@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: Slave era
Slave era लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Slave era लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 6 अक्तूबर 2011

मातृवंश से पितृसत्ता की ओर : बेहतर जीवन की तलाश-4


नुष्य जीवन का आरंभ समूह में ही हुआ था। उस के बिना उस का जीवन संभव नहीं था। लेकिन एक प्रश्न हमारे सामने आता है कि पशु अवस्था से मानव अवस्था में संक्रमण के समय इस समूह का संस्थागत रूप क्या रहा होगा? इस के लिए गोरिल्ला और चिम्पाजी जैसे वानरों के जीवन की ओर संकेत किया जाता है। लेकिन जैसी परिस्थितियों में ये वानर रहते हैं उन परिस्थितियों से तो मनुष्य रूप में संक्रमण संभव नहीं हो सकता था। ये वानर तो विकास के मुख्य क्रम से अलग हो कर लुप्त हो जाने की पतनोन्मुख अवस्था में हैं। इस कारण आदिम मानवों तथा इन वानरों में समानता तलाशना उचित नहीं है। केवल बड़े सामुहिक यूथों में रहते हुए ही मानवावस्था में संक्रमण संभव था। इन यूथों की सब से बड़ी शर्त यही थी कि वयस्क नरों के बीच पारस्परिक सहनशीलता हो और वे ईर्ष्या की भावना से मुक्त हों। मानव परिवार का जो सब से पुराना आदिम रूप, जिसके इतिहास में अकाट्य प्रमाण मिलते हैं वह यूथ-विवाह का रूप है। जिस में दस के सभी पुरुषों का पूरे दल की सभी स्त्रियों के साथ संबन्ध होता है, और जिस में ईर्ष्या की भावना लगभग नहीं होती।

मानव परिवार का यह रूप जांगल युग की उच्चतर अवस्था और बर्बर युग की आरंभिक अवस्था तक अनेक रूपों में विकसित होता रहा जिस में हमें, रक्तसंबंध परिवार, युग्म परिवार, सहभागी परिवार आदि रूप देखने को मिलते हैं। इन तमाम विभिन्न रूपों के होते हुए भी सामुदायिक कुटुम्ब बना रहा जिस में नारी का प्राधान्य था। सगे पिता का पता न हो सकने के कारण सगी माता की एकान्तिक मान्यता थी। जिस का अर्थ था स्त्रियों अर्थात माताओं का प्रबल सम्मान। इन सामुदायिक कुटुम्बों में अधिकतर स्त्रियाँ, यहाँ तक कि सभी स्त्रियाँ एक ही गोत्र की होती थीं और पुरुष दूसरे गोत्रों से आते थे। इस तरह के कुटुम्बों को मातृसत्तात्मक कहा और समझा जा सकता है, लेकिन तब तक वहाँ सत्ता जैसी चीज उत्पन्न ही नहीं हो सकी थी, सत्ता के लिए संपत्ति का होना जरूरी था। उस समय तक कुटुम्बों के पास जो वस्तुएँ थीं भी जिन्हें सम्पत्ति समझा जा सकता था, वे भी सत्ता की उत्पत्ति के लिए अपर्याप्त थीं। इस रूप में हम कह सकते हैं कि कुटुम्बों में स्त्री-प्राधान्य था लेकिन उस में मातृसत्ता जैसी कोई अवस्था नहीं थी। समाज का हर सदस्य यथाशक्ति समूह के लिए काम करता था और आवश्यकतानुसार अपना भाग प्राप्त करता था।

