@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत

मंगलवार, 19 अप्रैल 2011

अपने पूर्वजों के गाँव की बगीची और उस के मंदिर

ल मैं ने वादा किया था कि अगली चलेंगे बगीची में। मैं भी इस से पहले कभी इस बगीची में नहीं गया था। लेकिन वह बगीची मेरे दाहजी (दादाजी), चाचाजी और पिताजी की स्मृतियों में रची बसी थी। चाचा जी और पिताजी को गर्मी के मौसम में जब रामलीला होती तो पूरा पखवाड़ा बगीची में ही बिताना होता था। मैं चाहता था कि पिताजी जिन संत के सब से प्रिय शिष्य थे उन का यह स्थान कैसा रहा होगा और कैसा है" काका लक्ष्मीचन्द कार में आगे मेरे पास की सीट पर बैठ गए और रास्ता बताते चले। बगीची नगर के मुख्य द्वार से कोई दो सौ मीटर की दूरी पर ही आज की मुख्य सड़क से कुछ हट कर स्थित थी। बगीची के चारों ओर पत्थर की चारदिवारी थी और दक्षिण दिशा में लोहे की छड़ों से बना गेट लगा हुआ था, इस गेट से एक ट्रक तक बगीची में प्रवेश कर सकता था।

बगीची में शिव मंदिर (दक्षिण दिशा से)
गेट से प्रवेश करते ही सामने मैदान था जिस में बड़े बड़े पुराने वृक्ष खड़े थे जो बगीची की प्राचीनता के साक्षी थे। पश्चिम दिशा की ओर एक विशाल पक्के चबूतरे पर यज्ञशाला थी जिसकी छत टीन से इस तरह बनाई गई थी कि हवन का धुआँ आसानी से बाहर निकल सके। बगीची के ईशान कोण (उत्तर-पूर्व के कोने में एक मंदिर समूह था जिस में सब से पहले एक बड़ा सुंदर सा मंदिर दिखाई दे रहा था। मंदिर का रख रखाव उत्तम था। शिखर और गर्भगृह को बाहर से गेरुए रंग से रंगा हुआ था। मंदिर का आधार नीले रंग से और मण्डप पर बने शिखर चूने के सफेद रंग से रंगे हुए थे। शेष मंदिर को तेल रंगों से रंगा हुआ था। मंदिर का मुख पूर्व की ओर था। मैं ने चप्पलें उतारी और मंदिर में गया। वहाँ एक बड़े आकार का काले पत्थर का सुंदर शिवलिंग स्थापित था। इस के चारों ओर मुख बने हुए थे जो शंकर की चार भिन्न-भिन्न मुद्राओं को अभिव्यक्त करते थे। यह शिवलिंग कम से कम दो-तीन सौ वर्ष पुराना प्रतीत होता था। क्यों कि इसी तरह के कुछ शिवलिंग कोटा नगर के कुछ प्राचीन शिव मंदिरों में स्थापित हैं और वे भी इतने ही प्राचीन हैं। गर्भगृह के सामने मण्डप के नीचे सफेद संगमरमर से निर्मित नन्दी विराजमान थे, जो एकदम नवीन लग रहे थे। पूछने पर पता लगा कि इन्हें अभी इसी वर्ष स्थापित किया गया है।
मंदिर में स्थापित शिवलिंग
शिवमंदिर के उत्तर में कुछ पूर्व की ओर एक इमारत बनी हुई थी। मुझे बताया गया कि इस इमारत के दक्षिण-पूर्वी कोने में  हनुमान मंदिर है। यह छोटा था लेकिन अंदर से बहुत साफ और सुंदर था। दीवारों पर ग्रेनाइट के रंगीन पत्थर लगाए हुए थे और फर्श संगमरमर का था। हनुमान प्रतिमा को देख कर लगता था कि यहाँ हनुमान जी का सिर्फ सिर ही स्थापित था या पूरी प्रतिमा थी तो वह गर्दन तक भूमि में चली गई थी। हनुमान जी को सिंदूर और चांदी के वर्क से खूबसूरती से श्रृंगारित किया हुआ था। वहाँ सफाई भी बहुत अच्छी थी। इन दोनों मंदिरों को देख कर लगा कि यहाँ के भक्त सुरुचिपूर्ण, सौंदर्यप्रेमी और सफाई पसंद हैं। मुझे नगर में भी गंदगी दिखाई न दी थी। हो सकता है यह सद्गुण महाराज चेतनदास जी से यहाँ के लोगों को मिला हो। पिताजी को भी गंदगी बिलकुल पसंद न थी। जरा सा तिनका या धूल उन्हें दिखाई देती तो उसे तुंरत हटाते थे।
हनुमान प्रतिमा
नुमान मंदिर से पूर्व में दो छतरियाँ बनी हुई थीं। जिन्हें चारों ओर से लोहे की छड़ों की जाली से सुरक्षित किया गया था। इन छतरियों में महाराज चेतन दास जी के चरणों के चिन्ह संगमरमर पर बनाए हुए थे और उन की स्मृति के रूप में यहाँ स्थापित थे।

महाराज चेतनदास जी के चरण चिन्ह


गैंता में तो मुझे महाराज चेतनदास जी के चमत्कारों के विषय में कोई चर्चा सुनने को न मिली, वहाँ उन्हें लोग अपने पथप्रदर्शक और मार्गदर्शक के रूप में ही जानते हैं। लेकिन आस पास के कस्बों और गाँवों में उन के चमत्कारी होने के बारे में अनेक कथाएँ प्रचलित हो गई हैं। लेकिन मुझे लगता है वे सभी काल्पनिक हैं। दाहजी और पिताजी उन के निकट कई वर्षों तक रहे। लेकिन कभी उन के मुहँ से उन के इस रूप की चर्चा न सुनी। वे जो कहते थे उस से जान पड़ता है कि महाराज बहुत गुणी थे। वे आयुर्वेद के विद्वान थे। रोगी उन के पास आते थे और स्वस्थ हो कर जाते थे। बच्चों को वे संगीत, गणित और भाषा की शिक्षा प्रदान करते थे। गरीब और कमजोर लोगों को अपने धनी शिष्यों से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराते थे। नगर की सांस्कृतिक गतिविधियों के वे मुखिया थे। गर्मी के मौसम में जो रामलीला आयोजित करते थे उस का निर्देशन वे स्वयं करते थे। वे लोगों को और लोग उन को असीम प्यार करते थे। यही वजह थी कि लोगों ने उन्हें चमत्कारी पुरुष मान लिया था। गाँव के लोग उन की स्मृतियों और धरोहर को आज भी संजोए हुए थे। 
शिव मंदिर सामने (पूर्व दिशा से)
नुमान मंदिर में एक ओर एक व्यक्ति सस्वर रामायण पाठ कर रहा था। मंदिर के पश्चिम दिशा की ओर एक बड़ा और लंबा बरामदा बना हुआ था। इस में कुछ भक्तगण भोजन बनाने में व्यस्त थे। मैं ने काका लक्ष्मीचंद से पूछा तो उन्हों ने बताया कि गाँव के कुछ लोग नवरात्र में नौ दिन यहीँ बगीची में रहते हैं। वे नवरात्र पर नौ दिन तक रामायण का अखंड पाठ करते हैं। अपना भोजन भी सब मिल कर यहीँ बनाते हैं। हमें काफी समय हो गया था, इतना कि यदि तुरंत न चलते तो कोटा पहुँचते पहुँचते रात्रि हो जाती। मेरा मन कर रहा था कि यहीँ एक-दो दिन इन लोगों के बीच रुकूँ। लेकिन अगले दिन मुझे तो अदालत करनी थी। बच्चों को भी अवकाश न था। हम बगीची के बाहर आ गए। काका लक्ष्मीचंद ने वहीं से हम से विदा ली। हम ने अपनी कार हाँकी और कोटा के लिए रवाना हो गए। मैं रास्ते भर सोचता रहा कि मुझे यहाँ कुछ दिन आ कर गाँव में रहना चाहिए। अपना घर तो गिर कर टीला हो चुका है, पर रहने को बगीची तो है ही और उस से अच्छा हो भी क्या सकता है।
सूचना - चित्रों को क्लिक कर के उन्हें बड़े आकार में देखा जा सकता है।

सोमवार, 18 अप्रैल 2011

गैता का नगर राज्य और महाराज की बगीची

गैंता राज का पाईपेपर और
उस पर राजा का चित्र
गैंता ठिकाना 25° 34' 60 उत्तरी अक्षांश तथा 76° 17' 60 पूर्व देशान्तर पर चम्बल नदी के पूर्व में कोई पचास वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में स्थापित था। इसे एक नगर राज्य जैसा कहा जा सकता है। क्यों कि गैंता नगर के अतिरिक्त शायद ही कोई बस्ती या गाँव इस  की सीमा में आता हो। इस की सीमा में बस नगर था, कृषिभूमि और मामूली जंगल था। ठिकाने के लगभग सभी निवासी इसी नगर में निवास करते थे। जनसंख्या भी दो हजार के आसपास रही होगी। नदी किनारे होने से यह बंदरगाह का काम करता था। ठिकाने से लगे हुए अन्य ठिकानों के क्षेत्रों में बाहर से आने वाला सारा माल नदी से ही आता था।  इन ठिकानों से बाहर जाने वाला माल भी नदी के रास्ते ही बाहर जाता था। गैंता ठिकाने से हो कर गुजरने वाले माल में से केवल कुछ मालों पर नाम मात्र का कर था। जिस के कारण नगर व्यापार का केंद्र अवश्य बन गया था। यही व्यापार इस की संपन्नता का आधार भी था। व्यापार का केंद्र होने के कारण नित्य ही व्यापारिक सौदे होते थे। इन सौदों में विवाद उत्पन्न होने पर उन्हें सुलझाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के  लिए एक सक्षक्त पुलिस और न्यायप्रणाली होना आवश्यक था। इसी की स्थापना के लिए ठिकाने की अपनी  पुलिस और न्याय व्यवस्था थी। राजा सत्ता का केंद्र था।  

गैंता राज का आठ आने का कोर्ट फी स्टाम्प
ह सारी व्यवस्था कैसी रही होगी? इस का निश्चय करने के लिए गढ़ को देखना और वहाँ के निवासियों से बात करने की इच्छा होना स्वाभाविक था। इस के लिए कम से कम एक-दो दिन यहाँ रुकना आवश्यक था। लेकिन हमें तो तुरंत ही लौटना था। इस काम को अगली यात्रा के लिए स्थगित किया। इस से अधिक मेरी रुचि इस बात में थी कि मैं बगीची को अवश्य देखूँ। बगीची नगर के परकोटे के बाहर नगर के पूर्वी द्वार से लगभग तीन सौ मीटर दूर स्थित है। इस बगीची में एक संत निवास करते थे। सब लोग उन्हें महाराज चेतनदास जी के नाम से जानते थे और संक्षेप में उन्हें महाराज कहते थे। महाराज को गैंता राज्य के राजा से भी अधिक सम्मान प्राप्त था। इस का कारण उन का ज्ञान और जनसेवा थी। वे संस्कृत, संगीत, गणित और वैद्यक के विद्वान थे। उन के पास से कोई खाली हाथ न जाता था। बीमार की बीमारी की चिकित्सा होती थी, कुछ दवा से कुछ उन के विश्वास से। निराश को आशा प्राप्त होती थी। कोई गरीब व्यक्ति यदि यह कह देता कि बेटी का ब्याह सर पर है और घर में कानी कौड़ी भी नहीं, अब तो आप का सहारा है। तो महाराज कह देते कि जा चिंता न कर सब हो जाएगा। महाराज इस बात को राजा और नगर के सेठों तक पहुँचाते तो उस की बेटी का ब्याह हो जाता। होनहार बालकों को वे अपनी बगीची में ही शिक्षा प्रदान करते। अपने इन गुणों के कारण महाराज चेतनदास जी को उन के जीवनकाल में ही चमत्कारी मान लिया गया था। ग्रीष्म काल में जब फसलें आ जाने के उपरांत घर अन्न से भरे होते तो महाराज एक पखवाड़े तक रामलीला का आयोजन करते। बगीची में रौनक हो जाती। रामलीला करने वाले बालकों को पूरे पन्द्रह दिन बगीची में ही रहना होता। वहीं दिन में रामलीला का अभ्यास होता वहीं भोजनादि। मेरे पूर्वजों का इस बगीची से गहरा संबंध रहा था।

