लगेगा।

अंत में मैं लावण्या दीदी की टिप्पणी यहाँ पुनः प्रस्तुत कर रहा हूँ जिस में वे कहती हैं.......

आपसे मेरा सविनय अनुरोध है कि आप ब्लोगिंग पर और सिंदुर पर और अन्य विषयों पर दूसरों की चिन्ता किये बिना लिखिये -"वीकिपीडीया की तरह या डिक्शनरी की तरह ये जानकारियाँ आज नहीं आनेवाले समय तक नेट पर कायम रहेंगी और काम आयेंगी- जब आम का नन्हा बिरवा उगा ही था तब किसे पता था कि यही घना पेड बनेगा जिस के रसीले आम बरसोँ तक खाये जायेँगे -ये मेरा मत है ..कोई विषय ऐसा भी होता है जो भविष्य मेँ आकार लेता है, और वर्तमान उसे हैरत से देखता है ..कम से कम, यह मेरा विश्वास है....                           

- लावण्या
18 July, 2008 10:39 PM

और अब मुझे स्मरण हो रही हैं राजस्थानी के कवि हरीश 'भादानी' के एक गीत की मुख्य पंक्तियाँ जो सभी ब्लागीरों को कह रही हैं.....

भोर का तारा उगा है,
जाग जाने की घड़ी है।
नीन्द की साँकळ उतारो,
किरन देहरी पर खड़ी है।

शुक्रवार, 18 जुलाई 2008

ब्लागिंग अब भी जनता से दूर की चीज है।

'पीयूष प्रत्यक्ष,' यही नाम है, उस का। एक सप्ताह पहले मेरे निवास पर आया। वह एक स्थानीय केबल चैनल 'एसटीएन' में पत्रकार है। मुझ से बोला कल सुबह साढ़े छह बजे आप को स्टूडियो आना है। पता लगा वह चैनल के लिए परिचर्चा कार्यक्रम में मेरा साक्षात्कार रिकार्ड करना चाहता है। मैं ने हाँ तो कर दी लेकिन किसी और दिन के लिए। अपनी दैनंदिनी देख कर तय किया कि किस दिन जा सकता हूँ। तो शुक्रवार तय हुआ।


बुधवार तक मैं यह भूल गया कि मैंने कौन सा दिन बताया था। बुधवार देर रात ध्यान आया तो पूछने के लिए टेलीफोन करना चाहा तो पीयूष का फोन नम्बर ही नहीं था। गुरूवार भी असमंजस में बीता रात हम फिर निर्देशिकाएँ टटोल रहे थे कि उस का खुद फोन आ गया। मैं ने राहत की साँस ली। वह शुक्रवार ही था। मैं ने उस से पूछा कि किस पर बात करोगे भाई यह तो बता दो। कहने लगा ब्लागिंग पर बात करेंगे। मैंने उसे कुछ ब्लागिंग के बारे में बताया।


शुक्रवार सुबह सदा की भांति 5.30 सुबह उठे। जल्दी-जल्दी तैयार हुए और चल दिए, इंद्रप्रस्थ। ये इंद्रप्रस्थ कोटा का एक वृहत औद्योगिक क्षेत्र है। इसी के एक कोने पर बनी हुई है राजस्थान टेलीमेटिक्स लि. की इमारत। बड़ी सी तीन मंजिला। बिलकुल खाली खाली सी दिखी सुबह-सुबह उसी के दूसरे तल पर प्रधान संपादक का कार्यालय। संपादक जी सुबह सुबह मिल गए, वे जयपुर से लौटे ही थे और कुछ देर बाद प्रसारित होने वाली खबरों पर नजर डाल रहे थे। उन से कुछ बातचीत हुई और उन्हों ने मुझे कॉफी पिलायी। वहीं पीयूष जी आ गए और हमें स्टूडियो ले गए। हम ने पहली बार किसी टीवी चैनल का स्डूडियो देखा था। कुछ खास नहीं। एक बड़ा सा कमरा, जिस के एक और कुछ मॉनीटर और कम्प्यूटर थे, कैमरा था और एक ऑपरेटर। दूसरी और एक दीवार उसी की साइज के नीले रंग के परदे से ढंकी हुई। दो कुर्सियाँ, एक बड़ी सी टेबल। हमें कुर्सी पर बिठा दिया गया। दूसरी पर पीयूष जी।


