@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत

गुरुवार, 31 जुलाई 2014

प्रेमचंद के फटे जूते

व्यंग्य
  • हरिशंकर परसाई



प्रेमचंद का एक चित्र मेरे सामने है, पत्नी के साथ फोटो खिंचा रहे हैं। सर पर किसी मोटे कपडे की टोपी, कुरता और धोती पहिने हैं। कनपटी चिपकी है, गालों की हड्डियाँ उभर आई हैं, पर घनी मूंछे चहरे को भरा-भरा बतलाती है।

पाँवों में केनवस के जूते हैं, जिनके बंद बेतरतीब बंधे हैं। लापरवाही से उपयोग करने पर बंद के सिरों पर लोहे की पतरी निकल जाती है और छेदों में बंद डालने में परेशानी होती है। तब बंद कैसे भी कस लिए जाते हैं।

दाहिने पाँव का जूता ठीक है, मगर बाएँ जूते में बड़ा छेद हो गया है, जिसमे से अंगुली बाहर निकल आई है।

मेरी दृष्टि इस जूते पर अटक गई है। सोचता हूँ- फोटो खिंचाने की अगर ये पोशाक है, तो पहनने की कैसे होगीं? नहीं, इस आदमी की अलग-अलग पोशाकें नहीं होगी - इसमें पोशाकें बदलने का गुण नहीं है। यह जैसा है, वैसा ही फोटो में खिंच जाता है।

मैं चहरे की तरफ़ देखता हूँ। क्या तुम्हे मालूम है, मेरे साहित्यिक पुरखे कि तुम्हारा जूता फट गया है और अंगुली बाहर दिख रही है? क्या तुम्हें इसका जरा भी अहसास नहीं है? जरा लज्जा, संकोच या झेंप नहीं है? क्या तुम इतना भी नहीं जानते कि धोती को थोड़ा नीचे खींच लेने से अंगुली ढक सकती है? मगर फ़िर भी तुम्हारे चहरे पर बड़ी बेपरवाही, बड़ा विश्वास है! फोटोग्राफर ने जब 'रेडी-प्लीज' कहा होगा, तब परम्परा के अनुसार तुमने मुस्कान लाने की कोशिश की होगी, दर्द के गहरे कुएँ के तल में कहीं पड़ी मुसकान को धीरे-धीरे खींचकर ऊपर निकाल रहे होंगे कि बीच में ही 'क्लिक' करके फोटोग्राफर ने 'थैंक यू' कह दिया होगा। विचित्र है ये अधूरी मुसकान। यह मुसकान नहीं है, इसमे उपहास है, व्यंग्य है!

यह कैसा आदमी है, जो ख़ुद तो फटे जूते पहिने फोटो खिंचवा रहा है, पर किसी पर हंस भी रहा है।फोटो ही खिंचाना था, तो ठीक जूते पहिन लेते या न खिंचाते। फोटो न खिंचाने से क्या बिगड़ता था! शायद पत्नी का आग्रह रहा हो और तुम 'अच्छा चल भई' कहकर बैठ गए होगे। मगर यह कितनी बड़ी 'ट्रेजडी' है कि आदमी के पास फोटो खिंचाने को भी जूता न हो। मैं तुम्हारी यह फोटो देखते-देखते, तुम्हारे क्लेश को अपने भीतर महसूस करके जैसे रो पड़ना चाहता हूँ, मगर तुम्हारी आंखों का यह तीखा दर्द भरा व्यंग्य मुझे एकदम रोक देता है।

तुम फोटो का महत्व नहीं समझते। समझते होते, तो किसी से फोटो खिंचाने के लिए जूते मांग लेते। लोग तो मांगे के कोट से वर-दिखाई करते हैं और मांगे की मोटर से बरात निकालते हैं। फोटो खिंचाने के लिए बीबी तक मांग ली जाती है, तुमसे जूते ही माँगते नहीं बने! तुम फोटो का महत्व नहीं जानते। लोग तो इत्र चुपड़कर फोटो खिंचाते है जिससे फोटो में खुशबू आ जाए। गंदे से गंदे आदमी की फोटो भी खुसबू देती है।

