@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: People
People लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
People लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 8 जून 2009

विवाह का मंडल, दोपहर का भोजन और साप्ताहिक हाट बाजार

घर से निकलते निकलते ग्यारह बज गए। रास्ते में पेट्रोल लिया, टायरों में हवा पूरी ली और चल दिए। कुल पचपन किलोमीटर, पौन घंटे में पहुँच लिए।  ब्याह वाले घर में मंडल का कार्यक्रम चल रहा था।  इसी के लिए तो हमारा आना निहायत जरूरी था। वधू के घर भांवर के एक दिन पहले या उसी दिन सुबह और वर के घऱ बारात रवाना होने के दिन या एक दिन पहले मंडल होता है। घर के चौक में मंडप बनाया जाता है जिस के नीचे बैठ कर वर या वधू जो भी हो उस के माता-पिता,और परिवार के सभी युगल सदस्य पूजा और हवन करते हैं। पूजा की समाप्ति पर परिवार की सभी बहुओं के नैहर के रिश्तेदार उन्हें कपड़े उपहार में देते हैं।   इस परंपरा का कारण तो पता नहीं पर शायद यह रहा हो कि कपड़े उपहार में देने के दायित्व के कारण अधिक से अधिक लोग विवाह में उपस्थित हों और विवाह की सामाजिकता बनी रहे।  एक लाभ और यह होता है कि बहुत सारे संबंधी जो बहुत दिनों से नहीं मिले होते हैं, यहां मिलने का अवसर पा जाते है और कुछ समय साथ बिता लेते हैं।

अब हमारी साली साहिबा, शोभा की छोटी बहिन वर की चाची थी। शोभा का उसे और दूल्हे को यह उपहार समय पर देना था  इस लिए हमारा मंडल के समापन के पहले पहुँचना आवश्यक था।   खैर, मंडल सम्पन्न होते ही सब को भोजन के लिए कहा गया। उस के लिए फर्लांग भर दूर स्थित एक धर्मशाला जाना था।  हम चल दिए। रास्ते में साप्ताहिक हाट लगी थी।  मुझे छोटे कस्बे की साप्ताहिक हाट देखे बहुत दिन हो गए थे।  मैं उसे निहारता चला।

हाट बाजार

धर्मशाला बनाम स्कूल

कच्चे-पक्के माल का भंडार

और भंडारी बने साले साहब

धर्मशाला एक बगीची जैसे स्थान में बनी थी। बहुत खुला स्थान था।  इमारत में तीन बड़े-कमरे थे। पास में शौचालय और स्नानघऱ थे। अनवरत पानी के लिए टंकियाँ रखी गई थीं। इमारत पर धर्मशाला और विद्यालय दोनों के नाम प्रमुखता से लिखे थे।  इमारत दोनों कामों में आती थी।   इमारत के एक और खुले स्थान में तंबू तान कर पाक शाला बना दी गई थी।  वहाँ शाम के लिए सब्जियाँ बनाई जा रही थीं और दोपहर के भोजन के लिए गरम गरम पूरियां तली जा रही थीं।  एक बड़े कमरे को भोजन का भंडार बना दिया गया था।  जिस में भोजन बनाने का कच्चा माल और तैयार भोजन सामग्री का संग्रह था।  मेरे बड़े साले साहब वहाँ जिम्मेदारी से ड्यूटी कर रहे थे।  बीच बीच में साढ़ू भाई आ कर संभाल जाते थे।  सुबह नाश्ता किया था, भूख अधिक नहीं थी। फिर भी सब के साथ मामूली भोजन किया। कच्चे आम की लौंजी बहुत स्वादिष्ट बनी थी।  दो दोने भर वह खाई। गर्मी के मौसम में पेट को भला रखने के लिए उस से अच्छा साधन नहीं था। 

 
 शाम की सब्जी की तैयारी के लिए कद्दू के टुकड़े

गर्म-गर्म पूरियाँ तली जा रही हैं
भोजन के घंटे भर बाद इसी धर्मशाला में वर के ननिहाल से आए लोगों द्वारा भात (माहेरा) पहनाने का कार्यक्रम था।  भोजन कर लोग वहीं  सुस्ताने लगे। हम साले साहब को भंडार से मुक्ति दिलवा कर बाजार ले चले कॉफी पिलवाने के बहाने।  हमें हाट जो देखनी थी। रास्ते में एक मुवक्किल मिल गए, वे हमें चाय की दुकान ले गए और बहुत शौक से न केवल कॉफी पिलाई, ऊपर से पान भी खिलाया।  वापसी में हमने हाट देखी और चित्र भी लिए। लीजिए आप खुद देख लें हाट की कुछ बानगियाँ।