कैमरा ऑपरेटर ने इशारा किया और साक्षात्कार प्रारंभ हुआ।
सब से पहले राजनैतिक सवाल। वही परमाणु करार, महंगाई, आरक्षण के मुद्दे और वही सियासती पार्टियाँ काँग्रेस, बीजेपी और लेफ्ट। फिर एक अंतराल बोले तो, छोटा सा ब्रेक।  फिर सवाल शुरू हुए तो आ गई न्याय व्यवस्था। कोटा में अदालत परिसर की कठिनाइय़ाँ। कोई और विषय नहीं। फिर साक्षात्कार समाप्त। ब्लागिंग बीच में टपकी ही नहीं।


हमने पीयूष जी से पूछा -भाई ये क्या हुआ ब्लागिंग का तो उल्लेख ही नहीं हुआ।
पीयूष जी बोले - वह फिर कभी, मैं ने आप को कह तो दिया। पर मैं ब्लागिंग के बारे में खुद कुछ नहीं जानता तो क्या सवाल करता? अब एक दिन आऊंगा। आप से समझूंगा कि ब्लागिंग क्या बला है। फिर ब्लागिंग वाला इंटरव्यू करूंगा।


लगा ब्लागिंग अब भी जनता से दूर की चीज है। लोगों ने अभी केवल उस का नाम ही जाना है वह भी अमिताभ बच्चन, आमिर और सलमान खान वगैरह की तरह।
मैं इन्तजार में हूँ कब पीयूष जी आते हैं मेरे पास ब्लागिंग के बारे में जानने के लिए।

बुधवार, 16 जुलाई 2008

कब्जेदारों की बेदखली और शर्करा व लिपिड प्रोफाइल जाँचेँ

पिछले आलेख में मैंने आप को बताया था.... किस तरह शरीर से बाहर निकलने वाले अपशिष्ट बेदखल होने के बजाए वहीं कब्जा जमा कर बैठ गए। उस से जो हमारा हाल हुआ उस ने हमें पहुँचा दिया अस्पताल। जाँच पर रक्तचाप सामान्य निकला यानी 80/130 और ईसीजी में कुछ भी असामान्य नहीं। डाक्टर ने शर्करा जाँच कराने को लिखा। .....

मैं उस दिन के आलेख में आप को बताना भूल गया कि इस के अलावा लिपिड प्रोफाइल जाँच कराने के लिए भी लिखा था, और इस के लिए तो हमें अल्ल सुबह बिना कुछ खाए-पिए (पानी के अलावा) अस्पताल जाना था, रक्त-नमूना देने के लिए। अस्पताल की प्रयोगशाला खुलना था सुबह आठ बजे। हम रात को पंचसकार खा कर सोए थे शायद यही कब्जाधारियों को बेदखल करने में कामयाब हो? अब पांच से आठ तीन घंटे कैसे बिताए जाएँ। सुबह की कॉफी पिए बगैर और सब काम तो रुके पड़े थे। तम्बाकू के लिए रात डाक्टर मना कर ही चुके थे। खाली मटके का पानी पी पी कर हम कब्जाए हुओं को धक्का मारते रहे, बीच बीच में अन्तरजाल टटोलते रहे, जानने को कि ये लिपिड प्रोफाइल क्या बला है?

अन्तरजाल बता रहा था – लिपिड प्रोफ़ाइल अनेक जाँचों का समूह है, जो कि अक्सर कोरोनरी हृदय रोग की जोखिम निर्धारित करने लिए एक साथ किए जाने के लिए कराए जाते हैं। इस में समूचे-कोलेस्ट्रोल, एचडीएल-कोलेस्ट्रोल (जो अच्छा कोलेस्ट्रोल कहा जाता है), एलडीएल-कोलेस्ट्रोल (जो बुरा-कोलेस्ट्रोल कहा जाता है), तथा ट्राइग्लिसराइड की जाँचें शामिल की जाती हैं।

ये वे जाँचें हैं जो इस बात का अच्छा संकेत देती हैं कि किसी व्यक्ति की रक्तवाहिनियों के कठोर हो जाने या उन में अवरोध उत्पन्न हो जाने के कारण उसे हृदयाघात की कितनी संभावना हो सकती है?

