@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत

बुधवार, 9 मार्च 2011

महिलाओं का समान अधिकार प्राप्त करने का संकल्प धर्म की सत्ता की समाप्ति की उद्घोषणा है

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस था। हिन्दी ब्लाग जगत की 90% पोस्टों पर महिलाएँ काबिज थीं। उन की खुद की पोस्टें तो थीं ही, पुरुषों की पोस्टों पर भी वे ही काबिज थीं। महिला दिवस के बहाने धार्मिक प्रचार की पोस्टों की भरमार थीं। कोई उन्हें देवियाँ घोषित कर रहा था तो कोई उन्हें केवल अपने धर्म में ही सुरक्षित समझ रहा था। मैं शनिवार-रविवार यात्रा पर था। आज मध्यान्ह बाद तक वकालत ने फुरसत न दी। अदालत से निकलने के पहले कुछ साथियों के साथ चाय पर बैठे तो मैं ने अनायास ही सवाल पूछ डाला कि क्या कोई धर्म ऐसा है जो महिलाओं को पुरुषों से अधिक या उन के बराबर अधिकार देता हो। जवाब नकारात्मक था। दुनिया में कोई धर्म ऐसा नहीं जो महिलाओं को पुरुषों के समान अधिकार देता हो। कोई उन्हें देवियाँ बता कर भ्रम पैदा करता है तो कोई उन्हें केवल पुरुष संरक्षण में ही सुरक्षित पाता है मानो वह जीती जागती मनुष्य न हो कर केवल पुरुष की संपत्ति मात्र हों। मैं ने ही प्रश्न उछाला था, लेकिन चर्चा ने मन खराब कर दिया। 
चाय के बाद तुरंत घर पहुँचा तो श्रीमती जी  टीवी पर आ रही एक प्रसिद्ध कथावाचक की लाइव श्रीमद्भागवतपुराण कथा देख-सुन रही थीं। साथ के साथ साड़ी पर फॉल टांकने का काम भी चल रहा था। फिर प्रश्न उपस्थित हुआ कि क्यों महिलाएँ धर्म की ओर इतनी आकर्षित होती हैं?  जो चीज उन्हें पुरुषों के समान अधिकार प्राप्त करने से रोक रही हैं, उसी ओर क्यों प्रवृत्त होती हैं। लाइव कथा में स्त्रियों की संख्या पुरुषों से दुगनी से भी अधिक थी। वास्तव में उन में से अधिक महिलाएँ तो वे थीं जो स्वतंत्रता पूर्वक केवल ऐसे ही आयोजनों में जा सकती थीं। लेकिन इन आयोजनों को करने में पुरुषों और व्यवस्था की ही भूमिका प्रमुख है। शायद इस लिए कि पुरुष चाहते हैं कि महिलाओं को इस तरह के आयोजनों में ही फँसा कर रखा जाए। इन के माध्यम से लगातार उन के जेहन में यह बात ठूँस-ठूँस कर भरी जाए कि पुरुष के आधीन रहने में ही उन की भलाई है।
न सब तथ्यों ने मुझे इस निष्कर्ष तक पहुँचाया कि महिलाओं की पुरुषों के समान अधिकार और समाज में बराबरी का स्थान प्राप्त करने का उन का संघर्ष तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक कि वे धर्म से मुक्ति प्राप्त नहीं कर लेती। महिलाओं का समान अधिकार प्राप्त करने का संकल्प धर्म की सत्ता की समाप्ति की उद्घोषणा है। इस बात से महिलाओं को समान अधिकार प्रदान करने के विरोधी धर्म-प्रेमी बहुत चिंतित हैं।  आजकल ब्लाग जगत में  इस तरह के लेखों की बाढ़ आई हुई है और वे स्त्रियों को धर्म की सीमाओं में बांधे रखने के लिए न केवल हर तीसरी पोस्ट में पुरानी बातों को दोहराते हैं, अपितु एक ही पोस्ट को एक ही दिन कई कई ब्लागों पर चढ़ाते रहते हैं। मुझे तो ये हरकतें बुझते हुए दीपक की तेज रोशनी की तरह प्रतीत होती हैं।

शुक्रवार, 4 मार्च 2011

शमशेर के साहित्य को उन के जीवन और समकालीन सामाजिक यथार्थ की पृष्ठभूमि में समझा जाना चाहिए