मेरे दाहजी (दादाजी) पं. रामकल्याण शर्मा स्वयं संस्कृत, गणित तथा ज्योतिष के विद्वान, कर्मकांडी गृहस्थ   ब्राह्मण थे और महाराज  ब्रह्मचारी संन्यासी। लेकिन दोनों एक दूसरे का सम्मान करते। पिताजी का बचपन तो बगीची में ही गुजरा। पिताजी सात वर्ष के हुए तो दाहजी ने उन का प्रवेश इटावा के विद्यालय में करवा दिया। वहाँ दाहजी के दूर के रिश्ते के एक भाई अध्यापक और छात्रावास के अधीक्षक थे। अब पिताजी को पढ़ने के लिए इटावा में ही रहना था। पिताजी को इटावा छोड़ कर वापस गैंता पहुँचे तो महाराज ने दाहजी की खूब खबर ली। इतने छोटे बालक को दूर के विद्यालय में रख दिया, अकेला कैसे रह पाएगा? क्या मैं यहाँ उसे न पढ़ाता था? पर दाहजी ने उन्हें समझाया कि नए जमाने में नई शिक्षा आवश्यक है, गुरुकुल की पढ़ाई से काम न चलेगा। फिर भी पिताजी जब भी गैंता लौटते उन का अधिकांश समय बगीची में गुजरता। वहाँ उन्हें जीवन की शिक्षा मिलती। वहीं पिताजी को चिकित्सा, संगीत और संस्कृति की शिक्षा मिली। गर्मियों की रामलीला में पूरा परिवार ही बगीची मे इकट्ठा हो जाता। रामलीला में दाहजी विश्वामित्र, उन के छोटे भाई जनक, पिताजी राम और चाचा जी भरत के चरित्रों का अभिनय करते। पिताजी बताते थे कि महाराज चिलम पिया करते थे। लेकिन  जैसे ही हम लोग अपना मेकअप कर के राम, लक्ष्मण आदि के रूप में आ जाते तो हमें उच्चासन पर बैठाते, कभी चिलम न पीते, और अपने आराध्य जितना मान देते। महाराज रामलीला में स्वयं परशुराम का अभिनय करते और सदैव दर्शकों के बीच हाथ में कपड़े का बुना कोड़ा लिए उसे फटकारते हुए प्रवेश करते। जैसे ही उन का प्रवेश होने को होता दर्शक अपने बीच दस फुट चौड़ी गैलरी बना देते थे। दर्शकों को भय लगता था कि परशुराम का कोड़ा किसी को लग न जाए। 
गूगल मैप में दिखाई देती गैंता में महाराज की बगीची
बाराँ में एक बार चार वर्ष की छोटी बहिन मेले से एक बाँसुरी खरीद लाई और दिन भर उस में फूँक मार कर पेंपें किया करती। मैं ने भी उस पर कोशिश की पर मैं भी बहिन से अधिक अच्छी कोशिश न कर सका। दो-दिन बाद पिताजी घर लौटे तो अचानक बांसुरी ले कर झूले पर बैठ गए और बजाने लगे। मैं उन का बाँसुरी वादन देख कर चकित था कि वे इतनी सुंदर बाँसुरी भी बजा सकते हैं। पूछने पर उन्हों ने बताया की कभी महाराज के सानिध्य में सीखी थी। मैं ने उस के पहले कभी पिताजी को बाँसुरी बजाते न सुना था और बाद में भी मुझे कभी इस का अवसर न मिला। पिता जी और दादा जी अक्सर ही गैंता में बिताए अपने समय के बारे में बातें किया करते थे। उन की बातों में हर बार महाराज चेतनदास जी उपस्थित रहते। इसी से मेरे मन में महाराज चेतनदास जी के प्रति  बहुत सम्मान औऱ बगीची के प्रति आकर्षण बन गया था। बगीची मैं ने अब तक कल्पना में ही देखी थी।  लेकिन मेरी इस छोटी सी यात्रा में मैं बगीची अवश्य ही जाना चाहता था। ... 

.....अब की बार चलेंगे महाराज की बगीची में

रविवार, 17 अप्रैल 2011

पूर्वजों के गाँव में ...

मेरा जन्म बाराँ (अब राजस्थान का स्वतंत्र जिला मुख्यालय) में हुआ, लेकिन यहाँ जन्म लेने वाला मैं परिवार का पहला सद्स्य था। शेष सभी की यादें गैंता से जुड़ी हुई थीं। पिता जी, दाहजी, छोटे दाहजी, बुआ और दोनों चाचा वहीं जन्मे थे। दाहजी के पिता जी, मेरे परदादा अवश्य गैंता में खेड़ली से आए थे। दो-ढाई वर्ष की उम्र में मुझे शायद एक बार गैंता ले जाया गया था। तब की केवल इतनी स्मृति थी कि वहाँ मकान में कुछ कमरे बनाने के लिए नींवे खोदी जा रही थीं, और सब बड़ों को कान में जनेऊ चढ़ा कर मूत्रत्याग करते देख मुझे ऐसा ही करने की धुन सवार हुई थी और मैं ने घर में कहीं से जनेऊ तलाश कर पहन ली थी और उसे कान पर चढ़ा कर मूत्रत्याग कर के देखा था कि इस से क्या फर्क पड़ता है। उस के बाद कोई पैंतीस वर्ष पहले किसी काम से वहाँ जाना पड़ा था और मैं इटावा से 9 किलोमीटर पैदल गया था। चलते-चलते अंधेरा हो चुका था और कुछ सूझ नहीं रहा था। तब पीछे से एक ट्रेक्टर ने मुझे लिफ्ट दी थी जो इतनी कारगर सिद्ध हुई थी कि केवल सौ मीटर में ही गैंता का प्रवेशद्वार आ गया था। तभी की कुछ स्मृतियाँ मन में थीं। इस बार वैसे ही इटावा से डूंगरली जाते समय बच्चों से पूछा था कि गैंता देखोगे? बच्चों के मौन को स्वीकृति समझ अपने मन की पूरी करने वापसी में इटावा से कार का रुख गैंता की ओर मोड़ लिया था। कार चली जा रही थी। नौ किलोमीटर में बीच में कोई गाँव नहीं पड़ा था, सब सड़क से दूर थे। मैं सोचता जा रहा था कि वहाँ जाते ही कहाँ जाया जाए? 

गैंता ग्राम पश्चिम में बहती चंबल नदी 
मुझे अचानक गणपत काका के बड़े भाई काका लक्ष्मीचंद का स्मरण हुआ, वही तो गैंता में हमारा निकटतम पड़ौसी था। मैं  ने गैंता के प्रवेशद्वार के बाहर पूछा कि क्या कार को काका लक्ष्मीचंद के घर तक ले जाया जा सकता है? जवाब हाँ में मिलने पर मैं आगे बढ़ गया। बाजार में जहाँ से घर की ओर रास्ता जाता है उस से कुछ पहले एक दुकान पर रास्ता पूछा तो वहाँ से एक बुजुर्ग काका लक्ष्मीचंद के घर के लिए कार में बैठ गए। ठीक घर की बगल में कार रुकी तो काका का घर पहचान में आ गया। लेकिन वहाँ मैदान मिट्टी का था जहाँ हमारा घर हुआ करता था। काका घर पर नहीं सोसायटी के गोदाम पर थे, काका की लड़की बाहर आई, पीछे पीछे घूंघट निकाले काकी थी। दोनों ने हमें न पहचाना। मैं ने काका से फोन पर बात करने के लिए मोबाइल का नंबर पूछा तो काका की बेटी ने कहा उन को तो मैं बुला दूंगी, पर पहले यह तो पता लगे कि आप कौन हैं। मैं तब तक अपने पूर्वजों के घर की मिट्टी ही देख रहा था। मैं ने कहा यहाँ किस का मकान था? इतना कहते ही साथ आए बुजुर्ग ने मुझे पहचान लिया -तो आप वकील साहब हैं, नन्द किशोर जी के लड़के? ... जी, हाँ! मैं ने कहा। 



काकी हमें अंदर ले गई। कमरे में बिठाया। बिजली गई हुई थी, पंखा नहीं चल रहा था। पर कमरा ठंड़ा था। फिर बातें होने लगी। घर को किसी ने नहीं संभाला और गिर गया। लकड़ी का सामान आप का हाली अपने घर ले गया। जमीन बँटाई से होती है। बँटाई पर लेने वाला खुद ही बाराँ चला जाता है और छोटे चाचा से बँटाई तय कर पैसा उन्हें ही दे आता है। छोटे चाचा या उन के लड़कों को गाँव आए कई वर्ष हो चुके हैं। बाजार में दो दुकानें हैं, वे भी लावारिस पड़ी हैं। अभी तो उन्हें खरीदने वाले हैं। गिर जाएंगी तो जितने पैसे अभी आ रहे हैं उतने फिर नहीं आएंगे। मैं उदास सा सब सुनता रहा। पिताजी की बाराँ नौकरी लग जाने के बाद दाहजी सारे परिवार सहित बाराँ चले आए थे। गाँव की सारी सम्पत्ति छोटे दाहजी संभालते रहे। दाहजी, पिताजी, चाचाजी वगैरह ने उस संपत्ति के बारे में सोचना बिलकुल छोड़ दिया। आज उस संपत्ति की दुर्दशा सुन कर मुझे अजीब सा लग रहा था। इतने में काका लक्ष्मीचंद आ गए, साथ आए बुजुर्ग उन के ताऊ थे वे कोटा ही रहते थे और किसी काम से गाँव आए थे। वे वापस दुकान की ओर चले गए। हम ने वहाँ चाय पी। चाचा और चाची अपने अपनी आप बीती सुनाने लगे।

फिर मुझे गाँव देखने की इच्छा हुई तो काका हमें बाजार तक लाए। बाजार लगा था। सभी तरह की दुकानें थीं और सड़क पर सब्जीमंडी लगी हुई थी। ताजा सब्जियाँ देख पत्नी का मन मचल गया, उस ने ढेर सी सब्जी खरीद ली। हर कोई हमें देख जानना चाहता था कि हम कौन हैं, गाँव में चार नए चेहरे एक साथ दिखने पर यह तो होना ही था। एक को काका लक्ष्मीचंद ने दाहजी का हवाला दे कर बताया तो वे समझ गए। कुछ ही देर में कानों कान सब को पता लग गया कि हम कौन हैं। बाजार की सभी दुकानें सौ से दो सौ वर्ष पुरानी थीं। उन्हें देख लगता था कि किसी जमाने में इस बाजार में रौनक रहा करती होगी। बाजार में तीन-चार मंदिर भी थे, आगे चौपड़ थी। जहाँ से चारों दिशाओं में रास्ते निकलते थे। एक रास्ता गढ़ की ओर जाता था, जहाँ गैंता के पूर्व महाराजा के वंशज रहते थे। यह बस्ती जो अब गाँव कहलाती है, कभी न केवल नगर था, अपितु कोटा रियासत का एक ठिकाना (जागीर) थी। इस जागीर का मुखिया वंश परम्परा से होता था जो महाराजा कहा जाता था। जागीर को रियासत को निश्चित मात्रा में वार्षिक शुल्क (नजराना) देना होता था। जागीर अपने यहाँ शासन चलाने में स्वतंत्र थी, जिस की अपनी पुलिस और कचहरी थी। जागीर का महाराजा कचहरी के लिए कोर्ट फीस स्टाम्प और पाई पेपर जारी करता था। मेरी घूम कर गाँव देखने की इच्छा थी, लेकिन उस के लिए कम से कम एक रात तो गाँव में रुकना ही पड़ता। अभी इस का अवसर नहीं था। लेकिन मैं बगीची अवश्य जाना चाहता था। हम वापस काका के घर लौट आए, एक बार और शीतल जल पिया। काका को कार में बिठाया और बगीची तक ले चलने को कहा। .......

