@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: बैसाखी
बैसाखी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बैसाखी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 14 अप्रैल 2018

मेष संक्रान्ति, बैसाखी, बोहाग बिहु, पुथण्डु, विशु और बगाली नववर्ष पोइला बैशाख

ज 14 अप्रैल 2018 को बैसाखी (वैशाखी) है। हालांकि अधिकांश वर्षों में यह दिन 13 अप्रेल को होता है, क्योंकि यह सूर्य की मेष संक्रांति के दिन होता है। आज हम जानते हैं कि हमारी पृथ्वी निरन्तर एक अंडाकार कक्षा में निरन्तर सूर्य की परिक्रमा करती रहती है। इस से होता यह है कि आकाशीय गोल (खगोल) के दूरस्थ तारों व नीहारिकाओं द्वारा निर्मित लगभग अपरिवर्तनीय पृष्ठ भूमि में सूर्य चलते हुए दिखाई देता है। हर गोल नाप में 360 अंश (डिग्री) का होता है। हमने अपने खगोल के 360 अंशों को हमने अपनी सुविधा के लिए 30-30 अंशों के 12 बराबर के हिस्सों में बाँट रखा है। हर हिस्से को हमने एक नाम दिया हुआ है यही 12 हिस्से मेषादि राशियाँ कहलाती हैं। हमें सूर्य और अन्य सभी ग्रह और चंद्रमा इन्हीं 12 राशियों में चलते हुए दिखाई देते हैं। सूर्य की एक परिक्रमा को ही हम वर्ष के रूप में पहचानते हैं। हर वर्ष पहली जनवरी को, मकर संक्रांति के दिन और बैसाखी के दिन सूर्य खगोल के इस राशि चक्र में उसी स्थान पर होता है जहाँ पिछले वर्ष था। इस राशि चक्र में हम मेष राशि को सब से पहले और मीन राशि को सब से बाद में रखते हैं। इस तरह सूर्य हमें मेश राशि के प्रारंभ से गति करता हुआ अंत में मीन राशि से होता हुआ उसी प्रारंभिक बिन्दु पर पहुंच जाता है जहाँ से वह चला था। यह चक्र मेष राशि के आरंभिक बिन्दु से चला था वहीं आ कर समाप्त हो जाता है, अपने खगोल के इस स्थान को हम मीन राशि का समापन बिन्दु भी कह सकते हैं। जिस दिन सूर्य इस बिन्दु को पार करता है उसे हम ज्योतिष की भाषा में मेष की संक्रांति कहते हैं। भारतीय संदर्भ में हम मेष की संक्रांति के दिन से सर्वग्राही वर्ष का आरंभ मान सकते हैं। यदि हम भारतीय वैज्ञानिक रूप से अपना वर्षारंभ चुनना चाहें तो यही दिन सर्वाधिक रूप से उपयुक्त है। इस तरह यह दिन संपूर्ण भारत और भारतवासियों के लिए नववर्ष का दिन हो सकता है। 


यह एक संयोग ही है कि इस दिन हमारा पंजाब प्रान्त और संपूर्ण सिख समुदाय बैसाखी के रूप में मनाता है। यह सौर चैत्र मास का अन्तिम दिन तो होता ही है, यह सौर बैसाख मास का पहला दिन भी है। लेकिन संक्रान्ति का समय तो लगभग दो मिनट का होता है क्यों कि सूर्य के अयन को किसी भी खगोलीय बिन्दु को पार करने में लगभग इतना ही समय लगता है। पृथ्वी को सूर्य की एक परिक्रमा पूरी करने में 365.25 दिन के लगभग का समय लगता है। इसी कारण हम ग्रीगेरियन कैलेंडर में चौथे वर्ष एक दिन 29 फरवरी को रूप में बढ़ा देते हैं। इस कारण संक्रांति की घटना 24 घंटों के दिन में कभी भी घटित हो सकती है। कभी वह अर्धरात्रि के पूर्व या पश्चात हो सकती है तो कभी वह सूर्योदय या सूर्यास्त के ठीक पहले या ठीक बाद हो सकती है। भारत में दिन के आरंभ की अवधारणा सूर्योदय से होती है जब कि संपूर्ण विश्व अब दिन का आरंभ मध्यरात्रि से मानने लगा है। 