शमशेर जन्म शताब्दी पर कोटा में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी की रपट
पिछले माह 12-13 फरवरी को कवि शमशेर बहादुर सिंह की शताब्दी वर्ष पर राजस्थान साहित्य अकादमी और 'विकल्प जन सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी 'काल से होड़ लेता सृजन' संपन्न हुई। कल आप ने इस संगोष्ठी रिपोर्ट के पूर्वार्ध  में पहले दिन का हाल जाना। आज यहाँ संगोष्ठी की रिपोर्ट का उत्तरार्ध प्रस्तुत है ... 
मुख्य अतिथि का स्वागत करते कवि ओम नागर
बोलते हुए महेन्द्र 'नेह'
गले दिन 13 फरवरी का पहला सत्र ‘शमशेर की कविताओं में जनचेतना’ विषय पर था। जिस का  आरंभ ओम नागर की कविता ‘काट बुर्जुआ भावों की बेड़ी’ से आरंभ हुआ। इस सत्र में. बीना शर्मा ने कहा कि शमशेर को ऐंद्रिकता, दुर्बोधता और सौंदर्य का कवि कह कर पल्ला नहीं छुड़ा सकते। हम उन के समूचे काव्य कर्म का मूल्यांकन करें तो वहाँ पाएंगे कि पीड़ित जन की पीड़ा की अभिव्यक्ति उन के काव्य का केंद्र है। अतुल चतुर्वेदी ने कहा कि उन के लेखन का मानवीय पक्ष बहुत सशक्त है, वे रूस की समाजवादी क्रांति से प्रभावित हुए और अंत तक श्रमजीवी जनता के लिए लेखन करते रहे। जयपुर से आए प्रेमचंद गांधी ने कहा कि वे सचेत जनपक्षधरता के कवि ही नहीं थे अपितु जनसंघर्षों में जनता के साथ सक्रिय रूप से खड़े थे। उन के जन का अर्थ बहुत व्यापक है। वे पूरी दुनिया के जन की बात करते हैं। वे आजादी के दौर में ही पूरी दुनिया के जन की मुक्ति की बात करते हैं। उन के काव्य की अमूर्तता अनेक स्तरों पर बोलती है। जब उस के अर्थ खुलते हैं तो दो पंक्तियों में पूरी दुनिया दिखाई देने लगती है। उन की कविता का दर्शन पूरी दुनिया कि जन की मुक्ति का दर्शन है। इस सत्र का मुख्य वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए शैलेंद्र चौहान ने कहा कि शमशेर वामपंथी तो हैं, लेकिन वे वाम चेतना को पचा कर रचनाकर्म करते हैं। वे एक सम्पूर्ण कलाकार के रूप में सामने आते हैं जो अन्य ललितकलाओं के रूपों को कविता में ले आते हैं। इस सत्र की अध्यक्षता कर रहे मनु शर्मा ने कहा कि शमशेर के साहित्य को समझने के लिए चित्रकला को समझना जरूरी है। उन का चित्रकला का अभ्यास उन की कविता में रूपायित हुआ है। इस सत्र का सफल संचालन डॉ. उषा  झा ने किया।
डॉ. हरे प्रकाश गौड़
महत्वपूर्ण प्रतिभागी हितेष व्यास, शकूर अनवर, नन्द भारद्वाज और उन के पीछे शैलेन्द्र चौहान
संगोष्ठी का चौथा सत्र ‘शमशेर : जीवन, कला और सौंदर्य’ विषय पर था। इस विषय को खोलते हुए कवि-व्यंगकार अतुल कनक ने कहा कि शमशेर की रूमानियत व्यक्तिगत नहीं अपितु सत्यम शिवम् सुंदरम है। डॉ. राजेश चौधरी ने कहा कि शमशेर ने अपनी हर रचना के साथ कला का नया प्रयोग किया, इसी से उन्हें दुर्बोध कहना उचित नहीं। साहित्यकार रौनक रशीद ने कहा कि शमशेर को दुरूह कहना उन के साथ अन्याय करना है वे ग़ज़ल जैसी परंपरागत विधा के साथ पूरा न्याय करते हैं और पूरी तरह सहज हो जाते हैं। वरिष्ठ ब्लागर दिनेशराय द्विवेदी ने उन की कविताएँ ‘काल से होड़’ और ‘प्रेम’ प्रस्तुत करते हुए कहा कि शमशेर का अभावों से परिपूर्ण जीवन अभावग्रस्त जनता के साथ उन का तादात्म्य स्थापित  करता था। उन के साहित्य में जीवन साधनों से ले कर प्रेम और सौंदर्य के अभाव की तीव्रता पूरी संश्लिष्टता के साथ प्रकट होती है। डॉ. नन्द भारद्वाज ने कहा कि शमशेर के साहित्य को उन के जीवन और समकालीन सामाजिक यथार्थ की पृष्ठभूमि में समझा जाना चाहिए, ऐसा करने पर दुरूह नहीं रह जाते हैं। इस सत्र के अध्यक्ष सुरेश सलिल ने सब से महत्वपूर्ण पत्र वाचन करते हुए बताया कि शमशेर में मानवीय सौंदर्य से राजनैतिक दृष्टि का विकास दिखाई देता है, उन्हें समझने के लिए हम साहित्य के पुराने प्रतिमानों से काम नहीं चला सकते। हमें उन के लिए नए प्रतिमान खोजने होंगे। इस सत्र संचालन अजमेर से आए कवि अनंत भटनागर ने किया।
सुसज्जित सभागार और प्रतिभागी
     संगोष्ठी के समापन सत्र की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ कवि व केन्द्रीय साहित्य अकादमी (राजभाषा) के सदस्य अम्बिकादत्त ने कहा कि शमशेर बहादुर सिंह का साहित्य यह चुनौती प्रस्तुत करता है कि समीक्षा के औजारों में सुधार किया जाए और आवश्यकता होने पर नए औजार ईजाद किए जाने चाहिए। यही कारण है कि शमशेर के साहित्य को व्याख्यायित करने की आवश्यकता अभी तक बनी हुई है और आगे भी बनी रहेगी। समापन सत्र में ‘शमशेर का गद्य और विचार भूमि’ विषय पर डॉ.गीता सक्सेना, कवियित्री कृष्णा कुमारी, साहित्यकार भगवती प्रसाद गौतम तथा डॉ. विवेक शंकर ने पत्र वाचन किया तथा कथाकार विजय जोशी ने अपना वक्तव्य प्रस्तुत किया। इस सत्र का संचालन करते हुए विकल्प के अध्यक्ष महेन्द्र नेह ने कहा कि केवल शमशेर ही हैं जो यह बताते हैं कि किस तरह एक महत्वाकांक्षी लेखक अपनी परंपरा, विश्वसाहित्य का सघन अध्ययन करते हुए तथा जनता के साथ तादात्म्य स्थापित करते हुए वाल्मिकी, तुलसी, शेक्सपियर जैसा महान साहित्यकार बन सकता है।
    इस संगोष्ठी का आयोजन कोटा की प्राचीनतम संस्था भारतेंदु समिति के भवन पर किया गया था। भारतेंदु समिति ने इस के लिए संगोष्ठी स्थल की सज्जा स्वयं की थी। संगोष्ठी पुराने नगर के मध्य में आयोजन का लाभ यह भी रहा कि आम-जन भी इस में उपस्थित होते रहे। इस आयोजन में आगे बढ़ कर आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले वरिष्ठ नागरिक जवाहरलाल जैन ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस संगोष्ठी ने उन्हे पुराने दिन याद दिला दिये हैं जब इसी भवन में साहित्यकार अक्सर ही एकत्र हो कर साहित्य आयोजन करते थे और आम लोग उन में बढ़-चढ़ कर भाग लेते थे। वे चाहते हैं कि कोटा में इस तरह के आयोजन होते रहें। देश के महत्वपूर्ण रचनाकार यहाँ आते रहें और उन के बीच नगर के रचनाकारों को सीखने और अपना विकास करने का वातावरण मिले और जनता भी उन से प्रेरणा प्राप्त करे। उन्हों ने बाबा नागार्जुन का अनायास कोटा में आ निकलने और पूरे पखवाड़े तक यहाँ जनता के बीच रहने का उल्लेख करते हुए कहा कि इस वर्ष नागार्जुन की जन्म शताब्दी भी है और उन पर भी एक बड़ा आयोजन करना चाहिए। उस के लिए जो भी सहयोग चाहिए उसे के लिए वे तैयार हैं।