शुपालन और पशुप्रजनन ने संपदा का एक नया स्रोत उत्पन्न किया था जिस की उस से पहले के मानव ने कल्पना भी नहीं की थी। बर्बर युग की निम्न अवस्था तक मकान, वस्त्र, कुघड़ आभूषण, आहार उपलब्ध करने के लिए जरूरी औजार, नाव, हथियार और बहुत मामूली बर्तन-भांडे मात्र ही स्थायी संपत्ति थे। आहार नित्य ही प्राप्त करना पड़ता था। लेकिन पशुपालन ने घोड़े, ऊँट, गाय-बैल, भेड़-बकरियाँ और सुअरों के रेवड़ आदि नयी संपदा के रूप में मनुष्य को प्रदान किए थे। भारत में पंजाब और गंगा के क्षेत्रों में आर्यों तथा फरात और दजला के क्षेत्र में सामी लोगों की यह संपदा नदियों के पानी और हरे-भरे मैदानों के कारण दिन दूनी और रात चौगुनी दर से बढ़ रही थी। लोगों को दूध और मांस के रूप में अधिक स्वास्थ्यकर भोजन मिलने लगा था। आहार के पुराने तरीके पीछे छूट रहे थे। भोजन का प्राचीन तरीका शिकार अब शौक बन कर रह गया था। प्रश्न उठता है कि पशुओं के रूप में प्राप्त इस नयी संपदा पर किस का अधिकार था? निस्संदेह यह अधिकार संपूर्ण समूह (गोत्र) का था। लेकिन प्रामाणिक इतिहास के प्रारंभ में ही हम यह पाते हैं कि पशुओं के रेवड़ से लेकर मानव पशु (दास) तक मुखियाओं की अलग संपदा होते थे। कारण कि अब दास उत्पन्न हो चुके थे।

शुपालन के साथ ही धातुओं का प्रयोग होने लगा था और अंत में खेती होने लगी तब स्थिति परिवर्तित हो गयी। गोत्र आरंभ में मातृवंश थे और गोत्र में किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाने पर संपत्ति का गोत्र में रहना आवश्यक था। आरंभिक संपत्तियाँ साधारण थीं और वे किसी निकट के संबन्धियों को प्राप्त होती थीं। लेकिन मृत पुरुष के बच्चे उस के स्वयं के गोत्र के न हो कर उस की पत्नी के गोत्र के होते थे। पिता की संपत्ति उस के अपने बच्चों को नहीं मिल सकती थी। वह भाइयों, बहनों और बहनों के बच्चों या मौसियों के वंशजों को मिल जाती थी। लेकिन पुरुष के अपने बच्चे उस के उत्तराधिकार से वंचित थे। लेकिन जैसे जैसे संपत्ति बढ़ती गई नारी के स्थान पर पुरुष का महत्व बढ़ता गया। पुरुष के मन में यह इच्छा जोर पकड़ने लगी कि अपनी मजबूत स्थिति का लाभ उठा कर पुरानी प्रथा को उलट दिया जाए। जिससे उस के अपने बच्चे उस की संपत्ति प्राप्त कर सकें। ऐसा किया भी गया। लेकिन इस में अधिक कठिनाई भी नहीं थी क्यों कि जैसा चला आ रहा था उस में बहुत बड़े परिवर्तन की जरूरत नहीं थी। केवल इतना फैसला भर पर्याप्त था कि पुरुष सदस्यों के वंशज गोत्र में रहेंगे और स्त्रियों के वंशज गोत्र से अलग किए जाएंगे वे उन के पिताओं के गोत्र में सम्मिलित किए जाएंगे। इस तरह चुपचाप एक क्रांति संपन्न हुई और मातृ वंशानुक्रम तथा दायाधिकार की प्रथा उलट गयी। हम इस क्रांति के बारे में कुछ भी नहीं जानते लेकिन वास्तव में यह हुई थी। क्यों कि मातृवंशानुक्रम के अनेक अवशेष मिले हैं। उत्तर भारत के परिवारों में नवरात्र की अष्टमी के दिन कुल देवी की पूजा आवश्यक मानी जाती है। यदि परिवार आरंभ से पितृवंशानुक्रम में होते तो यह कुल देवी कहाँ से उत्पन्न हुई थी और उस के साथ कोई कुल देवता क्यों नहीं है? केरल प्रान्त में अभी भी मातृवंशीय परिवार मौजूद हैं।