 
प्याज और अचार के लिए कच्चे आम खरीदें, अच्छे हैं, पर जरा महंगे हैं 

 
 आंधी में झड़े कच्चे आम, सस्ते हैं, बस पाँच रुपए प्रति किलोग्राम

  
 और अचार के लिए मसाला यहाँ से खरीद लें
 
कच्चे आम को काटना भी तो होगा, कैरी कट्टा यहाँ लुहारियों से खरीद लें 

   मीठे के लिए गुड़ और तीखे के लिए हरी मिर्च भी तो चाहिए

 
 विकलांग होने का खतरा मत उठाइए, जरा शंकर जी के वाहन नन्दी से बचिए 

 
घर की सुरक्षा के लिए ताला लेना न भूलें

शादी में आई हैं तो नई काँच की चूड़ियाँ तो पहन लें
यह बहुत नहीं हो गया?                                                                          शेष अगली किस्त में.......

शनिवार, 23 मई 2009

सब पूँजी के चाकर : जनतन्तर कथा (33)

हे, पाठक!
साँयकाल सनत राजभवन की रौनक देखने चला गया और सूत जी नगर भ्रमण को।  नगर में लोग अपने कामों व्यस्त रहते हुए बीच बीच में माध्यमों पर मंत्रीपरिषद को शपथ लेते देख रहे थे।  कुछ नए चेहरों को छोड़ कर सब वही पुराने चेहरे थे।  किसी में विशेष उत्साह दिखाई नहीं पड़ता था।  उमग भी रहे होंगे तो केवल वे लोग जिन के निकट के लोग मंत्री परिषद में शामिल हो गए थे।  यह सोचने की रीत बन गई थी कि चलो अपना आदमी मंत्री परिषद में स्थान पा गया, कभी वक्त पड़ा तो काम  आएगा।   राजधानी अपने पुराने ढर्रे पर आने लगी थी।  चुनाव की चहल पहल समाप्त हो चुकी थी।  सूत जी ऐसे ही नगर भ्रमण करते रहे।  जब उन्हें अनुमान हो चला कि सनत वापस लौट आया होगा, तो वे भी यात्री निवास पहुँच गए।  सनत उन की प्रतीक्षा कर रहा था।  उस से पूछा कैसा रहा समारोह? तो उत्तर मिला -पहले की तरह, कुछ विशेष नहीं था।  हाँ, गठबंधन के एक दल के लोगों द्वारा शपथ ग्रहण न कर पाने की चर्चा जरूर थी।  भोजनादि से निवृत्त हो कर दोनों विश्राम के लिए कक्ष में पहुँचे तो सूत जी बोले -मैं सोचता हूँ मुझे कल नैमिषारण्य के लिए प्रस्थान कर देना चाहिए। 
सनत यह सुनते ही उदास हो कर बोला -गुरूवर! इस बार आप का साथ बहुत रहा।  अनेक बातें सीखने को मिलीं, आप चले जाएंगे तो बहुत दिनों तक मन नहीं लगेगा।  मैं भी कल ही निकल लूंगा।  आप बहुत कहते रहे नैमिषारण्य आने के लिए।  इस बार समय निकलते ही आऊंगा, कुछ दिन रहूँगा, आप से बहुत कुछ जानना, सीखना है।  लेकिन गुरूदेव! मेरा कल का प्रश्न अनुत्तरित है।  उस का उत्तर तत्काल जानने की इच्छा है।  यदि आप बता सकें तो आज की रात ही उसे स्पष्ट करें।

 हे, पाठक!
सूत जी बोले -सनत! अवश्य बताऊंगा। तुम निकट आ कर बैठो।
सनत सूत जी की शैया के निकट ही जा बैठा।  सूत जी कहने लगे -तुम्हारा प्रश्न था कि क्या वायरस दल चौथाई मतों के आस पास ही बना रहेगा, क्या इस से अधिक प्रगति नहीं कर पाएगा?
देखो भाई, यह युग पूँजी का युग है।  सारी सांसारिक गतिविधियों का संचालन पूँजी करती है।  पूँजी की शक्ति यह है कि वह सदैव स्वयं की वृद्धि के लिए काम करती है।  वस्तुतः पूँजी ही अपनी समृद्धि की आवश्यकताओं के लिए मर्त्यलोक पर राज्य करती है।  वह समय समय पर अपने अवरोधों को नष्ट  करती रहती है।  पूँजी सदैव मनुष्यों की बलि लेती है।  वह कभी किसी को उस के श्रम की पूरी कीमत नहीं देती।  यही उस की समृद्धि का रहस्य है।  वही उसे भोग पाता है जो उस पर नियंत्रण कर लेता है।  पूँजी की समृद्धि से ही किसी देश की समृद्धि आँकी जाती है।  जनतंत्र में जो महापंचायत है उस पर पूँजी ही का नियन्त्रण रहता है।  वह चुन चुन कर अपने सेवकों को महापंचायत में लाती है।  उस का प्रयत्न रहता है कि  महापंचायत उस के श्रेष्ठतम सेवकों के हाथों में बनी रहे।  सेवकों में इतनी कुशलता होनी चाहिए कि वे जनता का समर्थन लगातार प्राप्त करते रहें।   जनता के आक्रोश को विद्रोह की स्थिति तक न पहुँचने दें।  बैक्टीरिया दल उस का सब से अच्छा सेवक है।  यही कारण है कि उस ने सब तरह के साधनों और प्रयत्नों से उसे वापस महापंचायत में पहुँचाने में सफलता प्राप्त कर ली।
सूत जी थोड़ा रुके तो सनत बोल पडा़ -मेरा प्रश्न तो अनुत्तरित ही रह गया।