टोपी आठ आने में मिल जाती है और जूते उस ज़माने में भी पाँच रुपये से कम में क्या मिलते होंगे! जूता हमेशा टोपी से कीमती रहा है। अब तो अच्छे जूते की कीमत और बढ़ गई है और एक जूते पर पचीसों टोपियाँ न्योछावर होती है। तुम भी जूते और टोपी के अनुपातिक मूल्य के मारे हुए थे। यह विडम्बना मुझे इतनी तीव्रता से कभी नहीं चुभी, जितनी आज चुभ रही है जब मैं तुम्हारा फटा जूता देख रहा हूँ। तुम महान कथाकार, उपन्यास सम्राट, युग-प्रवर्तक, जाने क्या-क्या कहलाते थे, मगर फोटो में तुम्हारा जूता फटा हुआ है।

मेरा जूता भी कोई अच्छा नहीं है। यों ऊपर से अच्छा दिखता है। अंगुली बाहर नहीं निकलती, पर अंगूठे के नीचे तला फट गया है। अंगूठा जमीन से घिसता है और पैनी गिट्टी पर कभी रगड़ खाकर लहूलुहान भी हो जाता है।

पूरा तला गिर जायेगा, पूरा पंजा छिल जायेगा, मगर अंगुली बाहर नहीं दिखेगी। तुम्हारी अंगुली दिखती है, पर पाँव सुरक्षित है। मेरी अंगुली ढकी है पर पंजा नीचे घिस रहा है। तुम परदे का महत्व नहीं जानते, हम परदे पर कुर्बान हो रहें है।

तुम फटा जूता बड़े ठाठ से पहिने हो! मैं ऐसे नहीं पहिन सकता। फोटो तो जिंदगी भर इस तरह नहीं खिंचाऊं, चाहे कोई जीवनी बिना फोटो के ही छाप दें।

तुम्हारी यह व्यंग्य-मुसकान मेरे हौसले पस्त कर देती है। क्या मतलब है इसका? कौन सी मुसकान है ये?

-- क्या होरी का गोदान हो गया?

-- क्या पूस की रात में सूअर हलकू का खेत चर गए?

-- क्या सुजान भगत का लड़का मर गया; क्योंकि डाक्टर क्लब छोड़कर नहीं आ सकते?

नहीं मुझे लगता है माधो औरत के कफ़न के चंदे की शराब पी गया।

वही मुसकान मालूम होती है।

मैं तुम्हारा जूता फ़िर देखता हूँ। कैसे फट गया यह, मेरी जनता के लेखक?

क्या बहुत चक्कर काटते रहे?

क्या बनिया के तगादे से बचने के लिए मील-दो-मील का चक्कर लगाकर घर लौटते रहे?

चक्कर लगाने से जूता फटता नहीं, घिस जाता है।

कुम्भनदास का जूता भी फतेहपुर सीकरी जाने-आने में घिस गया था। उसे बड़ा पछतावा हुआ। उसने कहा-

'आवत जात पन्हैया घिस गई, बिसर गयो हरी नाम'

और ऐसे बुलाकर देनेवालों के लिए कहा गया था- 'जिनके देखे दुःख उपजत है, तिनकों करबो परै सलाम!'चलने से जूता घिसता है, फटता नहीं है। तुम्हारा जूता कैसे फट गया।

मुझे लगता है, तुम किसी सख्त चीज को ठीकर मारते रहे हो। कोई चीज जो परत-दर-परत जमाती गई है, उसे शायद तमने ठोकर मार-मारकर अपना जूता फाड़ लिया। कोई टीला जो रास्ते पर खड़ा हो गया था, उस पर तुमने अपना जूता आजमाया।

तुम उसे बचाकर, उसके बगल से भी तो निकल सकते थे। टीलों से समझौता भी तो हो जाता है। सभी नदिया पहाड़ थोड़े ही फोड़ती है, कोई रास्ता बदलकर, घूमकर भी तो चली जाती है।

तुम समझौता कर नहीं सके। क्या तुम्हारी भी वही कमजोरी थी, जो होरी को ले डूबी, वही 'नेम-धरम' वाली कमजोरी? 'नेम-धरम' उसकी भी जंजीर थी। मगर तुम जिस तरह मुसकरा रहे हो, उससे लगता है कि शायद 'नेम-धरम' तुम्हारा बंधन नहीं था, तुम्हारी मुक्ति थी।

तुम्हारी यह पाँव की अंगुली मुझे संकेत करती सी लगती है, जिसे तुम घृणित समझते हो, उसकी तरफ़ हाथ की नहीं, पाँव की अंगुली से इशारा करते हो?