ह क्रांति मनुष्य को उत्पादन का नया साधन पशुपालन मिल जाने और संपत्ति के पैदा होने का सीधा परिणाम थी। इस ने परिवार में संबन्धों को तथा मनुष्य समाज के संस्थागत रूप को बदल दिया था। मातृवंशानुक्रम का विनाश हो चुका था। अब घर के अंदर भी पुरुष ने अपना कब्जा जमा लिया था। स्त्री पदच्युत कर दी गई थी, उसे जकड़ दिया गया था। वह पुरुष की वासना की दासी, संतान उत्पन्न करने वाला यंत्र मात्र रह गयी थी। जो नया कुटुंब इस तरह स्थापित हुआ था वह बहुत कुछ भारतीय संयुक्त हिन्दू परिवार की तरह था जिस में एक पुरुष के कई पीढ़ियों के वंशज और उन की पत्नियाँ सम्मिलित होती थीं। सब साथ साथ रहते, खेतों को जोतते, समान भंडार से भोजन व वस्त्र प्राप्त करते और प्रयोग के बाद जो वस्तुएँ बच रहती वे परिवार की सामुहिक संपत्ति हो जाती थीं। प्रबंध सब एक मुखिया के हाथ में रहता। लगभग सभी अंतिम निर्णय वही करता था। हालांकि सभी की सलाह अवश्य प्राप्त की जाती थी।

गुरुवार, 29 सितंबर 2011

खेती का आविष्कार और सामंती समाज व्यवस्था का उदय : बेहतर जीवन की तलाश-3

शुपालन के साथ मनुष्य अनेक नयी चीजें सीख रहा था। जांगल युग में वह तत्काल उपभोग्य वस्तुएँ मुख्यतः प्रकृति से प्राप्त करता था। लेकिन पशुपालन के माध्यम से उस ने स्वयं उत्पादन करना आरंभ किया। मांस और दूध उस के उत्पादन थे। मृत पशुओं के चर्म से उसे तन ढकने को पर्याप्त चमड़ा भी प्राप्त हो रहा था। लेकिन पशुओं को पालने के लिए सब से आवश्यक चीज थी पशुओं के भोजन के लिए चारा। जो उस समय तक प्राकृतिक रूप से प्रचुर मात्रा में उपलब्ध था। बस पशुओं को चारे के समीप ले जाना था। इस तरह मनुष्य समूह अपने पशुओं के साथ, जो तब तक उस की प्रमुख बन चुके संपत्ति थे, चारे की तलाश में स्थान बदलता रहा। इस दौरान उस ने देखा कि किस तरह एक मैदान का सारा चारा पशुओं द्वारा चर जाने पर भी अनुकूल परिस्थितियों में चारा दुबारा उगने लगता है। काल के साथ उस ने यह भी जाना कि चारे को उगाया जा सकता है। खेती का आरंभ संभवतः सब से पहले चारे के उत्पादन के लिए ही हुआ। इस तरह उस ने एक नयी उत्पादन पद्धति कृषि का आविष्कार किया। इस खेती के आविष्कार ने उस की बारम्बार जल्दी-जल्दी स्थान परिवर्तन की आवश्यकता को कम कर दिया। उस ने मैदानों में जहाँ जल की उपलब्धता थी और चारे की खेती की जा सकती थी टिकना आरंभ कर दिया। वह मिट्टी की ईंटों के घर बनाने लगा। इसी दौरान उस का परिचय लौह खनिजों से हुआ और उस ने लौह खनिजों को गला कर उन से खेती में काम आने वाले औजार मुख्यतः हल का आविष्कार किया। लेकिन जब तक वह केवल चारा उगाता रहा तब तक मुख्यतः पशुपालक ही बना रहा। खेती भी उस के पशुपालन की आवश्यकता मात्र थी। जब घासों की खेती करना उस ने सीख लिया तो वह दिन भी दूर नहीं था जब उस ने यह भी जाना कि कैसे कुछ घासों के बीज मनुष्य को पोष्टिक भोजन प्रदान कर सकते हैं। इस तरह स्वयं के भोजन के लिए जब उस ने बीजों को उगाना सीख लिया तो उन का उत्पादन भी आरंभ हो गया। धीरे-धीरे खेती प्रमुखता प्राप्त करती गयी और पशुपालन खेती का एक सहायक उद्योग भर रह गया।  

