@import url('https://fonts.googleapis.com/css2?family=Yatra+Oney=swap'); अनवरत: इंद्रगढ़
इंद्रगढ़ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
इंद्रगढ़ लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 25 अप्रैल 2011

कमलेश्वर महादेव (क्वाँळजी) में कुछ घंटे

क्वाँळजी शिव मंदिर
श्वरी बाबा का नौकरी का मुकदमा अभी चल रहा है। आते-आते बाबा ने पूछा उस में क्या हो रहा है? मैं ने बताया कि इस बार आप का बयान होना है, उस के लिए आना पड़ेगा। वे तारीख पूछने लगे तो मैं ने कहा मैं फोन पर बता दूंगाष बाबा ने अपने एक चेले को हमारी कार में बिठा भेजा जिस से हम से वहाँ टेक्स वसूल न किया जा सके। चेला टोल प्लाजा पर उतर गया। हम वापस लौटे, इन्द्रगढ़ को पीछे छोड़ा। कोई चार किलोमीटर चलने पर एक पुल के नीचे से रेललाइन को पार किया और सामने जंगल दिखाई पड़ने लगा। हमें कोई दस किलोमीटर और चलना था। एक वाहन चलने लायक सड़क थी। बीच-बीच में एक दो मोटरसायकिल वाले मिले। दो छोटे-छोटे गाँव भी पड़े। क्वाँळजी पहुँचने के तीन किलोमीटर पहले सवाईमाधोपुर वन्य जीव अभयारण्य आरंभ हो गया। क्वाँळजी इसी के अंदर था। 

मंदिर द्वार
दूर से ही मंदिर का शीर्ष दिखाई देने लगा था। शीर्ष पर जड़े कलात्मक पत्थर उखड़ चुके थे,अंदर ईंटों का निर्माण दिखाई दे रहा था। ठीक मंदिर से पहले एक पुल था जिस के नीचे हो कर त्रिवेणी बहती थी, जो पुरी तरह सूखी थी। पुल के पहले दाहिनी ओर एक सड़क जा रही थी जो सौ मीटर दूर जा कर समाप्त होती थी। वहीं छोटे आकार वाला बड़ा कुंड होना चाहिए था। हमने पुल पार किया। वाहन रोक दिया गया। बायीं ओर एक मैदान में पार्क करने को कहा गया। हम ने कार पार्क की तो एक सज्जन टोकन दे कर दस रुपए ले गए। बाकायदे पार्किंग की व्यवस्था थी। सड़क की दूसरी ओर चाय-पान के लिए छप्पर वाली दुकानें लगी थीं। हम सीधे मंदिर पहुँचे। मंदिर के नीचे फिर दुकानें थीं जहाँ नारियल, प्रसाद बिक रहे थे। पास ही कुछ महिलाएँ आक-धतूरे के पुष्पों की मालाएँ और विल्वपत्र भी बेच रहे थे। शोभा (पत्नी) ने नारियल, प्रसाद, मालाएँ और विल्वपत्र वह सब कुछ खरीदा जिन से शिवजी के प्रसन्न होने की संभावना बनती थी। 

