पेज

रविवार, 21 जून 2009

"काला टापू"

'लघुकथा'
दिनेशराय  द्विवेदी
साधु ने अपनी झोंपड़ी नदी के बीच उभरे वृक्ष, लताओं और रंग बिरंगे फूलों से युक्त हरे-भरे टापू पर बनाई थी. वह शांति से स्वाध्याय के लिए उत्तम स्थान था. साधु के पास थी एक छोटी सी डोंगी. साधु और उसके शिष्य दिन के किसी समय डोंगी पर बैठ कर नदी पार कर किनारे आते और शाम को वापस टापू पर चले जाते.


कई लोग उस की झोंपड़ी देखने भी जाते. धीरे धीरे लोगों को वह स्थान अच्छा लगा. लोगों ने देखा, साधु ने बहुत अच्छी जगह हथिया ली है. तो कुछ लोगों ने भी वहाँ झौंपडियाँ बना लीं. वे छुट्ठियों के दिनों में वहाँ आते. नशा करते, नाच गाना करते. अगले दिन सुबह चले जाते. उनके रहने से साधु की शांति भंग होने लगी. उसके स्वाध्याय में खलल पड़ने लगा. शिष्यों को यह सब अच्छा नहीं लगा, उन्होंने लोगों को टोका तो वे साधु की निंदा करने लगे.


शिष्यों ने साधु से जा कर कहा-
"लोग टापू पर आ कर मजे करने लगे हैं. यहाँ आते हैं, नशा करते हैं, रात भर हंगामा करते हैं, आपकी निंदा करते हैं. हम सुबह शाम कसरत करते हैं आपकी आज्ञा हो तो निपट लें. "

साधु के मुहँ से निकला- "साधु! साधु!"

और फिर कबीर की पंक्तियाँ सुना दीं-

"निन्दक नियरे राखिए, आँगन कुटी छबाय.
बिन पानी साबुन बिना, निरमल करै सुभाय."

अब रोज ही नए नए लोग टापू पर मौज करने आने लगे थे. लोगों की संख्या बढ़ती रही, और निन्दकों की भी. साधु और शिष्य आश्रम में स्वाध्याय करते. अखाड़े में शिष्य जोर करते. लोग सोचने लगे, साधु टापू पर से चला जाए तो आराम हो, ये और इसके शिष्य हमेशा जीवन में विघ्न डालते रहते हैं. साधु से उस के शिष्य जब भी कहते कि लोग अब हमें टापू से भगाने के बारे में बातें करते. लेकिन साधु उन्हें कबीर का वही दोहा सुना देता-

"निन्दक नियरे राखिए..."

शिष्य शांत हो जाते, पर उनके भीतर की आग इससे ठंडी नहीं होती. वह अंदर ही अंदर धधकती रहती.

एक दिन साधु शिष्यों सहित नदी पार बस्ती में गया हुआ था. बस्ती में ही किसी शिष्य ने बताया कि टापू पर उनकी झौंपड़ी में आग लगी है. वे सभी नदी किनारे पहुंचे तो देखा कि लोग साधु की झौंपड़ी में लगी आग को बुझाने के बजाए उस में ईर्ष्या और नफरत से तेल और लकड़ियाँ झोंक रहे हैं. यहाँ तक कि टापू पर शेष डोंगियाँ भी उन्होंने उस में झोंक दीं. कैसे स्वार्थ और भीड़ की मानसिकता मनुष्य को अंधा कर देती है। शिष्य टापू पर जाने के लिए शीघ्रता से डोंगियों में बैठने लगे. साधु ने मना कर दिया. सब नीचे भूमि पर आ उतरे.

एक शिष्य ने प्रश्न किया-
"गुरू जी, आप ने टापू पर जाने से मना क्यों किया?"

साधु ने उत्तर दिया -"अब वहाँ जाने से कुछ नहीं होगा. लोग तेल और लकड़ियाँ झौंक रहे हैं, अब कुछ नहीं बचेगा."
इतना कह कर साधु अपने शिष्यों सहित वहीं किनारे धूनी रमा कर बैठ गया.