शुक्रवार, 15 अप्रैल 2011

बाकी पूजा तू झेल

हुत दिनों से ये कहा जा रहा था कि डूंगरली और इंद्रगढ़ जाना है। पर मौका ही नहीं मिल रहा था। इस बार नवरात्र के अंत में यह मौका आ गया। बेटे को बंगलूरू से भोपाल तक किसी आवश्यक काम से आना पड़ा और वह वहाँ से कोटा चला आया। उस के आने का समाचार मिलते ही बेटी भी अवकाश ले कर शनिवार की रात्रि को घर आ पहुँची।  रविवार की सुबह हम अपनी आठवें वर्ष में चल रही मारूती-800 से डूंगरली के लिए रवाना हुए। डूंगरली कोटा जिले की पीपल्दा तहसील का एक छोटा सा गाँव है, और पंचायत मुख्यालय भी। इस गाँव का कोई बड़ा महत्व नहीं। इस के पास ही कोई दो किलोमीटर दूर एक अन्य छोटा गाँव है 'खेड़ली बैरीसाल' इस गाँव  में मुझ से पाँचवीं पीढ़ी और उस के पहले कोई दो-तीन पीढ़ी तक के पूर्वज रहा करते थे।  डूंगरली में गाँव के बाहर एक ऊंचे गोल चबूतरे पर एक चौकोर चबूतरा इस पर एक आदमकद हनुमान मूर्ति स्थापित है। इस के बारे में यह किवदन्ती प्रचलित है कि हनुमान मूर्ति पहले लकड़ी की थी, गाँव वाले उन्हें बहुत मानते थे और हनुमान जी गाँव के रक्षा करते थे। कभी चोरी चकारी तक न होती थी। फिर एक रात कोई चोर गाँव में घुस आया तो हनुमान जी ने उसे ठोक-पीट कर अपने दाहिने पैर के नीचे दबा लिया। गाँव वालों की नींद खुली तो चोर मूर्ति के नीचे दबा मिला। पर इस ठोक-पीट में लकड़ी की मूर्ति क्षतिग्रस्त हो गई। गाँव वालों ने वहाँ प्रस्तर मूर्ति बनवा कर लगा दी। इस किवदंती के कारण इस मूर्ति की मान्यता हो गई। हमारे पूर्वजों ने भी इसी मूर्ति में अपने इष्ट को देखा और हर काम में उन का दखल स्थापित हो गया। शादी हो, संतान जन्म हो तो हनुमान जी को ढो़कना जरूरी। पहली पुरुष संतानों के केशों का प्रथम मुंडन यहीं होने लगा। मेरा भी प्रथम मुंडन पाँच वर्ष की उम्र में यहीं हुआ था। 

हाड़ौती में हाड़ा राजपूतों का राज्य स्थापित होने के पहले लंबे समय तक ब्राह्मण राज्य करते रहे। बाद में यह ब्राह्मण राज्य नष्ट होने पर राजवंश के लोगों को चित्तौड़ राज्य में शरण लेनी पड़ी। कुछ सौ वर्षों तक वहाँ रहने के बाद उन के वंशज पुनः हाड़ौती में लौट आए। यहाँ के निवासियों से उन्हें सम्मान मिला, राजा तो वे हो नहीं सकते थे। लेकिन वे वापस लौट कर जहाँ भी बसे वहाँ तुंरत ही ग्राम-गुरु हो गए और हाड़ा सामंतों से भी उन्हें सम्मान मिला। पूर्वजों के राजा होने का स्वाभिमान शायद उन में अब भी शेष था। इस लिए यदि कभी किसी सामंत से टकराहट हो जाती तो वे गाँव छोड़ दिया करते थे। यही कारण हमारे पूर्वजों का खेड़ली ग्राम को छोड़ने का रहा। उन्हों ने सामंत से अपने रिश्ते न तोड़े लेकिन गाँव छोड़ दिया। मेरे दादा जी कहा करते थे कि उन के पिताजी खेड़ली छोड़ कर गैंता आ गए थे और कहते थे कि खेड़ली जाना तो सही पर कभी रात वहाँ न रुकना। गैंता कोटा राज्य का भाग होते हुए भी काफी स्वतंत्र था। वहाँ किसी तरह के व्यापार पर कोई टैक्स न था। चंबल के किनारे होने के कारण नदी में चलने वाली नावों से माल गैंता आता और इलाके के लोग वहीं से माल खरीदते। इस तरह गैंता व्यापारिक केंद्र होने से बहुत संपन्न था। आज उसे भले ही गाँव की संज्ञा दी जाती हो, पर सत्तर-अस्सी वर्ष पहले तक वह एक नगर की भाँति ही रहा होगा। 

पारिवारिक कामों से मैं बचपन से ही डूंगरली जाता रहा। वहाँ जो मूर्ति अब स्थापित है वह मुझे आकर्षित करती रही। इस मूर्ति में हनुमान जी के बाएँ पैर के नीचे एक शत्रु दबा हुआ है, दायाँ पैर नीचे भूमि पर है, दायाँ हाथ मुड़ कर कमर पर टिका हुआ है और बायाँ हाथ सिर के ऊपर है। यह एक नृत्य मुद्रा है। जैसे हनुमान जी शत्रु को परास्त कर उस की छाती पर पैर रख कर नृ्त्य कर रहे हों। किवदन्ती को बचपन में मैं सही मानता था। लेकिन धीरे-धीरे उस पर से विश्वास समाप्त हो गया और मैं उस मूर्तिकार का प्रशंसक होता चला गया जिस ने उस मूर्ति को गढ़ा था। उस ने शत्रु को परास्त करने के बाद के उल्लास को उस मूर्ति में व्यक्त करने का प्रयत्न किया था। बाद में मुझे यह भी पता लगा कि इस रूप की यह मूर्ति अकेली नहीं है। भीलवाड़ा जिले में एक प्राचीन स्थान मैनाल में और जयपुर के जौहरी बाजार के प्रसिद्ध हनुमान जी की मूर्तियाँ भी इसी मूर्ति की प्रतिकृति हैं, जैसे एक ही मूर्तिकार ने इन तीनों मूर्तियों को गढ़ा हो।  

कोटा से कोई बीस किलोमीटर चले होंगे कि आगे एक कार और दिखाई दी। उसे देख पत्नी जी कहने लगी ये भी कहीं पूजा करने जा रहे हैं, कार में पीछे माला दिखाई दे रही है। मैं ने कार की ओर ध्यान दिया तो पता लगा वह चाचा जी के लड़के राकेश की कार है। कोई पाँच किलोमीटर तक मैं उस कार के पीछे-पीछे चलाता रहा। पर वह अत्यन्त धीमी चाल से चल रही थी। आखिर मैं ने अपनी कार आगे निकाल ली। रास्ते में इटावा में रुक कर हमने पान लिए। यह पान की दुकान मेरे एक मित्र की होती थी, लेकिन वह या उस के परिवार का कोई दुकान पर दिखाई न दिया। पूछने पर पता लगा कि मित्र इटावा छोड़ कर श्योपुर रहने लगा है, दुकान किराए पर दे दी है। इटावा से ही एक सड़क गैंता तक जाती है। गैंता में हमारे पूर्वजों चार पीढ़ियों ने निवास किया है। अभी भी वहाँ परिवार की कुछ कृषि भूमि, मकान और दो दुकानें मौजूद हैं। मैं ने पत्नी और बच्चों को उकसाया। गैंता देखना हो तो वापसी में चल चलेंगे। उन में से किसी ने कभी इस गाँव में कदम भी न रखा था। वे कहने लगे चले चलेंगे। 

म डूंगरली मंदिर पर पहुँचे तो जैसी मुझे आशा थी हनुमान मूर्ति पर श्रृंगार किया हुआ था। लेकिन इस से मूर्ति के दोनों हाथ दब गए थे और दिखाई ही नहीं पड़ रहे थे। इस श्रृंगार ने मूर्ति के उस स्वाभाविक सौन्दर्य और भाव को नष्ट कर दिया था जिस के लिए मूर्तिकार ने उसे गढ़ा था। मेरा मन श्रृंगारिकों के प्रति निराशा से भर गया। पहले जब हम आते थे तो कई दिनों से मूर्ति का श्रंगार नहीं हुआ होता था। हम मूर्ति को स्नान करवा कर उस पर चमेली के तेल और सिंदूर चढ़ाते थे। फिर सफेद और रंगीन पन्नियों से इस तरह सजाते थे कि मूर्तिकार का भाव सौन्दर्य द्विगुणित हो जाए। लेकिन जिस तरह का श्रंगार किया हुआ था उस पर ऐसी गुंजाइश न थी। हम ने दर्शन किए। पत्नी जी ने पूजा की सामग्री दी जिस से पूजा कर दी गई। तेल की पूरी शीशी मूर्ति में हनुमान के पैरों तले दबे शत्रु पर उड़ेल दी गई, फिर वहीं कुछ सिंदूर पोत कर चांदी वर्क चढ़ा दिया गया। शेष पूजा भी वहीं शत्रु पर समर्पित हो गई। कुछ ही देर में चाचा जी, राकेश, राकेश की पत्नी और पुत्र व राकेश के छोटे भाई का पुत्र भी वहाँ पहुँच गए। उन की पूजा आरंभ हो गई। यह पूजा भी पूरी तरह शत्रु को ही झेलनी पड़ी।   मैं हनुमान की शत्रु पर हुई कृपा पर मुस्कुरा उठा। लगता था हनुमान जी भी अपने सैंकड़ों भक्तों द्वारा बार-बार की जा रही पूजा से तंग आ गए हों और पैर के नीचे दबे शत्रु से कह रहे हों भाई तेरी वजह से मुझे इतना महत्व मिला है, मुझे तो इसी श्रंगार में रहने दो, मैं सदियों से नृत्य मुद्रा में खड़े-खड़े थक भी गया हूँ, अब अधिक पूजा मुझ से झेली नहीं जाती, बाकी की पूजा तू ही झेल! चाचा जी भोजन तैयार कर लाए थे। हम से बहुत आग्रह किया कि हम भी भोजन करें। लेकिन हम चल दिए, हमें गैंता भी जाना था। 

सोमवार, 11 अप्रैल 2011

इस के हिस्से में आख़िर ये रोशनी क्यूँ है

हमद सिराज फ़ारूक़ी एम.ए. (उर्दू) हैं, लेकिन यहाँ कोटा में अपना निजि व्यवसाय करते हैं। जिन्दगी की जद्दोजहद के दौरान अपने अनुभवों और विचारों को ग़ज़लों के माध्यम से उकेरते भी हैं। 'विकल्प' जनसांस्कृतिक  मंच कोटा द्वारा प्रकाशित बीस रचनाओं की एक छोटी सी पुस्तिका उन का पहला और एक मात्र प्रकाशन है। अपने और अपने जैसे लोगों के सच को वे किस खूबी से कहते हैं, यह इस ग़ज़ल में देखा जा सकता है .......

'ग़ज़ल'

इस के हिस्से में आख़िर ये रोशनी क्यूँ है

  • हमद सिराज फ़ारूक़ी

बढ़ी है मुल्क में दौलत तो मुफ़लिसी क्यूँ है
हमारे घर में हर इक चीज़ की कमी क्यूँ है

मिला कहीं जो समंदर तो उस से पूछूंगा
मेरे नसीब में आख़िर ये तिश्नगी क्यूँ है

इसीलिए तो है ख़ाइफ ये चांद जुगनू से 
कि इस के हिस्से में आख़िर ये रोशनी क्यूँ है

ये एक रात में क्या हो गया है बस्ती को
कोई बताए यहाँ इतनी ख़ामुशी क्यूँ है

किसी को इतनी भी फ़ुरसत नहीं कि देख तो ले
ये लाश किस की है कल से यहीँ पड़ी क्यूँ है

जला के खुद को जो देता है रोशनी सब को
उसी चराग़ की क़िस्मत तीरगी क्यूँ है

हरेक राह यही पूछती है हम से 'सिराज' 
सफ़र की धूल मुक़द्दर में आज भी क्यूँ है



............................................................................................................