सी दौर में उस ने अक्षर लिखने की कला का आविष्कार किया और लेखन में उस का प्रयोग आरंभ कर दिया। इसी अवस्था में हमें पहली बार पशुओं की मदद से लोहे के हलों के प्रयोग से जुताई कर के बड़े पैमाने पर खेती का उपयोग देखने को मिलता है। लोहे के औजार मनुष्य का जीवन बदल रहे थे। जंगलों को काट कर उन्हें खेती और चरागाह भूमि में बदलना लोहे की कुल्हाड़ी और बेलचे की मदद के बिना संभव नहीं था। जनसंख्या तेजी से बढ़ने लगीं और बस्तियाँ आबाद होने लगीं। इस दौरान लोहे के उन्नत औजारों के साथ  धोंकनी, हथचक्की, कुम्हार का चाक, तेल और शराब निर्माण, धातुओं के काम का कलाओं के रुप में विकास। गाड़ियों, युद्ध के रथों, तख्तों से जहाजों का निर्माण, स्थापत्य का कला का प्रारंभिक विकास, मीनारों-बुर्जों व प्राचीरों से घिरे नगरों का निर्माण महाकाव्य और पुराणों की रचना इसी युग की देन हैं। 

खेती के आविष्कार ने मनुष्य को प्रचुर संपदा का मालिक बना दिया था। गुलाम अब भी मौजूद थे लेकिन खेती के काम के लिए उन्हें सदा के लिए बांध कर नहीं रखा जा सकता था। खेती के लिए उन्हें छूट की आवश्यकता थी। इस तरह दासों की एक नयी किस्म भू-दासों का उदय हो रहा था। इस तरह अब समूह खेती करने योग्य भूमि का स्वामी भी हो चुका था। भू-दास समूह के लिए खेती करते थे। समूह के सदस्य उन पर नियंत्रण रखने का काम करने लगे थे। खेती की उपज समूह की संपत्ति थी। भू-दासों को उपज का केवल उतना ही हिस्सा मिलता था जितनी कि उन के जीवनधारण के लिए न्यूनतम आवश्यकता थी। हम कुछ काल पहले तक देखते हैं कि अकाल आदि की अवस्था में भी किसान को जमींदार का हिस्सा देना होता था। चाहे वास्तविक उत्पादक के पास उस का जीवन बनाए रखने तक के लिए भी कुछ न बचे। उसे अपने जीवन को बचाए रखने के लिए जमींदार से कर्जा लेना होता था और इस तरह वह सदैव कर्जे में दबा रहता था।
स बीच समूह के सद्स्यों की संख्या भी बढ़ रही थी और खेती योग्य भूमि भी। यह संभव नहीं था कि समूह सारी भूमि पर खेती की व्यवस्था कर सके। इस के लिए समूह ने परिवारों को भूमि बांटना आरंभ कर दिया। इस तरह परिवारों के पास भूमि एक संपत्ति के रूप में आ गयी। परिवारों के मुखिया को भूमिपति की तरह पहचाना जाने लगा। संपत्ति की प्रचुरता से लेन-देन और वस्तुओं के विनिमय का भी आरंभ हुआ। समूह अब परिवारों में बंट गया था। परिवारों की अपनी संपत्ति होने लगी थी। परिवार के विभाजित होने पर संपत्ति का विभाजन भी होने लगा। इस तरह परिवार के हर सदस्य का भाग संपत्ति में निर्धारित होने लगा। उस के लिए लेन-देन, व्यापार, उत्तराधिकार और विवाह के लिए स्पष्ट विधि की भी आवश्यकता महसूस होने लगी। विधि की पालना के लिए राज्य के उदय के लिए परिस्थितियाँ बनने लगीं।  बाद में राज्य बने और उन के विस्तार के लिए युद्ध भी हुए। आने वाला संपूर्ण सामन्ती काल भूमि और संपदा के लिए युद्धों के इतिहास से भरा पड़ा है। अभी उस के विस्तार में जाने के स्थान पर केवल इतना समझ लेना पर्याप्त है कि मनुष्य ने अपनी सहूलियत को बढ़ाने के लिए नयी उत्पादन पद्धति और साधनों का विकास किया। लेकिन प्रत्येक उत्पादन पद्धति ने न केवल मनुष्य के जीवन को बदला अपितु मनुष्य समाज के ढांचे, उस की व्यवस्था को भी अनिवार्य रूप से परिवर्तित किया।

