@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत

मंगलवार, 29 मार्च 2011

ज़ुनून और नशे का दौर क्यूँ?

ज कुल जमा चार मुकदमे थे। सोचता था कि मध्यान्ह अवकाश के पहले ही कोर्ट का काम निपट लेगा और मैं कुछ घरेलू काम निपटा लूंगा। लेकिन सोचा हुआ कब होता है। एक मुकदमा बरसों से चल रहा है। विपक्षी के वकील मुझ से 11 वर्ष अधिक वरिष्ट हैं। वे मेरे उस्तादों में से एक हैं। अदालत भी उन की बहुत इज्जत करती है। वे यदि कह दें कि आज बहस का समय न मिलेगा तो अदालत को तारीख बदलनी ही होती है। आज वे मुकदमे में बिलकुल तैयार हो कर आए थे। मुझे भी प्रसन्नता हुई कि एक पुराने मुकदमे का निपटारा हो सकेगा। लेकिन मध्यान्ह के पहले जिला जज कुछ अधिक आवश्यक कामों में उलझे रहे। सुनवाई मध्यान्ह अवकाश के बाद के लिए टल गई। इस बीच एक अन्य न्यायालय में एक आवेदन का फैसला करवाया, तीसरा और चौथा मामला अदालत को समय न होने से आगे सरक गया। 
ध्यान्ह दो बजे बाद मैं जिन कामों में जुटना चाहता था उन्हें स्थगित किया और ठीक सवा दो बजे जिला जज के यहाँ पहुँच गया। वरिष्ठ विपक्षी वकील भी ढाई बजे तक पहुँच गए और न्यायाधीश भी न्यायालय में विराज गए। लेकिन आते ही फिर कुछ कामों में ऐसे उलझे कि हमारे मुकदमे की और कोई तवज्जो नहीं हुई। मैं ने एक बार न्यायाधीश का ध्यान आकर्षित भी किया कि हम दोनों पक्ष के वकील हाजिर हैं हमारा मुकदमा सुन लिया जाए। हमे थोड़ा ठहरने को कहा गया। उसी वक्त एक कागज जिला जज के समक्ष लाया गया, जिसे पूरा पढ़ कर जज ने अजीब  तरीके से मुस्कुराते हुए कहा -अब ये भी कोई बात हुई? मैं ने पूछा -क्या हुआ? उत्तर था कि अभिभाषक परिषद का पत्र था कि कल भारत-पाक क्रिकेट मैच होने से वकील काम नहीं कर सकेंगे। न्यायिक कार्य स्थगित रखने में सहयोग किया जाए। सहयोग की तो केवल अपेक्षा थी। वस्तुतः यह फरमान था कि वकील काम नहीं करेंगे। मैं ने पूछा मध्यान्ह पश्चात का काम स्थगित करने की बात होगी? जज का उत्तर था -नहीं, पूरे दिन काम न होगा।
खैर! साढ़े तीन बजे तक हमारे मुकदमे की सुनवाई न हो सकी। साढ़े तीन बजे जज साहब ने हमारे मुकदमे की फाइल हाथ में ली। मैं ने कहा -हम दोनों ढाई बजे से हाजिर हैं। जज साहब अत्यन्त विनम्रता से बोले -मैं खुद महसूस करता हूँ कि आप लोग बहुत देर से बैठे हैं। लेकिन मैं ही आज समय नहीं निकाल सका। पूछने लगे -कितना समय लगेगा। हम समझ गए कि आज सुनना नहीं चाहते। अब किसी जज को जबरन सुनाना तो अपने मुकदमे को बरबाद कर देने के बराबर था। मैं ने कहा -कोई पास की तारीख फरमा दें। फाइल तुरंत पेशकार के पास चली गई। पेशकार ने पूछा -क्या लिख कर तारीख बदलूँ? तो जज का उत्तर था -आज तो अपनी ओर से ही लिख दो कि अदालत को अन्य कार्यों में व्यस्तता के कारण समय नहीं मिला। मैं तारीख सुन कर वापस लौटा ताकि अपने कुछ काम तो निपटा सकूँ। 
ब कल काम नहीं होगा। अदालत हम जाएंगे। लेकिन सिर्फ एक-दो घंटों में मुकदमों में तारीखें बदलवा कर लौट पड़ेंगे। यह भी मुकम्मल है कि बाद का समय टीवी के सामने ही गुजरेगा। राहत यही है कि चलो कुछ घंटे आराम तो मिलेगा।  शाम को बेटी ने भी बताया कि दिल्ली और हरियाणा में कई संस्थानों ने कल का अवकाश कर दिया है। कुछ संस्थानों में आधे दिन का अवकाश है। अब हम इसे लादा हुआ जुनून ही कह सकते हैं। देश सारे न्यूज चैनल जब हर पंद्रह मिनट बाद क्रिकेट मैच के लिए ज़ुनून जगाने के लिए नगाड़े पीट रहे हों और प्रधान मंत्री क्रिकेट के इकलौते मैच को इतना महत्व दें कि खुद तो देखने पहुँचे ही, साथ में पडौसी देश के राजप्रमुखों को न्यौता भी दे डाले तो लोग क्यों न उस का अनुसरण करेंगे? इस राजनैतिक पहल ने इस खेल को खेल न रहने दिया। इसे लखनवियों की मुर्गा-जंग बना कर रख दिया है। इस राजनीति/कूटनीति से कुछ हल हो, न हो, इतना तो पता लग ही रहा है कि दोनों देशों के शासक चाहते हैं कि उन की जनता किसी न किसी नशे में डूबी रहे। जिस से उन की असफलताओं की ओर से जनता का कुछ तो ध्यान हटे।  कारपोरेट चाहते हैं कि उन की लूट के किस्से कुछ दिनों के लिए ही सही इस क्रिकेटीय ज़ुनून में दब जाए।
दोनों टीमों और खिलाड़ियों पर मुझे दया आ रही है। वे अपने देश की नुमाइंदगी का भ्रम पाले हुए हैं और जानते नहीं कि उन की तपस्या का इस्तेमाल राजनेता अपने मतलब के लिए और कारपोरेट अपने फायदे के लिए कर रहे हैं: या फिर जानते हुए भी चुप हैं और अपना लाभ देख रहे हैं। फिर भी उन का काम तपस्या का है। उन्हों ने अपने कौशल को लगातार माँजा है, चमकाया है। अब गेंद, और बल्ले उन्हें भारी नहीं पड़ते। वे क्रिकेट और भौतिकी के नियमों से खेलते हैं। वे वैसे ही खेल रचते हैं जैसे कभी ग़ालिब और मीर ग़ज़लें रचा करते थे। मैं चाहता हूँ कि कल फिर से सारे खिलाड़ी मिल कर मैदान में ग़ज़लें रचें, कि कल का खेल एक नशिस्त बन जाए। 