नन्द भारद्वाज
संगोष्ठी के अंत में सब ने यह महसूस किया कि शमशेर बहादुर सिंह के रचनाकर्म को न केवल पढ़ना जरूरी है, अपितु उस का गहरा अध्ययन जनता के मनोभावों की अभिव्यक्ति के लिए नए कलारूपों का द्वार खोल सकता है।

शमशेर रोमांस से आरंभ हो कर जनता के दुख-दर्द और उससे मुक्ति के साथ प्रतिबद्धता की ओर बढ़े

पिछले माह 12-13 फरवरी को कवि शमशेर बहादुर सिंह की शताब्दी वर्ष पर राजस्थान साहित्य अकादमी और 'विकल्प जन सांस्कृतिक मंच द्वारा आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी 'काल से होड़ लेता सृजन' संपन्न हुई। मेरे लिए यह शमशेर और उन के साहित्य को समझने का सुअवसर था। मैं ने उस का लाभ उठाया। यहाँ संगोष्ठी की रिपोर्ट का पूर्वार्ध प्रस्तुत है ... 

शमशेर जन्म शताब्दी पर कोटा में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी की रपट
नागार्जुन, केदारनाथ अग्रवाल, शील, अज्ञेय, फैज अहमद फैज और शमशेर बहादुर सिंह के शताब्दी वर्ष को एक साथ पा कर आश्चर्य होता है कि इतने सारे महत्वपूर्ण कवि-साहित्यकार एक साथ कैसे पैदा हो गए। वस्तुतः यह कोई संयोग नहीं था। अपितु इन सब के जन्म के बाद का वह काल और उस काल की भारत की परिस्थितियाँ थीं जिस ने इन सब को महत्वपूर्ण बनाया। निश्चित ही उनके महत्वपूर्ण होने में उन के स्वयं के परिश्रम के योगदान को कमतर नहीं कहा जा सकता। इन सब को, और इन के रचना कर्म को समझने के लिए हमें उन के काल को समझना होगा। यदि हम उस परिप्रेक्ष्य में इन्हें समझने का प्रयत्न करें तो चीजें जो जटिल अथवा संश्लिष्ट दिखाई पड़ती हैं वे यकायक स्पष्ट दिखाई देने लगती हैं जैसे हम उन्हें किसी सूक्ष्मदर्शी पर  परख रहे हों। शमशेर बहादुर सिंह पर यह काम ‘विकल्प’ जन सांस्कृतिक मंच, कोटा और राजस्थान साहित्य  अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में 12-13 फरवरी को कोटा में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘काल से होड़ लेता सृजन में हुआ।

