@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: Home
Home लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Home लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 27 फ़रवरी 2017

अपने घर के आसपास

 
ल अपने गृह नगर बाराँ में था। अपने घर के बिलकुल पास के तीन चित्र साझा कर रहा हूँ। पहले चित्र में कल्याणराय मंंदिर का मुख्य द्वारा है। यह बाराँ नगर का सब से बड़ा मंदिर कहा जाता है। राजस्थान सरकार का देवस्थान विभाग इस की व्यवस्था का संचालन करता है। पुरातत्व विभाग ने इसे सुरक्षित निधि घोषित कर रखा है। इस चित्र में एक व्यक्ति दरवाजे के सामने सड़क पर आता हुआ दिखाई दे रहा है। इस व्यक्ति के दाहिने हाथ की ओर दो दुकानें हैं और उन के ऊपर एक मकान है। यही मकान हमारा घर है। इस मकान में मैं ने आठवीं कक्षा से ले कर एलएलबी तक की पढ़ाई की और एक साल वकालत भी। बाद में मैं कोटा चला आया।

इस चित्र के आते हुए व्यक्ति के बाएँ हाथ की ओर कौर्नर पर एक दुकान है जिस का स्वामित्व नगर पालिका का है। इस दुकान के एक तरफ सड़क पर नाली के किनारे घास भैरव की गोल प्रतिमा होती थी और दुकान में एक सार्वजनिक वाचनालय चलता था। जहाँ मुहल्ले के लोग अखबार और पत्रिकाएँ पढ़ते थे। धीरे धीरे जैसे टीवी का प्रचलन बढ़ा यहाँ पाठक कम हुए और वाचनालय बंद हो गया। एक दिन कुछ लोगों ने दुकान का ताला तोड़ कर वहाँ भैरूजी की प्रतिमा रख दी। भैरूजी नाली के किनारे से दुकान में प्रतिष्ठित हो गए। एक पढ़ने लिखने के केन्द्र का बन्द होना और वहाँ भैैरव प्रतिमा का स्थापित होना किस तरह की प्रगति का परिचायक हो सकता है आप समझ सकते हैं। इस घटना का उल्लेख संकेत रूप में शिवराम की हाडौती कविता कोड़ा जमालशाई में देखने को मिलता है।

बेमारी की काँईं फकर, मरबा को काँईं गम
गाँव मँ सफाखानो, न होवे तो काँईं गम
द्वायाँ बेकार छै, जोत भैरू जी की बोल भाई
कोड़ा जमाल साई ....


दूसरा चित्र उसी दुकान का है जो अब भैरव मंंदिर है। कल जब मैं ने यह चित्र लिया तो एक व्यक्ति भैरव प्रतिमा का श्रंगार कर रहा था। प्रतिमा के गोल मटोल पत्थर पर सिन्दूर चढ़ा कर उस पर काले चमकीले कागज से नाक, कान, मूँछें वगैरा बना कर उसे मानवीय रूप दिया जा रहा था।

पहले चित्र में एक स्थान पर हरे रंग की दीवार नजर आ रही है। जिस पर जाम लिखा हुआ पढ़ा जा सकता है। यहाँ जामा मस्जिद लिखा है। यह वाकई जामा मस्जिद है। मंदिर और मस्जिद की दीवारें आपस में मिली हुई हैं। इसी मुहल्ले में कुल डेढ़ सौ मीटर के दायरे में एक गुरूद्वारा, एक और बड़ा हिन्दू मंदिर, एक जैन मंदिर और दाऊदी बोहरों की मस्जिद है। सुबह रात तक समय समय पर नगाड़ों, अजान, कीर्तन, भजन आदि की आवाजें गूंजती रहती हैं।

तीसरे चित्र में पृष्ठ भाग में एक पीपल का विशाल वृक्ष दिखाई पड़ता है। यह मेरे सामने ही उगा था जो अब इतना बड़ा हो गया है। इस की उम्र पचास वर्ष के लगभग की है। पीपल के पेड़ के ठीक नीचे भैरव मंदिर दिखाई दे रहा है। जिस तरह मंदिर गुलाबी रंग में रंगा है उसी तरह एक और मकान गुलाबी रंग में रंगा हुआ है। यही हमारा घर है। गुलाबी घर के ऊपर पीले रंग की एक और इमारत दिखाई पड़ती है। यह एक और बड़ा हिन्दू मंदिर है। मेरे दादाजी इसी मंदिर के पुजारी हुआ करते थे। चौक में एक व्यक्ति जमीन पर फूल मालाएँ बेच रहा है उस के ठीक सामने एक डंडा गड़ा हुआ है। यह होली का डंडा है। ठीक होली के दिन तक यहाँ लकड़ी व अन्य जलाई जाने वाली वस्तुएँ और कचरे का बड़ा ढेर होगा। यह शहर की सब से बड़ी होली होती है। जिस की पूजा करने के लिए राजस्थान सरकार का तहसीलदार आता है। इस कारण इसे सरकारी होली भी कहते हैं। होली की ज्वालाएँ बहुत तगड़ी होती हैं। पहले इस होली के ठीक ऊपर हो कर बिजली विभाग की लाइन के तार गुजरते थे। होली की ज्वालाओं से दो तीन बार वे पिघल कर टूट गए। फिर बिजली विभाग ने चौक में एक और खंबा लगा कर उन्हें साइड हो कर निकाल दिया।

