@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: Dineshrai Dwivedi
Dineshrai Dwivedi लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Dineshrai Dwivedi लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 16 मई 2011

लगी लगाई नौकरी के छूट जाने से किस्मत के दरवाजे भी खुल सकते हैं

चानक बोदूराम की लगी लगाई नौकरी छूट गई। वह बड़े भाई की जगह नौकरी लगा था। हालाँकि तब उस का बड़ा भाई जीवित था पर अस्वस्थ हो गया था। अस्वस्थता के बावजूद वह नौकरी करता रहा। वह पूरी ईमानदारी के साथ अपना कर्तव्य करता। मालिकान उस की कर्तव्य परायणता से प्रभावित थे, इतने कि एक बार तो मालिकान में से कुछ उसे जनरल मैनेजर बनाने का प्रस्ताव कर बैठे थे। वह तो उसी ने मना कर उन्हें संकट से उबार लिया था। लेकिन फिर घर वाले बहुत नाराज भी हुए, कि आखिर जनरल मैनेजर बनने का प्रस्ताव उसने क्यों ठुकरा दिया? बाद में वह खुद भी मानने लगा कि उस ने ऐसा कर के ऐतिहासिक गलती की थी। फिर एक दिन ऐसा आया कि उस की अस्वस्थता बढ़ने लगी। उसे कर्तव्य पूरा करने में परेशानी होने लगी। आखिर उस ने इस्तीफा दे दिया। उस ने पूरे तेईस साल तक कर्तव्य निभाया था। मालिकान ने उस की सेवाओं का कर्ज चुकाने को उस के भाई बोदूराम को उस की जगह नौकरी दे दी।

बोदूराम अपने भाई से कम हुनरमंद नहीं था। कुछ अधिक ही था। उस ने भाई वाला काम संभाल लिया। उस से बेहतर करने लगा। सब लोग उस की तारीफ भी करते। लेकिन उस का ध्यान केवल काम की और ही लगा रहता। वह किसी की न सुनता। धीरे-धीरे कंपनी के दूसरे अधिकारी, कर्मचारी नाराज रहने लगे। उस की शिकायत करने लगे। कोई भी काम खराब होता झट से उस के मत्थे थोप दिया जाता। वह समझ ही नहीं पाता कि आखिर उस से ऐसा क्या हुआ है जिस से हर बुरी चीज उस के मत्थे थोप दी जाती है। वह अपने खिलाफ आरोपों का जोरदार खंडन करता। अपने किए कामों की सूची गिना देता। उस का ध्यान इस और गया ही नहीं कि कंपनी  में उस के खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है। उस ने उस तरफ ध्यान ही नहीं दिया। लोग उस से अधिक से अधिक नाराज होने लगे। शिकायतें बढ़ने लगीं। वह इसी दंभ में फूला रहा कि जब वह सब कुछ ईमानदारी से कर रहा है तो उसे आँच पहुँचाने वाला कौन है? 

खिर उस की शिकायतें इतनी हो गई कि पूरी कंपनी में खबर फैल गई कि इस बोर्ड मीटिंग के बाद उस का पत्ता साफ हो जाएगा। वह फिर भी कहता रहा कि उस का कुछ न बिगड़ेगा। लेकिन बोर्ड मीटिंग हुई,  ऐसा नहीं था कि उस के समर्थन में लोग नहीं थे। लेकिन समर्थन का स्वर कमजोर पड़ गया और उसे निकाल दिया गया। उस ने भी मान लिया कि उसे निकाल दिया गया है, वह घर आ बैठा। अभी उस के घर पर मिलने वालों का ताँता लगा हुआ है, लोग उस के पास ऐसे आ रहे हैं जैसे किसी के घर स्यापा करने जाते हों। जो आता है वही अफसोस जताता है। कहता है गलती तो तुमने कुछ भी न की थी, बस षड़यंत्र का शिकार हो गए। उस की समझ में यह नहीं आ रहा है कि वह लोगों को क्या कहे? 

ज सुबह उस के यहाँ एक आदमी आया और कहने लगा -तुम्हारी किस्मत सही थी जो तुम्हें नौकरी से निकाल दिया गया। एक तुम्हीं थे जो कंपनी को बरबाद होने से रोक रहे थे। कंपनी अब लाभ का सौदा नहीं रही है। मरी हुई लाश से पेट भरने वाले गिद्ध मंडराने लगे थे। तुम उन के मार्ग की रुकावट थे। तुम्हें निकाल दिया गया। अब मार्ग में कोई बाधा नहीं है। गिद्ध अपना पेट भर सकते हैं। तुम काबिल आदमी हो। यही एक काम नहीं है जिसे तुम कर सकते हो। तुम चाहो तो अपना काम खुद का काम कर सकते हो। अपनी खुद की कंपनी खड़ी कर सकते हो। पहले तुम्हारे भाई भी यही कहता था कि वह जरूर अपनी कंपनी खड़ी कर लेगा। लेकिन उस ने अपना जीवन कंपनी की सेवा में गुजार दिया। तुम्हें भी न निकाला जाता तो तुम भी यही करते। अब तुम्हें मौका मिला है तो आज से ही अपना काम शुरू कर दो।  ऐसे बहुत उदाहरण हैं जिन्हें नौकरी से निकाला गया और वे अपना खुद का काम आरंभ कर के बहुत बड़ी हस्ती बन गए। जो नौकरी में रह गए वे पूरी जिन्दगी मालिकों की सेवा करते रहे, सेवक ही बने रहे। तुम चाहो तो खुद मालिक बन सकते हो। लगी लगाई नौकरी के छूट जाने से किस्मत के दरवाजे खुलने का अवसर सामने होता है।
बोदूराम को मिलने आया आदमी चला गया। लेकिन बोदूराम को विचलित कर गया। बोदूराम सोच रहा है क्या करे? वापस कहीं नौकरी पाने का यत्न करे या खुद का काम आरंभ करे।

शनिवार, 2 अप्रैल 2011

..... अम्माँ री ई S S S S S S ई मर गया S S S S S S आ .....

सुनील रात को ही अम्माँ से कह कर सोया था कि वह सुबह उसे जल्दी उठा दे, उसे मैडम से कुछ जरूरी पाठ पढ़ने जाना है। वह अपने कॉलेज के सब से होनहार विद्यार्थियों में एक था। पढ़ाई तो पढ़ाई, कोई गतिविधि ऐसी न थी, जिस में उस का दखल न हो। हर कोई उस से प्रसन्न रहता था। अम्माँ ने उसे सुबह साढ़े पाँच बजे ही उठा दिया, उसे उठाने के पहले वह उस के लिए चाय बना चुकी थी। एक घंटे में स्नानादि से निवृत्त हो वह तैयार हो गया और अम्माँ को कह कर साइकिल उठा कर चल दिया। साइकिल उस की हिन्दी शिक्षक के घर की ओर चली जा रही थी। मैडम के घर  पहुँच कर उस ने साइकिल दरवाजे के बाहर ही खड़ी की और ताला लगा दिया। दरवाजे की घंटी बजाई। मैडम ऊपर से झाँकी और सुनील को देख कर कहा -दरवाजा खुला है, आ जाओ।
दरवाजा धक्के से खुल गया। सुनील ने देखा वहाँ गीला हो रहा था, सीढ़ियों की ओर जाने वाले रास्ते में पानी था। सीढ़ियों के नीचे बने टॉयलेट से पानी बाहर आ रहा था। शायद नल खुला छूट गया था। वह उसे बंद करने लगा। नल बंद कर के जैसे ही वह मुडा़ उस का पैर फिसला, और वह गिरने लगा। संभलने के लिए उस ने हाथ को टिकाया तो सारा वजन उस पर पड़ा, उस की चीख निकल गई...... अम्माँ री ई S S S S S S ई मर गया S S S S S S आ .....
सुनील की चीख सुन कर मैडम तेजी से जीना उतर कर नीचे आई तो सुनील हाथ पकड़े बैठा था। उस के चेहरे से लगता था जैसे उसे हाथ में असहनीय दर्द हो रहा है। सुनील ने बताया की हाथ में बहुत चोट लगी है। मैडम घबरा गई। तुरंत अस्पताल जाने को कहा। पर हाथ के कारण साइकिल तो वह चला नहीं सकता था। मैडम ने तुरंत अपनी मोपेड निकाली और सुनील को बैठा कर अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल में ड्यूटी डाक्टर था। सुनील को उस की सामाजिक गतिविधियों के कारण जानता था और उस का मुरीद भी था। उस ने सुनील को देखा और अनुमान से कहा कि हाथ में फ्रेक्चर हो सकता है। पक्का पता तो एक्स-रे से ही चलेगा। आज तो रविवार है, एक्सरे तो कल ही हो सकेगा। तब तक कच्चा प्लास्टर लगा देना उचित रहेगा। तुरंत कंपाउंडर को बुलाया गया। कंपाउंडर ने प्लास्टर रूम में ले जा कर प्लास्टर चढ़ा दिया। तब तक आठ बजे थे। सुनील ने एक मित्र को मोबाइक ले कर बुला लिया था। वह दोस्त की मोबाइक पर घर चला आया।
र पहुँचते ही कोहराम मच गया। छोरा अच्छा भला पढ़ने गया था, प्लास्टर में हाथ, वह भी गले से लटका हुआ, देख कर अम्माँ घबरा गई। सुनील ने सारा किस्सा सुनाया। साथ आए दोस्त को कहा कि दो किलो दूध ला कर घर में रख दे, अभी पता लगते ही लोग मिलने आने लगेंगे। थोड़ी देर में मोहल्ले और दोस्तों को पता लगा तो आने वालों का ताँता बंध गया। एक जाता तो दूसरा आ बैठता। अम्माँ सब से चाय के लिए पूछती। चाय की पतीली गैस पर चढ़ी तो दोपहर तक उतरी ही नहीं। लोग आते रहे। बैठते, चाय पीते और चल देते। रिश्तेदार भी आए। मामा जी उसे बहुत प्यार करते थे। सुनील को देख कर उन की आँखों में आँसू आ गए। वे बहुत देर साथ बैठे।
दोपहर के दो बज गए थे। अम्माँ बार-बार भोजन के लिए पूछ रही थी। सुनील समझ नहीं रहा था कि मिलने वालों से कैसे पीछा छुड़ाए। आखिर ढाई बजे अम्माँ एक बार फिर भोजन के लिए कहने पहुँची तो बैठे हुए दोस्तों ने उस से कहा कि वह भोजन कर के थोडा़ आराम कर ले,  मिलने वाले तो आते ही रहेंगे। वह भोजन कर के फिर से बैठक में आ बैठा। दीवान पर लेट कर सोने की कोशिश की पर नींद कैसे आती, कोई उसे खाली छोड़ता तब न। आखिर उस के सब से प्रिय मित्र ने उसे कहा कि वह ऊपर अपने कमरे में जा कर अंदर से कुंडी लगा कर सो जाए। कोई आएगा तो वह मना कर देगा। सुनील जाने को तैयार न था। आखिर दोस्त के जबर्दस्ती करने पर वह साढ़े तीन बजे ऊपर अपने कमरे में चला गया। दोस्त ने नीचे बैठक पर कब्जा कर लिया। दोस्त आते तो वह कहता -सुनील बहुत मुश्किल से सोने गया है कम से कम शाम छह बजे तक तो उसे सो लेने दिया जाए। उस के बाद जगाएँगे। अम्माँ को भी राहत मिली वह भी कुछ देर आराम करने के लिए लेट गई।
शाम साढ़े छह बजे तक सुनील सो कर नहीं उठा था। अम्माँ चाय बनाने लगी तो उस ने बैठक में सो रहे सुनील के दोस्त को जगा कर कहा कि सुनील को भी जगा दे, वह भी नीचे आ कर चाय पी लेगा। अब दोस्त सुनील को आवाजें लगाने लगा। पर लगता था सुनील को अच्छी नींद लग गई थी वह कुछ सुन ही नहीं रहा था। आखिर वह ऊपर गया और जोर जोर से सुनील के कमरे की कुंडी खटखटाने लगा। थोड़ी देर बाद सुनील की अलसाई सी आवाज आई -कौन है? तब दोस्त ने कहा -अम्माँ ने चाय बना ली है, पीने के लिए नीचे बुला रही है। सुनील ने कहा तुम चलो, मैं आता हूँ। दोस्त नीचे चला गया। कुछ देर बाद सुनील नीचे उतरा तो उस का प्लास्टर उतरा हुआ था और हाथ भी सीधा लटका हुआ था। उसे देख कर दोस्त ने पूछा -प्लास्टर? सुनील बोला -मुझे नहीं सुहाया तो ब्लेड से काट लिया। कल पक्का बंधेगा ही। दोस्त ने कहा तुमने खुद काट लिया? अब रात को हाथ इधऱ उधर हुआ और नुकसान हुआ तो? सुनील ने जोरदार ठहाका लगाया - हा हा हा हा हा हा हा हा...... सबको अप्रेल फूल बनाया। तभी अम्माँ चाय ले कर आई। और सुनील को ठहाका लगाते हुए देख कर स्तब्ध रह गई। फिर जैसे ही उसे माजरा समझ आया वह भी ठहाके में शामिल हो गई।
दोस्त बहुत बेवकूफ बन चुका था। क्या कहता? वह चाय पीकर चुपचाप खिसक लिया। धीरे-धीरे सब को पता लग गया कि सुनील ने बड़े पैमाने पर अपनों को बेवकूफ बनाया है। सब दुबारा मिलने आए। मामा जी भी दुबारा मिलने आए। सुनील का हाथ सही सलामत देख कर खुश थे, पर जाते जाते सुनील के सिर में दो चपत जरूर लगा गए। सुनील का यह किस्सा कस्बे  के लोग अब चाव से बैठकों में सुनाते हैं।