तुम क्या उसकी तरफ़ इशारा कर रहे हो, जिसे ठोकर मारते-मारते तुमने जूता फाड़ लिया?

मैं समझता हूँ। तुम्हारी अंगुली का इशारा भी समझाता हूँ और यह व्यंग्य-मुसकान भी समझाता हूँ।

तुम मुझ पर या हम सभी पर हंस रहे हो। उन पर जो अंगुली छिपाए और तलुआ घिसाए चल रहे हैं, उन पर जो टीले को बरकाकर बाजू से निकल रहे हैं। तुम कह रहे हो - मैंने तो ठोकर मार-मारकर जूता फाड़ लिया, अंगुली बाहर निकल आई, पर पाँव बच रहा और मैं चलता रहा, मगर तुम अंगुली को ढांकने की चिंता में तलुवे का नाश कर रहे हो। तुम चलोगे कैसे?मैं समझता हूँ। मैं तुम्हारे फटे जुते की बात समझाता हूँ, अंगुली का इशारा समझता हूँ, तुम्हारी व्यंग्य-मुसकान समझता हूँ।

शादी की वजह

  •  मुंशी प्रेमचन्द



ह सवाल टेढ़ा है कि लोग शादी क्यों करते है? औरत और मर्द को प्रकृत्या एक-दूसरे की जरूरत होती है लेकिन मौजूदा हालत में आम तौर पर शादी की यह सच्ची वजह नहीं होती बल्कि शादी सभ्य जीवन की एक रस्म-सी हो गई है। बहरलहाल, मैंने अक्सर शादीशुदा लोगों से इस बारे मे पूछा तो लोगों ने इतनी तरह के जवाब दिए कि मैं दंग रह गया। उन जवाबों को पाठको के मनोरंजन के लिए नीचे लिखा जाता है—


एक साहब का तो बयान है कि मेरी शादी बिल्कुल कमसिनी में हुई और उसकी जिम्मेदारी पूरी तरह मेरे मां-बाप पर है। दूसरे साहब को अपनी खूबसूरती पर बड़ा नाज है। उनका ख्याल है कि उनकी शादी उनके सुन्दर रूप की बदौलत हुई। तीसरे साहब फरमाते है कि मेरे पड़ोस मे एक मुंशी साहब रहते थे जिनके एक ही लड़की थी। मैने सहानूभूतिवश खुद ही बातचीत करके शादी कर ली। एक साहब को अपने उत्तराधिकारी के रूप मे एक लड़के के जरूरत थी। चुनांचे आपने इसी धुन मे शादी कर ली। मगर बदकिस्मती से अब तक उनकी सात लड़कियां हो चुकी है और लड़के का कहीं पता नहीं। आप कहते है कि मेरा ख्याल है कि यह शरारत मेरी बीवी की है जो मुझे इस तरह कुढ़ाना चाहती है। एक साहब बड़े पैसे वाले है और उनको अपनी दौलत खर्च करने का कोई तरीका ही मालूम न था इसलिए उन्होंने अपनी शादी कर ली। एक और साहब कहते है कि मेरे आत्मीय और स्वजन हर वक्त मुझे घेरे रहा करते थे इसलिए मैंने शादी कर ली। और इसका नतीजा यह हुआ कि अब मुझे शान्ति है। अब मेरे यहां कोई नहीं आता। एक साहब तमाम उम्र दूसरों की शादी-ब्याह पर व्यवहार और भेंट देते-देते परेशान हो गए तो आपने उनकी वापसी की गरज से आखिरकार खुद अपनी शादी कर ली।


और साहबों से जो मैंने दर्याफ्त किया तो उन्होने निम्नलिखित कारण बतलाये। यह जवाब उन्ही के शब्दों मे नम्बरवार नीचे दर्ज किए जाते है—