यदि हम किसी सूर्य संक्रान्ति के दिन को वर्षारंभ के रूप में मानें तो जिस दिन संक्रांति की यह घटना होती है उस दिन संक्रान्ति के पूर्व पिछला वर्ष होगा और संक्रान्ति के पश्चात नव वर्ष। इस तरह यह दिन पुराने वर्ष का अंतिम और नए वर्ष का पहला दिन होता है। यदि हम यह चाहें कि हमारे वर्ष का पहला दिन पूरी तरह नए वर्ष का होना चाहिए तो हमारा नव-वर्ष वर्षान्त और वर्षारम्भ के अगले दिन होगा। भारतीय जब नव संवत्सर को नव वर्ष के रूप में मनाते हैं तो वह वास्तव में नव वर्ष आरंभ होने का अगला दिन होता है। क्यों कि यह प्रतिपदा को मनाया जाता है। भारतीय पद्धति में कोई भी तिथि पूरे दिन उस दिन मानी जाती है जिसमें सूर्य उदय होता है। यदि इसी मान्यता के आधार पर हम सौर नववर्ष मानें तो यह मेष की संक्रांति के अगले दिन होगा, अर्थात बैसाखी के दिन के बाद का दिन हमारा नव वर्ष होगा। यह संयोग नहीं है कि हमारे बंगाली भाई बैसाखी के बाद वाले दिन को अपने नववर्ष के रूप में मनाते हैं। इसे वे अपना नववर्ष अथवा पोइला बैशाख कहते हैं। 


मेष की संक्रान्ति से जुड़े त्यौहार संपूर्ण भारत में किसी न किसी रूप में मनाए जाते हैं। इस वर्ष 14 अप्रेल के इस दिन को जहाँ पंजाब और सिख समुदाय बैसाखी के रूप में मना रहा है वहीं तमिलनाडु इसे पुथण्डु के रूप में, केरल विशु के रूप में, आसाम इसे बोहाग बिहु के रूप में मना रहा है। तमाम हिन्दू इसे मेष संक्रान्ति के रूप में तो मनाते ही हैं। 


आजादी के उपरान्त भारत ने अपना नववर्ष वर्नल इक्विनोक्स वासंतिक विषुव के दिन 22/23 मार्च को वर्ष का पहला दिन मानते हुए एक सौर कलेंडर बनाया जिसे भारतीय राष्ट्रीय पंचांग कहा गया। यह राष्ट्रीय पंचांग सरकारी कैलेंडर के अतिरिक्त कहीं भी स्थान नहीं बना सका। क्यों कि यह किसी व्यापक रूप से मनाए जाने वाले भारतीय त्यौहार से संबंधित नहीं था। यदि बैसाखी के दिन या बैसाखी के दिन के बाद के दिन से हम राष्ट्रीय सौर कैलेंडर को चुनते तो इसे सब को जानने में बहुत आसानी होती और यह संपूर्ण भारत में आसानी से प्रचलन में आ सकता था। यदि हमारी संसद चाहे तो इस काम को अब भी कर सकती है।किसी भी त्रुटि को दूर करना हमेशा बुद्धिमानीपूर्ण कदम होता है जो चिरस्थायी हो जाता है। हम चाहें तो इस काम को अब भी कर सकते हैं। 


फिलहाल सभी मित्रों को बैसाखी, बोहाग बिहु, पोइला बैशाख, पुथण्डु और विशु के साथ साथ मेष संक्रान्ति की शुभकामानाएँ और बंगाली मानुषों को नववर्ष की शुभकामनाएँ जिसे वे कल मनाएंगे।