मशाल प्रज्वलित कर संगोष्ठी का शुभारंभ
द्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार और दूरदर्शन जयपुर के पूर्व निदेशक नन्द भारद्वाज ने यह स्पष्ट किया कि शमशेर बहादुर सिंह को प्रेम और सौंदर्य का कवि भी कहा जाता है, लेकिन उन का प्रेम सारी मानवता और प्रकृति से, और उन का सौंदर्य प्रकृति और मानवीय गुणों का सौंदर्य था। उन्हें एक जटिल कवि माना जाता है, लेकिन उन की जटिलता वास्तव में संश्लिष्टता है जो उलझाती नहीं है अपितु जगत के जटिल व्यवहारों के संबंध में समझ पैदा करती है। वे काल से जिस होड़ की बात करते हैं वह उन की व्यक्तिगत नहीं है अपितु समस्त मनुष्य की होड़ है। शमशेर हर विद्या में अनूठे थे, उनका लेखन सूक्ष्म से सूक्ष्मतर व्याख्या  चाहता है। उन के सभी समकालीन सभी श्रेष्ठ लेखकों ने उन के बारे में लिखा, उन की कविता और अन्य साहित्य के बारे में लिखा। लेकिन शमशेर का विस्तार इतना है कि अभी एक शताब्दी और उस के बाद भी उन के बारे में लिखा जाता रहेगा। इस सत्र की अध्यक्षता कर रहे प्रमुख साहित्यकार और ‘अलाव’ के संपादक रामकुमार कृषक ने कहा कि शमशेर अपने समकालीनों में सरोकार के स्तर पर सर्वोपरि दीख पड़ते हैं। उन की रचनाएँ स्वयं को और जन-मानस को अभिव्यक्त करने का माध्यम भर हैं। वे समाज में उपस्थित तमाम अमानवीय ताकतों के विरुद्ध, और सताए हुए लोगों के साथ हैं। वे नए समाज की रचना चाहते हैं। इस के लिए वे जो कहना चाहते हैं, उस के लिए हर विधा का उपयोग पूरी कलात्मक श्रेष्ठता के साथ करते हैं, इसीलिए उन के लेखन में एक जादूगरी दिखाई पड़ती है। वे कलावादी नहीं हैं। वे कला का उपयोग सामाजिक सरोकारों के लिए करते हैं। बदलाव की गहरी आकांक्षा और चेतना उनके साहित्य में पग-पग पर मौजूद है। वे हमें आसान राह नहीं दिखाते क्यों कि मुक्ति कभी आसान नहीं होती।  यह रोशनी की साधना है।
रविकुमार की शमशेर कविता पोस्टर प्रदर्शनी का शुभारंभ करते नन्द भारद्वाज
‘विकल्प’ जनसांस्कृतिक मंच के अखिल भारतीय महासचिव, कवि गीतकार और इस आयोजन के मुख्य सूत्रधार महेन्द्र ‘नेह’ ने सत्रारंभ में अतिथियों का स्वागत करते हुए ही स्पष्ट कर दिया था कि हम यहाँ दो दिन शमशेर के रचनाकर्म की गहराइयों में जाएंगे और जानेंगे कि वे कितने विलक्षण रचनाकार थे। उन्हें कलावादी और जनवादी दोनों अपना क्यों कहते हैं? हम पाएंगे कि वे जनता के कवि थे, उन की रचनाओं की मुख्य चिंता पीड़ित जन और उन की मुक्ति थी। विशिष्ट अतिथि कवि समीक्षक सुरेश ‘सलिल’ ने शमशेर के साहित्य और जीवन का परिचय दिया।इस सत्र का सफल संचालन कवि अम्बिकादत्त ने किया। उन्हों ने महेद्र ‘नेह’ की बात को  और स्पष्ट कर दिया था कि शमशेर समय को समझने में हमारी मदद करते हैं, हमें इन दो दिनों में हम शमशेर के माध्यम  से अपने समय को समझने का प्रयत्न करेंगे।  इस सत्र का आरंभ नंद भारद्वाज ने 'विकल्प'  की परंपरा के अनुरूप मशाल प्रज्वलित कर किया था और उस के तुरंत बाद रविकुमार के शमशेर बहादुर सिंह की कविताओं पर बनाए गए पोस्टरों की प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। संगोष्ठी स्थल पर जाने के पहले इस प्रदर्शनी से हर किसी को गुजरना होता था। इस प्रदर्शनी ने तथा सत्रारंभ के पूर्व जमनाप्रसाद ठाड़ा राही के प्रसिद्ध गीत ‘जाग जाग री बस्ती’ की शरद तैलंग द्वारा संगीतमय प्रस्तुति  ने संगोष्ठी के विमर्श को वातावरण प्रदान करने की महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
परान्ह सत्र का विषय ‘हिन्दी ग़ज़ल में शमशेरियत’ था। सत्र का मुख्य पत्रवाचन करते हुए रामकुमार कृषक ने कहा कि शमशेर की ग़ज़लों में भाषाई द्वैत नहीं है। वस्तुतः उन की ग़जलें हिन्दी में लिखी गई उर्दू ग़ज़लें हैं। वे उर्दू और हिन्दी के द्वैत को तोड़ कर हिन्दुस्तानी बोली और भारत की गंगा-जमुनी तहजीब तक जाती हैं। प्रयोगवादी और प्रगतिशील दोनों ही उन्हें अपना मानते हैं। यह सही है कि उन्हों ने अपनी रचनाओं में प्रयोग किए हैं, इतने, कि सभी प्रयोगवादी पीछे छूट जाते हैं। लेकिन शमशेर का आधार जनवाद है। वे जनता के दर्द को, उसकी वजहों को बखूबी बयाँ करते हैं। वे एंद्रीयबोध और वस्तुगत परिस्थितियों में एक संतुलन उत्पन्न करते हैं, वे कला पर विजय प्राप्त कर के खम ठोकते हुए अपनी बात कहते हैं, कला उन के कथ्य पर हावी नहीं होती, उन का कथ्य नए कला रूपों को उत्पन्न करता है। सत्र का दूसरे पत्र में प्रो. हितेष व्यास ने प्रमाणित  किया कि शमशेर के लिए हिन्दी और उर्दू दो भाषाएँ नहीं थीं अपितु एक जान दो शरीर थे। वे भाषा का प्रयोग पूरी कलात्मक सूक्ष्मता के साथ अपनी बात कहने के लिए करते थे।
रविकुमार की शमशेर कविता पोस्टर प्रदर्शनी
सी सत्र में शायर पुरुषोत्तम यक़ीन ने कहा कि शमशेर ने अपने समकालीनों पर खूब लिखा और समकालीनों ने उन पर, इस से उस समय के साहित्य और रचनाकारों को विकास का अवसर प्राप्त हुआ, हमें इस परंपरा का अनुसरण करना चाहिए। सलीम खाँ फरीद ने अपने पत्र में बताया कि शमशेर सूक्ष्म सौंदर्यबोध के कवि थे जो उन की ग़ज़लों में भी पूरी तरह स्पष्ट है। डॉ. हुसैनी बोहरा को अगले दिन शमशेर के गद्य पर पत्रवाचन करना था लेकिन अगले दिन उपलब्ध न होने के कारण उन्हों ने मुख्यतः उन के निबंध संग्रह ‘दोआब’ पर अपना पत्रवाचन करते हुए कहा कि उन की सम्वेदना मनुष्य के प्रति थी, वे हिन्दी और उर्दू के साहित्य का अलग अलग मूल्यांकन कर के देखने के विरोधी थे। उन का मानना था कि हिन्दी और उर्दू को अलग-अलग कर के देखना ब्रिटिश साम्राज्यवाद की नीति थी। जब कि शमशेर के लिए दोनों भारत की जुबानें ऐसी जुबानें थीं जिन की आधारभूमि एक ही है। उन का कहना था कि आधुनिक हिन्दी साहित्य में शमशेर का गद्य सर्वश्रेष्ठ है, वे साहित्य को मानवता का औजार मानते थे।
संगोष्ठी मंच
त्र की अध्यक्षता कर रहे डॉ. हरेप्रकाश गौड़ ने कहा कि शमशेर के आजादी पूर्व के साहित्य की चिंता राष्ट्रीय आंदोलन था। उन के साहित्य को समझने के लिए राष्ट्रीय आंदोलन और उस की जटिलताओं को समझना होगा। वे आरंभ में रोमांस के कवि थे, रोमांस से आरंभ हो कर वे जनता के दुख-दर्द और उससे मुक्ति के साथ प्रतिबद्धता की ओर बढ़े। उन्हों ने जनता को बाँटने वाली कट्टरपंथी धार्मिकता के विरुद्ध और गरीब श्रमजीवी जनता के पक्ष में अपना रचनाकर्म किया। निराला ने ग़ज़ल को जनसंघर्ष से जोड़ा और शमशेर ने उस परंपरा को आगे बढ़ाया। वे एक मौलिक आलोचक थे। सभी वक्ताओं और पत्रवाचकों में तारतम्य बनाये रखते हुए इस सत्र का सफल संचालन शायर शकूर ‘अनवर’ ने किया। इसी दिन रात्रि को कविसम्मेलन-मुशायरा आयोजित किया गया, जिस में हिन्दी, उर्दू और हाड़ौती कवियों के अतिरिक्त अतिथि कवियों ने कवितापाठ किया।  