इस का उपयोग यह है कि हृदय रोग के अन्य जाने हुए कारकों के साथ लिपिड प्रोफाइल की जाँचों के परिणामों को मिला कर रोगी के हृदय रोग की चिकित्सा की योजना बनाई जाती है।

इधर एक मामूली कब्जाधारी भी सरकने को तैयार नहीं था। तम्बाकू चबाने की याद आई तो डाक्टर का स्मरण हो आता। यह सोच कर कि उस ने कौन सा आज ही छोड़ने को कहा था। आखिर हम ने चुटकी भर तम्बाकू चूने के साथ रगड़ा, सुपारी काट कर उस में मिलाई और मुहँ में फाँक गए। तम्बाकू का रखना था कि कब्जाधारियों में हलचल मचने लगी। हम ने टेबुल पर रखे डाक्टर के पर्चे, ईसीजी रिपोर्ट और उस के साथ शुल्क जमा करने वाली रसीदों को घूर कर देखा। पर तब तक हल्ला गुल्ला बढ़ गया था। जाना ही पड़ा। कोई बीस प्रतिशत कब्जाधारी बेदखल हो गए। पौने आठ बज गए थे हम स्कूटर उठा सीधे पहुँचे अस्पताल और फिर प्रयोगशाला। एक अस्पताल का भर्ती मरीज पहले से रक्त देने बैठा था। सो हम हो गए दो नंबरी।

वापस लौटे, आते ही शोभा को कॉफी बनाने को बोला। कॉफी पी कर गए तो आधे से अधिक कब्जाधारी भाग छूटे थे। दुबारा कॉफी बनवाई और पी, तो 90 प्रतिशत का सफाया हो गया। हम सुबह का भोजन करने लायक हो गए थे। अदालत भी जाना था। शाम को अदालत से लौटे तो बहुत कुछ सामान्य हो चुके थे। घर पर बताया कि छह बजे खाना खाना है आठ बजे फिर शर्करा के लिए नमूना देने जाना है। पर खाना शुरू हुआ पौने सात बजे, नमूने का समय निर्धारित हुआ पौने नौ बजे। देकर आए।

आज सुबह जाँच परिणाम लेने जाना था। शोभा (गृहस्वामिनी) ने सुबह से ही हल्ला कर दिया। जाना नहीं क्या? बिना नहाए धोए जाओगे क्या? आज कॉफी समय पर मिल गई थी। कब्जाधारी जाते ही बेदखल हो गए। हम ने नहा-धो, टीका लगाया और पहुँच गए प्रयोगशाला। रिपोर्ट बन गई थी। रजिस्टर में दर्ज थी। लेकिन छपी नहीं थी। छपने में समय लगा। तब तक डाक्टर बहिरंग में विराजमान हो चुके थे। हम ने जाच परिणाम सीधे उन के पास जा जंचाया।

डाक्टर ने परिणाम देखा। फिर मुझे देखा। बोले –क्या खाते हो कोलेस्टरोल नियंत्रण के लिए। मैने कहा –कुछ भी तो नहीं। हाँ, देसी घी नहीं खाता पचास के बाद से। सोच रक्खा है कि यह दीपक, हवन और 50 से कम वालों के लिए है। वे बोले –कोई दवा नहीं। मैने कहा –बिलकुल नहीं। हाँ दौड़ने का शौक है, तो दौड़ लेता हूँ गाहे-बगाहे, नियमित वह भी नहीं।

मै भौंचक्का था। आखिर बात क्या है? मैं ने पूछ ही लिया –क्या कुछ गड़बड़ है डाक्टर साहब। वे बोले –कुछ भी नहीं। तिरेपन के हो रहे हो। मैं ने इस उमर में इतनी अच्छी प्रोफाइल नहीं देखी। आप को किसी दवा की जरूरत नहीं।

हम उछल पड़े जैसे परीक्षा में योग्यता सूची में नाम आ गया हो., वह भी सब से ऊपर। Lipid profile

शर्करा जाँच और लिपिड प्रोफाइल जाँच की रिपोर्ट यहाँ पेश है। आप भी जाँचें। खास तौर पर डाक्टर पाठक जरूर जांचें। बताएँ योग्यता सूची में नाम कहाँ है?