रविवार, 10 अप्रैल 2011

दुर्ग इनका तोड़ना पड़ेगा दोस्तों

अखिलेश 'अंजुम'
    खिलेश जी वरिष्ठ कवि हैं। मैं उन्हें 1980 से जानता हूँ। काव्य गोष्ठियों और मुशायरों में जब वे अपने मधुर स्वर से तरन्नुम में अपनी ग़ज़लें प्रस्तुत करते हैं तो हर शैर पर वाह! निकले बिना नहीं रहती। मैं उन का कोई शैर कोई कविता ऐसी नहीं जानता जिस पर मेरे दिल से वाह! न निकली हो। उन्हों नें ग़जलों के अतिरिक्त गीत और कविताएँ भी लिखी जिन्हों ने धर्मयुग, साप्ताहिक हिन्दुस्तान, नवभारत टाइम्स, दैनिक हिन्दुस्तान, कादम्बिनी, नवनीत जैसी देश की महत्वपूर्ण पत्र-पत्रिकाओं में स्थान पाया। वे सदैव साहित्यिक संस्थाओं से जुड़े रहे। वे आज भी विकल्प जनसांस्कृतिक मंच के सक्रिय पदाधिकारी हैं। आठ अप्रेल 2011 की शाम इंडिया अगेन्स्ट करप्शन आंदोलन के संबंध में नगर की गैरराजनैतिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक में अखिलेश जी मिले। उन्हों ने अपने एक गीत का उल्लेख किया। मैं यहाँ वही गीत आप के लिए प्रस्तुत कर  रहा हूँ। 

    दुर्ग इनका तोड़ना पड़ेगा दोस्तों

    • अखिलेश 'अंजुम'


    आम आदमी का क़त्ल खेल हो न जाए
    लोकतंत्र देश में मखौल हो न जाए
    और देश फिर कहीं ये जेल हो न जाए
    न्यायपालिका कहीं रखैल हो न जाए

    आप को ही सोचना पड़ेगा दोस्तों
    ये प्रवाह रोकना पड़ेगा दोस्तों।

    बढ़ रहा है छल-कपट-गुनाह का चलन
    और बदल रहा है ज़िन्दगी का व्याकरण
    प्रहरियों का हो गया है भ्रष्ट आचरण 
    भ्रष्टता को राजनीति कर रही नमन

    क़ायदे-नियम यहाँ पे अस्त-व्यस्त हैं
    मंत्रियों में कातिलों के सरपरस्त हैं
    देश इनकी दोस्तों जागीर हो न जाए
    और ये हमारी तक़दीर हो न जाए

    आप को ही सोचना पड़ेगा दोस्तों
    दुर्ग इनका तोड़ना पड़ेगा दोस्तों।

    धर्म जिसने जोड़ना सिखाया था हमें
    रास्ता उजालों का दिखाया था हमें
    आज वो ही धर्म है सबब तनाव का
    जिसने कर दिया है लाल रंग चुनाव का

    आदमी की जान है तो ये जहान है
    धर्म है, चुनाव और संविधान है
    मज़हबों के नाम  पर न तोड़िए हमें
    राह पर गुनाह की न मोड़िए हमें

    तोड़ने की साज़िशों का काम हो न जाए
    धर्म, राजनीति का गुलाम हो न जाए

    आप को ही सोचना पड़ेगा दोस्तों
    कुछ निदान खोजना पड़ेगा दोस्तों।

    चाह आज जीने की बबूल हो गई 
    हर खुशी हमारी आज शूल हो गई
    बोझ से दबी हुई हर एक साँस है
    आज आम आदमी बड़ा उदास है

    जानकर कि दुश्मनों के साथ कौन हैं
    जानकर कि साजिशों के साथ कौन हैं
    अब सितम का हर रिवाज़ तोड़ने उठो
    अब सितम की गर्दनें मरोड़ने उठो 

    चेतना का कारवाँ ये थम कहीं न जाए
    धमनियों का ख़ून जम कहीं न जाए

    आप को ही सोचना पड़ेगा दोस्तों 
    आँसुओं को पोंछना पड़ेगा दोस्तों। 

    शनिवार, 9 अप्रैल 2011

    भ्रष्टाचार के विरुद्ध वातावरण का निर्माण करेंगे


    ल शाम की बैठक में सौ से कुछ अधिक लोग अपने संगठनों के प्रतिनिधि के रूप में एकत्र हुए थे। इसलिए कि जन-लोकपाल-विधेयक के लिए चल रही लड़ाई में कोटा का क्या योगदान हो। तरह तरह के सुझाव आए। सभी अपना अपना तरीका बता रहे थे। आखिर अगले तीन दिनों का कार्यक्रम तय करने के लिए एक पाँच व्यक्तियों की समिति बना ली गई। सुबह साढ़े नौ बजे गांधी चौक पर एकत्र हो कर विवेकानंद सर्किल तक एक जलूस निकाला जाना तय हुआ। कुछ नौजवान तुरन्त ही आमरण अनशन पर बैठने को उतारू थे। लेकिन उन्हें समझाया गया कि इस की अभी आवश्यकता नहीं है। यदि आवश्यकता होने पर अवश्य ही उन्हें यह काम करना चाहिए। सब लोग अलग अलग संगठनों से थे लेकिन एक बात पर सहमति थी कि जो कुछ भी किया जाए वह अनुशासन में हो और लगातार गति बनी रहे। 

    स बैठक में यह आम राय थी कि जन-लोकपाल-विधेयक बन जाने से बदलाव आ जाएगा, इस बात का उन्हें कोई भ्रम नहीं है। वस्तुतः देश में बदलाव के लिए लंबी लड़ाई लड़नी पड़ेगी, जनता को संगठित करना पड़ेगा। इस के साथ ही लोगों में जो गलत मूल्य पैदा हो गए हैं उन्हें समाप्त करने और सामाजिक मूल्यों को स्थापित करने के लिए सतत संघर्ष चलाना पड़ेगा। इस सतत संघर्ष के लिए सतत प्रयासरत रहना होगा। बैठक समाप्त होने के उपरान्त जैसे ही मैं घर पहुँचा टीवी से पता लगा कि सरकार और इंडिया अगेन्स्ट करप्शन के बीच समझौता होने वाला है। देर रात जन्तर-मन्तर पर विजय का जश्न आरंभ हो चुका था।

    सुबह लोग गांधी चौक पर जलूस के लिए एकत्र हुए। लेकिन संघर्ष का जलूस अब एक विजय जलूस में परिवर्तित हो चुका था। नौजवान लोग पटाखे छुड़ाने को उतारू थे। लेकिन पूछ रहे थे कि क्या वे इस जलूस में पटाखे छुड़ा सकते हैं। समिति ने तुरंत अनुमति दे दी। पटाखे छूटने लगे, जश्न मनने लगा। जब जलूस अपने गंतव्य पर पहुँचा तो लोगों ने अपने अपने विचार प्रकट किए। सभी का विचार था कि देश में बदलाव के लिए संघर्ष का एक युग आज से आरंभ हुआ है। इस कारण कल जिस एकता का निर्माण हुआ है उसे भविष्य के संघर्ष के लिए आगे बढ़ाना है। हर मुहल्ले में जनता को संगठित करना है और भ्रष्टाचार के विरुद्ध वातावरण का निर्माण करना है।  

    जीत का जश्न मनाएँ! अपनी एकता और संघर्ष को जीवित रखें और आगे बढ़ाएँ!!

    भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन लोकपाल बिल अब सपना नहीं रहा है। सरकार को अण्णा हजारे के अनशन को लगातार मिल रहे और बढ़ रहे जन समर्थन के सामने झुकना पड़ा है। अण्णा हजारे द्वारा जन लोकपाल बिल को कानून की शक्ल देने के लिए जरूरी सभी मांगों को केन्द्र सरकार ने स्वीकार कर लिया। सुबह दस बजे के पहले तक इस पर सरकार का आदेश जारी होने की संभावना है। अण्णा ने सुबह साढ़े दस बजे अपना अनशन समाप्त करने की घोषणा कर दी है। जन्तर-मन्तर नई दिल्ली पर हजारों की संख्या में लोग जुटे हैं और जनता की इस जीत का जश्न मनाने में लगे हैं। असली जश्न तो सुबह सारा देश मनाएगा तब जब कि अन्ना अपना अनशन समाप्त करेंगे।अनशन समाप्त करने की घोषणा करने के पहले अण्णा हजारे ने स्पष्ट कर दिया था कि यह लड़ाई यहाँ समाप्त नहीं हुई है। यह देश को भ्रष्टाचार से मुक्त कराने और देश की जनता की समस्याओं की समाप्ति तक जारी रहेगी। जितने लोग इस आंदोलन में साथ थे उन का नजरिया स्पष्ट था कि संघर्ष जारी रहेगा।
    सारा देश भ्रष्टाचार से त्रस्त था। उसे मार्ग ही नहीं मिल रहा था। मार्ग निकला जन-लोकपाल-बिल के प्रस्ताव और उस पर संघर्ष से। जैसे ही अण्णा हजारे ने अपना अनशन आरंभ किया देश भर में लोग एकजुट होना आरंभ हो गए। हर किसी ने अपनी भूमिका अदा करना आरंभ कर दिया। जिस तेजी से लोग जन्तर-मन्तर की ओर दौड़ने लगे उसी तेजी से देश भर में भी इस आंदोलन के समर्थन में लोगों की बैठकें होने लगीं, देश को जोड़ने का अभियान सा देश भर में आरंभ हो गया। इस आंदोलन का समय भी बहुत सटीक था। एक और देश ने एक  दिवसीय क्रिकेट विश्वकप जीता ही था, जिस से देश भर की भावनाएँ एक जुट थीं।  दूसरी ओर सरकार और राजनेताओं के सामने कुछ राज्यों के चुनाव सामने खड़े थे। ऐसी परिस्थितियों में कोई भी सरकार या राजनैतिक दल किसी भी तरह जनता को नाराज नहीं करना चाहता था। चुनाव पूर्व का समय ही ऐसा होता है जब राजनैतिक दल और उन के नेता सब से कमजोर स्थिति में होते हैं। इन सब परिस्थितियों का लाभ भी इस आन्दोलन को प्राप्त हुआ। लेकिन सारी परिस्थितियाँ अनुकूल होते हुए भी सब कुछ ठीक नहीं होता। उस समय एक धक्का पर्याप्त होता है तंत्र को मनचाही दिशा में ले जाने के लिए वही यहाँ हुआ। अण्णा के अनशन और देशवासियों के व्यापक जन समर्थन ने उसे दिशा दे दी जिस से देश की जनता को यह उपलब्धि हासिल हुई। हमें इस से यह सबक लेना चाहिए कि परिस्थितियाँ बने तो उन का लाभ व्यापक जनता के हित में किए जाने के लिए जनता को संगठित और तैयार रहने की आवश्यकता है। 
    स आन्दोलन में उन सैंकड़ों-हजारों जन संगठनों की भूमिका के महत्व से नकारा नहीं जा सकता जिन्हों ने रातों-रात इस आंदोलन का समर्थन किया और इस के लिए जन-समर्थन जुटाने के लिए रात-दिन एक किया। ये वे ही संगठन थे जो कि छोटे-छोटे स्तरों पर वर्षों से सक्रिय थे। इस से जो सबक हम सीख सकते हैं वह बहुत महत्वपूर्ण है। जनता को हर स्तर पर संगठित रहना चाहिए। किसी भी जीत का लाभ भी जनता को तभी मिल सकता है जब कि वह संगठित रहे। एक अकेला व्यक्ति टूट जाता है। लेकिन जब लोग सामुहिक हितों के लिए इकट्ठा हो जाते हैं तो व्यक्ति-व्यक्ति में आत्मविश्वास का पौधा अंकुराने लगता है।  हम लोकपाल कानून अस्तित्व में आ जाने के बाद भी भ्रष्टाचार को समाप्त करने की मुहिम लगातार चलानी पड़ेगी और वह तभी संभव है जब जनता संगठन में रहे। हमें अपने आस-पास के जन संगठनों को मजबूत करना चाहिए और जहाँ संगठन नहीं हैं वहाँ संगठनों का निर्माण करना चाहिए। इन संगठनों को चुनावी राजनीति और चुनावी राजनेताओं से दूर रखना चाहिए। 

    देश की सारी जनता को इस जीत पर अशेष बधाइयाँ। 
    म सभी को संकल्प करना चाहिए कि हम अपने निजि जीवन में भ्रष्टाचार को न अपनाएँ, जहाँ भी वह नजर आए उसे नष्ट करने के लिए व्यक्तिगत और सामाजिक संघर्ष चलाएँ। एकता और संघर्ष-संघर्ष और एकता ही सफलता की कुंजी है।

    गुरुवार, 7 अप्रैल 2011

    भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन अवसर को निजि हित में इस्तेमाल करने वालों से बचे