शनिवार, 13 अप्रैल 2013

सही और विज्ञान सम्मत वर्षारंभ आज बैसाखी के दिन

भारतवर्ष एक ऐसा देश है जिस में आप नववर्ष की शुभकामनाएँ देते देते थक सकते हैं। लगभग हर माह कम से कम एक नया वर्ष अवश्य हो ही जाता है। उस का कारण यह भी है कि यही दुनिया का एक मात्र भूभाग है जहाँ दुनिया के विभिन्न भागों से लोग पहुँचे और यहीं के हो कर रह गए। उन्हों ने इस देश की संस्कृति को अपनाया तो कुछ न कुछ वह भी जोड़ा जो वे लोग साथ ले कर आए थे। वस्तुतः भारत वसुधैव कुटुम्बकम उक्ति को चरितार्थ करता है। 
र्ष का संबंध सीधे सीधे सौर गणित से है। धरती जितने समय में सूर्य का एक चक्कर पूरा लगा लेती है उसी कालावधि को हम वर्ष कहते हैं। लेकिन काल की न तो यह सब से बड़ी इकाई है और न ही सब से छोटी। इस से छोटी इकाई माह है, जिस का संबंध चंद्रमा द्वारा पृथ्वी का एक चक्र पूरा करने से है। लेकिन दृश्य रूप में चंद्रमा एक दिन गायब हो जाता है और फि्र से एक पतली सी लकीर के रूप में सांयकालीन आकाश में पतली सी चांदी की लकीर के रूप में दिखाई देता है। इसे हम नवचंद्र कहते हैं। एक दिन एक क्षण के लिए पृथ्वी से पूरा दिखाई देता है जिसे हम पूर्ण चंद्र कहते हैं।  इस तरह से नव चंद्र से नव चंद्र तक की अथवा पूर्ण चंद्र से पूर्ण चंद्र तक की अवधि को हम मास या माह कहते हैं। इस से छोटी इकाई दिन है, जिस का संबंध पृथ्वी का अपनी धुरी पर एक चक्कर पूरा कर लेने से है। फिर इस के दो भाग दिवस और रात्रि हैं। उन्हें फिर से प्रहरों, घड़ियों, पलों और विपलों में अथवा घंटों, मिनटों और सेकण्डों में विभाजित किया गया है।
ब इन में ताल मेल करने का प्रयत्न किया गया अर्थात वर्ष, मास और दिवस के बीच। एक वर्ष की कालावधि में 12 मास होते हैं। लेकिन उस के बाद भी लगभग 10 दिनों का अंतराल छूट जाता है।  इस तरह तीन वर्ष में लगभग एक माह अतिरिक्त हो जाता है। इस का समायोजन करने के लिए भारतीय पद्धति में प्रत्येक तीन वर्ष में एक वर्ष तेरह माह का हो जाता है। लेकिन सौर वर्ष को जो वास्तव में 365 दिन 6 घंटे 9 मिनट 10 सैकण्ड का होता है को बारह समान भागों में बाँटने का कार्य बहुत महत्वपूर्ण था। जब पृथ्वी सूर्य का एक चक्र पूरा करती है तो सूर्य आकाश की परिधि के 360 अंशों की यात्रा करती है। इस खगोल को हम ने 30-30 अंशों के 12 बराबर हिस्सों में बाँटा। प्रत्येक हिस्से को उस भाग में पड़ने वाले तारों द्वारा बनाई गई आकृति के आधार पर नाम दे दिया। इन्हीं आकृतियों को हम राशियाँ या तारामंडल कहते हैं। मेष आदि राशियाँ ये ही तारामंडल हैं। जब एक राशिखंड से दूसरे राशि खंड में सूर्य प्रवेश करता है तो हम उसे संक्रांति कहते हैं। इस तरह पूरे एक वर्ष में सूर्य 12 बार एक राशि से दूसरी राशि में संक्रांति करता है। प्रत्येक संक्रांति को हम ने उस राशि का नाम दिया जिस राशि में सूर्य प्रवेश करता है। 14 जनवरी को सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है तो हम उस दिन को मकर संक्रांति का दिन कहते हैं। इस तरह कुल 12 संक्रांतियाँ होती है।
क्यों कि वर्ष का संबंध पृथ्वी द्वारा सूर्य का एक चक्र पूरा कर लेने से है जो हमें सूर्य के खगोल में यात्रा करते हुए महसूस होता है। इस कारण से हमें वर्ष का आरंभ भी सूर्य कि इस आभासी यात्रा के किसी महत्वपूर्ण पड़ाव से होना चाहिए।  राशि चक्र का आरंभ हम मेष राशि से मानते हैं और स्वाभाविक और तर्क संगत बात यह है कि सूर्य के इस मेष राशि में प्रवेश से हमें वर्षारंभ मानना चाहिए।  सूर्य के मेष राशि में प्रवेश को हम मेष की संक्रांति कहते हैं। यह दिन भारत में विशेष रूप से पंजाब में जो भारत की सर्वाधिक प्राचीन सभ्यता सिंधुघाटी सभ्यता का केन्द्र रहा है बैसाखी के रूप में हर वर्ष 13 अप्रेल को मनाया जाता है। इसी 13 अप्रेल को हम वैज्ञानिक रूप से सही वर्षारंभ कह सकते हैं। यह मौसम भी  नववर्ष के लिए आनन्द दायक है। जब फसलें कट कर किसान के घर आती हैं। किसान इन दिनों समृद्धि का अहसास करता है। उन घरों में उल्लास का वातावरण रहता है। इन्ही दिन अधिकांश वृक्षों में कोंपले फूट कर नए पत्ते आते हैं। तरह तरह के रंगों के फूलों से धरती दुलहन की भांति सजी होती है। सही में नया वर्ष तो इसी दिन आरंभ होता है। आज फिर यही दिन है। बैसाखी का दिन।
बैसाखी के इस खुशनुमा दिन पर मैं आप को फिर से नव वर्ष की शुभकामनाएँ देना चाहता हूँ। आज का यह दिन इस लिए भी महत्वपूर्ण है कि आज ही के दिन जलियाँवाला बाग में सैंकड़ों निहत्थे लोगों ने आजादी के लिए लड़ने की कसम खाते हुए अंग्रेजों की बन्दूकों का सामना किया और शहीद हो गए। इसलिए पहले शहीदों को

श्रद्धांजलि!  
 