 

पिछले आलेख पर छत्तीसगढिया संजीव तिवारी, वकील रश्मि सुराणा, बवाल भाई, सतीश पंचम, प्रभाकर पाण्डेय, अनूप शुक्ला, उडनतश्तरी वाले समीर लाल, अरविंद मिश्रा, लोकेश, राज भाटिय़ा, विजयशंकर चतुर्वेदी, डा० अमर कुमार, अभिषेक ओझा, सिद्धार्थ, और अनिता कुमार, जी की टिप्पणियाँ मिलीं। कुछ ने खुद स्वीकार किया कि वे भी तम्बाकू सेवन करते हैं, और कहीं कहीं गृहमंत्रालय की आपत्ति पर बहस जारी है। किसी ने आलेख की तारीफ में कसीदे पढ़े. किसी ने सलाह दी कि तम्बाकू से मुक्ति प्राप्त कर ही ली जाए। किसी किसी ने नए चित्र की भी तारीफ की। चित्र पर पहली ही टिप्पणी आलोक जी की थी। उस के तुरंत बाद हम ने शोभा (गृहस्वामिनी) से कह कर नजर उतरवा ली। सब लोग खूब तारीफ कर सकते हैं चित्र की। पर चित्र में खूबसूरती जिस कारण से है वह चित्र में नहीं है। यह बच्चे के एक जन्मदिन के चित्र में से काटा गया टुकड़ा है। बच्चा मेरी साली की बेटी का बेटा है और सारा सौंदर्य उसी के कारण इस चित्र में है। सब से सुंदर टिप्पणी डाक्टर अमर कुमार जी की थी उसे पुनः उदृत कर रहा हूँ ...........

कभी देखता अनवरत का बदला कलेवर।
कभी भटकाता आपके फोटो का फ़्लेवर ।।
डाक्टर को बोले नहीं कि क्यों दिखाते तेवर।
मरीज़ों को धूल फँकाते और खुद खाते घेवर।।
वैसे..पोस्ट अच्छी बन पड़ी है, बड़े दिनों बाद मुकालात हो रही आपसे।
इतनी अच्छी कास्मेटिक सर्ज़री कहाँ से करवायी, हमें भी जरा बताइये तो।।

हाँ एक संकल्प जरूर किया है कि एकदमै तो नहीं, पर शनैः शनैः तम्बाकू का साथ जरूर छोड़ दूंगा। 

रविवार, 13 जुलाई 2008

तम्बाकू छोड़ दो, बाकी सब दुरूस्त है।

ये बरसात का सुहाना मौसम, सब ओर हरियाली छाई है। इधर बरसात भी मेहरबान है। घर के सामने वाले सत्यम उद्यान में रौनक है। लोग नगर छोड़ कर बाहर भाग रहे हैं। नदी-नालों-तालाबो-झरनों के किनारे रौनक है, और इतनी है कि जगह की कमी पड़ गई है। नए-नए गड्ढे तलाशे जा रहें हैं, जिन के किनारे पड़ाव डाले जा सकें। गोबर के उपलों का जगरा लगा कर दाल-बाफले-कत्त बनाए जा सकें। पकौड़ियाँ तली जा सकें, विजया की घोटम-घोंट के लिए बढिया सी चट्टान नजदीक हो। बस मौज ही मौज है।

पर 50 से ऊपर वालों पर चेतावनियाँ लटकी हैं। उधर चार दिन पहले प्रयाग में गंगा किनारे ज्ञानदत्त जी को गर्दन खिंचवा कर सही करानी पड़ी, तो इधर हम अलग ही चक्कर में पड़ गए। इस मौज-मस्ती में कुछ खाने का हिसाब गड़बड़ा गया। खाए हुए का अपशिष्ट बाहर निकलने के बजाय शरीर में ही कब्जा जमाए बैठ गया। वेसै ही जैसे चुनाव के दिनों में बहुत से लोग खाली जमीनों पर कब्जा कर बैठते हैं और फिर जिन्दगी भर हटते नहीं। हट भी जाते हैं तो कब्जा किसी दूसरे को संभला जाते हैं।

कब्ज के इसी दौर में शादियाँ आ धमकीं। शुक्रवार रात शादी में गए और वहाँ पकवान्न देख रहा नहीं गया। नहीं-नहीं कर के भी इतना खा गए कि दो-तीन दिन की कब्ज का इंतजाम हो गया। वहाँ से लौट कर पंचसकार की खुराक भी ले ली। पर कब्जाए लोग कहाँ नगरपालिका और नगर न्यास की परवाह करते हैं जो हमारी आहार नाल पंचसकार की परवाह करती। शनिवार सुबह दो तीन बार कोशिश की, लेकिन कब्जा न हटना था तो नहीं हटा। दिन में हलका खाया। तीन घंटे नीन्द निकाली। रात को फिर मामूली ही खाया। काम भी मामूली किया।