    भ्रष्टाचार विरोधी जन अभियान की आँच देश के कोने कोने तक पहुँच रही है। ऐसे में मेरा नगर कोटा कैसे चुप रह सकता था। यहाँ भी गतिविधियाँ आरंभ हो गई हैं। गतिविधियों की एक रपट अख्तर खान अकेला ने अपने ब्लाग पर यहाँ प्रस्तुत की है। कल शाम बहुत से गैर राजनैतिक संगठनों के प्रतिनिधियों की एक बैठक बुलाई गई है। उस में कोटा में इस आन्दोलन को आगे बढ़ाने की योजना पर विचार होगा। इस बैठक में उपस्थित रहने का मेरा पूरा प्रयास रहेगा।
    ज कोटा न्यायालय में भी इस आंदोलन की सुगबुगाहट रही। वकील आपस में बातें करते रहे कि उन्हें भी इस मामले में कुछ करना चाहिए। किसी ने कहा कि कल वकीलों को न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर धरने पर बैठ जाना चाहिए। कुछ देर बाद दो वकील एक आवेदन पर वकीलों के हस्ताक्षर कराते दिखाई दिए। हर स्थान पर वकीलों का एक वर्ग होता है जो  इस तरह के मुवक्किलों का प्रतिनिधित्व करता है जिन्हें मुकदमे का निर्णय न होने में अधिक लाभ होता है। ये दीवानी मामलों के वे पक्षकार होते हैं जिन के विरुद्ध न्यायालय से राहत मांगी गई होती है। या फिर वे अभियुक्त होते हैं जिन्हें सजा का भय सताता रहता है और मुकदमे के निर्णय को टालते रहते हैं। यह वर्ग हमेशा इस तलाश में रहता है कि कोई मुद्दा मिले और वे न्यायिक कार्य का बहिष्कार (वकीलों की हड़ताल) कराएँ। वकीलों की हड़ताल कभी दो-चार लोगों या वकीलों के एक समूह के आव्हान पर नहीं होती। वह हमेशा अभिभाषक परिषद के निर्णय पर होती है। ये दोनों वकील अभिभाषक परिषद को कल की हड़ताल रखने के लिए परिषद को दिए जाने वाले ज्ञापन पर वकीलों के हस्ताक्षर प्राप्त करने का अभियान चला रहे थे।
    वे मेरे पास भी आए। मैं ने आवेदन पढ़ा और उस पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। उन्हों ने पूछा -आप अण्णा के आंदोलन का समर्थन करते हैं?  मैं ने कहा -हाँ। -तो फिर आप को इस आवेदन पर हस्ताक्षर कर देने चाहिए। मैंने उन्हें कहा कि अण्णा कामबंदी पसंद नहीं करते, आप अण्णा की शुचिता के विरुद्ध काम कर रहे हैं। आप को अण्णा के आंदोलन का समर्थन करना है तो अभिभाषक परिषद की आम-सभा बुलवाइए और उस में संकल्प लीजिए कि कोई भी वकील और उस का मुंशी अदालत के किसी भी क्लर्क, चपरासी, न्यायाधीश, सरकारी अभियोजक और पुलिसकर्मी को जीवन में कभी कोई रिश्वत नहीं देगा। यदि किसी वकील या उस के मुंशी का ऐसा करना प्रमाणित हुआ तो उसे त्वरित कार्यवाही कर के अभिभाषक परिषद की सदस्यता से जीवन भर के लिए निष्कासित कर दिया जाएगा और बार कौंसिल को यह सिफारिश की जाएगी कि वह उस का वकालत करने का अधिकार सदैव के लिए समाप्त कर दे। इतना सुनने पर दोनों वकील अपना आवेदन ले कर आगे बढ़ गए।
    मैं जानता था कि यदि सौ लोगों से हस्ताक्षर युक्त आवेदन भी अभिभाषक परिषद के पास पहुँचा तो कार्यकारिणी दिन भर के न्यायिक कार्य के बहिष्कार की घोषणा कर देगी। मैं तुरंत अभिभाषक परिषद के अध्यक्ष के पास पहुँचा और उन्हें एक लिखित पत्र दिया, कि कुछ लोग अण्णा के आन्दोलन का समर्थन करने के बहाने आप से कल न्यायिक कार्य स्थगित करने का निर्णय लेने के लिए वकीलों से हस्ताक्षर करवा रहे हैं। आवेदन कुछ ही देर में आप तक पहुँचेगा। किन्तु अण्णा कामबंदी पसंद नहीं करते। यदि अभिभाषक परिषद इस आंदोलन का समर्थन करती है तो सब से पहले उस के प्रत्येक सदस्य को यह संकल्प करना होगा कि वह स्वयं को आजीवन भ्रष्टाचार से मुक्त होने की घोषणा करे। इस के बाद ही इस आंदोलन के समर्थन में खड़ा हो और कामबंदी  बिलकुल न की जाए।
    शाम को अभिभाषक परिषद की कार्यकारिणी की बैठक हुई। मैं ने अभी परिषद के अध्यक्ष को फोन पर पूछा कि क्या  निर्णय लिया गया? तो उन्हों ने बताया कि केवल दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक न्यायिक कार्य को स्थगित किया जाएगा और सभी अभिभाषक इस अवधि में धरने पर उपस्थित हो कर अण्णा के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का समर्थन करेंगे। उन्हों ने बताया कि मेरे पत्र पर विचार किया गया था। लेकिन इस सम्बन्ध में आम राय होने पर ही कोई प्रस्ताव लिया जाना संभव है। 
    मेरा अपना मत है कि जो व्यक्ति स्वयं भ्रष्टाचार से दूर रहने का संकल्प नहीं करता है उसे इस आंदोलन का समर्थन करने और उस में शामिल होने का कोई अधिकार नहीं है। ऐसे लोगों के समर्थन और आंदोलन में  शिरकत से आंदोलन को मजबूती नहीं मिलेगी। ऐसे लोग आंदोलन को कमजोर ही कर सकते हैं। आम लोगों में हर घटना, हर अवसर को अपने निजि स्वार्थ के लिए उपयोग कर लेने की प्रवृत्ति होती है। लेकिन इस आंदोलन की सफलता इसी बात पर निर्भर करेगी कि वह ऐसी प्रवृत्ति पर काबू करने की समुचित व्यवस्था बनाए रखी जाए। हमारे यहाँ व्यवस्था गिराऊ आंदोलन सफलता प्राप्त कर सकते हैं। लेकिन एक व्यवस्था के गिरने पर कोई भी देश किसी निर्वात में नहीं जी सकता। उसे एक वैकल्पिक व्यवस्था दिया जाना आवश्यक है। यदि मजूबत वैकल्पिक व्यवस्था न मिले तो जिन प्रवृत्तियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए विजय प्राप्त की जाती है वे ही फिर से हावी हो कर नई व्यवस्था को पहले से अधिक प्रदूषित कर देती हैं। 

    बुधवार, 6 अप्रैल 2011

    राजनेता नहीं चाहिए

    भ्रष्टाचार से देश का हर व्यक्ति व्यथित है। सामाजिक जीवन का कोई हिस्सा नहीं जो इस भ्रष्टाचार से आप्लावित न हो। स्थिति यह हो गई है कि जिस के पास धन है, वह फूला नहीं समाता। वह अकड़ कर कहता है -कौन सा काम है जो मैं नहीं करवा सकता। मुझे कोई बत्तीस बरस पहले की एक मामूली उद्योगपति की बात स्मरण हो आई जिस की राजधानी में एक बड़ी फ्लोर मिल थी। वह कुछ दिनों के लिए एक दैनिक के सम्पादक मित्र का मेहमान था। मैं उन दिनों कानून की पढ़ाई करता था और उस दैनिक में उपसंपादक हुआ करता था।  उस उद्योगपति ने मुझ से कहा था। कभी सरकार में कोई भी काम हो तो बताना। मैं ने उसे कहा सरकार तो बदल जाती है। उस का उत्तर था कि मैं अपने कुर्ते की एक जेब में सरकार का एमएलए रखता हूँ तो दूसरी जेब में विपक्ष का एमएलए। निश्चित रूप से पिछले बत्तीस वर्षों में इस स्थिति में गुणात्मक विकास ही हुआ है। आज का उद्योगपति एमएलए नहीं एमपी और मंत्री तक को अपनी जेबों में रखने क्षमता रखता है।
    देश में जितना भ्रष्टाचार है उस की जन्मदाता यही उद्योगपति बिरादरी है। उन के इशारे पर कानून बनते हैं, यदि कानून उन के विरुद्ध बन भी जाएँ तो उन्हें उस की परवाह नहीं, वे जानते हैं कि सरकार उन के विरुद्ध कार्यवाही नहीं करेगी। जिस के पास सब से अधिक धन है वह देश का सब से इज्जतदार व्यक्ति है, चाहे वह  कितना ही बेईमान क्यों न हो। जिस के पास पैसा नहीं है वह चाहे कितना ही ईमानदार क्यों हो उस की काहे की इज्जत, राशनकार्ड दफ्तर का बाबू उस की इज्जत उतार सकता है। उस की बेटी की शादी में यदि दहेज या बारात के सत्कार में कुछ कमी हो जाए तो कोई अनजान बाराती भी उस की इज्जत उतार सकता है। हमने आजादी के बाद समाज में ऐसे ही मूल्य विकसित होने दिए हैं। हम ने भ्रष्टाचारी को प्रतिष्ठा दी है और ईमानदार लोगों को ठुकराया है। शहर में सब से अधिक काला धन रखने वाला व्यक्ति साल में माता का एक जागरण करवा कर या मंदिर बनवा कर सब से बड़ा धर्मात्मा और ईमानदार बन जाता है, और ईमानदारी से काम करने वाले को मजा चखा सकता है। मुखौटा पहन कर सब से बड़ा वेश्यागामी रामलीला में हनुमान का अभिनय कर सकता है, और जनता की जैजैकार का भागी हो जाता है।
    ह हमारा दोहरा चरित्र है। हम इस के आदी हो चुके हैं। हम इस से त्रस्त हैं, लेकिन इस किले में एक कील भी नहीं ठोकना चाहते। जब हमारी बारी आती है तो हम कहते है, हम कर भी क्या सकते हैं। एक चना भाड़ नहीं फोड़ सकता। चने का ही भुरकस निकल जाता है। आखिर हम बाल-बच्चे वाले इंसान हैं। हमारा आत्मविश्वास डगमगा गया है, हम कहते हैं सब कुछ ऐसे ही चलता रहेगा, कभी कुछ ठीक नहीं हो सकता। चार दिन पहले ही जब मैं ने कहा था कि क्रिकेट विश्वकप जीत का सबक 'एकता और संघर्ष' जनता के लिए मुक्ति का मार्ग खोल सकता है तो उस आलेख पर एक मित्र की टिप्पणी थी कि आप मुझे निराशावादी कह सकते हैं लेकिन इस देश में कभी कुछ नहीं हो सकता।  उन मित्र की इस निराशा में भी एक बात जरूर थी, वे इस व्यवस्था के समर्थक तो नहीं थे।
    र अब जब कि दो दिन पहले तक देश को क्रिकेट के नशे में डुबोने के भरपूर प्रयास किए जा रहे थे और देश भर उस नशे में डूबा दिखाई दे रहा था। अचानक अगले ही दिन वह उस नशे से मुक्त हो कर अण्णा हजारे के साथ खड़े होने की तैयारी कर रहा है। बहुत से लोगों ने अण्णा हजारे का नाम कल पहली बार सुना था और वे पूछ रहे थे कि ये कौन है? आज वे ही उस के साथ खड़े होने को इक्कट्ठे हो रहे हैं। गैर-राजनैतिक संगठन बनाने के लिए बैठकें कर रहे हैं। इस आलेख को लिखने के बीच ही एक मित्र का फोन आया कि परसों शाम बैठक है, आप को जरूर आना है। धन के कार्बन और राजनेताओं के गंधक/पोटाश ने देश के चप्पे-चप्पे पर जो बारूद बिछाया है वह एक स्थान पर इकट्ठा हो रहा है और कभी भी विस्फोट में बदल सकता है। अण्णा ने उस बारूद तक पहुंचने का मार्ग प्रस्तुत कर दिया है।
    ब अण्णा अनशन पर बैठने जा रहे थे तो मन में यह शंका थी कि कुछ घंटों में ही कुर्सी तृष्णा वाले राजनेता जरूर उन का पीछा करेंगे। यह आशंका सही सिद्ध हुई। वे अपनी कमीज को सफेद साबित करने के लिए अण्णा से मिलने पहुँचे। लेकिन जनता ने उन्हें बाहर से ही विदा कर दिया। यह सही है कि हमारी संसदीय राजनीति के सानिध्य ने किसी दल को अछूता नहीं छोड़ा। वे जिसे हाथ लगाते हैं वह मैला हो जाता है। इस काम को सिर्फ जनता के संगठन ही पूरा कर सकते हैं। राजनेता इस काम की गति में अवरोध और प्रदूषण ही पैदा कर सकते हैं। फिलहाल जनता ने उन्हें कह दिया है  -राजनेता नहीं चाहिए।

    सोमवार, 4 अप्रैल 2011

    बस पर किस का बस है

    प्राक्कथनः
    हम बस में सवार थे
    अचानक बस से उतार लिए गए
    सड़क रुकी हुई थी
    बसों, ट्रकों, जीपों कारों की कतार थी
    माजरा देखा
    बीच रास्ते पर शामियाना तना हुआ था
    अंदर एक सफेद पर्दे पर 
    प्रोजेक्टर से  निकली रोशनी
    खेल रही थी
    मैच चल रहा था विश्वकप का 
    कभी उतार तो कभी चढ़ाव
    आखिर मैच खत्म 
    जश्न शुरू हुआ
    नाचते गाते सुबह होने को हुई 
    तो सड़क साफ हुई हम फिर बस में थे