मंगलवार, 27 सितंबर 2011

पशुपालन का आरंभ : बेहतर जीवन की तलाश-2


बात आरंभ यहाँ से हुई थी कि आज मनुष्य जीवन को सब तरफ से आप्लावित करने वाली कंपनियों का उदय कब और क्यों कर हुआ? लेकिन हम ने आरंभ किया मनुष्य जीवन के आरंभिक काल में हो रहे परिवर्तनों से। हम ने देखा कि भोजनसंग्रह और शिकारी अवस्था के जांगल युग में अपने रोजमर्रा के कामों के बीच हुए अनुभवों और बेहतर जीवन की तलाश ने पशुओं को काबू करने और मुश्किल दिनों के लिए उन का संरक्षण करना आरंभ कर दिया था। इसी ने विजेता समूह में पराजित समूह के सदस्यों के जीवन का अंत करने की प्रवृत्ति को दास बनाने के प्रयत्न में बदलना आरंभ किया था। इस तरह वे अपना जीवन बेहतर बनाना चाहते थे। पराजित समूह के सदस्य के लिए जानबख्शी भी बहुत बड़ी राहत थी। इस तरह अब जो मानव समूह अस्तित्व में आया उस में और पहले वाले मानव समूह में एक बड़ा अंतर यह था कि पहले वाले समूह में केवल सदस्य थे जो किसी न किसी प्रकार से रक्त संबंधों से जुड़े थे और सदस्यों के बीच कोई भेद नहीं था। लेकिन जो नया समूह जन्म ले रहा था उस में सदस्यों के अतिरिक्त दास भी सम्मिलित थे। अब समूह वर्गीय हो चले थे। दासों को बन्धन में रहते हुए वही काम करना था जो समूह के सदस्य उन के लिए निर्धारित करते थे। ये काम समूह के मुख्य कामों के सहायक काम होते थे। इस के बदले समूह उन्हें मात्र इतना भोजन देता था कि वे किसी तरह जीवित रह सकें।

दीर्घ काल तक पशुओं का संरक्षण करते रह कर मनुष्य को सीखने को मिला कि एक पशुमाता अपनी संतान का अपने स्तनों के जिस दूध से पोषण करती है वह मनुष्य के लिए भी उतना ही पोषक है जितना कि पशु के लिए और उस का उपयोग समूह के सदस्यों के पोषण के लिए किया जा सकता है। आरंभ में मनुष्य ने पशुबालक की तरह ही पशुदुग्ध का सेवन करना सीखा होगा और अनुभव ने उसे सिखाया कि सीधे पशु-माता के स्तन को मुहँ लगाए बिना भी पशु-माताओं से दूध प्राप्त किया जा कर उस का उपयोग किया जा सकता है। मनुष्य जीवन के विकास में यह एक बड़ा परिवर्तन था। जिन पशुओं का वह मात्र खाद्य के रूप में संरक्षण कर रहा था उस पशु को जीवित रख कर भी उन से पोषक भोजन प्राप्त किया जा सकता था। इसी ज्ञान ने मनुष्य को पशु-संरक्षक से पशुपालक में बदलना आरंभ कर दिया। पशुपालन विकसित होने लगा। बेशक वनोपज-संग्रह और शिकार भी जारी रहा, लेकिन वह पशुपालन से अधिक जोखिम का काम था, पशुपालन के विकास के साथ ही उस का कम होना अवश्यंभावी था। मनुष्य ने यह भी जान लिया था कि पाले गए पशुओं की संख्या में स्वतः ही वृद्धि होती रहती है। मनुष्य को उन्हें हमेशा काबू कर पालतू बनाने की आवश्यकता नहीं है। शनैः शनैः मनुष्य वनोपज संग्राहक और शिकारी से पशुपालक होता गया। एक अवस्था वह भी आ गई जब वह मुख्यतः पशुपालक ही हो गया। पशुपालन से भोजन के लिए पशुओं की आवश्यकता की भी बड़ी मात्रा में पूर्ति संभव हो गयी। उस के लिए अब शिकार की जोखिम उठाना आवश्यक नहीं रह गया था। वनोपज संग्रह और शिकार अब अनुष्ठानिक कार्यों, शौक, आनंद, औषध आदि के लिए रह गए। जांगल युग समाप्त हो रहा था और मनुष्य सभ्यता के प्राथमिक दौर में प्रवेश कर चुका था। हालांकि यह युग भी मानव इतिहास में बर्बर युग के नाम से ही जाना जाता है। 