रात को तारीख बदलने के बाद सोने गए तो निद्रा रानी रूठ गई। कब्जाए लोग हल्ला कर रहे थे। कभी पेट के इस कोने में, तो कभी उस कोने में। कभी ऊपर सरक कर दिल के नीचे से धक्का मारते, तो दिल और जिगर दोनों हिल जाते। पीठ की एक पुरानी पेशी कभी टूट कर जुड़ी थी, बस वहीं निगाह बनी रहती। लगता जोड़ अब खुला, तब खुला।

पिछले साल एक दिन अदालत में चक्कर खा गए थे। शाम को डाक्टर को दिखाया तो पता लगा। रक्त का दबाव कुछ बढा हुआ है। हम ने उछल-कूद कर, वजन घटा कर, (राउल्फिया सर्पैन्टाईना)  का होमेयोपैथी मातृद्रव ले कर यह दबाव तो सामान्य कर लिया। लेकिन उछल-कूद में कहीं साएटिका नामक तंत्रिका को परेशानी होने लगी तो उछलकूद बंद। वजन फिर बढ़ने लगा। हम ने घी दिया जलाने, और शक्कर वार-त्योहार को समर्पित कर, इसे कुछ नियंत्रित किया। लेकिन शक का कोई इलाज नहीं।

रात एक बजे तक नीन्द नहीं आई। दर्द शरीर में इधर-उधर भटक रहे थे। नीन्द नहीं आती, तब खयालात बहुत आते हैं और सब बुरे-बुरे। लोगों के किस्से याद आते रहे। जिन्हों ने दिल के दर्द को पेट की वात का दर्द समझा, ज्यादातर हकीम साहब तक पहुँचने के पहले ही अल्लाह को प्यारे हो गए, जो पहुँचे थे उनमें से कुछ ईसीजी मशीन पर शहीद हुए और कुछ आईसीयू में। इक्का-दुक्का जो बचे वे डाक्टर साहब की डाक्टरी चलाने के लिए जरूरी शोहरत के लिए नाकाफी नहीं थे।

हमने सोई हुई संगिनी को जगाया। पेट की वात बहुत तंग कर रही है। उस ने तुरंत ऐसाफिडिटा का तनुकरण आधा पानी प्याले में घोल कर पिलाया, ऊपर से बोली नाभि में हींग लगाई जाए। पर नौबत न आई। हमारी हालत देख कब्जा जमाए लोगों में से कुछ को ब्रह्महत्या के भय ने सताया होगा, तो भागने को दरवाजा भड़भड़ाने लगे। हमने भी शौचालय जाकर उन्हें अलविदा कहा। थोड़े बहुत जो जमे बैठे रह गए उन्हें सुबह के लिए छोड़ दिया। रात को ही संगिनी ने कसम दिलायी कि सुबह डाक्टर के यहाँ जरूर चलना है।

सुबह नहा-धोकर, चंदन-टीका किया ही था कि डाक्टर के यहाँ ठेल दिए गए। पचास रुपए में प्रवेश पत्र बना। चिकित्सक को दिखाया। उस ने विद्युतहृदमापक बोले तो ईसीजी और शुगर जाँच कराने को लिखा। तीन-सौ-सत्तर और जमा कराए। कुल हुए चार-सौ-बीस। ईसीजी हो गया। शुगर के लिए तो सुबह खाली पेट और खाने के दो घंटे बाद बुलाया गया, जो आज संभव ही नहीं था। उस के लिए कल की पेशी पड़ गई। फिर दिल का नक्शा जो कागज पर छाप कर दिया गया था, ले कर चिकित्सक के पास पहुँचे तो उस ने सब देख कर पूछा-धुम्रपान करते हो?

हमने कहा- तीस-पेंतीस साल पहले ट्राई किया था, पर स्वाद जमा नहीं।

तम्बाकू खाते हैं?

हम बोले- हाँ।

तो फिर पूछा- कितना खाते हो?

