@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: World brotherhood
World brotherhood लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
World brotherhood लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 12 अक्तूबर 2009

अपना घर खुद साफ करें; मोहल्ले की स्वच्छता मिल बैठ तय करें


दीवाली के पहले का सप्ताह आरंभ हो गया है। या तो लोग अपने-अपने घरों की सफाई कर चुके हैं या फिर यह काम जोरों पर है। आखिर दीवाली के पहले सब को अपने-अपने घर चमकाने हैं। देवी लक्ष्मी का स्वागत जो करना है। हमारे घर में यह वार्षिक स्वच्छता अभियान कोई बीस दिन पहले ही आरंभ हो चुका था। श्राद्ध समाप्त हुए, नवरात्र के पहले दिन से ही सफाई का काम आरंभ हो गया। पहले सोने के कमरे को जाँचा गया, पाया कि रंगरोगन अभी ठीक है, वर्ष भर चलेगा, केवल सफाई से काम चल सकता है। उस की सफाई की गई। उस के बाद हमारे बाहर की बैठक की बारी थी। कहने को यह बैठक जरूर है। पर हमारे वकालत के दफ्तर का दरवाजा सुबह छह बजे मुख्य दरवाजे के पहले खुलता है तो रात ग्यारह के बाद मुख्य द्वार पर ताला पड़ने के बाद ही वह बंद होता है। नतीजा ये कि हमारे घर सभी का पहला प्रवेश दफ्तर से होता है। बैठक साफ की गई। इस में वक्त लगा। यहीँ हमारी गैर-वकालती किताबें हैं। सब की सफाई कर वापस जमाया गया। इस तरह दशहरा आ गया।

अब दफ्तर की बारी थी। उस के लिए गांधी जयन्ती नियत है। वह दीवाली के पहले मुकम्मल अवकाश का दिन होता है। उस दिन उस से निपटा गया। इस के बाद बचा सिर्फ बीच का हॉल, रसोई और बाहर का पोर्च बनाम बरामदा। रसोई और बरामदा रंगाई मांग रहे थे। उस के लिए एक भवन निर्माता मुवक्किल से पुताई वाले को भेजने को कहा था। लेकिन सब पुताई वाले अपनी सालाना कमाई में लगे थे, जिस से वे अपने कर्जे चुका कर दीवाली मनाएँगे। कोई खाली न मिला। एक दिन पान की दुकान पर फिटर बाबूलाल नजर न आया तो मैं ने पान वाले बाबूलाल जी से पूछा कि आज बाबूलाल नहीं दिखा। इतने में बाबूलाल आ गया। कहने लगा दुकान के पड़ौस के मकान की पुताई कर रहा हूँ। 1500 रुपए में मजदूरी तय हुई है। मैं ने तुरंत उसे पकड़ा। भाई मेरे मकान में भी कुछ पुताई है, कर दोगे? उस ने हाँ कर दी।

पान वाला और फिटर, दोनों बाबूलाल

बाबूलाल दोहरे व्यक्तित्व वाला व्यक्ति है। अधिक पढ़ा लिखा नहीं है। अपनी धुन में मस्त रहता है। सुबह नौ बजे बाबूलाल पान वाले की दुकान पर आ जाता है। जिसे भी उस से काम कराना होता है उसे वहीं से पकड़ता है और काम करवा कर वहीं छोड़ देता है। काम में कोई नुक्स नहीं। मुस्कुरा कर बात करता है।  उस से बात करो तो बहुत ज्ञान की बातें करेगा। वह ज्ञान की बातें ही नहीं करता, उन पर अमल भी करता है। पर उस के कुछ परिजनों के लगातार सताने से उस के अंदर एक और व्यक्तित्व विकसित हो गया है, जो दुनिया की सभी बुरी चीजों से घृणा करता है। वह उन्हें समाप्त तो नहीं कर सकता, लेकिन उन्हें बुरा कह सकता है, उन के साथ गाली गलौच कर सकता है, उन्हें शाप दे सकता है। बस कुछ फुरसत हुई, उसे अपने साथ हुए बुरे बर्ताव का स्मरण हुआ, और उस की त्योरियाँ चढ़ जाती हैं, वह पान की दुकान के सामने फुटपाथ पर इधर से उधर तेजी से चक्कर लगाने लगता है। साथ ही कुछ शाप बड़बड़ाने लगता है। फिर ऊंचे फुटपाथ पर सड़क की ओर मुहँ कर के खड़ा हो जाता है। उसे वे सब बुरे लोग सामने दिखाई देने लगते हैं। वह उन्हें खूब दुत्कारता है, शाप देता है। कभी कभी इसी हालत में मैं पहुँच जाता हूँ। जोर से उसे बुलाता हूँ -बाबूलाल ! राम! राम! उस का दूसरा व्यक्तित्व तुरंत गायब हो जाता है और वह हमारा प्यारा बाबूलाल बन जाता है। मैं  और पानवाले बाबूलाल जी चाहते हैं कि उस में से प्रतिशोधी व्यक्तित्व समाप्त हो जाए और वह हमारा प्यारा सा बाबूलाल बन कर रहे।  लेकिन राजस्थान में कहावत है 'रांड रंडापा तो काट ले, पर रंडवे काटने दें तब ना!' उसे भी लोग मजा लेने के लिए छेड़ते हैं और उस का दूसरा व्यक्तित्व उभर आता है।