सोमवार, 28 मार्च 2011

शील की कहानी - गैस खत्म

शील का ये तिरेपनवाँ साल है। हाँ, अब वह शील ही रह गई है। उस का पति सुरेश उसे इसी नाम से बुलाता है। यूँ उस के दादा ने उस का नाम शीलवती रखा था। शतभिषा नक्षत्र के तीसरे चरण में जो पैदा हुई थी। पर दादी को यह नाम लंबा लगता था वह उसे शीला कहने लगी। फिर स्कूल में भी यही नाम लिखवा दिया गया। सब लोग उसे शीला ही कहने लगे थे। विवाह के निमंत्रण में भी यही नाम छपा था। पर शादी के बाद पति ने उसे कहा कि वह उस के नाम से नहीं पुकारेगा, अच्छा नहीं लगता लेकिन दूसरा नाम क्या हो? इस पर पहले ही दिन दोनों के बीच बहस हो गई थी। फिर तय हुआ कि शील कहेगा। फिर ससुराल में यही नाम चल निकला। सब उसे शील ही कहने लगे। वह जब भी मायके जाती है तो उसे शीला कहा जाता है।  
शादी तो उस की तभी हो चुकी थी जब उस ने मेट्रिक की परीक्षा दी थी। ससुराल में उसे सिर्फ चार-पाँच साल बिताने पड़े। उन दिनों को याद करती है तो उसे अब भी रोना आ जाता है। फिर सुरेश ने घर छोड़ने की ठान ली। वह तो दिल्ली या मुंबई जैसी जगह जा कर पत्रकार बनना चाहता था। वह चला भी गया था। पर शायद शील के प्रेम की डोरी ही थी जो उसे वापस खींच लाई थी। उसे एक प्रतिष्ठित साप्ताहिक में उप संपादक का काम मिला था। लेकिन जब वह रहने का स्थान तलाशने निकला तो महानगर की सचाई सामने आ गई थी। जितनी तनख्वाह उसे मिलनी थी वह अपने कस्बे के हिसाब से तो सही थी, लेकिन मुंबई में उस से क्या होता? आधा तो किराए में ही चला जाता। वह भी तब जब वह दो और लोगों के साथ अपना कमरा साँझा करता। यदि वह साँझे कमरे में रहता तो शील को अपने साथ कैसे रख सकता था। उस ने यह भी अनुमान लगाया कि कितने बरस बाद वह ऐसा स्थान ले सकता था जिस से शील को साथ रख सके। अनुमान आया सात बरस। सात बरस! इतने दिन वह शील के बिना कैसे रहेगा। वह इतने साल अपने पीहर में तो नहीं ही रह सकती, और ससुराल में? वहाँ तो इतने दिन में उस का दम कितनी ही बार घुट चुका होगा। सुरेश ने उसी दिन साप्ताहिक के दफ्तर को टा-टा कर दिया। चार दिन के काम की मजदूरी छोड़ कर वापसी की ट्रेन का टिकट लिया और अगली शाम वह ट्रेन में वापसी की यात्रा कर रहा था। शील सोचती है कि तब सुरेश ने यदि वह नौकरी न छोड़ी होती तो वह घुट कर ही सही जैसे-तैसे सात बरस काट ही लेती। ससुराल में दम घुटने लगता तो दम लेने को कुछ महिने अपने पीहर में काट लेती। लेकिन सुरेश अवश्य ही देश का शीर्ष पत्रकार होता। शायद किसी शीर्ष समाचार पत्र का प्रमुख संपादक। जरूर कोई टीवी चैनल उस का भी आधे घंटे का साप्ताहिक कार्यक्रम चला रहा होता। तब शील की हैसियत भी वैसी ही होती। 
सुरेश ने मुंबई से लौटते ही फैसला ले लिया कि जैसे ही उस की कानून की पढ़ाई पूरी होगी वह वकालत शुरू कर देगा। फिर देखेगा कि कोई नौकरी करनी है या नहीं। यदि कोई ढंग-ढांग की नौकरी मिली तो करेगा, नहीं तो वकालत कोई बुरी नहीं। कम से कम खुद-मुख्तार तो रहेगा। उस ने यही किया भी, जिस रात वह कानून का आखिरी पर्चा देकर घर लौटा उस के अगले ही दिन अल्ल सुबह वह वकील के दफ्तर में पहुँच गया और कहने लगा -मैं आ गया हूँ मुझे आप की फाइलें संभला दो। उसी दिन वह उन के साथ अदालत में था। तीन महीने परीक्षा का परिणाम आने में लगे और तीन माह सनद आने में। जिस दिन डाक से बार कौंसिल का लिफाफा मिला सुरेश ने सीधा अपने बॉस को ले जाकर दिया। उन्हों ने खोल कर देखा तो उस में वकालत की सनद जारी करने की सूचना थी। बॉस ने तीन दिन पहले ही सिल कर आया नया कोट अपने शरीर पर से उतार कर सुरेश को पहना दिया। उस दिन सुरेश काला कोट पहने ही घर लौटा था। वह दिन शील आज तक नहीं भूल सकती। उसे लगा था कि वह उस की आजादी की शुरुआत थी। 