सोमवार, 28 मार्च 2011

शील की कहानी - गैस खत्म

शील का ये तिरेपनवाँ साल है। हाँ, अब वह शील ही रह गई है। उस का पति सुरेश उसे इसी नाम से बुलाता है। यूँ उस के दादा ने उस का नाम शीलवती रखा था। शतभिषा नक्षत्र के तीसरे चरण में जो पैदा हुई थी। पर दादी को यह नाम लंबा लगता था वह उसे शीला कहने लगी। फिर स्कूल में भी यही नाम लिखवा दिया गया। सब लोग उसे शीला ही कहने लगे थे। विवाह के निमंत्रण में भी यही नाम छपा था। पर शादी के बाद पति ने उसे कहा कि वह उस के नाम से नहीं पुकारेगा, अच्छा नहीं लगता लेकिन दूसरा नाम क्या हो? इस पर पहले ही दिन दोनों के बीच बहस हो गई थी। फिर तय हुआ कि शील कहेगा। फिर ससुराल में यही नाम चल निकला। सब उसे शील ही कहने लगे। वह जब भी मायके जाती है तो उसे शीला कहा जाता है।  
शादी तो उस की तभी हो चुकी थी जब उस ने मेट्रिक की परीक्षा दी थी। ससुराल में उसे सिर्फ चार-पाँच साल बिताने पड़े। उन दिनों को याद करती है तो उसे अब भी रोना आ जाता है। फिर सुरेश ने घर छोड़ने की ठान ली। वह तो दिल्ली या मुंबई जैसी जगह जा कर पत्रकार बनना चाहता था। वह चला भी गया था। पर शायद शील के प्रेम की डोरी ही थी जो उसे वापस खींच लाई थी। उसे एक प्रतिष्ठित साप्ताहिक में उप संपादक का काम मिला था। लेकिन जब वह रहने का स्थान तलाशने निकला तो महानगर की सचाई सामने आ गई थी। जितनी तनख्वाह उसे मिलनी थी वह अपने कस्बे के हिसाब से तो सही थी, लेकिन मुंबई में उस से क्या होता? आधा तो किराए में ही चला जाता। वह भी तब जब वह दो और लोगों के साथ अपना कमरा साँझा करता। यदि वह साँझे कमरे में रहता तो शील को अपने साथ कैसे रख सकता था। उस ने यह भी अनुमान लगाया कि कितने बरस बाद वह ऐसा स्थान ले सकता था जिस से शील को साथ रख सके। अनुमान आया सात बरस। सात बरस! इतने दिन वह शील के बिना कैसे रहेगा। वह इतने साल अपने पीहर में तो नहीं ही रह सकती, और ससुराल में? वहाँ तो इतने दिन में उस का दम कितनी ही बार घुट चुका होगा। सुरेश ने उसी दिन साप्ताहिक के दफ्तर को टा-टा कर दिया। चार दिन के काम की मजदूरी छोड़ कर वापसी की ट्रेन का टिकट लिया और अगली शाम वह ट्रेन में वापसी की यात्रा कर रहा था। शील सोचती है कि तब सुरेश ने यदि वह नौकरी न छोड़ी होती तो वह घुट कर ही सही जैसे-तैसे सात बरस काट ही लेती। ससुराल में दम घुटने लगता तो दम लेने को कुछ महिने अपने पीहर में काट लेती। लेकिन सुरेश अवश्य ही देश का शीर्ष पत्रकार होता। शायद किसी शीर्ष समाचार पत्र का प्रमुख संपादक। जरूर कोई टीवी चैनल उस का भी आधे घंटे का साप्ताहिक कार्यक्रम चला रहा होता। तब शील की हैसियत भी वैसी ही होती। 
सुरेश ने मुंबई से लौटते ही फैसला ले लिया कि जैसे ही उस की कानून की पढ़ाई पूरी होगी वह वकालत शुरू कर देगा। फिर देखेगा कि कोई नौकरी करनी है या नहीं। यदि कोई ढंग-ढांग की नौकरी मिली तो करेगा, नहीं तो वकालत कोई बुरी नहीं। कम से कम खुद-मुख्तार तो रहेगा। उस ने यही किया भी, जिस रात वह कानून का आखिरी पर्चा देकर घर लौटा उस के अगले ही दिन अल्ल सुबह वह वकील के दफ्तर में पहुँच गया और कहने लगा -मैं आ गया हूँ मुझे आप की फाइलें संभला दो। उसी दिन वह उन के साथ अदालत में था। तीन महीने परीक्षा का परिणाम आने में लगे और तीन माह सनद आने में। जिस दिन डाक से बार कौंसिल का लिफाफा मिला सुरेश ने सीधा अपने बॉस को ले जाकर दिया। उन्हों ने खोल कर देखा तो उस में वकालत की सनद जारी करने की सूचना थी। बॉस ने तीन दिन पहले ही सिल कर आया नया कोट अपने शरीर पर से उतार कर सुरेश को पहना दिया। उस दिन सुरेश काला कोट पहने ही घर लौटा था। वह दिन शील आज तक नहीं भूल सकती। उसे लगा था कि वह उस की आजादी की शुरुआत थी। 