द्वार का बायाँ स्तम्भ
द्वार का दायाँ स्तम्भ
मारे पास कैमरा न था, मोबाइल चार थे। जिन में से तीन में कैमरा था। सब से अच्छा वाला था बेटी पूर्वा के पास। मैं ने उस का मोबाइल थाम लिया। मंदिर की सीढ़ियों के पहले ही पुरातत्व विभाग का बोर्ड लगा था। जो सूचित करता था कि यह मंदिर उन के संरक्षण में है। मंदिर के आगे लाल पत्थरों का बना चबूतरा था, जिस पर चढ़ने के लिए पत्थरों की सीढ़ियाँ थीं। उन की घिसावट बता रही थी कि वे कम से कम सात-आठ शताब्दी पहले बनाई गई होंगी। सीढ़ियाँ धूप तप कर गर्म हो गई थीं। मैंने मंदिर के सामने से कुछ चित्र लिए, द्वार अभी सही सलामत था। मेरे हमारे पैर जलने लगे। हम ने शीघ्रता से मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश किया। अंदर ठंडक थी। गर्भगृह उज्जैन के महाकाल मंदिर से बड़ा था। उस की बनावट देख कर लगा कि वह उस से अधिक भव्य भी था। बीचों बीच लाल पत्थर का बना शिवलिंग स्थापित था। प्रवेश द्वार के सामने पार्वती की सफेद संगमरमर  की प्रतिमा थी। मैं पहले जब यहाँ आया तब यह स्थान रिक्त था। शायद प्राचीन प्रतिमा पहले किसी ने चोरी कर ली होगी। फर्श पर संगमरमर लगाया हुआ था। दीवारों पर भी जहाँ पुराने पत्थर हट गए थे वहाँ सिरेमिक टाइल्स लगा दी गई थीं। शिवलिंग के आसपास इतना स्थान था कि पचास-साठ भक्त एक साथ समा जाएँ। अंदर दो पुजारी और एक-दो दर्शनार्थी ही थे।  शोभा ने साथ लाई सामग्री से पूजा की और सामने हाथ जोड़ बैठ गईं।  मैं ने मंदिर का अवलोकन किया और कुछ चित्र लिए। मुझे स्मरण हो आया कि दाहजी (दादाजी) जब तक गैंता में रहे हर श्रावण मास में यहाँ आते रहे। वे पूरे श्रावण मास यहीं रह कर श्रावणी करते थे। शायद उन की ये स्मृतियाँ ही मुझे यहाँ खींच लाई थीं। हम पंद्रह मिनट गर्भगृह में रुके। बाहर आ कर परिक्रमा की कुछ चित्र वहाँ भी लिए। समय के साथ मंदिर का प्राचीन वैभव नष्ट होता जा रहा था। मंदिर के आसपास बने पुराने कमरों की छतें गायब थीं। लेकिन पास ही नए निर्माण हो चुके थे। 
पूजा कराते पुजारी

म मंदिर से नीचे उतरे तो सामने ही छोटा लेकिन आकार में बड़ा कुंड दिखाई दिया। कुंड में पानी था। मुझे आश्चर्य हुआ कि कुंड में पानी होते हुए भी त्रिवेणी सूखी क्यों है? सोतों पर ही कुंडों का निर्माण हुआ था।उन से निकल कर ही जल त्रिवेणी में बहता था। एक दुकानदार ने बताया कि कुंडों का पानी तो कार्तिक में ही समाप्त हो जाता है। उस के बाद तो कुंडों में नलकूप का पानी डाला जाता है जिस से दर्शनार्थी स्नान कर सकें। यह मनुष्यकृत समस्या थी। आसपास की पहाड़ियों पर स्थित जंगल कट चुके थे। ये पहाड़ियाँ ही तो वर्षा का जल अपने अंदर भरे रखती थीं जो इन कुंडों के सोतों में आता था। पहाड़ियाँ नंगी हुई तो उन की जल धारण क्षमता कम हो गई। अब कुंडों में पानी कहाँ से आता। शोभा कुंड में नीचे पानी तक उतर गई। पानी कुछ गंदला था। फिर भी उस ने श्रद्धावश अपने हाथ-मुहँ उस में पखारे। मैं ने भी उस का अनुसरण किया। बच्चे कुंड तक नहीं आए। बाहर आ कर मैं ने बड़े कुंड के लिए पूछा तो दुकानदार ने त्रिवेणी के पहले वाली सड़क का उल्लेख कर दिया।


नई स्थापित की गई पार्वती प्रतिमा
म पार्किंग तक पहुँचे। अब कुछ भूख भी लगने लगी थी। पार्किंग में ही कार के सभी दरवाजे खोल कर फल निकाल कर तराशे। मूंगफली के तले हुए दाने और मूंगफली की बनी हुई मिठाई निकाल ली गई। सब ने फलाहार किया।  वापस चले तो पुल पार करते ही कार को बड़े कुंड के मार्ग पर मोड़ दिया। कुंड देखते ही मन निराशा से भर गया। यह कुंड आकार में छोटा था और अपने महात्म्य के कारण ही बड़ा कहाता था। कुंड को पूरी तरह ध्वस्त कर चौड़ा कर दिया गया था। चौड़ा करने में जिस तरह का निर्माण किया गया था। उस की प्राचीनता समाप्त हो गई थी। यहाँ भी कुंड में नलकूप द्वारा डाला जा रहा पानी था। यात्री आ कर उसी में स्नान कर रहे थे।  लोग यहाँ पहुँचते ही सब से पहले इसी कुंड में स्नान करते, फिर मंदिर के पास बने बड़े कुंड में, उस के बाद मंदिर में दर्शन करने जाते। मुझे अब विचार आया कि हम ने तो सारी प्रक्रिया को ही उलट डाला था। इस पूरे स्थान को प्राचीन इमारतों का संरक्षण करने वाले सिद्धहस्त लोगों के निर्देशन में पुननिर्माण की आवश्यकता है। इसे प्रमुख दर्शनीय स्थल और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। पर मौजूदा सरकार में ऐसी सोच होना संभव प्रतीत नहीं होता। हम वापस इंद्रगढ़ की ओर चल दिए। वहाँ अभी एक और मुवक्किल और एक वकील मित्र से मिलना था। 