सामी और आर्य समूहों में पशुपालन मुख्य आजीविका हो चला था लेकिन अभी वे खेती के ज्ञान से बहुत दूर थे। मनुष्य जीवन पहाड़ों, गुफाओं और जंगलों से निकल कर घास के मैदानों में आ चुका था। चौपायों के पालन और उन की नस्ल बढ़ाते रहने से, समूहों के पास पशुओं के बड़े बड़े झुण्ड बनने लगे। उन के पास भोजन के लिए मांस और दूध की प्रचुरता हो गई। इस का बालकों के विकास पर अच्छा असर हो रहा था। घास के मैदानों में वे प्रकृति के नए रहस्यों से परिचित हो रहे थे कि कैसे पानी और धूप घास के जंगलों को पैदा करती रहती है? कैसे घास के बीज अँकुराते हैं और घास पैदा होती रहती है। कैसे मिट्टी से उपयोगी बर्तन बनाए जा सकते हैं, और कैसे उन्हें आग में तपा कर स्थायित्व प्रदान किया जा सकता है? कैसे किसी खास स्थान की मिट्टी से धातुएँ प्राप्त की जा सकती हैं? जिन से उपयोगी वस्तुओं का निर्माण किया जा सकता है। एक लंबा काल इसी तरह जीते रहने के उपरान्त वे सोच भी नहीं सकते थे कि वे वापस उन्हीं पहाड़ों, गुफाओं और जंगलों में जा सकते हैं।

म देख सकते हैं कि जांगल युग में मनुष्य तत्काल उपभोग्य वस्तुएँ मुख्यतः प्रकृति से प्राप्त करता था। वह वे ही औजार तैयार कर पाता था जिन से प्राकृतिक वस्तुएँ प्रकृति से प्राप्त करने में मदद मिलती थी। इस से अगली पशुपालन की अवस्था में उस ने पशुओं में प्रजनन के माध्यम से प्रकृति की उत्पादन शक्ति को बढ़ाने के तरीके सीखना आरंभ किया। मनुष्य अपने जीवन को बेहतर बना रहा था। लेकिन इस बेहतरी ने मनुष्य समूह में दो वर्ग उत्पन्न कर दिए थे, 'स्वामी' और 'दास'। पशुओं के रूप में संपत्ति ने जन्म ले लिया था। हालांकि इस संपत्ति का स्वामित्व अभी भी सामुहिक अर्थात संपूर्ण समूह का बना हुआ था। वह व्यक्तिगत नहीं हुई थी।  (क्रमशः) 


दास युग का आरम्भ : बेहतर जीवन की तलाश-1

सोमवार, 26 सितंबर 2011

दास युग का आरम्भ : बेहतर जीवन की तलाश-1

ज शर्मा जी नया एलईडी टीवी खरीद कर लाए हैं, मनोज ने नया लैपटॉप खरीदा है या फिर मोहता जी ने नई कार खरीदी है। जब भी इस तरह का कोई समाचार सुनने को मिलता है तो अनायास कोई भी यह प्रश्न कर उठता है। टीवी या लैपटॉप कौन सी कंपनी का लाया गया है, या कार कौन सी कंपनी की है? जैसे कंपनी का नाम पता लगते ही वस्तु की रूप-गुणादि का स्वतः ही पता लग जाएंगे। कंपनी का नाम वस्तुओं के उत्पादन के साथ अनिवार्य रूप से जु़ड़ चुका है। हम जीवन के किसी भी क्षेत्र में चले जाएँ कंपनी हमारा पीछा छोड़ती दिखाई नहीं देती, वह परछाई की तरह मनुष्य का पीछा करती है। कंपनियों का जो स्वरूप आज मनुष्य समाज में सर्व व्यापक दिखाई देता है। लगभग छह सौ बरस पहले तक वह अनजाना था। आखिर पिछले छह सौ बरस पहले ऐसा क्या हुआ कि अचानक कंपनियों का उदय हुआ और थोड़े ही काल में उन्हों ने सारी दुनिया पर प्रभुत्व जमा लिया?