इस माहौल में पल बढ़ कर तमाम धर्मों के साहित्य के साथ साथ विज्ञान पढ़ कर खास तौर पर सेल बायोलॉजी और ईवोल्यूशन (डार्विन) को पढ़ कर मैं कूढ़ मगज धार्मिक से एक विज्ञानपंथी कम्युनिस्ट में बदल गया। इन्हीं के बीच हम अपनी गोष्ठियाँ किया करते थे। तब घरों और मोहल्लों का माहौल अभी के बनिस्पत पढ़ाई लिखाई और समझदारी बढ़ाने के लिए अधिक जनतांत्रिक था। कम से कम मुझे बलपूर्वक कभी नहीं रोका गया था।

रविवार, 7 अप्रैल 2013

आलू के कापे बनाम पोटेटो चिप्स


सुबह सुबह मैं अपने घर ऑफिस में बैठा काम कर रहा था कि आदेश हुआ -छत पर चलो¡ मैं ने पूछा- क्यों? तो उत्तमार्ध कहने लगी -बन्दर आ गए हैं, उन्हें भगाना है, मुझे आलू के चिप्स सुखाने हैं धूप में।

ज नींद जल्दी खुल गई थी। उत्तमार्ध रसोई में थी। मैं पानी पीने उधर गया तो रात को बनाए हुए चिप्स फिटकरी के पानी में उबाले जा रहे थे। उन्हें सुखाना तो निहायत जरूरी था। मैं ने कहा- बन्दर भागेंगे नहीं। वैसे ही चले जाएंगे। इधर उन की रुचि का कुछ नहीं है। बस वे रात के आसरे से आज की कर्मस्थली की और जाते हुए इधर से गुजर रहे होंगे। बस निरीक्षण करते जा रहे होंगे कि इधर कुछ उन की रुचि का तो नहीं है। तभी एक बन्दर नीचे आंगन में उतरा और पक्षियों के लिए रखा गए पानी के पाउण्डे से पानी पीने लगा। जैसा सोचा था। कुछ देर बाद श्रीमती जी छत पर चली गईं। उन के जाने के बाद मैं भी छत पर पहुँचा। दूर दूर तक बन्दर नहीं थे। फिर भी मैं ने पूछा -बन्दर चले गए?

-न्दर तो तभी चले गए। वे आधी चटाई पर चिप्स फैला चुकी थी। कहने लगी – बाकी के चिप्स आप सुखा दीजिए। मैं तब तक नीचे से और ले आती हूँ। मुझे आश्चर्य हुआ –अभी और हैं? उन्हों ने कहा –हाँ। पर मुझ से तो नीचे बैठा नहीं जाएगा। डाक्टर ने उकडूँ बैठने से मना किया है। बैठ तो जाउंगा, पर उठने में परेशानी होगी। वे बोली –चलो रहने दो। मैं फैला दूंगी। आप ध्यान रखिएगा इतने मैं बाकी के ले आती हूँ। वे नीचे उतर गईं।

मैं फालतू कैसे वहाँ खड़ा रहता। छत पर कुर्सी या स्टूल भी न था जिस पर बैठ जाता। मैं चटाई के नजदीक नीचे ही बैठ गया। चिप्स फैलाने लगा। जब तक वे लौटी, मैं लगभग सारे चिप्स फैला चुका था। फिर भी चटाई पर कुछ स्थान शेष था। उन्हों ने कुछ चिप्स चटाई पर डाल दिए । मैं फैलाने लगा। वे दूसरी ओर एक पुरानी साड़ी पर चिप्स फैलाने लगी। मैं फालतू हो गया तो नीचे आ गया। कुछ देर बाद वे भी नीचे उतर आई। मैं शेव बनाने लगा तभी एक मुवक्किल दफ्तर में नमूदार हुआ। मैं दफ्तर जा कर बैठ गया। मुवक्क्लों से निपटते निपटते ग्यारह बज गए। उत्तमार्ध ने मुझे स्नान करने का आदेश दिया तो मैं उठ कर स्नानघर चला गया।