सब से बायीं ओर बैठी शोभा

मंदिर के बाहर कलात्मक प्रतिमाएँ
 
मंदिर आधार पर शेष बची प्रस्तर कला


आकार में बड़ा, नाम में छोटा कुंड
(दायीं ओर नलकूप से जल लाता पाइप दिखाई दे रहा है)
नोट :  सभी चित्रों को क्लिक कर के बड़े आकार में स्पष्ट देखा जा सकता है। 


बाबा ईश्वरीप्रसाद की कॉफी और क्वाँळजी के लिए प्रस्थान

श्वरी प्रसाद केशवराय पाटन में सहकारी शुगर मिल में काम करता था। लाल झंडा यूनियन का ईमानदार नेता था। कभी उस ने भी क्रांति और समाजवाद के सपने देखे थे और उन के लिए काम भी किया था। उसे आज भी दृढ़ विश्वास है कि समाज जरूर बदलेगा। फिर अचानक इलाके में गन्ना उत्पादन घाटे का सौदा हो गया। चीनी मिल बंद होने के कगार पर पहुँच गई। एक दिन वह काम से लौटा तो थका हुआ था। कुछ पी खा कर बिस्तर पर सोया ही था कि मिल से फोन आ गया। कोई विवाद हो गया था और प्रबंधक बुला रहे थे। उस ने मना किया कि जो भी होगा सुबह देखेंगे। लेकिन ज्यादा जोर दिया तो वह चला गया। एक तो थकान, दूसरे नींद और तीसरे नशा। विवाद में प्रबंधकों के साथ खुल कर गाली-गलौच किया। प्रबंधक तो ताक में थे ही उसे आरोप लगा कर नौकरी से चलता किया। मिल बंद करना आसान हो गया। कुछ दिन मिल कॉलोनी में रहता रहा फिर गाँव लाखेरी चला गया। वहाँ एक हनुमान मंदिर पर कुछ असामाजिक लोग कब्जा करने को थे। उस ने वहाँ धूनी रमा दी और बाबा जी हो गया। मंदिर पर रामायण पाठ शुरु हो गया। लोग आने लगे तो मंदिर का जीर्णोद्धार करवा दिया। कुछ बरस पहले जब मेगा हाईवे बन रहा था तो इंद्रगढ़ से तीन किलोमीटर आगे एक हनुमान मूर्ति स्थापित थी, कोई उस की पूजा भी न करता था और वह सड़क में बाधा थी। ठेकेदार ने उसे उठा कर आगे नाले में फिंकवा दिया। गाँव वालों को पता लगा तो उन का गुस्सा भड़क उठा। पुरानी मूर्ति तो खंडित हो गई थी। वे नई ले आए और सड़क के ठीक किनारे उसे स्थापित कर दिया। मूर्ति तो स्थापित हो गई लेकिन अब उस की सुरक्षा कैसे हो? गाँव वालों को ईश्वरी बाबा की याद आ गई। उन्हें वहाँ ले गए। ईश्वरी बाबा ने 108 अखंड रामायण पाठ की घोषणा कर दी। धीरे-धीरे भक्तगण जुड़ने लगे। कोई पत्थर लाया कोई सीमेंट। मूर्ति के चारों और एक कमरा बन गया और लोहे के जंगले का दरवाजा लग गया। मंदिर तो हो ही गया। अखंड पाठ अभी चल रहा है।
टोल प्लाजा से लौटते हुए
श्वरी बाबा हमारी कार को टोल प्लाजा से मुफ्त निकाल मंदिर तक ले गए। मंदिर के पास ही एक चाय की थड़ी लगी थी। उस के अलावा कुछ नहीं था। ईश्वरी कहने लगे -आप को कॉफी पिलाने लाया हूँ। इस के पहले कॉफी तभी पी थी जब आप के पास कोटा आया था। फिर वह अपनी और मंदिर की कथा सुनाने लगे। उन्हें विश्वास था कि दो-चार बरस में मंदिर भव्य रूप ले लेगा। मैं ने कहा तुमने तो चोला ही बदल डाला -कहाँ यूनियन बाजी और कहाँ ये जटाजूट बाबा। ईश्वरी कहने लगे -कुछ भी हो मैंने लाल झंडा तो नहीं छोड़ा। जिस दिन लोग गरम होंगे  ऐसे ही लोगों को ले कर मैदान में कूद पड़ूंगा। यहाँ भी लोगों को संगठित तो कर ही रहा हूँ। मुझे लगा कि अभी भी क्रांति और समाजवाद का सपना उस की आँखों में जीवित है। कॉफी पी कर हम वहाँ से उठ लिए। हमें क्वाँळजी भी जाना था। ईश्वरी ने क्वाँळजी जाने का मार्ग बताया। 