१—मेरे ससुर एक दौलतमन्द आदमी थे और उनकी यह इकलौती बेटी थी इसलिए मेरे पिता ने शादी की।

२—मेरे बाप-दादा सभी शादी करते चले आए हैं इसलिए मुझे भी शादी करनी पड़ी।

३—मै हमेशा से खामोश और कम बोलने वाला रहा हूं, इनकार न कर सका।

४—मेरे ससुर ने शुरू में अपने धन-दौलत का बहुत प्रदर्शन किया इसलिए मेरे मां-बाप ने फौरन मेरी शादी मंजूर कर ली।

५—नौकर अच्छे नहीं मिलते थे और अगर मिलते भी थे तो ठहरते नहीं थे। खास तौर पर खाना पकानेवाला अच्छा नहीं मिलता। शादी के बाद इस मुसीबत से छुटकारा मिल गय।

६—मै अपना जीवन-बीमा कराना चाहता था और खानापूरी के वास्ते विधवा का नाम लिखना जरूरी था।

७—मेरी शादी जिद में हुई। मेरे ससुर शादी के लिए रजामन्द न होते थे मगर मेरे पिता को जिद हो गई। इसलिए मेरी शादी हुई। आखिरकार मेरे ससुर को मेरी शादी करनी ही पड़ी।

८—मेरे ससुरालवाले बड़े ऊंचे खानदान के है इसलिए मेरे माता-पिता ने कोशिश करके मेरी शादी की।

९—मेरी शिक्षा की कोई उचित व्यवस्था न थी इसलिए मुझे शादी करनी पड़ी।

१०—मेरे और मेरी बीवी के जनम के पहले ही हम दोनो के मां-बाप शादी की बातचीत पक्की हो गई थी।

११—लोगो के आग्रह से पिता ने शादी कर दी।

१२—नस्ल और खानदान चलाने के लिए शादी की।

१३—मेरी मां को देहान्त हो गया था और कोई घर को देखनेवाला न था इसलिए मजबूरन शादी करनी पड़ी।

१४—मेरी बहनें अकेली थी, इस वास्ते शादी कर ली।

१५—मै अकेला था, दफ्तर जाते वक्त मकान मे ताला लगाना पड़ता था इसलिए शादी कर ली।

१६—मेरी मां ने कसम दिलाई थी इसलिए शादी की।

१७—मेरी पहली बीवी की औलाद को परवरिश की जरूरत थी, इसलिए शादी की।

१८—मेरी मां का ख्याल था कि वह जल्द मरने वाली है और मेरी शादी अपने ही सामने कर देना चाहती थी, इसलिए मेरी शादी हो गई। लेकिन शादी को दस साल हो रहे है भगवान की दया से मां के आशीष की छाया अभी तक कायम है।

१९—तलाक देने को जी चाहता था इसलिए शादी की।

२०—मै मरीज रहता हूं और कोई तीमारदार नही है इसलिए मैंने शादी कर ली।

२१—केवल संयाग से मेरा विवाह हो गया।

२२—जिस साल मेरी शादी हुई उस साल बहुत बड़ी सहालग थी। सबकी शादी होती थी, मेरी भी हो गई।