हे, पाठक!
सूत जी आगे बोले -तुम्हारे प्रश्न का उत्तर इसी में छिपा है।  यथार्थ यह है कि लाल फ्राक वाली बहनों को छोड़ दें तो सभी मौजूदा दल पूँजी के चाकर हैं।  लेकिन उसे सब से अधिक पसंद वह है जो जनता में विद्रोह को रोके रखे और पूंजी स्ववृद्धि करती रहे।  अब हम वायरस दल की बात करें तो वह सदैव कुछ इस तरह का काम करता रहता है जिस से जनता संप्रदायों के आधार पर बंटी रहे।  उस दल की उत्पत्ति का आधार ही संप्रदाय है।  यह सही है कि जिस संप्रदाय का वह पक्षधर है वह भारतवर्ष का सब से बड़ा संप्रदाय है।  लेकिन उस की अनेक शाखाएँ हैं, ऊंच-नीच के विभाजन हैं।   इस कारण यह आधार उस की लोकप्रियता को संकुचित करता है।  इस संप्रदाय के आधे मत भी वह कभी प्राप्त नहीं कर सका और न कर सकेगा। इस कारण से  वायरस दल कभी भी अपनी चौधाई स्थिति से नहीं उबर सकेगा।  उसे अपने विकास के लिए अपना आधार बदलना पड़ेगा, और यदि वह ऐसा करता है तो वह फिर वायरस दल नहीं रह जाएगा।   इस के लिए उसे एक नया रूप चाहिए और एक नया नाम भी।  कुछ समझ आया सनत? -सूत जी ने पूछा।

-सब समझ आ रहा है।   सनत बोला -लेकिन आप ने लाल फ्रॉक वाली बहनों को पृथक क्यों रखा?

सूत जी बोले- वे यथार्थ में अन्य दलों से भिन्न थीं।  उन का उद्देश्य जनता को पूँजी पर बलि होने से मनुष्यों की रक्षा करना था।  लेकिन यह एक लम्बी कहानी है।  मुझे कण्ठ में रुक्षता अनुभव हो रही है, कुछ शीतल जल दो।
-अभी लाता हूँ गुरुदेव यह कह कर  सनत जल लाने के लिए उठा लेकिन जल ऊष्ण था।  वह दूरभाष पर यात्री निवास के सेवक को शीतल जल भेजने को कहने लगा।

बोलो! हरे नमः, गोविन्द, माधव, हरे मुरारी .....

शुक्रवार, 22 मई 2009

मिथ्याभिमान का टूटना : जनतन्तर कथा (32)

हे, पाठक!
इधर राजधानी में अब सरकार निर्माण का काम चल रहा है।  इस काम में बड़े बड़े दिग्गज जुटे हुए हैं।  पहले घोषणा हुई थी कि पैंसठ मंत्री बनेंगे।   लेकिन रात-रात में पंगा हो गया।  आज का दिन ही पंगेबाजी का था, आखिर कैसे न होता? कुछ लोग कह रहे थे मुहुर्त निकलवाने में गलती हो गई, कुछ लोग कहते थे कि ज्योतिषियों का अब कोई ईमान-धरम नहीं रहा, सब भविष्यवाणियाँ असफल हो गईं।  उन से मुहुरत निकलवा कर ही गलती की।  तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।  गठबंधन का एक दल रूठ गया था।  उसे पूरा हिस्सा चाहिए था, उसे मांगा जो मिल जाए तो दूसरा रूठ जाए।  सच में कितना कठिन होता है ये गठबंधन की सरकार बनाना। सोचते थे कि लाल फ्रॉक से पीछा छूटा। अब सरकार दबाव में नहीं रहेगी। स्वतंत्र  रह कर काम कर सकेगी।  लेकिन यह भ्रम ही साबित हुआ। तुलसी बाबा सही कह गए -पराधीन सपनेहुँ सुख नाहीं।  बाबा ने सोचा भी न होगा कि पराधीनता इस तरह की भी होगी।