खैर! हमने सफेदी का सामान खरीदा और बाबूलाल को पान की दुकान से पकड़ लाए। उस ने परसों बरांडे की छत और हमारी रसोई पर सफेदी की और कल बरांडे की दीवारों पर रंग किया।  उस से भोजन के लिए पूछा तो उस ने मना कर दिया कि वह सुबह आठ बजे भोजन कर के ही घर से निकलता है। चाय वह दिन में चार बार पी लेता है। उसे दिन भर यह खुराक समय-समय पर बिना कहे मिल गई। उस ने अपनी मजदूरी पहले नहीं बताई थी। आधा काम करने के बाद उस ने पाँच सौ रुपया बताया, वह उसे दे दिया गया। जाते वक्त बाबूलाल खुश था। इन दो दिनों में उस के दूसरे व्यक्तित्व के एक बार भी दर्शन न हुए।


हमारे घर पर सफेदी होते देख एक पड़ौसन भी पूछने आईँ। हमने बाबूलाल को काम देख आने को कहा। वह देख भी आया। उस ने उन्हें भी वाजिब मजदूरी बताई, लेकिन सौदा तय नहीं हुआ।  हमने भी उस में अधिक रुचि नहीं ली। हमारी रुचि अपने घर की सफाई में थी, पड़ौसी के घर की सफाई में नहीं।  हमें पता भी नहीं कि उन  के घर में कितनी गंदगी है?  जिस की सफाई की जरूरत है और पता हो भी तो हम क्या करें? आखिर उन के घर की चिंता उन्हें करनी चाहिए।  वे अपने घऱ को जैसा रखना चाहेँ रखें। हाँ उन के घर की गंदगी हमारे घर में आए, या हमें प्रभावित करने लगे, या वे हमारे घर की सफाई में जबरन रुचि लेने लगें, या वे हमारे घर के नुक्स निकालने लगें तो हम जरूर आपत्ति करेंगे। वे खुद अपने घर की सफाई में जुटें और मदद मांगें तो हमें कोई आपत्ति नहीं होगी।  इस से उन के और हमारे बीच भाईचारा बना रहेगा।  हम सोचते हैं कि चिट्ठा-जगत में भी यही हो तो यहाँ भी भाईचारा बना रहे। हाँ घरों के बाहर मुहल्ले की बात करें तो सब मिल कर बैठ लें, और बात करें कि मोहल्ले में स्वच्छता बनाए रखने के लिए क्या करें?

बुधवार, 5 अगस्त 2009

विश्व भ्रातृत्व विजयी हो! रक्षा-बंधन के महापर्व पर शुभकामनाएँ!

आज रक्षा बंधन का त्यौहार है। मैं समझता हूँ भारतीय संस्कृति का सब से अनुपम त्यौहार। जो विश्व भ्रातृत्व की केवल बात नहीं करता अपितु उस का रियाज भी कराता है। सावन के महीने का अंतिम दिन। हम सभी उस दिन इतने व्यस्त रहते थे कि सिर उठा कर देखने की फुरसत नहीं होती थी। मंदिर में सुबह चार बजे से काम आरंभ होता। पूर्णमासी के कारण बहुत दर्शनार्थी होते। दादाजी कथा करते तो श्रोताओं से चौक भर जाता बिना किसी लाउडस्पीकर के उन की आवाज सब तक पहुँचती। कथा के बीच मंदिर पिताजी या मैं संभालते। माँ और कुछ और लोग रसोई में भोग बनाते। 12 बजे इस से निवृत्त होते तो भोजन कर आधा घंटा विश्राम करते। फिर शाम के दर्शनार्थियों के लिए झाँकियाँ और झूले बनाने लगते। यह काम शाम साढ़े -सात तक चलता रहता जब तक कि झूले और झाँकियाँ बन कर पट खुल जाते। फिर कुछ लोगों को दर्शनार्थियों के लिए गाइड बनना पड़ता जो झांकी के पीछे की पौराणिक कहानी लोगों को बताते जाते। मुझे विशेष रूप से इस काम में बहुत आनंद आता। यहाँ तक कि और भी लोग जो स्वैच्छा से हाथ बंटाना चाहते दिन भर मंदिर में बने रहते और हमारा सहयोग करते। 