हमने कहा- कोई नाप थोड़े ही है।

चिकित्सक बोला- जाओ तम्बाकू छोड़ दो, बाकी सब दुरूस्त है। कुछ नहीं हुआ।

मैं मन ही मन भुन कर रह गया। वे चार-सौ-बीस जो मेरे टूटे, उन का क्या? डाक्टर को थोड़ा बहुत मनोविज्ञान भी आता था। एमबीबीएस या एमडी करते वक्त जरूर पढ़ाया गया होगा। हमारी मुखाकृति पढ़ कर भांप गया। उसने पर्ची वापस ली एक गोली सुबह-शाम भोजन के पहले, पाँच दिन तक। दवा वाले ने पूरे पैंतालीस रूपए झाड़े और बताया कि अम्लता की दवा है।

आज की सुबह पड़ी चार-सौ-पैंसठ की।

शनिवार, 12 जुलाई 2008

परिवार के बाहर महिलाओं का अस्तित्व स्वीकार्य क्यों नहीं ?

हमारे संभाग का श्रम न्यायालय अपने आप में उल्लेखनीय है, वहाँ वे सब रोग दिखाई नहीं पड़ते, जो अन्य न्यायालयों में सहज ही नजर आते हैं। वहाँ के सभी कर्मचारियों का व्यवहार वकीलों, श्रमिक प्रतिनिधियों, प्रबन्धक प्रतिनिधियों और पक्षकारों के साथ सहज है। सब को सहयोग प्राप्त होता है, किसी को असुविधा नहीं होती। इस अदालत में वकीलों के सिवा श्रमिक और नियोजकों के संगठनों के पदाधिकारी भी पैरवी का काम कर सकते हैं और करते हैं, जिन में अनेक में निरंतरता भी है। नियोजकों और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच अक्सर तीखा और कटु व्यवहार देखने को मिलता है, जिस के कुछ दृष्य यहाँ इस न्यायालय में भी देखने को मिलते हैं। फिर भी हमारे आपसी संबंध सहज बने रहते हैं। इन्हें सहज बनाए रखने के लिए हम लोग वर्ष में कम से कम एक बार, अक्सर ही बरसात के मौसम में किसी अवकाश के दिन, किसी प्राकृतिक स्थल पर बिताने के लिए तय करते हैं। वहाँ हाड़ौती का प्रसिद्ध भोजन कत्त -बाफला बनता है, कुछ मौज-मस्ती होती है। इस आयोजन में उस अदालत में पैरवी करने वालों के अतिरिक्त अदालत के सभी कर्मचारी भी साथ रहते हैं।
विगत दसेक वर्षों से न्यायालय की एक मात्र महिला लिपिक अमृता जी भी हैं। वे कभी भी इस तरह के आयोजन में दिखाई नहीं देतीं। अक्सर होता यह है कि जब सब लोग मौज मस्ती के स्थान पर पहुँच कर, न पहुँचे लोगों को गिनना प्रारंभ कर डेट हैं, तो पता लगता है कि वे भी औरों के साथ गायब हैं। कल जब इस साल के कार्यक्रम की तजवीज चल रही थी, तो मुझे याद आया वे कभी इस प्रोग्राम में शिरकत नहीं करतीं। मैं ने अमृता जी से आग्रह किया कि वे हमेशा गैरहाजिर रहती हैं, इस बार तो चलें, कोई परेशानी हो तो बताएँ। हल करने का प्रयास किया जाएगा। लेकिन वे जवाब देने के बजाय चुप रहीं। किसी ने कहा कि वे बच्चों में व्यस्त रहती हैं, एक यही दिन तो बच्चों के लिए होता है। मैं ने कहा वे बच्चों को भी साथ लाएँ। उन्हों ने ही बाद में बताया कि उन के जीवन साथी को यह पसंद नहीं।
मैं महिलाओं के स्वावलंबी होने का जबर्दस्त समर्थक हूँ। समाज में हर बात में उन के बराबरी के हक का हामी भी। लेकिन अमृता जी की बात सुन कर मेरा मन खिन्न हो आया। मैं ने बहुत देर तक किसी से बात नहीं की। सोचता रहा, जब हम लोग इस आयोजन से वापस लौट कर उस दिन की बातें स्मरण कर रहे होते हैं, तब उन पर क्या बीत रही होती है?
यह केवल एक अमृता जी की बात नहीं है। जब कभी केवल वकीलों के इस तरह के आयोजन होते हैं, तो वहाँ भी महिला वकीलों की संख्या कम ही रहती है। अधिकांश कामकाजी महिलाओं की यही स्थिति है। स्वावलंबी होने और परिवार में महत्वपूर्ण योगदान करते हुए भी, समाज महिलाओं को उन के परिवार से बाहर गतिविधियों की स्वतंत्रता नहीं देता। जब कि पुरुषों को यह सब प्राप्त हैं। अक्सर अविवाहित महिलाएं भी इस तरह की स्वतंत्रताएँ लेने से कतराती हैं। या तो उन का परिवार उन्हें इस की अनुमति नहीं देता, या फिर अपने वैवाहिक जीवन के भविष्य की सुरक्षा का विचार उन्हें इस से रोकता है।
पुरुष और परिवार, जो महिलाओं के महत्वपूर्ण आर्थिक योगदान को तो स्वीकार कर लेते हैं, लेकिन उन्हें बराबरी का हक देने को क्यों नहीं तैयार होते? कुछ सीमाएँ, कुछ व्यवहार क्यों केवल महिलाओं के लिए ही होते है? यह स्थितियाँ कब तक नहीं बदलेंगी? और बदलेंगी तो किस तरह बदलेंगी?
क्या इन के लिए किसी सामाजिक आंदोलन की आवश्यकता नजर नहीं आती? आखिर परिवार के बाहर महिलाओं का अस्तित्व समाज और पुरुषों को स्वीकार्य क्यों नहीं है?