२३—बिला शादी के कोई अपना हाल पूछने वाला न था।

२४—मैंने शादी नही की है, एक आफत मोल ले ली है।

२५—पैसे वाले चचा की अवज्ञा न कर सका।

२६—मै बुडढा होने लगा था, अगर अब न करता तो कब करता।

२७—लोक हित के ख्याल से शादी की।

२८—पड़ौसी बुरा समझते थे इसलिए निकाह कर लिया।

२९—डाक्टरों ने शादी केलिए मजबूर किया।

३०—मेरी कविताओं को कोई दाद न देता था।

३१—मेरी दांत गिरने लगे थे और बाल सफेद हो गए थे इसलिए शादी कर ली।

३२—फौज में शादीशुदा लोगों को तनख्वाह ज्यादा मिलती थी इसलिए मैंने भी शादी कर ली।

३३—कोई मेरा गुस्सा बर्दाश्त न करता था इसलिए मैंने शादी कर ली।

३४—बीवी से ज्यादा कोई अपना समर्थक नहीं होता इसलिए मैंने शादी कर ली।

३५—मै खुद हैरान हूं कि शादी क्यों की।

३६—शादी भाग्य में लिखी थी इसलिए कर ली।


इसी तरह जितने मुंह उतनी बातें सुनने मे आयी।

जमाना मार्च, १९२७




शनिवार, 31 मई 2014

कोड़ा जमाल साई

शिवराम मूलतः ब्रजभाषी थे, हिन्दी पर उन की पकड़ बहुत अच्छी थी। जनता के बीच काम करने की ललक ने उन्हें नाटकों की ओर धकेला और संभवतः हिन्दी के पहले नुक्कड़ नाटककार हुए। एक संपूर्ण नाटककार जो नाटक लिखता ही नहीं था बल्कि उन्हें खेलने के लिए लिखता था। फिर उसे जमीन पर दर्शकों के बीच लाने के लिए अभिनेता जुटाता था। उन के नाटकों में लोकरंग का जिस खूबसूरती से प्रयोग देखने को मिलता है वह अद्वितीय है। लोकरंग उन के लिए वह दरवाजा है जिस से वे गाँव गोठ के दर्शकों के दिलों में घुस जाते हैं। हाड़ौती अंचल उन की कर्मभूमि बना। तब उन्हों ने जरूरी समझा कि वे हाडौती में भी लिखें। कोड़ा जमाल साई संभवतः उन की पहली हाड़ौती रचना है। एक खेल गीत की पंक्ति को पकड़ कर उन्होंने एक पैने और शानदार गीत की रचना की। आप भी उस की धार देखिए ...

कोड़ा जमाल साई ..... 
  • शिवराम

कोड़ा जमाल साई
पाछी देखी मार खाई
आँख्याँ पै पाटी बांध
चालतो ई चाल भाई
घाणी का बैल ज्यूँ
घूम चारूँ मेर भाई

नपजाओ अन्न खूब, गोडा फोड़ो रोज खूब
लोई को पसीनो बणा, माटी मँ रम जाओ खूब
जद भी रहै भूको, तो मूंडा सूँ न बोल भाई
कोड़ा जमाल साई ....

बेमारी की काँईं फकर, मरबा को काँईं गम
गाँव मँ सफाखानो, न होवे तो काँईं गम
द्वायाँ बेकार छै, जोत भैरू जी की बोल भाई
कोड़ा जमाल साई ....

तन का न लत्ता देख, मन की न पीड़ा देख
चैन खुशहाली थाँकी, टेलीविजनाँ पै देख
कर्तव्याँ मँ सार छै, अधिकाराँ न मांग भाई
कोड़ा जमाल साई ...

आजादी भरपूर छै, जीमरिया सारा लोग
व्यंजन छत्तीस छै, हाजर छै छप्पन भोग
थारै घर न्यूतो कोई नैं, म्हारो काँई खोट भाई
कोड़ा जमाल साई ...

वै महलाँ मँ रहै, या बात मत बोल
वै काँई-काँई करै, या पोलाँ न खोल
छानो रै, छानो रै, याँ का राज मँ बोल छे अमोल भाई
कोड़ा जमाल साई ...


कुछ मित्रों का आग्रह है कि इसे हिन्दी में भी प्रस्तुत किया जाए ...

कोड़ा जमालशाही ... 
  • शिवराम

कोड़ा जमालशाही
पीछे देखा मार खाई
आँखों पे पट्टी बांध
चलता ही चल भाई
घाणी के बैल जैसा
घूम चारों ओर भाई


उपजाओ अन्न खूब, घुटने तोड़ो रोज खूब
लोहू का पसीना कर, माटी मेँ रम जाओ खूब
जब भी रहे भूखा, तो मुंह से न बोल भाई
कोड़ा जमालशाही ....

बीमारी की क्या फिक्र, मरने का क्या गम
गाँव मेँ अस्पताल ना हो तो क्या गम
दवाइयाँ बेकार हैं, जोत भैरू जी की बोल भाई
कोड़ा जमाल साई ....

तन का न कपड़े देख, मन की न पीड़ा देख
चैन खुशहाली तेरी, टेलीविजन पै देख
कर्तव्योँ मेँ सार है, अधिकार न मांग भाई
कोड़ा जमालशाही...