सोचते-सोचते शील का ध्यान रसोई में गैस पर चढ़े ओवन में सिकने को रखी बाटियों की ओर गया। आज रविवार था और सुरेश अक्सर उसे कहता था रविवार को तो दाल बाटी बना लिया करे। आज उस ने सुरेश की यह बात मान ली थी। दाल तो उस ने नहीं बनाई लेकिन कढ़ी बना ली थी और ओवन में बाटियाँ सेकने को डाल दी थीं। उस ने ओवन का ढक्कन उठा कर देखा तो बाटियाँ जस की तस थीं। वह हैरान रह गई कि यह हुआ क्या? उस की निगाह गैस की ओर गई तो चूल्हा बुझा हुआ था। गैस टंकी को हिला कर देखा तो वह बिलकुल खाली थी। ओवन भले ही ठंडा हो गया हो पर उस के दिमाग तुरंत गरम हो गया। वह एक महीने से सुरेश को याद दिला रही थी कि गैस सिलेंडर ले आओ। लेकिन उसे फुरसत हो तब न। अब कैसे भोजन बनेगा? सुरेश तो अब तक बिना नहाए बैठा इंतजार कर रहा था कि कब शील उसे भोजन बनने की सूचना दे और कब वह स्नानघर में प्रवेश करे। उस की आदत जो है कि इधर स्नानघर से निकला कपड़े पहने, ठाकुर घर में घुस कर सैंकंडों में माथे पर टीका लगाया और तुरंत भोजन चाहिए। जरा भी देरी उस से बर्दाश्त नहीं होती। इस नए मुहल्ले में वह सिलेंडर भी किस से मांगेगी? यहाँ तो उसे कोई ठीक से जानता भी नहीं। सुरेश को भी नहीं कह सकती, उस के पास दफ्तर में कोई क्लाइंट जो बैठा है। 
ह सोच में ही पड़ी हुई थी कि सुरेश पानी पीने के लिए दफ्तर से अंदर आया। उस ने तपाक से कहा गैस खत्म हो गई है। सुरेश ने पूछा -खाना बना? -नहीं अभी कहाँ बस कढ़ी बनी है, बाटी सिकने को डाली ही थी। सुरेश भी सोचने लगा कि अब क्या किया जाएगा? गलती तो उसी की है। शील तो महीने भर से कह रही थी गैस लाने को। लेकिन उसे फुरसत मिले तो। एक दिन पहले फोन करना पड़ता है दूसरे दिन ऐजेंसी से लाना पड़ता है, वह भी दुपहर को जब उस का अदालत का समय होता है। वह देख ही रहा था कि किस दिन वह अदालत से दोपहर को निकल सकता है। कल ही उस ने ऐजेंसी को फोन किया था और उसे सोमवार को गैस लानी थी। लेकिन इस गैस को भी रविवार को ही खत्म होना था। एक छोटा सिलेंडर और था जिसे वह इमरजेंसी में काम ले सकता था। लेकिन उसे भी वह पिछले महीने शील की बहिन के बच्चों को दे आया था जो उसी शहर में कमरा ले कर पढ़ रहे थे। सुरेश को कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था कि शील बोल पड़ी। अभी घर में बहुत नाश्ता पड़ा है, तुम तो नाश्ता कर लो। सुरेश समझ गया कि वह उसे ताना दे रही है। थोड़ी देर और गैस का कोई हल न हुआ तो साक्षात दुर्गा के दर्शन संभव हैं। सुरेश ने कहा -तुम जानती हो मुझे स्नान के पहले कहाँ भूख लगती है। तुम गुस्सा न करो, अभी कुछ न कुछ करता हूँ। 
तना कह कर वह फिर अपने दफ्तर में जा बैठा। क्लाइंट ने अपनी राम-कथा फिर जारी कर दी, जिस का मुकदमे से कोई ताल्लुक न था। पर वकील को सुननी तो सब पड़ती है वर्ना क्लाइंट समझता है उस की पूरी बात सुनी ही नहीं वकील वकालत कैसे करेगा? वह सुनता रहा। लेकिन अब एक भी शब्द उस के कानों तक नहीं पहुँच रहा था। उसे तो तुरंत गैस का इन्तजाम करना था। उसे कुछ ही दूर रहने वाले अपने एक शिष्य का ख्याल आया तो तुरंत फोन की ओर उस का हाथ बढ़ गया। यह सुखद ही था कि फोन पर शिष्य मिल गया था। उस के घर तो कोई भरा सिलेंडर उपलब्ध नहीं था, लेकिन इतना जरूर कह दिया था कि वह कुछ मिनटों में कोई न कोई इंतजाम कर के फोन करेगा। वह शील को बताना चाहता था। लेकिन उसे अपने गुरू का मंत्र याद आ गया कि कभी अधूरी सफलता का उल्लेख किसी से न करो। यह सही भी था। यदि वह शील को बताता कि गैस का इंतजाम अभी हुआ जाता है, और गैस का इंतजाम दो घंटे भी न हुआ तो दुर्गा के साथ काली के दर्शन होना भी स्वाभाविक था। वह चुपचाप अपने क्लाइंट की राम-कथा फिर सुनने लगा। हालाँकि उस का पूरा ध्यान फोन की तरफ था कि कब घंटी बजे और कब उसे राहत मिले। 
स मिनट में ही घंटी बज उठी। संदेश था कि तुरंत गैस ले जाओ। सुरेश ने क्लाइंट को भी अपने साथ उठाया और गाड़ी में बैठाया। शिष्य एक पडौ़सी के घर के बाहर ही दिखे। वहाँ दरवाजे पर गैस सिलेंडर तैयार था। वह सिलेंडर रखवा कर घर लौटा। रसोई में सिलेंडर बदल कर चूल्हा जलाने को माचिस तलाशी तो वहाँ पड़ी माचिस खाली थी। उस ने कमरे में टीवी देखने जा बैठी शील को आवाज दी -माचिस कहाँ है? शील तुरंत उठ कर रसोई में घुसी। सुरेश गैस के सामने से हट गया। शील ने लाइटर से गैस जलाई। एक ही प्रयास में गैस जल उठी। सुरेश को आश्चर्य हुआ कि लाइटर पहली ही बार में कैसे काम कर गया? वह तो खराब हो चुका था और सात-आठ बार दबाने पर एक बार बमुश्किल काम करता था। पर इस से क्या शील के चेहरे पर से भी तनाव की सारी रेखाएँ पल भर में गायब हो चुकी थीं, दबी-दबी मुस्कान भी दिखाई दे रही थी। सुरेश को तसल्ली हुई। वह फिर से दफ्तर में आ गया। क्लाइंट की राम-कथा समाप्ति के दौर में थी। वह सोच रहा था कि क्लाइंट के उठते ही वह सीधा स्नानघर में घुस लेगा।