शुक्रवार, 11 जुलाई 2008

'बाल, बच्चे वाला'

जी हाँ, 'बाल बच्चे वाला' तो सुन ही रखा होगा। मगर यह बाल, बच्चे वाला है। बात है मेरे गृह राज्य बाड़मेर की यहां का एक 15 साल का किशोर खीया राम जाट सरकारी स्कूल में आठवीं क्लास का छात्र है। बिरादरी के रिवाजों के मुताबिक उस का विवाह ग्यारह साल की उम्र में ही देवी नाम की लड़की से हो चुका है, और उस की यह अर्धांगिनी उस से उम्र में दो बरस बड़ी है।
आम तौर पर बाल विवाह करने वाली लड़कियों का गौना बालिग होने पर किया जाता है। लेकिन खर्चे की बचत के लिए शादी के वक्त ही उस का गौना भी पत्नी के पीहर वालों ने कर दिया। इस से देवी को ससुराल आ कर रहने की छूट मिल गई। नतीजा यह हुआ कि देवी के सत्रहवें साल में और उस के पिया 'खिया" के पन्द्रहवें वर्ष में ही एक सन्तान पैदा हो गई।


सनावड़ा गांव के रहने वाले खीया की शादी में खीया के क्लास के बाकी बच्चे भी शामिल हुए थे। लेकिन जब छह महीने पहले खीया बाप बना तो उसने इसका जिक्र कहीं नहीं किया। उसे लोगों की टांग खिंचाई का डर था। इस रिवाज के कारण कि लड़की का पहली जचगी पीहर में हो खीया को इस खबर को छुपाने में कुछ हद तक कामयाबी भी मिली। उसकी पत्नी देवी ने अपने मायके यानी नजदीकी गांव खारी में जाकर बच्चे को जन्म दिया। मगर यह खबर छुप नहीं सकी जल्द ही खीया के स्कूल के लड़कों को इस बारे में पता चल गया कि उन का सहपाठी खीया बाप बन चुका है

इससे पहले बाढ़मेर जिले के ही निवासी भीमाराम जाट 88 साल की उम्र में पिता बनने का श्रेय प्राप्त कर सुर्खियां बटोर चुका है। जिस का पूरा श्रेय उस ने ऊंटनी के दूध को दिया था, लेकिन खीया के मामले में श्रेय उस की माँ के दूध को दिया जाए या फिर राजस्थान में अब तक पनप रही बाल विवाह की प्रथा को इस का निर्णय आप खुद करें।

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा ने इसी साल अपने सभी अधिकारियों और मंत्रियों को निर्देश दिया है कि उनके इलाके में किसी भी तरह की बाल विवाह की घटना न हो, जबकि बीजेपी के 50 और कांग्रेस के 26 विधायकों की शादी 16 साल से पहले ही हो गई थी।