सोचते-सोचते शील का ध्यान रसोई में गैस पर चढ़े ओवन में सिकने को रखी बाटियों की ओर गया। आज रविवार था और सुरेश अक्सर उसे कहता था रविवार को तो दाल बाटी बना लिया करे। आज उस ने सुरेश की यह बात मान ली थी। दाल तो उस ने नहीं बनाई लेकिन कढ़ी बना ली थी और ओवन में बाटियाँ सेकने को डाल दी थीं। उस ने ओवन का ढक्कन उठा कर देखा तो बाटियाँ जस की तस थीं। वह हैरान रह गई कि यह हुआ क्या? उस की निगाह गैस की ओर गई तो चूल्हा बुझा हुआ था। गैस टंकी को हिला कर देखा तो वह बिलकुल खाली थी। ओवन भले ही ठंडा हो गया हो पर उस के दिमाग तुरंत गरम हो गया। वह एक महीने से सुरेश को याद दिला रही थी कि गैस सिलेंडर ले आओ। लेकिन उसे फुरसत हो तब न। अब कैसे भोजन बनेगा? सुरेश तो अब तक बिना नहाए बैठा इंतजार कर रहा था कि कब शील उसे भोजन बनने की सूचना दे और कब वह स्नानघर में प्रवेश करे। उस की आदत जो है कि इधर स्नानघर से निकला कपड़े पहने, ठाकुर घर में घुस कर सैंकंडों में माथे पर टीका लगाया और तुरंत भोजन चाहिए। जरा भी देरी उस से बर्दाश्त नहीं होती। इस नए मुहल्ले में वह सिलेंडर भी किस से मांगेगी? यहाँ तो उसे कोई ठीक से जानता भी नहीं। सुरेश को भी नहीं कह सकती, उस के पास दफ्तर में कोई क्लाइंट जो बैठा है। 
ह सोच में ही पड़ी हुई थी कि सुरेश पानी पीने के लिए दफ्तर से अंदर आया। उस ने तपाक से कहा गैस खत्म हो गई है। सुरेश ने पूछा -खाना बना? -नहीं अभी कहाँ बस कढ़ी बनी है, बाटी सिकने को डाली ही थी। सुरेश भी सोचने लगा कि अब क्या किया जाएगा? गलती तो उसी की है। शील तो महीने भर से कह रही थी गैस लाने को। लेकिन उसे फुरसत मिले तो। एक दिन पहले फोन करना पड़ता है दूसरे दिन ऐजेंसी से लाना पड़ता है, वह भी दुपहर को जब उस का अदालत का समय होता है। वह देख ही रहा था कि किस दिन वह अदालत से दोपहर को निकल सकता है। कल ही उस ने ऐजेंसी को फोन किया था और उसे सोमवार को गैस लानी थी। लेकिन इस गैस को भी रविवार को ही खत्म होना था। एक छोटा सिलेंडर और था जिसे वह इमरजेंसी में काम ले सकता था। लेकिन उसे भी वह पिछले महीने शील की बहिन के बच्चों को दे आया था जो उसी शहर में कमरा ले कर पढ़ रहे थे। सुरेश को कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था कि शील बोल पड़ी। अभी घर में बहुत नाश्ता पड़ा है, तुम तो नाश्ता कर लो। सुरेश समझ गया कि वह उसे ताना दे रही है। थोड़ी देर और गैस का कोई हल न हुआ तो साक्षात दुर्गा के दर्शन संभव हैं। सुरेश ने कहा -तुम जानती हो मुझे स्नान के पहले कहाँ भूख लगती है। तुम गुस्सा न करो, अभी कुछ न कुछ करता हूँ। 
तना कह कर वह फिर अपने दफ्तर में जा बैठा। क्लाइंट ने अपनी राम-कथा फिर जारी कर दी, जिस का मुकदमे से कोई ताल्लुक न था। पर वकील को सुननी तो सब पड़ती है वर्ना क्लाइंट समझता है उस की पूरी बात सुनी ही नहीं वकील वकालत कैसे करेगा? वह सुनता रहा। लेकिन अब एक भी शब्द उस के कानों तक नहीं पहुँच रहा था। उसे तो तुरंत गैस का इन्तजाम करना था। उसे कुछ ही दूर रहने वाले अपने एक शिष्य का ख्याल आया तो तुरंत फोन की ओर उस का हाथ बढ़ गया। यह सुखद ही था कि फोन पर शिष्य मिल गया था। उस के घर तो कोई भरा सिलेंडर उपलब्ध नहीं था, लेकिन इतना जरूर कह दिया था कि वह कुछ मिनटों में कोई न कोई इंतजाम कर के फोन करेगा। वह शील को बताना चाहता था। लेकिन उसे अपने गुरू का मंत्र याद आ गया कि कभी अधूरी सफलता का उल्लेख किसी से न करो। यह सही भी था। यदि वह शील को बताता कि गैस का इंतजाम अभी हुआ जाता है, और गैस का इंतजाम दो घंटे भी न हुआ तो दुर्गा के साथ काली के दर्शन होना भी स्वाभाविक था। वह चुपचाप अपने क्लाइंट की राम-कथा फिर सुनने लगा। हालाँकि उस का पूरा ध्यान फोन की तरफ था कि कब घंटी बजे और कब उसे राहत मिले। 
स मिनट में ही घंटी बज उठी। संदेश था कि तुरंत गैस ले जाओ। सुरेश ने क्लाइंट को भी अपने साथ उठाया और गाड़ी में बैठाया। शिष्य एक पडौ़सी के घर के बाहर ही दिखे। वहाँ दरवाजे पर गैस सिलेंडर तैयार था। वह सिलेंडर रखवा कर घर लौटा। रसोई में सिलेंडर बदल कर चूल्हा जलाने को माचिस तलाशी तो वहाँ पड़ी माचिस खाली थी। उस ने कमरे में टीवी देखने जा बैठी शील को आवाज दी -माचिस कहाँ है? शील तुरंत उठ कर रसोई में घुसी। सुरेश गैस के सामने से हट गया। शील ने लाइटर से गैस जलाई। एक ही प्रयास में गैस जल उठी। सुरेश को आश्चर्य हुआ कि लाइटर पहली ही बार में कैसे काम कर गया? वह तो खराब हो चुका था और सात-आठ बार दबाने पर एक बार बमुश्किल काम करता था। पर इस से क्या शील के चेहरे पर से भी तनाव की सारी रेखाएँ पल भर में गायब हो चुकी थीं, दबी-दबी मुस्कान भी दिखाई दे रही थी। सुरेश को तसल्ली हुई। वह फिर से दफ्तर में आ गया। क्लाइंट की राम-कथा समाप्ति के दौर में थी। वह सोच रहा था कि क्लाइंट के उठते ही वह सीधा स्नानघर में घुस लेगा।