स्नान कर के निकला तो तले हुएचिप्स तैयार थे। मैं ने पूछा –इतनी जल्दी सूख भी गए और तल भी गए। वे बोली -ये तो कल बनाए जो हैं।

चपन से ही चिप्स घर पर बनते देखे हैं। तब हम इन्हें चिप्स नहीं कापे कहा करते थे। चिप्स नाम तो बाद में महानगरीय लोगों से सुनने को मिला। अब कापा शब्द गायब ही हो गया है। घर के बने चिप्स खाने में जो स्वाद है वह बाजार के थैली पैक चिप्स और हलवाई की दुकान के चिप्स में कहाँ? सब का बनाने का तरीका भिन्न है। घरों पर भी तरीका बदल गया है। पहले आलू को हलका उबाल कर छिलका उतारा जाता था और फिर बना कर सुखाए जाते थे। अब उन्हें चाकू से छील कर सीधे पानी में चिप्स बना दिए जाते हैं। फिर फिटकरी के पानी में उन्हें उबाल कर धूप में सुखा कर संग्रह कर लिया जाता है। उन्हें कभी भी तल कर नमक-मिर्च और अन्य मसाले लगा कर खाया जाता है। हलवाई उन्हें सीधे फिटकरी के पानी में बना बिना उबाले और सुखाए तल देता है। ये फैक्ट्री वाले क्या करते हैं? ये तो वे ही जानें।

शुक्रवार, 9 सितंबर 2011

गए आठ दिन

तारीख बदलने के साथ ही महीने का आठवाँ दिन भी निकल चुका है, और इस माह में यहाँ एक भी चिट्ठी नहीं लिख पाया हूँ। कारणों में मैं नहीं जाना चाहता, बताने लगूंगा तो ऐसा लगेगा जैसे कोई मौसम विज्ञानी मौसम की भविष्यवाणी के लिए आवश्यक कारक गिना रहा है। रक्षाबंधन पर बेटी पूर्वा आ गई थी। उसे सुविधा है कि यदि वह दो दिन पहले भी कोशिश करे तो उसे जन-शताब्दी में यात्रा के लिेए स्थान मिल जाता है। बेटा वैभव मुम्बई में है और भारतीय रेलवे ही घर आने का एक मात्र उपयुक्त साधन। किसी अवकाश का उपयोग करना हो तो तीन माह पहले आरक्षण खुलने के दिन ही चेता जाए। फिर भी आरक्षण मिल जाए तो यह समझना पड़ता है कि लॉटरी लग गई है। बहिन-भाई रक्षाबंधन पर चाह कर भी न मिल पाएँ तो मलाल रह ही जाता है। दोनों ने कोशिश की और उन्हें ईद के अवकाश के आसपास आने जाने के आरक्षण मिल गए। पूर्वा 30 अगस्त को और वैभव 31 अगस्त को घर पहुँच गया, हमारी तो ईद और रक्षाबंधन एक ही दिन हो गए। फिर 4 सितंबर दोपहर बाद वैभव, और 5 सितंबर की सुबह पूर्वा वापस अपने काम पर चल दिए। 
बेटी-बेटे घर आएँ तो घर स्वतः ही एक उत्सव स्थल बन जाता है। फिर इन चार-पाँच दिनों की अवधि में तो नित्य ही कोई न कोई उत्सव घर में घर किए रहा। दिन के लिए चौबीस घंटों का समय कम लगने लगा। लिखने को बहुत कुछ था, बस समय ही नहीं था। बहुत दिनों से लिखने के औज़ार भी तंग कर रहे थे। प्रिंटर ने जो स्केनर, कॉपियर और फैक्स का भी काम कर रहा था, वह पहले ही जवाब दे चुका था। उसे अस्पताल भेजा तो तीन दिन में लौटा, लेकिन काम नहीं कर सका। मेरा तो व्यवसायिक काम ही रुक गया। उसे वापस अस्पताल भेज कर नया 'कैनन 2900 लैसर' लाए। वह केवल प्रिेंट का ही काम कर सकता है, पर करता लाजवाब है। वह ऐसा उत्पाद निकालता है कि मन प्रसन्न हो जाता है। उस से दूसरा कोई काम नहीं लिया जा सकता। फैक्स का काम तो आजकल मेल से निकल जाता है, कॉपियर का काम वैसे भी बाजार से ही कराया जाता था। लेकिन स्केन, वह तो जरूरी है। उस के बिना तो बहुत काम अटक जाते हैं। 