शनिवार, 26 मार्च 2011

कितने प्रोफेशन (व्यवसाय) और कितने प्रोफेशनल (व्यवसायी)?

मित्रों! एक जिज्ञासा थी, यह जानने की कि कितने तरह के व्यवसाय (प्रोफेशन) और व्यवसायी (प्रोफेशनल) हो सकते हैं। मुझे एक सूची मिली। कुछ मैं ने इस में वृद्धि की, अभी तक कुल 328 हुए। लेकिन यह सूची अधूरी है, और शायद हमेशा अधूऱी रहे। क्यों कि नये व्यवसाय (प्रोफेशन) हमेशा अस्तित्व में आते रहेंगे। आप भी देखिए इस सूची को। कुछ और प्रोफेशन/व्यवसाय स्मृति में आएँ तो उन्हें अपनी टिप्पणी के माध्यम से इस में अवश्य जोड़िए।

1.    अंगरक्षक
2.    अंडरटेकर 
3.    अंतरिक्ष यात्री 
4.    अंतरिक्ष वैज्ञानिक
5.    अग्निशमन अधिकारी
6.    अध्यापक
7.    अध्यापिका
8.    अनुवादक
9.    अनुसंधानकर्ता
10.    अभिनेता
11.    आंकलन करनेवाला
12.    आया
13.    आयातक
14.    आयोजक
15.    आविष्कारक
16.    आहार विशेषज्ञ
17.    इंजन चालक
18.    इंजन फिटर
19.    इंजीनियर
20.    इंटीरियर डिजाइनर
21.    इतिहासकार
22.    इथोनोलोजिस्ट
23.    इमाम
24.    उड़ान तकनीशियन (फ्लाइट इंजीनियर)
25.    उड़ान प्रशिक्षक
26.    उत्पादक
27.    उद्योगपति
28.    उपचारात्मक शिक्षक
29.    उपशिक्षक
30.     ऋण आयोजक
31.    एंटीक डीलर
32.    एक्सप्लोरर
33.    एजेंट
34.    एथलीट
35.    एयर ट्रैफिक कंट्रोलर 
36.    एल्डरमैन
37.    एस्टेट एजेंट 
38.    ऑपरेटर
39.    ओर्थपेडीस्ट
40.    कंडक्टर  (परिवहन)
41.    कंडक्टर  (संगीत)
42.    कंप्यूटर प्रोग्रामर
43.    कचरा कलेक्टर 
44.    कप्तान
45.    क़ब्र खोदनेवाला
46.    कला निर्देशक
47.    कलाकार
48.    कवि
49.    कसाई
50.    कानून  प्रवर्तक
51.    कारपोरेट 
52.    कारिंदा
53.    किताब  बेचनेवाला
54.    किसान
55.    कुलाधिपति
56.    कूरियर
57.    केवट
58.    कैबिनेट निर्माता
59.    कैमरामैन
60.    कॉपीरायटर
61.    कॉर्पोरेट लाइब्रेरियन
62.    कोच
63.    कोरियोग्राफर
64.    कोरोनर
65.    कोषाध्यक्ष
66.    कौंसल
67.    क्यूरेटर
68.    क्लर्क
69.    क्लारिनेटिस्ट
70.    क्षतिनिर्धारक
71.    खगोल विज्ञानी
72.    खनिक
73.    खुफिया अधिकारी
74.    खेल कमेंटेटर
75.    गणितज्ञ
76.    गाइड
77.    गाड़ीवान
78.    गायक
79.    गार्ड
80.    गिटारवादक
81.    गीतकार
82.    गुब्बाराकार
83.    गेट कीपर
84.    गेम शो होस्ट
85.    गोदी मजदूर
86.    ग्राफिक  कलाकार
87.    घरेलू  नौकर
88.    चक्कीवाला
89.    चरवाहा
90.    चालक
91.    चिकित्सक
92.    चिकित्सा-सहायक
93.    चित्रकार
94.    चिमनी-स्वीपर
95.    छाता  मिस्त्री
96.    जन सम्पर्क अधिकारी 
97.    जनसंख्या विज्ञानी
98.    जम्मू
99.    जल्लाद 
100.    जासूस
101.    जिल्दसाज
102.    जीव विज्ञानी 
103.    जुलाहा
104.    जॉकी
105.    ज्योतिषी
106.    टर्नर
107.    टेलिग्राफ़-आपरेटर
108.    टेलिफ़ोन-आपरेटर
109.    टेस्ट डेवलपर
110.    टैक्सी चालक
111.    टैक्सी ड्राइवर
112.    डाकिया 
113.    डिजाइनर
114.    डिस्क जॉकी
115.    डेंटिस्ट
116.    ढंढोरची
117.    तकनीकी इंजीनियर
118.    तकनीशियन
119.    तट रक्षक
120.    तलवारबाज
121.    ताबूत निर्माता
122.    दर्जी
123.    दलाल
124.    दाई
125.    दार्शनिक
126.    दुभाषिया
127.    दूत
128.    धर्माध्यक्ष
129.    ध्वनि तकनीशियन
130.    नर्तकी/नर्तक
131.    नर्स
132.    नलसाज
133.    नाई
134.    नाटककार
135.    नालबन्द
136.    नाविक
137.    निजी  जासूस
138.    नियंत्रक
139.    निर्माण मजदूर
140.    निर्माता
141.    निशानेबाज़
142.    निश्चेतक
143.    निष्पादक
144.    नेत्र-विशेषज्ञ
145.    नौकर
146.    नौकरशाह
147.    न्यायाधीश
148.    पंच
149.    पक्षी विज्ञानी
150.    पत्रकार
151.    पदवाहक
152.    पनडुब्बी चालक
153.    परिचारक
154.    परीक्षक
155.    पर्यावरण वैज्ञानिक
156.    पशु ट्रेनर
157.    पशुचिकित्सा
158.    पादरी
159.    पायलट
160.    पार्क रेंजर
161.    पार्टी नेता
162.    पियानोवादक
163.    पुरातत्त्ववेत्ता
164.    पुरालेखपाल
165.    पुरोहित
166.    पुलिस इंस्पेक्टर
167.    पुलिस अधिकारी
168.    पुलिस-जासूस
169.    पेडीक्योरिस्ट
170.    पैमाइश करनेवाला
171.    पोप
172.    प्रकाश तकनीशियन
173.    प्रकाशक
174.    प्रकाश-विज्ञानी
175.    प्रणाली डिजाइनर
176.    प्रणाली विश्लेषक
177.    प्रधान
178.    प्रधानमंत्री 
179.    प्रधानाचार्य
180.    प्रधानाध्यापक
181.    प्रबंधक
182.    प्रयोगशाला कार्यकर्ता
183.    प्रशासक 
184.    प्रशिक्षक
185.    प्रश्नकर्ता
186.    प्रस्तुतकर्ता
187.    प्राध्यापक
188.    प्रूफ रीडर
189.    फायर फाइटर
190.    फार्मेसिस्ट
191.    फिजियोथेरेपिस्ट
192.    फिटर
193.    फुटकर विक्रेता
194.    फैक्ट्री मजदूर
195.    फैशन डिजाइनर
196.    फोटोग्राफर
197.    बंदूकची
198.    बाल-चिकित्सक
199.    बढ़ई
200.    बनिया
201.    बन्दूक बनानेवाला
202.    बहेलिया
203.    बाज़ को सिखानेवाला
204.    बाज़ीगर
205.    बार कीपर 
206.    बारटेन्डर
207.    बालवाड़ी शिक्षक
208.    बिजली इंजीनियर
209.    बिल्डर
210.    बिशप
211.    बीमाकर्ता
212.    बेकर
213.    बैंकर
214.    भंडारी 
215.    भाषणकर्ता
216.    भाषाविद
217.    भाषाविद्
218.    भूगोलिक
219.    भूभौतिकीविद्
220.    भूविज्ञानी
221.    भौतिक विज्ञानी
222.    मंजिल प्रबंधक
223.    मंत्री
224.    मकान मालिक
225.    मछुआरा
226.    मजिस्ट्रेट
227.    मनोरंजन उद्यमी
228.    मनोविज्ञानी
229.    मरम्मत करनेवाला
230.    महापौर
231.    मांझी
232.    मार्शल
233.    मार्शल आर्टिस्ट
234.    मालिश करनेवाला
235.    माली
236.    मिशनरी
237.    मुंशी 
238.    मुद्रक
239.    मुरली वादक
240.    मुर्गीपालक
241.    मूर्तिकार
242.    मेकअप-मेन
243.    मैकेनिक
244.    मैनीक्योर 
245.    मॉडल
246.    मोची
247.    यौनविशेषज्ञ
248.    रंगमंच-निर्देशक
249.    रजिस्ट्रार
250.    रत्न विशेषज्ञ
251.    रसायनज्ञ
252.    राजदूत
253.    राजनयिक
254.    राजनीति विज्ञानी
255.    राजनीतिज्ञ
256.    राज्यपाल
257.    राष्ट्रपति
258.    रिसेप्शनिस्ट
259.    लकड़हारा
260.    लक्ष्यभेदक
261.    लाइब्रेरियन
262.    लाईफगार्ड
263.    लेखक
264.    जीवाणुतत्ववेत्ता 
265.    लेखाकार (ऑडिटर)
266.    लेपकर्ता
267.    लोहार
268.    वकील
269.    वनवासी
270.    वस्त्र विशेषज्ञ
271.    वायरलेस आपरेटर
272.    वायलनिस्ट
273.    वायोलिनिस्ट
274.    वास्तुकार
275.    विक्रेता
276.    विदूषक
277.    विद्युतकार
278.    विधिवेत्ता
279.    विलेख-लेखक
280.    विश्लेषक
281.    वीडियो संपादक
282.    वेटर 
283.    वेल्डर
284.    वेश्या
285.    वैज्ञानिक
286.    वैयाकरण
287.    व्यापारी
288.    व्यावसायिक चिकित्सक
289.    शब्द-व्युपत्तिशास्री
290.    शराब बनानेवाला
291.    शराब पारखी
292.    शहद की मक्खियां पालनेवाला
293.    शिकारी
294.    शिक्षक
295.    शिक्षाशास्री
296.    शेयर ब्रीडर
297.    संकेत से ख़बर भेजनेवाला
298.    संगीत निर्देशक
299.    संगीतकार
300.    संपादक
301.    संवाददाता
302.    सचिव
303.    थड़ी विक्रेता
304.    सरकारी एजेंट
305.    सराय कीपर
306.    सर्जन
307.    सर्वेक्षक
308.    सलाहकार
309.    साधु
310.    सामाजिक कार्यकर्ता
311.    साहूकार
312.    सीनेटर
313.    सुरक्षा गार्ड
314.    सेक्सोफोनिस्ट
315.    सेवक
316.    सैनिक
317.    सॉफ्टवेयर इंजीनियर
318.    सौंदर्य विशेषज्ञ 
319.    स्काउट
320.    स्कूल संचालक
321.    स्टन्टमैन
322.    स्टेज डिजाइनर
323.    हलवाई
324.    हाइड्रोलिक  इंजीनियर
325.    हास्य अभिनेता
326.    हुंडी  का  दलाल
327.    हृदयरोग विशेषज्ञ
328.    होटल  मालिक

