@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत

सोमवार, 9 जून 2008

लौट कर बुद्धू घर को आए

कोई एक पखवाड़े पहले 'इन्टेन्स डिबेट' (Intense Debate) से साक्षात्कार हुआ, कैसे? यह मुझे अब पता भी नहीं। यूँ ही, नेट पर चलते चलते। मुझे उस के पोस्ट पेज पर टिप्पणी फार्म और क्लिक करते ही सैकण्ड़ों में पोस्ट पर शामिल होने के गुण से आकर्षित किया। इस में और भी अनेक फीचर्स थे, जैसे आप एक ही पेज पर अपने ब्लॉग की अब तक की सारी टिप्पणियां देख सकते थे, और अपने ब्लॉग पर की गई खुद की सारी टिप्पणियाँ भी अलग से। टिप्प्णियों की स्टेटिस्टिक्स भी। और भी अनेक विशेषताएँ हैं इस में।

लेकिन दोष भी साथ ही। जैसे शायद सर्वर का सीमित होना जिस के कारण कभी समय पर टिप्पणी फार्म का ब्लॉग के साथ शीघ्र् नहीं जुड़ पाना, जिस के कारण ब्लॉगर के टिप्पणी फार्म का दिखना और टिप्पणी वहाँ चले जाना। इस समस्या का हल था उस की टिप्पणी फार्म को जो मैं ने पेज एलीमेंट के रूप में जोड़ा था उसे एचटीएमएल के रूप में  जोड़ देना। वह मैं ने किया भी। लेकिन एक अन्य समस्या सामने आ गई। सर्वर की अक्षमता के कारण अनेक टिप्पणियाँ बार बार धकेलने पर भी नहीं चढ़ पाना और टिप्पणीकर्ता का परेशान होना। जिस में बालकिशन जी और समीर भाई तो बहुत ही परेशान हुए। समीर भाई ने तो मुझे अनेक मेल भी किये।

एक और दोष था कि टिप्पणियाँ मेल द्वारा मुझे आती तो उस में यूटीएफ-8 एनकोडिंग के शामिल न  होने से उन्हें पढ़ नहीं पाना।

इन सब कमियों को मैं ने इंटेन्स डिबेट को सूचित किया और उन्हों ने वायदा भी किया। लेकिन मुझे लगता है कि उन्हें ठीक होने में अभी समय लगेगा। हो सकता है वे शीघ्र ठीक कर लें। लेकिन हिन्दी ब्लॉग्स के लायक होने में उन्हें समय लगेगा। तब तक टिप्पणी करने वाले पाठकों से अन्तर्क्रिया न कर पाना या उस में व्यवधान बर्दाश्त करने काबिल नहीं।

खैर हम वापस ब्लॉगर टिप्पणी फार्म पर आ गए हैं और ऊंचा और सुन्दर पहाड़ चढ़ कर उतरने पर मैदान की यह यात्रा अधिक प्रिय प्रतीत हो रही है। खोए हुए परिचित वापस मिल गए हैं। इस बीच जिन पाठकों को परेशानी हुई और टिप्पणियों से दोनों को वंचित होना पड़ा उन से क्षमा प्रार्थी हूँ, मेरी इस सनक के लिए।

हो सकता है इन्टेन्स डिबेट शायद कुछ महिनों या कुछ बरसों के बाद एक अच्छा साधन  बने ब्लॉगर्स के लिए। या तब तक कुछ ब्लॉगर टिप्पणी फार्म और सिस्टम ही वे सब सुविधाएं प्रदान कर दे जो इंटेन्स डिबेट पर हैं।

पर फिलहाल इंटेन्स डिबेट को विदा। खुले में सांस लेने के लिए। या यूँ कहें लौट कर बुद्धू घऱ को आए।

शुक्रवार, 6 जून 2008

चिट्ठाकारों के लिए सबसे जरुरी क्या है?

आप अपना ब्लॉग बना कर एक ब्लॉगर हो गए हैं। आप को तकनीकी सूचनाएँ भी मिल ही जाती हैं। हिन्दी चिट्ठाजगत में बहुत से वरिष्ठ चिट्ठाकार हैं जो तकनीकी रुप से सक्षम हैं और चिट्ठाकारों को सब जरुरी जानकारियाँ आप को जुटाते हैं। जरूरी होने पर उस के लिए अपने बहुमूल्य समय में से समय निकाल कर भी आप की सहायता करते हैं। इस तरह आप को तकनीकी जानकारी की कोई कमी नहीं रहती है। नई से नई जानकारी को सभी के साथ बांटते हैं। लेकिन तकनीकी रुप से सक्षमं होना मात्र एक श्रेष्ठ चिट्ठाकार होने के लिए बहुत कम योग्यता है। फिर वह क्या है जो चिट्ठाकार के लिए सब से जरुरी है?