सोमवार, 28 फ़रवरी 2011

यह निबंध सभी ब्लागरों को पढ़ना चाहिए

सूक्ष्मतम मानवीय संवेदनाओं को कलात्मक तरीके से अभिव्यक्त करने की क्षमता कविता में होती है। यही विशेषता कविता की शक्ति है। इन संवेदनाओं को पाठक और श्रोता तक पहुँचाना उस का काम है। शिवराम रंगकर्मी, कवि, आलोचक, संपादक, संस्कृतिकर्मी, भविष्य के समाज के निर्माण की चिंता में जुटे हुए एक राजनेता, एक अच्छे इंसान सभी कुछ थे। वे कविताई की वर्तमान स्थिति से संतुष्ट न थे। उन्हों ने अपनी इस असंतुष्टि को प्रकट करने के लिए उन्हों ने एक लंबा निबंध "कविता के बारे में" उन के देहावसान के कुछ समय पूर्व ही लिखा था, जो बाद में 'अलाव' पत्रिका में प्रकाशित हुआ। रविकुमार इस निबंध की चार कड़ियाँ अपने ब्लाग सृजन और सरोकार पर प्रस्तुत कर चुके हैं, संभवतः और दो कड़ियों में यह पूरा हो सकेगा। मैं ने इस  निबंध को आद्योपान्त पढ़ा। उन की जो चिंताएँ कविता के बारे में हैं, वही सब चिंताएँ इन दिनों ब्लागरी के बारे में अनेक लोग उठा रहे हैं। मेरी राय में शिवाराम के इस निबंध को प्रत्येक ब्लागर को पढ़ना चाहिए। इस निबंध से ब्लागरों को भी वे सू्त्र मिलेंगे जो ब्लागरों को बेहतर लेखन के लिए मार्ग सुझा सकते हैं। 
दाहरण के रूप उस निबंध के पहले चरण को कुछ परिवर्तित रूप में यहाँ प्रस्तुत कर रहा हूँ। बस अंतर केवल इतना है कि इस में 'कविताई' को 'ब्लागरी' से विस्थापित कर दिया गया है ...