क जमाना था जब मनुष्य रोज की आवश्यकताओं को रोज पूरी करता था। भोजन के लिए जंगलों की उपज एकत्र करके लाना या शिकार करना ही इस के साधन थे। लेकिन इस तरह प्राप्त भोजन इतना ही होता था कि मनुष्य की प्रतिदिन की आवश्यकता को पूरा कर दे। न तो शिकार को बचा कर रखा जा सकता था और न ही जंगल से संग्रह की गई वनोपज को। भोजनसंग्रह और शिकारी अवस्था के उस जांगल युग में मनुष्य ने अपने शिकार पशुओं का व्यवहार समझने का अवसर प्राप्त हुआ। उस ने अनुभव से जाना कि कुछ जानवर ऐसे हैं जिन्हें शिकार किए बिना जीवित ही काबू किया जा सकता है। उन्हें घेर कर या बांध कर रखा जा सकता है, और शिकार न मिलने के कठिन दिनों में उन का उपयोग कर क्षुधापूर्ति की जा सकती है। यह मनुष्य समाज के विकासक्रम में आगे आने वाली महत्वपूर्ण अवस्था का पूर्वरूप था। जब पशु घेर कर या बान्ध कर रखे जाने लगे तो उन की सुरक्षा का प्रश्न उठ खड़ा हुआ। काबू में किए गए पशु घेरा या बन्धन तोड़ कर स्वयं स्वतंत्र हो सकते थे, अन्य हिंस्र पशु भोजन की तलाश में उन पर हमला कर सकते थे, या कोई दूसरा मानव समूह उन पर कब्जा कर सकता था। मनुष्य को अपने समूह के सदस्यों के एक भाग को भोजन संग्रह और शिकार के काम से अलग कर इन काबू किए गए पशुओं की सुरक्षा में लगाना पड़ा। भोजन संग्रह और शिकार अभी मनुष्य के मुख्य काम थे और पशु संरक्षा के काम में लगाए गए स्त्री-पुरुष समूह के वे सदस्य थे जो इस के लिए कम योग्य या अयोग्य समझे जाते थे। लेकिन पशु संरक्षा का यह काम आरंभ करते समय मनुष्य को यह अनुमान तक नहीं था कि आगे आने वाले युग में भोजन संग्रह और शिकार गौण हो जाने वाला है और उस ने पशुओं को काबू करना सीख कर जीवन यापन के लिए एक नए, उन्नत और अधिक उपयोगी साधन के विकास की नींव रख दी है। 

भोजन संग्रह और शिकार युग में कभी कभी काम के दौरान दो मानव समूहों की भेंट भी हो जाती थी। यह भेंट वैसी नहीं होती थी जैसी आज दो देशों के राजनयिक या सांस्कृतिक प्रतिनिधि मंडलों की होती है। वह अनिवार्य रूप से हिंस्र होती थी। यह हिंसा होती थी संग्रह किए जाने वाले भोजन या शिकार पर कब्जे के लिए। यह भेंट कुछ कुछ आज कल किसी क्षेत्र में अवैध व्यापार करने वाली गेंगों के बीच होने वाली गैंगवार जैसी होती होगी। जब तक एक समूह को पूरी तरह नष्ट न कर दिया जाए या क्षेत्र से बहुत दूर न खदेड़ दिया जाए, तब तक दूसरे समूह के लोगों को कत्ल कर देने का सिलसिला खत्म न होता था। पशु संरक्षा के नए काम ने इन हिंसक मुलाकातों के अंत का मार्ग भी प्रशस्त किया। अब पशु संरक्षा के काम को आरंभ कर चुके समूहों को पशुओं की सार संभाल के लिए कुछ ऐसे लोगों की आवश्यकता महसूस हो रही थी जो बन्धन में रहकर काम कर सकें। उस काल तक एक समूह को पराजित कर देने के उपरान्त पराजित समूह के सभी सदस्यों की हत्या कर देने के और शेष बचे सदस्यों को भाग जाने देने के स्थान पर बन्दी बना कर उन से काम लेना अधिक उपयोगी था। पराजित समूह के शेष बचे सदस्यों के लिए भी लड़ कर जीवन का सदा के लिए अन्त कर देने के स्थान पर बन्दी बन कर जीवन बचाए रखना अधिक उपयोगी था, उस में स्वतंत्र जीवन की आस तो थी। मानव विकास का यह मोड़ अत्यन्त महत्वपूर्ण था। इसे हम मनुष्य समाज के विकासक्रम में दास युग का प्रारंभ कह सकते हैं। (क्रमशः)