कंप्यूटर ने 2003 में गृहप्रवेश किया था। सेलरॉन प्रोसेसर, 256 जीबी रैम और 40 जीबी हार्ड डिस्क वाले इस साथी ने बहुत साथ निभाया। कुछ परेशानी हुई तो तीन-चार बरस पहले रैम और हार्डडिस्क को दुगना कर लिया गया। लेकिन अब तो उस से काम ही चलाया जा रहा था। रोज ही स्थान रिक्त करना पड़ता था। पूर्वा-वैभव आए तो कहने लगे हमें तो इस पर काम करने में आलस आता है, बहुत इंतजार कराता है। आखिर उसे बदलना तय हुआ। अनेक ब्रांडों पर विचार करने के बाद तय हुआ कि अपने कंप्यूटर वाले को कहा जाए कि वह असेंबल ही कर दे, लेकिन पार्टस् सभी अच्छे हों। 3 सितंबर की रात को जब मैं एक आयोजन से वापस लौटा तो नया सीपीयू माउस, की-बोर्ड के साथ घर आ चुका था और पुराने मॉनीटर के साथ अच्छी संगत कर रहा था। मैं ने टेस्ट राइड की तो ऐसा लगा जैसे मैं साधारण यात्री गाड़ी छोड़ कर सीधे राजधानी एक्सप्रेस में आ बैठा हूँ।

पूर्वा-वैभव के जाने के बाद पाँच सितम्बर की सुबह मैं ने नए साथी से जान-पहचान आरंभ की। वह मेरे लिए लगभग अनजान था। मेरी सारी फाइलें पुराने के साथी के कब्जे में थीं। उन के बिना कोई भी काम कर सकना संभव नहीं था। अच्छा हुआ कि इस नए साथी के आने के पहले मैं सप्ताह भर के मुकदमों की दैनिक-सूची प्रिंट कर चुका था। नहीं तो मेरे लिए यह पता कर पाना भी कठिन हो जाता कि मुझे अदालत जा कर करना क्या है। समझ नहीं आ रहा था कि पुराने साथी से अपनी फाइलें ले कर इस नए साथी को कैसे सौंपी जाएँ। सीपीयू, माउस, की-बोर्ड दो-दो होने से क्या होता है? मॉनीटर भी तो दो होने चाहिए थे। दिन में अदालत में अपने सहायक से कहा तो शाम को वे अपना मॉनीटर दे गए। रात को फाइलों का स्थानांतरण आरंभ हुआ, पेन ड्राइव को मध्यस्थ बनाया गया। वकालत के लिए जरूरी फाइलें हस्तांतरित कर दी गईं। शेष काम अगले दिन के लिए छोड़ दिया गया। सुबह काम करने को बैठे तो पता लगा कि सब से जरूरी फोल्डर की बहुत सी फाइलें अभी भी पुराने साथी के पास ही रह गयी हैं। मुवक्किलों के फोन आने लगे। अदालत जाना पड़ा। शाम को शेष फाइलें भी हस्तांतरित कर ली गईं। देख भी लिया कि कुछ ऐसा तो नहीं छूट गया है जो काम का है। अब पिछले तीन दिनों से नए साथी के साथ काम कर रहा हूँ। नए साथी ने मुझे न समझने की कसम ले रखी है। कहता है कि मेरे साथ काम करना है तो मुझे ही समझना पड़ेगा। कंप्यूटर और इंसान में यही फर्क है। इंसान एक दूसरे को समझ लेते हैं, कंप्यूटर तो इंसान को ही समझना पड़ता है।

ब मॉनीटर पुराना पिक्चर ट्यूब वाला रह गया है, बड़ा और भारी-भरकम सा। दिल कर रहा है इस भारी-भरकम को भी विदा कर के नया स्लिम वाला ले लिया जाए। वैसे भी चाहे पच्चीस हजार से जेब हलकी कर के इसे छोड़ कर सब कुछ नया कर लिया हो, पर इसे देख कर सभी सोचते हैं कि मैं अभी भी पुराने पर ही काम कर रहा हूँ। उधर स्केनर के बिना भी परेशानी है। मैं ने कंप्यूटर वाले को कहा है कि वह सब कुछ पुराना ले जाए और एक नया बीस इंची टीएफटी दे दे। स्केनर की मैं कीमत अदा कर दूंगा। वह कह कर गया है कि कोई ग्राहक देखता हूँ शायद जुगाड़ बैठ जाए!

मंगलवार, 5 जुलाई 2011

लड़कियों का घर कहाँ है?