आजादी भरपूर है, जीम रहे सारे लोग
व्यंजन छत्तीस हैं, हाजिर है छप्पन भोग
तेरे घर न्योता नहीं, मेरा क्या खोट भाई
कोड़ा जमालशाही ...

वे महलोँ में रहें, ये बात मत बोल
वे क्या क्या करें, ये पोल मत खोल
चुप रह, चुप रह, इनके राज में बोल है अमोल भाई
कोड़ा जमालशाही...
अनुवाद-दिनेशराय द्विवेदी




 

रविवार, 25 मई 2014

भारतीय हॉकी और मुश्किल पहाड़

  • बीजी जोशी
भी भी, कहीं भी और कैसे भी हॉकी पर चर्चा चलते कुछ ही पलों में सहमति बन जाती थी कि हॉकी यानी भारत-पाकिस्तान। लेकिन अब वह बात कहां। हॉलैंड में हॉकी का विश्वकप ३१ मई से खेला जाना है लेकिन पाकिस्तान इस विश्वकप से बाहर है। सर्वाधिक ४ मर्तबा विश्व चैंपियन रही पाकिस्तान को १३ वें विश्वकप में खेलने की पात्रता भी नहीं मिली है। जून २०१३ में मलेशिया में हॉकी वर्ल्ड लीग क्वार्टर फाइनल में भरोसेमंद और अनुभवी शकील अब्बासी द्वारा कोरिया के विरुद्ध पेनल्टी स्ट्रोक गंवाकर ३ के मुकालबे ४ गोल से हारना पाकिस्तान को महंगा पड़ा। एशियाकप चैंपियन बनने की राह में भी कोरिया ने पाकिस्तान को सेमीफाइनल में २-१ से हरा दिया। देखा जाए तो कोरिया ही विश्वकप में एशियाई हॉकी का ध्वजवाहक है। लगातार दो बार (२००२ और २००६) सेमीफाइनल खेलकर विश्वकप में चौथे क्रम पर रही कोरियाई हॉकी समृद्ध बन गई है। आक्रमण में समुद्री गहराई व रक्षण में हिमालयी दृढ़ता की कोरियाई विध्वंसक शैली ने योरपीय दिग्गजों को पछाड़ना शुरू कर दिया है। पेनल्टी कॉर्नर पर जॉन्ग यून जंग की करामाती फ्लिफ कहर बरपाती है।
पोह में आयोजित एशियाकप में जॉन्ग जंग ८ गोल के साथ टॉप स्कोरर रहे हैं। जर्मन गैहार्ड रैख, स्पेनिश ब्रासा, ऑस्ट्रेलियाई माइकल नॉब्स, डच औल्टमन व अब ऑस्ट्रेलियाई टैरी वाल्श के प्रशिक्षण में भारतीय टीम हॉकी की नई व्याकरण में ढल रही है पर त्रुटिरहित रक्षण व आक्रमण में पैनेपन की मुख्य कमजोरियां भारतीय हॉकी को विश्वपटल पर ओझल कर रही हैं। १९९८ से लागू "नो ऑफ साइड रूल" ने भारतीय रक्षण को भोथरा कर दिया है। इस नियम ने मिडफील्ड खेल खत्म कर दिया है। अब दोनों टीमों के २५ गज में ही खेल होता है। गेंद पर गिद्ध समान पैनी नजर रख सफाई से सही क्लियरंस में भारतीय जब तब फिसड्डी साबित हुए हैं। अधिकतर मैचों में भारतीयों के पासेस साथी खिलाड़ियों तक नहीं पहुंचे। खुद पर विश्वास नहीं होने से मानसिक रूप से कमतर खिलाड़ियों से अनजाने में हुई गलतियों ने विपक्षियों को आसान मौके दिए। विरोधियों की मैन टू मैन मार्किंग के साथ संयुक्त झोनल मार्किंग में भी भारतीय पूरी तरह असफल रहे। उक्त खामियों से ८ बार के ओलिंपिक चैंपियन भारत ने लंदन ओलिंपिक में सभी ६ मैच हारने का दुर्लभ निकृष्ट कीर्तिमान रचा है। 