एक शौक के वशीभूत हो कर, किसी मिशन के तहत, पैसा कमाने के लिए, अपने को अभिव्यक्त करने के लिए या अन्य किसी प्रेरणा से कोई व्यक्ति चिट्ठाकार होता है। लेकिन यह केवल एक प्रारंभ मात्र है। आप ने एक नया जीवन आरंभ किया लेकिन उस में अभी बहुत चलना है। और किसी भी जीवन की पूर्णता के लिए मार्ग में बहुत कुछ सीखना पड़ता है। ऐसा ही कुछ चिट्ठाकारी में भी है। वह क्या है जो एक चिट्ठाकर को शीर्ष पर पहुँचा देता है।

मैं पहले भी अनवरत पर लिख चुका हूँ और फिर एक बार दोहराना चाहता हूँ कि वह प्रोफेशनलिज्म है जो व्यक्ति को जीवन में सफल बनाता है। आप मेरे इस मत से इन्कार कर सकते हैं। लेकिन फिर भी मेरा आग्रह है कि एक बार परख लें कि क्या आप वाकई एक श्रेष्ट चिट्ठाकार होने की ओर आगे बढ़ रहे हैं या नहीं। आप खुद देखें कि एक शौकिया और प्रोफेशनल का क्या फर्क क्या है? और आप शौकिया रहना चाहते हैं या फिर प्रोफेशनल होना चाहते हैं?

प्रोफेशनल और शौकिया के फर्क

  • एक प्रोफेशनल काम के हर पहलू को सीखने का प्रयास करता है, जब कि एक शौकिया सीखने की प्रक्रिया को जब भी संभव हो त्याग देता है।
  • एक प्रोफेशनल सावधानी से यह तलाशता है कि उसे किस चीज की आवश्यकता है और उसे क्या चाहिए? जब कि एक शौकिया मात्र अनुमान करता है कि किस कीआवश्यकता है और उसे क्या चाहिए?
  • एक प्रोफेशनल की दृष्टि, वाणी और वस्त्र-सज्जा प्रोफेशनल जैसी होती है, जब कि एक शौकिया बोलने और देखने में बेढंगा, लापरवाह, और भावुक होता है, यहाँ तक कि वह कीचड़ से लथपथ भी हो सकता है।
  • एक प्रोफेशनल अपने कार्यस्थल को साफ और व्यवस्थित रखता है, जब कि एक शौकिया का कार्यस्थल गर्दी, गंदा और बिखरा-बिखरा रहता है।
  • एक प्रोफेशनल ध्यान-केंद्रित और स्पष्ट मस्तिष्क रहता है, जब कि एक शौकिया सदैव भ्रमित और विचलित।
  • एक प्रोफेशनल गलतियों की उपेक्षा नहीं करता, जब कि एक शौकिया गलतियों की उपेक्षा करता है और उन्हें छुपाता है।
  • एक प्रोफेशनल मुश्किल और दुष्कर कामों की जिम्मेदारी हाथों-हाथ ग्रहण करता है, जब कि एक शौकिया इन से भागने कोशिश करता है।
  • एक प्रोफेशनल हाथ में ली गई परियोजनाओं को जितनी जल्दी हो सके, पूरा करता है, जब कि एक शौकिया अधूरी परियोजनाओं से घिरा रहता है और उन की छत पर बैठा इधर-उधर ताकता रहता है।
  • एक प्रोफेशनल आशावादी और स्थिर मस्तिष्क होता है, जब कि एक शौकिया परेशान हो जाता है और सबसे खराब प्रदर्शन करता है।
  • एक प्रोफेशनल बहुत सावधानी से धन का उपयोग करता है और उस का स्पष्ट हिसाब रखता है, जब कि एक शौकिया धन के उपयोग और उस का हिसाब रखने में बेढंगा और लापरवाहीपूर्ण होता है।
  • बहुत सावधानी से प्रोफेशनल एक अन्य लोगों की परेशानी और समस्याओं को हल करता है, जब कि शौकिया समस्याओं से कन्नी काटता है।
  • एक प्रोफेशनल उत्साह , प्रसन्नता , रुचि , संतुष्टि और भावनात्मक ऊंचाइयों से लबरेज़ रहता है, जब कि शौकिया व्याक्ति सदैव दुर्भावनाओं, क्रोध, शत्रुता, रोष और भय का शिकार रहता है।
  • एक प्रोफेशनल लक्ष्य प्राप्त करने तक लगातार प्रयत्नशील रहता है, जब कि शौकिया पहला अवसर मिलते ही लक्ष्य को त्याग देता है।
  • एक प्रोफेशनल आशा से अधिक उत्पादन करता है, जब कि शौकिया मामूली उत्पादन को भी पर्याप्त समझता है और उस पर इतराता रहता है।
  • एक प्रोफेशनल उच्च गुणवत्ता के उत्पाद व सेवाएँ प्रदान करता है, जब कि एक शौकिया निम्न और मध्यम गुणवत्ता के उत्पाद व सेवाएँ।
  • एक प्रोफेशनल की आय या वेतन बहुत अच्छे होते हैं, जब कि एक शौकिया की कमाई बहुत कम होती है और वह हमेशा यह सोचता रहता है कि उस के साथ अन्याय हो रहा है।
  • एक प्रोफेशनल का भविष्य सुनिश्चित होता है, लेकिन एक शौकिया का भविष्य पूरी तरह से अनिश्चित।
  • एक प्रोफेशनल होने के लिए पहला कदम है कि आप यह तय करें कि आप को एक प्रोफेशनल बनना है।