गुरुवार, 10 मार्च 2011

यात्रारंभ : बिन्दु और वृत्त

पिछले अंक रूप बदलती आकृतियाँ  से आगे  .....
कृतियों के बनने का आरंभ हमेशा की तरह इस बार भी एक बिंदु से हुआ था, पहले की तरह उस में से कोई रेखा बाहर की ओर नहीं निकली थी। इस बार वह बिंदु ही एक गुब्बारे की तरह फूलने लगा था। वह एक वृत्त में तब्दील हो गया था। वृत्त के भीतर खाली स्थान था, जो शनै-शनै वृत्त की परिधि के साथ-साथ बढ़ता जाता था। अचानक वह प्रस्थान बिंदु उसे अत्यन्त महत्वपूर्ण लगने लगा था। वह सोचने लगा कि जीवन में हर चीज एक बिंदु से ही तो आरंभ होती है। उस ने जब पहली बार ईंट के टुकड़े से लिखने का प्रयास किया था तब भी सब से पहले बिंदु ही तो बना था और उसी से वह आड़ी-तिरछी रेखा फूट पड़ी थी जिस से उस ने बाद में अक्षर बनाए थे, अक्षरों से शब्द और शब्दों से वाक्य। अब तो वह उस बिंदु से आरंभ कर के कुछ भी सिरज सकता था, कोई संदेश, मन की बात या फिर कोई ऐसी चीज जो किसी के दिल में तीर सी जा कर लगे। वह उसी से फूलों का रूप और गंध पैदा कर सकता था और किसी चिट्ठी के माध्यम से अपने किसी प्रिय तक पहुँचा सकता था। वह बिंदु से ऐसी चीज भी पैदा कर सकता था, जिस से लोग चिढ़ने लगते। वह उसी बिंदु से रेखाएँ उपजा कर किसी और के सिरजे को ढक भी सकता था। वह बिन्दु से पहिया भी बना सकता था जिस पर दुनिया घूमी जा सकती थी। वह पत्थर का ढेला भी सिरज सकता था, जो पहिए की ओट बन कर उसे रोक ले, गिरा दे। ओट में उस की कोई रुचि नहीं थी। उस से पहिए की गति रुक जाती है। गतिशील दुनिया थम जाती है। एक थमी हुई दुनिया भी कोई दुनिया है। गति उसे पसंद थी। उसे लगा कि गति ही जीवन है। गति समाप्त हो जाए तो सब कुछ रुक जाएगा। गति ही तो समय है, वह समाप्त हो गई तो समय का क्या होगा? क्या वह भी समाप्त हो जाएगा? समय समाप्त हुआ तो क्या शेष  रहेगा? सिर्फ ढेला, या  फिर सिर्फ बिंदु?
सोच में व्यक्ति अंतर्मुखी होने लगता है, वह सिर्फ अपने अनुभवों से रूबरू होता रहता है। नवीन का संज्ञान, उस के बस का नहीं रहता। ऐसा लगता है, जैसे वह किसी महासागर के तल में पहुँच गया है, जहाँ एक नई दुनिया है। जब कि वाकई वह नई नहीं होती। वह केवल उस के पूर्व अनुभवों के मेल से निर्मित कोई चीज होती है, जिसे वह नया समझ बैठता है। सोच ने उस का ध्यान बंटा दिया था। उस की यात्रा बिन्दु से आरंभ हो कर वृत्त पर आ कर रुक गई थी। उसे बिंदु याद आ रहा था। वही सब से ताजा प्रस्थान बिंदु। उस ने अपने सोच की यात्रा को ढेला लगा दिया। परिधि की ओर से ध्यान हटा, उस ने वृत्त के केंद्र पर देखा, वहाँ एक और बिंदु विराजमान था। वह समझ नहीं पा रहा था कि यह वही प्रस्थान बिंदु था या कोई और। तभी परिधि ने अपनी गोलाई को त्याग दिया। वह हिल-डुल रही थी। उसे देख उसे अमीबा याद आया। जिसे पहले पहल उस ने बायो-लैब में बनाई एक स्लाइड को माइक्रोस्कोप पर लगा कर देखा था। वह भी ऐसे ही हिलता-डुलता था, हर समय अपनी आकृति बदलता रहता था। उसे ड्रॉ करना सब से मुश्किल काम था। ऐसी आकृति को कैसे उकेरा जा सकता था जो कभी स्थिर होती ही न हो? फिर जब उस ने उसे ड्रॉ करने की कोशिश की तो उसे वह बहुत आसान लगा था। एक बिंदु से आरंभ करो और कैसे भी आड़े-तिरछे पेंसिल घुमाते हुए वापस बिंदु पर ले जा कर छोड़ दो। बस तैयार हो गई अमीबा की बाह्याकृति। 
ब तक वृत्त के भीतर वाला बिंदु भी विस्तार पा चुका था। पर इस बार उस के भीतर खाली स्थान न था, कुछ भरा था।  उस ने देखा, यह तो वैसी ही आकृति है जैसी उस ने पहली बार अमीबा को ड्रॉ कर के बनाई थी। उसे अपनी बायो-साइंस की पढ़ाई स्मरण आने लगी। अमीबा तो सब से सरल जीव था, एक कोषीय। शायद यही गतिमय जीवन का प्रस्थान बिंदु भी था। क्या अजीब बात थी? एक बिंदु, उस से वृत्त। वृत्त में  फिर एक बिंदु, विस्तार पाता हुआ। उस से बना एक अमीबा, जो फिर एक प्रस्थान बिंदु है। इस के आगे? उसे पढ़ी हुई बायो-साइंस याद आने लगी। बहुकोषिय सरल जंतु, पाइप जैसे। आगे, कुछ बड़े और जटिल भी। कुछ पानी में रहने वाले, कुछ गीली जमीन में और कुछ सूखी जमीन पर रहने वाले, कुछ हवा में उड़ने वाले जन्तु। रीढ़ वाले और बिना रीढ़ वाले जंतु। विविध जंतुओं की विशाल श्रंखला। इतनी विशाल कि मनुष्य उन्हें सूचीबद्ध करने लगे तो सूची हमेशा अनन्तिम ही बनी रहे। विशाल, विस्तृत, विविध दुनिया। ज्ञात और अज्ञात, अनन्त विश्व। फिर एक सवाल उस के जेहन में उमड़ पड़ा, कहाँ से आया यह सब? क्या एक बिन्दु मात्र से?
स विचार से उसे हँसी आने लगी। क्या मजाक है? एक बिन्दु से यह सब कुछ कैसे उपज सकता है? पर उस का अनुभव और तर्क तो यही इशारा करते हैं, कि यह सब, सब का सब, एक बिन्दु से ही उपजा है। अब उसे आश्चर्य हो रहा था। एक बिन्दु से सब का सब उपज गया। उसे कुछ-कुछ विश्वास होने लगा कि ऐसा हो सकता है। बल्कि ऐसा ही हुआ होगा। निश्चित रूप से ऐसा ही हुआ है। बिन्दु में गति, गति से समय, बिन्दु से आकृतियाँ, बिन्दु से वृत्त, बिन्दु से ही स्थान, बिन्दु से दुनिया, बिन्दु से विश्व, अखिल विश्व। तभी अचानक अमीबा सिमटने लगा। शनै-शनै सब कुछ सिमट गया। रह गया एक बिंदु। फिर वह भी गायब हो गया। अब कुछ नहीं था। उसे कुछ दिखाई नहीं दे रहा था।  उसे अपने काम का अहसास हुआ। कितना बड़ा काम मिला है उसे। उस ने उसे समय सीमा में सफलता पूर्वक कर दिया तो वह एक नए प्रस्थान बिंदु पर खड़ा होगा। वह किस सोच में पड़ा है? उसे काम तुरंत आरंभ करना चाहिए। समय बहुत कीमती है, कम से कम इस नए प्रस्थान बिंदु पर जिस की मंजिल पर पहुँच कर वह एक नई दुनिया में होगा, एक नए प्रस्थान बिंदु पर, एक नई यात्रा आरंभ करने को तैयार। उसे मार्ग मिल गया था। एक बिंदु से सारी दुनिया, अखिल विश्व सिरजा जा सकता है तो वह इस काम को तयशुदा समय में नहीं कर सकता? अवश्य कर सकता है। वह करेगा, और तयशुदा समय से कम समय में कर सकता है। वह उठा, और काम में जुट गया । उस की यात्रा आरंभ हो चुकी थी।
...... क्रमश: जारी