शिवराम
"आजकल ब्लाग खूब लिखे जा रहे हैं। यह आत्माभिव्यक्ति की प्रवृत्ति का विस्तार है और यह अच्छी बात है। लेखनकर्म, जो अत्यन्त सीमित दायरे में आरक्षित था, वह अब नई स्थितियों में व्यापक दायरे में विस्तृत हो गया है। हमारे इस समय का लेखन एक महान लेखक नहीं रच रहा, हजारों लेखक रच रहे हैं। जीवन के विविध विषयों पर हजारों रंगों में, हजारों रूपों में लेखन प्रकट हो रहा है। हजारों फूल खिल रहे हैं और अपनी गंध बिखेर रहे हैं। यह और बात है कि मात्रात्मक विस्तार तो खूब हो रहा है, लेकिन गुणात्मक विकास अभी संतोषजनक नहीं है। ब्लाग खूब लिखे जा रहे हैं, लेकिन अभी पढ़े बहुत कम जा रहे हैं। यूं तो समग्र परिस्थितियां इसके लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन हमारे ब्लागरों के लेखन-कौशल और लेखन की गुणवत्ता में न्यूनता भी इसके लिए जिम्मेदार है। उसकी आकर्षण क्षमता और इसके असर में कमियां भी इसके लिए जिम्मेदार है। यही चिन्ता का विषय है। इस सचाई को नकारने से काम नहीं चलेगा। इसे स्वीकार करने और इस कमजोरी से उबरने का परिश्रम करना होगा। यूं तो और बेहतर की सदा गुंजाइश रहती है तथा सृजनशीलता सदैव ही इस हेतु प्रयत्नरत रहती है, लेकिन फिलहाल हिन्दी ब्लागरी जिस मुकाम पर खड़ी है, इस हेतु विशेष प्रयत्नों की जरूरत है।

ब यदि आप समझते हैं कि मूल आलेख को पढ़ना चाहिए तो "कविता के बारे में" को चटखाएँ और वहाँ पहुँच जाएँ। 





अभी ... कविता

ज यहाँ अंबिकादत्त की एक कविता प्रस्तुत कर रहा हूँ। यह कविता कविता के बारे में है। लेकिन जो कुछ कविता के बारे में इस कविता में कहा गया है। उसे संपूर्ण लेखन और संपूर्ण ब्लागरी के बारे में समझा जाना चाहिए। क्या ब्लागरी को भी ऐसी ही नहीं होना चाहिए, जैसी इस कविता में कविता से अपेक्षा की गई है? 




'कविता'
अभी कविता
  • अंबिकादत्त
अभी तो लिखी  गई है कविता
उन के लिए 
जिन के औजार छीन लिए गए

अभी बाकी है कविता !
उन के लिए लिखी जानी 
जिन के हाथ नहीं हैं
जीभ का इस्तेमाल जो सिर्फ पेट के लिए करते हैं

अभी बाकी है कविता का उन तक पहुँचना 
सपने जिन के राख में दबे हैं

उन के लिए बाकी है अभी कविता
जो कविता लिख रहे हैं
जो कविताएँ बाकी हैं
उन्हें कौन लिखेगा
किस के जिम्मे है उन का लिखा जाना

और हम जो लिख रहे हैं कविता
वो किस के लिए है?