क्वाँळजी मंदिर के बाहर एक मूर्ति
क्वाँळजी' बोले तो कमलेश्वर महादेव। यह इंद्रगढ़ से कोई पन्द्रह किलोमीटर दूर जंगल के बीच सातवीं से नवीं शताब्दी के बीच निर्मित शिव मंदिर है। बाद में 1345 में राजा जैतसिंह ने इस की मरम्मत और नवीनीकरण करवाया। (यहाँ इस के बारे में कुछ जानकारी उपलब्ध है) मैं पहले भी यहाँ दो बार जा चुका हूँ। एक बार पिताजी और माँ साथ थे। तब मेरी उम्र कोई आठ नौ वर्ष की रही होगी। तब यहाँ का दृश्य मनोरम था। एक बड़े चबूतरे पर स्थापित विशाल, भव्य और कलात्मक शिव मंदिर। पास ही तीन कुंड। जिन में एक छोटा और एक बड़ा कहलाता था। आकार में बड़े कुंड को छोटा और छोटे को बड़ा कहते थे। बड़े कुंड में लोग मृतकों की अस्थियाँ और राख डालते थे और उस का जल राख के कारण हमेशा काला रहता था। लेकिन उस कुंड में स्नान अवश्य करते थे। उस के बाद छोटे कुंड के निर्मल जल में स्नान करते। लोगों को विश्वास था कि बड़े कुंड में स्नान करने से चर्मरोग मिट जाते हैं। पास ही एक छोटी सी बारह मासी नदी बहती थी। तीन पहाड़ी सोतों का पानी उस में आता था और त्रिवेणी  कहलाती थी।  रात ठहरने को मंदिर परिसर के सिवा कुछ न था। एक पक्की धर्मशाला जातीय समुदाय द्वारा निर्मित की जा रही थी। उस बार पिताजी ने वहीं त्रिवेणी के किनारे जगरा लगा कर लड्डू-बाटी बनाए थे। उस समय की बहुत धुंधली यादें अब रह गई हैं। फिर दूसरी बार अचानक आना हुआ।