प्रथम तीन विश्वकप स्पर्धाओं में विजयी मंच पर सुशोभित भारत ने तब मात्र दो मैच हारे थे जबकि पिछले दो विश्वकप में टीम मात्र दो मैच ही जीत पाई है। कौशल व रणनीति की कमियां भारतीयों को जीत से दूर रख रही हैं। आधुनिक हॉकी बेहद तेज तकनीक से भरा खेल बन गया है। गोलरक्षक के लिए एक तिहाई सेकंड ही रिएक्शन टाइम है। गेंद पर अपलक नजर व सही पोजिशनिंग ही गोल बचा पाती है। बुसान एशियंस चैंपियंस ट्रॉफी से खुद को सफल गोली के रूप में ढाल रहे हैं केरल के होनहार श्रीजैश। पूर्व में एंग्लो इंडियन समुदाय से विश्वस्तरीय गोली की तेजी वाले खिलाड़ी निकले हैं। चार्ल्स कॉर्नेलियस व सेड्रिक परैरा ने सातवें दशक में भारतीय हॉकी को शीर्ष पर बनाए रखा। हालांकि जूड मींजेज, एड्रियन डिसूजा व मार्क पैटरसन की भारतीय हॉकी को अव्वल स्थान पर लाने की कोशिशें ज्यादा सार्थक नहीं रहीं।
पृथ्वीपालसिंह, माइकल किंडो, सुरजीतसिंह, परगटसिंह व दिलीप तिर्की के समकक्ष फुलबैक की भारतीय टीम को अभी भी तलाश है। वर्तमान फुलबैक कमजोर रिकवरी व धीमे रिफलेक्सेस से टीम पर बोझा साबित हो रहे हैं। पेनल्टी कॉर्नर के विशेषज्ञ फुलबैक ही रहे, ऐसा किसी संविधान में नहीं है पर भारत में फुलबैक को ही पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ के रूप में ढालने की परंपरा रही है। दुर्भाग्य से अभी खेल रहे दोनों पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ रूपिंदरपाल सिंह व रघुनाथ सही टैकलिंग व उम्दा क्लियरंस में कमजोर हैं। रक्षण की विधा में पारंगत बन कर ही वे भारतीय टीम की संपदा बन सकेंगे। मिडफील्ड में बीरेंद्र लाकरा, सरदारसिंह, गुरबाजसिंह, धरमवीरसिंह तथा कोथाजीतसिंह ने पूर्ण तन्मयता से खेल दिखाया तो टीम चल निकलेगी। सौभाग्य से नवोदित भारतीय फॉरवर्ड्स सही पथ पर हैं, पर विपक्षियों की सघन नाकेबंदी उन्हें कम ही मौके देती है। निकिन थिमैया व एसबी सुनील मिले मौकों पर गोल जड़ने में सफलता पा रहे हैं। कुर्ग के अनुभवी सुनील का डॉजिंग-पासिंग भरा खेल टीम की धरोहर है। उनके इस हुनर से ही भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर की बढ़त मिलती है।
हॉलैंड का शहर हैग न्याय के लिए प्रसिद्ध है, वहां अंतरराष्ट्रीय न्यायालय है। विश्वकप के पूल मैचों में भारत को क्रमशः बेल्जियम, इंग्लैंड, स्पेन, मलेशिया व ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है। २०११ के जोहानसबर्ग चैंपियंस चैलेंज कप में ३-१ से जीत रही भारतीय टीम को ४-३ से हराने का करिश्मा रचने वाली बेल्जियम टीम उफान पर है। रेड लायंस की संज्ञा से विभूषित बेल्जियम ने लंदन कुछ ही दिन और फिर हॉलैंड में विश्वकप हॉकी के मुकाबलों में सभी खिलाड़ी जी-जान लगाते नजर आएंगे। प्रतिस्पर्धा इस बार जबरदस्त कांटेदार है। भारत के लिए जीत भले दूर हो लेकिन साख के लिए तो उसे खेलना ही होगा। ओलिंपिक, योरपीय कप तथा हॉकी वर्ल्डलीग में अच्छा प्रदर्शन किया है। आधुनिक हॉकी के सभी सूत्रों को समेटे बेल्जियम से पहली भिड़ंत में भारत पसीना बहा कर ही अपने सम्मान की रक्षा कर सकेगा। थोड़ी सी भी शिथिलता या चूक भारतीयों के टूर्नामेंट के पहले ही मैच में हारने का रिकॉर्ड बना देगी।