अम्माँ घर के सभी दरवाजों के दोनों और खड़िया से पुताई कर उस पर श्रवण कुमार का माँडना माँडती। उन की पूजा से त्योहार आरंभ होता। वही श्रवण कुमार जो मातृ-पितृ भक्ति के लिए जाने जाते हैं, जिन्हों ने कावड़ में बिठा कर सारे तीर्थ अपने माता-पिता को कराए। दोपहर बाद नगर के दूसरे छोर पर रहने वाली बुआ जातीं। फूफाजी तो सुबह से ही मंदिर में होते हमारे काम में हाथ बंटाने को। वे चाय पीतीं, नाश्ता करतीं बहनों को बुला कर राखी बांधने की तैयारी कर लेतीं। बहनें आती बुला जातीं -दो मिनट काम छोड़ कर राखी तो बंधवा लो। पर काम तो काम था। जब तक हाथ का काम पूरा हो कैसे स्थान छो़ड़ें। बहने तीन-चार बार बुला जातीं। फिर अंतिम उलाहना जाता जल्दी से राखी बंधवा लो फिर बुआ चली जाएँगी। पिताजी काम छोड़ उठ जाते। सब को कहते -सब काम छोड़, पहले राखी बंधवा लो। सब काम छोड़ राखी बंधवाने कतार से बैठ जाते। राखी बांधने में जितनी देर लगती अम्माँ चाय बना कर सब के लिए लातीं। वह दस-पन्द्रह मिनट का राखी बंधवाने का समय पूरे दिन की थकान उतार देता। बुआ कहतीं -भाई साहब परसों भैया दूज पर भोजन हमारे यहाँ करेंगे। पिताजी सहर्ष हाँ कर देते और भैया दूज को तिलक कराने बुआ के यहाँ जाते।

दूसरे दिन से दादाजी दोपहर 12 बजे मंदिर के पट बंद हो जाने के बाद भोजनादि से निवृत्त हो कर अपनी घर के बाहर की पोशाक धोती, बंडी, पगड़ी पहनते, आँखों पर गोल शीशों की एनक और हाथ में एक छड़ी और राखियों का थैला ले कर निकलते और नगर के सारे महाजनों की दुकानों पर उन की तराजू को रक्षा सूत्र बांध कर संध्या तक वापस लौटते। इस से उन्हें कोई विशेष आमदनी होती। लेकिन उन्हें संतोष प्राप्त होता। वे कहते यह शुभकामना देने और आपसी रिश्तों को मजबूत करने का काम है। लोग इसे आशीर्वाद मानते हैं। कोई महाजन छूट जाता तो वह उलाहना देने आता। दादा जी को कहता -आप हमें भूल गए, राखी बांधने नहीं आए।
भारतीय दर्शन परंपरा में अद्वैत मानता है कि सारी सृष्टि का सृजन एक ही ब्रह्म से हुआ है और वह ब्रह्म में ही स्थित है। विशिष्ठाद्वैत कहता है जिस तरह वृक्ष बीज का ही विस्तार है यह अनुभवगम्य जगत भी ब्रह्म का ही विस्तार है। साँख्य यह कहता है कि प्रकृति का विकास ही यह जगत है। जब संपूर्ण जगत एक ही ब्रह्म या प्रकृति से उत्पन्न और उस में स्थित है तो सारा विश्व एक अदृश्य भ्रातृत्व से बंधा है। आप मानें या मानें आप सब भाई हैं ही। रक्षा बंधन इसी तथ्य को स्मरण करने का दिन है। आधुनिक विज्ञान ने यह साबित कर दिया है कि पूरी मानव जाति (होमोसेपियन्स) का एक ही स्थान (अफ्रिका) से उद्भव हुआ और कालांतर में वह पूरी पृथ्वी पर फैल गई। स्थान भेद से उन में रंग,रूप आदि भेद उत्पन्न हो गए। इस तरह पूरी मानव जाति भ्रातृत्व में बंधी है।
आज का दिन इन्हीं मान्यताओं और समझ को आत्मसात करने का है और विश्व-भ्रातृत्व की भावना को विस्तार देने का संकल्प करने का है। सब को रक्षा-बंधन के इस महापर्व पर बधाई और शुभ कामनाएँ। विश्व-भ्रातृत्व विजयी हो!