म्मा के हाथों में एक्जीमा था। दवाओं से मिट जाता था। लेकिन साल दो साल बाद फिर से निकल आता था। उस की इच्छा थी कि वह कमलेश्वर महादेव के कुंड में स्नान कर आए। शायद एक्जीमा से छुटकारा मिले। पिता जी के एक शिष्य ने जाने की योजना बनाई तो माँ ने भी उन के साथ जाना तय कर लिया। माँ तैयार हो गई। सुबह की ट्रेन से जाना था। लेकिन एक घंटे पूर्व ही पिताजी के शिष्य ने खबर भिजवाई कि उन्हें कोई जरूरी काम पड़ गया है तो नहीं जा पाएंगे। माँ का मूड खराब हो गया। मैं ने कहा मैं साथ चलता हूँ। उस बार वहाँ गया तो वहाँ अनेक धर्मशालाएँ बन चुकी थीं। कुंडों और त्रिवेणी में पानी अब भी था, पर उस की निर्मलता कम हो चली थी। माँ ने वहाँ स्नान किया दर्शन किए और हम चले आए। उस यात्रा में आगे डिग्गी के कल्याण जी और जयपुर भी गए। जयपुर में माँ ने गलता कुंड में भी स्नान किया और उसी रात दोनों हाथों का एक्जीमा भड़क उठा. तुरंत घर लौटे और डाक्टर का इलाज आरंभ करवाया। डाक्टर इलाज कर के थक चुका था। उस ने स्वयं-रक्त चिकित्सा (Autologous blood treatment) की प्राचीन पद्धति अपनाई और माँ का एक्जीमा मिट गया। अम्मा कहती है कि यह सब कमलेश्वर महादेव की कृपा है। डाक्टर को यह स्वयं-रक्त चिकित्सा पहले क्यों याद न आई। यह तीसरा मौका था जब मैं वहाँ जा रहा था। इस बार पत्नी और दोनों बच्चे साथ थे। 

रविवार, 24 अप्रैल 2011

इन्द्रगढ़ और बीजासन माता मंदिर

डूंगरली, गैंता, लाखेरी, इंद्रगढ़, कमलेश्वर महादेव और श्योपुर को
एक साथ दिखाता मानचित्र 
सुबह छह बजे पत्नी शोभा ने जगाया तो कॉफी हाजिर थी। तैयार होने में फुर्ती की तब भी घर से निकलते निकलते घड़ी की सुइयाँ आठ से ऊपर निकल चुकी थीं। डेढ़ किलोमीटर दूर चंम्बल पुल पार कर पेट्रोल पम्प से पेट्रोल लिया। तब तक शोभा अपनी छोटी बहिन से बात कर चुकी थी। उस का कस्बा केशवराय पाटन कोटा से 20 कि.मी. की दूरी पर था। उस से पूछा गया कि वह भी साथ चल रही है क्या। पर वह रामनवमी का दिन था और उसे कन्याओं को भोजन कराना था वह हमारे साथ नहीं चल सकती थी। यूँ वह साथ हो जाती तो कार में एक यात्री क्षमता से अधिक हो जाता। पेट्रोल पंप छोड़ा तो सवा आठ बज चुके थे।  इंद्रगढ़ तक की हमारी यह यात्रा कुल 90 किलोमीटर की थी। सड़क काफी अच्छी थी। कोटा-लालसोट हाई-वे अभी कुछ बरस पहले ही बना है। बीच-बीच में कुछ व्यवधान अवश्य थे, लेकिन कार की गति 80-90 बनी हुई थी। हमने केशवराय पाटन को पीछे छोड़ा, फिर आया लबान गाँव और स्टेशन। यहाँ से हमारा गाँव गैंता सिर्फ नौ किलोमीटर था, बाधा थी तो केवल बीच में चंबल नदी जिस पर बरसों से पुल प्रस्तावित है। लेकिन घड़ियाल अभयारण्य होने से सर्वोच्च न्यायालय की अनुमति के लिए रुका हुआ था। पिछले सप्ताह ही सर्वोच्च न्यायालय ने इस पुल को बनाने की अनुमति प्रदान कर दी है। इस पुल के बनने के बाद झालावाड़ और बाराँ सड़क मार्ग से लालसोट, मथुरा और दिल्ली से जु़ड़ जाएंगे। हो सकता है नदी किनारे बसे गैंता को इस से पुनर्जीवन प्राप्त हो जाए।  लबान से कोई सात किलोमीटर पर सीमेंट उत्पादक नगर लाखेरी था। यहाँ आते ही मुझे अपने एक पुराने मुवक्किल ईश्वरीप्रसाद का स्मरण हुआ। मैं ने उसे फोन लगाया तो पता लगा कि वह इंद्रगढ़ से सवाई माधोपुर जाने वाले मार्ग पर इंद्रगढ़ से तीन किलोमीटर दूर किसी मंदिर में अखंड रामायण के आयोजन में व्यस्त है। हम बिना रुके इंद्रगढ़ पहुँचे तो साढ़े नौ बज चुके थे। 