तो अब आप क्या बनना तय कर रहे हैं?

एक प्रोफेशनल चिट्ठाकार होना?

या फिर एक शौकिया बने रहना?

रविवार, 1 जून 2008

प्रजातंत्र के भविष्य पर संदेह

कल महेन्द्र नेह की कविता "प्रजातंत्र की जय हो!" पर अच्छी टिप्पणियाँ हुईं। टिप्पणीकारों ने जहाँ नेपाल में प्रजातंत्र के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की वहीं इस प्रजातंत्र के प्रसव में मुख्य भूमिका निभाने वाले नेतृत्व पर संदेह व्यक्त किया गया कि कहीं वह प्रजातंत्र को अधिनायकवाद में परिवर्तित न कर दे। महेन्द्र 'नेह' किसी काम से आए थे और उन्हों ने टिप्पणियाँ पढ़ने पर अपनी प्रति टिप्पणी भी अंकित की। उन की टिप्पणी यहाँ पुनः उदृत कर रहा हूँ......

यद्यपि सृजन के उपरांत कोई भी कृति उस के सर्जक से स्वतंत्र हो कर जनता की थाती बन जाती है। फिर भी मुझे लगा कि विनम्रता पूर्वक आप की टिप्पणियों पर अपना अभिमत व्यक्त करूँ।
वर्तमान समय की त्रासदी है कि दुनियाँ के कथित बड़े जनतंत्र फौज, पुलिस और हथियारों की भाषा में जनगण से बात करते हैं। वहाँ केवल 'तंत्र' कायम है, और जन हाशिए पर भी नहीं। इन तंत्रों ने नेपाली राजशाही की हर संभव मदद की, और गणतंत्र को आने से रोकते रहे। प्रचंड एक जनप्रिय दल के विवेकवान सारथी हैं। नवजात गणतंत्र के एक भी कदम आगे बढ़ाए बिना ही पूर्वाग्रह रखते हुए संदेह करना क्या पदच्युत राजशाही की अपरोक्ष मदद नहीं है? जनतंत्र प्रचंड व उन के जनता द्वारा परखे हुए नेतृत्व के हाथों में ही सुरक्षित रह सकता है। विश्वपटल पर उदित हो रही नयी जनतांत्रिक शक्तियों के प्रति हमें आशावान रहते हुए प्रफुल्लता से उन का हार्दिक स्वागत करना चाहिए।
.........' महेन्द्र नेह'

कृति सृजनोपरांत कृतिकार से स्वतंत्र हो जाती है, और कृतिकार तब क्या कर सकता है? इस सम्बन्ध में मुझे एक घटना का संदर्भ स्मरण आ रहा है। आप के सामने प्रस्तुत करने का लालच नहीं छोड़ पा रहा हूँ।