रविवार, 27 फ़रवरी 2011

जीवन से विलग हुआ साहित्य महत्वहीन है

हिन्दी के शब्द 'साहित्य' और अंग्रेजी के 'लिटरेचर' (literature) का उपयोग अत्यन्त व्यापक किया जाता है। मेरे यहाँ कोई सेल्समेन आ कर घंटी बजाता है, वह कोई वस्तु बेचने के लिए उस के गुण-उपयोग समझाने लगता है। मुझे समय नहीं है, मैं उसे फिर कभी आने को कहता हूँ।  वह 'लिटरेचर रख लीजिए' कह कर एक पर्चा और दस पन्नों की किताब छोड़ जाता है। इन में किसी कंपनी के उत्पादों के चित्र और विवरण अंकित हैं। अब ये भी साहित्य है। हम धर्म संबंधी पाठ्य सामग्री को सहज ही धार्मिक साहित्य कह देते हैं, ज्योतिष विषयक पाठ्य सामग्री को ज्योतिष का साहित्य कहते हैं, दर्शन संबंधी पाठ्य सामग्री को दार्शनिक साहित्य कह देते हैं। लेकिन साहित्य शब्द का उपयोग केवल पुस्तकों तक ही सीमित नहीं रहता। लोक-साहित्य का अधिकांश अभी भी लिपिबद्ध नहीं है। वह लोक की के मुख में ही जीवित है, और बहुधा व्यवहृत भी, जिस में गीत, कहावतें, मुहावरे आदि हैं। इतना होने पर भी जब हिन्दी साहित्य या बांग्ला साहित्य कह देने से एक अलग अनुभूति होती है। यह उस का एक विशिष्ठ अर्थ है। यदि सभी पाठ्य सामग्री को हम व्यापक अर्थों में साहित्य मान लें तो उस में कुछ श्रेणियाँ खोजी जा सकती हैं। 
हली श्रेणी में हम ऐसी पाठ्य सामग्री पाते हैं जो हमारी जानकारी बढ़ाती हैं। उन्हें पढ़ने से हमें नई सूचनाएँ प्राप्त होती हैं। लेकिन वे हमारी बोध  क्षमता को  कहीं से छू भी नहीं पातीं। इसे हम सूचनात्मक साहित्य कह सकते हैं। दूसरी श्रेणी में हम दर्शन, गणित और विज्ञान आदि विषयों की सामग्री को रख सकते हैं जिन्हें हम विवेचनात्मक साहित्य कह सकते हैं। इस सामग्री के मूल में विवेकवृत्ति है जो भिन्न-भिन्न वस्तुओं, नियमों, धर्मों आदि के व्यवहार को स्पष्ट करती हैं। 
स तरह हम अनेक श्रेणियाँ खोज सकते  हैं। लेकिन पाठ्य सामग्री की एक श्रेणी है। कोई आवश्यक नहीं कि इस श्रेणी की पाठ्य सामग्री से हमें कोई नई सूचनाएँ प्राप्त हों ही। ये हमारी जानी हुई बातों को एक नई रीति से नए रूप में भी प्रस्तुत कर सकती हैं और बार-बार जानी हुई बातों को पढ़ने के लिए उत्सुक बनाए रखती है। यह सामग्री हमें सुख-दुख की वैयक्तिक संकीर्णता और दुनियावी झगड़ों से ऊपर ले जाती हैं और संपूर्ण मानवता, और उस से भी आगे बढ़ कर प्राणी मात्र के दुख-शोक, राग-विराग, आल्हाद-आमोद आदि को समझने के लिए एक दृष्टि प्रदान करती है। वह पाठक के हृदय को कोमल और संवेदनशील बनाती है जिस से वह क्षुद्र स्वार्थों को विस्मृत कर प्राणी मात्र के सुख-दुख को अपना समझने लगता है, सारी दुनिया के साथ आत्मीयता का अनुभव करता है। इसी भाव को सत्वस्थ होना कहा गया है। इस से पाठक को एक प्रकार का आनंद प्राप्त होता है जो स्वार्थगत दुख-सुख से परे है। इसे ही लोकोत्तर आनंद की संज्ञा भी दी जाती है। कविता, नाटक, उपन्यास, कहानी आदि इसी श्रेणी की पाठ्य सामग्री हैं। इसी को हम रचनात्मक साहित्य भी कहते हैं। यह सामग्री हमारे ही अनुभवों के ताने-बाने से एक नए रस-लोक की रचना करती है। साहित्य शब्द का विशिष्ठ अर्थ यही है।  
ही रचनात्मक साहित्य सारी दुनिया में बड़े चाव से पढ़ा जाता है। इसे लोग आग्रह के साथ पढ़ते हैं। यह मानव जीवन से उत्पन्न हो कर मानव जीवन को ही प्रभावित करता है। इसे पढ़ने के साथ ही हम जीवन के साथ ताजा और घनिष्ठ संबंध बनाते हैं। इस में मनुष्य की देखी, अनुभव की हुई, सोची, समझी बातों का सजीव चित्रण मिलता है। जीवन के जो पहलू हमें निकट से स्थाई रूप से प्रभावित करते हैं उन के विषय में मनुष्य के अनुभव को समझने का एक मात्र साधन यही साहित्यिक पाठ्य-सामग्री है। इस तरह यह उक्ति सही है कि भाषा के माध्यम से जीवन की अभिव्यक्ति ही 'साहित्य' है। इसे जीवन की व्याख्या भी कहा गया है। हम इसे इस तरह भी समझ सकते हैं कि जीवन की गति जहाँ तक है वहाँ तक साहित्य का क्षेत्र है, जीवन से विलग हुआ साहित्य महत्वहीन है।