आप ने यह सूची पढ़ ली है। कृपया इस सूची को पूर्ण करने के लिए टिप्पणी से सुझाव अवश्य दें।

शुक्रवार, 25 मार्च 2011

तुम्हें जन्मदिन की बधाई! (हैप्पी बर्डे टू यू)

क्सर होता ये है कि मैं तारीख बदलने के पहले नहीं सोता। लोगों से कहता हूँ कि मैं ऐसा नहीं करता कि आज सोऊँ और कल उठूँ, इसलिए जिस तारीख में सोता हूँ उसी में उठता हूँ। या यूँ भी कहा जा सकता है कि जिस तारीख में उठता हूँ सोने के लिए उस तारीख का इंतजार करता रहता हूँ। इस का नतीजा ये भी है कि मुझे टेलीफोन पर जिन लोगों को जन्मदिन की मुबारकबाद देनी होती है। रात 12 बजे तारीख बदलते ही फोन की घंटी बजा देता हूँ। पर कल ऐसा नहीं कर सका। 
बेटी होली पर यहीं थी। उसे इस होली पर केवल एक रविवार का ही अवकाश था। दो अवकाश उस ने अपने खाते में ले लिए। बुध को सुबह चार बजे जाग कर यहाँ से गई थी। दोपहर में सीधी अपने दफ्तर पहुँची और शाम को अपने आवास पर। उस ने चार दिन की गर्द भी झाड़ी होगी। बहुत थक गई होगी और सो गई होगी इस कारण कल रात जब तारीख बदली तो मैं ने ही उसे फोन नहीं किया। सुबह भी उसे दफ्तर जाना था, उसे तैयार होने में बाधा होगी यह सोच कर उसे फोन नहीं किया। दोपहर के अवकाश में जब फोन किया तो वही सुनाती रही कि उस के दफ्तर की एक साथी ने उस का जन्मदिन याद रखा और अपने साथ केक ले आयी थी। फिर दफ्तर के लोगों ने उस का जन्मदिन मना डाला। कह रही थी कि लोगों ने उसे फूल भेंट किए जो उसे बिलकुल अच्छा नहीं लगा। पूछने पर उस का उत्तर था कि उसे फूलों को भेंट करना कभी अच्छा नहीं लगता। फूल पौधे पर खिले रहें तो अन्तिम समय तक सुरभि बिखेरते हैं और उन की सुंदरता बनी रहती है। सजावट के काम में लेना तो वह बर्दाश्त कर लेती है लेकिन भेंट करना बिलकुल अच्छा नहीं लगता। कुछ ही देर में बेकार हो जाते हैं। उस का यह कहना मुझे अच्छा लगा और मैं उसे मुबारकबाद देना ही भूल गया।  
शाम को उस का फोन आया तो भारत-आस्ट्रेलिया का क्रिकेट मैच आधा हो चुका था। वह बताने लगी कि उस के सहपाठियों ने उसे जन्मदिन मुबारक कहते समय उसे मजाक में भाई कह कर संबोधित किया। अन्य ने पूछा कि लड़की भाई कैसे हो सकती है? उन का कहना था कि हो सकती है, यदि वह सब पर अपना दबदबा बना कर रख सके। पहले वे लोग उसे झाँसी की रानी कहते थे। उस ने मुझ से ही प्रश्न कर डाला कि उस के साथी उसे ऐसा क्यों कहते हैं? जब कि वह तो किसी से कभी झगड़ती भी नहीं है। मैं ने उसे कहा झाँसी की रानी झगड़ालू नहीं जुझारू थी। शायद ऐसा ही तुम में भी उन ने कुछ देखा हो और कहने लगे हों। उधर भारत की पारी शुरू हो गई और वह अपनी मकान मालकिन के साथ क्रिकेट देखने लगी। बता रही थी कि वे हर वह मैच देखती हैं जिसे भारत खेल रहा हो। इन्हीं बातों के बीच मैं फिर उसे जन्मदिन की मुबारकबाद देना भूल गया। 
रात के क्रिकेट मैच खत्म होते ही फोन की घंटी बजी तो बेटी ही थी। इस बार मैं फिर मुबारकबाद देना न भूल जाऊँ, मैं ने सब से पहले उसे 'हैप्पी बर्डे' कह दिया। भारत की जीत से वह प्रसन्न थी। उस ने पूछा -मुझे जन्मदिन की बधाई दे रहे हो, या मैच जीतने की? मैं ने कहा -बधाई तो जन्मदिन की ही दे रहा हूँ, जीत को तो तुम तोहफा समझो भारतीय टीम की ओर से। फिर वह मैच की बात करने लगी, -बीच में तो लग रहा था कि भारत हारा! लेकिन रैना ने मैच जिता दिया। मैं ने पूछा, युवराज का कुछ नहीं? तो कहने लगी। युवराज तो मैन ऑफ मैच है ही। पर मैच तो असल में रैना ने जिताया। वह इतना अच्छा साथ न देता तो? इस बात पर हम दोनों सहमत थे।
विश्व चैम्पियन पर जीत