बुधवार, 9 मार्च 2011

रूप बदलती आकृतियाँ

गातार रूप बदलती उन आकृतियों ने उसे बहुत परेशान कर रखा था। जब भी उस ने दिमाग को जरा भी फुरसत होती, वे सामने आने लगतीं। वे लगातार गतिमय रहती थीं और रूप बदलती रहती थीं। शुरु शुरू में उसे सिर्फ एक बिंदु दिखाई दिया था। जल्दी ही उस से एक रेखा निकल पड़ी और घूम कर वापस उसी बिंदु पर आ मिली। वह एक गोला था, पर वह गोला जैसा भी नहीं था। यूँ कहा जा सकता था कि वह किसी इंसान के पैर के अंगूठे जैसा दिखाई देता था। वह कुछ सोच पाता उस के पहले ही वह छोटा होना शुरु हो गया। लगता था जैसे वह अंगूठे के पास की उंगली हो गया हो, फिर उस के पास की उंगली, फिर उस के पास की उंगली, फिर पैर की सब से छोटी उंगली जैसा। फिर उस के जेहन में कोई और बात आ गई, सारी आकृतियाँ गायब हो गईं। कई दिन तक वे फिर नहीं दिखीं। हफ्ता भर ही निकला होगा, वह अपने दफ्तर में बैठा हुआ किसी समस्या के हल के बारे में कुछ सोच रहा था, उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था। वे आकृतियाँ दिखना फिर आरंभ हो गयी। इस बार बिंदु सीधे एक पैर की शक्ल जैसी आकृति में बदल गया था जो जल्दी-जल्दी उलटा-सीधा होता रहा। कभी लगता वह दायाँ पैर है ते कभी लगता वह बायाँ पैर है। वह उस आकृति के बारे में कुछ अधिक सोच पाता, उसे अपनी समस्या के हल का मार्ग सूझ पड़ा और वह गतिमय आकृति अचानक लुप्त हो गई, जैसे वह कोई सपना देख रहा  था और पूरा होने के पहले ही नींद टूट गई हो।
ह व्यस्त हो गया। रोज काम के बाद इतना थक जाता कि बिस्तर पर पड़ते ही नींद आ जाती। सुबह उठता तो महसूस होता कि अभी अभी सोया था और जाग पड़ा है, कुछ ही क्षणों में पूरी रात बीत गई। इस व्यस्तता के बीच उसे वे रूप बदलती आकृतियाँ दिखाई नहीं दीं, वह भी उन्हें भूल गया। लेकिन जैसे ही उसे कुछ फुरसत हुई वे फिर से टपक पड़ीं। इस बार भी वे एक बिंदु से आरंभ होती थीं, लेकिन इस बार बनी आकृतियों का पैरों से कोई सामंजस्य न था। अब उसे लगता कि ये आकृतियाँ पैरों के बजाय हाथों की उंगलियों के पौर बना रही हैं, फिर शनै शनै एक हाथ के पंजे में तब्दील हो रही हैं। हाथ के पंजे उसी तरह उलट-पलट हो रहे हैं कि कभी दायें हाथ का, तो कभी बाएँ हाथ का अहसास होता है। हर बार कुछ दिनों के अंतराल से ये आकृतियाँ दिखाई देतीं। धीरे-धीरे उसे मानव शरीर के सभी अंग उन बदलती हुई आकृतियों में दिखाई देने लगे। चेहरा भी बना पर यह पहचान पाना कठिन था कि वह चेहरा किसी स्त्री की तरह लगता था अथवा किसी पुरुष की तरह। वह परेशान हो गया, सोचने लगा कि यदि वह चेहरा किसी पुरुष  का होता तो उस पर दाढ़ी मूँछ अवश्य होते। लेकिन अब तक जितनी भी आकृतियाँ उसे दिखाई दी थीं, उन में केश या रोमों का नामो-निशाँ तक न था। उस ने ऐसे पुरुष भी देखे  थे जिन्हें  बार बार रेजर फेरते भी ता-उम्र दाढ़ी-मूँछ नसीब न हुई थी। कहीं यह आकृतियाँ किसी ऐसे ही पुरुष की ओर तो इशारा नहीं कर रही थीं? उस के पास इस प्रश्न का कोई उत्तर नहीं था। फिर वे आकृतियाँ छिन भर को भी स्थिर नहीं रहती थीं, दिखाई देतीं, लगातार बदलती रहतीं और फिर गायब हो जातीं। कभी वह सोचता कि  काश वह चित्रकार होता, तो कितना अच्छा होता। वह इन आकृतियों को किसी कागज पर चित्रित करने का प्रयत्न करता। 
न आकृतियों में उसे गले के नीचे, और घुटनों के ऊपर के हिस्से का अहसास आज तक नहीं हो सका था। उन में से कुछ भी यदि दिखाई दिया होता, तो वह अनुमान कर सकता था कि ये आकृतियाँ उसे क्या दिखाना चाहती हैं? वह सोचता था कि आकृतियाँ एक स्त्री से संबंधित होना चाहिए। यदि वे आकृतियाँ किसी पुरुष  से संबंधित होतीं तो अभी तक उस के पुरुष होने की पहचान उजागर हो गई होती। पर फिर वह यह भी सोचता कि वह स्वयं एक पुरुष है, और एक नैसर्गिक आकर्षण के तहत एक स्त्री के बारे में सोच रहा है। पुरुषों को तो स्वप्न में भी स्त्रियाँ ही दिखाई पड़ती हैं। शायद इस कारण भी कि वे उसे प्रिय हैं। जब कभी उस के स्वप्न में पुरुष दिखाई दिया भी तो एक प्रतिस्पर्धी के रूप में, बल्कि एक प्रतिद्वंदी के रूप में। इसी लिए उसे हमेशा किसी भी तरीके की आकृतियों में स्त्रियाँ ही पहले दिखाई देती हैं। चाहे वे बाद में पुरुष ही क्यों न निकलें। उस ने अपने सिर को झटक दिया। वह क्या सोचने लगा? ऐसा क्या है स्त्री में जो हमेशा ही उस के जेहन पर कब्जा जमाए बैठी रहती है? वह फिर इन आकृतियों में स्त्री की कल्पना करने लगा। लेकिन अंत में ये भी कहीं किसी पुरुष से संबंधित ही निकलीं तो। उस का सोचना सब बेकार ही चला जाएगा। इस वक्त वह चाहने लगा था कि उसे वे आकृतियाँ फिर से दिखाई देने लगें।  