शनिवार, 26 फ़रवरी 2011

हर कोई अपनी सुरक्षा तलाशता है, ... साहित्य भी

नुष्य ही है जो आज अपने लिए खाद्य का संग्रह करता है। लेकिन यह निश्चित है कि आरंभ में वह ऐसा नहीं रहा होगा। उस के पास न तो जानकारी थी कि खाद्य को संग्रह किया जा सकता है और न ही साधन थे। वह आरंभ में भोजन संग्राहक और शिकारी रहा। लेकिन कभी भोजन या शिकार न मिला तो? अनुभव ने उसे सिखाया कि भोजन संग्रह कर के रखना चाहिए। आरंभिक पशुपालन शायद भोजन संग्रह का ही परिणाम था। तब किसी विचार, सम्वाद या सूचना को संग्रह करने का कोई साधन भी नहीं था। भाषा, लिपि और लिखने के साधनों के विकास ने इन्हें संग्रह करने और उस के संचार का मार्ग प्रशस्त किया। अंततः कागज इस संग्रह के बड़े माध्यम के रूप मे सामने आया। लेकिन विचार, सम्वाद और सूचना के संग्रह और संचार के लिए बेहतर साधनों की मनुष्य की तलाश यहीं समाप्त नहीं हो गई। उस ने आगे चल कर कम्प्यूटर और इंटरनेट का आविष्कार किया।
ब लिखने के लिए कोई माध्यम नहीं था तो लोग विचार, सम्वाद और सूचना को रट कर कंठस्थ कर लेते थे। शिक्षा भी मौखिक ही थी और परीक्षा भी। बाद में कागज का आविष्कार हो जाने पर भी कंठस्थ करना जारी रहा। तमाम वैदिक साहित्य को श्रुति कहा ही इसलिए जाता है कि वे कंठस्थ किए जाते रहे और आगे सुनाए जाते रहे। सुनाए जाने की यह परंपरा आज भी नानी की कहानियों और कवि-सम्मेलनों के रूप में मौजूद है। समूचे लोक साहित्य का दो-तिहाई आज भी  कागज पर नहीं आया है, वह आज भी उसी सुनने और सुनाने की परंपरा से जीवित है। बोलियों के लाखों शब्द आज तक भी कागज और शब्दकोषों से बाहर हैं। मेरी अपनी बोली 'हाड़ौती' के अनेक शब्द, कहावतें, मुहावरे, पहेलियाँ, गीत अभी तक कागज पर नहीं हैं। अनेक शब्द, कहावतें, मुहावरे, पहेलियाँ ऐसे हैं कि खड़ी बोली हिन्दी या अन्य किसी भाषा में उन के समानार्थक नहीं हैं। अनेक भावाभिव्यक्तियाँ ऐसी हैं जो अन्य शब्दों के माध्यम से संभव नहीं हैं। 
हिन्दी की खड़ी बोली के प्रभाव ने इन बोलियों को सीमित कर दिया है। मेरी चिंता है कि यदि किसी तरह ये शब्द, कहावतें, मुहावरे, पहेलियाँ, गीत यदि संरक्षित न हो सके तो शायद हमेशा के लिए नष्ट हो जाएंगे, और उन के साथ वे भावाभिव्यक्तियाँ भी जिन्हें ये रूप प्रदान करते हैं। उन्हें कागज तक पहुँचाने में विपुल धन की आवश्यकता है। लेकिन यह काम कम्प्यूटर से सीडी, या डीवीडी में संग्रहीत करने तथा उन्हें इंटरनेट पर उपलब्ध करा देने से भी संभव है, और कम खर्चीला भी। यदि ऐसा हो सका तो बहुत सारा साहित्य कागज पर कभी नहीं पहुँचेगा और इलेक्ट्रॉनिक माध्यम पर पहुँच जाएगा। छापे के साथ आज क्या हो रहा है। छापे की तकनीक उस स्तर पर पहुँच गई है कि कागज पर कोई चीज छापने के पहले उस का इलेक्ट्रोनिक संकेतों में तब्दील होना आवश्यक हो गया है। किताब, पर्चे और अखबार छपने के पहले किसी न किसी डिस्क पर संग्रहीत होते हैं। उस के बाद ही छापे पर जा रहे हैं। किसी भी साहित्य के किसी डिस्क पर संग्रहीत होने के बाद छपने और इंटरनेट पर प्रकाशित होने में फर्क इतना रह जाता है कि यह काम इंटरनेट पर तुरंत हो जा रहा है ,जब कि छप कर पढ़ने लायक रूप में पहुँचने में कुछ घंटों से ले कर कुछ दिनों तक का समय लग रहा है। 
दि कागज और डिस्क के बीच कभी कोई जंग छिड़ जाए तो डिस्क की ही जीत होनी है, कागज तो उस में अवश्य ही पिछड़ जाएगा क्यों कि वह भी डिस्क का मोहताज हो चुका है, इसे हम ब्लागर तो भली तरह जानते हैं। ऐसे में सभी कलाओं के लिए भी मौजूदा परिस्थितियों में सब से अधिक सुरक्षित स्थान डिस्क और इंटरनेट ही है। साहित्य भी एक कलारूप ही है। उस के लिए भी सुरक्षित स्थान यही हैं। हर कोई अपने लिए सुरक्षित स्थान तलाशता है, साहित्य को स्वयं की सुरक्षा के लिए डिस्क और इंटरनेट की ही शरण में आना होगा। 
....... और अंत में एक शुभ सूचना कि भाई अजित वडनेरकर की शब्दों का सफ़र भाग -२ की पांडुलिपि को एक लाख रुपये का विद्यानिवास मिश्र पुरस्कार घोषित हुआ है। राजकमल प्रकाशन अजित वडनेरकर को यह सम्मान 28 फ़रवरी को नई दिल्ली के त्रिवेणी सभागार में शाम पांच बजे आयोजित कार्यक्रम में प्रदान करेगा। पुरस्कार के चयनकर्ता मंडल में प्रख्यात आलोचक नामवर सिंह, विश्वनाथ त्रिपाठी और अरविंद कुमार शामिल थे। इस सूचना ने आज के दिन को मेरे लिए बहुत बड़ी प्रसन्नता का दिन बना दिया है, मैं बहुत दिनों से इस दिन की प्रतीक्षा में था। अजित भाई को व्यक्तिगत रूप से बधाई दे चुका हूँ। आज सारे ब्लाग जगत को इस पर प्रसन्न होना चाहिए। इस महत्वपूर्ण पुस्तक का जन्म पहले इंटरनेट पर ब्लाग के रूप में हुआ। अजित भाई के साथ सारा हिन्दी ब्लाग जगत इस बधाई का हकदार है।