णितीय और जनसंख्या विज्ञान की स्नातकोत्तर पूर्वाराय द्विवेदी जनसंख्या विज्ञानी है और वर्तमान में वर्तमान में जनस्वास्थ्य से जुड़ी एक परियोजना में शोध अधिकारी है। 2011 के भारत की जनगणना के प्रारंभिक परिणाम सामने आए तो मैं ने उस से पूछा कि परिणाम जानने के बाद उस की पहली प्रतिक्रिया क्या है? तो उस ने यह आलेख मुझे प्रेषित किया। 

लड़कियों का घर कहाँ है?

-पूर्वाराय द्विवेदी


जनगणना 2011 के अनन्तिम परिणाम आ चुके हैं, जो कुछ अच्छे तो कुछ बुरे हैं। पर लगता है इस बार सरकार वाकई चौंक गई है। छह वर्ष तक के बच्चों के लिंग अनुपात में जिस तरह से गिरावट आई है उसे देख कर ये तो पता लग ही रहा है कि सरकार और गैर सरकारी संस्थाओं के द्वारा चलाई गए कार्यक्रम कितने सफल रहे हैं। हरियाणा (830) और पंजाब (846) ने छह वर्ष तक के बच्चों में न्यूनतम लिंग अनुपात में बाजी मारी है, तो दिल्ली भी पीछे नहीं है। 1981 से 2011 तक के जनगणना परिणामों पर नजर डालें तो लड़कियों की संख्या लड़कों के मुकाबले कम ही होती गयी है। कहीं ऐसा तो नहीं कि हम जैसे-जैसे आर्थिक-तकनीकी रूप से विकसित हो रहे हैं, हमारी सोच गिरती जा रही है?
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रोफाइल के आँकड़ों के अनुसार 2009 में मध्य प्रदेश में सर्वाधिक कन्या-भ्रूण हत्या के 23 व कन्या-शिशु मृत्यु के 51 मामले मिले हैं। ये तो वे मामले हैं जो पता चले हैं। न जाने कितने और मामले ऐसे होंगे जिन का पता ही नहीं लगता। पहले हुए अध्ययनों के अनुसार हमारे देश में रोज 2000 लड़कियाँ गायब हो रही हैं, यह आँकड़ा पूरे वर्ष के लिए 5 से 7 लाख तक जाता है। यह सब कन्या-भ्रूण हत्या का सीधा परिणाम है। जिस परिवार में एक लड़की है, वहाँ इस बात के 54% अवसर हैं कि दूसरी लड़की जन्म लेगी। दिल्ली के एक अस्पताल में जब कुछ औरतों से पूछा गया कि आप कितनी खुश हैं? तो एक औरत बोली कि वह अभी तनाव में है, क्योंकि उसने लड़की को जन्म दिया है, वह अभी अपने पति से नहीं मिली है, उसे आशा करती है कि उस का पति लड़की पैदा होने से खुश ही होगा। एक अन्य औरत खुश और निश्चिंत है क्योंकि उसने लड़के को जन्म दिया है। उस के एक लड़की पहले से ही है और वह जानती है कि उस का पति खुश होगा और परिवार वाले भी खुशियाँ मना रहे होंगे। हमारे यहाँ तो शायद माँ बन कर भी औरत को सुकून नहीं मिलता, खुशी तो बहुत दूर की बात है।

सरकार कह रही है कि जहाँ कन्या-भ्रूण हत्या और कन्या-शिशु मृत्यु दर अधिक है, वहाँ वह भ्रूण-लिंग-परीक्षण तकनीक कानून को अधिक कड़ाई से लागू करेगी। पर क्या वास्तव में वह ऐसा कर सकेगी? हरियाणा सरकार तो लड़की होने पर धन भी दे रही है फिर भी वह कन्या-भ्रूण हत्या और कन्या-शिशु मृत्यु-दर को कम नहीं कर पा रही है। हमें पता नहीं लगता जब तक कि हमें अखबार या मीडिया ये नहीं बताता है कि पुलिस ने आज यहाँ छापा मारा, यहाँ इतनी लड़कियों के कंकाल दबे मिले। वे कहते हैं ना कि जब प्यास लगती है तो प्यासा कुआँ तलाश कर ही लेता है। ऐसा ही यहाँ है, जब किसी को लड़की नहीं चाहिए तो वह उस से छुटकारा पाने का तरीका भी तलाश लेता है।