वह उन में खोजने का प्रयत्न करेगा कि वे किसी पुरुष से संबंधित हैं या स्त्री से?  कुछ  देर के लिए उस ने अपनी आँखें बंद कर लीं और देखने का प्रयत्न करने लगा कि शायद वे आकृतियाँ उसे दिखने लगें। बचपन में उस के साथ ऐसा ही होता था। वह कोई खूबसूरत हसीन सपने में खोया होता, सपने का क्लाईमेक्स चल रहा होता कि कभी माँ या बहिन या कोई और उसे जगा देता। उसे बहुत झुँझलाहट होती। आखिर उस ने इन लोगों का क्या बिगाड़ा था जो सपना भी पूरा नहीं देखने दिया। तब उसे गुस्सा आने लगता, जब उसे जगा कर पूछा जाता कि क्या उसे चाय पीनी है? अब यह भी कोई बात हुई कि किसी को जगा कर पूछा जाए कि उसे चाय पीनी है। उस की तो नींद फोकट में खराब हो गई। सपना गया, सो अलग। वह गुस्से में चाय के लिए मना कर देता, नहीं पीनी उसे चाय। चादर तान कर फिर से सोने की कोशिश करता। इस कोशिश में कि उसे फिर से नींद लग जाए और टूटा हुआ सपना फिर से दिखाई देने लगे, उसे पता लग सके कि क्लाइमेक्स के बाद क्या हुआ?
स ने बहुत बार ऐसा किया। फिर से उसी सपने में लौटने की कोशिश की। लेकिन ज्यादातर वह सफल नहीं हुआ। अक्सर ही टूटी हुई नींद फिर से नहीं जुड़ती।  वह कुछ मिनट कोशिश करने के बाद उठ बैठता और माँ या बहिन को जोर से चिल्ला कर कहता। अब जगा दिया है, उसे नींद नहीं लग रही है लेकिन आलस भगाने को चाय चाहिए। पहले तो माँ या बहिन लड़ने लगती कि अब फिर से उस की चाय के लिए पतीली चढ़ाई जाए। पहले ही क्यों न बता दिया? लेकिन बाद में वे उस की आदत को समझने लगीं और उस के दुबारा सोने का प्रयत्न करने के समय कुछ देर इंतजार करतीं और जब वह पाँच-सात मिनट में चाय की मांग करने लगता तो पतीली चढ़ातीं। अब वे चाय चढ़ाने के समय के पंद्रह मिनट पहले ही उसे जगाने लगीं। कभी कभी नींद वापस लग भी जाती, लेकिन कोई सपना नहीं आता। कभी सपना आता तो वह कोई और ही सपना होता, वह नहीं, जिसे देखने के लिए वह फिर से नींद के आगोश में कूद पड़ा था। कभी वही सपना भी फिर से दिखाई देने लगता जिस के क्लाईमेक्स के बाद की कहानी जानने के लिए वह चादर फिर से तान लेता था। ऐसे में क्लाईमेक्स के बाद की कहानी हू-ब-हू वैसी ही होती जैसी वह सोचता जाता। कहानी पूरी हो जाती और वह उठ बैठता। फिर सोचने लगता कि उस की नींद दुबारा लगी भी थी या नहीं। या फिर वह जैसा सोचता था वैसा ही उसे दिखता जाता था। वह फिर वही कोशिश दुहरा रहा था। चाह रहा था कि वे आकृतियाँ उसे फिर से दिखने लगें और उन का संबंध किसी स्त्री से ही हो। एक खूबसूरत सी स्त्री, जो उस की सारी आकांक्षाएँ पूरी कर सके। उस की कोशिश कामयाब न होनी थी और न हुई। कोशिश करने पर भी उसे वे आकृतियाँ नहीं दिखाई दीं। उस ने कोशिश छोड़ी नहीं, बार-बार करता रहा। कई दिनों, सप्ताहों और महिनों तक। लेकिन वे आकृतियाँ उसे दिखाई नहीं दीं। उस ने एक दिन सोचा, चलो उन से पीछा छूटा। उस ने उन के बारे में सोचना बिलकुल बंद कर दिया। फिर धीरे-धीरे उन्हें भूल गया, जैसे उसे वे उसे कभी दिखाई दी ही नहीं थीं। वह अपने काम में जुट गया। अब तो फुरसत होने पर भी उसे वे दिखाई नहीं देतीं थीं। 
फिर एक दिन, जब उसे अपने जीवन का अब तक का सब से बड़ा और मुश्किल लगने वाला काम करना था। वह एक प्रोफेशनल था। उसे जो काम मिला था वह बहुत महत्वपूर्ण था, जिसे उसे एक निश्चित समय  पर पूरा कर के देना था। उस का कैरियर उस पर निर्भर करता था। यदि वह उस काम को निश्चित समय पर सफलता पूर्वक न कर सका तो उस का वर्तमान दाँव पर लग जाता, और कर लेता तो उसे उन ऊँचाइयों पर पहुँचा देता जिस की वह बरसों से सिर्फ कल्पना करता आ रहा था। वह उस काम को आरंभ करने की जुगत ही नहीं बैठा पा रहा था, कि उसे कहाँ से शुरु करे? ..... वे आकृतियाँ उसे फिर से दिखाई देने लगीं। वह काम को भूल गया। आकृतियों में तलाशने लगा कि आखिर उन आकृतियों में स्त्री है या पुरुष।   