बुधवार, 23 मार्च 2011

सपने को सच होने से कोई रोक नहीं सकता

ह निरा मूर्ख, दीवाना और निहायत पागल इंसान ही रहा होगा। उस की कौम के करीब डेढ़ सौ लोगों को जिन्दा जला डाला गया था। पूरी कौम सदमे में थी और बदले की आग से जल रही थी। तब वह अपनी मादरेजुबान पढ़ रहा था। उस पर लिख रहा था कि उस का क्या महत्व है। फिर उस ने दुनिया भर के सारे प्रसिद्ध लेखकों को पढ़ना आरंभ कर दिया। वह खुद तो उन्हें पढ़ता ही था, औरों को भी पढ़ने को कहता था। बदले की आग लगातार सीने में धधक रही थी। वह केवल उन लोगों से बदला नहीं लेना चाहता था जिन्हों ने, जिन के इशारे पर और जिन की मदद से कौम के लोग मारे गए थे। वह तो उन तमाम लोगों से बदला लेना चाहता था जो इंसान का खून चूसते थे और अपने कपड़ों पर दाग भी नहीं लगने देते थे। 
फिर उस ने अपने ही जैसे मूर्खों, पागलों और दीवानों को तलाश करना आरंभ कर दिया। वह सब  को किताबें पढ़ने को कहता, जो नहीं पढ़ते उन्हें खुद पढ़ाता। उसे अपने जैसे लोग मिलने लगे। वह फिर भी संतुष्ट नहीं था कि वह दुनिया के तमाम कातिलों को समाप्त कर सकता है। वह जानता था कि यह लंबा काम है और शायद अपने जीवन में न कर पाए। उस में जरा भी अक्ल होती तो असंभव दिखने वाले काम को छोड़ता। अपनी पढ़ाई का लाभ उठाता, रायबहादुर बन बैठता, और रुतबा बढ़ाता। लेकिन उस मूर्ख पर तो पागलपन सवार था। उस ने घर भी छोड़ दिया और इधर-उधर घूमता रहा। जरूरत पड़ती तो भेस भी बदलता। धीरे-धीरे उस ने गिरोह बना लिया। 
भी पागलों की तरह उसे भी विश्वास हो चला था कि लोग बहरे हो चुके हैं, उनकी खालों पर परत-दर-परत मैल जम गया है। खालों का मैल उतारने को उन की धुलाई करनी होगी, बहरों को सुनाने को धमाका करना पड़ेगा। पर उस में तो खतरा था, जान जाने का खतरा। पर पागलों के लिए जान की क्या कीमत है?  लोग भी तो चाहते हैं कि ऐसे पागल जो सभी को परेशान करते हैं, मर ही जाएँ तो अच्छा है। उस ने मरना कबूल कर लिया। कुछ लोगों ने कहा कि वह फिजूल मर रहा है, वह पढ़ा-लिखा है कुछ कर के दिखा सकता है। उस की जगह वे मरने को तैयार हैं। पर पागल की जिद तो जिद है, उसे कोई जीत पाया है? फिर पढ़ा-लिखा पागल, उस ने सब को तर्क-हीन कर दिया। अब उसे मरने से कौन रोक सकता था? वह मरने चल दिया। मरने से पहले उस ने धमाका किया। बहरों के कान खुल गए। वे सुनने लगे, समझने लगे। पर उन की समझ कमजोर रह गई। उन्हों ने कौम के हत्यारों के मददगारों को तो अपने देस से जाने को मजबूर कर दिया। लेकिन हत्यारों के साथ समझौता कर लिया। अब हत्यारे सरे आम हत्या करते हैं। लेकिन किसी पागल का खून नहीं उबलता। कोई मूर्ख उत्तेजित नहीं होता, दीवानगी इतिहास की चीज हो गई। 
लोग उस की शहादत के दिन मेले लगाते हैं, उस की मूर्तियाँ तलाश कर उन्हें धोते हैं, रंगते हैं और मालाएँ चढ़ाते हैं। उन्हों ने उस मूर्ख, दीवाने और पागल को भगवान का दर्जा दे दिया है। वे सोचते हैं कि एक दिन भगवान अवतार लेगा और उन की धरती को हत्यारों से मुक्ति दिला देगा। वे भूल गए कि उन का भगवान तो खुद किसी भगवान को नहीं मानता था और न ही पुनर्जन्म को। वह जानता था कि हत्यारों से मुक्त होना है तो दीवानों की फौज खड़ी करनी होगी। हत्यारों को नष्ट करना होगा। फिर दुनिया बदलनी होगी। एक नई दुनिया बनानी होगी। जिस में कोई हत्यारा नहीं होगा, किसी को किसी का खून चूसने की आजादी नहीं होगी। लोग कहते हैं, यह उस का सपना था, और सपने भी कहीं सच होते हैं? 
ज कुछ लोग मिले, जो उसी की तरह मूर्ख थे, पागल भी और दीवाने भी। उन्हों ने भी उस की तस्वीर को माला पहनाई और कसम खा कर कहा कि वे भी उसी का जैसा सपना देखते हैं और उसे सच कर के दिखाएंगे। सपने को सच कर दिखाने के लिए कुछ भी करेंगे। अपने जीवन में उसे सच न कर सके तो ऐसे लोगों की फौज खड़ी करेंगे जिन की पीढ़ियाँ भी मूर्खों, पागलों और दीवानों की होंगी, और तब तक होती रहेंगी जब तक सपना सच नहीं हो जाता।  मुझे लगा कि अब सपने को सच होने से कोई रोक नहीं सकता। 


मंगलवार, 22 मार्च 2011

'कविता' ... औरतों का दर्जी -अम्बिकादत्त

कोई भी रचना सब से पहले स्वान्तः सुखाय ही होती है। जब तक वह किसी अन्य को सुख प्रदान न कर दे उसे समाजोपयोगी या रचनाकार के अतिरिक्त किसी भी अन्य को सुख देने वाली कहना स्वयं रचनाकार के लिए बहुत बड़ा दंभ ही होगा। इस का सीधा अर्थ यह है कि कोई भी रचना का स्वयं मूल्यांकन नहीं कर सकता। किसी रचना का मूल्यांकन उस के प्रभाव से ही निश्चित होगा। इस के लिए उस का रचना के उपभोक्ता तक पहुँचना आवश्यक है। उपभोक्ता तक पहुँचने पर वह उसे किस भांति प्रभावित करती है, यही उस के मूल्यांकन का पहला बिंदु हो सकता है। तुलसी की रामचरितमानस से कौन भारतीय होगा जो परिचित नहीं होगा। इस रचना ने पिछली चार शताब्दियों से भारतीय जन-मानस को जिस तरह प्रभावित किया है। संभवतः किसी दूसरी रचना ने नहीं। लेकिन उस का रचियता उसे स्वान्तः सुखाय रचना घोषित करता है। तुलसीदास रामचरित मानस जैसी कालजयी रचना को रच कर भी उसे स्वांतः सुखाय घोषित करते हैं, यह उन का बड़प्पन है। लेकिन कोई अन्य किसी अन्य की रचना लिए यह कहे कि वह स्वांतः सुखाय है, तो निश्चित रूप से उस रचना ने कहीं न कहीं इस टिप्पणीकार को प्रभावित किया है और यही घोषणा उस रचना के लिए एक प्रमाण-पत्र है कि वह मात्र स्वान्तः सुखाय नहीं थी।
मैंने पिछले दिनों हमारे ही अंचल के कवि अम्बिकादत्त से परिचय करवाते हुए उन की कविताएँ प्रस्तुत की थीं। आज प्रस्तुत है उन की एक और रचना। इसे प्रस्तुत करते हुए फिर दोहराना चाहूँगा कि कवि का परिचय उस की स्वयं की रचना होती है। 