 फिर शुभकामनाएँ....

बैसाखी, 13 अप्रेल से आरंभ होने वाला यह वर्ष भारतवर्ष के जनगण के लिए मंगलमय हो !

मंगलवार, 13 अप्रैल 2010

जलियाँवाला बाग के शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि!!!

ज बैसाखी (वैशाखी) है। यह दिन अधिकांशतः 13 अप्रेल को ही होता है क्यों कि यह उस दिन होता है जिस दिन सूर्य की मेष संक्रांति होती है। इस दिन सूर्य मीन राशि के क्षेत्र को छोड़ कर मकर राशि के क्षेत्र में प्रवेश करता है। हमारा ग्रीगेरियन कलेंडर भी सौर गणना से बनता है। इस कारण से सूर्य की सभी संक्रांतियाँ हर वर्ष एक ही तिथि को आती हैं। हालांकि लीप इयर के आस पास इस में एक दिन का अंतर हो सकता है। 
मेष राशि राशिचक्र की पहली राशि है इस कारण से हम कह सकते हैं कि यह सौर वर्ष का पहला दिन भी है। इन्हीं दिनों खेतों से रबी की फसलें आती हैं तो किसानों के घर प्रसन्नता का वातावरण रहता है। पंजाब में बैसाखी को सब से अधिक उत्साह और समारोह पूर्वक मनाया जाता है। वहाँ स्थान स्थान पर मेले लगते हैं। लोग सरोवरों व नदियों में स्नान करते हैं और मंदिरों व गुरुद्वारों में शीश नवातेहैं। लंगर लगते हैं और लोग प्रसन्न दिखते हैं विशेष रूप से किसान का मन गेहूं की खडी फसल को देखकर नाचने लगता है। गेहूं को पंजाबी कनक माने सोना कहते हैं और यह फसल किसान के लिए सोना ही है। बैसाखी पर कनक की कटाई शुरू हो जाती है। पंजाबी कहीं भी रहें, बैसाखी को नहीं भूलते। 
गुरु गोविंद सिंह ने 1699 ई. की बैसाखी पर आनंदपुर साहिब में विशेष समागम किया। इसमें देश भर की  सिख संगतों ने शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई थी। उन्हों ने इस मौके पर संगत को ललकार कर कहा था "देश की गुलामी की कडियां तोडने के लिए मुझे एक शीश चाहिए। गुरु साहिब की ललकार सुनकर पांच सूरमाओं दया सिंह खत्री, धर्म सिंह जट, मोहकमसिंह छीवां,साहिब सिंह व हिम्मत सिंह ने अपने शीश गुरु साहिब को भेंट किए। ये सिंह गुरु साहिब के पांच प्यारे हुए। गुरु साहिब ने पहले इन्हें अमृत पान करवाया फिर उनसे खुद अमृत पान किया। इस तरह खालसा पंथ का जन्म हुआ। हर वर्ष बैसाखी पर खालसा का जन्म दिवस मनाया जाता है।बैसाखी पंजाबियों का सबसे बडा मेला है।  इसका नाम लेते ही उन के दिलों की धडकनें बढ जाती है, शरीर थिरकने लगते हैं और भंगडा शुरू हो जाता है।
13अप्रैल, 1919 को ही जलियांवालाबाग में देश की आजादी के लिए  रही सभा जनरल डायर के सिपाहियों  ने  अपनी बंदूकों के मुहँ खोल दिए। लोग गोलियों के आगे सीना ताने खडे रहे और शहीद हो गए। जो आग उस दिन देश के सीनों में सुलगी उसी के कारण आज हम अंग्रेजों के पंजों से आजाद भारत में साँस ले रहे हैं।  इसी जलियाँवाला बाग की शहादत ने भगतसिंह को एक क्रांतिकारी बनने को प्रेरित किया था। क्या हम आज भी शहीद भगत सिंह के उस लक्ष्य को हासिल कर पाए हैं जिस में एक आदमी द्वारा दूसरे आदमी का और एक देश द्वारा दूसरे के शोषण की समाप्ति निहित थी। निश्चय ही यह लक्ष्य अभी बहुत दूर है। उस के लिए दुनिया के बहुत लोगों को अभी बलिदान देने शेष हैं। हम आज के दिन संकल्प कर सकते हैं कि हम उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपने जीवन का कुछ समय अवश्य देंगे।

 
 अंत में
जलियाँवाला बाग के शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि!!!