    .... और अब एक कविता अम्बिकादत्त की-

    बस पर किस का बस है

    • अम्बिकादत्त

    कोई नहीं जानता बस कहाँ जाएगी
    बस कुएँ में पड़ी बाल्टी की तरह है
    लोगों को पता है बस सरकारी है
    लोग जानते हैं बस घाटे में है
    लगो सोचते हैं बस कभी तो जाएगी
    लगो नहीं जानते बस कब जाएगी
    बस बंद है, जिन खिड़कियों में काँच नहीं है
    वे खिड़कियाँ भी बन्द हैं
    लोग आ रहे हैं, लोग जा रहे हैं
    सामान जमा रहे हैं, बीड़ियाँ सुलगा रहे हैं
    खटर-पटर सी मची है, बस चलेगी यह उम्मीद जगी हुई है
    सीट पर आराम से बैठा आदमी, आशंकित है
    ऊपर रखा सामान कभी भी उस के माथे पर गिर सकता है/ उस की सीट का नम्बर
    किसी और को मिल सकता है
    उफ! कितनी उमस है कितनी तकलीफ है
    थकान है फिजूल झगड़ा है, थोड़ी देर के सफर में भी सकून नहीं
    चलिए छोड़िए! जरा बताइए भाई साहब, कितना बजा है, बस कब जाएगी




    रविवार, 3 अप्रैल 2011

    क्रिकेट विश्वकप जीत का सबक 'एकता और संघर्ष' जनता के लिए मुक्ति का मार्ग खोल सकता है

    ट्ठाईस वर्षों के बाद आखिर एक बार फिर एक दिवसीय क्रिकेट का विश्वकप हासिल हो ही गया। लंबे समय बाद मिली इस विजय के नशे का जुनून बहुत समय तक रह पाएगा इस की उम्मीद कम है। किसी एक दिवसीय मैच में एक हार इस नशे को हवा कर देने के लिए पर्याप्त होगी। कल ही जब सहबाग मैच की पहली ही गेंद पर आउट हो गए और कुछ देर बाद सचिन भी चलते बने तो वर्ड कप जीत जाने के अहसास हवा होता नजर आया। जो स्टेडियम भारतीय दर्शकों के उल्लास भरी आवाजों से गूंज रहा था वहाँ ऐसी शांति छा गई कि एक छोटी चिड़िया की चहचहाहट भी सुनाई दे जाती। लेकिन इन आरंभिक झटकों के बाद भी ऐसे दर्शकों की कमी न थी जो यह कहते नहीं रुक रहे थे कि जीत तो भारतीय टीम की ही होगी। 
    कोई भी ...... कोई भी पहली गेंद पर आउट हो सकता था। इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरुस्कार प्राप्त करने वाले युवराज भी सेमीफाइनल में पहली गेंद पर आउट हुए थे। फाइनल मैच में सहबाग पहली गेंद पर आउट हो गए। किसी भी खिलाड़ी की एक पारी में सिर्फ एक गेंद होती है जिस पर वह आउट होता है।  अब यह संयोग ही है कि वह गेंद पहली होती है या सौवीं या कोई अन्य। यह भी हो सकता है कि ऐसी गेंद फेंके जाने के पहले ही मैच समाप्त हो जाए। ऐसे संयोग न हों या कोई ऐसा खिलाड़ी पैदा हो जाए जो आउट ही न हो तो खेल का सारा रोमांच ही नष्ट हो जाए। लेकिन मुश्किल से मुश्किल गेंद पर भी आउट न होने की महारत हासिल की जा सकती है। जो जितनी मुश्किल गेंदों पर खेलने की महारत हासिल कर लेता है वह अच्छा बल्लेबाज हो जाता है। इसी तरह माहिर खिलाड़ियों को आउट करने के लिए मुश्किल से मुश्किल गेंदे ईजाद की जाती रहती हैं। जो गेंदबाज हर समय नई गेंद ईजाद कर सकने की क्षमता रखता है वही श्रेष्ठ गेंदबाज हो जाता है। मानव शरीर का क्षमता विकसित करने का अद्भुद गुण हर समय मनुष्य को अपनी क्षमता विकसित करने में हमेशा मदद करता है। यही खेलों को जीवन्त बनाए रखने के लिए जिम्मेदार भी है। हमारे खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता को उस ऊँचाई तक विकसित किया से वे इस विश्व कप को जीत सके। इस के लिए वे सभी बधाई और देश की जनता के प्यार पाने के अधिकारी हैं।
    लेकिन केवल खिलाड़ियों के क्षमता हासिल कर लेने से ही जीतें हासिल नहीं हो जाती हैं। यदि ऐसा होता तो यह जीत पहले भी हासिल की जा सकती थी। किसी भी ऐसे क्षेत्र में जहाँ एक से अधिक लोग मिल कर ही जीत हासिल कर सकते हों वहाँ दो चीजों की आवश्यकता और होती है। पहली चीज है जीत के लिए आवश्यक व्यक्तियों की जीत के लक्ष्य के लिए अटूट एकता और दूसरी चीज है उस के लिए लगातार संघर्ष। यदि ये 'एकता और संघर्ष' न हों तो किसी भी क्षेत्र में कोई भी जीत कभी भी हासिल नहीं की जा सकती। 
    म इस जीत का ही उदाहरण लें। सचिन तेंदुलकर पिछले विश्वकप के पहले ही एक लीजेंड खिलाड़ी हो चुके थे। उन के पास क्रिकेट का हर रिकॉर्ड मौजूद था। वे कहने लगे थे कि इन सब रिकॉर्डों का कोई अर्थ नहीं है यदि इतने लंबे कैरियर में मैं किसी विश्वकप विजेता टीम का हिस्सा नहीं बन सका। ये वे यह समझ चुके थे कि कोई भी एक खिलाड़ी अपने दम पर इस तरह की जीत को हासिल नहीं कर सकता। विश्वकप हासिल करने की उन की भूख इतनी जबर्दस्त थी कि उन्हों ने अगले विश्वकप के हर संभावित खिलाड़ी को इस के लिए तैयार करना आरंभ किया। जीत के बाद कल जब युवराज से पूछा गया वह वैरी वैरी स्पेशल व्यक्ति कौन था जिस के लिए वह यह विश्वकप हासिल करने के लिए अपनी अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी? तो उस का जवाब था -वह व्यक्ति सचिन तेंदुलकर ही है। वह दो वर्ष से लगातार मुझे प्रोत्साहित कर रहा था, अगला विश्वकप जीतने के लिए तुम्हें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। कप्तान धोनी ने भी कल यह कहा था कि इस विश्वकप के लिए उन की तैयारी दो वर्ष से चल रही थी। अधिकांश खिलाड़ियों ने यदि यह कहा कि उन्हों ने यह विश्वकप सचिन के लिए जीता है तो गलत नहीं कहा। आखिर एक सचिन ही थे जिन्हों ने टीम के प्रत्येक खिला़ड़ी में यह भावना भर दी थी कि यह विश्वकप जीतना है। कप्तान धोनी ने जरूर सेनापति की भूमिका अदा की लेकिन जीत की प्रेरणा तो सचिन ही थे। एक सचिन ही थे जो इस काम को सही तरीके से अंजाम दे सकते थे। वह इसलिए कि वे अपने व्यक्तिगत कौशल से इतने कीर्तिमान स्थापित कर चुके थे कि सारी टीम के प्रेरणा के स्रोत बन चुके थे। टीम में उन से ईर्ष्या करने वाला कोई नहीं था, वे सब के लिए आदर्श बन चुके थे। उन्हों ने वह भूमिका अदा की जो भारत को सिंकदर के आक्रमण से बचाने के लिए विष्णुगुप्त चाणक्य ने अदा की थी। लगातार खेलते हुए छोटी-छोटी जीतों के जरिए टीम की एकता को मजबूत करना, फिर संघर्ष के जरिए बड़ी एकता हासिल करने का मार्ग ही इस तरह की विश्वव्यापी विजय का मार्ग प्रशस्त करता है।   
    प्रत्येक भारतीय को इस जीत का सबक सीख लेना चाहिए। 'एकता और संघर्ष' का यह सबक प्रत्येक जीत का मूल मंत्र है। इस मंत्र के माध्यम से कैसे भी शत्रु को परास्त किया जा सकता है। हमारी टीम ने एक दिवसीय क्रिकेट का विश्वकप हासिल कर लिया है, लेकिन उस ने जो मार्ग इस देश की जनता को दिखाया है उस पर चल कर इस देश की जनता को बहुत जीतें हासिल करनी है। गरीबी, भूख, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, असमानता, अन्याय, अत्याचार जैसी अनेक समस्याएँ देश के समक्ष मुहँ बाए खड़ी हैं। जब भी इन समस्याओं से निपटने की बात की जाती है तो निराशा में भरे लोग कहने लगते हैं कि कुछ नहीं होने का। जो भी इन समस्याओं से लड़ने चलता है वह जल्दी ही प्रतिआक्रमणों से धराशाई हो जाता है। आखिर ये सारी समस्याएँ व्यवस्था की देन हैं। व्यवस्था का मौजूदा ढ़ाँचा इन सारी समस्याओं का जनक है और इन से निपटने में पूरी तरह से अक्षम। हमें इन समस्याओं को समाप्त करने के लिए पूरी व्यवस्था से जूझना होगा, जो अब विश्व व्यवस्था से नाभिनालबद्ध है। इतने मजबूत शत्रु से एक व्यक्ति या कोई छोटा-मोटा समूह नहीं लड़ सकता। उस से लड़ने के लिए इस व्यवस्था की शिकार देश की बहुमत जनता को एकजुट होना होगा। यह एकता एक दिन में भी नहीं बनती। यह लगातार संघर्ष करते हुए बनती है। कुछ लोगों की एकता और संघर्ष, फिर संघर्ष के जरिए जुड़े लोगों के  साथ एकता का निर्माण और फिर संघर्ष..... । 'एकता और संघर्ष' का लगातार सिलसिला ही एक दिन उस वृहद् एकता तक हमें पहुँचा सकता है जो संघर्ष के जरिए मौजूदा जन विरोधी व्यवस्था को धराशाई कर एक जनपक्षीय जनतांत्रिक व्यवस्था स्थापित कर सकता है और जनता के लिए मुक्ति का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।

    शनिवार, 2 अप्रैल 2011

    ..... अम्माँ री ई S S S S S S ई मर गया S S S S S S आ .....