औरतों का दर्जी
  • अम्बिकादत्त


झूठ नहीं कहता मैडम!
सब औरतें आप की तरह भली नहीं होतीं
दोजख से भी दुत्कार मिले मुझ को यदि मैं झूठ बोलूँ
अल्लाह किसी दुश्मन के नसीब में भी न लिखे
औरतों का दर्जी होना! अगर होना ही पड़े तो
औरतों के दर्जी के लिए अच्छा है
गूंगा या बहरा होना
क्या कोई तरकीब ईजाद हो सकती है नए जमाने में
कि अंधा हो कर भी औरतों का दर्जी हुआ जा सके
हालांकि, आवाज से किसी औरत का 'पतवाना' लेना जरा मुश्किल काम है
किसी भी वक्त बदल जाती हैं-वो
नाप लेने के सारे साधन
अक्सर ओछे और पुराने पड़ जाते हैं
लगता है, एक तिलिस्म है/मिस्र के पिरामिड, दजला फरात या 
सिंधु घाटियों में जाने जैसा है, उन्हें नापना/
जरा सा चूक जाएँ तो लौटना मुश्किल है- नस्लों तक के सुराग न मिलें

उन की आवाज में चहकते सुने हैं पंछी मैं ने
सपनों में तैरते सितारे
'लावणों' में लहराते बादल
तरह-तरह के कालरों और चुन्नटों में चमकते इन्द्रधनुष
वरेप, मुगजी, बटन, काज, हुक, बन्द, फीतों में
तड़पती देखता हूँ हजारों हजार मछलियाँ
और इन की हिदायतें ओS
इतनी हिदायतें, इतनी हिदायतें कि क्या कहूँ
कई बार तो लगता है, वे कपड़े सिलवाने आई हैं या पंख लगवाने
मेरे हाथ से गज और गिरह गिरने को होते हैं
बार बार
अरजुन के हाथ से गिरता था धनुष जैसे महाभारत से पहले
अपनी बातों ही बातों से कतरनों का ढेर लगा देती हैं
मेरी कैंची तो कभी की भोथरी साबित हो चुकी
कपड़े वक्त पर सिल कर देने का वादा, और वक्त पर न सिल पाना अक्सर
दोनों ही मेरी मजबूरियाँ हैं जिन्हें मैं ही जानता हूँ
और कोई नहीं जानता, मेरे ग्राहकों और खुदा के सिवा
आसमान की ऊँचाइयाँ कम हैं उन के लिए
समुन्दर की गहराइयाँ भी/कम हैं उन के सामने
कैसे कैसे ख्याल सजाए होती हैं, कैसे कैसे दर्द छिपाए होती हैं वे
मुझे रह रह कर याद आता है,
मेरी पुरानी ग्राहक की नई सहेली की ननद का किस्सा 
जिस की कहीं बात चल रही थी, फिर टूट गई 
उस ने जहर खाया था अनजान जगह पर 
लावारिस मिली उस की लाश को पहचाना था पुलिस ने कपड़ों से 
उस ने मेरे सिले हुए कपड़े पहन रक्खे थे, मुझे उस दिन लगा
औरतों के कफन और शादी के जोड़े क्या एक जैसे होते हैं
औरतें फिर भी औरतें हैं
जमाने से आगे चलती हैं औरतें
औरतों से आगे चलते हैं उन के कपड़े
उस से भी आगे खड़ा होना पड़ता है, औरतों के दर्जी को। 

***************************

सोमवार, 21 मार्च 2011

कल की बासी खबर : श्रीमान पिट लिए नहीं आए, सम्मान समारोह कैंसल ... चंदे की ठंडाई छानी गई