हे, पाठक!
 राजधानी में गरमी बहुत थी।  दिन का भोजन कर सनत और सूत जी यात्री विश्रामगृह में ही विश्राम करने लगे।  बाहर का काम संध्या पर छोड़ दिया।  वैसे भी संध्या में नयी सरकार का हाल लेना था।  सनत पूछने लगा -गुरुवर! लाल बहनों का क्या होगा? दस दिन पहले बहुत कूद रही थीं कि सरकार में उन की अहम भूमिका होगी।  जनता ने निर्णय दिया तो उछल-कूद बंद हो गई।  सारी बहनें घर से बाहर ही नहीं निकल रही हैं। जरूर उन्हें घर की चिंता सता रही होगी।  उन की धुरविरोधी इधर मन्त्री बन रही है, साथ ही धमकी भी दे रही है कि तुम्हारी खंड सरकार अब गिरवाती हूँ।
सूत जी बोले -जनता ने बिलकुल सही निर्णय दिया, लाल फ्रॉकधारी बहनों को सही स्थान पर पहुँचा दिया।  इन को दो-तीन खंडों में सरकारें चला-चला बहुत मिथ्याभिमान हो चला था कि वे अब चुनावी तंतर से भारतवर्ष को बदल डालेंगी।  उन का मिथ्याभिमान टूटना जरूरी था।  वे जनता को साथ ले कर चली थीं।  जनता को भरोसा दिलाया था कि वे उन्हें संगठित करेंगी। संगठन की ताकत से धनिकों, परदेसियों की पूंजी और भूस्वामियों के जाल को तोड़ेंगी।  जहाँ जहाँ उन्हों ने जनता संगठित की वहाँ वहाँ वे फली फूलीं।  जनता ने खंड़ों का राजकाज भी उन्हें सोंपा।  लेकिन, प्रभुता पाई काहे मद नाहीं, राजकाज ने बहनों के चरित्र को बदलना शुरू कर दिया।  वे सोचने लगीं अब जनता को संगठित करने का दुष्कर काम कौन करे? जनता पेटी वाला मत देने ही लगी है। जैसे इन तीन खंडों में राजकाज मिला वैसे ही पूरे भारतवर्ष में भी मिलेगा।  वे लग लीं मतों को जुगाड़ में, जनता का संगठन बिसरा दिया। जनता उन्हें बिसराने लगी।

हे, पाठक!
सनत ने प्रश्न किया -पर गुरुवर! मुझे तो लगता है कि जनता ने उन्हें पाँच बरस के बीच पिछली सरकार गिराने का सबक सिखाया है। सब लोग यही कह रहे हैं।  पर आप बिलकुल दूसरी बात कह रहे हैं?
सूत जी आगे बोले - सनत! यह बहुत पेचीदा बात है।  बैक्टीरिया दल सर्वधर्म समभाव की बात करता है उसे ही धर्म निरपेक्षता कहता है। यदि वह किसी एक धर्म के प्रति अनुराग दिखाने लगे तो लोग उसे पसंद करेंगे? नहीं न? जनता बहुत विभागों में बंटी है, इस लिए ऐसा कभी नहीं होता कि सारी जनता एक साथ किसी को पसंद कर ले।  अब तुम इधर ही देख लो वायरस दल को चौथाई जनता से अधिक का मत कभी नहीं मिला।  उस का कारण है कि उस ने स्वरूप ही ऐसा बनाया है जिसे चौथाई जनता से अधिक लोग पसंद कर ही नहीं सकते।  यह दल अब कुछ कुछ इसे समझने भी लगा है।  वह स्वयं का रूप बदलने का प्रयत्न भी करता है।  लेकिन जैसे ही वह ऐसा करता है लेकिन बहुत सी जनता उस का साथ छोड़ने लगती है।  यह दल उस से घबरा जाता है और पुराने रूप में लौट आता है।  अब  चौथाई या उस से कम जनता का समर्थन उस की नियति बन गई है।
तो क्या वायरस दल इस से अधिक कभी आगे नहीं बढ़ पाएगा? सनत ने फिर प्रश्न किया।
सूत जी बोले -इस प्रश्न का उत्तर तुम्हें फिर कभी दूंगा।  अब कुछ विश्राम कर लो। दुपहरी ढलते ढलते तुम्हें राजभवन जाना होगा।  नयी सरकार का नयापन नहीं देखोगे?
सनत को सूत जी का सुझाव मानना पड़ा। लेकिन वह पूछ बैठा -ऐसा लगता है आप राजभवन नहीं जाएंगे?
-मेरा बिलकुल मन नहीं है। तुम जाओ मैं उस समय कुछ नगर भ्रमण करना चाहता हूँ। यह कह कर सूत जी विश्राम करने लगे।

बोलो! हरे नमः, गोविन्द, माधव, हरे मुरारी .....