रविवार, 9 जनवरी 2011

रोशनियाँ कैद नहीं होतीं


जब जनआकांक्षाओं को पूरा करने में 
असमर्थ होने लगती हैं, सत्ताएँ 

जब उन के वस्त्र
एक-एक कर उतरने लगते हैं,
जब होने लगता है उन्हें, अहसास 
कि उन के अंग, जिन्हें वे छिपाना चाहते हैं
अब छिपे नहीं रहेंगे 

तो सब से पहले 
वे टूट पड़ती हैं 
रोशनियों पर

कि रोशनियाँ ही तो हैं 
जो लोगों को दिखाती हैं, ये सब
कि कैद कर दी जाती हैं, रोशनियाँ
तब दीखता है, अंधेरा ही अंधेरा

तुम क्या महसूस नहीं करते
कि ऐसा ही अंधेरा है, आजकल 
वह आ रहा है, आसमान पर 
एक दिशा से
और गहराता जा रहा है 
दसों दिशाओं पर

पर नहीं जानते वे लोग 
जो रोशनियों को कैद करने में जुटे हैं
कि रोशनी को कैद कर दो 
तो वह ताप बढ़ाती है
और एक दिन फूट पड़ती है
एक विस्फोट के साथ
  • दिनेशराय द्विवेदी