यदि सरकार कन्या-भ्रूण हत्या और कन्या-शिशु मृत्यु को रोक भी लेती है तो वह लड़कियों की स्थिति को कैसे सुधारेगी? वह एक लड़की को कैसे यह सोचने से बचाएगी कि उसने पैदा हो कर कितनी बड़ी गलती की है? क्या उसे अपने ही भाइयों और उस में किया गया फर्क नजर नहीं आएगा? जब उसे इंजीनियरिंग करने से इसलिए रोका जाएगा कि उस में बहुत पैसा लगता है, तू तो बी.एड. कर ले। पर उस के भाई को इंजीनियरिंग नहीं भी करनी हो तो उसे बैंक से ऋण ले कर इंजीनियरिंग करवायी जाएगी। मुझे महिने में कम से कम एक बार कोई न कोई ऐसा जरूर मिलता है जो अपने ही बच्चों में फर्क करता है। मैं दो साल से हरियाणा के एक अस्पताल से सम्बद्ध हूँ, मैं ने आज किसी ने लड़की पैदा होने की खुशी में मिठाई बाँटते नहीं देखा। लेकिन लड़का पैदा होने पर पूरे गाँव में मिठाई बँटती देखी है।


मेरे लिए जनगणना-2011 के ये परिणाम चौंकाने वाले नहीं हैं। मुझे हरियाणा में काम करते हुए दो वर्ष हो गए हैं, और इन दो सालों में मैं ने यहाँ इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के साथ-साथ लिंग-अनुपात में कमी होते देखी है। शिशु-मृत्यु दर लड़कियों में लड़कों के मुकाबले अधिक है। हालाँकि मेडीकल साइंस कहती है कि जैविक रूप से लड़कियाँ लड़कों से अधिक मजबूत होती हैं। जैसे सरकार देश की जनगणना करती है, वैसी जनगणना हम अपने क्षेत्र में हर साल करते हैं। सरकार को दस साल में एक बार धक्का लगा, हमें हर साल लगता है। क्योंकि इतनी कोशिश करने के बाद भी हम लड़कियों की संख्या नहीं बढ़ा पा रहे हैं। बल्कि वह और कम होती जा रही है। चिकित्सकीय दृष्टि से जितने कारण हमें शिशु मृत्यु के मिलते हैं, हम सभी को सुलझाने की कोशिश करते हैं। पर लोगों को अपनी ही बेटियों से पीछा छुड़ाने के नए साधन मिल गए हैं। क्या लड़कियाँ सच में इतना बोझ हैं कि उन से जीने का अधिकार ही छीन लिया जाए? जो बेटी कल हमें जिन्दगी देगी, हम उस से उसी की जिन्दगी छीन रहे हैं? आदमी अपनी बेटी की जिन्दगी लेने से पहले यह क्यों भूल जाता है कि उसे जन्म देने वाली, बड़ा करने वाली भी एक औरत ही है। कहीं ऐसा न हो, आज तुम जिसे ठुकरा रहे हो कल वही तुम्हें ठुकरा दे?

आज मुझे ये सारे आँकड़े बिलकुल चौंकाते नहीं हैं। लड़के और लड़की में इतना फर्क किया जाता है, यह मुझे तब तक पता नहीं लगा जब तक मैं पढ़ने के लिए घर से बाहर नहीं गई। स्नातक होने के बाद मुझे गणित में स्नातकोत्तर डिग्री करनी थी। उस वक्त हमारे शहर में गणित में एम.एससी. किया जा सकता था, लेकिन मैं वहाँ पढ़ना नहीं चाहती थी। इंजीनियरिंग का विकल्प को तो मैं पहले ही अलविदा कर चुकी थी, मुझे इंजीनियरों की भीड़ में शामिल नहीं होना था। मैं ने घर में बोल दिया कि यदि मुझे शहर से बाहर एम.एससी. में प्रवेश नहीं मिला तो मैं नहीं पढ़ूंगी। सौभाग्य से मुझे बाहर एक नामी संस्थान में प्रवेश मिल गया। वहाँ जा कर पता लगा कि लड़के और लड़की में कितना फर्क किया जाता है? मुंबई जा कर पता चला कि हालात कितने खराब हैं? एक लड़की को पैदा करने के लिए औरत कितने ताने सुनती है, और कभी-कभी मार भी खाती है। उस के पास तो ये अधिकार भी नहीं है होता कि वह किसे पैदा करे? सब सोचते हैं कि शिक्षा से बहुत फर्क पड़ेगा। पर शिक्षित लोग ही जब इस तरह की सोच रखते हैं तो क्या फर्क पड़ेगा? हमारे यहाँ एक पढ़ी लिखी लड़की खुद शादी के बाद अपने निर्णय नहीं ले सकती। कोई क्यों लड़की को पैदा करना चाहेगा? जब कि वह पराया-धन है। क्यों वह उस पर ऋण ले कर पढ़ाई के लिए धन खर्च करेगा? जब कि कल उसे उस के दहेज में भी धन देना होगा। शादी के बाद एक लड़की से ये उम्मीद की जाती है कि वह अपने सास-ससुर को माँ-बाप माने, पर क्या लड़के अपने सास-ससुर को माँ-बाप मानते हैं। शायद सब को लगता है कि लड़कों में ही भावनाएँ होती हैं, लड़कियों में नहीं। तभी तो सब उम्मीद करते हैं कि एक लड़की अपने मायके वालों पर कम, ससुराल वालों पर अधिक ध्यान दे। 