भी तक भारत ५९ बार पहले ही मैच में हारा है, इसमें विश्वकप में ४ बार यह दुर्दशा हुई है। विगत ओलिंपिक व विश्वकप २०१० में सेमीफाइनल में खेली इंग्लिश टीम बेहद मजबूत है। तीन ओलिंपिक, दो विश्वकप, तीन चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में खेली स्पेन की टीम को कम आंकना भी आत्मघाती होगा। मलेशिया को भारत हरा सकता है। जबकि बरसों बीत गए हैं ऑस्ट्रेलिया को हराए। ऐसे में कश्मकश मुकाबलों में भारतीय टीम का टॉप सिक्स में आना उसके लिए बोनस होगा। मेजबान हॉलैंड का हॉकी में दबदबा रहा है। डच टीम तीन मर्तबा विश्वकप जीत चुकी है। वस्तुतः १९९६ से २००६ तक डच टीम दुनिया में सरेफेहरिस्त बनी रही है। घरू मैदान पर उनका चौथी बार चैंपियन बनना यकीनी है क्योंकि अपनी सरजमीं पर उनका खेल आसमान छू जाता है। एम्स्टरडम में अपने से सवाया भारतीय टीम को और यूट्रेख्ट में दिग्गज स्पेन को हराकर डच चैंपियन बने हैं। विगत ११ संस्करण में लगातार सेमीफाइनल खेल रही बैक-टू-बैक ओलिंपिक चैंपियन जर्मनी मजबूत टीम है।
र्मन टीम के ट्रंपकार्ड मार्टिज फुर्स्ट मांसपेशियों में खिंचाव से टीम में नहीं होने से कोरिया व अर्जेंटीना की बन पड़ी है। गोनझालो पिलैत के रूप में अर्जेंटीना को जॉर्ज लांबी के बाद पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ मिल गया है। २००२ के विश्वकप में लांबी ने टॉप स्कोरर बन लैटिन अमेरिकी टीम को छठी पोजीशन दिलाई थी। संभवतः पहली बार अर्जेंटीना सेमीफाइनल में दहाड़ सकता है। भारतीय अर्जेंटीना के प्रति कृतज्ञ हैं। ज्ञातव्य है कि ब्रॉम्पटन(कनाडा) अमेरिकी कप (२०१३) में कनाडा के हारने पर ही भारत को विश्वकप का मौका मिला है। हॉकी वर्ल्डकप में छठवीं पोजीशन व एशियाकप में उपविजेता होने से भारत भी पाकिस्तान की तरह विश्वकप से बाहर होने की स्थिति में था। पूल-बी में दक्षिण अफ्रीका व न्यूजीलैंड भी उनके विरुद्ध कमतर खेलने वाली टीमों को अपसेट कर स्पर्धा का रोमांच बनाए रखेंगी। भारत की दृष्टि से विश्वकप भले ही दूर है, क्योंकि पूल विरोधियों के विरुद्ध भारत को पिछली पांच भिड़तों में महज २५ प्रतिशत जीत मिली है। लेकिन इस समय मुख्य प्रशिक्षक टैरी वाल्श के सहायक बने जूड फेलिक्स की कप्तानी में भारत ने सिडनी में ५ वां स्थान पाया था। उसकी पुनरावृत्ति भी भारत के लिए बड़ी बात होगी। 


"आओ हॉकी का उत्सव मनाएं" हैग विश्वकप टूर्नामेंट का यह आदर्श वाक्य एशियाई हॉकी के लिए भले ही मुफीद नहीं हो क्योंकि दो पीढ़ियों ने हॉकी में जीत का स्वाद नहीं चखा है पर कई खिलाड़ियों के लिए यह विश्वकप मील का पत्थर साबित होगा। खासकर उनके लिए जो अपने करियर को स्वर्णिम सफलता के साथ विदाई देना की इच्छा रखते हैं।