इंद्रगढ़ किला
इंद्रगढ़ का राजप्रासाद
इंद्रगढ़ को बूंदी के राजकुमार इंद्रसाल सिंह ने 1605 में बसाया था। यह पहाड़ी की तलहटी में बसा छोटा सा कस्बा है। जिस की आबादी 2001 की जनगणना के अनुसार 5000 से कुछ ही अधिक थी और अभी भी 6000 के ऊपर नहीं निकली है। पहाड़ी पर छोटा किन्तु सुंदर सा किला और राजप्रासाद है जो दूर से ही दिखाई देता है। राजस्थान में अभी भी यह स्थिति है कि 15000 से अधिक आबादी के अनेक कस्बों में नगरपालिका नहीं है। लेकिन यहाँ आजादी के पहले से नगरपालिका स्थापित थी जिसे यहाँ के राजा ने स्थापित किया था। जब यह स्वतंत्र राज्य राजस्थान में विलीन हुआ तो विलीनीकरण की एक शर्त यह भी थी कि यहाँ की नगरपालिका सदैव बनी रहेगी, इसे ग्राम पंचायत में परिवर्तित नहीं किया जाएगा। इसी कारण आज तक आबादी कम होने पर भी यहाँ नगरपालिका है। इसी कारण इस नगर का स्वरूप भी पूर्ववत  बना हुआ है। हमने इंद्रगढ़ कस्बे को एक तरफ छोड़ा और वहाँ से तीन किलोमीटर दूर बीजासन माता मंदिर पहुँचे। 

मेला और पहाड़ी जिस की चोटी पर बीजासन माता मंदिर स्थित है 
मंदिर एक पहाड़ी पर ऊँचाई पर स्थित है जिस के लिए लगभग साढ़े सात सौ सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। चढ़ाई आरंभ होने के कोई आधा किलोमीटर दूरी पर ही हमें कार छोड़नी पड़ी, आगे नवरात्र पर लगने वाला मेला चल रहा था। सड़क के दोनों ओर दुकानें सजी हुई थीं। इन में ग्रामीणों की आवश्यकताओं की वस्तुओं के अलावा खाने-पीने के सामान और माताजी की पूजा अर्चना के सामान की दुकानें थीं। दुकानदार बुला-बुला कर पूजा का सामान खरीदने का आग्रह कर रहे थे। इस मामले में शोभा चतुर थी। सब सामान कोटा से ही तैयार कर ले चली थी। मेला पार कर के हम उस स्थान पर पहुँचे जहाँ से सीढ़ियाँ आरंभ होती थीं। हमें आरंभ में कम ऊँचाई की चौड़ी सीढ़ियाँ मिलीं। लेकिन जैसे जैसे सीढ़ियाँ चढ़ते गए सीढ़ियों की ऊँचाई बढ़ती गई, और चौड़ाई घटती गई। दर्शनार्थियों की संख्या कम न थी। लगातार पीछे से लोग आते जा रहे थे। इस कारण बीच में रुकना संभव नहीं था। फिर भी किसी चौड़ी सीढ़ी पर एक मिनट साँस लेते और ऊपर चढ़ते जाते। सीढ़ियों पर हमें गेहूँ के दाने बिखरे मिले जिन्हें कुछ लोग लगातार समेट कर अपने झोलों में भरते भी जाते थे।दर्शनार्थी फिर से गेंहूँ के दाने सीढ़ियों पर बिखेर देते थे। मुझे यह कुछ अच्छा नहीं लगा। अधिकतर दर्शनार्थी अपने जूते चप्पल मेले में उतार आए थे और नंगे पैर चढ़ रहे थे। गेहूँ के दानों पर कोई फिसल भी सकता था। हम ने अपने जूते-चप्पल नहीं उतारे थे। जब मंदिर तक पहुँचने में केवल दस-बारह सीढ़ियाँ रह गईं और आने-जाने की सीढ़ियाँ अलग हुई तो हम ने अपने जूते चप्पल वहीं एक चट्टान पर खोल दिए। 
मंदिर में बीजासन माता की प्रतिमा
कुछ ही देर में हम मंदिर में थे। मंदिर दो स्तरीय था। निचले स्तर पर एक कमरे जैसा स्थान था जहाँ एक नाई बैठा कुछ भक्तों का मुण्डन कर रहा था।  पास ही एक युवक और एक महिला सिर हिला रहे थे, जैसे किसी की आत्मा उन में प्रवेश कर गई हो।  पर लोग उन की तरफ केवल एक निगाह डाल कर आगे बढ़ जाते थे। वहाँ रुकने का स्थान न था। दर्शनार्थियों का प्रवाह ऐसा था कि एक मिनट में दर्शन करें और आगे चल दें। रुकने पर मार्ग रुक जाने की संभावना थी। मंदिर के स्वयंसेवक और तैनात पुलिसकर्मी  लोगों को लगातार आगे बढ़ते रहने का निर्देश बार-बार दे रहे थे। हम लोग कुल दो मिनट मंदिर में रुके, दर्शन किए और आगे बढ़ गए। माताजी की प्रतिमा सुंदर और आकर्षक थी। लेकिन वहाँ लोग गेहूँ के इतने दाने बिखेर रहे थे कि पावों के नीचे गेहूँ ही गेहूँ महसूस हो रहा था। हालांकि लगातार लोग उन दानों को समेटते भी जाते थे। मैं सोच रहा था कि इन गेहूँ के दानों का क्या महत्व रहा होगा? (कोई पाठक बताएगा?) 