मेरे एक मौसेरे भाई ने पूछा कि लड़कियाँ अपनी शादी में इतना क्यों रोती हैं? तो मेरा जवाब था कि शादी के बाद लड़की न इधर की होती है और न उधर की, इसलिए रोती है। उस का कुछ नहीं रहता है। एक उस का मायका है और एक उस का ससुराल। पर उस का घर कहाँ है? मैं ने कभी किसी लड़के को ये कहते नहीं सुना कि ये उसका मायका है, उसका ससुराल अवश्य होता है। हम कैसे उम्मीद करें कि ये सब सुधर जाएगा? जब कि हम खुद उसे नहीं सुधारना चाहते हैं। जो चाहते हैं वे कोशिश नहीं करते। जब तक हम सामाजिक सोच को नहीं बदलेंगे, तब तक कुछ नहीं बदलेगा। सिर्फ कानून बनाने से किसी को नहीं बचाया जा सकता। अगर बचाना है तो हमें लोगों की सोच बदलनी पड़ेगी। यह करने से पहले हमें अपनी सोच बदलनी पड़ेगी।

रविवार, 26 सितंबर 2010

घर और दफ्तर बदलने की गैर हाजरी

पूरे एक सप्ताह अंतर्जाल से संपर्क नहीं रहा। नया मकान बनाने की प्रक्रिया प्रारंभिक दौर में है। जहाँ मकान बनना है उस के पास ही अपने मित्र के बिलकुल नए मकान को अपने रहने और कार्यालय के लिए ले लिया है और पिछले रविवार को यहाँ आ गया हूँ। मकान को खाली करना, सारा सामान ले कर नए मकान में आना, अपने आप में बहुत जटिल काम है। एक सप्ताह पहले से सामानों की करीने से बांधना शुरु हुआ। नए मकान में आ कर सब को खोलना और उन के लिए उचित स्थान तलाश कर जमाना और रहने योग्य बनाना। इसी में लगा रहा। अभी कार्यालय पूरी तरह व्यवस्थित नहीं हो सका है। लगता है इस काम में पूरा महीना लग जाएगा।नए मकान की स्थिति ऐसी है कि वहाँ से अदालत, नगर के मु्ख्य बाजार बस स्टेंड दो किलोमीटर की परिधि में हैं, और रेलवे स्टेशन 5 किलोमीटर। आकाशवाणी केंद्र, कला दीर्घा, छत्रविलास बाग और तालाब एक किलोमीटर से भी कम दूरी पर।
पना बेसिक टेलीफोन नए मकान में लगाने के लिए पिछले शनिवार को आवेदन किया था। सोमवार को भारत दूर संचार निगम के अपने मित्रों को संपर्क किया तो उन्हों ने बताया कि तंत्र को आधुनिक किया जा रहा है, प्रणाली में नए सोफ्टवेयर आए हैं। लेकिन अभी उन के साथ काम करने में बहुत जटिलताएँ हैं। इस लिए एक सप्ताह लग सकता है। टेलीफोन संयोजन ठीक से लगे और काम करने लगे इस के लिए संचार निगम के कम से कम पाँच मित्र प्रयासरत रहे। तब जा कर कल शनिवार शाम अंतर्जाल आरंभ हो सका। एक सप्ताह इस विश्वग्राम से अलग रह कर वापस लौटा हूँ। इस बीच हिन्दी ब्लाग दुनिया में बहुत कुछ लिखा गया है और घटित हुआ है। रोजमर्रा के वकालत के तमाम कामों के साथ घर और दफ्तर को ठीक से आकार लेने में समय लगेगा। शायद पूरा माह लगे। फिर इस मकान में भी घर और दफ्तर छह-आठ माह से अधिक नहीं रहना है। यह सोच कर अनेक वस्तुओं को अपने बंधन में ही बंधे रहने को बाध्य रहना होगा। अंतर्जाल ने चालू होते ही दुखद समाचार दिया कि कन्हैयालाल नंदन नहीं रहे। मेरा उन से केवल एक बार मिलना हुआ। मेरे गुरुजी अशोक शुक्ल ने उन्हें एक कविसम्मेलन में बाराँ बुलाया था। वे अच्छे कवि थे, विवादों से बहुत दूर। एक अच्छे संपादक भी जिन्हों ने अपने  प्रकाशक-नियोजकों और लेखकों को एक साथ संतुष्टि दी। नियोजकों के लिए वे संकटहरन भी सिद्ध हुए। विशेष रुप से तब जब टाइम्स समूह ने कमलेश्वर को हटा कर सारिका का सम्पादन उन्हें सौंपा। नंदन जी को आत्मीय श्रद्धांजलि। आज दिल्ली में उन की अंत्येष्टि है। बहुत लोग उस में हाजिर होंगे। लेकिन इस से इरफान भाई के व्यंग्य-चित्रों की प्रदर्शनी के उदघाटन समारोह में कुछ लोगों की उपस्थिति  प्रभावित हो सकती है। 
रफान भाई की प्रदर्शनी के चित्र बहुत महत्वपूर्ण हैं। इस समय में राजनीति और सामाजिक व्यवहारों पर सब से तीखे व्यंग्य करते हैं। उन की प्रदर्शनी प्रेस क्लब दिल्ली में अगले दस दिनों तक रहेगी। दिल्ली वालों को और इस बीच दिल्ली आने वालों को यह प्रदर्शनी अवश्य देखनी चाहिए। मैं आवास-कार्यालय बदलने के कारण उत्पन्न व्यस्तता के कारण शायद यह प्रदर्शनी नहीं देख सकूँ। इरफान भाई को इस प्रदर्शनी की सफलता के लिए शुभकामनाएँ!!!
पुराने मोबाइल से सूर्योदय तुरंत पहले  नए घर से कुछ चित्र लिए हैं। यहाँ पेश-ए-नजर हैं। 