लोगों ने देखा कि टापू की आग तेजी से भड़क उठी. टापू पर जो कुछ था सब भस्म हो गया. कुछ लोग ही बमुश्किल बची खुची डोंगियों में बैठ वहाँ से निकल सके. साधु बहुत दिनों तक वहीं किनारे पर धूनी रमा कर बैठा रहा. दिन में शिष्य बस्ती में जाते, साधु की वाणी का प्रचार करते और वापस चले आते. टापू कई दिनों तक जलता रहा. धीरे-धीरे जब टापू पर सब कुछ जल चुका तो आग स्वयमेव ही शांत हो गई. बची सिर्फ राख. टापू की सब हरियाली नष्ट हो गई, टापू काला पड़ गया. फिर बरसात आई राख बह गई. टापू पर फिर से अंकुर फूट पड़े, कुछ ही दिनों में वहाँ पौधे दिखने लगे. फिर रंग बिरंगे फूल खिले. दो एक बरस में ही फिर से पेड़ और लताएँ दिखाई देने लगीं. काला टापू फिर से हरियाने लगा. एक दिन देखा गया, साधु और उस के शिष्य फिर से डोंगी में बैठ टापू की ओर जा रहे थे.

18 टिप्‍पणियां:

  1. प्रणाम है ,साधू और शिष्यों को !

    जवाब देंहटाएं
  2. उपसंहार :- जिस हाऊसिंग सोसाइटी में साधू का फ्लैट हो, उसमें अपार्टमेन्ट नहीं लेना चाहिए :)

    जवाब देंहटाएं
  3. काजलकुमारजी की बात जम रही है.:)

    रामराम.

    जवाब देंहटाएं
  4. सृष्टि और विध्वंस ..और पुनर्सृष्टि !

    जवाब देंहटाएं
  5. आप तो यह बताईये महाराज कि आपकी पोस्ट पर ब्लOउगवाणी की पसंद क्यों नहीं बढ़ रही। 4 पर ही क्यों अटकी हुयी?

    जवाब देंहटाएं
  6. टापू की आग तो दावानल में बदलती नज़र आ रही :-)

    जवाब देंहटाएं
  7. हरी भरी तो जब होगी तब होगी. मगर आग का इस तरह बढ़ते जाना बड़ा खतरनाक साबित हो रहा है.

    जवाब देंहटाएं
  8. लो! जिस बात को हम लिखने आये वो तो पहले से ही ज्ञान जी ने लिखा हुया है। 4 तो नहीं 6 है लेकिन बढ़ नहीं रही पसन्द की गिनती।

    जवाब देंहटाएं
  9. प्रेरक लघुकथा है। साथ में दिए चित्रों ने प्रभावोत्पादकता में वृद्धि कर दी है।
    -Zakir Ali ‘Rajnish’
    { Secretary-TSALIIM & SBAI }

    जवाब देंहटाएं
  10. ज्ञान जी आप मेरे पड़ोसी शहर के प्रतीत होते हैं। आपकी ईमेल आईडी नहीं मिली। इसलिये यहाँ कहना पड़ रहा है कि आप मुझसे सम्पर्क करें। मेरी ईमेल आईडी, प्रोफाईल पर उपलब्ध है।

    जवाब देंहटाएं
  11. अरे भाई साहब यह तो थोड़ी ज्यादा डेमोक्रसी हो गयी

    जवाब देंहटाएं
  12. हम भी धुनी रमा के मस्त होते हैं :)

    जवाब देंहटाएं
  13. कहानी अच्छी है - कब्ज़ा संस्कृति ने साधू और उसके पहलवानों से लेकर आम जनता तक सबको प्रभावित किया है.

    जवाब देंहटाएं
  14. दिनेश जी, कई दिनों के बाद आज पुन: वापस आया (जिसे आप ने ताड लिया था) तो आर सी मिश्रा जी ने इस कहानी की ओर इशारा किया.

    पढा तो एकदम मन को सकून मिला. कारण साफ है: कहानी का मर्म बहुत गहरा है. सामाजिक कार्यों में जुटे होने के कारण और कई संस्थाओं से जुडे रहने के कारण यह बात मैं ने कई बार देखी है. हां, आज उसे एक नैतिक कथा के रूप में पहली बार पढ रहा हूँ.

    कहानी के और भी पहलू हैं जिनसे मैआप परिचित हैं. वह भी हो रहा है. होने दें.

    सस्नेह -- शास्त्री

    हिन्दी ही हिन्दुस्तान को एक सूत्र में पिरो सकती है
    http://www.Sarathi.info

    जवाब देंहटाएं
  15. साधू ही जाने साध स्वाभाव ,
    विद्वेष की आग ऐसी ही होती है
    लोभी का काम ही ऐसा होता है

    जवाब देंहटाएं
  16. िसमे भेद क्या है ये तो मुझे नहीं पता मगर लघु कथा बहुत अच्छी लगी। शुभकामनायें

    जवाब देंहटाएं

कैसा लगा आलेख? अच्छा या बुरा? मन को प्रफुल्लता मिली या आया क्रोध?
कुछ नया मिला या वही पुराना घिसा पिटा राग? कुछ तो किया होगा महसूस?
जो भी हो, जरा यहाँ टिपिया दीजिए.....