ये जो होली है ना!  आती है, तो महिने भर पहले से जितनी भी सीरियस बातें होती हैं, वे सब सिर पर से रपट कर निकलने की कोशिश में रहती हैं।  पूरे महीने के अभ्यास के बाद होली के एक दो दिन पहले तक सीरियस बातों को इतना अभ्यास हो जाता है कि वे भेजे का रुख करना बंद कर देती हैं। भूले-भटके कोई सिर पर लेंड हो भी जाए तो तुरंत ही रपट कर निकल लेती है। जितनी भी जन-मन-रंजन की बातें होती हैं, उन्हें भेजे में  खेले कूदने को अच्छी खासी जगह मिल जाती है। वे चाहें तो उस पर क्रिकेट या गोल्फ भी खेल सकती हैं। किसी किसी का भेजा तो शानदार पिकनिक स्पॉट की तरह हो जाता है। वहाँ वे पूरी मौज में रहती हैं। ऐसे में कोई गंभीर विषय पर कुछ करना चाहे तो वह निश्चय ही चरम-मूर्ख कहा जाएगा। लेकिन वही व्यक्ति यदि जन-रंजन के लिए अपनी पर उतर आए तो उस की पौ-बारह हो जाती है। वह जनता के दिल में तीर की तरह घुसता है और वहीं चिपक कर रह जाता है। जो लोग साल भर बेसिर-पैर की बातों और हरकतों से लोगों को हँसाने का निष्फल प्रयास करते हैं उन की इन दिनों भारी पूछ हो जाती है। वे चैनल और अखबारों को ब्लेक मेल पर उतर आते हैं। लेकिन ये जो सीरियस बातें करने वाले लोग हैं ना, वे भी कम चालू किस्म के नहीं होते। मौसम की नजाकत को वे पूरी तरह समझते हैं और अपनी सारी सीरियसता को पोटली में बांध कर घर के किसी अंधेरे कमरे में महीने-डेढ़ महीने के लिए दफ़्न कर देते हैं।
ये सीजन होली के ठीक एक महीने पहले के पूरे चांद के दिन आरंभ हो जाता है। पहचान के लिए चौराहों पर जहाँ हो कर भारी ट्रेफिक गुजरता है बीचों बीच गड्ढ़ा खोद कर गाड़ दिया जाता है, अक्सर उस पर निशान के रूप में खजूर का बना पुराना घिसा-पिटा-गंदा झाड़ू बांध दिया जाता है। आज कल शहरों के सोफिस्टिकेट लोग उस पर झाड़ू बांधना पसंद नहीं करते, वे उस पर लाल रंग का झंड़ा बांध देते हैं। (कलयुग में जैसे होली के दिन फिरे वैसे सब के फिरें)
धर होली जलते ही लोग अपनी पर उतर आते हैं। दूसरे दिन जो सब कुछ होता है, उसे बताने से कोई लाभ नहीं है, आप सब जानते ही हैं। जानने की तो बात ही क्या, आप तो भुक्तभोगी भी हैं। यह सीजन हमारे हाड़ौती में तेरह दिन बाद न्हाण तक चलता है, मध्यप्रदेश में पाँच दिन बाद रंगपंचमी तक चलता है। पर जो लोग इस सीजन का यहीं अन्त समझ लेते हैं वे भी निरे मूर्ख हैं। जब से अंग्रेज हिन्दुस्तान में आए इस सीजन को एक अप्रेल तक का जीवन दे गए हैं। आप भी तब तक सावधान रहिएगा।
स बार हम भी रपट गए। सीरियस टाइप की बातें करते रहते तो ब्लाग पर कोई नहीं पूछता। दो चित्रों को आपस में घस्स-मस्स कर एक पहेली पूछ डाली। हमने सोचा था कि ऊपर की मंजिल सरकने के इस काल में कोई तो सही सलामत बचा होगा। पर जो लोग ब्लाग पर आए उन में से अनेक तो टिपियाये बिना ही खिसक लिए। जो पाँच-सात परसेंट लोग टिपियाए उन में से कोई भी सही सलामत नहीं निकला। सब कोई होली के मूड़ में थे। हमने ईनाम घोषित किया था। लेकिन एक भी उसे पाने को लालायित नहीं था। झक मार कर हमने ही पहेली का उत्तर बताया। पर इस बार हमने बिलकुल सीजनल वाली पहेली पूछ डाली। ऐसी कि जो देखे उसे ही उत्तर समझ में आ जाए। पर शायद यह सीजनल खतरनाक वाला ईनाम पाने से हर कोई कतरा रहा था, इधर-उधर की बातें सब करते रहे। कोई कहता मैं  ने और आप ने उस के साथ शाम का भोजन किया था। (यह भी याद नहीं रहा कि भोजन दोपहर को किया था) उस शाम का भोजन तो मैं ने अपनी बेटी के घर जा कर किया था। कोई कह रहा था -पहचान तो लिया है पर नाम नहीं बताएंगे। कोई कह रहा था -ठंडाई जरा ज्यादा हो गई है, असर खत्म होने पर बताएँगे। किसी ने कहा ये तो अपने कार्टूनिस्ट बाबू हैं। संकेत तो लोग देते रहे पर नाम बताने में सब को नानी याद आ रही थी। अब इस में डरने की बात क्या थी? ये कोई गिल्ली-डंडा का खेल तो था नहीं, जो बाद में कावड़* भरनी पड़ती। 
मारे कवि महोदय पिट-लिए उर्फ श्रीमान सतीश सक्सेना जी ही एक मात्र सीधे-सादे प्राणी निकले जो उधर ताऊ के गरही कवि सम्मेलन में सब के लट्ठ खा कर, वहाँ से किसी तरह जान बचा कर भागे थे। जल्दी में उन की अक्ल की पोटली ताऊ के घर ही छूट गई थी या फिर रास्ते में छोड़ आए थे। (रास्ते में छूटी होगी तो भी ताऊ के किसी बंदे ने ताऊ के पास पहुँचा दी होगी, इसी तरह दूसरों की अक्ल की पोटलियाँ समेट कर आज कल ताऊ अक्ल का जागीरदार बना बैठा है) उन्हों ने लौटते ही हाँफते-हाँफते पहेली पढ़ डाली, चित्र देखा,  और फट्ट से पहचान लिया, अरे! ये तो हमारे कार्टूनिस्ट बाबू हैं। आव देखा न ताव तुरंत टिपियाए "यह इरफ़ान तो नहीं"।  
ब क्य़ा था तीर कमान से निकल चुका था। टिप्पणी छप गई थी। उसे हटाते तब भी हमारे डाक डब्बे में मौजूद रहती। बहुत बाद में उन्हें समझ आया कि ईनाम के लालच में फँस गए। सोचने लगे ... अब ईनाम दिए जाने में अपनी हालत न जाने क्या की जाएगी? ताऊ के यहाँ से तो कविता सुना कर बच निकले पर यहाँ से निकलना आसान नहीं है। कहीं जान के लाले ही न पड़ जाएँ। पर अब क्या होता? चिड़िया चुग गई खेत पाछे पछताए क्या होत? अब करते भी तो क्या? फिर सोचा ईनाम लेने वाला मैं अकेला थोड़े ही हूंगा, और भी बहुतेरे होंगे। जो सब के साथ होगा, वही मेरे साथ हो जाएगा। लेकिन धुलेंडी की सुबह जब उठ कर देखा कि बंदा अकेला ही रह गया है तो बहुत घबड़ाए। श्रीमान पिट-लिए को ताऊ के घर हुआ लठियाया सम्मान याद कर के रोना आने लगा। सुबह-सुबह उन की हालत देख भाभी जी ने पूछ लिया -लट्ठ की मार तो कल की मालिश से निकल गई होगी, अब क्या हो गया? सूरत सरदारों का टाइम क्यों बजा रही है? वे क्या कहते? सीधे अनवरत की पोस्ट पर अपना कमेंट पढ़ाया।
-ओ...हो! बस इस में ही घबरा गए। तुम ईनामी समारोह में जाओ ही मत। एक तार कर दो, कि ट्रेन छूट गई है सड़क पर हुरियाए लोगों ने जाम कर रखा है। बस बात बन जाएगी। तुम अकेले ही तो हो, तुम्हारा तार मिलेगा तो आयोजकों को प्रोग्राम रद्द ही करना पड़ेगा। इस में उन का भी फायदा है। आयोजन न करने से सारा खर्चा बच जाएगा। जितना चंदा प्रोग्राम के लिए इकट्ठा किया है आयोजक का बैंक बैलेंस बढ़ाएगा। एक अप्रेल निकलने पर जब सीजन खत्म हो जाए तो आयोजकों को फोन कर के कहना -मेरे कारण आप ने बहुत रुपया कमाया है, उस में आधा हिस्सा मेरा है, सीधे-सीधे भेज दो, वर्ना अदालत में दावा कर दूंगा। पिटे-पिटाए महाशय बोले -भली मनख! दो नंबर के कामों के पैसे का हिस्सा मांगने के लिए अदालत में दावा नहीं होता। भाभी बोलीं -नहीं होता तो क्या जनता का चंदा हजम करने के लिए चार सौ बीस का इस्तगासा भी नहीं होता? कर के देखना आधा तो क्या उन्हें पौना देना पड़ेगा। नहीं तो पुलिस उन्हें भी पिटा-पिटाया बनाए बिना नहीं छोड़ेगी।
म क्या करते जैसे ही हमें पिट-लिए महाशय का तार मिला, ईनाम का कार्यक्रम कैंसल करना पड़ा। भाभी के प्लान की खबर हमें लीक हो गई, सो हमने इकट्ठा होने वालों को बोल दिया कि शाम को नहा-धो कर, रंग छुड़ा कर आ जाओ, सारे चंदे की ठंडाई छानी जाएगी। (चार सौ बीस के इस्तगासे से बचने का और कोई तरीका नजर ही नहीं आया) अब कल शाम जो-जो भी ठंडाई छान कर गया आज शाम तक नींद निकाल रहा था। हमारी भी नींद शाम को खुली है, तब जा कर यह सारा कच्चा-चिट्ठा मांडा है।

जय बोलो नीलकंठ, भोले भंडारी की!!
जय बोलो आषुतोष प्रिया विजया मैया की!!!
फिर मिलेंगे ... जल्दी ही ... 


*कावड़ भरना = गिल्ली डंडा में हारने वाला जीतने वाले को अपनी पीठ पर बैठा कर वापस खेल के स्थान पर लाता है उसे कावड़ भरना कहते हैं।