शील का ये तिरेपनवाँ साल है। हाँ, अब वह शील ही रह गई है। उस का पति सुरेश उसे इसी नाम से बुलाता है। यूँ उस के दादा ने उस का नाम शीलवती रखा था। शतभिषा नक्षत्र के तीसरे चरण में जो पैदा हुई थी। पर दादी को यह नाम लंबा लगता था वह उसे शीला कहने लगी। फिर स्कूल में भी यही नाम लिखवा दिया गया। सब लोग उसे शीला ही कहने लगे थे। विवाह के निमंत्रण में भी यही नाम छपा था। पर शादी के बाद पति ने उसे कहा कि वह उस के नाम से नहीं पुकारेगा, अच्छा नहीं लगता लेकिन दूसरा नाम क्या हो? इस पर पहले ही दिन दोनों के बीच बहस हो गई थी। फिर तय हुआ कि शील कहेगा। फिर ससुराल में यही नाम चल निकला। सब उसे शील ही कहने लगे। वह जब भी मायके जाती है तो उसे शीला कहा जाता है।

सुरेश ने मुंबई से लौटते ही फैसला ले लिया कि जैसे ही उस की कानून की पढ़ाई पूरी होगी वह वकालत शुरू कर देगा। फिर देखेगा कि कोई नौकरी करनी है या नहीं। यदि कोई ढंग-ढांग की नौकरी मिली तो करेगा, नहीं तो वकालत कोई बुरी नहीं। कम से कम खुद-मुख्तार तो रहेगा। उस ने यही किया भी, जिस रात वह कानून का आखिरी पर्चा देकर घर लौटा उस के अगले ही दिन अल्ल सुबह वह वकील के दफ्तर में पहुँच गया और कहने लगा -मैं आ गया हूँ मुझे आप की फाइलें संभला दो। उसी दिन वह उन के साथ अदालत में था। तीन महीने परीक्षा का परिणाम आने में लगे और तीन माह सनद आने में। जिस दिन डाक से बार कौंसिल का लिफाफा मिला सुरेश ने सीधा अपने बॉस को ले जाकर दिया। उन्हों ने खोल कर देखा तो उस में वकालत की सनद जारी करने की सूचना थी। बॉस ने तीन दिन पहले ही सिल कर आया नया कोट अपने शरीर पर से उतार कर सुरेश को पहना दिया। उस दिन सुरेश काला कोट पहने ही घर लौटा था। वह दिन शील आज तक नहीं भूल सकती। उसे लगा था कि वह उस की आजादी की शुरुआत थी।
सोचते-सोचते शील का ध्यान रसोई में गैस पर चढ़े ओवन में सिकने को रखी बाटियों की ओर गया। आज रविवार था और सुरेश अक्सर उसे कहता था रविवार को तो दाल बाटी बना लिया करे। आज उस ने सुरेश की यह बात मान ली थी। दाल तो उस ने नहीं बनाई लेकिन कढ़ी बना ली थी और ओवन में बाटियाँ सेकने को डाल दी थीं। उस ने ओवन का ढक्कन उठा कर देखा तो बाटियाँ जस की तस थीं। वह हैरान रह गई कि यह हुआ क्या? उस की निगाह गैस की ओर गई तो चूल्हा बुझा हुआ था। गैस टंकी को हिला कर देखा तो वह बिलकुल खाली थी। ओवन भले ही ठंडा हो गया हो पर उस के दिमाग तुरंत गरम हो गया। वह एक महीने से सुरेश को याद दिला रही थी कि गैस सिलेंडर ले आओ। लेकिन उसे फुरसत हो तब न। अब कैसे भोजन बनेगा? सुरेश तो अब तक बिना नहाए बैठा इंतजार कर रहा था कि कब शील उसे भोजन बनने की सूचना दे और कब वह स्नानघर में प्रवेश करे। उस की आदत जो है कि इधर स्नानघर से निकला कपड़े पहने, ठाकुर घर में घुस कर सैंकंडों में माथे पर टीका लगाया और तुरंत भोजन चाहिए। जरा भी देरी उस से बर्दाश्त नहीं होती। इस नए मुहल्ले में वह सिलेंडर भी किस से मांगेगी? यहाँ तो उसे कोई ठीक से जानता भी नहीं। सुरेश को भी नहीं कह सकती, उस के पास दफ्तर में कोई क्लाइंट जो बैठा है।