पहाड़ी के नीचे के मंदिर में बीजासन माता मंदिर
जैसे ही हम मंदिर के बाहर निकले मेरे मोबाइल की घंटी बज उठी। ईश्वरी प्रसाद का फोन था। उस ने बताया कि वह मंदिर वाली सडक जहाँ हाई-वे से मिलती है वहाँ हमारा इंतजार कर रहा है। वहाँ लाल झंड़ा लगी जीप खड़ी है वह उसी की है। मैंने उसे कहा हम आधे घंटे में उस तक पहुँचते हैं। मंदिर से नीचे उतरने में हमें अधिक समय न लगा। जैसे ही सीढि़याँ समाप्त हुई हम ने राहत की साँस ली। बच्चों ने झोले में से पानी की बोतल निकाली, हम चारों ने पानी पिया। नीचे पहाड़ी की तलहटी में माताजी का एक और मंदिर बना हुआ था। यात्रियों के साथ कुछ वृद्ध लोग भी होते हैं जो पहाड़ी नहीं चढ़ सकते, वे यहीं दर्शन कर कुछ देर विश्राम करते हैं और अपने सहयात्रियों के पहाड़ी से लौटने पर उन के साथ हो लेते हैं। हमने यहाँ भी दर्शन किए। लोग यहाँ भी गेहूँ के दाने इस तरह उछाल रहे थे कि वे मंदिर के छज्जों पर गिरें। लेकिन छज्जों से गेहूँ के दाने नीचे मंदिर के प्रवेश द्वार पर ही आ गिरते थे। वहाँ भी उन्हें समेटने के काम में कुछ लोग लगे थे। हम ने कार संभाली। हाई-वे पर पहुँचते ही हमें लाल झंडे वाली जीप मिल गई। ईश्वरी प्रसाद वहाँ न दिखे।  जैसे ही जीप के पास जा कर मैंने कार रोकी। एक आदमी जीप से उतरा और कहने लगा मैं बाबा को बुलाता हूँ। एक मिनट में ही ईश्वरी प्रसाद वहाँ हाजिर था, बिलकुल बाबा बना हुआ। सर के बाल जटा में तब्दील हो चुके थे। बदन पर एक बंडी थी और पैरों में लाल धोती लपेट रखी थी। वह मुझे बता रहा था कि वह जिस मंदिर पर 108 रामायण पाठ करवा रहा है उस से सौ मीटर पहले टोल प्लाजा है। यदि वह नहीं आता तो टोल वाले कम से कम पचास रुपए की रसीद बना देते। इसलिए खुद लेने आया है। हम उस की जीप के पीछे-पीछे चल पड़े। ...

कुछ और चित्र 

मेला और पहाड़ी पर बीजासन माता मंदिर

मंदिर के लिए आरंभिक सीढ़ियाँ
सीढ़ियों की उँचाई अब बढ़ चली
सीढ़ियों की चढ़ाई के बाद मंदिर प्रवेश के कुछ पहले
विश्राम करते माँ-बेटे
और उतरते हुए 
मंदिर से नीचे मैदान का दृश्य
मंदिर के ठीक बाहर तैनात सिपाही
इन चित्रों पर क्लिक कर के आप बड़े आकार में देख सकते हैं।