ऊषा

मकान के ठीक पूर्व में स्थित मैरिज गार्डन

उषा से आलोकित
मैरिज गार्डन

सविता

शनिवार, 10 अप्रैल 2010

घर की किसी को सुध भी है?

शोएब और सानिया के किस्से में अब कोई जान नहीं रही। सिवाय इस के कि शादी की शान क्या होगी? कैसे कपड़े होंगे? अब दुल्हा-दुल्हन करोड़ों के मालिक हैं तो उन की शादी में खर्च होंगे ही।  आखिर इस महाद्वीप में धन की शान दिखाने का शादी से अच्छा मौका कोई दूसरा कहाँ?
स समय भारत में नक्सलवाद फिर से समाचारों के केंन्द्र में है। उसे खत्म करने की तैयारी थी। घोषणा हो गई थी कि तीन बरस में नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा। आरंभिक रूप से जो कदम उठाए गए उन में सरकार को सफलता हाथ नहीं लगी। उलटे हाथ और जल गए। देश ने अपने 76 जवान इस हादसे में एक ही बार में खो दिए।  उन के शव अब उन के गांवों में पहुँच रहे हैं तो जिन घरों में बेटे के शहीद हो जाने पर जिन माँ-बाप का सीना चौड़ा हो जाता था उन घरों में मायूसी है कि हमारे बेटे, भाई की शहादत बेकार चली गई। ऐसे में इस के अलावा कोई रास्ता नहीं था कि गृहमंत्री इस हादसे की जिम्मेदारी खुद अपने ऊपर ले लें। 
किसी समस्या को हल करने का यह तरीका नहीं हो सकता कि जब वह आप का घर जलने लगे तब आप उसे पानी फेंक कर बुझाने चलें और यह सोचें ही नहीं कि आप का घर जलाने की आग पैदा क्यों हुई, आप के घर तक कैसे पहुँची? और पहुँच भी गई तो उस में घर कैसे जलने लगा। यह आग  तो आप किसी तरह बुझा भी लेंगे। लेकिन घर पूरा नहीं तो आधा तो जल ही चुका होगा। आग बुझी हुई दिखने भी लगे तो भी इस बात की क्या गारंटी है कि वह बुझ ही गई है और फिर से नहीं सुलगने लगेगी। 

प को आग बुझानी ही है तो आप को उस के स्रोत तक जाना होगा। देखना होगा कि वह पैदा क्यों होती है? उस के पैदा होने के कारणों को समाप्त करना होगा। जिन समस्याओं ने नक्सलवाद को पैदा किया है उन्हें खत्म करना होगा। अपने घर को ऐसा बनाना होगा कि वह आग पकड़े ही नहीं। पर घर की किसी को सुध भी है? क्या उस की ओर अब भी किसी की निगाह है?