@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत

शुक्रवार, 20 जून 2008

इतनी अकल है, तो एक बार में नहीं लिख सकते?

वाह क्या? सीन है! 

महात्मा मोदी चर्चा में हैं, विश्वविद्यालय में क्या गए, उस के कुलपति गद्गद् और कृतार्थ हो गए।

गुरू वशिष्ठ के घर राम पधारते हैं। शिष्य राम के चरण पखारते हैं। राम हैं कि जाते ही गुरू चरण वन्दना में जुट जाते हैं।  

विश्वामित्र दशरथ के यहाँ जाते हैं, दशरथ द्वार तक जाते हैं, और ऋषि के चरण पखारते हैं, उच्चासन पर बिठाते हैं खुद नीचे बैठे हैं।

सीन पढ़ कर निर्देशक दहाड़ता है.....

फाड़ कर फेंक दो! सीरियल पिटवाना है क्या? दुबारा लिखो!

स्क्रिप्ट राइटर दुबारा लिखता है...........

गुरू वशिष्ठ के घर राम पधारते हैं। शिष्य राम को माला पहनाते हैं, गुरू जी,  महाराजा राम के चरण पखारते हैं। राम हैं कि सीना तान कर सब से बड़े सिंहासन पर खुद आरूढ़ हो जाते हैं। गुरू झुकी मुद्रा में खड़े हैं।  

विश्वामित्र दशरथ के यहाँ जाते हैं, दशरथ समाचार सुन कर कहते हैं. स्वागत कक्ष में बिठाओ,  कहना अभी प्रांत संचालक से मशविरा चल रहा है। विश्वामित्र डेढ़ घंटे इन्तजार करते हैं। बुलावा आता है। दीवाने खास में विश्वामित्र पहुँच कर सिर झुका कर नमन करते हैं। राम कह रहे हैं। मास्टर जी, हम अब चक्रवर्ती हो गए हैं। जरा समय ले कर आया कीजिए।

सीन पढ़ कर निर्देशक फिर दहाड़ता है.....

इतनी अकल है, तो एक बार में नहीं लिख सकते?

गुरुवार, 12 जून 2008

हमारी मुहब्बत बज़रिए अभिषेक ओझा।

जी, उस से हमें बहुत मुहब्बत थी बचपन से ही। स्कूल जाने की उमर के पहले से ही, और वह तब तक प्रेरणा भी बनी रही, जब तक हम किशोर न हो गए। फिर समाज, या यूँ कहिए कि बाजार,  एक विलेन की तरह बीच में आ गया। दरअसल हमारी माशूक की उन दिनों बाजार में हालत बड़ी खस्ता थी। हमारी वह मुहब्बत बडी़ ही सफाई से कत्ल कर दी गई। हमें जिन्दा हकीकतों के साथ बांध दिया गया। पर मुहब्बत कत्ल होने पर भी मरती नहीं। वह कहीं दिल में, या जिगर में, या दोनों के बीच कहीं फंस imageकर जिन्दा रही।

हमें जिन जिन्दा हकीकतों से बांधा गया था, हम उन के न हुए, और वे हमारी। वे जल्दी ही अपनी मीठी-कड़वी यादें छोड़ कर अपने रास्ते चल दीं। हम कानून के पल्ले आ बंधे।
फिर वह न जाने कब, दिल और जिगर के बीच से निकल, हमारे बरअक्स आ खड़ी हुई। अब हमारे पास उस की मुहब्बत तो थी, वहीं दिल में, मगर वस्ल की उम्र विदा हो चुकी थी। हम अब भी उस की मुहब्बत की गिरफ्त में हैं। वस्ल नहीं तो क्या? मुहब्बत वस्ल की मोहताज तो नहीं।

अब हमारी उस मुहब्बत को ले कर हाजिर हैं, "अभिषेक ओझा"। उसे ला रहे हैं अपने चिट्ठे " कुछ लोग... कुछ बातें... !" पर। कल 11 जून को वे जन्मपत्री बांच चुके हैं, हमारी मुहब्ब्त की। इंतजार कर रहे हैं हम, कि कैसे? किस लिबास में? और किस सज्जा  के साथ पेश करेंगे, वे हमारी मुहब्बत को? और साथ ही जान पाएंगे, कि हमारी वह मुहब्बत ओझा जी के सानिध्य में किस हालात में जी रही है?

आप भी देखिएगा।

मंगलवार, 10 जून 2008

पितृशोक,..... हिन्दी चिट्ठाकार श्री राज भाटिया वापस जर्मनी पहुँचे

दो हिन्दी चिट्ठों पराया देश और मुझे शिकायत है के चिट्ठाकार श्री राज भाटिया 29 मई की सुबह भारत से पुनः बेयर्न, जर्मनी अपने वर्तमान आवास पर पहुँच गए हैं। उन की दिली तमन्ना थी कि वे जब भी भारत आएँ जितना संभव हो सके अधिक से अधिक हिन्दी चिट्ठाकारों से मिलें। लेकिन यह नहीं हो सका।

Raj Bhatiya's profile दिनांक 15 मई को राज जी के पिता का स्वर्गवास हो जाने के कारण अनायास और तुरंत ही भारत आना पड़ा। वे 16 मई को सुबह ही भारत पहुँच गए थे। 

राज जी  कुल तेरह दिनों तक भारत में अपनी माँ और अन्य परिजनों के साथ रहे। इस बीच वे नैट की दुनियाँ से दूर रहे। कल ही चैट सूची में उन की बत्ती हरी दिखाई देने पर उन से सम्पर्क हुआ। वे अपने पिता के निधन पर बहुत दुखी थे।  वे उन से जीवित अवस्था में ही मिलना चाहते थे, लेकिन उन की यह इच्छा पूर्ण नहीं हो सकी।

मैं ने उन्हें अपने ब्लाग पर कुछ लिखने को कहा लेकिन वे अभी मन  नहीं बना सके हैं। कहने लगे। 14 जून को उन के पिता का पहला मासिक श्राद्ध है। उस दिन घर में पूजा है। उसी दिन जर्मनी में उन के परिचित आदि, सब लोग पूजा पर उन के घर आएँगे। उसी के बाद वे अपने ब्लॉग पर आने का मन बना सकेंगे।

अपने पिता से उन की जीवित अवस्था में भेंट न कर पाने का दुखः क्या होता है? यह मैं समझ सकता हूँ।

मैं उन के पिता श्री को अपनी ओर से तथा समस्त हिन्दी चिट्ठाकार परिवार की और से श्रद्धाँजली अर्पित करता हूँ और कामना करता हूँ कि उन्हें और उन के परिजनों विशेष रूप से उन की माताजी को इस दुखः से बाहर आने की शक्ति प्राप्त हो। सभी हिन्दी चिट्ठाकार इस दुखः की घड़ी में राज जी के साथ हैं।

राज जी को उन के ई-मेल पते rajbhatia007@googlemail.com  

पर संदेश प्रेषित किए जा सकते हैं।