पिता का हृदयाघात से देहान्त हो गया। बारह दिनों तक घर में पिता के साथियों, मित्रों, सहकर्मियों, रिश्तेदारों, पड़ौसियों,मिलने वालों का आना लगा रहा। पहले पाँच-छह दिनों में ही पता लग गया कि बड़ी पुत्री का पड़ौसी के लड़के से विशेष अनुराग है। पुत्री पर मां और परिजनों ने शिकंजा कसा तो पुत्री ने जिद पकड़ ली कि वह उस लड़के से ही विवाह करेगी। लड़का विजातीय था, लड़की से शैक्षणिक योग्यता में कम और एक कारखाने में मजदूर। माँ और भाई इस विवाह के लिए बिलकुल तैयार नहीं। लगने लगा कि लड़की किसी दिन भाग कर शादी कर लेगी।

पिता थे सामाजिक संगठन के बहुत कुछ। संगठन के साथियों ने परिस्थिति पर विचार किया। बैठक हुई और तय हुआ कि दिवंगत साथी की पुत्री भाग कर विवाह करे यह ठीक नहीं। इस कारण पहले उस की माँ व भाई को तैयार किया जाए, और यह संभव न हो तो संगठन के प्रमुख साथी इस जिम्मेदारी को निभाएँ। साथियों ने लड़के को सब तरह से परखा कि कहीं वह केवल लड़की को फँसा तो नहीं रहा था। लड़के-लड़की दोनों इस परीक्षा में खरे उतरे।

लड़की की माँ-भाई से बात की उन्हें बहुत समझाया गया। बात के दौरान माँ ने संदेह व्यक्त किया कि अगर बाद में उस लड़के ने उन की बेटी को परेशान किया तो आप क्या कर लेंगे? जिन साथी के घर से विवाह होना था, उन का उत्तर था कि अगर लड़के ने परेशान किया, या उस से उन की बेटी का कोई वास्तविक विवाद पति से हुआ तो वे और उन के साथी बेटी का जम कर साथ देंगे। हर तरह के प्रयत्न के उपरांत भी माँ व भाई किसी प्रकार भी तैयार न हुए। प्रमुख साथी के घर से विवाह होना तय हो गया। साथी के घर ही बारात आई, विवाह हुआ। नगर में चर्चा का विषय भी रहा। साथी और उन की पत्नी ने माता-पिता के फर्ज पूरे किए और बाद में भी करते रहे

माँ और भाई विवाह में नहीं आए। विवाह सफल रहा और आज माँ और भाई से लड़की और उस के पति के गहरे आत्मीय संबंध हैं। विवाह कराने वाले पिता के साथियों से भी अधिक गहरे। मां के सन्देह निरापद सिद्ध हुए।

यहाँ यह भी हो सकता था कि लड़की और उस के पति में विवाद हो जाता। लड़की परेशानी में आ जाती। ऐसे में वे साथी लड़की का साथ देते।

इस घटना से हम समझ सकते हैं कि एक परिस्थिति में लड़की का उस की इच्छानुसार विवाह कराना एक प्रगतिशील कदम था।

विवाह होने के बाद वह उस के कराने वालों से स्वतंत्र हो गया था। बाद में वे केवल उचित का साथ दे सकते थे। विवाह के पूर्व विवाह की सफलता पर संदेह करना पूरी तरह गलत था।

यहाँ महेन्द्र 'नेह' ने नेपाल में प्रजातंत्र के आगमन का उत्साह के साथ स्वागत किया है। वे उस की सफलता के प्रति आशावान हैं। उस की सफलता में किसी प्रकार का संदेह उन के मन में नहीं है। उन का यह कहना कि प्रजातंत्र की सफलता पर इस समय संदेह करना उस के शत्रुओं की सहायता करना है। मैं भी उन से सहमत हूँ।

हमारी राय है कि अगर भविष्य में प्रचंड और उन का दल जनता के हितों के विरुद्ध जाता है तो हम सभी को उस समय परिस्थितियों का मूल्यांकन करने और अपना पक्ष चुनने का पूरा अधिकार रहेगा।

और अन्त में कल के आलेख पर मिली सब से सुंदर, सटीक और संतुलित टिप्पणी रक्षन्दा जी की ......

नेपाल में प्रजातंत्र का नया सवेरा हुआ है, राज शाही की घुटन से जनता को छुटकारा मिला है , जो दल जीता है , वो लाख प्रजातंत्र से दूर हो, जालिम राज शाही से हज़ार दर्जे बेहतर है. बहुत सुंदर और सामायिक कविता.