    सुनील रात को ही अम्माँ से कह कर सोया था कि वह सुबह उसे जल्दी उठा दे, उसे मैडम से कुछ जरूरी पाठ पढ़ने जाना है। वह अपने कॉलेज के सब से होनहार विद्यार्थियों में एक था। पढ़ाई तो पढ़ाई, कोई गतिविधि ऐसी न थी, जिस में उस का दखल न हो। हर कोई उस से प्रसन्न रहता था। अम्माँ ने उसे सुबह साढ़े पाँच बजे ही उठा दिया, उसे उठाने के पहले वह उस के लिए चाय बना चुकी थी। एक घंटे में स्नानादि से निवृत्त हो वह तैयार हो गया और अम्माँ को कह कर साइकिल उठा कर चल दिया। साइकिल उस की हिन्दी शिक्षक के घर की ओर चली जा रही थी। मैडम के घर  पहुँच कर उस ने साइकिल दरवाजे के बाहर ही खड़ी की और ताला लगा दिया। दरवाजे की घंटी बजाई। मैडम ऊपर से झाँकी और सुनील को देख कर कहा -दरवाजा खुला है, आ जाओ।
    दरवाजा धक्के से खुल गया। सुनील ने देखा वहाँ गीला हो रहा था, सीढ़ियों की ओर जाने वाले रास्ते में पानी था। सीढ़ियों के नीचे बने टॉयलेट से पानी बाहर आ रहा था। शायद नल खुला छूट गया था। वह उसे बंद करने लगा। नल बंद कर के जैसे ही वह मुडा़ उस का पैर फिसला, और वह गिरने लगा। संभलने के लिए उस ने हाथ को टिकाया तो सारा वजन उस पर पड़ा, उस की चीख निकल गई...... अम्माँ री ई S S S S S S ई मर गया S S S S S S आ .....
    सुनील की चीख सुन कर मैडम तेजी से जीना उतर कर नीचे आई तो सुनील हाथ पकड़े बैठा था। उस के चेहरे से लगता था जैसे उसे हाथ में असहनीय दर्द हो रहा है। सुनील ने बताया की हाथ में बहुत चोट लगी है। मैडम घबरा गई। तुरंत अस्पताल जाने को कहा। पर हाथ के कारण साइकिल तो वह चला नहीं सकता था। मैडम ने तुरंत अपनी मोपेड निकाली और सुनील को बैठा कर अस्पताल पहुँचाया। अस्पताल में ड्यूटी डाक्टर था। सुनील को उस की सामाजिक गतिविधियों के कारण जानता था और उस का मुरीद भी था। उस ने सुनील को देखा और अनुमान से कहा कि हाथ में फ्रेक्चर हो सकता है। पक्का पता तो एक्स-रे से ही चलेगा। आज तो रविवार है, एक्सरे तो कल ही हो सकेगा। तब तक कच्चा प्लास्टर लगा देना उचित रहेगा। तुरंत कंपाउंडर को बुलाया गया। कंपाउंडर ने प्लास्टर रूम में ले जा कर प्लास्टर चढ़ा दिया। तब तक आठ बजे थे। सुनील ने एक मित्र को मोबाइक ले कर बुला लिया था। वह दोस्त की मोबाइक पर घर चला आया।
    र पहुँचते ही कोहराम मच गया। छोरा अच्छा भला पढ़ने गया था, प्लास्टर में हाथ, वह भी गले से लटका हुआ, देख कर अम्माँ घबरा गई। सुनील ने सारा किस्सा सुनाया। साथ आए दोस्त को कहा कि दो किलो दूध ला कर घर में रख दे, अभी पता लगते ही लोग मिलने आने लगेंगे। थोड़ी देर में मोहल्ले और दोस्तों को पता लगा तो आने वालों का ताँता बंध गया। एक जाता तो दूसरा आ बैठता। अम्माँ सब से चाय के लिए पूछती। चाय की पतीली गैस पर चढ़ी तो दोपहर तक उतरी ही नहीं। लोग आते रहे। बैठते, चाय पीते और चल देते। रिश्तेदार भी आए। मामा जी उसे बहुत प्यार करते थे। सुनील को देख कर उन की आँखों में आँसू आ गए। वे बहुत देर साथ बैठे।
    दोपहर के दो बज गए थे। अम्माँ बार-बार भोजन के लिए पूछ रही थी। सुनील समझ नहीं रहा था कि मिलने वालों से कैसे पीछा छुड़ाए। आखिर ढाई बजे अम्माँ एक बार फिर भोजन के लिए कहने पहुँची तो बैठे हुए दोस्तों ने उस से कहा कि वह भोजन कर के थोडा़ आराम कर ले,  मिलने वाले तो आते ही रहेंगे। वह भोजन कर के फिर से बैठक में आ बैठा। दीवान पर लेट कर सोने की कोशिश की पर नींद कैसे आती, कोई उसे खाली छोड़ता तब न। आखिर उस के सब से प्रिय मित्र ने उसे कहा कि वह ऊपर अपने कमरे में जा कर अंदर से कुंडी लगा कर सो जाए। कोई आएगा तो वह मना कर देगा। सुनील जाने को तैयार न था। आखिर दोस्त के जबर्दस्ती करने पर वह साढ़े तीन बजे ऊपर अपने कमरे में चला गया। दोस्त ने नीचे बैठक पर कब्जा कर लिया। दोस्त आते तो वह कहता -सुनील बहुत मुश्किल से सोने गया है कम से कम शाम छह बजे तक तो उसे सो लेने दिया जाए। उस के बाद जगाएँगे। अम्माँ को भी राहत मिली वह भी कुछ देर आराम करने के लिए लेट गई।
    शाम साढ़े छह बजे तक सुनील सो कर नहीं उठा था। अम्माँ चाय बनाने लगी तो उस ने बैठक में सो रहे सुनील के दोस्त को जगा कर कहा कि सुनील को भी जगा दे, वह भी नीचे आ कर चाय पी लेगा। अब दोस्त सुनील को आवाजें लगाने लगा। पर लगता था सुनील को अच्छी नींद लग गई थी वह कुछ सुन ही नहीं रहा था। आखिर वह ऊपर गया और जोर जोर से सुनील के कमरे की कुंडी खटखटाने लगा। थोड़ी देर बाद सुनील की अलसाई सी आवाज आई -कौन है? तब दोस्त ने कहा -अम्माँ ने चाय बना ली है, पीने के लिए नीचे बुला रही है। सुनील ने कहा तुम चलो, मैं आता हूँ। दोस्त नीचे चला गया। कुछ देर बाद सुनील नीचे उतरा तो उस का प्लास्टर उतरा हुआ था और हाथ भी सीधा लटका हुआ था। उसे देख कर दोस्त ने पूछा -प्लास्टर? सुनील बोला -मुझे नहीं सुहाया तो ब्लेड से काट लिया। कल पक्का बंधेगा ही। दोस्त ने कहा तुमने खुद काट लिया? अब रात को हाथ इधऱ उधर हुआ और नुकसान हुआ तो? सुनील ने जोरदार ठहाका लगाया - हा हा हा हा हा हा हा हा...... सबको अप्रेल फूल बनाया। तभी अम्माँ चाय ले कर आई। और सुनील को ठहाका लगाते हुए देख कर स्तब्ध रह गई। फिर जैसे ही उसे माजरा समझ आया वह भी ठहाके में शामिल हो गई।
    दोस्त बहुत बेवकूफ बन चुका था। क्या कहता? वह चाय पीकर चुपचाप खिसक लिया। धीरे-धीरे सब को पता लग गया कि सुनील ने बड़े पैमाने पर अपनों को बेवकूफ बनाया है। सब दुबारा मिलने आए। मामा जी भी दुबारा मिलने आए। सुनील का हाथ सही सलामत देख कर खुश थे, पर जाते जाते सुनील के सिर में दो चपत जरूर लगा गए। सुनील का यह किस्सा कस्बे  के लोग अब चाव से बैठकों में सुनाते हैं।

    गुरुवार, 31 मार्च 2011

    शील ने इत्मिनान से क्रिकेट मैच देखा

    सुरेश के सुबह सो कर उठने के पहले अखबार आ जाता है। शील ही पहले उसे पढ़ती है। सुरेश यदि बीच में उठ जाए तो उसे कॉफी बना कर दे देती है और फिर अखबार पकड़ लेती है। जब तक पूरा न पढ़ लिया जाए, उसे नहीं छोड़ती। यह अपने शहर, देश दुनिया के बारे में ताजा होने का सब से अच्छा तरीका है। फिर उसे अक्सर यह भी तो देखना होता है कि उस दिन पूनम, प्रदोष या कृष्णपक्षीय चतुर्थी तो नहीं पड़ रही है या कोई ऐसा त्यौहार तो नहीं है जिस में व्रत या पूजा वगैरा करनी हो। कहीं ऐसा न हो कि उन में से कोई छूट जाए। सोने से ले कर दाल-चावल तक के भाव उसी से तो पता लगते हैं और किसी के मरने-गिरने की खबर भी। अखबार से उसे यह सब जानकारी सुबह-सुबह मिल जाती है और दिनचर्या तय करना आसान हो जाता है। उसी से उसे यह भी खबर लगती है कि आज अदालत में काम होगा या वकील लोग यूँ ही मुकदमों में तारीखें ले कर वापस लौटेंगे। पिछले दो-एक बरस से यह खूब होने लगा है। महीने में दो-चार दफ़े तो वकील हड़ताल कर ही देते हैं और साल में कम से कम एक बार लंबी हड़ताल  भी करते ही हैं। इस से वह जान जाती है कि सुरेश को दिन में आज कितनी फुरसत रहेगी? उसी हिसाब से वह सुरेश से करवाए जाने वाले बाहर के कामों की उसे याद दिलाती है। 
    शील को सप्ताह भर से ढोल पीट रहे टीवी चैनलों से पता चल गया था कि बुधवार को क्रिकेट विश्व-कप का फाइनल मैच होने वाला है। वह समझ गई थी कि सुरेश की कोशिश रहेगी कि ढ़ाई बजे के पहले घर पहुँच जाए और बिस्तर पर बैठे-लेटे वह मैच का आनंद ले सके। पहले तो सुरेश को क्रिकेट का बहुत ज़ुनून होता था। लेकिन अब उस पर उतना ध्यान नहीं देता। आखिर दे भी कब तक? वह ऐसा करने लगे तो धंधा ही चौपट हो जाए। फिर भी अगर भारत की टीम खेल रही हो तो मैच देखने की उस की कोशिश जरूर रहती है। उसे सुबह के अखबार से ही पता लग गया था कि आज के मैच के लिए वकील लोग अदालतों में काम नहीं करेंगे। सुबह जब सुरेश कॉफी पी रहा था तो शील ने पूछ लिया "आज अदालत में काम कितना है?" सुरेश भी अब इस तरह के सवालों का आदी हो चला है। वह तुरंत ही भाँप गया कि उसे कुछ काम बताया जाने वाला है। उस ने केवल इतना ही उत्तर दिया "कोई अधिक काम नहीं है।" तब शील ने बताया कि अदालत में तो आज वकील काम ही नहीं करेंगे। 
    -हाँ, काम तो नहीं करेंगे, लेकिन अदालत तो जाना पड़ेगा। जो मुकदमे आज लगे हैं उन में पेशी तो लानी पड़ेगी। तुम तो अपना काम बताओ जो मुझे करने के लिए कहने वाली हो। सुरेश ने कहा। 
    शील बताने लगी - मैं सोचती थी कि पोस्ट ऑफिस जा कर पोस्ट मास्टर को नया पता दे आओ। कहीं ऐसा न हो बच्चों की डिग्रियाँ आएँ और लौट कर फिर से युनिवर्सिटी चली जाएँ। फिर वहाँ से निकालना बहुत मुश्किल काम होगा। बच्चों को ही आ कर लेनी होंगी। वैसे भी वे घर कितने दिन के लिए आते हैं। फिर जब आते हैं तो युनिवर्सिटी में अवकाश होता है। वो गुप्ता जी की लड़की उसकी डिग्री आज तक भी युनिवर्सिटी से नहीं ला पाई है। जब गुप्ता जी पत्नी सहित एलटीसी पर गए थे तब आई थी, डाकिए ने लौटा दी। 
    शील कुछ देर के लिए रुकी तो सुरेश बोल उठा -अगला काम बताओ। एक वो आप के मिर्च वाले को फोन कर के पूछ लो कि वह मिर्चें कब ला कर देगा? गरमी धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है। अधिक देर हो गई तो उन्हें पीसने में परेशानी होगी। यदि वह एक दो दिनों में ला दे तो ठीक, वर्ना पोस्ट ऑफिस के नजदीक की दुकान पर अच्छी वाली मिर्चें हैं, आधा किलो लेते आना। बिलकुल खतम हो हो जाएंगी तो परेशानी आ जाएगी। गणगौर नजदीक है, गुणे तो बनाने पड़ेंगे। बिना मिर्च के तो बनने से रहे।
    ... और? सुरेश ने पूछा? 
    ..... यूआईटी हो कर भी आना। नयी आवासीय योजना में  प्लाटों के आवंटन के फार्म मिलने लगे हों तो वह भी लाना। गुल्लू कह रहा था कि इस बार जरूर भर देना चाहिए। यदि आवंटन मिल गया तो फायदा हो जाएगा। उसे वैसे भी इस बार प्रोपर्टी में इन्वेस्ट के लिए लोन लेना पड़ेगा। वर्ना बहुत सा पैसा सिर्फ इन्कमटैक्स में कट जाएगा। गुल्लू की सैलरी स्लिप ले जा कर लोन एजेंट को दिखा कर पूछ भी लेना कि उसे कितना लोन मिल सकता है। 
    ... और?  इस बार सुरेश ने पूछा तो यकायक शील हँस पड़ी। कहने लगी - आज के लिए इतना ही बहुत है, फिर अदालत जा कर आज की पेशियाँ भी तो लेनी हैं और  फिर मैच भी तो देखना है। आज शाम तुम्हें दूध लेने नहीं जाना है, मैं ने गाँव वाले से एक किलो ले लिया है। 
    सुरेश कहने लगा -कभी कभी बहुत समझदारी करती हो। सच में, आज मैच शाम पाँच बजे क्रिटिकल हो जाता तो मैं नहीं ही जाता।
    -कभी कभी क्यों जनाब? हमेशा क्यों नहीं कहते। क्या कभी मैं ने कोई बेवकूफी भी की है? 
    सुरेश की कॉफी कभी की खत्म हो चुकी थी, तम्बाकू को चूने के साथ घिस कर सुपारी मिला कर भी फाँक चुका था। वह उठा टॉयलेट में घुसते हुए बोला -मुझे बता कर दिन थो़ड़े ही खराब करना है। शील फिर हँस पड़ी। स्नानादि से निवृत्त हो कर सुरेश ने भोजन किया और निकल गया। उस ने शील के बताए सारे काम कर डाले थे। अदालत पहुँचा तो दुपहर का अवकाश होने में पंद्रह मिनट ही शेष बचे थे। उसे रोज ही अपनी कार पार्क करने के लिए जगह तलाशनी पड़ती थी। कभी कभी तो इस तलाश में कार को एक किलोमीटर बेशी चलाना पड़ जाता था। पर आज तो सारी ही जगह खाली पड़ी थी। कार को एक पेड़ की छाँह भी मिल गई थी। वरना कई सप्ताह से कार दिन फर धूप में तपती रहती थी। ज्यादातर लोग अपना काम निपटा कर घरों को जा चुके थे। अदालत में सन्नाटा पसरा था। मुवक्किलों का तो नाम भी नहीं था। वहाँ या तो अदालतों के कर्मचारी थे या फिर कुछ वकील, मुंशी और टाइपिस्ट आदि ही बचे थे। उन में से भी कुछ जाने की तैयारी में थे। कुछ ने मैच की एक पारी यहीं बार एसोसिएशन के टीवी पर मैच देखना था। जब भीड़ मैच देखती है तो उस का आनंद कुछ और ही होता है। 
    सुरेश ने जल्दी-जल्दी देखा कि उस के आज के मुकदमों की तारीख उस के जूनियर और मुंशी ले आए हैं या नहीं। देखा कि एक-दो ही मुकदमे रह गए हैं तो मुंशी को हिदायत दी कि लंच होने के पहले ही शेष तारीखें भी नोट कर ले और बस्ता गा़ड़ी में रख दे। मुंशी ने एक दो नोटिसों पर दस्तखत कराए, जिन्हें आज ही डिस्पैच करना था। कुछ और अदालती कागजों पर दस्तखत करने के बाद सुरेश अपनी लंच-टीम के साथ चाय के लिए निकल गया। उस ने साथियों से पूछा -मैच देखने की क्या तैयारी है? अधिकतर चाय के बाद घर जाने वाले थे। एक दो ने वहीं मैच देखना था। जगदीश कोई गाना गुनगुना रहा था। सुरेश ने पूछा -क्या गुनगुना रहे हो?
    -कुछ नहीं, यार! हर कोई ऐरा-गैरा, नत्थू खैरा किरकेट पर गाना बना रहा है तो मैं ने सोचा मैं भी क्यूँ न बना दू? 
    -फिर कुछ सूझा? सुरेश ने पूछा।
    -हाँ, दो पंक्तियाँ तो सूझ गई हैं। पर गाड़ी आगे बढ़ ही नहीं रही है। 
    -तो दो ही सुना दो। गाना वर्डकप फाईनल शुरू होने तक तो बन ही जाएगा। पूरा तब सुन लेंगे। 
    - तो सुन ही लो। जगदीश सचमुच गाने लगा ....

    देखो देखो देखो S S S S S S S S ओ
    किरकट का मैच देखो S S S S S S S S ओ
    भारत-पाक भिड़ते देखो S S S S S S S S ओ
    भूलो भूलो भूलो S S S S S S S S ओ
    राष्ट्रमण्डल को भूलो S S S S S S S S ओ
    धोनी-सहबाग-सचिन याद रखो S S S S S ओ
    भूलो भूलो भूलो S S S S S S S S ओ
    कलमाड़ी की कालिख भूलो S S S S S S ओ
    देखो देखो देखो S S S S S S S S ओ
    किरकट का मैच देखो S S S S S S S S ओ ...

    सुरेश ने जगदीश को बाहों में भर लिया। उस्ताद आज तो मिर्जा और मीर भी तुम्हें दाद दे रहे होंगे। 

    चाय से निपट कर सुरेश घर पहुँचा तो टीवी से मैच की आवाजें आ रही थीं। उसे बहुत आश्चर्य हुआ कि पंद्रह दिन पहले तक अपने फेवराइट सीरियल के समय शील उसे कहती थी कि वह मैच इंटरनेट पर देख ले।  आज अपने फेवराइट सीरियल के समय क्रिकेट मैच देख रही है। उस ने गेट खोल कर कार अंदर रखी। शील ने दरवाजा खोला और तुरंत अंदर जा बैठी। बेडरूम का टीवी चल रहा था। दो ओवर हो चुके थे। शील जम कर बेड पर बैठ कर मैच देखने लगी। सुरेश ने कपड़े बदले और वह भी बेड पर लेट कर मैच देखने लगा। 
    शील ने पूरा मैच तन्मय हो कर देखा। आखिरी ओवर की पहली गेंद फेंकने के बाद जब सुरेश ने कहा कि अब भारत जीत गया। तो शील बोली -जीत गया, तो फिर अब गेंद क्यों फैंकी जा रही है? जब तक आखिरी पाक खिलाड़ी आउट न हो गया तब तक वह नहीं उठी। उठी तो सब से पहले घड़ी देखी। उस की प्रतिक्रिया थी -अरे! ग्यारह बज गए! मैं तो सोच रही थी अभी साढ़े नौ ही बजे होंगे।
    सुरेश ने कहा -अब भोजन भी बना लो। वर्ना जीत की खुशी में भूखा ही सोना पड़ेगा। 
    -भोजन मैं ने दो बजे के पहले ही बना लिया था। बस, गरम कर के लाती हूँ। 
    सुरेश सोच रहा था ... तो ये वजह थी, कि शील ने बड़े इत्मिनान से मैच देखा।

    मंगलवार, 29 मार्च 2011

    ज़ुनून और नशे का दौर क्यूँ?

    ज कुल जमा चार मुकदमे थे। सोचता था कि मध्यान्ह अवकाश के पहले ही कोर्ट का काम निपट लेगा और मैं कुछ घरेलू काम निपटा लूंगा। लेकिन सोचा हुआ कब होता है। एक मुकदमा बरसों से चल रहा है। विपक्षी के वकील मुझ से 11 वर्ष अधिक वरिष्ट हैं। वे मेरे उस्तादों में से एक हैं। अदालत भी उन की बहुत इज्जत करती है। वे यदि कह दें कि आज बहस का समय न मिलेगा तो अदालत को तारीख बदलनी ही होती है। आज वे मुकदमे में बिलकुल तैयार हो कर आए थे। मुझे भी प्रसन्नता हुई कि एक पुराने मुकदमे का निपटारा हो सकेगा। लेकिन मध्यान्ह के पहले जिला जज कुछ अधिक आवश्यक कामों में उलझे रहे। सुनवाई मध्यान्ह अवकाश के बाद के लिए टल गई। इस बीच एक अन्य न्यायालय में एक आवेदन का फैसला करवाया, तीसरा और चौथा मामला अदालत को समय न होने से आगे सरक गया। 
    ध्यान्ह दो बजे बाद मैं जिन कामों में जुटना चाहता था उन्हें स्थगित किया और ठीक सवा दो बजे जिला जज के यहाँ पहुँच गया। वरिष्ठ विपक्षी वकील भी ढाई बजे तक पहुँच गए और न्यायाधीश भी न्यायालय में विराज गए। लेकिन आते ही फिर कुछ कामों में ऐसे उलझे कि हमारे मुकदमे की और कोई तवज्जो नहीं हुई। मैं ने एक बार न्यायाधीश का ध्यान आकर्षित भी किया कि हम दोनों पक्ष के वकील हाजिर हैं हमारा मुकदमा सुन लिया जाए। हमे थोड़ा ठहरने को कहा गया। उसी वक्त एक कागज जिला जज के समक्ष लाया गया, जिसे पूरा पढ़ कर जज ने अजीब  तरीके से मुस्कुराते हुए कहा -अब ये भी कोई बात हुई? मैं ने पूछा -क्या हुआ? उत्तर था कि अभिभाषक परिषद का पत्र था कि कल भारत-पाक क्रिकेट मैच होने से वकील काम नहीं कर सकेंगे। न्यायिक कार्य स्थगित रखने में सहयोग किया जाए। सहयोग की तो केवल अपेक्षा थी। वस्तुतः यह फरमान था कि वकील काम नहीं करेंगे। मैं ने पूछा मध्यान्ह पश्चात का काम स्थगित करने की बात होगी? जज का उत्तर था -नहीं, पूरे दिन काम न होगा।
    खैर! साढ़े तीन बजे तक हमारे मुकदमे की सुनवाई न हो सकी। साढ़े तीन बजे जज साहब ने हमारे मुकदमे की फाइल हाथ में ली। मैं ने कहा -हम दोनों ढाई बजे से हाजिर हैं। जज साहब अत्यन्त विनम्रता से बोले -मैं खुद महसूस करता हूँ कि आप लोग बहुत देर से बैठे हैं। लेकिन मैं ही आज समय नहीं निकाल सका। पूछने लगे -कितना समय लगेगा। हम समझ गए कि आज सुनना नहीं चाहते। अब किसी जज को जबरन सुनाना तो अपने मुकदमे को बरबाद कर देने के बराबर था। मैं ने कहा -कोई पास की तारीख फरमा दें। फाइल तुरंत पेशकार के पास चली गई। पेशकार ने पूछा -क्या लिख कर तारीख बदलूँ? तो जज का उत्तर था -आज तो अपनी ओर से ही लिख दो कि अदालत को अन्य कार्यों में व्यस्तता के कारण समय नहीं मिला। मैं तारीख सुन कर वापस लौटा ताकि अपने कुछ काम तो निपटा सकूँ। 
    ब कल काम नहीं होगा। अदालत हम जाएंगे। लेकिन सिर्फ एक-दो घंटों में मुकदमों में तारीखें बदलवा कर लौट पड़ेंगे। यह भी मुकम्मल है कि बाद का समय टीवी के सामने ही गुजरेगा। राहत यही है कि चलो कुछ घंटे आराम तो मिलेगा।  शाम को बेटी ने भी बताया कि दिल्ली और हरियाणा में कई संस्थानों ने कल का अवकाश कर दिया है। कुछ संस्थानों में आधे दिन का अवकाश है। अब हम इसे लादा हुआ जुनून ही कह सकते हैं। देश सारे न्यूज चैनल जब हर पंद्रह मिनट बाद क्रिकेट मैच के लिए ज़ुनून जगाने के लिए नगाड़े पीट रहे हों और प्रधान मंत्री क्रिकेट के इकलौते मैच को इतना महत्व दें कि खुद तो देखने पहुँचे ही, साथ में पडौसी देश के राजप्रमुखों को न्यौता भी दे डाले तो लोग क्यों न उस का अनुसरण करेंगे? इस राजनैतिक पहल ने इस खेल को खेल न रहने दिया। इसे लखनवियों की मुर्गा-जंग बना कर रख दिया है। इस राजनीति/कूटनीति से कुछ हल हो, न हो, इतना तो पता लग ही रहा है कि दोनों देशों के शासक चाहते हैं कि उन की जनता किसी न किसी नशे में डूबी रहे। जिस से उन की असफलताओं की ओर से जनता का कुछ तो ध्यान हटे।  कारपोरेट चाहते हैं कि उन की लूट के किस्से कुछ दिनों के लिए ही सही इस क्रिकेटीय ज़ुनून में दब जाए।
    दोनों टीमों और खिलाड़ियों पर मुझे दया आ रही है। वे अपने देश की नुमाइंदगी का भ्रम पाले हुए हैं और जानते नहीं कि उन की तपस्या का इस्तेमाल राजनेता अपने मतलब के लिए और कारपोरेट अपने फायदे के लिए कर रहे हैं: या फिर जानते हुए भी चुप हैं और अपना लाभ देख रहे हैं। फिर भी उन का काम तपस्या का है। उन्हों ने अपने कौशल को लगातार माँजा है, चमकाया है। अब गेंद, और बल्ले उन्हें भारी नहीं पड़ते। वे क्रिकेट और भौतिकी के नियमों से खेलते हैं। वे वैसे ही खेल रचते हैं जैसे कभी ग़ालिब और मीर ग़ज़लें रचा करते थे। मैं चाहता हूँ कि कल फिर से सारे खिलाड़ी मिल कर मैदान में ग़ज़लें रचें, कि कल का खेल एक नशिस्त बन जाए।