@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: कोरोना लॉक डाउन

शनिवार, 21 मार्च 2020

कोरोना लॉक डाउन


अदालतों में लगभग पूरा ही लॉक डाउन हो गया है। 31 मार्च तक कोर्ट जाने का कोई मतलब नहीं रहा। आज मेरा सहायक शिव प्रताप यादव अदालत गया था। आज बहुत सारे मुकदमे कलेक्ट्री आदि में थे। जिनकी अगली तारीख वेबसाइट पर अपलोड नहीं होती। उसे कलेक्ट्री परिसर में प्रवेश करने में परेशानी आई। खुद अफसर दरवाजे पर खड़े होकर लोगों को अंदर नहीं जाने दे रहे थे। उसे भी रोका गया। कुछ जद्दोजहद के बाद वह अंदर जा सका। उसे कहा गया था कि भाई किसी के मुकदमों को कोई नुकसान नहीं होगा। आप अपनी तारीखें 31 मार्च के बाद नोट कर लेना।

कल और परसों तो छुट्टी है। सोमवार को देखना पड़ेगा कि क्या हालात रहते हैं।  वैसे  अदालतें ऐसा स्थान है जहाँ हजारों लोग रोज एकत्र होते हैं। जिसमें गाँवों से आए लोग भी होते हैं और विभिन्न नगरों से पेशियों पर आए ऐसे लोग भी जो विदेश से हाल में देश लौटे लोगों के संपर्क में आए हुए भी हो सकते हैं। इस कारण अदालत परिसर को   बंद करना ही उचित है। मेरे विचार में तो सरकार को ऑन लाइन सुनवाई की व्यवस्था को तेजी से विकसित करना  चाहिए जिस से अदालतो में अनावश्यक भीड़ को कम किया जा सके।
आज मुझे कहीं नहीं जाना था। लेकिन सुबह मोटे अनाज लेने बाजार गया। ज्वार, मक्का, जौ और बाजरा लेकर आया हूं। कुछ महीनों से मैंने अपनी रोटी में गेहूं के आटे की मात्रा 15 परसेंट के लगभग रहने दी है। उसका बड़ा लाभ भी मिला मुझे। वजन कम करने में मदद मिली। इसके अलावा मैंने यह किया था कि चीनी और चीनी से बने तमाम खाद्य पदार्थों का प्रयोग करना बंद कर दिया। पिछले 6 महीने में तकरीबन 8 किलो वजन कम किया है। २-३ तरह की दालें और चना शाम को लेकर आया।
दिन में शहर में यातायात बहुत कम था। दुकानें सभी खुली थी। कहीं कोई भीड़ नहीं थी। लोग केवल जरूरी चीजें खरीदने के लिए बाजार में निकले थे। इस बात की भी तैयारी थी महीने में 15 दिन का राशन पूरा कर लिया जाए।
अगले सप्ताह गणगौर का त्यौहार है। राजस्थान में स्त्रियां इसे खूब मनाती हैं। गणगौर के दिन गणगौर की पूजा के लिए काफी स्त्रियां एक साथ इकट्ठा होती है। शाम को गणगौर की मूर्तियां सराने के लिए जुलूस बनाकर नदी-तालाब जाती हैं। इस तरह का एकत्रीकरण इस वक्त वायरस के विस्तार केलिए अच्छा मौका देगा।
राजस्थान सरकार को इस त्यौहार के मौके पर विशेष व्यवस्थाएं करनी पड़ेंगी और स्त्रियों को घर से बाहर निकलने से रोकना होगा। देखना है कि राजस्थान सरकार का प्रशासन कैसे इस त्यौहार से निपटने के लिए क्या तैयारियां कर रहा है?
कोटा,   20.03.2020 , रात्रि 09ः30 

कोई टिप्पणी नहीं: